आज फिर से सुना , उन्हें पूरे अट्ठाईस बरस छै माह बाद , हूबहू कहना मुश्किल है ! रिकार्डिंग पुरानी है सो फर्क ज़रूर होना था पर नशा उतना ही...तब किसी पहाड़ के नीचे वाले मजदूर भवन की खिड़कियों से बाहर घिर आये बादलों में अटके बेहिसाब पानी के उस पार देखने की कोशिश में हासिल शून्य रहा , जबकि ना दिखाई देने के बावजूद , सच यह था कि बादलों के ऊपर पहाड़ और भी बाकी था ! उन दिनों से आज तक के फासले बेख्याल ही तय किये...ना देखे और ना ही कोई नाप तौल की , हालांकि इस दरम्यान जो भी गुज़रा वो महज़ ख्याल ना था ! दुआओं और अजाब में लिपटी हुई खालिस हकीकत ! जिंदगी में अफ़सोस और खुशहालियों के दौरे-दौरां वाकई मौजूद थे भले ही चाह कर , उन्हें पकड़ने की एक अदद कोशिश भी नहीं की !
कितना फर्क है , तब के रोमान और अब के सच में...कभी सोचा ही नहीं कि , तब के रोमान के गहन अंतस में भी वही सच मौजूद होगा जोकि आज एन सामने खड़ा है ! सच कहूं तो दिखने या ना दिखाई देने की बिना पर सच को क़ुबूल करने या ख़ारिज करने का बर्ताव भी इंसान की अजब ज़ेहनियत का नमूना है ! मसलन खुश्बू की हकीक़त का वास्ता दिखाई देने की बनिस्बत सूंघने के पैमाने पर कहीं ज़्यादा निर्भर है ! इसी तर्ज़ पर बेरौशन / बेनूर आंख वाले इंसान का सारे का सारा संसार उसके स्पर्श और उसकी सुनने की सलाहियत के भरोसे पर टिका रहता है ! गरज ये कि आंखें सच का आख़िरी पैमाना नहीं है और ना ही इनके दम पे किसी अन्तर्निहित सत्य की संभावना को खारिज किये जाने की गुंजायश बनती है !
हमारे अपने , प्रियजन और उनका अपनापा / उनकी मुहब्बतें , हरदम आंखों देखे सच की तर्ज़ पर टटोलना जायज़ नहीं है...लगभग ऐसे ही , अपेक्षाओं की गर्त में दबे , ईर्ष्या / द्वेष / रंज-ओ-गम / गुस्से / बेचैनी / मलाल का हिसाब भी रखा जा सकता है ! ख्याल ये कि हमें हकीकत को नंगी आंखों से देख पाने के भ्रम में जीना छोड़ कर उसके बहुआयामी अक्स को परखने के और भी कई पैमाने साथ रखने होंगे वर्ना हमारा हर फैसला नामुकम्मल और गहरी चोट देने वाला भी साबित हो सकता है या फिर शायद नहीं भी !
हुआ ये कि नये पुराने साल के कुछ ठहर गये लम्हे कैमरे में कैद किये और फिर उन्हें अंतरजाल के हवाले किया ही था कि एक मित्र की प्रतिक्रिया ने चौंका दिया ! उन्होंने कहा कि एक से ही दिखते हैं सुबह- शाम ...दिखने और होने में अंतर होता है ! यूं तो उनकी प्रतिक्रिया , देखने में एक जैसा होने और देखे गये की तुलना में मौजूद अंतर को लेकर थी पर मुझे लगा कि यह प्रतिक्रिया असाधारण है , इसे केवल फूलों / दरख्तों और कुदरत तक ही महदूद नहीं किया जा सकता ! यह तो हम इंसानों के दैनिन्दिन जीवन में शामिल एक ज़ेहनियत भी है ! ... बस इसीलिये सोचता हूं कि अपनापे और मलाल के फैसले आखिर को यूंहीं तो नहीं किये जा सकते...