प्रकृति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रकृति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 26 अप्रैल 2021

सूरज...

आदिम पुरखे कहते हैं कि पहले पहल धरती तो थी पर सूरज नहीं था, उधर ऊंचे आसमान में बादलों का देवता, नगौडेनाउट रहता था, जिसने बादलों के इर्द गिर्द लकड़ी के टुकड़ों का विशाल ढेर इकट्ठा किया हुआ था । किसी एक लम्हे, धरती से एमू के अंडे को आसमान की ओर फेंका गया, जोकि लकड़ी के टुकड़ों से इतनी ज़ोर से टकराया कि वहां अग्नि प्रज्ज्वलित हो गई, जो उस वक्त हल्की ऊष्म और मृदु थी, फिर वो ऐन सुबह की धूप जैसी धरती पर पसर गई । धरती के फूल आश्चर्य से भर गये। उन्होने अपना उनींदा चेहरा, आसमान की ओर उठा लिया, उनकी पंखुड़ियां अपनी पूरी लंबाई में खुल गईं। अंधियारे की ओस, धरती पर गिरी और खो गई । 

नन्हें परिंदे, जोश में दरख्तों पर फुदकने और चहचहाने लगे और परियां, जिन्होने पहाड़ों की चोटियों पर बर्फ जमा की थी, अपना काम भूल गई, वो उत्तेजित और हैरान थीं । सो पहाड़ों से पिघलती बर्फ, पानी की नदियों, झरनों की शक्ल में निचले मैदानों की ओर बह चलीं । दूर पहाड़ों के पूर्वी ढलानों से रात की स्याही, सूरज के पुरनूर उजाले में अपनी रंगत खो रही थीं । ऊपर आसमान में कुछेक गुलाबी रंगत बादल, यूं उड़ रहे थे जैसे कि सुर्ख छातियों वाले परिंदे अपने डैने फैला कर धरती पर उतरने की कोशिश कर रहे हों । सूरज की सुनहली किरणों ने पहाड़ों से घाटियों तक चमकीले रहगुज़र से बना डाले थे ।

किसी हल्के गुनगुन नाजुक चुंबन सी तपिश से जिंदगियां, वनस्पतियां खिलखिला उठी थीं।आहिस्ता आहिस्ता सूरज नीले आसमान  में धरती के सिर पर चढ़ने लगा था और गर्मी बढ़ने लगी थी। वहां सारी लकड़ियां शिद्दत से जल रही थीं और उन्हें जल्द ही जलकर, राख़ होकर, शाम और रात में तब्दील होते जाना था । नगौडेनाउट समझ गया था कि सूरज को हर रोज जलना होगा । तब से वो अकेले ही आसमान के जंगल से लकड़ियां चुनता है ताकि अगले दिन भी सूरज जलकर,धरती को जीवन दे । यूं सूरज हर रोज पहले मद्धम, फिर तेज और फिर बुझने की शक्ल में जलता रहता है । देवता नगौडेनाउट को पता है कि सूरज की सांसे उसकी मेहनत पर मुनहसिर हैं और धरती में जीवन की बागडोर सूरज ने थाम रखी है...


नि:संदेह इस कथा पर, कथाकालीन पर्यवेक्षणों की छाप गहरी है । भले ही ये पर्यवेक्षण, प्रकृति और ब्रह्मांड की हमारी वर्तमान समझ में हास्यास्पद लगते हैं, किन्तु हमें यह तो स्वीकार करना ही होगा कि तब धरती और ब्रह्मांडीय, ज्ञान प्राप्ति के उपस्कर आज की तुलना में विकसित कहां थे ? बहरहाल तत्कालिन मानवीय समझ और ज्ञान के स्तर की तुलना वर्तमान से करना औचित्यपूर्ण भी नहीं है ! अगर हम ध्यान दें तो हमें यह आख्यान बेहद दिलचस्प और प्रतीकात्मकता से भरा हुआ दिखाई देगा ! सूरज के जन्म से पहले धरती की मौजूदगी जैसी धारणा का खंडन करते हुए कितने ही विद्वतजनों ने अपने जीवन को संकट में डाला है, ये तथ्य हमें विस्मृत नहीं होना चाहिये । वे कहते हैं कि बादल थे, बादलों का देवता था, धरती थी पर सूरज नहीं था ।

 

धरती पर इन्सान थे, परिंदे थे, अंधियारा था, ओस थी, दरख़्त थे, पहाड़ थे, जमी हुई नदियां थीं, परियां थी, फूल भी थे । ये आख्यान, सूरज के जन्म के लिए बादलों के देवता, बादलों में लकड़ियों की उपस्थिति, धरती पर एमू के गोल अंडे, और इंसानों के संयुक्त उद्यम को उत्तरदाई मानता है तथा घर्षण से अग्नि प्रज्ज्वलन का कथन करता है । धरती से ऊपर की ओर फेंके गए अंडे और ऊपर देवता के आश्रय स्थल पर मौजूद लकड़ियों के घर्षण से उत्पन्न अग्नि के आरंभिक क्षणों में ऊष्मा के मृदु / सुबह की धूप जैसा होने का कथन मजेदार है । ऊष्मा का धरती पर पसर जाना, ओस का विलोपित होना तथा फूलों का आश्चर्य चकित हो जाना, उनींदापन त्याग देना, खिल खिल जाना, बेहद शानदार कथन हैं ।

 

नन्हें परिंदों की दरख्तों पर, उछलकूद / फुदकन / चहचहाहट, फिर पहाड़ों पर जमी बर्फ की निगेहबान परियों का अचरज में पड़ जाना । ऊष्मा से पिघलती बर्फ का पहाड़ी चोटियों से निचले मैदानों की ओर बह निकलना । धूप से चमकते बर्फीले गलियारों / रात की स्याही / अंधियारे का पुरनूर उजाले में अपनी रंगत खोते जाना । आसमान में बादलों की पंख पसारे परिंदों जैसी उड़ान, प्राकृतिक पर्यवेक्षण के अद्भुत विवरण हैं, गोया कोई रोमांटिक व्यक्ति / साहित्यकार / चितेरा अपनी कलम / ब्रश से सौन्दर्य बिखेर रहा हो । नीले आसमान में सूरज का गतिमान होना, दोपहर की धूप से बढ़ते हुए ताप और लकड़ियों के राख हो जाने से आगत शाम और रात की परिकल्पना असाधारण है ।

 

बादलों का देवता, घटती, बढती और घटती ऊष्मा के कारण को जान लेता है और यह भी कि उसे सूरज के जीवन को बनाए रखने के लिए मेहनत करना है । क्योंकि धरती का वास्तविक / अनमोल जीवन सूरज पर निर्भर है...

  

 

 

मंगलवार, 20 अप्रैल 2021

नानाबोझो की दुनिया...

उन दिनों जबकि धरती एकदम नई नकोर बनी थी, नानाबोझो ने अपने घर की खिड़की से बहते झरने की ओर देखा । वही सफ़ेद रंगत, हर शय सिर्फ सफ़ेद स्याह, वो हर रोज दिखते हुए, इन रंगों से उकता गया था । उसने कुछ नया करने की ठानी, सो अपने घर से अलग अलग रंगों की डिबिया और ब्रश लेकर घास के मैदान की ओर चल पड़ा । जमीन पर बैठकर उसने सबसे पहले घास को हरी रंगत में रंग दिया फिर वायलेट को गहरी नील रंगत, टाइगर लिली को भूरे डाट्स के साथ नारंगी रंग में और गुलाबों को लाल, गुलाबी, पीले, बैगनी रंग, डाला, डेफ़ोडिल को पीले रंगों में रंग डाला और कुछेक फूल सफ़ेद भी छोड़े ।

यानि कि नानाबोझो की कल्पना जहां तक, जिस रंगत में उड़ती फिरी, फूलों की रंगत भी बदलती गई । इस काम में उसका भाई सूरज, चमकदार धूप के साथ उसकी मदद कर रहा था । उसने देखा कि दो ब्ल्यू बर्ड्स आसमान में ऊपर नीचे, दायें बायें, जिक जैग मंडरा रहीं थी, वो दूसरे के आगे पीछे उड़ती हुई नानाबोझो के करीब से गुज़रीं, उनमें से पहली का दायां पंख लाल रंग और दूसरी का बायां पंख नारंगी रंग में डूब गया । नानाबोझो ने उन्हें डांट लगाई पर वो पहले की तरह से खेलती रहीं, जल्द ही उनके पंख और पैर अनेकों रंगों में रंग गये । नानाबोझो ने अपने दोनों हाथों को ऊपर उठाकर उन्हें दूर भगाने की कोशिश की ।

बेपरवाह ब्ल्यू बर्ड्स उड़ती हुई झरने की ओर जा पहुंचीं । पहली ब्ल्यू बर्ड झरने के ऊपर की धुंध में से गुज़री उसके ठीक पीछे दूसरी भी, नीचे ऊपर नीचे, झरने के एक छोर से दूसरे छोर तक, उनके ओस में भीगे पंखों से रंग बिखर रहे थे, इधर सूरज की रौशनी भी चमकदार थी । नानाबोझो पहले मुस्कराया, फिर बुदबुदाया, तुम दोनों ने खेल ही खेल में इन्द्र धनुष बना डाला । तब से आज तक नानाबोझो के घर के पास वाले झरने के ऐन ऊपर इन्द्र धनुष का स्थायी ठिकाना है और उसकी दुनिया खूबसूरत, रंगत वाले फूल पौधों, जानवरों, परिंदों से सज गई है... 

आख्यान में उल्लिखित नानाबोझो सिरजन-हारा है । वो धरती के सृजन के आरंभिक समय में उपस्थित रचयिता है, जिसे अपने घर की खिड़की से बहते हुए झरने और धरती में व्यापित सफेद स्याह रंगत ने उदास कर दिया है । वो श्वेत श्याम को बहु-रंगत में बदलने का सामर्थ्य रखता है, इसलिए वो अपने घर से विविध रंगों की डिबिया और ब्रश लेकर बाहर निकलता है ताकि धरती में नए रंग बिखेर सके । वो मैदान की घास को हरी रंगत, वायलेट को गहरी नील रंगत, दीगर फूलों को लाल, गुलाबी, बैगनी, पीले रंगों में रंगता है और कुछेक फूलों के रंग सफेद भी रहने देता है।

कथा कहती है कि नानाबोझो की कल्पनाशीलता धरती में रंग बिखेर रही थी और उसे, इस काम में सूरज जोकि उसका भाई है, अपनी चमकदार धूप के साथ, उसकी मदद करता है । कथा के इस अंश से हम यह संकेत पाते हैं कि नानाबोझो में देवत्व है, क्योंकि वो सूरज का भाई है । हम सभी जानते है कि जीव जगत और वनस्पतियों के जीवन में, सूरज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए आख्यान का ये दृष्टान्त रोचक है कि, सूरज अपनी धूप सहित नानाबोझो की कल्पनाशीलता की श्रीवृद्धि में सहायक है । रंगों से धरती का श्रृंगार कर रहे नानाबोझो के इर्द गिर्द दो परिंदों का ऊपर नीचे,दाहिने बायें,जिक जैग, मंडराना और परिंदों के पंखों सह अन्यान्य अंगों का नानाबोझो के रंगों में रंग जाना उल्लेखनीय बयान है।

परिंदों को नानाबोझो की झिड़की की फ़िक्र नहीं,वे अपनी धुन में है,अपने ही खेल में मगन। वे चमकदार धूप में,झरने की धुंध / कुहासे से होकर गुज़रते हैं और फिर उनके जिस्म में मौजूद ताजा कच्चे रंग, जिन्हें सूखने का अवसर ही नहीं मिला, इंद्रधनुष हो जाते हैं। नानाबोझो, परिंदों के अन-सोचे, अनियोजित कारनामे से खुश है। बहरहाल, ये आख्यान कहता है कि उसी दिन से इंद्र धनुष, नमी / धुंध / धूप-जीवी हुआ और नानाबोझो के घर की खिड़की के ऐन पास, धरती / आकाश,  प्रतीकात्मक  रूप से कहें तो, झरने का, स्थायी डेरे-दार भी...      

 

सोमवार, 19 अप्रैल 2021

तिसायक...

बरसों बरस देवी तिसायक, यूसेमिते की खूबसूरत घाटी की अदृश्य संरक्षक बतौर, लोक मानस में बहती फिरती । एक दिन उसने गांव में टूटोकनुला को देखा, सुंदर सुगठित देहयष्टि और लोक प्रिय युवा, इसके बाद घाटी में तिसायक की आमद-ओ-रफ्त बढ़ गई ताकि वो टूटोकनुला को फिर, फिर देख पाये । एक दिन टूटोकनुला शिकार के लिए करीब के जंगल में गया था जहां उसने, पहली बार तिसायक को दरख्त के नीचे आराम करता हुआ पाया । अनिंद्य सौंदर्य की स्वामिनी तिसायक के सुनहले बाल और कमनीय काया देख कर टूटोकनुला, उसके इश्क में गिरफ्तार हो गया ।

हालांकि उसे महसूस हो गया था कि तिसायक ही यूसेमिते घाटी की संरक्षक देवी आत्मा है फिर भी उसने, तिसायक को उसके नाम से पुकारा, उसे छूने की कोशिश की, इधर अपने अंतर की भावनाओं से भ्रमित तिसायक अंतर्ध्यान हो गई । हताश और निराश टूटोकनुला अगले कई दिनों तक तिसायक को ढूंढता रहा । उसमें दिल के टूटने की कसक थी सो वो, घाटी के लोगों को निराश छोड़ कर कहीं दूर देस चला गया । कुछ अरसे बाद तिसायक, यूसेमिते लौटी तो हैरान रह गई, घाटी उजड़ चुकी थी । वो जान गई कि टूटोकनुला, यूसेमिते छोड़ कर चला गया है और घाटी उसके बुद्धि कौशल से वंचित होकर बियाबान हो गई है ।

तिसायक निराशा में चिल्लाई, अब उसे, टूटोकनुला की तलाश थी, उसने महा-पाषाण के ऊपर घुटनों के बल बैठ कर महान देवता से प्रार्थना की, वो चाहती थी कि घाटी एक बार फिर से हरियाये । तिसायक की प्रार्थना पर महान देवता को दया आ गई, उन्होने घाटी के ऊपर अपना कृपा पूर्ण हाथ लहराया, देखते ही देखते दरख्त हरियाने लगे, फूल खिलखिलाने लगे, चिड़ियां चहकने लगीं, झरने बहने लगे, झीलें मुस्कराईं, खेतों में मक्के के भुट्टे अपने सुनहले केशों की आभा के साथ सीधे तन कर खड़े हो गये, यूसेमिते में एक बार फिर से जीवन पसर गया ।   

घाटी में तिसायक की वापसी की खबर पाकर टूटोकनुला वापस लौटा और पाषाण खंडों पर उस कथा को उकेरने लगा जबकि उसने अपनी पितृ-भूमि छोड़ी थी, उसकी कामना थी कि पीढ़ियों तक घाटी उसे याद रखे, काम खत्म होने के बाद, उसने वर की तरह से परिधान पहने और महान देवता के झरने में जा पंहुचा ताकि, अपनी प्यारी घाटी और स्वजनों को अलविदा कह सके । उसने देखा तिसायक, झरने में, जलधारा बन कर बह रही है, वो आनंदातिरेक में चिल्लाया और ऊपर से नीचे की ओर कूद पड़ा । अंततः उसने अपनी प्रियतमा को अपनी बांहों में भर लिया था ।

यूसेमिते में सबने देखा, आसमान में दो इन्द्र धनुष बन गये थे । देवी तिसायक अपने साथ टूटोकनुला को ले गई सुदूर बादलों में और फिर सूरज डूब गया...

विवेचनाधीन आख्यान प्रथम दृष्टया, प्रणय की अनुभूति के प्रकटन से लेकर, उसकी अस्वीकार्यता, कदाचित संकोच / झिझक अथवा दैवीय अहम और अंततः स्वीकार्यता के घटनाक्रम के दरम्यान  झूलता दिखाई देता है । कथा लोक प्रिय देवी तिसायक की कमनीय काया, सुनहले बालों और अनिन्द्य सौन्दर्य के कथन से शुरू होती है जोकि, यूसेमिते घाटी की अदृश्य संरक्षक है । इस कथा को भारतीय सन्दर्भों में देखें / पढ़ें तो, तिसायक यानि कि एक अप्सरा, जो, स्वर्गलोक / देवलोक की निवासिनी है और इहलोक / भू-लोक की यूसेमिते घाटी पर मेहरबान है । यूसेमिते घाटी, तिसायक की कृपा से ख़ूबसूरत है । तिसायक, जो घाटी के जंगल में दरख्तों के नीचे आराम भी करती है ।   

तिसायक अप्सरा है, किन्तु गांव के युवा नायक टूटोकनुला की सुगठित देहयष्टि, उसकी बुद्धिमत्ता, लोक प्रियता और संभवतः जनप्रिय स्वभाव पर आसक्त है । वो नश्वर देह धारी / भूलोक वासी को देखने, घाटी में फिर फिर लौट आती है । आख्यान संकेत देता है कि टूटोकनुला शिकार के लिए जाता है, यानि कि कथा विवरण आखेटक युगीन समाज का है । अप्सरा तिसायक जानती है कि टूटोकनुला नश्वर देह धारी है किन्तु टूटोकनुला यह नहीं जानता कि वो अनजाने में ही जिस युवती पर अनुरक्त हो चुका है वो वास्तव में उसकी घाटी की संरक्षक देवी तिसायक है , उसने नायिका को छूने की कोशिश जोकि नश्वरता और अमरत्व के गठबंधन को लेकर भ्रमित थी, सो अंतर्ध्यान हुई ।            

अब तक टूटोकनुला जान चुका है कि वो अनजाने में ही सही, अपने लिए पारलौकिक नायिका का चयन कर बैठा है । वो नायिका को ढूंढता है और असफल रहता है । उसके लिए बिछोह का समय अत्यंत कष्टकर है । वो दु:खी है, संभव है उसमें, जीवनदायिनी यूसेमिते घाटी की संरक्षक देवी से प्रेम कर बैठने का अपराध बोध भी हो ? वो घाटी छोड़ देता है, अपने लोगों / अपने समाज से विमुख हो जाता है । घाटी के लोग निराश हैं, उनका नायक गुमशुदा है, घाटी, प्रेम को खो बैठी है और बियाबान हो गई है । कहना ये कि प्रेम के बिना नायक दु:खी, गांव के लोग दु:खी और घाटी उजाड़ है । उधर तिसायक, नश्वर देह युवा से प्रेम को लेकर भ्रमित है । बहरहाल वो अपनी वापसी के समय में, बिन प्रेम, उपजे शून्य को देख कर, निराश है ।

तिसायक को आगत जीवन के लिए समुचित निर्णय संकेत / भ्रम से मुक्ति के लिए महान देवता का आशीष चाहिये, वो घाटी को हरियाते हुए देखना चाहती है । जबकि टूटोकनुला की अनुपस्थिति, घाटी का उजाड़पन, उसका अपना किया धरा था ।  वो टूटोकनुला पर तबसे अनुरक्त थी, जबकि टूटोकनुला ने उसे देखा तक नहीं था । सो प्रेम और अप्रेम, दोनों ही, स्थितियां / पूर्णता और रिक्तियां, उसके अपने कृत्य का परिणाम थीं । वो देवी थी, उसकी जिम्मेदारियों के बोझ, टूटोकनुला से ज्यादा बड़े थे । अंततः वो पराजित प्रेमिका / निराश स्त्री के समान घुटनों के बल बैठ कर महान देवता से कृपा चाहती है ।  

आख्यान कहता है कि महान देवता प्रेम के लिए सुहृदय है, सो घाटी फिर से हरियाती है, वहां फूल खिलते हैं, चिड़ियां चहकती हैं और जीवन फिर से पसर जाता है । नायक टूटोकनुला के लिए, ये घाटी में, तिसायक की वापसी का संकेत है, इसलिए वो, पितृ भूमि में वापस लौट कर, भित्ति चित्रों / पाषाण खण्डों में स्वयं के पलायन के कारणों / आत्मकथा / इतिहास को दर्ज करता है । उसे अपने लोगों, पूर्वजों की घाटी से अंतिम विदा चाहिये, उसे, किसी और लोक / कदाचित भावी वधु तिसायक के लोक में जाने की कामना है । वो नये परिधान में सज धज कर महान देवता के झरने में, मृत्यु का आलिंगन करता है । मृत्यु के समय उसके चहुं दिश केवल और केवल तिसायक ही तिसायक है ।

फिर यूसेमिते के लोगों ने महान देवता के झरने के ऊपर दो इंद्र धनुष देखे और सूरज डूब गया...

शनिवार, 6 जुलाई 2019

वसंत की वापसी...


एक बार दुष्ट ठंड ने वसंत को आने से रोकने और दुनिया में अपना ही मौसम बनाये रखने के लिए सूरज को गहरे काले बादलों में छुपा दिया और धरती को भारी बर्फ से ढांक दिया। सुबह जब एक छोटे से पहाड़ी गांव के लोग नींद से जागे तो उनके घर बर्फ में डूबे हुए थे,उन्होंने एक दूसरे के घरों तक पहुंचने के लिए बर्फ के नीचे से सुरंगें बनाईं और सोचने लगे कि इस समस्या से कैसे निपटा जाए, अंतत: उन्होंने पितृ तुषार देव से सहायता मांगने का निर्णय लिया जो एक अच्छे देवता थे और सबसे ऊंचे पहाड़ की चोटी में, अपने बर्फ के महल में रहते थे । लेकिन कोई भी व्यक्ति, इस खतरनाक मुहिम में स्वयं जाने का इच्छुक नहीं था । एक बूढ़े ने कहा, अगर मैं बीस वर्ष पहले जितना युवा होता तो वहां ज़रूर चला जाता लेकिन अब शायद ही मैं उस चोटी पर चढ पाऊं । ओह । आप चिंता ना करें, दादा जी, वहां, मैं चली जाऊंगी, एक नन्ही बच्ची ने कहा, वो बच्ची अनाथ थी और उसके माता पिता की मृत्यु हो चुकी थी । अरे नहीं, तुम नहीं, तुम इस सख्त काम के लिए बहुत छोटी हो, तुम्हारे पास तो ढंग के गर्म कपड़े,कोट,दस्ताने, हैट, स्कार्फ़ तक नहीं हैं, पड़ोसी दयावश फुसफुसाए ।नहीं,मैं भयभीत नहीं हूं मेरे पैर, पहाड़ी बकरी की तरह से मजबूत हैं । मैं जल्दी ही चोटी पर पहुंच जाऊंगी, नन्ही बच्ची ने कहा । लेकिन तुम बर्फ में जम जाओगी, वहां बर्फीली हवा से बचने के लिए कोई ठिकाना भी नहीं है, बूढ़े ने कहा । लड़की ने दृढ़ता से कहा,ऐसा नहीं होगा मेरे पास, नन्हा लेकिन गर्मजोश दिल है जो सभी के लिए प्यार से भरा हुआ है,यही मुझे बर्फीली हवाओं से बचायेगा । इस पर बूढ़े ने कहा जाओ, मेरी बच्ची, मुझे तुम पर पूरा विश्वास है ।

गांव के अन्य बच्चों ने आगे बढ़कर उसे, अपने कोट, दस्ताने, हैट, स्कार्फ, ऊनी मोज़े और जूते दिये ।बच्ची ने अपने नन्हे दोस्तों से अलविदा कहा और तेज तेज क़दमों से चोटी की ओर चल पड़ी । थकान की परवाह किये बिना वो ऊंचे और ऊंचे चढती गई । जल्द ही उसे पर्वत की चमकदार चोटी दिखाई देने लगी । अचानक तेज बर्फीली हवायें चलने लगीं, ऐसे, जैसे कि बर्फीली धरती पर नन्हे क़दमों की आहट ने,उन्हें नींद से जगा दिया हो,उन्मत्त, फुफकारती हुई । मानो कह रही हों, तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई, हमारी रियासत में घुसने की । चलो, उसे सबक सिखायें, उसे सख्ती से धक्के दें । वो, नन्ही के चारों तरफ पूरी ताकत से घूम रही थीं । लेकिन नन्ही अपने गर्म कोट में लिपटी हुई आगे बढ़ती रही, बहादुरी के साथ । पुरजोश लड़की के सामने, हवायें थकने लगी थीं । जल्द ही वो जमीन पर आ गिरीं, हांफती हुई, लंबी लंबी सांसे लेती हुई । वो बुद्बुदाईं, आह, कितनी मजबूत लड़की है । हम थक गए पर उसका हौसला कम नहीं हुआ । इससे पहले किसी इंसान ने हम को इस तरह से चुनौती नहीं दी । हमें मदद के लिए बहन आंधी को बुलाना होगा । उन्होंने ऐसा ही किया, आंधी, घटनाक्रम सुनकर बेहद नाराज हुईं,उसने कहा, लड़की को इसकी कीमत चुकाना पड़ेगी । वो गरजती हुई लड़की की तरफ बढ़ी । ये एक लंबी और असमान लड़ाई थी...पर लड़की ने अपने हौसले नहीं खोये और जल्द ही आंधी भी थककर जमीन पर गिर पड़ी । शिकस्त से शर्मिंदा आंधी ने कभी खुद को इतना कमज़ोर और डरा हुआ महसूस नहीं किया था,वो चिल्लाई,मां ओ मां,मेरी मदद करो । आर्तनाद सुनकर, उसकी मां, तुषार चुड़ैल फ़ौरन वहां पहुंची । उसने कहा, मैंने सारा घटनाक्रम देखा है । तुम अगर किसी से ताकत से जीत ना पाओ तो उससे दूसरी तरह से निपटो । उसे अच्छे बनकर जीतो । 

ओह, क्या विडंबना है, तेज हवाओं और आंधी ने कहा । मां तुषार चुड़ैल ने कहा, हम लड़की से नम्रता और प्रेम से पेश आयेंगे, ताकि वो हमारे असल और दुष्ट मकसद को जान ना पाये । यह सुनकर तेज हवायें और आंधी वहां से चली गईं । अब मां तुषार चुड़ैल एक खूबसरत स्त्री के रूप में लड़की के सामने आयी, उसने चमकदार सुफैद लिबास पहन रखा था उसके सिर पर सुफैद बर्फ के हीरों जैसा मुकुट था । ये कोई चमत्कार है या सपना जो मैं देख रही हूं ? इस खूबसूरत स्त्री का चेहरा, मेरी प्रिय मां से कितना मिलता जुलता है, मुझे तो उसकी मधुर आवाज़ वाली लोरी भी सुनाई दे रही है । मुझे यहां बैठ कर इसे सुनना चाहिये । महल तो पास ही है बमुश्किल एक घंटा लगेगा वहां पहुंचने में, फिर हडबडी क्यों करूं, लड़की बुदबुदाई । लड़की आंखें बंद करके वहीं बैठ गई । मां तुषार चुड़ैल यह देख कर मुस्कराई । उसने कहा, सो जाओ, ओ नन्ही लड़की, सो जाओ सदा सदा के लिए । लड़की को वहीं सोते हुए छोड़ कर, तुषार चुड़ैल बर्फीले पहाड़ पर उड़ गई, वो अपने बच्चों को ये बात बताना चाहती थी कि उसने नन्ही बच्ची को किस तरह से संभाल लिया है । नन्हीं लड़की सो रही थी ।मुस्कराती हुई । लेकिन उसके गुलाबी गाल पहले रक्ताभ हुए फिर नीले और उसके बाद पीले पड़ने लगे । उसके ऊपर धीरे धीरे बर्फ की परतें जम रही थी । अचानक चूं चूं की आवाज करते हुए एक सुफ़ेद चूहा बर्फ की परतों के नीचे घुस आया उसकी काली आंखें उस नन्ही लड़की पर टिक गईं । वो चिंचियाया, ये तो मुसीबत में है । इसके बाद उसने बर्फ की परतों में कई छेद बना डाले और लड़की के हाथ, पैरों में मसाज करने लगा । लेकिन चूहा बहुत छोटा था सो उसकी मेहनत अकारथ जा रही थी इसलिए उसने अपने दोस्त खरगोशों को बुलाने का निर्णय लिया ।

इस बार उसने छेदों को और बड़ा कर दिया, जिनसे होकर अनेकों खरगोश मदद के लिए हाज़िर हो गए। इसी दौरान बर्फ से ढके पाइन के पेड़ों में छुपी अनेकों गिलहरियां भी कूद कर मदद के लिए सामने आ गईं । उन्होंने लड़की को अपनी सुफैद भूरी फर जैसी काया से ढांक दिया और लड़की को गर्म रखने की कोशिश करने लगीं । सारे नन्हे जीव लड़की को अपनी अपने बदन की गर्मी से गर्म रखने का जतन कर रहे थे । थोड़ी देर बाद वो, ये देख कर खुश हो गए कि लड़की के गाल फिर से गुलाबी होने लगे हैं । जल्द ही लड़की ने अपनी आंखें खोल दीं । अपनी जिंदगी बचाने के लिए लड़की ने सारे नन्हें दोस्तों का आभार व्यक्त किया और उन्हें बताया कि वो कहां जा रही है । नन्हें दोस्त ये सुनकर समवेत सुर में चिल्लाये, हम लोग भी इस खत्म ना होने वाली ठण्ड से परेशान हैं, इसलिए हम भी तुम्हारे साथ चलेंगे । वे सभी लड़की के चारों तरफ एक घेरा बना कर बर्फ के महल की ओर बढ़ने लगे । वो लोग हैरान थे कि पितृ तुषार देव को क्या हुआ होगा । उन्होंने महल के भारी भरकम दरवाजे बमुश्किल खोले और नन्हीं लड़की अपने दोस्तों के साथ महल के अंदर दाखिल हो गई ।चमकदार लंबे बर्फीले गलियारे के बाद एक बाद सा क्रिस्टल हाल था, जहां खूबसूरत बर्फ के नक्काशीदार सिंहासन पर पितृ तुषार देव निद्रालीन थे । उनके कपड़े चांदी की रंगत वाले और कढाई किये हुए थे । दो गिलहरियां उन्हें जगाने के लिए उनके ऊपर चढ गईं और उनके मुंह पर अपनी पूंछ का स्पर्श करने लगीं ताकि वो जाग जायें, तभी जोरदार छींक के साथ पितृ देव जाग गए । नन्हें जीव छींक की आवाज़ से डर गए थे । 

पितृ देव ने अपनी नीली आंखें खोलीं और मुस्कराए, उन्होंने पूछा । नन्हे दोस्तो, तुम सब यहां क्या कर रहे हो। लड़की ने पितृ देव को सब हाल सुनाया । ओह, जब मैं सो रहा था तो दुष्ट ठंड धरती को अपने कब्ज़े में लेना चाहती थी, वो वसंत को आने से रोकना चाहती थी । मुझे लगता है कि वो शातिरपन के साथ मुझे मात देकर हमेशा हमेशा के लिए धरती पर रहना चाहती थी, पर मैं उसे ऐसा करने नहीं दूंगा । मुझे जगाने के लिए तुम सभी का शुक्रिया । अब मैं प्रकृति की व्यवस्था बहाल कर दूंगा, हर ऋतु को उसका हिस्सा बराबरी से मिलेगा। फिर उसने अपनी चांदी के रंग वाली सीटी बजाई । जिसे सुनकर उसके सारे अधीनस्थ क्रिस्टल हाल में एकत्रित हो गए । उसने कहा, जाओ दुष्ट ठण्ड को पकड़ कर लाओ और उसे अगले साल तक के लिए महल के कारागार में डाल दो और आसमान से काले बादल हटा दो ताकि सूरज बर्फ को पिघला दे । इसके बाद जब महल के दरवाजे दोबारा खोले गए तो सूरज चमक रहा था । पितृ देव ने वादा किया कि जब भी नन्हों को ज़रूरत पड़ेगी वो मदद के लिए मौजूद रहेगा । नन्हीं लड़की और नन्हे जीवों की घर वापसी बेहद आसान थी, लड़की की वापसी पर ग्रामीणजन बेहद खुश थे, पिघलती बर्फ की बूंदें टपक रही थीं और वसंत खुश खुश बच्चों के गीत सुन रहा था, वो देख रहा था उनके थिरकते क़दमों को...   

ये आख्यान, ऋतु चक्र में पैदा हुए असंतुलन को लेकर, कथन करता है, इस बार शीत ऋतु लम्बी है और सुखद बसंत का आगमन अपेक्षित है / विलंबित हो रहा है, अस्तु शीत ऋतु को खल चरित्र के रूप में संबोधित करते हुए, उससे मुक्ति के उपायों पर लोक चर्चा की जाती है, हालांकि गांव के बड़े बूढ़े, युवा मौखिक संवाद तक सीमित हैं । वे दुष्ट से मुक्ति के नाम पर स्वयं कोई जोखिम मोल नहीं लेना चाहते, बसंत सभी को चाहिये, अति शीत से मुक्ति भी, किन्तु गाल बजाने से आगे बढ़ने और व्यावहारिक मुहिम में सम्मिलित होने के लिए उत्सुक नहीं, उन सभी के पास, अपने तर्क, अपने बहाने हैं । सो आख्यान संकेत ये है कि, सामर्थ्यवान, योग्य होकर भी वे सभी सार्वजनीन हित रक्षण के अगुआ नहीं / सिपाही नहीं । आख्यान कहता है कि एक नन्हीं और अनाथ बच्ची स्वयं को पहाड़ों पर चढ़ने वाली बकरियों जैसा मजबूत कहते हुए, अभियान की बाग़डोर अपने हाथों में लेने की पेशकश करती है । उसके पास शीत से निपटने लायक गर्म कपड़े / उपस्कर नहीं है, किन्तु उसका जोश और ज़ज्बा महत्वपूर्ण है। उसके ह्रदय में सबके लिए प्रेम है । अतः कथा संकेत ये है कि जो प्रेम करेगा, वो कायर,बहाने बाज़ नहीं होगा बल्कि मानवीयता के लिए आहुति देने के लिए सदैव तत्पर होगा । आख्यान प्रतीकात्मक रूप से कहता है कि लड़की अनाथ है, यानि कि सब बंधनों से मुक्त है, कम-ओ-बेश, आगे नाथ ना पीछे पगहा की तर्ज पर, सो उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है,किन्तु पाने के लिए बसंत है।     

लड़की के आगे ऊंचाई है, हौसले हैं और सामने पराजित बर्फीली हवाएं और आंधियां, उसे बल से नहीं जीता जा सका तो, छल से मृत्यु के आगोश में भेजने का यत्न किया गया, जिस लड़की की सहायता के लिए उसके अपने गांव के इन्सान आगे नहीं आये, उसकी सहायता नन्हें सफ़ेद चूहे, खरगोशों और गिलहरियों ने की, अंततः वे भी, अति शीत पीड़ित थे, उन्हें ऋतु परिवर्तन की कामना थी, वे सभी युवाओं और बूढ़ों से बेहतर थे। लड़की की तरह, इन नन्हें जीवों को भी बदलाव के लिए सक्रिय सहयोग देना था । वे समान हित के साधक थे तो उनकी मुहिम भी साझा हुई / एकजुट हुई । उधर पितृ देव गहरी नींद में थे, उन्हें जगाने के लिए गिलहरियों ने अपनी पूंछ का इस्तेमाल किया । पितृ देव सुहृदय हैं, भले हैं, उन्हें लड़की सहित सभी नन्हें जीवों से लगाव है / उनकी फ़िक्र है । वे जानते हैं कि धरती पर बेहतर जीवन के लिए, सभी ऋतुओं के अधिकार एक समान होना चाहिये । वे प्रकृति के संतुलन, ऋतु चक्र के नियंता है, उन्हें पता है कि चरम शीत ने बसंत का मार्ग बाधित किया था । दूसरी ऋतुओं की आधिकारिता में अनुचित हस्तक्षेप किया था, वे पुनः सामान्य ऋतु चक्र बहाल करते हैं और अगले बरस तक चरम शीत को कारागृह में डाल देते हैं इसके अतिरिक्त वे आगत समय के किसी संकट में सहायता के लिए वचनबद्ध हैं । हमारे लिए यह कथन बेहद प्रतीकात्मकता युक्त है, जहां शीत के कारावास की अवधि, अन्य ऋतुओं के काल खंड तक सीमित है, अगले बरस वो फिर लौट आयेगी, किन्तु इस बार दूसरी ऋतुओं के काम काज में दखल दिए बगैर । बहरहाल नन्हीं लड़की और नन्हें जीवों की जय पर बसंत मुग्ध है, गांव मुग्ध है और खुशियां, जिन्हें, नन्हें सुरों और नन्हें क़दमों की थिरकन, सुखानुभूति प्रदान कर रही है...                 

रविवार, 31 दिसंबर 2017

दुःख


एक बूढ़े व्यक्ति ने, रेन्डियर के शिकार के समय, अपना इकलौता पुत्र खो दिया था ! घर वापस लौटने के बाद, वो अक्सर अपने पुत्र की कब्र देखने जाया करता ! एक दिन संकरी खाड़ी में नाव चलाते हुए, उसने देखा कि कोई परदेसी व्यक्ति, धुंध को नाव की तरह इस्तेमाल करते हुए, पानी में आगे बढ़ रहा था, जबकि उस आगंतुक के पास कोई वास्तविक नाव नहीं थी ! कुछ देर तक नाराज़गी भरे शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद, बूढ़े ने, उस व्यक्ति को मार डाला ! कुछ दिन के बाद फिर से, अपने पुत्र की कब्र की ओर जाते हुए बूढ़े ने, परदेसी व्यक्ति को देखा ! वो आश्चर्य चकित रह गया...हालांकि इस बार आगंतुक ने उस बूढ़े से पूछा कि, आपके दुःख का क्या कारण है ?  
      
उधर रखे पत्थरों की मनहूस ढेरी को हटा कर बूढ़े ने कहा, ये मेरे अनंत दुःख का एकमात्र कारण है ! बूढ़े का जबाब सुनकर उस अजनबी व्यक्ति ने कहा, आपकी तरह से मैं भी गहन अवसाद में हूँ, क्योंकि कुछ ही दिन पहले, सील के शिकार पर आये मेरे पुत्र को, किसी ने मार डाला था ! बूढ़ा समझ गया कि उसने, जिस व्यक्ति की हत्या की थी, वो इसी अपरिचित व्यक्ति का पुत्र रहा होगा, पिछले दिनों के घटनाक्रम को याद कर, बूढ़ा बेचैन हो गया और उसने, दिखावा करते हुए कहा कि, बहुत देर हो चुकी है जबकि उसका, ज़ल्दी घर लौटना, बेहद ज़रुरी है ! अपनी डोंगी को तेजी से खेते हुए बूढ़ा, घर लौटा और उसके बाद कभी भी अपने पुत्र की कब्र देखने वापस नहीं गया !

एस्किमों परम्पराओं में कही, सुनी गई इस संक्षिप्त जनश्रुति में, मनुष्य के दुःख को लेकर बेहद दार्शनिक और भावपूर्ण संकेत दिये गये हैं ! कथा कहती है कि एक इन्युइट बूढ़ा इसलिए शोकग्रस्त है, क्योंकि वो अपने जवान पुत्र को खो चुका है, इसमें कोई शक नहीं कि कथाकालीन समाज मूलतः आखेटक समाज है, ऐसे में नौजवान शिकारी पुत्र को खो देना, आखेटक आदिम जीवन की आर्थिकी में गंभीर आघात पहुंचने के जैसा है ! बर्फीले प्रदेशों में वानस्पतिक खाद्य पदार्थों की अनुपलब्धता के मद्देनज़र, सील अथवा रेन्डियर के शिकार के भरोसे हिमशीतित मृत्यु का प्रतिरोध करना और जीवित बने रहना एक कठिन और जोखिम भरा काम है ! उस बूढ़े ने वास्तव में दो अमूल्य वस्तुयें खोई थीं, एक भावनात्मक रूप से अपना नौजवान पुत्र और दूसरा उसकी पारिवारिक अर्थव्यवस्था का आधार स्तंभ !

भीषण मौसम में जीवित बने रहने के लिये आवश्यक है कि आखेट किया जाए और अच्छे आखेट के लिये अनिवार्य है एक समूह, खासकर युवा और दमखम वाले शिकारियों का समूह ! कहन मंतव्य यह है कि, अधिकतर मामलों में एकल शिकारी की तुलना में दलगत शिकार के परिणाम कहीं ज्यादा बेहतर होते हैं, इसलिए इन्युइट बूढ़े के दुःख को, जवान पुत्र की मृत्यु के साथ ही साथ, शिकारी समूह को हुई क्षति से भी जोड़कर देखा जाना ज्यादा उचित होगा ! आख्यान के अनुसार अवसादग्रस्त बूढ़ा अपने पुत्र की कब्र पर अक्सर जा पहुंचता है ! उसने डोंगी चलाते हुये देखा कि एक अपरिचित / परदेशी व्यक्ति धुंध की नाव पर सवार होकर जल भ्रमण कर रहा है ! हैरान कर देने वाले घटनाक्रम के तहत, आवेशित बूढ़ा, उस अपरिचित व्यक्ति को अपशब्द कहते हुए मार डालता है ! प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि, जैसे बूढ़ा व्यक्ति अपने पुत्र की मृत्यु के संभावित कारणों के विरुद्ध बलपूर्वक प्रतिकार / हिंसक प्रतिरोध कर रहा हो !

अगर हम आगंतुक की हत्या वाले घटनाक्रम को गौर से देखें तो पायेंगे, कि ये केवल पुत्र की मृत्यु को लेकर, आवेशित प्रतिरोध नहीं था बल्कि इस मुद्दे में भी, आदिम आर्थिकी का प्रश्न समाहित है ! पुत्र की मृत्यु से शिकारी दल को पहुंची क्षति / शिकारी समूह के टूट जाने के बाद, बूढ़ा एकमेव शिकारी, शेष रह गया था, यानि कि शिकार की सफलता की संभावनायें सिकुड़ गईं थी, ऐसे में किसी अपरिचित व्यक्ति / शिकारी के उस क्षेत्र में प्रवेश करने से शिकार में प्रतिद्वंदिता का संकट बढ़ गया होगा ! आदिम समुदायों की अपनी चिन्हित शिकारगाहों में बाह्य घुसपैठ, जीविका संसाधनों की घटती हुई संभावनाओं / खाद्य संकट का संकेत करती हैं ! इसलिए हमें ये स्वीकार करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए कि उस बूढ़े ने, अपने युवा पुत्र / शिकार संबल को खोया था और उसे, अपरिचित व्यक्ति का आगमन, शिकार / खाद्य पदार्थों की उपलब्धता पर आसन्न संकट जैसा लगा होगा !

बूढ़े व्यक्ति की चिन्हित शिकारगाह पर अपरिचित व्यक्ति का आगमन / हस्तक्षेप / घुसपैठ, नि:संदेह आपातकालिक परिस्थितियों का संकेत है ! भयावह मौसम में खाद्य सामग्री की घटती मात्रा, आसन्न मृत्यु का संकेत / निश्चित हिमशीतित मृत्यु की घोषणा ! ऐसे में पुत्र की मृत्यु से क्षुब्ध बूढ़े ने आगंतुक व्यक्ति की हत्या, यकीनन दो कारणों से की होगी, प्रथम, पुत्र की मृत्यु का, संभावित, बदला और दूसरा, सामुदायिक परम्पराओं से चिन्हित शिकारगाह में अयाचित बाह्य हस्तक्षेप-जनित खाद्य न्यूनता की आशंकाओं का निवारण ! इस जनश्रुति का आख़िरी हिस्सा बेहद भावुक कर देने वाला है, बूढ़ा एक बार फिर से अपने पुत्र की कब्र को देखने जा पहुंचा है, जहां उसकी भेंट, उस अपरिचित व्यक्ति से होती है, जोकि अपने शिकारी पुत्र की मृत्यु के शोक में, वहाँ पर आया हुआ है, वो पुत्र, जो कुछ समय पूर्व, इसी जगह पर सील का शिकार करने आया हुआ था !

इन्युइट बूढ़े ने, रेन्डियर का शिकार करने वाले पुत्र को खोया था जबकि अपरिचित व्यक्ति ने सील का शिकारी पुत्र, दो नौजवान आखेटक, अपने शिकारी समूह / स्वजनों से बिछड़ गये थे ! इन्युइट बूढ़ा समझ गया था कि, अवसाद कैसे आते हैं ! वो, अपरिचित व्यक्ति के सामने से भागना चाहता था ! वो भागना चाहता था, अपने अपराध बोध से, और वो भागा भी, फिर कभी मुड़कर, अपने पुत्र की कब्र पर नहीं गया...      
  

ललमुंहे बंदर

जब ईश्वर ने धरती को बनाया तो उसने महाकाय सांप को आदेश दिया कि वो निर्माण सामग्री को अपनी विशाल कुंडली में संभाल कर रखे ! इस तरह से धरती को आकार मिला ताकि सभी तरह के लोग, परिंदे और जानवर, उस पर, अपनी ज़िन्दगी गुज़ार सकें ! उस समय प्राचीन सांप ने चार खम्बे, उत्तर, दक्षिण, पूरब,पश्चिम बनाए, जिन्हें अपनी कुंडली में जकड़ कर सीधा खड़ा रखा और  स्वर्ग इन्हीं खम्बों पर टिका हुआ है ! प्राचीन सांप की त्वचा काली, सुफैद और लाल रंग की थी जिसकी वज़ह से रात, दिन और सांझ बनी ! शुरू में धरती पर पानी ठहरा हुआ था इसलिए महाकाय सांप ने झरने और नदियाँ बनाईं, इसके कारण से जीवन चक्र प्रारम्भ हुआ ! इसके बाद जैसे जैसे महाकाय सांप, ईश्वर को नई दुनिया दिखाने लगा, उन सभी जगहों पर पर्वत बन गये, जहां पर ईश्वर ठहरा / चलते चलते रुक गया था !

सृजन का कार्य संपन्न होने पर ईश्वर ने देखा कि बहुसंख्य पर्वत, असंख्य वृक्ष, अनगिनत जीव, अकेली धरती पर बोझ बनने वाले हैं, तो उसने महाकाय सांप को आदेश दिया कि वो धरती की सहायता करे, सो महाकाय सांप ने खुद की पूंछ को अपने मुंह में दबा कर एक घेरा बना लिया ! इसके बाद ईश्वर ने लाल मुंह के बंदरों को निर्देश दिया कि जब भी अर्वाचीन सांप को भूख लगे, वे उसे खाना खिलाएं ! तब से लेकर आज तक अर्वाचीन सांप ने धरती को संभाल रखा है, हालांकि जब जब सांप करवट बदलता है या फिर खुजलाने अथवा दर्द से मुक्ति, के लिये अपने शरीर को हिलाता है, तब तब धरती पर भूकंप आते हैं ! अगर लाल मुंह के बंदर किसी दिन, सांप को खाना खिलाना भूल जायें और सांप, भूख से परेशान होकर अपनी ही पूँछ निगलने लग जाए, तो यह निश्चित है कि, उस दिन धरती का जीवन समाप्त हो जाएगा !

मध्य अफ्रीका के डाहोमी क्षेत्र के फ़ॅान जनजातीय समुदाय की ये कथा, उस ईश्वर को समर्पित है, जिसने अर्वाचीन सांप के माध्यम से धरती की निर्मिति की थी ! सांप महाकाय है, जिसकी कुंडलियों में धरती के निर्माण में प्रयुक्त सारी सामग्री, एकत्रित / संयोजित और सुरक्षित है ! चारों दिशायें उसके द्वारा खड़े किये गये सतूनों / स्तम्भों से निर्धारित हैं और तो और स्वर्ग भी इन्हीं खम्भों पर अवलंबित है ! कहने का आशय ये कि, स्वर्ग चारों दिशाओं में विस्तारित है ! सांप की चमड़ी के रंग, दिन की धूप, सांझ की लालिमा सह श्यामलता और रात्रि की कृष्णता को सुनिश्चित करते हैं ! उसने ठहरे हुए पानी को सचल किया, झीलों, तालों,  एवं समंदरों से नदियाँ और झरने बनाये, जिससे जीवन का प्रादुर्भाव हुआ ! सांप की कुंडली में बंधी हुई धरती को टिकाऊपन और सधी हुई / सुनिश्चित गति मिली ! ईश्वर के मनवांछित आकार की धरती, जैसा भी उसने चाहा था सांप ने वैसा ही कार्य किया !

जनश्रुति कहती है कि सांप की कुंडलियों में बंधी, सधी हुई धरती में मनुष्यों, परिंदों और जानवरों के रहने लायक परिस्थितियाँ मौजूद हैं ! ईश्वर, निर्दिष्ट सृजन कार्य के समापन के उपरान्त अर्वाचीन सांप ने, ईश्वर को निर्माण कार्य के अवलोकन करने का आमंत्रण दिया, ईश्वर जो धरती को, निरखता हुआ घूमा फिरा ! आदिम समुदाय की कल्पनाशीलता में, दिलचस्प बात ये कि ईश्वर जहां ठहरा, वहीं पर्वत बन गये ! धरती पर भ्रमण के दौरान, ईश्वर को ये अनुभूति हुई कि, नवजात धरती, असंख्य पर्वतों, वृक्षों और जीव जंतुओं का भार वहन करने में सक्षम नहीं हो पायेगी, इसलिए उसने महाकाय सांप को आदेश दिया कि वो अपनी पूंछ को मुंह में दबाकर धरती को बिखरने से बचाये, गौरतलब बात ये कि धरती, एकजुट और गोलाकार बनी रहे ! बहरहाल ईश्वर के आदेशानुसार, धरती रक्षण में सहायक अर्वाचीन सांप, अपने आप में बंध कर रह गया !

सांप द्वारा, दर्द से मुक्ति के लिये, करवट बदलने और उसकी, खुजलाहट जन्य दैहिक अस्थिरता की प्रतीकात्मकता से, धरती पर आने वाले भूकंपों की कल्पना मजेदार है ! ईश्वर जिसे, जीव जंतुओं, मनुष्यों, परिंदों, वृक्षों के जीवन की चिंता थी, जो धरती को टिकाऊपन और निर्धारित लय युक्त जीवन देना चाहता था, जो धरती के सृजन, विन्यास और निर्मिति में प्रयुक्त अभियांत्रिकी के लिये पर्याप्त सचेत था, जिसे दिन, रात, और सांझ का ख्याल था, जो स्वर्ग को हर दिशा में विस्तारित और स्थिर देखना चाहता था, वो भला अपने परम सेवक, सभी निर्देशों का अनुपालन करने वाले अर्वाचीन सांप को भूखा मरने के लिये कैसे छोड़ देता ? अब ये ललमुंहे बंदरों पर निर्भर है कि, सांप सलामत रहे और...धरती भी !     

शुक्रवार, 29 दिसंबर 2017

बिखरे रंग...

जब धरती नई नई थी, तब सृजनहारा अपने सृजन कर्म को देख देख कर खुश होता, उस समय दुनिया खूबसूरत थी और लोग भी खुश रहते थे, किन्तु समय गुज़रा और बढ़ती हुई उम्र साथ लोगों की मृत्यु, संसार में दुःख लेकर आई, लोगों के दुःख से सृजनहारा भी दुखी हुआ ! उसे लगा कि दुनियां में कुछ कमी रह गई है...सो उसे कोई नया सृजन करना चाहिए ! सृजनहारा, नये सृजन की लालसा के साथ, धरती पर आया और उसने एक थैले में, दुनिया के रंग एकत्रित करना शुरू कर दिया ! आसमान से नीला, पेड़ों से हरा, सूर्य से पीला...और सूर्यास्त के समय के आसमान से लाल, नारंगी और बैगनी रंग लिये, इसके बाद नन्हें बच्चों की मुस्कान से सुफैद तथा उनकी आंखों से भूरा रंग लिया,फिर परिंदों से गीत लिये और सभी को अपने थैले में भर लिया ! थैले में भरे हुए रंगों और गीतों को, उसने अच्छी तरह से मिश्रित कर दिया और लोगों को अपना नया सृजन कर्म, दिखाने जा पहुंचा !

सारे लोग, घेरा बना कर खड़े हो गये ताकि नये सृजन को देख सकें ! सृजनहारे ने जैसे ही थैला खोला, उसमें से हज़ारों तितलियाँ निकल पड़ीं, लोग खुश हुए, बच्चे नाचने गाने लगे, तितलियाँ भी, खुशी से झूमते हुए बच्चों के चारों तरफ, गाने / चहचहाने और इठलाने लगीं...दुनियां में खुशियां जैसे लौट आई हों, हालांकि सभी जीव इस नये सृजन से खुश नहीं थे, परिंदों ने शिकायती सुर में कहा, ओ महान सृजनहारे, तुमने हमारे गीतों / चहचहाहट को क्यों ले लिया ? इन गीतों के कारण से ही हमारी अलग पहचान थी ! इसे लेकर तुमने उचित नहीं किया ! सृजनहारे को परिंदों की ये बात ठीक लगी...सो उसने तितलियों से गीत वापस लेकर, परिंदों को सौंप दिये ! कहते हैं कि, इसके बाद से ही, तितलियाँ सृजन के सारे रंग, बेहद ख़ूबसूरती के साथ, बिखेरती फिरती हैं, लेकिन मौन रह कर...
 
उत्तरी अमेरिका के उत्तरी पूर्वी क्षेत्र के अमरीकन लेनापे इन्डियन समुदाय की ये गाथा, कुछ मायनों में अदभुत है, मसलन नये सृजन के लिये, नन्हे बच्चों की मुस्कान से सुफैद रंग का लिया जाना, सुफैदी, जो शांति प्रियता, निश्छलता का प्रतीक है, उसका बच्चों की मुस्कान में निहित होना, बेहद दार्शनिक और मानीखेज़ कथन है ये ! इसके इतर जब कथा कहती है कि परिंदों से गीत, सूरज से पीला, पेड़ों से हरा, आसमान से नीला, सूर्यास्त के समय का नारंगी लाल और बैगनी और नन्हों की आंखों से भूरा रंग लिया गया तो इसका आशय ये है कि सारे रंग / गीत धरती पर पहले से मौजूद थे और उनका पुनर्संयोजन / पुनर्प्रयोग, नये सृजन का आधार बना है यानि कि सृजनहारे ने जो पहले पहल रचा, उसमें ही दूसरे सृजन की संभावनायें / तत्व मौजूद थे ! हम कह सकते है कि एकालाप-गत उदासीनता को नवोन्मेष / नव प्रयोग से खुशियों में बदला जा सकता है !

कथा कालीन आदिम समाज की ये समझ, कितनी गहरी है कि, रचनाधर्मिता बाँझ नहीं होती...उसमें उर्वरता के तत्वों की विद्यमानता, एकरसता को तोड़, नव-रस-गान सृजन मुफीद होती है ! इधर परिंदों को शिकायत है कि उनकी पहचान छिन गई, उधर सृजनहारे की संवेदनशील न्यायप्रियता, कि परिंदों की पहचान बनी रहे, यानि कि सर्वशक्तिमान सृजनहारा भी गलतियां कर सकता है, लेकिन ध्यानाकर्षित कराये जाने पर, भूल सुधार में कोई देर नहीं ! कथा संकेत ये कि गलतियों पर ध्यानाकर्षण, श्रेष्ठि के अहम को ठेस पहुंचाने का कारण अथवा प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं, बल्कि त्वरित सुधार का विषय है ! अंतत: उसके औचित्यपूर्ण होने को सर्वशक्तिमान का समर्थन जो प्राप्त है ! तितलियों की जन्म के लिये, सृष्टि में पहले से ही मौजूद तत्वों का उपयोग किया गया, वे परिंदों की तरह से चहचहाईं, उनकी खुशियाँ बच्चों के इर्द गिर्द नाचने और इठलाने में निहित थी किन्तु...

परिंदों की पहचान छीन कर तितलियों का सौंदर्य गान निःसंदेह अन्यायपूर्ण था ! बहरहाल तितलियाँ अब भी इतराती, इठलाती है, वे दुनिया की अलभ्यतम सौंदर्य देवियाँ, देव हैं, उनकी ख़ूबसूरती रंगों के चटख और विविधतापूर्ण संयोजनों से है, असीमित आकाश में उड़ान भरने के लिये, उनके रंगों को मौन के पंख लग गये हैं...

बुधवार, 27 दिसंबर 2017

कम्बल

पुराने दिनों की बात है जब निद्रालीन यूट पर्वत, महान योद्धा देव हुआ करता था और मनुष्यता को कष्ट देने वाले, दुष्ट दैत्य से युद्ध लड़ने के लिये धरती पर आया था ! उस समय महान योद्धा देव और दैत्य के मध्य भयंकर संघर्ष हुआ, युद्ध के दौरान वे दोनों ही धरती पर, मजबूती के साथ अपने पैरों को जमाये रखने की चेष्टा करते रहते, सो उनके पैरों तले रौंदी गई धरती में, जगह जगह घाटियां और पर्वत बन गये और इस तरह से युद्ध क्षेत्र की भू-आकृति निर्मित हुई ! युद्ध में दैत्य पर विजय प्राप्त करने तक, योद्धा देव बहुत थक गये थे और...उन्हें गंभीर चोटें भी आईं थी, इसलिए वे वहीं लेट कर आराम करने लगे ! थकान के कारण से उन्हें गहरी नींद आ गई, हालांकि उनके जख्मों से रक्त बहता रहा, जो पानी में बदल गया और धरती के जीवधारियों के पीने के काम आया !

कहते हैं कि निद्रालीन महादेव / यूट पर्वत के ऊपर धुंध छाने, वर्षा होने, शीत अथवा  गर्मी पड़ने का मतलब है कि, सुप्त महादेव ने अपना कम्बल / ओढा हुआ वस्त्र बदला है, यानि कि निद्रालीन महादेव के कम्बल बदलने के साथ ही साथ ऋतुएं बदलती हैं ! जब भी मूल अमेरिकन इन्डियन लोग, यूट पर्वत के ऊपर हरा कम्बल देखते हैं, तो वे समझ जाते हैं कि ये वसंत का मौसम है, एन इसी तरह से गहरा हरा कम्बल गर्मियों, पीला और लाल वर्षा तथा सफ़ेद कम्बल सर्दियों की ऋतु लेकर आता है ! अमेरिकन इंडियंस को विश्वास है कि जब भी यूट पर्वत के ऊपर बादल घिरते हैं तब, महान देवता, स्थानीय आबादी पर प्रसन्न होता है और देवता की प्रसन्नता के कारण से क्षेत्र में बारिश होती है ! उन्हें यह भी विश्वास है कि एक दिन महान देवता फिर से उठकर, बुराई से लड़ने में उनकी मदद करेगा !

दुनियां में ऐसे ईश्वरीय पूजा स्थल / आस्था केन्द्र बहुत कम होंगे, जिन्हें भू सतह के नीचे, गहरे खड्ड अथवा गर्त में स्थापित किया गया हो, ध्यातव्य है कि आस्थागत / अधिप्राकृतिक शक्तियों की उपासना के केन्द्र, बहुतायत से ऊंचे पर्वतों / पठारों में स्थापित किये जाने का चलन काफी पुराना है, बहुत संभव है कि इसकी पृष्ठभूमि में, मानवेत्तर शक्तियों को आदर देने / स्वयं से ऊंचा स्थान देने की धारणा कारगर रही हो ! मूल अमेरिकन इंडियन समुदाय का ये आख्यान भी विश्वव्यापी धारणाओं के अनुरूप कथन करता है, यहां सत्य और न्याय के पक्ष में लड़ने के लिये एक महान देवता अवतरित होते हैं और उनका उद्देश्य मूल निवासियों को बुराई/ असत्य/ दुष्टता के दैत्य से बचाना है ! दुनियां में प्रचलित अन्य धर्म सत्य रक्षण कथाओं की तरह से इस कथा का खलनायक दैत्य भी महा बलशाली है और वो देवता को कड़ी टक्कर देता है यानि कि यहां भी सत्य की विजय आसानी से नहीं होती !

देवता के आहत हो जाने और थक कर आराम करने / निद्रालीन हो जाने के, कथन से स्पष्ट होता है कि दुष्टता, सज्जनता को क्षत विक्षत करने की हद तक लड़ती है, कहने का तात्पर्य ये कि दुष्टता और सज्जनता के मध्य बेहद बारीक शक्ति संतुलन है...सो सज्जनता की पूर्व घोषित / निर्धारित विजय, गहरी चोट खाए बिना संभव नहीं होती ! महादेव तथा दैत्य के युद्ध को मल्ल युद्ध की तरह से देखें तो भू-आकृति के निर्धारण में उन योद्धाओं के क़दमों / पैरों का योगदान, कम-ओ-बेश वैसा ही नज़र आता है, जैसे कि अखाड़े की भुरभुरी मिट्टी, अस्त व्यस्त / ऊबड़ खाबड़ और किंचित सपाट हो जाए, यानि कि भू-भौतिक विन्यास, घाटी, पर्वत और मैदान, मल्ल योद्धाओं की शक्तिमत्ता एवं शौर्य प्रदर्शन का परिणाम हैं ! बहरहाल यूट पर्वत वो देवता है, जो कि युद्ध से थका हारा आराम कर रहा है और एक दिन फिर से जागेगा, बुराई पर पुनर्विजय के लक्ष्य के साथ !  

आख्यान में रोचक किन्तु प्रतीकात्मक कहन ये कि देवता के घावों से होने वाले रक्त स्राव से स्थानीय आबादी को पीने का पानी मिला, इसके मायने ये कि जब देवता स्वयं निद्रालीन पर्वत हो जाए, तो पर्वत शिखर के हिमाच्छादन / ग्लेशियरों से मैदानी बसाहटों को पेय जल मिलना स्वभाविक है !  सोये हुए / आराम कर रहे, देवता के कम्बल बदलने से, साल में चार बार मौसम बदलने का कथन भी मज़ेदार है ! यूट पर्वत की ऊंचाइयों में बदलते परिदृश्य और रंगों से ऋतु परिवर्तन को भांप लेना आदिम समुदाय के यथार्थपरक जीवन अनुभवों का प्रतीक है, चूंकि ये जनश्रुति दैविक आस्था और आस्थागत कर्मकांडों के प्रतिसाद स्वरूप, अपेक्षित पारलौकिक सहायता की धारणा पर आधारित है अतः कथा कालीन समुदाय में भी, विश्व के अन्य धर्मभीरू समाजों की तरह से, आपात सहायता के लिये ईश्वर / देवताओं का ही आसरा है !

भविष्य में ईश्वर फिर से जागेगा / अवतरित होगा और बुराई से लड़ने में मानव समुदाय की सहायता करेगा, नितांत भाग्यवादी धारणा है ये ! हमें स्वीकार करना होगा कि आदिम समुदाय, हमारे पूर्वज समुदाय है / सूत्र समाज हैं सो...उनका देवतावाद / उनकी पारलौकिकतावाद / उनका नियतिवाद, हमें विरासत में मिला है ! हमने इसे लेशमात्र भी खोया नहीं है, बल्कि ईश्वरीयता के फटे कम्बल / काल्पनिक विचार को और भी शिद्दत से पकड़ा है / अपनाया है ! नि:संदेह जनश्रुति का समय धर्म की अपरिपक्व / कच्ची उत्पत्ति का समय था और आज हम धार्मिक पुनरुत्थानवाद के बीहड़ समय से गुज़र रहे हैं...

मंगलवार, 26 दिसंबर 2017

रस्सी के टूटते ही...

उस समय गहन अंधकार और ठंडापन था, व्यापक, अंतहीन सभी दिशाओं में पसरा हुआ ! आकाश के नीचे मौजूद, महाकाय पाषाण मेहराब में से, आश्चर्यजनक रूप से, नन्हें जीव जागृत होने लगे, उन्हें महसूस हुआ कि वे प्यासे हैं, वहाँ बेहद ठंड और जीवों का आधिक्य है ! सबसे पहले जागे जीव ने कहा मुझे जल की गंध आ रही है, मैं जल भृंग हूं...और वो मेहराब से नीचे कूद गया हालांकि छप छप की आवाज़ काफी देर बाद आई ! दूसरे क्रम में जागृत हुए जीव ने कहा, मैं रेशम बुन सकती हूं , मैं मकड़ी हूं...इसके बाद जागने वाला हर एक जीव, अपने अस्तित्व की घोषणा करता गया ! कुछ देर बाद जल भृंग की आवाज़ आई, उसने कहा, यहां नीचे पानी में कुछ कोमल और कुछ सख्त है, जिसमें हमें, सँभालने का सामर्थ्य है !

यहां हम सभी के रहने लायक जगह है, कोई रस्सी, नीचे फेंको ताकि हम इसे ऊपर खींच सकें ! मेहराब पर मौजूद अन्य जीवों ने मकड़ी से कहा, तुम कुछ करो, सो मकड़ी ने एक मजबूत जाल नुमा रस्सी बुनी और उसे जल भृंग के पास फेंका जिसे पकड़ कर जल भृंग ने पानी के नीचे डुबकी लगाई और जल तल में मौजूद मिट्टी, कीचड़, पाषाण के बड़े खंड को चारों तरफ से कसकर बाँध दिया, इसके बाद उसने पानी की सतह पर आकर, ऊपर मेहराब में मौजूद जीवों को आवाज लगाई, खींचो, ये सुनकर सभी जीव रस्सी को ऊपर खींचने लगे और इस तरह से जल तल में मौजूद धरती, जल की सतह से ऊपर आ गई ! धरती के उजागर होते ही सभी जीव आकाश की मेहराब से लटकी हुई उसी रस्सी पर रेंगते / लटकते / जूझते हुए नीचे आ गये !

यहां सभी के रहने लायक पर्याप्त जगह थी ! धरती की सतह पर पहुंचने के बाद सभी जीवों ने अपनी प्यास बुझाई, जिन जीवों को स्वयं के मछली होने का अहसास था वे पानी में तैर गये ! जिन जीवों को पता था कि वे उड़ सकते हैं वे धरती से आकाश की ओर उड़ान भरने लगे और कुछ जिन्हें अपने उभयचर होने का विश्वास था वे प्रसन्नतापूर्वक कीचड़ युक्त पानी में उतर गये, ये मेढक थे ! कहते हैं कि उसी दिन से धरती जल की सतह पर तिरती हुई आकाश के मेहराब पर लटकी है...और जिस दिन भी रस्सी टूट जायेगी, धरती फिर से जल तल में समा जायेगी...

ये मूल अमेरिकी इंडियंस की सृजन कथा है, जिसमें आकाश को साधने के लिये महाकाय पत्थर के मेहराब की कल्पना की गई है, उसके बेहद नीचे जल ही जल है, जिसके अंदर धरती डूबी हुई है ! अदभुत बात ये कि अंतरिक्ष स्थित मेहराब में, असंख्य जीव मौजूद हैं, जो गहन नींद से जागते ही स्वयं को पहचान लेते हैं ! एक जल भृंग जो सबसे पहले जागृत होता है, उसे जल गंध आने और फिर उसके, मेहराब से कूद पड़ने का कथन मज़ेदार है ! जल भृंग के नीचे कूद पड़ने के काफी समय बाद, छप छप की आवाज आना, आकाश और जल सतह की दूरी का बयान करती है ! जल भृंग द्वारा पानी की जांच पड़ताल किये जाने का कथन बेहद रोचक है , वो थोड़े मुलायम, थोड़े सख्त पदार्थ / वस्तु के जल तल में पड़ा होने का उल्लेख करता है !

जल भृंग विश्वास है कि जल तल में मौजूद पदार्थ में इतना सामर्थ्य है, कि वह समस्त जीवों को संभाल सके और इतनी जगह भी, कि सभी जीव उसमें आराम से रह सकें ! आकाशीय मेहराब के गहन अन्धकार और ठंडेपन के माहौल में, दूसरे क्रम मे जागृत हुई जीव, मकड़ी है जो स्वयं का परिचय बुनकर बतौर देती है ! वहाँ अन्य जीव भी जागे वे सभी अपने आत्म से परिचित हैं ! इधर जल भृंग की पर्यवेक्षणीय निष्पत्तियों और अन्य जीवों से सहयोग के आह्वान का दौर जारी है ! जल भृंग चाहता है कि जल तल में पड़े हुए पदार्थ / वस्तु को अन्य जीव जल तल से ऊपर लाने में मदद करें ताकि सभी मिलजुल कर उस पर निवास कर पायें ! जल भृंग का आह्वान समस्त जीवों की पारस्परिक सहभागिता और भविष्य के सहअस्तित्व का उदघोष है !

जल भृंग की पुकार और अन्य जीवों के आग्रह पर बुनकर मकड़ी द्वारा एक मजबूत रस्सी का जाल बुनने का कथन दिलचस्प है, इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि उस जाल में जल तल की वस्तु / पदार्थ को बाँधने का दायित्व जल भृंग का है, क्योंकि वह जल जीव है और उसके ही पर्यवेक्षण के अनुसार कोई कार्य योजना संपन्न की जाना है ! बहरहाल मज़बूत रस्सी से बांधी गई धरती को जल तल से जल की सतह तक खींचने का काम सभी जीवों का समेकित प्रयास है, अन्ततोगत्वा ये सब उनके भविष्य को निर्धारित करने का उपक्रम जो है ! धरती के जल सतह से ऊपर आने के बाद सभी जीवों का आकाश से नीचे उतरकर, विशेष कर मछलियों का पानी में तैर जाना, मेढक का फुदक कर कीचड़ में उतर जाना और परिंदों का आकाश में उड़ने लग जाना, निज व्यक्तित्व / विशिष्टताओं की पहचान के अनुरूप दुनिया के ढूंढ लेने जैसा है !

इस आख्यान में, पाषाण के मेहराब पर आकाश के टिके होने का विवरण, भले ही हास्यास्पद लगे पर धरती और आकाश के पार्थक्य को बयान करने के लिये संभव है कि ये एक सांकेतिक कथन हो, जिसे ग्रहों, पिंडों, आकाशगंगाओं के एक दूसरे से निश्चित दूरी पर बने रहने के ब्रह्मांडीय नियम, गुरुत्वाकर्षण से जोड़ कर देखा जा सकता है ! ब्रह्मांडीय नीरवता, अन्धकार और ठंडेपन को लेकर तथा नन्हें जीवों के सुसुप्त बने रहने और फिर किसी कारणवश जागृत हो जाने को लेकर, कथाकालीन आदिम समुदाय का अभिमत स्पष्ट है ! ध्यान रहे कि धरती, या तो गुरुत्वाकर्षण के नियम से बंधी हुई, इस विराट अंतरिक्ष में गतिमान है या फिर बुनकर मकड़ी के द्वारा बुने गये जाल से बंधे रहे कर अपने मार्ग / स्थान से नहीं भटकती...वर्ना नियम / रस्सी के टूटते ही धरती फिर से... 

बुधवार, 23 अगस्त 2017

बूढ़े के बच्चे...

उस दिन चांद, सूरज, हवा, इंद्रधनुष, बिजली, अग्नि और पानी, एक बूढ़े से मिले ! बूढ़ा व्यक्ति ईश्वर था ! उन सबकी बैठक में एक इंसान को भी आमंत्रित किया गया था ! बिजली ने बूढ़े से पूछा, क्या आप दुनिया के इंसानों को मेरे बच्चे बना सकते हो ? नहीं वे तुम्हारे बच्चे नहीं हो सकते बल्कि पोते हो सकते हैं, बूढ़े ने कहा ! जब दुनिया के लोगों पर कोई मुसीबत आयेगी / बोझ आएगा तो तुम उसके निराकरण कर्ता होओगे, फिर सूरज ने यही सवाल,उस बूढ़े से किया, बूढ़े ने उत्तर दिया, नहीं, नहीं वे तुम्हारे बच्चे नहीं हो सकते बल्कि मित्र और पोते हो सकते हैं, तुम्हारा अस्तित्व उन्हें रौशनी देने के लिये है, बस !

इसके बाद चांद ने पूछा, क्या धरती के लोग मेरे बच्चे हो सकते हैं, बूढ़े ने कहा, नहीं मैं ये नहीं कर सकता, वे तुम्हारे भतीजे और मित्र हो सकते हैं ! अब अग्नि ने बूढ़े से कहा, क्या आप धरती के लोगों को मेरे बच्चे बना सकते हैं ? बूढ़े ने जबाब दिया, नहीं मैं ऐसा नहीं कर सकता,लेकिन वे तुम्हारे पोते होंगे,वे तुमसे ऊष्मा पायेंगे और जीवित रहने के लिये तुम्हारा पकाया हुआ खायेंगे ! इसके बाद यही सवाल हवा ने पूछा तो बूढ़े ने कहा, नहीं वे तुम्हारे बच्चे नहीं हो सकते बल्कि वे तुम्हारे पोते होंगे ताकि तुम उनसे बीमारियों और प्रदूषण को दूर ले जाओ !

फिर इंद्रधनुष ने भी यही अभिलाषा व्यक्त की, तो उस बूढ़े ने कहा, नहीं वे तुम्हारे बच्चे नहीं हो सकते बल्कि तुम उन्हें बाढ़ और अति वर्षा से बचाओगे और तुम इसी तरह से सम्मानित होओगे ! इसके बाद पानी ने यही सवाल उस बूढ़े से किया तो बूढ़े ने उत्तर दिया, नहीं ऐसा नहीं हो सकता बल्कि तुम उन्हें स्वच्छ किया करोगे, जब भी वे गंदे हो जायेंगे ! इस के लिये तुम्हें लंबे आदमी के तौर पर जाना जाएगा ! अब उस बूढ़े ने कहा कि मैंने तुम सबको यह मार्गदर्शन दिया है कि क्या करना है और कैसे करना है, तुम सब यह अवश्य याद रखना कि धरती के लोग मेरे बच्चे हैं !

अनुभव समृद्ध को बूढ़ा कहने की परंपरा लगभग हर एक समय में, सभी समाजों में मौजूद रही है ! ग्राम्य व्यवस्था के अधीन जातिगत पंचायतें, परंपरा आधारित होती आई हैं, जिन्हें अक्सर वृद्धजन परिषद भी माना गया है ! इन परिषदों को विधायिका सह कार्यपालिका से लेकर न्याय पालिका तक के समेकित अधिकार प्राप्त राजनैतिक सामाजिक संगठन बतौर स्वीकार किया जा सकता है, यानि कि अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन में चलने वाली समाज व्यवस्था ! डोकरा / सयान / बूढ़ा, बढ़ती आयु के लोगों के लिये प्रयुक्त किये जाने वाले सहज और सामान्य संबोधन हैं !

इसमें अचरज की बात नहीं कि यह आख्यान, ईश्वर को बूढ़ा व्यक्ति कहता है !  ईश्वर जो पारलौकिक शक्ति है, सर्वोच्च सत्ता शिखर है, सृजनहारा है, उसे अर्वाचीन समुदाय द्वारा बूढ़ा मान लेना कोई असामान्य बात नहीं है ! कथा में विविध प्राकृतिक शक्तियों के द्वारा ईश्वर उर्फ बूढ़े से यह कामना की जाती है कि, धरती के मनुष्य इन प्राकृतिक शक्तियों के बच्चे मान लिये जायें, किन्तु बूढ़ा व्यक्ति इन सभी शक्तियों को उनके पृथक पृथक दायित्वों से परिचित कराता है और स्पष्ट रूप से कह देता है कि मनुष्य, इन प्राकृतिक शक्तियों के बच्चे नहीं हैं !

वे मित्र हो सकते हैं, प्रपौत्र हो सकते हैं या अन्य कोई सगे संबंधी पर...बच्चे नहीं, क्योंकि धरती के सारे मनुष्य स्वयं इस बूढ़े व्यक्ति के बच्चे हैं ! बूढ़े व्यक्ति के अभिमत में मनुष्यों के प्रति सारी प्राकृतिक शक्तियां अलग अलग तरह से उत्तरदाई हैं ! बूढ़े व्यक्ति और अन्य प्राकृतिक शक्तियों के मध्य होने वाला वार्तालाप बहुत दिलचस्प है किन्तु सबसे अधिक महत्वपूर्ण कथन ये है कि पानी को मनुष्य की सहायता के एवज में लंबे व्यक्ति के रूप में जाना जाएगा ! नि:संदेह यह कथन जल बिन मनुष्य के अस्तित्व और स्वच्छता के कारण मनुष्य के दीर्घजीवी होने के आशय को लेकर किया गया कथन है ! 

सोमवार, 21 अगस्त 2017

आलोक पर सबका हक...

बहुत पहले की बात है जब एक मुखिया ने सूर्य को अपने संदूक में कैद कर रखा था ! उसकी पुत्री जब बेरियां चुनने के लिये जंगल जाती तो संदूक अपने साथ ले जाती और ज़रा सा खोलती ताकि सिर्फ उसे ही, आस पास दिखाई दे ! जब उसकी टोकरी बेरियों से भर जाती तो वो संदूक सहित घर वापस लौट आती ! उस क्षेत्र के आस पास के अन्य समुदायों के लोग बेहद निर्धन थे, उन्होंने गावों की संयुक्त परिषद की बैठक बुलाई, जिसमें यह विचार किया गया कि सूर्य को किस तरह से वापस लाया जाए / मुक्त कराया जाये, अंततः उन्होंने यह निर्णय लिया कि कालीक्यू , सूर्य की वापसी / चोरी / मुक्ति के लिये उपयुक्त व्यक्ति है सो उसे इस कार्य के लिये अधिकृत कर दिया गया !

कालीक्यू पुराने दास का वेश बनाकर उस क्षेत्र में पहुंचा जहां सूर्य कैद था, वहां के लोगों ने उसे पकड़ लिया और अपने मुखिया के घर ले गये ! मुखिया ने कहा, अरे ये तो मेरे पिता का दास था, एक दिन मेरे पिता ने इसे खो दिया था, इसके पिता भी मेरे पिता के दास थे ! लोगों ने मुखिया की बात पर भरोसा कर के कालीक्यू को उसे सौंप दिया ! अगले दिन जब मुखिया की पुत्री बेरियां चुनने जा रही थी तो उन्होंने दास को डोंगी की अंडाकार पतवारें लेकर अपने साथ चलने कहा ! मुखिया ने कहा, ये एक शानदार नाविक है, लोगों ने मुखिया की बात पर विश्वास किया ! जब उन्होंने अपनी यात्रा प्रारम्भ की तो दास, कहने लगा, सेस, सेस, सेस, इस पर मुखिया ने अपने भाई से कहा, मेरे साथ यात्रा पर निकलते समय ये बचपन से ही ऐसा कहा करता था !

भाई को कुछ भी याद नहीं आया, तो मुखिया ने कहा, तुम मुझसे बड़े हो, भला ये तुम्हे कैसे याद नहीं है ! तुम बेकार व्यक्ति हो ! आख़िरकार वे उस जगह पहुंच गये, जहां बेरियां मौजूद थीं, लड़की ने संदूक को थोड़ा सा खोला, जैसे ही सूर्य की एक झलक दिखाई दी, दास ने झपट कर संदूक को पूरा खोल दिया और फिर हर तरफ दिन का प्रकाश फ़ैल गया ! इसके बाद कालीक्यू दूर भाग गया, लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की...पर नाकाम रहे ! उन्होंने मुखिया की बेदम पिटाई की, क्यों कि उसके झूठ के कारण ही सूर्य उनके हाथों से निकल गया था ! इधर कालीक्यू वापस अपने क्षेत्र में जा पहुंचा और उसने लोगों से कहा, आज के बाद हम...हम सभी लोग सूर्य से आनंदित होंगे,  ना कि कोई अकेला व्यक्ति !

ये अनुश्रुति, असामान्य से घटनाक्रम को लेकर कही गई प्रतीत होती है, जहां एक मुखिया प्रकृति प्रदत्त संसाधन पर कब्ज़ा कर लेता है, जिसके कारण से अन्य समुदाय, प्रकृति के इस उपहार से वंचित रह जाते हैं ! ऐसा लगता है कि इस कब्ज़ेदारी से या तो मुखिया का अपना परिवार ही लाभान्वित हो रहा था या अधिक से अधिक उसका अपना समुदाय ! निकटस्थ क्षेत्रों के अन्य समुदाय / कबीलों में इस बात की टीस थी कि वे लोग, उक्त मुखिया के अपकृत्य के चलते अंधेरों में जी रहे हैं, जबकि रौशनी पर उनका भी हक होना चाहिए ! मुखिया ने रौशनी, जिसे कि इस आख्यान में सूर्य कहा गया है, को अपने संदूक में कैद कर रखा था और वो उसे इतना ही मुक्त करता, जितना कि उसके अपने परिजनों / समुदाय के लिये पर्याप्त होता !   

अन्य स्थानीय अमेरिकन इन्डियन कबीलों को रौशनी से वंचित बने रहने का अहसास था सो उन्होंने, संयुक्त ग्राम परिषद में सूर्य की मुक्ति के लिये पारस्परिक चर्चा की ! रौशनी की मुक्ति के लिये वे इस हद तक जा सकते थे कि कब्जेदार मुखिया के घर से रौशनी की चोरी कर ली जाए, यानि कि वे जस को तस की धारणा पर अमल करने के लिये तैयार थे ! कालीक्यू निश्चित रूप से उन सभी कबीलों में सुयोग्य युवा रहा होगा तभी तो उसे एक सुर से यह दायित्व सौंपा गया ! सूर्य का कब्जेदार मुखिया लालची प्रवृत्ति का है, यह बात कालीक्यू भली भांति जानता था, इसीलिए उसने स्वयं को एक दास के रूप में प्रस्तुत कर, मुखिया के लालचीपन का लाभ उठाया, उसके परिवार में घुसपैठ करने में सफल हुआ !

इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं कि लालची मुखिया अपनी ही प्रवृत्ति का शिकार हुआ, पहले उसने सार्वजनिक हितकारिणी रौशनी पर निज स्वार्थ्य वश कब्ज़ा किया फिर एक दास पर मुफ्त का स्वामित्व पाने की गरज़ से अपने परिजनों और अपने ही समुदाय के लोगों से झूठ पर झूठ बोला ! उसने अपने बड़े भाई को, स्वयं के झूठ की स्थापना के नाम से जानबूझ कर लताड़ा, बहरहाल कालीक्यू ने रौशनी पर अनाधिकृत कब्जाधारी परिवार / समुदाय का विश्वास जीता, उनके साथ बना रहा और मुखिया के लालच  का फायदा उठाया ! मुखिया की पुत्री के हाथों से रौशनी को मुक्त करने के लिये उसने तब तक इंतज़ार किया, जब तक कि उसे इस तथ्य कि पुष्टि नहीं हो गई कि सूर्य / रौशनी वास्तव में उस संदूक / बंधन में मौजूद है !

शेष कथा यह कि कालीक्यू ने रौशनी को बंधन / कैद से मुक्त किया और स्वयं को भी रौशनी के कब्जेदार कबीले के हाथों में पड़ने से बचाया, वह विवेकवान, संयत और अवसरों के अनुकूल चपल हो जाने वाला युवा था ! उसने सार्वजनिक हित के लिये जोखिम मोल लिया और अपने उद्देश्य में सफल हुआ ! सबसे अहम बात ये कि उसने अपनी सकुशल वापसी के उपरान्त कहा कि आज के बाद हम सभी लोग सूर्य से आनंदित होंगे ना कि कोई अकेला व्यक्ति, यानि कि नैसर्गिक संसाधनों / प्रकृति प्रदत्त आलोक पर सब का हक !