देह स्वजनता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
देह स्वजनता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019

मैंने रखा है मुहब्बत...3

औरों की तरह उसे भी इश्क हो गया था, इससे कब्ल, भले ही उसके ताल्लुकात अपनी ही बिरादरी की ढ़ेरों ज़नानियों से रहे होंगे पर ये पहला मौक़ा था कि उसका इश्क खूबसूरत मानुष सुकन्या से वाबस्ता था । बहरहाल इश्क में जोर जबरदस्ती से काम लेने के बजाये उसने सुकन्या के माता पिता से विधिवत सुकन्या का हाथ मांग लिया । इस दफा वो परम्परा अनुसार और मय रीति रिवाज़ के पत्नि हासिल करना चाहता था क्योंकि उसे सुकन्या से सच्ची मुहब्बत थी । बहरहाल मुश्किल ये थी कि लड़की के वालदैन गैर बिरादरी में अपनी लड़की का ब्याह करने के लिए राज़ी नहीं थे, उसपे तुर्रा ये कि याची के हिंसक स्वभाव में उन्हें अपनी लडकी का मुस्तकबिल स्याह नज़र आ रहा था, सो उन्होंने विवाहोत्सुक वनाधिराज को नाराज़ किये बिना अपनी बात कही ।

उन्होंने कहा महामहिम, आपका प्रस्ताव पाकर हम गौरवान्वित हुए, लेकिन हमारी कुछ समस्यायें हैं, जिनकी तरफ आपका ध्यान आकर्षित कराना ज़रूरी है । हमारी लड़की अभी कमसिन है, सो मुमकिन है कि आपके इश्क की शिद्दत की ताब ना ला सके । हमें लगता है कि आपके नुकीले दांतों से वो घायल हो सकती है । इसके अलावा आपके पंजो के पैने नाखून भी उसे, जिस्मानी तौर पर नुकसान पहुंचा सकते हैं । इसलिए हम आपसे, बा-अदब ये अर्ज़ करते हैं कि आप अपने पैने नाखून हटवा दें और नुकीले दांत भी । अगर यह मुमकिन हो पाया तो हम आपके प्रस्ताव पर, सहर्ष पुनर्विचार कर सकते हैं ।

चूंकि शेर बेहद इश्कियाया हुआ था, सो उसने आगा पीछा सोचे बिना अपने नाखून और दांत निकलवा दिए और फिर से सुकन्या के माता पिता के पास जा पहुंचा । नख दंतहीन शेर को देख कर लड़की के अभिभावक हंसने लगे। उनके लिए शेर, अब किसी काम का नहीं था । बेबस और लाचार, जो किसी को भी नुकसान पहुंचाने की स्थिति में नहीं था । कहते हैं कि इश्क, हिंसक, पशुवत और भयंकर को भी पालतू बना सकता है ।
यूं तो ये कहानी, शेर के नाम से कही गई है, जिसे आदमजाद सुकन्या से इश्क हो गया है और वो अपनी जिस्मानी हरारत, अपनी शक्तिमत्ता के दम पर उतारने के बजाये सामाजिक तौर तरीकों से शांत करने का इच्छुक है । या ये मान लिया जाए कि शेर को उस लड़की का इश्क, बलपूर्वक हासिल करने की ख्वाहिश नहीं थी । इसलिए उसने बाकायदा लड़की का हाथ, लड़की के माता पिता से मांगा । यहां कथा में निहित हास्य संकेत ये कि शेरों के माता पिता, सात फेरों / निकाह के कायल नहीं होते, बल्कि उन्हें गन्धर्व विवाह या लिविंग इन जैसी नव-विवाही परम्पराओं के निर्वहन का अभ्यास / शौक होता है । कुल मिलाकर विवाहोत्सुक शेर के वालदैन या तो शेर का साथ देने के लिए मौजूद नहीं थे या फिर उन्हें गैर बिरादरी में शेर का ब्याह पसंद नहीं था, सो विरोध स्वरुप, उन्होंने इस पहल का बायकाट / बहिष्कार किया ।
बहरहाल शेर के हवाले से कही गई इस कथा को इस नज़रिये से भी देखा जा सकता है कि शेर वास्तव में वनाधिराज होने के बजाये, गली का कोई गुंडा, मवाली, कोई बाहुबलि, डॉन माफिया, दस्यु सम्राट, आपराधिक प्रवृत्ति का मनुष्य रहा होगा जोकि लड़की की जाति से अलग जाति में जन्मा होगा और उसकी कुख्याति के चलते, लड़की के अभिभावकों ने उसे असामाजिक जीवन शैली छोड़कर सज्जनता पूर्वक जीवन यापन की सलाह दे दी होगी, जिसमें आत्मसमर्पण और गुनाहों की सजा भुगतना भी शामिल हो सकता है । प्रतीत यही होता है कि जंगल का राजा एक प्रतीक है जिसे दुस्साहस और राजतान्त्रिक / तानाशाही पूर्ण निर्णयों से जोड़ कर देखा जा सकता है, इसलिए शेर के हवाले से कही गई यह कथा निश्चित रूप से इंसानी बस्तियों की ही कथा रही होगी, जिसमें सुकन्या के अभिभावकों ने सुकन्या के हित में जो उचित जान पड़ा, वो निर्णय लिया ।
कथा सार ये कि इश्क बड़े बड़ों के चूल्हे ठंडे कर देता है । सेनापति को प्यादा और महामहिमों को हक़ीर कर देता है । मुमकिन है कि ये सारी बातें इसके उलट भी कही जा सकें । पर ये कथा... 

रविवार, 24 दिसंबर 2017

मादकता


ईश्वर धरती पर उतरा तो उसने पाया कि यहां, बहुत गंदगी है, बुरी चीज़ों से भरी हुई, दुष्ट लोग, रहस्मय और नरभक्षी ! ईश्वर ने सोचा कि धरती को साफ़ करने के लिये जल प्रलय लाई जाए...और गंदे लोगों, राक्षसों को डुबा कर मार दिया जाए, फिर उसने ऐसा ही किया पानी, पहाड़ों की चोटियों तक भर गया, तब एक व्यक्ति और उसकी दो पुत्रियों को छोड़कर, सारे मनुष्य जलमग्न हो गये ! दरअसल वो तीनों एक डोंगी में बैठकर बाढ़ से बच निकले थे ! जलस्तर घटने पर उन्होंने देखा कि धरती स्वच्छ हो गई है ! उन्हें बेहद भूख लगी थी, उन्होंने इधर उधर देखा, ढूँढा पर वहाँ खाने लायक कुछ भी नहीं था ! कंद मूल वाला कोई छोटा मोटा पौधा तक नहीं, केवल भिन्न प्रजातियों के कुछ बड़े पेड़ थे !

उन्होंने फर के टुकड़े को पत्थर से कूट कर काढ़ा बनाया पर...वह पीने योग्य नहीं था सो उसे फेंक दिया, इसके बाद उन्होंने पाइन, भिदुर और अन्य लकड़ियों के काढ़े बनाए पर सब व्यर्थ, अंतत बेरियों की लकड़ियों का काढ़ा तुलनात्मक रूप से पीने योग्य था ! लड़कियों ने उसे पिया और...दिया ! ये काढ़ा थोड़ा सा मादक / नशीला था ! उन्हें नशा हो गया, नशे की हालत में लड़कियों ने अपने पिता से यौन से सम्बन्ध बना लिये, पिता को कुछ पता ही नहीं चला ! इधर धरती धीरे धीरे सूख रही थी और उन तीनों की भूख बढ़ती जा रही थी, इसलिए वे तीनों लगातार बेरियों की लकड़ी का काढ़ा बना कर पीते रहे ! पिता इस मादक द्रव्य का आदी हो चला था और लड़कियां उससे अक्सर दैहिक सम्बन्ध स्थापित करती रहीं !

परिणाम स्वरुप लड़कियों ने कई बच्चों को जन्म दिया...जिस पर नशेड़ी पिता अचंभित हुआ कि वे दोनों किस प्रकार से गर्भवती हो गईं ! कालान्तर में, वयस्क होकर, इन्हीं बच्चों ने आपस में ब्याह किये और फिर उनके भी बच्चे पैदा हुए, इस प्रकार से धरती पर, मनुष्यों की पुनर्बसाहट का सिलसिला जारी रहा ! ऐसे ही पशु और पक्षी भी बहुतायत से धरती में आबाद होने लगे थे...

आर्कटिक उप-क्षेत्र के निकट अलास्का की टिलिंगिट कबीले की ये जनश्रुति, ईश्वर के हवाले से, धरती में दुष्ट लोगों की संख्या बढ़ने का संकेत देती है, जिन्हें ईश्वर, बाढ़ लाकर समाप्त कर देना चाहता है ! दुनियां में प्रचलित अन्य जल प्रलय कथाओं के इतर इस कथा में शेष बच गये पात्रों को, ईश्वर ने समय पूर्व कोई चेतावनी दी हो ऐसा उल्लेख इस कथा में नहीं मिलता और ना ही इस बात का कोई संकेत कि बर्फीले क्षेत्र के निवासियों के पास डोंगी के मौजूद होने का आशय क्या है ? क्या यह डोंगी स्लेज के साथ संबद्ध कोई लकड़ी का बड़ा टुकड़ा थी, जिसे सामान ढोने / लादने के उपयोग में लाया जाता रहा हो ? बहरहाल बाढ़ से बच गये पिता, पुत्रियों के लिये ये डोंगी, दैवीय ना सही, भौतिक / जागतिक वरदान / उपलब्धता अवश्य मानी जा सकती है !

जल प्रलय के बाद खाद्य पदार्थों की कमी स्वभाविक है और ये भी कि भूखे लोग अपने जीवन रक्षण के लिये बहुविध प्रयोग करें, जैसा कि पिता और पुत्रियों ने, कंद मूल फलों की अनुपलब्धता को देखते हुए, भिन्न भिन्न लकड़ियों को कूट कर, तरल काढ़ा बना कर, अपने अस्तित्व को बचाये रखने के लिये किया ! इसे तुलनात्मक संयोग ही माना जाएगा कि अन्य लकड़ियों का काढ़ा पीने योग्य नहीं था और बेरियों का काढ़ा पीने योग्य पाया गया ! इसमें कोई संदेह नहीं कि, आयुगत कारणों से, पिता की अपेक्षा पुत्रियों में यौनेच्छायें अधिक प्रबल रही होंगी ! उल्लेखनीय है कि, उस काल खंड में, उनके योग्य कोई युवा नर, धरती पर जीवित नहीं था और...जीवन रक्षण के उपरान्त निज मूल प्रवृत्ति का शमन करना, उनकी विवशता हो गई होगी !

ये कथा ईश्वरीय कोप और जल प्रलय के मानदंड से विश्व की बहुचर्चित कथाओं जैसी ही है, किन्तु पुत्रियों द्वारा, अपने ही सगे पिता से देह संसर्ग स्थापित करना और कालांतर में उनसे जन्में बच्चों के पारस्परिक ब्याह के फलस्वरूप वंश वृद्धियों के कथन, बहुत संभव है कि यौन नैतिकता के मानकों से विचलित दिखाई दे, हालांकि यह स्वीकार करने में कोई कठिनाई नहीं है कि पुत्रियों ने अपनी मूल प्रवृत्ति का शमन करते समय यौन नैतिकता के उल्लंघन के अपराध बोध से उबरने के लिये मादक द्रव्यों का इस्तेमाल किया, यही कारण है कि पिता अपनी पुत्रियों के गर्भवती हो जाने को लेकर अचंभित बना रहा...

गुरुवार, 7 सितंबर 2017

बाज़ के पंख

तब एक बूढ़ा, एक युवा और उसकी दो पत्नियां, साथ में रहते थे ! युवा को अपने तीरों के लिये पंखों की ज़रूरत थी, उसे पता था कि दूर. ऊंचे पेड़ पर बाज़ का घोंसला हैं, वो वहां गया और पंख इकठ्ठा करने की गरज़ से पेड़ पर चढ़ने लगा, चूंकि बूढ़ा, युवा के प्रति जलन का भाव रखता था इसलिए उसने जादू से, पेड़ को बहुत ऊंचा कर दिया और पेड़ की छाल भी निकाल दी, जिसके कारण से पेड़ का तना बेहद चिकना हो गया ! युवा उस समय नग्न था अतः फिसलन भरे तने से होकर नीचे उतरना, उसके लिये असंभव हो गया था ! विवशतावश वो पेड़ के ऊपरी हिस्से में बना रहा और रात में अपने घर वापस नहीं लौट सका!उसकी अनुपस्थिति का लाभ उठा कर बूढ़े ने युवा की पत्नियों से कहा, हमें ये घर छोड़कर, कहीं और जाना होगा ! अगली सुबह वे सभी घर छोड़ कर निकल पड़े ! युवा की पत्नियों में से एक संतानहीन थी और उसे, बूढ़े का कहना मानने में कोई संकोच नहीं था किन्तु दूसरी पत्नि अपने शिशु को लेकर बूढ़े के साथ जाने के लिये तत्पर नहीं थी, खास कर तब, जबकि उसका पति पीछे छूट रहा हो !

अगली रात, दूसरी पत्नि ने बूढ़े से कुछ दूरी पर कैम्प बनाया और अलाव जलाकर अपने शिशु के साथ रुक गई जबकि निःसंतान पत्नि ने बूढ़े के साथ रात बिताई, अगले कई दिन और रात ऐसा ही होता रहा,इस दौरान युवा पेड़ के ऊपर ही अटका रहा ! उसके पास कपड़े नहीं थे इसलिए ठण्ड से बचने के लिये उसने अपने लंबे बालों से अपना तन ढांक लिया था, यही नहीं, उसने बाज़ के पंखों को भी अपने बालों में जहां तहां खोंस लिया था ताकि बालों और पंखों से, उसे कम्बल के जैसी सुरक्षा मिल जाए ! जिन छोटी चिड़ियों ने आस पास के पेड़ों की टहनियों पर घोंसले बनाए हुए थे, उन्होंने बहुत कोशिश की, कि युवा जैसे तैसे पेड़ के नीचे उतर सके पर...उनकी मदद युवा के किसी काम नहीं आई और वो बदस्तूर पेड़ पर अटका रहा ! अंततः एक दिन एक बूढ़ी स्त्री अपने दोनों हाथों में नुकीली छड़ी लिये हुए पेड़ के नीचे आई और पेड़ पर चढ़ने लगी ! वो युवक तक पहुंची और फिर मकड़ी में तब्दील हो गई, उसने ऊपर से नीचे तक जाल बुना, जिसकी सहायता से युवा धरती पर उतरने में सफल हुआ !

जब वो अपने घर पहुंचा तो उसने देखा कि घर उजाड़ पड़ा हुआ है, वहां उसे कुछ पद चिन्ह दिखाई दिये, जिनका पीछा करते हुए वो कई दिनों तक चलता रहा और फिर उसे अपनी दूसरी पत्नि और पुत्र दिखाई दिये ! बच्चा चिल्लाया, मेरे पिता, युवती ने कहा, लेकिन वो तो मर चुके हैं...तब तक युवा उनके निकट पहुंच चुका था ! पत्नि ने पति से पूरा अहवाल कहा ! उसने कहा कि बूढ़ा हम दोनों स्त्रियों को अपने साथ ले जाना चाहता था किन्तु मैं उसके साथ जाने के लिये इच्छुक नहीं थी इसलिए अलग ठहरी हुई हूं जबकि आपकी पहली पत्नि उस बूढ़े के साथ अगले कैम्प में ठहरी हुई है ! इसके बाद वो अपने पति को बड़ी सी टोकरी में छिपा कर बूढ़े के कैम्प तक पहुंची और उसने टोकरी अलाव के पास रख दी, जिसे बूढ़े ने हटा कर दूर रख दिया लेकिन वो, उसे फिर से अलाव के पास ले आई ! युवक तेजी से बाहर निकला और उसने बूढ़े तथा धोखेबाज़ पत्नि की हत्या कर दी, फिर अपनी सच्ची और अच्छी पत्नि के साथ शिशु को लेकर पुराने घर लौट आया, जहां वे सभी लंबे समय तक, सुखपूर्वक रहे !

इस आख्यान को बांचने से यह तो स्पष्ट नहीं होता कि बूढ़े और युवा के मध्य कोई रक्त सम्बन्ध था लेकिन उनके दरम्यान मौजूद किसी ना किसी प्रकार की स्वजनता की संभावना से इंकार भी नहीं किया जा सकता, क्योंकि वे दोनों एक साथ रहते थे ! उस युवा की दो पत्नियां थीं, जिनमे से एक निःसंतान थी जबकि बूढ़ा संभवतः परित्यक्त अथवा विधुर रहा होगा ! कथा संकेत यह है कि बूढ़ा व्यक्ति, स्त्री सानिध्य / यौन सुख से वंचित व्यक्ति माना जाएगा, जिसमें अनिवार्य, नैसर्गिक, दैहिक लालसायें शेष रह गई हों, इसी प्रकार से दूसरी पत्नि, निःसंतान रह जाने के कारण कदाचित स्वयं को उपेक्षित / पति साहचर्य से वंचित मानने लगी हो ! स्पष्ट ये कि उस समूह में दो व्यक्ति, निश्चित रूप से ऐसे थे जिन्हें दाम्पत्य जीवन से बाहर का यौनाकर्षण प्रभावित कर सकता था, एक वो बूढ़ा, जो कि विधुर अथवा परित्यक्त था और दूसरी निःसंतान स्त्री ! ये अनुश्रुति प्रत्यक्षतः यौनाकर्षण की बात नहीं करती, किन्तु परिस्थितिजन्य साक्ष्य कहते हैं कि बूढ़े का अनुसरण करना पहली पत्नि की कर्तव्य पारायणता या बुज़ुर्ग के प्रति आदर की अभिव्यक्ति नहीं था बल्कि उन दोनों का साथ, एक प्रकार से वंचित द्वय का सहज गठबंधन था !

कथा मोटे तौर पर यह घोषित करती है कि युवक आखेटक था, उसे बेहतर शिकार के लिये अपने तीरों को दुरुस्त रखना ज़रुरी था इसलिए परिंदों के पंख उसकी पहली प्राथमिकता थे जबकि काम सुख वंचित बूढ़े को इस अवसर की तलाश थी कि युवा घर से बाहर जाए और सुरक्षित घर वापस ना लौट सके ! प्रतीकात्मक रूप से जादू का उल्लेख कर, पेड़ की ऊंचाई बढ़ाने और पेड़ के तने से छाल उतार देने का कथन संभव है कि पूर्णतः असत्य हो ! लेकिन यह भी संभव है कि वो युवा स्वयं ही अपने हथियार को अधुनातन / मारक / घातक और अचूक बनाए रखने की लालसा के अंतर्गत, बेहद ऊंचे पेड़ पर जैसे तैसे चढ़ तो गया हो पर उतरते समय उसका हौसला पस्त हो गया हो और उसने, उसी ऊंचाई पर सुस्ताने का निर्णय लिया हो या फिर बूढ़े ने उसे ऐसा करने के लिये प्रेरित किया हो ताकि वह रात में उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठा कर, उसकी दोनों पत्नियों को लेकर किसी अपरिचित स्थान की ओर पलायन कर जाए और घर वापसी के बाद युवा उन्हें ढूंढ ना सके, हालांकि दूसरी पत्नि के असहयोगी रवैय्ये के कारण से बूढ़े की योजना निष्फल हो गई !

युवा की पहली पत्नि, बूढ़े व्यक्ति के लिये पुत्रवधु तुल्य थी, उनमें आयु का वैषम्य था पर...कामुकता, नैतिकता की चेरी नहीं होती, वे दोनों परस्पर असमान होकर भी देह सुख गठबंधन धर्मी माने जायेंगे ! कथा कहती है कि दैहिकता कभी भी, किसी भी जगह या समय में सामाजिकता के तट बंध तोड़ सकती है ! उसके लिये सामाजिक मूल्य / आदर्श मायने नहीं रखते ! यौनिकता से इतर, उजाड़ पड़े घर से मिले पद चिन्हों का अनुसरण करते हुए पहली पत्नि और संतान से मिलन तथा व्यभिचार के आरोपियों / विश्वासघातियों को दण्डित करने के उपरान्त, युवा की घर वापसी की कहन में कोई नयापन नहीं है किन्तु पेड़ की ऊंचाई पर अटके हुए उस युवा की मददगार, नन्हीं चिड़ियों और मकड़ी के उल्लेख का सांकेतिक अर्थ यह भी हो सकता है कि प्रकृति, यौन नैतिकता / देह शुचिता के पक्ष में खड़ी हुई है ! दिलचस्प बात ये है कि बूढ़ी स्त्री के हाथों में नुकीली छड़ियां थीं यानि कि बुनाई करने वाली तीलियों के समान या चिकने पेड़ में सहजता से चढ़ने के उपकरण जैसी कोई वस्तु !

झुक कर चलने वाली बूढ़ी स्त्री और मकड़ी का सांकेतिक साम्य अद्भुत है, बूढ़ी स्त्री के  हाथ की नुकीली छड़ियां, मकड़ी के नुकीले पंजों के जैसी ! कह नहीं सकते कि वो मकड़ी का जाला था या फिर बूढ़ी स्त्री के द्वारा फेंकी गई रस्सी / रेशे निर्मित कोई संरचना, जिसकी सहायता से युवा, पेड़ से नीचे उतर पाया हो ! यह भी संभव है कि नुकीली टहनियों और छाल के रेशों की मदद से चिकने पेड़ से उतरने का प्रतीकात्मक सुझाव, बूढ़ी स्त्री / मकड़ी के द्वारा उस युवा को दिया गया हो / मिला हो ! ...हो सकता है कि इस कहानी में बूढ़ी स्त्री का उल्लेख, विश्वासघाती बूढ़े के प्रतिकार स्वरुप / स्त्री मददगार बतौर किया गया हो ! विशेष कर समाज में अच्छे बुरे के काउंटर बैलेंस / संतुलन के दृष्टिकोण को ध्यान में रख कर ! बहरहाल यह स्वीकार करने में कोई कठिनाई नहीं है कि कथाकालीन समाज आखेटक समाज था और वहां पर बहु-विवाह / बहु-स्त्री गामिता प्रचलन में थे, जिसके पश्चातवर्ती प्रभाव / परिणाम, कहे गये आख्यान का मूल आधार बन गये हैं !  

गुरुवार, 22 दिसंबर 2011

देह स्वजनता : वर्जनायें बनाम वरीयतायें बनाम नैतिकता !


कहना मुश्किल है कि देह राग से विरत इंसान , सामाजिकता के दायरे में मौजूद नहीं होंगे पर ये कहना आसान है कि इस राग के शौक़ीन जमीन के हर उस टुकड़े पे आबाद होंगे जहां भी तबियत से उछाला गया कोई पत्थर आ गिरे ! इंसान की नैसर्गिक प्रवृत्ति के बतौर इस शय की अभिव्यक्ति देहों के दायरे में ही होती है  !  दैहिक नैकट्य का बहुआयामी प्रकटन ज़्यादातर अनंग और रति के युग्म में , कभी पुष्पधन्वा संग पुष्पधन्वा की सहगामिता में या फिर रति सह रति के मदनोत्सव में !  इसके इतर स्मर और रति पृथक पृथक संग चतुष्पाद प्राणी वगैरह वगैरह  ! आशय यह कि देह राग का विस्तार  देह साम्य से देह असाम्य तक  !  आयु , जाति , धर्म , भाषा , रंग , सौंदर्य , आंचलिकताओं  की सरहदों और सल्तनतों  को लांघते हुए बारहा ! 

धरती में टुकड़ा टुकड़ा आबाद होते वक़्त इंसानों की देह स्वजनता के इन आकारों से किसी नैतिकता अथवा वर्जना या फिर वरीयता की अनुगूंज सुनाई देने में शताब्दियां होम हुई होंगी ! लेकिन  यह तय है कि समय इन्हें एक जैसी संहिता के झंडे तले समेट पाने में सर्वथा असफल रहा है क्योंकि इंसान के वैचारिक असाम्य , जीवन शैलियों की विषमताओं के जनक हैं जिसे स्वीकार करने में कोई असहजता भी नहीं होना चाहिए !  नव -राष्ट्रीयताओं और उनकी विधिक परम्पराओं के विकास के इतर सामाजिक जीवन की वरीयताओं , वर्जनाओं और नैतिकताओं का इतिहास  कहीं अधिक अर्वाचीन और अधिक प्रबल  /  प्रगाढ़ है ! कहने का आशय यह है  कि राष्ट्रों के लिए स्वीकृत विधि तंत्र की अपेक्षा समाजों के लिए स्वीकृत प्रणालियों और अनुशंसाओं की प्रभावशीलता के प्रमाण देह स्वजनता पर भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं  !  बहरहाल प्रश्नाधीन विषय विधि बनाम सामाजिक संस्वीकृतियों के बजाये सामाजिक संस्वीकृति विरुद्ध सामाजिक संस्वीकृति है  ! 

देह के आकर्षण और उसकी परिणति को स्व-समाज की मानक स्थापनाओं के आईने में निरखने / परखने और परिणामतः आधार उदघोष से पहले हमें स्मरण रखना चाहिए कि हमारा आईना किसी दूसरे समाज के मानक आईने से भिन्न हो सकता है अतः देह स्वजनता की वर्जना अथवा निषेध या फिर नैतिकता के वक्तव्य हमसे अत्यधिक संयम चाहते हैं  !  हम यह भी नहीं कह सकते कि अमुक समाज के मानदंड अनैतिक है और केवल हमारे सामुदायिक मानक सर्व-स्वीकार्य या दसों दिशाओं में आरोपण योग्य हैं अन्यथा  अपने विरुद्ध यही तर्क हमें  दूसरे पक्ष से सुनने के लिए तैयार रहना होगा !  देह स्वजनता का मुद्दा किसी समुदाय या समाज विशेष के संकेत मात्र से सार्वजनीन नृत्य के लिए आतुर धारणा नहीं है  !  इसे समाज बनाम समाज की अपनी अपनी संवेदनशीलताओं और मानकों के स्पेस को ध्यान में रखकर ही देखा जाना चाहिए ! ख्याल रहे कि मनुष्य की दैहिक अभिव्यक्तियों , उससे प्रकटित संबंधों और सामाजिक जीवन की जटिलताओं पे सरल निष्कर्षों की  बहुत अधिक गुंजायश नहीं हुआ करती !

प्रायः यह देखा गया है कि बौद्धिक होने के अहसास से लदा फंदा जीव श्रेष्ठि ,अख़बारों पे अत्यधिक विश्वास करता है ! निवेदन यह कि व्यक्तिगत वक्तव्य को अभिप्रमाणित वक्तव्य की तरह से प्रस्तुत किये जाने का चलन इन दिनों जोरों पर है  ! क्या यह प्रवृत्ति सामाजिक ताने बाने की संश्लिष्टताओं के मद्दे नज़र वांछित भी है  ? क्या इसे सामाजिक जीवन की यथार्थपरक समझ के तौर पर स्वीकार क्या जा सकता है  ?  कुछ माह पहले एक  खबरनामें  के नियमित स्तम्भ को बांचते हुए पाया कि एक विशिष्ट समाज में वर्जित देह स्वजनता मानक के उल्लंघनकर्ता किसी अनाम पाठक ने अपनी करनी से निपटने का जुगाड़ सार्वजानिक तौर पर पूछा तो वहां पर भांति भांति की प्रतिक्रियाओं की झड़ी लग गई  !  प्रतिक्रियाओं में निंदा से लेकर संकट हल करने के सुझावों तक के शेड्स दिखाई दिये !  सोचता हूं कि उस व्यक्ति ने अपने एक साल के वैवाहिक जीवन में सामाजिक वरीयता के लाभार्थी होने के साथ ही सामाजिक वर्जना के उल्लंघनकर्ता का किरदार कैसे निभाया ?  वह किन क्षणों में ऐसा करने के लिए प्रेरित / उद्ध्यत हुआ और क्यों ? क्या वर्जना लंघन के लिए वह एक मात्र दोषी है या उसकी सास भी ? दोष निर्धारण अथवा अन्य परिणामों जैसे  किसी निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए , निश्चय ही मुझे खबरनामें को बांचने मात्र से अधिक सतर्कता बरतनी होगी  ! अभी केवल इतना ही कहा जा सकता है कि कथित घटनाक्रम सम्बंधित समाज की देह राग गायन वरीयताओं के अनुकूल  प्रतीत  नहीं होता है अतः इसे अनैतिक माना जा सकेगा  ! 

बौद्धिक जगत का आम तबका जाने अथवा  ना जाने  किन्तु  नृजाति शास्त्र के स्नातक स्तरीय विद्यार्थी भी जानते है  कि उल्लिखित घटना किसी अन्य   समाज   के लिए  वर्जना नहीं है बल्कि उसे  वहां वरीयता के तौर पर स्वीकार किया जाता है  ! उत्तर पूर्वी भारत के गारो आदिवासी हमसे अलग मातृवंशीय समाज हैं जहां श्वसुर की मृत्यु होते ही जामाता को अपनी सास से विवाह कर लेने की सामाजिक अनुशंसा प्रचलित है  !  हो सकता है कि गारो जामाता अपने पत्नी और सास से देह स्वजनता स्थापित करने के समय आयु अथवा ऐसी ही  किसी अन्य विसंगति से भी दो चार होता हो या फिर इस संबंध को लेकर उसकी व्यक्तिगत रुचि ना भी हो , किन्तु संपत्ति की अधिकारिणी विधवा सास से विवाह ना करने निर्णय वह तभी ले सकता है जबकि उक्त संपत्ति से स्वयं बेदखल होना तय कर ले  अन्यथा अपनी सास से विवाह करने और देह स्वजनता स्थापित करने में उसके आगे कोई सामाजिक वर्जना मौजूद नहीं है !  कहने में कोई हर्ज़ नहीं कि इस महादेश के एक समुदाय के लिए जो घटना वर्जित या अनैतिक हो सकती है वही घटना किसी दूसरे समुदाय के लिए वरीयता और नैतिकता की श्रेणी में मान्य है  ! बस यही कारण है कि हम  इंसानों की मूल प्रवृत्तियों से उदभूत यथार्थों को उनके समुदाय विशेष के मानकों में ही  देखें / परखें  तो बेहतर होगा ! सामाजिक प्रघटनाओं  / संप्रत्ययों को अखिल ब्रम्हांड के सत्य की तरह से देखने का नज़रिया सही नहीं है , भले ही यह घटनाएं देह स्वजनता जैसे सार्वजनीन तथ्य पर ही आधारित क्यों ना हों  !