भाषा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भाषा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 12 जनवरी 2012

पहले उसने कहा फिर मैंने !

इंसानों के दरम्यान अपनी भाषा के सौंदर्य / माधुर्य और दीगर समूहों की भाषा के कथित असौंदर्य / खुरदरेपन को लेकर होने वाले बहस-ओ-मुबाहिसे के अवसरों के समानांतर अक्सर ये ख्याल आता कि अगर भाषा ना होती तो ?   सभ्यता और संस्कृति के विकास में भाषा की लगातार अपरिहार्य मौजूदगी के चलते अक्सर एक धारणा बनती और बिगड़ती है कि , अखिल ब्रह्मांड में किसी ईश्वर के होने या ना होने से इंसानों को क्या फर्क पड़ता ? ...और फिर ये कि इंसान क्या होता जो उसके साथ कोई भाषा ना होती तो  ? 

अब ये कल्पना करने में क्या हर्ज़ है कि , यदि डाक्टर अरविन्द मिश्र यू.पी. के बजाये तेलंगाना में अवतरित होकर तेलगु को अपनी मातृभाषा कहते और मैं खुद इसी तर्ज़ पर तमिल , डाक्टर दराल असमिया होते , फिर संतोष त्रिवेदी मणिपुरी और देवेन्द्र पाण्डेय काश्मीरी या डोगरी वापरते ,सुब्रमनियन जी बलोचिस्तान में पैदा होते तो ?  राहुल सिंह कुरुख बोलते तो कौन सी कयामत टूट पड़ती  !  संजीव तिवारी पश्तो और घुघूती बासूती स्पेनिश , रश्मि रविजा पंजाबी और वाणी गीत सिंधी बोलतीं तो कौन से पहाड़ ढह जाने वाले थे ! सरदार बी.एस.पाबला कन्नड़ होते और सलिल वर्मा जेस्मिन क्रांति के सूत्रधार होते ,सतीश सक्सेना रास गरबा खेल रहे होते तो ? यकीनन दुनिया तब भी वैसी ही चलती जैसी आज है और अगर कुछ बदलता तो वो है एक विशिष्ट संपर्क सूत्र के प्रति हमारा मोह / हमारा अपनत्व !

और भी कई ब्लागर मित्र हैं जिन्हें अलग अलग भाषाओँ में फिट करके देखने की ख्वाहिश तो है पर ऐसा करने से इस पोस्ट की उम्र अयाचित ही लंबी करने का खतरा मैं मोल नहीं लेना चाहता...खैर भाषावाद के खास खांचे में ढले बगैर और किन्ही खास लिपियों की पैरोकारी के बिना सिर्फ एक तर्क को आगे बढ़ाना चाहूंगा कि भाषा भली वो जो मनुष्यों को आपस में संवाद करने की सलाहियत दे , चाहे ध्वनियों में या फिर निःशब्द ही !  अपने इसी कथन के समर्थन में दो अलग अलग लिपि वाली भाषाओँ में संवाद /अभिव्यक्ति के उद्धरण पेश कर रहा हूं ...                                        

उसने कहा 
यहां उनके चित्र को देखते हुए सोच रहा हूं कि पार्श्व में हरियाली और पाषाण भित्ति ,नीचे एक खाली पात्र और नहाने योग्य स्थान के ठीक सामने कुर्सी पर ठाठदार अंदाज में फोटो खिंचवाने में उनके व्यक्तित्व के कितने ही रंग उजागर हो जाते हैं ! शर्ट का गहरा चटख नीला रंग , ब्ल्यू प्लेनेट के 'मूल पर आधिक्य' लिए हुए फिर उसपर श्वेत वर्ण पैंट का काम्बीनेशन थोड़ा सा 'शांति के सहअस्तित्व जैसा' और इसके साथ ही फाइबर कुर्सी का सिंहासननुमा इस्तेमाल जैसे साधारणपन की स्वीकार्यता के साथ एक ठाठपन ! चित्र में शारीरिक दुबलेपन को हाबी नहीं होने देने की झलक स्वयमेव स्पष्ट है ! आपको आश्चर्य नहीं होना चाहिए जो उन्होंने सबसे आगे लगभग रक्तवर्णी पादुकाओं को प्रस्तुत किया हुआ है ! उनके स्याह केश और चश्में की मौजूदगी पर कोई वक्तव्य ना भी दूं तो पढ़े गये बाकी सारे रंग उन्हें उद्घाटित तो करते ही हैं !  कहने का आशय यह है कि उनके बारे में आपका अंदाज-ए बयां जो भी हो पर वे स्वयं भी अपने व्यक्तित्व को विविध रंगों और पाश्चर में उजागर करते हैं !
उसने कहा 
गहरी कृष्णवर्ण पृष्ठभूमि में निहित प्राइवेसी / गोपनीयता / अमुक्त अनिश्चित सत्य की तुलना में काव्य संकलन शीर्षक और कवि के नाम का धवलवर्णी प्राकट्य और रक्तवर्णी दो बिंदुओं का छोटा सा संयोजन कहता है कि कवि सायास ही ज्यादातर अव्यक्त (श्यामवर्ण) रहते हुए केवल दो रंगों की शब्द / रेखीय लघुता में नियोजित ढंग से प्रकट / अभिव्यक्त होता है ! अब ज़रा इसकी तुलना दूसरे पृष्ठ से करें जहां रंगों में अधिक वैविध्य नहीं है किन्तु पार्श्व के रंग के अनुपात में कवि स्वयं के रंगों को अधिक चटख / शोख तरीके से पेश करता है !  यदि आप दोनों पृष्ठों में तुलना करते हुए , शब्द और पार्श्व अनुपात तथा कवि स्वयं और उसके पार्श्व के अनुपात को देखें तो मेरे कथन की कदाचित पुष्टि ही होगी !

अब सवाल ये है कि क्या हममें से कोई भी बन्दा यह तय कर सकता है कि अभिव्यक्ति / संवाद के लिहाज़ से दोनों में से कौन सी लिपि श्रेष्ठ है और कौन सी भाषा ?

शुक्रवार, 25 नवंबर 2011

उसे तो बुद्ध होना था ...


अगस्त 82 के आस पास के ही दिन रहे होंगे तब ! वो हर रोज राह की एक पुलिया के अनकरीब  मिलता ! स्याह सुफैद खिचड़ी दाढ़ी, बढे...बिखरे बेतरतीब बाल, सांवली रंगत जो उसके बेनहायेपन की वज़ह से उसको अश्वेत वर्णी होना साबित करती ! कपड़े पैबंदों के साथ तार तार और एक गहरा कत्थई काला सा कम्बल ! वो राहगीरों को देखता,बोधित करता और उचारता कुछ अर्थहीन से शब्द हवाओं में...हालांकि किसी भी राहगीर पर जिस्मानी तौर पर झपटा नहीं वो कभी भी ! उसे देखकर हमने पहली यह बार जाना कि कुछ शब्द अर्थहीन भी हो सकते हैं और उनके साथ जड़ी हुई कुछ ध्वनियां भी...फिर भले ही उन्हें कोई इंसान अपने कंठ से साधता हो और अपनी जुबान  देता हो  !

लगता कि जैसे अपनी सारी बेमानी ध्वनियों और शब्दों को हवा में बिखेर कर,कह रहा हो कि मैंने जो कहा नहीं...उसे सुनो ! मैंने जो सुना नहीं...उसे कहो ! मैंने जो लिखा नहीं...उसे पढ़ो ! मैंने जो पढ़ा नहीं...उसे लिखो ! पर कुछ ऐसा...ऐसा कुछ भी, कि मैं इन्सान हो जाऊं ! इंसान उसे  पागल कहते ! अरसे तक वह उसी सड़क पर झूमता रहा, अपने उस वजूद के साथ, जिसे उसपर चस्पा करके लोग उसे चीन्हते रहे, जबकि पहले के किसी एक दिन वह ऐसा नहीं भी रहा होगा ! तब शायद उसकी परसोना, उसे अब हिकारत से देखने वालों जैसी ही रही होगी !

अक्सर ये ख्याल आता कि दो मजबूत पैरों पर टिके हुए जिस्म और हाथों की दसों अंगुलियों की जीवित थिरकन के साथ चेहरे की कोटर में चिपकी हुई मशाल सी जलती बुझती आंखों के अलावा उसमें ज़िंदा इंसान होने की वो सारी निशानियां मौजूद थीं जो उसे फिलहाल होशमंद नहीं मानने वाले इंसानों में हुआ करती हैं...तो क्या दैहिक विशिष्टताओं की मौजूदगी और ध्वनियुक्त शब्दाचार की अपनी क्षमताओं के बावजूद वह एक इंसान इसलिए नहीं है कि उसका ध्वन्यात्मक आग्रह अर्थहीन है! यह तो तब भी मुमकिन था जब वह संकेतों की मौन भाषा पे आरूढ़ होकर भी, दूसरे मस्तिष्कों में अर्थयुक्त ढंग से प्रविष्ट होने में असफल रहता ! यानि कि इंसान होने के लिए एक जीवित देह मात्र की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है बल्कि उसे दूसरे इंसानों तक अर्थपूर्ण ढंग से पहुंचने  का हुनरमंद भी होना होगा ! साबित यह कि शब्द और संकेत...ध्वनियां  और अध्वनियां...यदि बेमानी हुआ करें तो इंसान का इंसान होना ही बेमानी हो जाएगा जैसे कि वो अपनी जीवित देह और अपनी सम्पूर्ण वाक् क्षमता के बावजूद इंसान नहीं माना गया कभी  !  


सुना था कि उसने जीवन और मृत्यु के सभी रहस्यों को जानने की उत्कंठा में अपनी सांसे होम कर दीं, कितने ही गुरुओं और ग्रंथों की शरण नहीं गया वो...! उसे अपने भीतर कुण्डलिनी जागृत करना थी और शायद इसी यत्न में ,वो एक होशमंद इंसान नहीं रहा ! अपनी कोशिश के हिसाब से उसे तो बुद्ध होना था...लेकिन अब वो अपने पूरे वजूद और पूरी अभिव्यक्तियों केआलोक में अर्थहीन शब्दों सा एक अर्थहीन जिस्म होकर रह गया है ! पता नहीं कैसे मैं , ब्लॉग जगत की कुछ चौड़ी कुछ तंग गलियों से गुज़रते हुए किसी एक पुलिया के एन सामने ठिठक जाता हूं और मेरे सामने वही अर्थहीन शब्द गूंजने लगते हैं, फिर मैं इस निष्कर्ष पर जा अटकता हूं कि इसे तो बुद्ध होना था ...

बुधवार, 4 मई 2011

स है और श ष भी पर जो अधिक प्रिय है !

पता नहीं पड़ोसी के निहित मंतव्य क्या रहे होंगे जो उन्होंने रायपुर से सद्य प्रकाशित एक दैनिक समाचारपत्र मेरे आंगन में नियमित फेंकने ( आपूर्ति से बेहतर शब्द लग रहा है ) की साधिकार घोषणा कर दी  !  मैंने पूछा कि क्या आपने इसकी एजेंसी ली है ?  या कि ब्यूरो चीफ बन गये हैं ?  या फिर कोई अन्य आर्थिक लाभ वगैरह वगैरह ?  उन्होंने कहा कुछ भी विशेष नहीं, बस अपने लोग हैं इसलिए उनका न्यूज पेपर चलना चाहिए !  मैंने कहा , ये तो ठीक है पर एक अकेले मेरे पढ़ने से ये पेपर चलेगा ?  इसपर उनकी प्रतिक्रिया ये कि ,  आप अकेले कहां हैं मैं तो इसे कई और जगह भी फेंकवा रहा हूं  !

पड़ोसी बहुधंधी व्यक्ति हैं , कभी नवनिर्मित आवासों में इलेक्ट्रिकल फिटिंग्स के ठेके लेते है और कभी जीवन बीमा के उद्यम से जुड जाते हैं , इसके अतिरिक्त कई व्यवसाय और भी ,पर मूलतः घोषित कांग्रेसी कार्यकर्ता हैं सो एक बात अपनी भी समझ में आई कि विविध व्यवसायों से वे क्या कमाते होंगे ये तो वे ही जाने लेकिन हर छोटे बड़े चुनाव में उनके घर के किसी एक हिस्से में नवनिर्माण या जीर्णोद्धार का कार्य ज़रूर संपन्न होता है !   अब  देखना ये है कि वे  इस लोकसभा उपचुनाव में क्या कुछ अर्जित कर पायेंगे !

आगे विषयान्तर नहीं करते हुए बात एक बार फिर से पड़ोसी द्वारा  बलात आरोपित समाचारपत्र की , यूं तो समाचार पत्र का कलेवर और समाचार चयन ठीक ठाक है पर उसमें छत्तीसगढ़ की अपेक्षा मध्य प्रदेश के समाचार प्रमुखता से छापे जाते हैं जिससे लगता यह है कि पुराने राज्य के संवाददाता नवगठित राज्य के अपने सहकर्मियों की तुलना में कहीं अधिक दक्ष हैं, अधिक प्रभावी हैं !  समाचारपत्र के पाठकों वाले स्तंभ में कई बार अपने कार्टूनिस्ट मित्र काजल कुमार के कार्टून्स देखकर हैरानी हुई !  सौजन्य और साभार के अभाव में छपे कार्टून्स ! पता नहीं इस प्रकाशन के लिए कार्टूनिस्ट की सहमति भी ली गई होगी कि नहीं ?

इस क्षेत्र के सांसद के आकस्मिक देहावसान के उपरान्त हो रहे उपचुनाव की बेला में पक्ष प्रतिपक्ष के नेताओं का जमावडा और चुनावी विज्ञापनों से समाचारपत्रों की पौ बारह के इतर लोकप्रिय नेताओं के जन्मदिन की बधाइयों की बाढ़ सी आ गई है, जनाभिमत यज्ञ के अलावा कभी , ऐसे विज्ञापन , इतने सारे जन्मदिन , एक साथ ना देखे ना सुने !  लेख्य यह कि जन प्रतिनिधियों के जन्मदिवस के कई विज्ञापन प्रायोजित प्रतिक्रिया और समाचार की शक्ल में भी देखे गये ! अब संभावित कठिनाई  ये  है कि चुनाव आयोग इन खर्चों को चुनाव लड़ने वाले अभ्यार्थियों के खाते में जोड़ कर देखेगा  भी तो कैसे ?

पड़ोसी द्वारा प्रोन्नत समाचारपत्र में भी कमोबेश चुनावी रेलम पेल और जन्मदिवसोन्मुखी  नज़ारा आम रहा पर एक विशिष्ट बात , आपसे शेयर करना आवश्यक प्रतीत हो रही है !  समाचारपत्र अपने प्रतिक्रियात्मक समाचार के अंतर्गत  "जनप्रतिनिधि विशेष के जन्मदिवस" के हवाले से लिखता है कि " सादगी के साथ संघर्ष ही ... की पहचान"  !  शीर्ष पंक्तियों  को पढ़ने से स्पष्ट होता है कि समाचारपत्र के पास वर्णमाला के तीनों अक्षर स ,श और ष  उपलब्ध हैं पर वो आगे का समाचार गढते हुए जो भी शब्द टंकित करता है  , ज़रा उसकी बानगी भी देखी जाये !  षिक्षित , छग षासन , संघर्श , संघर्शरत , पार्शद ,  आषियाने , विषाल ,  मषाल , कुपोशित ,   प्रतिषत , कुपोशण ,  उत्कृश्ठ , घोशित , षासकीय , राश्ट्रीय !

अब कहना ये कि उनके पास स है और श  ष भी पर जो अधिक प्रिय है उसे संवाद के लिए प्रयुक्त कर रहे हैं क्या केवल इतना ही निष्कर्ष निकालना पर्याप्त होगा  ? या फिर माध्यमों की भाषाई  विकलांगता के प्रति चिंतित होने की आवश्यकता भी है ?

शुक्रवार, 22 अप्रैल 2011

ये बेनाम कोई अपने ही रहे होंगे !


सच तो ये है कि मैंने अपनी पिछली पोस्ट को खुद की मसरूफियात के खबरनामे की तरह से अंतरजाल पृष्ठ के हवाले किया था !मंतव्य ये कि कहीं ब्लॉग-जागतिक बंधु बांधव अपने एक पाठक की गुमशुदगी का भ्रम ना पाल बैठें !  हुआ ये कि एन उसी वक़्त क्रिकेट के विश्वविजय अभियान के समापन समारोह की एक नाज़ुक सी घटना का ज़िक्र भी कर बैठा ! मुझे लगा कि राष्ट्रीय प्रतीक और विजय आनंद के दरम्यान होश-ओ-हवास की बारीक सी ही सही पर विभाजक और विवेक सम्मत रेखा होनी ही चाहिए !

समारोह के समय खिलाडियों के व्यवहार को लेकर अपने असहमति कथन में मैंने खिलाडियों के अनजानेपन की एक ढ़ाल भी रख छोड़ी थी !  घटनाक्रम में जिस  संभावना की अनुभूति हुई उसे दर्ज़ करना  मेरा फ़र्ज़  था सो किया !  आलेख पर ब्लॉग-जागतिक मित्रों ने बेहद संतुलित और लाज़बाब प्रतिक्रियायें दर्ज कराईं ! बहरहाल काम काज के बीच जब भी मौका मिलता मित्रों के अभिमत माडरेशन से मुक्त कर जाता !  इस बीच तारीख  आठ  अप्रेल  दो  हज़ार  ग्यारह  को , एक  बेनाम  सुर स्पैम में जा अटका...पहले सोचा कि उसे  वहीं पड़ा रहने दूं पर अब लगता है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार उस पर्देदार  को भी है !   ज़रा गौर फरमाइयेगा कि वे क्या कहते हैं ...

"तुम तो वो लोग हो जो पी के झूमते रहे इंडिया इंडिया करते रहे और उतरने पर तिरंगे का ख्याल आया या अल्ला...इन महान खोजो को करने वालों के लिए नोबुल पुरस्कार की व्यवस्था क्यों नहीं की ?? "

सोचता हूं कि ये बेनाम कोई अपने  ही रहे  होंगे जिन्हें  शराब और तिरंगे बाबत मेरी फिक्र कुछ ज्यादा ही आहत कर गई वर्ना शेष सारे टिप्पणीकारों की प्रतिक्रिया में ये तल्खी कहां है ?   खैर... उन्होंने मुझे विश्वविजय के इस ज़श्न में शरीक माना और पिलाई भी :)  उतारे के बाद ही सही पर ईश्वर और तिरंगे के ख्याल से जोड़ा और इससे आगे भी मेरा हौसला बनाये रखा :)  मुझे उनकी प्रतिक्रिया पर कोई प्रति-प्रतिक्रिया नहीं देनी है पर कहना इतना ही है कि उन्होंने जो भी कहा वो सब अगर अपने नाम से ही कह देते तो क्या मैं बुरा मान जाता :) 



शनिवार, 13 फ़रवरी 2010

हिंदी मेरी मातृभाषा है और मैं जबड़ों में दर्द से परेशान हूँ !

हमेशा की तरह उस दिन भी मैं अपने पसंदीदा ब्लाग्स  में  से नये आलेखों की खोज के अभियान पर था और ...अचानक  वह हुआ जिसकी मुझे अपेक्षा भी नहीं थी !  लगा कि  मेरी आँखों में कुछ चुभन सी हो रही है , दौड़ा और आई ड्रॉप की कुछ बूंदें आंखों के अन्दर डालने के बाद चैन की सांस ली  !  इस बार सोचा , सस्वर पाठ किया जाये , इस तरह से पढने का अभ्यास सा छूट गया है !  आलेख किसी उदीयमान कवि के कृतित्व के बारे में था पर लग यह रहा था कि  लेखक को कवि से अधिक  अपनी  इंटलेक्चुअल छवि को स्थापित करने की चिंता आन पड़ी थी !  मैं पढ़ रहा था और मेरे जबड़े दुःख रहे थे !  उनका शब्द संसार निः संदेह किसी साधारण हिंदी पाठक के लिए तो था ही नहीं !  अब अपनी ही  मातृभाषा के लिये डिक्शनरी की जरुरत पड़ जायेगी ऐसी तो कल्पना भी नहीं की थी मैंने !  हालांकि  उस घटना को कई दिन गुज़र गए है फिर भी मुझे लगता है कि  क्या हिंदी में भी किसी श्रेष्ठि वर्ग को ध्यान में रख कर  भारी भरकम शब्दों को गढ़ा जाना जरुरी है ?  और क्या यह भाषा के हित में है ! उस दिन विद्वान् मित्र नें चाहे जिस भी कारण से हो , अपने आलेख में जिस तरह के शब्द गढ़े थे उन्हें क्या कहूं ..हाहाकारी...प्रलयंकारी...भयंकर...भीषण ...वज्रसम आदि आदि !  चाहे जितना भी कोशिश करूं कोई संज्ञा नहीं सूझती मुझे ! पर इतना तो समझ में आ ही रहा है कि अनावश्यक पांडित्य प्रदर्शन भाषा की धीमी मौत का कारण भी हो सकता है ! आखिर भाषायें संचार /संवाद की सहजता के लिये हैं  ?  या पांडित्य प्रदर्शन के लिये ये तो तय होना ही चाहिए !  हिंदी मेरी मातृभाषा है और मैं जबड़ों में दर्द से परेशान हूँ !   

रविवार, 16 अगस्त 2009

अपशब्दों की दुनिया में जेहन का फौरी रिएक्शन और कुछ ........ ?

पिछले कुछ दिनों से लग रहा है कि कुछ ब्लागर्स जानबूझकर , भड़काऊ आलेख /कवितायें / दर्शन / वगैरह , बिखेर रहे हैं ! इसके बाद इन प्रविष्टियों पर जो टिप्पणियां आती हैं वो बेहद अशालीन ,भाषाई मर्यादाओं /संस्कारों के विपरीत लगभग अपशब्दों की श्रेणी में रखी जाने लायक मानी जा सकती हैं ! तेरी ...मेरी / तू ...तडाक /जूतम.... पैजार से भरपूर... ! ..... ये कहना झूठ होगा कि मैं इन आलेखों / टिप्पणियों को पढता ही नहीं हूँ ! बेशक कुछ अच्छे की उम्मीद में मैं इस गंद को भी खंगालता हूँ कि शायद ... ब्लागर मित्र नें असहमति /अपशब्दों के स्थाई सुरों के बीच कोई तर्कपूर्ण बात भी कह दी हो ! हालाँकि ब्लागर परिवार के सदस्य के रूप पर ऐसा करते हुए मैं जज्बाती तौर पर सही हो सकता हूँ लेकिन तर्कसम्मत तो बिल्कुल भी नहीं ! ...कतई नही ! हम सभी जानते और मानते हैं कि जहाँ से तर्क विलुप्त होना शुरू होते हैं , अपशब्दों के कैनवास वहीं से प्रकट होते और दीर्घाकार बनते जाते हैं ! वैसे ये सब लिखते हुए मैं स्वयं को दूध का धुला हुआ सिद्ध करने कोशिश नहीं कर रहा हूँ क्योंकि हम सभी, कभी न कभी , जीवन के किसी निजी या सार्वजानिक हिस्से में , तर्कहीन हो सकते हैं !.... अपशब्दों की दुनिया के नागरिक बन सकते हैं ! इसलिए किसी पर प्रश्न चिन्ह लगाये बिना इतना ही कहना चाहूँगा कि इंसान होने के नाते हमें तर्कवान और भाषाई संस्कारों से लैस होने की कोशिश करना चाहिए ! विशेष कर तब ,जबकि हम आपस में इन्टरेक्ट कर रहे हों !
हाँ तो मैं कह रहा था कि पिछले कई दिनों से एक खास जेहनियत को लगातार पढ़ते हुए मैं और मेरे एक मित्र भी उसका शिकार होते होते रह गए ! हुआ यूँ कि ब्लाग "तितली सा दिन" वाले जय भाई नें मुझे कल देर रात फ़ोन कर बताया कि उनकी प्रविष्टि पर मेरी टिप्पणी के तत्काल बाद ब्लागर भाई रंजीत नें जो टिप्पणी दी है उसमें .......? चलिए आप भी देखिये हुआ क्या था !.....
titli sa din तितली-सा दिन
saturday, August 8, 2009

हे भगवान ;तुम भी मेरे जैसे निकले
उचक के उसने कोशिश की मन्दिर की घंटी बजाने की। भगवान प्रसन्न हुए। थोडी हवा में उसने आरती की। वे प्रसन्न हुए। लेते समय गिरा प्रसाद उसने उठाकर खाया। वे प्रसन्न हुए। एक बच्चे को प्रसाद का बड़ा टुकड़ा दिया। भगवान् प्रसन्न हुए। एक ने ऐसा कुछ नहीं किया। भगवान प्रसन्न हुए।
-----भगवान को होना कहाँ था कुछ।
प्रस्तुतकर्ता जय श्रीवास्तव पर 3:19 AM
लेबल:

3 टिप्पणियाँ:
ali ने कहा…
वो तो मन के किसी कोने में दुबक कर बैठा ख्याल सा है.... शायद .....इसके अलावा .... उसके पास कुछ भी होने का विकल्प कहाँ है ?
August 8, 2009 8:33 AM
रंजीत ने कहा…
jee han bhagwaan tab bhee nahin aaye jab koshi me dahaye logon ke anna dalal aur officer kha rahe the.Ali saheb theek kahte hain. man kee galee bahut sankaree ho chalee hai...
August 13, 2009 12:12 AM
संदीप ने कहा…
:)
14, 2009 8:58 AM
डाक्टर साहब बहुत चिंतित थे उन्होंने कहा यार अली आज कल ब्लागर्स गाली गलौज बहुत कर रहे हैं , माहौल बहुत ख़राब है जरा देखो तो रंजीत भाई नें क्या लिख दिया है कुछ समझ में नहीं आ रहा है और संदीप भाई नें तो कुछ लिखा ही नहीं ! हालाँकि रात बहुत हो चुकी थी लेकिन मैंने उनका ब्लाग खोलकर टिप्पणी पढ़ी , चूँकि जेहन में ब्लागिंग के पिछले कुछ दिन हाबी थे और रंजीत भाई की टिप्पणी भी रोमन में लिखी हुई थी इसलिए मैंने भी प्रथम द्रष्टया वैसा ही पढ़ा जैसा कि जय भाई नें बताया था ( देखिये बोल्ड अंश ) ! मेरी समझ में कुछ भी नहीं आया ! मैंने कहा जय क्या मजाक है तुमने रंजीत नाम कब से रख लिया क्या मैं तुम्हारी फोटो पहचानता नहीं हूँ , तब तुम काफी कम उम्र थे ! जय नें कहा यार फोटो तो मेरी ही लगती है मगर मैं हूँ नहीं ! ये सच में रंजीत हैं ! मैंने कहा झूठ मत बोलो यार ये तुम ही हो , एक तो रंजीत के नाम से ख़ुद ही टिप्पणी कर ली फ़िर उसमें "मां की गाली " भी लिख दी , ये बात ग़लत है भाई , बहुत ग़लत ! चलो सुबह बात करेंगे ! खैर सुबह मैंने फ़िर से टिप्पणी पढ़ी अब मेरे दिमाग में कोई दूसरा ब्लाग नहीं था और न ही कोई सजेस्ट करने वाला लिहाजा मैंने पढ़ा "मन की गली "...जाहिर है रोमन में लिखित टिप्पणी से ग़लत फहमी तो पनपी ही साथ ही मन में रंजीत जी के लिए अपशब्दों की दुनिया गढ़ने की नौबत भी आ गई !
जबकि हकीकत ये है कि ब्लागिंग की गंद हमारे जेहन में बस गई थी और हमें एक साफ सुथरी टिप्पणी भी अपशब्द लगने लगी थी ! अपशब्दों की दुनिया में जेहन का फौरी रिएक्शन और कुछ हो भी कैसे सकता है !............. रंजीत भाई से खेद सहित !

मंगलवार, 19 मई 2009

न फलक ही कुछ कहेगा न ज़मीं उदास होगी !

अभी परसों ही मैंने लिखा 'कोतो टका ' उस पर मित्रों की प्रतिक्रियायें पढ़कर अच्छा लगा और महसूस किया कि बात अभी अधूरी है ! पर उससे पहले ये कहूं कि हमारे लखनऊ को क्या हुआ है पहले जाकिर अली "रजनीश" हुए अब वहीं से भाई "निशाचर" भी आए हैं ! खुदा खैर करे ! वहां सब खैरियत तो है ? पुराने मित्रों के साथ भाई "वत्स" भी आए और "वो यादें" भी ! बहुत दिनों से कहने में संकोच हो रहा है पर आज कहे देता हूं ! वो जो सुब्रमनियन साहब और घुघूती जी हैं ना वो अपने ही एरिया और अपनी ही जाति वाले हैं ! इसीलिए चाहे मैं जैसा भी लिखूं वो हमेशा तारीफ ही करते हैं बस यही हाल मेरा भी है ! पर लगता है कि हमारी बिरादरी छोटी सी है इसलिए सरकार बनाने में हमारी कोई भूमिका भी नहीं है ! इसीलिए विद्युत एवं दूरसंचार विभाग हमें अच्छी सेवाएं नहीं देते हैं ! ये ससुरे....ब्लागिंग और टिप्पणी लेखन में बेहद खलल डालते हैं ! खैर....!
बात 'कोतो टका' से शुरू हुई थी इसलिए मुद्दे पर आता हूं ! मैं उस दिन की घटना में अपनी भूमिका के कुछ हिस्से देखता हूं ! सज्जन नें पूछा ...उखाने तार घर आछे ? मैंने जबाब में " कंधे उचकाए " ! सज्जन नें कन्फर्म किया कि वहां तार घर है ! मैंने "मुस्कराकर" कृतज्ञता ज्ञापित की ! अब मैंने पूछा ...कोतो टका ! उनके अपनेपन के एवज में मैं अस्वाभाविक तौर पर ही सही मुस्कराता रहा !
इस पूरे घटना क्रम में वो सज्जन तीन बार और मैं केवल एक बार मुखरित हुआ लेकिन हमारे दरमियान एक पूरा संवाद एक पूरा रिश्ता कायम हुआ और काफी देर तक बना रहा ! भले ही इस पूरी की पूरी अवधि में हमारी भाषा में ध्वनि शामिल नहीं थी पर हमारा रिश्ता देह की भाषा ( बाडी लैन्गुएज ) के दम पर कायम था ! मेरा ख्याल है कि इंसानों ने अपने संपर्क के लिए भाषा का विकास चाहे जितनी भी मुद्दत में किया हो पर वह प्राथमिक रूप में ध्वनि के बिना ही रही होगी ! यानि पहली भाषा देह की और बाद में प्रतीकात्मक ध्वनियों वाले शब्दों की ! अगर मैं ग़लत नहीं हूं तो ये तय है कि देह भाषा के उदय के समय में कोई जाति /धर्म , कोई पंथ/ कोई अपना कोई पराया /कोई वाद / जैसा भेदभाव नहीं था ! आज भी दुनिया के हर क्षेत्र के तमाम इन्सान हंसने /रोने /प्रेम /वात्सल्य जैसी और पारंपरिक संबंधों के लिए आवश्यक अनगिनत अभिव्यक्तियां , देह भाषा में करते समय ये याद नहीं रखते कि उनके मज़हब /उनकी जाति /उनका क्षेत्र क्या है ! किसी भी रंग / कद काठी और खान पान वाले लोग हों पर देह भाषा उनके ख्यालात में संकीर्णता नहीं पैदा करती जबकि भाषा में ध्वनि और प्रतीकात्मक शाब्दिक भिन्नता के शामिल होते ही यह सब भेद भाव शुरू हो जाता है !
मुझे तो लगता है कि देह भाषा दुनिया के तमाम इंसानों की एक मात्र मातृ भाषा है जबकि शब्दों और ध्वनियों पर आश्रित शेष भाषायें पितृ भाषा हुआ करती हैं जोकि इंसानों को पितृ कुलनाम जैसे फ्रेम में फिट कर देतीं हैं ! भेदभाव /अपनेपन के लिए उत्तरदायी इन पितृ भाषाओं के लिए अर्ज़ किया है !
न फ़लक ही कुछ कहेगा न ज़मीं उदास होगी !
उसे क्या फ़रक पड़ेगा जिसे तुम सदा न दोगी !!
फ़लक = आसमान , फ़रक = फर्क /अन्तर , सदा = ध्वनि /आवाज

रविवार, 17 मई 2009

कोतो टका ?

दिन ठीक से स्मरण नहीं लेकिन घटना अप्रैल १९९० की ही है ! मित्रवर छुट्टियों पर जाने से पहले ज़िम्मेदारी दे गये थे कि जरुरी समझो तो टेलीग्राम कर देना मैं वापस आ जाऊंगा ! वो मूलतः पश्चिम बंगाल के नार्थ परगना जिले के छोटे से गांव के रहने वाले थे और उन्हें पूरा भरोसा था कि मैं , आफिस में कोई समस्या होते ही , उन्हें सम्यक सूचना दे सकूंगा ! यूं तो बांग्ला भाषी मित्रों की सोहबत में मैं बांग्ला भाषा के कुछ कुछ शब्दों के अर्थ समझने लगा था लेकिन बांग्ला में संवाद अभी भी औकात से बाहर की बात थी ! उस दिन नया पारा स्थित तार घर में भीड़ बहुत ज्यादा थी इसलिये अपना तार संदेश खिड़की से अन्दर डालकर मैं अपना नंबर आने का इंतजार करने लगा ! मुझे बहुत आश्चर्य हुआ कि अन्दर सीट पर बैठे सज्जन नें आउट आफ टर्न मेरा तार संदेश उठाकर मुझे आवाज दी और मैं हडबडाते हुए दोबारा खिड़की पर पहुंचा ! इधर लाइन में लगे हुए लोग मुझे घूर रहे थे , उधर वो सज्जन मुस्कराते हुए मुझसे बोले ...उखाने तारघर आछे ? मैंने जानकारी नहीं होने के संकेत बतौर कंधे उचकाये तो वो अपनी सीट से उतरकर आफिस के अंदरूनी हिस्से में चले गये ! मैं समझ गया कि बांग्ला भाषी समझ कर वो मेरी मदद कर रहे हैं ! भीड़ में अपना काम जल्दी निपट जाने की खुदगर्जी नें मुझे यह सच कहने से रोक रखा था कि महोदय मैं बांग्ला भाषी नहीं हूं ! लेकिन मैं डर भी रहा था कि अगर मुझे बोलना पड़ा तो मैं क्या बोलूंगा ? खैर वो सज्जन वापस लौटे ,उनके हाथ में बड़ी सी डायरेक्टरी थी जिसे उलट पलट कर उन्होंने बड़ी तसल्ली और अपनेपन के साथ मुझे देखा और बोले ...उखाने तार घर आछे ! मैंने मुस्कराकर कृतज्ञता ज्ञापित की ! उन्होंने बड़ी उपेक्षापूर्ण दृष्टि के साथ लाइन में लगी हुई भीड़ को देखा और फ़िर मेरे तार संदेश को प्रोसेस करने लगे ! अब मेरी बारी थी ! मैंने डरते डरते दो शब्द कहे ...कोतो टका ! सच पूछो तो ग़लत पहचान और झूठ पर खड़ा मैं बेहद डरा हुआ था ! उन्होंने क्या कहा मुझे सुनाई नहीं दिया ! मैंने सौ रुपये दिये उन्होंने इक्कीस रुपये वापस कर दिये ! उनके चेहरे से झलकते अपनेपन के जबाब में मेरी मुस्कराहट कितनी अस्वाभाविक थी ! मुझे पता नही लेकिन मैं उनके हाथ से बचे हुए पैसे और रसीद लेकर लगभग भाग निकला !
इस घटना के वर्षों बाद भी मैं सोचता हूं कि तब मैंने सच क्यों नहीं कहा ,भले ही मेरा काम लाइन में लगने और थोड़े से विलंब के साथ होता ! वो सज्जन भाषावाद के शिकार होकर नियम विरुद्ध मेरा पक्ष ले रहे थे और मैं ? उस दिन ...मैं भी अच्छा नागरिक, कहां रह गया था ?
क्या छोटी छोटी खुदगर्जियां और छोटे छोटे 'वाद' हमें अच्छा नागरिक बनने से रोकते हैं ?