भाग्यवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भाग्यवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 30 दिसंबर 2017

पर्वत आत्मा

वो पर्वत आत्मा थी, जोकि कब्रों से लाशें चुरा लेती और घर लौट कर उन्हें खा डालती ! एक व्यक्ति, यह जानना चाहता था कि लाशों को चुराने वाला कौन है ? सो उसने स्वयं को, कब्र में ज़िंदा दफन करवा लिया ! आत्मा ने जैसे ही नई कब्र देखी उसे खोद कर, उस व्यक्ति की देह निकाल ली ! दफनाए गये व्यक्ति ने अपने कपड़े के अंदर, सीने में, समतल पत्थर छुपा कर रखा था ताकि कोई उसका सीना चीरना चाहे तो ऐसा ना कर सके, रास्ते में मिलने वाले दरख्तों की टहनियाँ पकड़ पकड़ कर वो व्यक्ति, स्वयं को अधिक भारी बनाने का यत्न करता रहा, जिसके कारण से आत्मा को, उसे ढोने में काफी मेहनत करना पड़ी और वो अपने घर पहुंचने तक थक कर चूर हो गई ! घर पहुंच कर आत्मा ने देह को फर्श पर फेंक दिया और थकान मिटाने के लिये सो गई, इसी दौरान उसकी पत्नि खाना पकाने के लिये लकड़ियाँ एकत्रित करने के लिये घर से बाहर चली गई !

मृत होने का नाटक कर रहे व्यक्ति ने जैसे ही आंखें खोल कर चारों तरफ का जायज़ा लिया, तो आत्मा के बच्चे चिल्लाये, पिता जी, पिता जी, उसने अपनी आंखें खोली थीं ! आत्मा ने कहा, बकवास मत करो, ये एक मृत देह है जो रास्ते में, कई दरख्तों की टहनियों में अटक / गिर गई थी, तभी मृत-देह बना हुआ व्यक्ति उठा, और उसने आत्मा तथा उसके बच्चों को मार डाला फिर जितना भी तेज होना संभव था, उतना ही तेज, वहाँ से भाग निकला ! रास्ते में आत्मा की पत्नि ने उसे देखा, पत्नि ने समझा कि उसका पति भाग रहा है, उसने पूछा, तुम कहां जा रहे हो ? उस व्यक्ति ने कोई जबाब नहीं दिया, केवल भागता रहा ! आत्मा की पत्नि को लगा कि कुछ ना कुछ अघट घट गया है, सो वो भी उसके पीछे भागने लगी ! व्यक्ति चिल्लाया, पर्वतो ऊपर उठो और कई पर्वत, ऊंचे उठ गये ! आत्मा की पत्नि पीछे छूटने लगी थी क्योंकि उसे कई पर्वतों पर चढ़ना था !

भागते हुए व्यक्ति ने एक छोटी सी जलधारा देखी, वो कूद कर उसे पार कर गया और पुनः चिल्लाया, दोनों किनारों तक बढ़ कर बहो ! इसके बाद आत्मा की पत्नि के लिये, उफनती हुई जलधारा को पार करना असंभव हो गया वो तेज आवाज़ में बोली, तुमने इसे कैसे पार किया ? व्यक्ति ने कहा, मैं इसका पानी पी गया था, तुम भी ऐसा ही करो ! आत्मा की पत्नि, पानी पीने लगी, जिसके कारण से उसका पेट फूलने लगा था ! व्यक्ति ने उसकी तरफ घूम कर कहा, देखो, तुम्हारे अंगरखे का कोना, तुम्हारे पैरों के बीच लटक रहा है ! आत्मा की पत्नि ने जैसे ही झुक कर नीचे देखना चाहा, दबाब से उसका पेट फट गया और उसके बाहर, भाप निकलने लगी, जो धुंध में तब्दील हो गई और...आज तक पहाड़ों में तैरती है !

इस इन्युइट आख्यान में किसी अनजान, पर्वत वासी, मुर्दाखोर व्यक्ति और उसके परिजनों से पीड़ित, गांव वालों के प्रतिक्रियात्मक व्यवहार का विवरण दिया गया है ! कब्रों से मृत देहों का गायब होना, मृतक और उसके सम्बन्धियों के भावुक जुड़ाव को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य माना जा सकता है, जिसके विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराधी की पहचान तदुपरांत दंड की व्यवस्था सहज सामाजिक व्यवहार है / अपराध निषेध की कार्यवाही है ! आख्यान कहता है कि आरोपी एक पर्वत आत्मा थी, तो सांकेतिक अर्थों में यह मान लिया जाए कि मृत देहों से आहार जुटाने वाला व्यक्ति और उसके परिजन, असामान्य व्यवहार करने वाले लोग हैं भले ही इसका कारण कुछ भी हो, चाहे बेरोजगारी, निर्धनता, दुर्भिक्ष या नर मांस खाने का शौक अथवा अन्य कोई भी कारण ! कहने का आशय ये है कि असामान्यता, मनुष्यों के लिये, मनुष्यवत ना होकर, आत्मा कदाचित प्रेतात्मावत है !

आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के प्रयास में, एक व्यक्ति स्वयं को, मौका-ए-वारदात में, मृत देह / चारे की तरह से प्रस्तुत कर देता है, वहाँ खतरा है सो अपने सीने को पत्थर के चपटे टुकड़े से संरक्षित कर लेता है, ये सहज सुलभ नैसर्गिक संसाधनों से निर्मित  कवच है, वस्तुतः अपराधी की खोज में निकले व्यक्ति की बुद्धिमत्ता / आत्मरक्षार्थ किये गये जतन का प्रमाण है ! खोजी व्यक्ति, मृत देह के अपहरण के दौरान, देह अपहर्ता आत्मा / व्यक्ति को थकाने का प्रयास करता है, ताकि सशक्त प्रतिकार की संभावनायें न्यूनतम की जा सकें ! कथा के अनुसार सारा घटनाक्रम खोजी व्यक्ति की अपेक्षाओं के अनुरूप घटता है और वो अपराधी को दंड देकर भाग निकलता है किन्तु अपराधी की पत्नि का दृष्टि भ्रम अब भी उसके सामने बाधक बन कर खडा हुआ है, वो भागता है और पीछा कर रही अपराधी की पत्नि के सामने पर्वतों और विशाल जलधाराओं की बाधायें खड़ी करता जाता है !

जनश्रुति का प्रथम पक्ष विशुद्धतः मुर्दाखोर परिवार की पहचान और अपराधीगण को दण्डित कर भागते हुए नायक की शौर्यगाथा को समर्पित है, किन्तु दूसरा पक्ष ये है कि पर्वतों में तिरती धुंध कैसे जन्मी होगी ? रुचिकर कथन ये कि उदर की गर्मी और उसमें समाहित पानी का मिश्रण भाप बन कर धुंध हो जाता है ! संभव है कि भोजन पकाने के दौरान, प्रज्ज्वलित आग में रखे खौलते पानी से निकलती हुई भाप इस निष्कर्ष का आधार बनी हो, या फिर पहाड़ों, घाटियों में मौजूद कोई तप्त जलकुंड इस निष्पत्ति का आधार बन गया हो ! बहरहाल अपने प्राकृतिक पर्यावास के प्रति सतत, सजग, चौकन्ने आदिम समुदाय के पर्यवेक्षणीय अनुभवों के प्रमाण बतौर, धुंध बनने का ये विवरण, इस कथा का महत्वपूर्ण बिंदु है !

बुधवार, 27 दिसंबर 2017

कम्बल

पुराने दिनों की बात है जब निद्रालीन यूट पर्वत, महान योद्धा देव हुआ करता था और मनुष्यता को कष्ट देने वाले, दुष्ट दैत्य से युद्ध लड़ने के लिये धरती पर आया था ! उस समय महान योद्धा देव और दैत्य के मध्य भयंकर संघर्ष हुआ, युद्ध के दौरान वे दोनों ही धरती पर, मजबूती के साथ अपने पैरों को जमाये रखने की चेष्टा करते रहते, सो उनके पैरों तले रौंदी गई धरती में, जगह जगह घाटियां और पर्वत बन गये और इस तरह से युद्ध क्षेत्र की भू-आकृति निर्मित हुई ! युद्ध में दैत्य पर विजय प्राप्त करने तक, योद्धा देव बहुत थक गये थे और...उन्हें गंभीर चोटें भी आईं थी, इसलिए वे वहीं लेट कर आराम करने लगे ! थकान के कारण से उन्हें गहरी नींद आ गई, हालांकि उनके जख्मों से रक्त बहता रहा, जो पानी में बदल गया और धरती के जीवधारियों के पीने के काम आया !

कहते हैं कि निद्रालीन महादेव / यूट पर्वत के ऊपर धुंध छाने, वर्षा होने, शीत अथवा  गर्मी पड़ने का मतलब है कि, सुप्त महादेव ने अपना कम्बल / ओढा हुआ वस्त्र बदला है, यानि कि निद्रालीन महादेव के कम्बल बदलने के साथ ही साथ ऋतुएं बदलती हैं ! जब भी मूल अमेरिकन इन्डियन लोग, यूट पर्वत के ऊपर हरा कम्बल देखते हैं, तो वे समझ जाते हैं कि ये वसंत का मौसम है, एन इसी तरह से गहरा हरा कम्बल गर्मियों, पीला और लाल वर्षा तथा सफ़ेद कम्बल सर्दियों की ऋतु लेकर आता है ! अमेरिकन इंडियंस को विश्वास है कि जब भी यूट पर्वत के ऊपर बादल घिरते हैं तब, महान देवता, स्थानीय आबादी पर प्रसन्न होता है और देवता की प्रसन्नता के कारण से क्षेत्र में बारिश होती है ! उन्हें यह भी विश्वास है कि एक दिन महान देवता फिर से उठकर, बुराई से लड़ने में उनकी मदद करेगा !

दुनियां में ऐसे ईश्वरीय पूजा स्थल / आस्था केन्द्र बहुत कम होंगे, जिन्हें भू सतह के नीचे, गहरे खड्ड अथवा गर्त में स्थापित किया गया हो, ध्यातव्य है कि आस्थागत / अधिप्राकृतिक शक्तियों की उपासना के केन्द्र, बहुतायत से ऊंचे पर्वतों / पठारों में स्थापित किये जाने का चलन काफी पुराना है, बहुत संभव है कि इसकी पृष्ठभूमि में, मानवेत्तर शक्तियों को आदर देने / स्वयं से ऊंचा स्थान देने की धारणा कारगर रही हो ! मूल अमेरिकन इंडियन समुदाय का ये आख्यान भी विश्वव्यापी धारणाओं के अनुरूप कथन करता है, यहां सत्य और न्याय के पक्ष में लड़ने के लिये एक महान देवता अवतरित होते हैं और उनका उद्देश्य मूल निवासियों को बुराई/ असत्य/ दुष्टता के दैत्य से बचाना है ! दुनियां में प्रचलित अन्य धर्म सत्य रक्षण कथाओं की तरह से इस कथा का खलनायक दैत्य भी महा बलशाली है और वो देवता को कड़ी टक्कर देता है यानि कि यहां भी सत्य की विजय आसानी से नहीं होती !

देवता के आहत हो जाने और थक कर आराम करने / निद्रालीन हो जाने के, कथन से स्पष्ट होता है कि दुष्टता, सज्जनता को क्षत विक्षत करने की हद तक लड़ती है, कहने का तात्पर्य ये कि दुष्टता और सज्जनता के मध्य बेहद बारीक शक्ति संतुलन है...सो सज्जनता की पूर्व घोषित / निर्धारित विजय, गहरी चोट खाए बिना संभव नहीं होती ! महादेव तथा दैत्य के युद्ध को मल्ल युद्ध की तरह से देखें तो भू-आकृति के निर्धारण में उन योद्धाओं के क़दमों / पैरों का योगदान, कम-ओ-बेश वैसा ही नज़र आता है, जैसे कि अखाड़े की भुरभुरी मिट्टी, अस्त व्यस्त / ऊबड़ खाबड़ और किंचित सपाट हो जाए, यानि कि भू-भौतिक विन्यास, घाटी, पर्वत और मैदान, मल्ल योद्धाओं की शक्तिमत्ता एवं शौर्य प्रदर्शन का परिणाम हैं ! बहरहाल यूट पर्वत वो देवता है, जो कि युद्ध से थका हारा आराम कर रहा है और एक दिन फिर से जागेगा, बुराई पर पुनर्विजय के लक्ष्य के साथ !  

आख्यान में रोचक किन्तु प्रतीकात्मक कहन ये कि देवता के घावों से होने वाले रक्त स्राव से स्थानीय आबादी को पीने का पानी मिला, इसके मायने ये कि जब देवता स्वयं निद्रालीन पर्वत हो जाए, तो पर्वत शिखर के हिमाच्छादन / ग्लेशियरों से मैदानी बसाहटों को पेय जल मिलना स्वभाविक है !  सोये हुए / आराम कर रहे, देवता के कम्बल बदलने से, साल में चार बार मौसम बदलने का कथन भी मज़ेदार है ! यूट पर्वत की ऊंचाइयों में बदलते परिदृश्य और रंगों से ऋतु परिवर्तन को भांप लेना आदिम समुदाय के यथार्थपरक जीवन अनुभवों का प्रतीक है, चूंकि ये जनश्रुति दैविक आस्था और आस्थागत कर्मकांडों के प्रतिसाद स्वरूप, अपेक्षित पारलौकिक सहायता की धारणा पर आधारित है अतः कथा कालीन समुदाय में भी, विश्व के अन्य धर्मभीरू समाजों की तरह से, आपात सहायता के लिये ईश्वर / देवताओं का ही आसरा है !

भविष्य में ईश्वर फिर से जागेगा / अवतरित होगा और बुराई से लड़ने में मानव समुदाय की सहायता करेगा, नितांत भाग्यवादी धारणा है ये ! हमें स्वीकार करना होगा कि आदिम समुदाय, हमारे पूर्वज समुदाय है / सूत्र समाज हैं सो...उनका देवतावाद / उनकी पारलौकिकतावाद / उनका नियतिवाद, हमें विरासत में मिला है ! हमने इसे लेशमात्र भी खोया नहीं है, बल्कि ईश्वरीयता के फटे कम्बल / काल्पनिक विचार को और भी शिद्दत से पकड़ा है / अपनाया है ! नि:संदेह जनश्रुति का समय धर्म की अपरिपक्व / कच्ची उत्पत्ति का समय था और आज हम धार्मिक पुनरुत्थानवाद के बीहड़ समय से गुज़र रहे हैं...

मंगलवार, 2 अक्टूबर 2012

नियतिवाद...!

राजा सालोमन का एक सेवक हांफते हुए दरबार में दाखिल हुआ और उसने राजा से कहा , कृपया मुझे आपका सबसे तेज घोड़ा कुछ समय के लिए प्रदान कीजिये ! राजा ने सेवक से पूछा कि ऐसा भला क्यों ? इस पर सेवक ने कहा कि मुझे रात घिर आने से पहले ही, यहां से दक्षिण दिशा में , दस मील दूर स्थित कस्बे में पहुंच जाना चाहिए ! ऐसा क्यों ? राजा ने सेवक से पुनः पूछा ! क्योंकि...कांपते / सिहरते / थरथराते हुए सेवक ने राजा से कहा ! अभी अभी मैं आपके बागीचे में मृत्यु से मिला हूं और जब उसने मेरे चेहरे को ताका तो मुझे यह सुनिश्चित हो गया है कि जब वह मुझ पर दावा करने आये तो मुझे उसके आस पास नहीं होना चाहिए ! 

बहुत अच्छे...तब तुम मेरे सबसे तेज घोड़े को ले जाओ , उसके खुर पंखों के समान हैं ! इसके बाद राजा सालोमन बागीचे में पहुंचे जहां उन्होंने मृत्यु को बैठे देखा, उसके चेहरे पर उलझन के भाव थे ! राजा ने पूछा क्या बात / गड़बड़ है ? मृत्यु ने राजा से कहा कि आज की रात , मुझे आपके एक सेवक के प्राण हरण करना है , किन्तु उसे मैंने अभी यहां , आपके बागीचे में देखा है जबकि मुझे उसके प्राण , यहां से दक्षिण दिशा में , दस मील दूर स्थित कस्बे में लेना है !  मुझे नहीं लगता कि वह रात होने तक उस जगह पर पहुंच पायेगा जब तक कि उसके पास पंखों जैसे खुरों वाला घोड़ा ना हो ... 

अमूमन लोक आख्यानों को आदिम समुदायों से जोड़ते हुए बांचा जाता है ऐसे में ये मुगालता पाल बैठना सहज ही है कि प्रारब्धवादी विश्वासों के प्रचलन और उनकी सामाजिक व्याप्तियों में आदिम कबीलों की अहम भूमिका रही होगी , गौर तलब है कि प्रस्तुत आख्यान का सम्बन्ध हीब्रू भाषाई समुदाय से है जोकि प्रथम दृष्टया यहूदी धार्मिक आस्थाओं का अनुपालन करता रहा है ! विषयान्तर ही सही पर यहां , यह याद कर लेना उचित होगा कि , इस्लाम / हिंदू / ईसाई / यहूदी / बौद्ध / जैन / सिख , जैसे धर्मों के अनुयाई दुनिया की कुल आबादी का 80 प्रतिशत हैं , और यह भी गौर तलब है कि इन सभी धर्मों की जन्मभूमि एशिया महाद्वीप है जोकि दुनिया के भूतल का केवल 29.4 प्रतिशत भाग है , जिसमें दुनिया की लगभग 60 प्रतिशत आबादी रहती है !

प्रमुख वैश्विक धर्मों की जन्म स्थली के रूप में एशियाई महाद्वीप को चिन्हित करने के बाद , अब इस आख्यान को समझना अपेक्षाकृत सहल होगा कि पश्चिमी देशों की जुबान में उल्लिखित , मध्य पूर्व एशिया , दक्षिण पूर्व एशिया , अपने आख्यानों में नियतिवाद को क्यों कर अभिव्यक्त करता है ! नि:संदेह आख्यानों में भाग्यवाद के एलिमेंट ( तत्व ) की मौजूदगी को आदिम कबीलों में , विशेष कर धर्म के प्रादुर्भाव से जोड़ कर देखा जाना चाहिए ! कहने का आशय यह है कि अगर आदिम समाजों में नियतिवाद मौजूद भी रहा होगा तो वह अपने स्थायी पैठ की प्रकृति वाला और अपने वर्तमान स्वरूप जितना प्रबल कदापि नहीं रहा होगा ! मेरा अपना अनुमान यह है कि मनुष्य के मन:संसार में ईश्वर निर्धारित जीवनचर्या और परिणामों के जन्म पूर्व निर्धारणवाद का खलल धर्मों की देन है !

प्रस्तुत आख्यान में राजा सालोमन कुलीनता का प्रतीक है , जोकि मृत्यु से उसकी उदासीनता का सबब पूछ सकता है और मृत्यु इतनी असहाय और अल्पज्ञानी...लगभग नश्वर मनुष्य जैसी कि उसे भी अनुमान लगाना पड़ रहा है कि राजा का सेवक अपनी मृत्यु के लिए तयशुदा स्थल तक पहुंच भी पायेगा कि नहीं ! राजा अपने सेवक के प्रति उदार है और वह पंख जैसे खुरों की सांकेतिकता वाले तीव्र गति के घोड़े को उसकी समस्या के निवारणार्थ सौंप देता है ! वो पहले सेवक के कथन पर विश्वास करता है और बाद में उसके कथन की पुष्टि हेतु अथवा जिज्ञासावश बागीचे में जा पहुंचता है ! कहने का आशय यह है कि सेवक अपनी मृत्यु को देख कर भयभीत है और उससे बचने के लिए वो अपने सदाशय / सुहृदय अभिजात्य राजा की सहायता लेता है !

सेवक को यह विश्वास है कि वह मृत्य से बच सकता है , वह घबराया हुआ है और अपने बचने के लिए एक दूर दराज़ का स्थान तथा निश्चित समय तय कर बैठता है जोकि उसके प्रारब्ध में उसकी मृत्यु के लिए पूर्व निर्धारित है ! संभवतः कथा यह संकेत देना चाहती है कि सेवक अपनी जान बचने के लिए वो सब कर्म कर रहा है जोकि उसके भाग्य में पूर्व निर्धारित हैं ! राजा , सेवक की मनवांछित सहायता करते हुए प्रारब्ध के होने में मददगार है ! इधर मृत्यु भी केवल अपना कर्म कर रही है , हालांकि वह एक दैवीय तत्व / शक्ति है...पर असमंजस में है कि सेवक निर्धारित समयावधि में निर्धारित स्थल तक पहुंचेगा भी कि नहीं ? भले ही यह बात आश्चर्यजनक लगे कि देवत्व को असमंजस ? ...पर कथा प्रारब्ध को , मृत्यु के देवत्व और उसके बोध / संज्ञान से श्रेष्ठ तो ठहरा ही देती है !

शनिवार, 20 जून 2009

इस दुष्टा ने हमारी बिटिया का भाग्य बदल दिया ?

तब श्रीलंका ने पहली बार , आस्ट्रेलियाई दर्प को खंड खंड कर , क्रिकेट का विश्व कप जीता और खेल पर एशियाई दबदबे की मुहर लगा दी थी ! पिछले कई दिनों से घर और नर्सिंग होम के दरम्यान चक्कर लगाते हुए क्रिकेट की तरफ़ ध्यान ही नहीं गया पर उस दिन बिटिया का जन्म , क्रिकेट पर गोरों की बादशाहत के ख़त्म होने का शगुन जैसा लगा ! बिटिया सिजेरियन थी इसलिए कुछ दिन नर्सिंग होम में ही टिकना था ! हम सब खुश थे लेकिन मित्र द्वय की नाराजगी छुपाये न छुपती ? बार बार डाक्टर को खा जाने वाली निगाहों से घूरते ! डाक्टर हैरान और परेशान !
किस्सा कुछ यूं हुआ कि मित्र पंडित गोस्वामी और आचार्य राव ,बहुत दिनों से गणनायें करके बैठे हुए थे कि फलां फलां तिथि को ,ग्रह दशायें अत्यन्त शुभ हैं इसलिए उस दिन संतान का जन्म योगकारक है ! संयोगवश प्रसव के लिए अपेक्षित तिथि तथा उन दोनों के द्वारा निर्धारित तिथि में कोई अन्तर ना था इसलिए दोनो कहते , निश्चिंत रहिये संतान अत्यन्त भाग्यशाली है !
उस दिन डाक्टर ने मुझसे कहा , कंडीशन क्रिटिकल है स्वाभाविक प्रसव का इन्तजार उचित नहीं ? हमें आपरेशन करना होगा ! मैंने कहा ठीक है ! लिहाजा निर्धारित तिथि से एक दिन पहले बिटिया रानी धरती पर अवतरित हो गईं ! मित्र कहते हैं हमें इंतजार करना चाहिए था !
वर्षों बाद वे आज भी उस डाक्टर से रुष्ट हैं और कहते हैं ... इस दुष्टा ने  हमारी बिटिया का भाग्य बदल दिया ?

गुरुवार, 18 जून 2009

उसने ईश्वर को अपशब्द कहे और फ़िर .......?

पृष्ठभूमि :
मेरे मित्र वी.संदीप गोट मारी के लिए मशहूर गांव पांढुरना में जन्मे और पले बढे , उनके परिवार को निम्न मध्यवर्गीय धार्मिक परिवार कहा जाए क्योंकि पिता जी स्वप्नजीवी थे ,लिहाज़ा जो भी काम करते असफल रहते ! यूं कहिये आर्थिक संकटों जूझ रहे परिवार के लोग ईश्वर के सिवा किस का मुंह देखते ! जैसे तैसे उच्च शिक्षा पूरी कर , नौकरी मिली तो बहनों के ब्याह की जिम्मेदारी , भला अपने शौक ( रोमांस , शेरो शायरी वगैरह वगैरह ) पूरे करते भी तो कैसे ? ईश्वर पर आस्था थी ही , ज्योतिष कर्म में भी रूचि जागी , ख़ुद का भाग्य देखते देखते दूसरों का भी बांचने लग गए ! चूंकि भूविज्ञान से वास्ता था तो रत्न विज्ञानं में पीएच.डी.भी कर डाली जोकि उनके ज्योतिष्कर्म को निखारने में मददगार साबित हुई ! वैसे सरकारी नौकरी अच्छी खासी है लेकिन वेतन के अलावा ऊपर की कमाई का कोई चांस नहीं ! बहनों की शादी के बाद ख़ुद की शादी उसके बाद मामला ठनठन गोपाल ! सब कुछ निपटा तो घरौंदे की फ़िक्र हुई , एक ही विकल्प , कर्ज लो घी पियो , अपना बैंक भारतीय स्टेट बैंक ! कभी ठेकेदार नहीं , कभी मजदूर नहीं , कभी सामान नहीं , कभी समय पर पैसा नहीं , घर का मुखिया डाक्टर वी.संदीप , एकदम अकेला , कोई दूसरा सहारा नहीं , सारी भागदौड़ ख़ुद करो और नौकरी भी तो करना है वर्ना घर के खर्चे और कर्ज की किश्तें कौन भरेगा ?
"हर सुबह पूरा परिवार ईश वंदना में लग जाता और उसके बाद ही घर से बाहर की दिनचर्या शुरू होती "
घटना :
उस दिन सैकडों बोरी सीमेंट खुले में पड़ी थी और छत ढलाई का कार्यक्रम प्राम्भ होने ही वाला था कि बादल गहराने लगे ठेकेदार नें कहा आप ताल पत्री ले आयें वर्ना सीमेंट खराब हो सकती हैं ! ईश्वर से गिडगिडाते हुए जब तक मोटर साइकल स्टार्ट करते बारिश शुरू भी हो गई ! मकान रायपुर शहर के बाहरी हिस्से में बन रहा था बाजार तक पहुंचते पहुंचते बारिश मूसलाधार हो गई थी ! सड़कों में घुटनों घुटनों पानी , तेज हवा , बिजली की धमाचौकडी और बेचारी मोटर साइकल की पेट्रोल टंकी के ऊपर भारी भरकम ताल पत्री रख कर उसे चलानें की मजबूरी , आँखों में आंसू , उधर सीमेंट भीग जाने से हजारों रुपयों का नुकसान होने का डर , ईश्वर से सारे अनुरोध व्यर्थ ! परिवार का मुखिया डाक्टर वी.संदीप , पैसों की तंगी , भयंकर बारिश से जूझता , मजबूर , असहाय कातर , अपने एकमात्र सहारे ईश्वर की अनसुनी से परेशान !
"...........क्या करता उसने ईश्वर को अपशब्द कहे और कहा तुझे मैं ही मिला बरबाद करने के लिए ?" आशंकित निर्माण स्थल पर पहुँचा तो ठेकेदार नें कहा , यहाँ तो आपके जाते ही बारिश बंद हो गई थी अब ताल पत्री की जरुरत नहीं हैं !
पहले उसने ईश्वर को अपशब्द कहे और फ़िर बारिश से लथपथ , जमीन पर औंधा पड़ा हुआ ईश्वर से क्षमा मांग रहा था ! कौन जानता हैं कि ये महज संयोग था या सच में ईश्वर हैं ?

बुधवार, 17 जून 2009

लोक कथा के बहाने : ईश्वर स्त्रियों का शोषण करता है ?

पिछली प्रविष्टि में , मैंने लोक कथाओं के नाम पर इंसानों की शातिराना हरकतों का विश्लेषण करने की कोशिश की थी जिस पर सुजाता ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है ! मूलतः इंसानों के दरम्यान ससम्मान बराबरी का आकांक्षी हूं , इसलिए गैरबराबरी को तर्क संगत ठहराने के लिए ईश्वर की आड़ से चलाये गए बाण मुझे अच्छे नहीं लगते ! पिछले आलेख में ईश्वर के हिंसा प्रिय होने ? और अनाड़ी होने ? के उदाहरण के तौर पर दो लोककथाओं का जिक्र किया था ! आज उसी बात को आगे बढ़ते हुए कहता हूं कि ईश्वर स्त्रियों के प्रति भी सौतेला व्यवहार करता है ! जरा गौर करें इन्द्र ( अपनी पत्नी शचि को छोड़ कर ) ब्रम्हांड की अनन्यतम सुंदरियों का क्या हश्र करते है ! मेनका और अन्य अप्सराओं को , मनोरंजन के लिए नृत्य के , साथ ही साथ विश्वामित्र का तप भंग करने और इन्द्रासन के लिए खतरा बन रहे राजाओं को निपटाने , में इस्तेमाल करते हैं ! अप्सराओं को अपने मन से प्रेम करने की छूट भी नहीं है , प्रेम किया तो सजा बतौर उन्हें स्वर्गलोक से मृत्यु लोक में भटकने भेज दिया जाता है ? इतना ही नहीं .........बेचारी अहिल्या ?
स्त्रियों के मामले में इस्लामिक आख्यान भी हिंदू आख्यानों से कम तो नहीं है , कहा गया जन्नत में खूबसूरत हूरें मिलेंगी ( स्त्री बराबर उपहार मान लीजिये ) अब मौलाना टाईप के लोग वहां पहुंचेंगे ? उपहार में हूरों की प्राप्ति होगी , चाहे उन महोदयों को हूरें पसंद करे या नहीं ? हूरों की पसंद नापसंद का सवाल ही कहाँ से पैदा हुआ ?
अब आख्यानों में है तो ईश्वर का अंशावतार इंसान भी क्यों पीछे रहे ? लड़कियों को पढाना नहीं , स्कूल तोड़ दो , स्कूल जा रही है तो अहिल्या ( लिखते हुए लज्जित हूं ) बना दो ! बियर बार में नृत्य के लिए ग्राहकों के सामने पेश करो ! जरुरत पड़े तो बेच दो ( वो तो अगले जनम में फ़िर से बिटिया हो ही जायेगी ) गिफ्ट कर दो , वगैरह वगैरह !
' जस्ट यूज एंड थ्रो '