संगीत बोध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
संगीत बोध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 19 जुलाई 2017

ढ़ोल

कहते हैं कि जब सृजनहारा धरती मां में बसाहट के लिये आत्माओं को स्थान दे रहा था तभी कहीं दूर बूम की जोरदार आवाज़ हुई जो कि क्रमशः सृजनहारे के निकट आती गई और सृजनहारा उसे तेजतर होते सुनता रहा ! जब आवाज़ सृजनहारे के ऐन सामने पहुंच गई तो सृजनहारे ने उससे पूछा तुम कौन हो ? आवाज़ ने कहा मैं ढ़ोल की आत्मा हूं ! कृपया आप मुझे आपके अद्भुत कार्य में भागीदार होने की अनुमति प्रदान करें ! सृजनहारे ने कहा भला तुम क्या योगदान दोगी ? आवाज़ ने कहा मैं लोगों के हृदय से निकली गायकी में उनका साथ दूंगी ठीक वैसे ही जैसे कि मैं स्वयं धरती मां के हृदय की धड़कन हूं / आवाज़ हूं ! इस तरह से सारा सृजन समस्वर / अनुकूलता  में गायेगा ! सृजनहारे ने यह सुन कर आवाज़ को सृजन कार्य में सहभागिता के लिये अनुमति प्रदान कर दी और तभी से ढ़ोल लोगों के सुरों की संगत करता है !

यहां तक कि  समस्त अर्वाचीन जातियों में ढ़ोल, गीतों का केन्द्र बिंदु बना रहता है वो गीतों की आत्माओं का उत्प्रेरक है , जिससे गीत सृजनहारे तक अथवा जहां तक वे प्रार्थना बन कर पहुंचना चाहें , पहुंच सकते हैं ! समस्त समयों में ढ़ोल ध्वनि को सम्पूर्णता प्रदान करता है ! दुःख, विस्मय, उत्तेजना, गंभीरता, शक्ति, साहस और गीतों में पूर्णता लाता है ! ये धरती माता पर निर्भर लोगों को धरती माता की धड़कनों की सहमति / स्वीकृति का बोध कराता है ! यह उस ईगल की निर्मिति करता है जो सृजनहारे तक संदेशों को लाता और ले जाता है ! यह लोगों के जीवन को बदल देता है !  

अनक्षर आदिम समाजों में प्रचलित अनुश्रुतियों के अध्ययन से कम-ओ-बेश ये तो स्पष्ट होता ही है कि व्यक्तिगत और समुदायगत अनुभवों के संचयन, में प्रकृति और मानवीय पर्यवेक्षण की सुसंगति अनिवार्य शर्त है ! अद्यतन अनुभवों / ज्ञान और विज्ञान के लिये पर्यवेक्षण, अनक्षर काल में जितना महत्वपूर्ण था उससे कहीं अधिक वह आधुनिकतम समाजों की अपरिहार्यता है ! विवेचनाधीन आख्यान अबनाकी आदिम समुदाय की सृष्टि सृजन विषयक मान्यताओं पर आधारित है, वे आश्चर्यजनक रूप से सृष्टि सृजन के समय नाद / ध्वनि की उपस्थिति की परिकल्पना करते हैं, जैसे कि उनके स्वयं के दैनिन्दिक, व्यक्तिगत या सामुदायिक जीवन घटनाक्रम, जनम, मरण, उल्लास, शोक समय में ध्वनि की भूमिका दिखाई देती है, बिलकुल वैसी ही सृष्टि सृजन के समय भी रही होगी, की धारणा पर आधारित है ये कथा !  

सृजनहारा धरती में बसाहट के लिये, आत्माओं को भूमिकायें और प्रस्थितियां सौंप रहा है, तभी सुदूर कहीं तुमुल नाद का प्रकटीकरण, नाद से सृजनहारे की अनभिज्ञता और परिचय अलबेला है ! नाद स्वयं कहे कि वह ढ़ोल की आत्मा है और उसे धरती में हो रहे अद्भुत सृजन कार्य में भागीदारी की लालसा है, ठीक वैसे ही जैसे कि आदिम समुदाय के दिन प्रतिदिन के जीवन में उसकी सक्रिय भागीदारी है,सशक्त हस्तक्षेप है ! नाद स्वयं को धरती मां के हृदय की धड़कन कहे और मनुष्यों के गीतों में अनुकूलता और समस्वरता के रूप में स्वयं के अभिव्यक्त होने का कथन करे तो इसे आख्यान कहने, रचने वाले समुदाय की सृजनशीलता / कल्पनाशीलता का सर्वश्रेष्ठ ही माना जाएगा ! सृजन कर्म में नाद की भूमिका को ईश्वर का स्वीकरण, गीतों / गायन और सुरों में, ढ़ोल की सुसंगति को मनुष्यों के समर्थन जैसा है !

कथा में ढ़ोल को समस्त आदिम समुदायों के गीतों का केन्द्र बिंदु माना गया है ! आशय यह कि ढ़ोल गीतों से लेकर दुःख,उल्लास,विस्मय, उत्तेजना और शक्ति प्रदर्शन के समयों में तथा मनुष्यों की प्रार्थनाओं में परिपूर्णता का प्रतीक है, यानि कि ढ़ोल नाद की पूर्णता है, वो सृजनहारे तक पहुंचने की आकांक्षा रखने वाले मनुष्यों की सफलता की आश्वस्ति है, संदेशों के सम्प्रेषण साफल्य और एक एक एकाकी मनुष्यों के सम्पूर्ण समुदाय में बदलते जाने का महती माध्यम है ! कुल मिलाकर यह आख्यान ईश्वर, मनुष्य और धरती के मध्य एक-लय होने का कथन है ! सृष्टि में नाद की अनिवार्य उपस्थिति जो कि ईश्वरीय सृजन को सम्पूर्णत्व, धरती मां के हृदय को धड़कन और मनुष्यों को सामाजिक सांस्कृतिक प्राणी हो जाने का वरदान दे !

बुधवार, 10 जुलाई 2013

बांसुरी बजैया : उइगुर अनीस

मुद्दतों हुईं जब कि उइगुर जमींदार ने अनीस नाम के बालक को बतौर चरवाहा काम पर रखा था ! अनीस को बांसुरी बजाने का बेहद शौक था ! उसकी छोटी सी बांसुरी, साधारण से बांस से बनी हुई थी, लेकिन उसके नन्हें हाथों में वह एक शानदार वाद्ययंत्र बन गई थी ! उसके बांसुरी वादन को बहुतेरे लोग पसंद करते, वे लोग उसके चारों तरफ बैठ कर लुत्फंदोज़ हुआ करते, लेकिन जमींदार को यह बात सख्त नापसंद थी ! जमींदार बात बात पर अनीस को डांटा करता, तुम घटिया लड़के, क्या मैं तुम्हें बांसुरी बजाने के लिए पैसे देता हूं ? हालांकि सच बात ये थी कि अनीस के बांसुरी बजाने की वज़ह से ज़मींदार के काम का ज़रा भी हर्ज़ा नहीं होता था !  

एक दिन ज़मींदार ने अनीस की जम कर पिटाई की और उसकी बांसुरी को टुकड़ों में तब्दील कर दिया ! अनीस अपनी आँखों में आंसू लिए ज़मींदार का घर छोड़ने को मजबूर हो गया ! संयोगवश, सड़कों पर बिलखते, भटकते अनीस को एक बूढ़ा व्यक्ति मिला जिसने अनीस के सिर पर हाथ फेरते हुए, उसके रोने का कारण पूछा ! अनीस ने कहा, दादा जी, मैं एक चरवाहा हूं, मुझे, मेरे जमींदार मालिक ने मार पीट कर घर से बाहर निकाल दिया और उसने मेरी बांसुरी भी तोड़ डाली है ! बूढ़े व्यक्ति ने अनीस को सांत्वना देते हुए कहा कि, तुम मेरे साथ चलो, मैं तुम्हें स्वयं को बदलने की राह दिखाऊंगा और वो अनीस को अपने घर ले गया !

बूढ़े व्यक्ति ने अनीस को उसकी पुरानी बांसुरी की तुलना में एक अच्छी बांसुरी बना कर दी और उसे बांसुरी बजाने की बेहतर शिक्षा भी दी ! उस बूढ़े व्यक्ति की संगीत शिक्षा और उसके सानिध्य में अनीस पहले से कहीं ज्यादा शानदार बांसुरी बजाने लगा, यहां तक कि इंसानों के अलावा जानवर और परिंदे भी उसके बांसुरी वादन पर सम्मोहित होने लगे थे ! वे सभी उसके मित्र बन गये थे ! उधर ज़मींदार ने एक दिन अपने पुत्रों  को बुलाकर कहा कि मैंने आज रात सपने में एक खरगोश देखा है, जो कि बर्फ की तरह से सफेद रंगत वाला है और उसके माथे पर एक काला टीका है ! तुम लोग जाओ और जंगल से,उसे मेरे लिए ढूंढ कर लाओ !

पुत्रों ने कहा, पिता जी ऐसे खरगोश के बारे में हमने कभी नहीं सुना और ना ही कभी देखा है, हम उसे कैसे ढूंढ पायेंगे ? ये सुनकर ज़मींदार गुस्से से चिल्लाया, अरे मूर्खो, मैंने जो कहा है, वो ही करो, तुममे से जो भी ये काम पूरा करेगा वो ही मेरा वारिस बनेगा ! सबसे बड़े पुत्र ने वारिस बनने के ख्याल से, अपने भाइयों से कहा कि मैं आगत के किसी जोखिम से भयभीत नहीं हूं, सो पिता को खुश करने के लिए मुझे जाने दो...और फिर बड़ा भाई खरगोश की खोज में निकल पड़ा, रास्ते में उसे एक बूढ़ा मिला जिसने, उसके प्रवास कारण जान कर उसे सलाह दी कि वह जंगल की ओर जाये, जहां अनीस नाम का चरवाहा बूढ़े के जानवरों की देखभाल करता मिलेगा !

बूढ़े ने कहा कि अनीस, उसकी मदद ज़रूर करेगा, अतः बड़ा पुत्र, अनीस को खोजते हुए जंगल के अंदर जा पहुंचा जहाँ अनीस से मिलते ही, उसने खरगोश की खोज में अनीस की मदद मांगी ! अनीस मुस्कराया, उसने कहा, अगर तुम मुझे एक हज़ार रुपये दोगे तो मैं तुम्हारी मदद ज़रूर करूँगा !  ज़मींदार के बेटे ने विरासत में मिलने वाली संपत्ति की तुलना में एक हजार रुपये की रकम की तुच्छता को ध्यान में रख कर कहा, ठीक है , वो अपने घर गया और वहां से रुपये लेकर वापस लौटा तो उसने देखा कि अनीस पेड़ की एक शाख में बैठा बांसुरी बजा रहा था और जंगल के सारे जानवर, परिंदे उसके चारों ओर बेसुध से, बांसुरी की तानों में खोये हुए थे !

वहां वह खरगोश भी था जो उसके ज़मींदार पिता ने स्वप्न में देखा था ! अनीस ने बांसुरी धरती पर रख दी और उस खरगोश को पकड़ कर, उसके हवाले करते हुए कहा संभाल कर पकड़ो, अगर यह छूट गया तो फिर मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी ! उसने कृतज्ञतापूर्वक खरगोश को अनीस के हाथों से ले लिया और अनीस को रुपये देकर घर की ओर वापिस चल पड़ा ! जब वह जंगल से बाहर निकलने ही वाला था तो अनीस ने पुनः बांसुरी बजाना शुरू कर दिया ! बांसुरी की धुन सुनते ही खरगोश उसके हाथों से फिसल कर भाग निकला फिर उसने खरगोश की खोज में बहुत समय बर्बाद किया पर वो कहीं भी मिला ही नहीं !

वह वापस अनीस के पास पहुंचा तो, अनीस ने उससे कहा, मैंने तुम्हें पहले ही आगाह कर दिया था, अब मैं क्या कर सकता हूं ? मुझे बेवजह दोष देने से कोई फायदा नहीं होगा ! निराश पुत्र खाली हाथ घर वापिस लौटा और उसने घर वालों को सारा किस्सा बयान किया ! इसके बाद ज़मींदार के दोनों छोटे बेटों के साथ भी यही घटनाक्रम दोहराया गया ! अपने बेटों के हाथों हुए तीन हज़ार रुपये के नुकसान से बौखलाये, ज़मींदार ने कहा, तुम सब नाकारा हो अब मैं खुद ही जाऊंगा उस खरगोश को लाने ! अपनी आँखों में नफरत के अंगार लिए वह अनीस के पास जा पहुंचा...इससे पहले कि वो कुछ बोलता कि अनीस ने फिर से बांसुरी बजाना शुरू कर दिया !

लेकिन इस बार अनीस के बांसुरी बजाते ही, जंगल के तमाम जानवरों, खरगोश, भालू, भेड़ियों, लोमड़ियों, साँपों और तरह तरह के पशु पक्षियों ने जमींदार को चारों तरफ से घेर लिया, डर के मारे ज़मींदार का चेहरा सफेद पड़ चुका था, वो अनीस के पैरों पर गिर पड़ा और चिल्लाया, मेरे स्वामी, मेरी जान बचा लो !  अनीस ने उससे कहा, तुम्हें मेरी याद है ? मेरी बांसुरी के एक संकेत ( सुर ) मात्र से ये सब तुम्हें जिंदा खा जायेंगे !  थरथर कांपता हुआ जमींदार अनीस के चरणों में लोटने लगा, उसने बिलखते हुए कहा, आप जो कहोगे मैं करूँगा पर...मेरे स्वामी, मेरे साथ वो व्यवहार मत करो जो मैंने आपके साथ किया था !

जमींदार ने कहा, मैं वादा करता हूं कि मैं अपनी निकृष्ट प्रवृत्ति का त्याग कर दूंगा !  अनीस ने कहा, ठीक है, मैं तुम्हें एक जीवन अवसर ज़रूर दूंगा, लेकिन ध्यान रहे, यहां से लौटने के बाद तुम अपनी संपत्ति का आधा हिस्सा गरीबों में बाँट दोगे और भविष्य में कभी भी किसी गरीब पर अत्याचार नहीं करोगे ! ज़मींदार कांपते हुए अपने पैरों पर खड़ा हुआ और उसने अपनी प्राण रक्षा की एवज वह सब करने का वचन दिया जो भी अनीस ने उससे कहा था ! गांव वापिस जाकर उसने अनीस को दिये, अपने वादे को निभाया ! कहते हैं कि इस घटना के बाद से जन सामान्य के मध्य अनीस और भी लोक प्रिय हो गया था !

शिनझियांग प्रान्त की यह उइगुर लोक कथा, मूलतः संगीत की शक्ति को आख्यायित करती है ! एक साधारण से बांस से बनी बांसुरी के सुर को साध कर एक साधारण सा चरवाहा, समाज में व्याप्त वर्ग विभेद, संपत्ति वैषम्य को कम करने का सामर्थ्य पा जाता है ! इस आख्यान का सर्वाधिक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि कथा में उल्लिखित ज़मींदार और चरवाहा पात्र मूलतः इस्लाम धर्म के अनुयाई है यानि कि चीन के उइगुर मुसलमान, अतएव उनके धर्माचरण के अनुसार संगीत के प्रशिक्षण और प्रसरण का कार्य सामान्यतः निषिद्ध होना चाहिए था फिर भी अनीस बांसुरी वादन से प्रेम करता है ! यही नहीं समाज के बहुतेरे लोग भी उसके बांसुरी वादन से प्रेम करते हैं !

इस कथा से यह स्पष्ट होता है कि ज़मींदार को छोड़कर शेष जन साधारण पक्ष भी संगीत के प्रति मोहासिक्त है, भले ही वे सभी घोषित तौर पर इस्लाम के अनुयाई हों ! मुझे लगता है कि धर्मान्तरण से पूर्व के किसी एक लोक समाज के लिए धर्मान्तरण के बाद की सारी शर्ते यथावत मान्य हों, ऐसा होना ज़रुरी नहीं है, नि:संदेह लोक जीवन के सांस्कृतिक सामाजिक तत्व शताब्दियों के मानवीय अनुभवों का संचय हुआ करते हैं, अतः उन्हें किसी नवीन दार्शनिक धार्मिक प्रणाली, को स्वीकार करते ही / में स्विच ओवर होते ही समूल नष्ट नहीं होना होता है !  इसी आलोक में उइगुर चरवाहे और जनसामान्य पक्ष के बांसुरी प्रेम को भी देखा जाना चाहिए !

अनीस अपने शौक को लेकर अपने मालिक से दण्डित है और बांसुरी के टूट जाने से दुखी भी ! निर्धन होने के कारण दरबदर भटकने के सिवा उसके पास कोई विकल्प नहीं है, ऐसे में एक बूढ़े के रूप में एक अनुभवी व्यक्ति, अनीस की सहायता करता है, वह संभवत: कथा का अलौकिक / चमत्कारिक पात्र रहा होगा ! इसे एक सांकेतिक कथन माना जा सकता है ! वह अनीस को संगीत समृद्ध करता है, ताकि अनीस जागतिक मनुष्यों और जीवित पशु पक्षियों में एक समान रूप से मौजूद सांगीतिक अभिरुचि की अभिव्यक्ति / प्रकटन का सहायक / माध्यम बने !

अनीस शोषित वर्ग का प्रतिनिधि है और वह अपने सामर्थ्य का उपयोग अपने वर्ग की समुचित सहायता मात्र के लिए करता है, कुल मिलाकर सामान्य सी दिखने वाली यह कथा, आर्थिक वर्ग भेद के विरोध में खड़े सांगीतिक सम रूचि के एक व्यक्ति बनाम व्यक्तियों तथा अन्य जीवित प्राणियों के सहज व्यवहार की कथा है ! इस कथा का नायक अपने सामर्थ्य और बूढ़े /अनुभवी / संभवतः अलौकिक व्यक्तित्व से प्राप्त , अनुग्रह का दुरूपयोग नहीं करता ! संगीतज्ञ  के रूप में अनीस मनुष्यों का ही नहीं बल्कि अन्य जीव जंतुओं का भी प्रतिनिधि है क्यों कि वे सब उसके ही माध्यम से अपनी अभिरुचि / पसंद को उजागर करते हैं !

( यह कथा इस्लाम धर्म के उइगुर लोगों तक पहुँचने से पूर्व की कथा लगती है जोकि हमारे अपने देश के श्री कृष्ण आख्यान से किंचित मिलती जुलती सी प्रतीत होती है )