बचपन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बचपन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 5 नवंबर 2010

देख तो दिल कि जां से उठता है ये धुआं सा कहां से उठता है ?

फिलहाल मैं घर के अंदर दुबक गया हूं  !  बच्चों ने घर से बाहर दिये जला दिए हैं पर बस्ती में पटाखे यूं फूट रहे हैं गोया ये शाम फिर ना आयेगी , एक शोर युद्ध भूमि में होने जैसा !  खिड़कियों के शीशे हर धमाके के साथ सहम जाते है , मुझे फ़िक्र है कि अगर एक भी चटका तो इस शक्ल का बाज़ार में दूसरा मिलेगा भी कि नहीं ?अभी कुछ रोज पहले ही रश्मि जी की पोस्ट पर शिवकासी के पटाखा उद्योग में झुलसते मुरझाते बचपन की चिंतायें देखी थी !  लेकिन इस वक़्त दूर पड़ोस तक के बंदे इस व्यवसाय की श्रीवृद्धि में लगे हुए हैं !  ज़ाहिर है कि 'नौउम्री'  पर मुनाफे का तिलस्म भारी है !  सामाजिक सरोकार पर व्यापार की जीत   जैसे धूम धडाम के दरम्यान फिजां में बिखरते हुए धुवें से साँसें लेने में दिक्कत होगी , सो मेरे पास मुंह छिपाने के सिवा दूसरा , कोई विकल्प नहीं  !  बस ख्याल ये कि वो सारे बच्चे इस वक्त यूज एंड थ्रो की तर्ज़ पर डस्टबिन में होंगे क्योंकि, धमाके अफोर्ड करने की हैसियत होती तो सुबह ३ से रात १० और रुपये पन्द्रह की दिहाड़ी वाली रोजी की गिरफ्त में फंसते कैसे ? 

ऐसा नहीं कि इस धुवें से तकलीफ सिर्फ मुझे ही होगी , यकीनन उन्हें भी जो पटाखे फोड रहे हैं ! उनमें से कई, सुबह सुबह डाक्टरों के शरणागत होंगे पर...इस वक़्त किसके घर के सामने ज्यादा से ज्यादा धमाके हो पाएंगे की होड सी,एक अंधी दौड ! मासूम बच्चों से लेकर प्रौढ़ तक, सारे के सारे तेज आवाजों धमाकों और धुवें से सम्मोहित, दियों को हाशिए में धकेल चुके हैं ! सुनकर भले ही अजीब लगे पर पौराणिक आख्यान मेरी कमजोरी हैं ! चाहे पढूं या देखूं हर सूरत लुत्फंदोज़ होता हूं ! कल्पना करता हूं पुष्पक विमान से उतरते विजेतागण और घी के दियों से रौशन रौशन नगरी के उल्लसित नगरजनों की ! हां उनमें से कोई भी चेहरा धुवें से बचने वाला मास्क नहीं पहनता और उनमें से किसी की भी खुशियां  बारूद के व्यापार पर आश्रित नहीं ! दोपहर बेसन के लड्डुओं की निर्मिति के दरम्यान ही लड्डुओं पर हाथ साफ़ करते हुए भी ये अहसास था कि शाम क़ैद में गुजरेगी ! भले ही देश की बड़ी आबादी अस्थमा पीड़ित है पर यहां पूरा इंतजाम है उसे उरूज पर ले जाने का ! 

सुबह पता चलेगा कितने झुलसे ? कितने अस्पताल आबाद हुये ? इस आलोक पर्व में आलोक से ज्यादा धुवें के सौदागरों का दखल है !  उनकी तिजोरियां सुरसा सी मुंह बाये बचपन और स्वास्थ्य को लील रही हैं ! उन्हें केवल करेंसी खाना और करेंसी ही पीना है !  एक खूबसूरत , खूबसीरत त्योहार का बुनियादी ढांचा बदल दिया है सौदागिरी ने ! पुराने ज़मानों में उल्लास के नतीजे महज़ उल्लास ही हुआ करते थे पर अब उल्लास के नतीजे कल पता चलेंगे ?  'करोड़ों' के नुकसान को 'सैकड़ों'  के मुनाफे में तब्दील होते हुए देखना बड़ा ही दुखदाई है पर इसका हल क्या है ? बेशक कुछ बुद्धिमान मित्र इसे,  डाक्टरों की रोजी रोटी के तर्क का आलेप भी लगाएंगे, ठीक वैसे ही जैसे बचपन की रोजी रोटी बारूद के ढेर आना से जायज़ बता डाला था ! 

मेरी कनपटियां बज रही हैं कोई एक ख्याल स्थिर हो पाए तो कहूं घी...दिये...बचपन...पटाखे...रोजी... उद्योग...पूंजी...मुनाफा...धूमधडाम...धुवां...अस्थमा...आह ! ये आलोक पर्व है जीवन में, अंतस में आलोक का, उल्लास का ! इसमें धुवां  कहां से आ गया ? सारे मोहल्ले सारी बस्ती केवल धुवां, गहरा बारूदी धुवां, खालिस आलोक को अपने लपेटे में लेता हुआ ! मुझे भय है कहीं, किसी एक दिन आलोक भी धनपिशाचों की साजिश का शिकार हो अस्थमाग्रस्त ना हो जाये ? बच्चे तो पहले से ही...? फिलहाल एक उम्मीद...एक दुआ कि आपका आभा मंडल द्विगुणित हो, आपकी यश कीर्ति दसों दिशाओं में बखानी जाये, आपकी पीढियां स्वस्थ और सानंद हों और फिर  सारे का सारा  बचपन महफूज हो ! 


रविवार, 17 जनवरी 2010

हूं...

आज अपने  ब्लागर  मित्र  से चैटिंग करते और उन्हें पढ़ते हुए मेरा 'की बोर्ड' अचानक ...हूं ...पर जा अटका ! ये बात  उन्हें  कुछ  अटपटी  लगी...सो  पूछा ....हूं ... हूं...माने क्या ? अब चौंकने की बारी मेरी थी ! उनके लम्बे वाक्य के सामने मैंने... हूं ... क्यों टाइप किया ? कारण सूझा तो फ्यूज सा उड़ गया दिमाग का ! दरअसल उनसे चैटिंग करते हुए मैं भूल गया था कि मुझे कुछ कहना / लिखना भी है ! लगा कि जैसे मैं केवल सुन रहा हूं इसलिये जबाब में टाइप किया हूं ... ! एक पुरानी आदत के तहत जो मेरे बचपन का अहम हिस्सा हुआ करती थी !
इस ...हूं ...नें जैसे मेरी स्मृतियों का पिटारा खोल कर रख दिया ! दादी को कभी देखा नहीं और दादा भी जल्दी ही गुज़र गए तो पिताजी अकेले रह गए और उनके चाचा यानि मेरे छोटे दादा तथा उनका परिवार ! छोटे दादा हर वक्त चाटुकारों से घिरे रहते / उनपर बेहिसाब खर्च करते लिहाजा उनके हिस्से की जमीने सिकुड़ती गई ! फिर वही हुआ जो हर गांव के खेतिहर परिवारों की आम कहानी है ! उन दिनों जमीनों का बटवारा जुबानी हुआ करता था इसलिये छोटे दादा जी की निगाहें अपने भतीजे की जमीनों पर टिक गई और शुरू हुई अंतहीन मुक़दमे बाजी ! घरों के अन्दर और बाहर बच्चों में कोई भेदभाव नहीं था लेकिन हर शाम को अम्मा चूल्हे पर रोटियां सेंकती , सामने पिताजी और बुआ सिर पर हाथ रखे बुदबुदाते रहते ! समझ में कुछ नहीं आता लेकिन अहसास जरुर होता कि पिताजी और छोटे दादा के बीच कुछ गड़बड़ जरुर चल रही है ! रात होते ही सारे बच्चे छोटे दादा के पास सोने पहुंच जाते ! उनके पास कथाओं का अथाह भंडार था ! दिन में उनके चेले चांटे उन्हें घेर कर आल्हा गाते और रात में हम बच्चे कहानियां सुनते ! बड़ों के पारस्परिक सम्बन्ध जरुर कटुता पूर्ण रहे होंगे ! पर रात की कहानियां , रोटियां बनाती हुई अम्मा और चूल्हे के सामने बैठे पिता जी के उदास चेहरे से ध्यान जरुर हटा दिया करती थीं ! छोटे दादा के व्यवहार से पता भी नहीं चलता था कि उन्हें मेरे पिता जी से कोई बैर भाव है ! वो अपनी धुन में कहानी सुनाते और हमारी ड्यूटी होती कि हम बच्चे हुंकारा भरेंगे ! हुंकारा यानि कि...हूं... जोकि कहानी सुनते हुए हम सबके जागते रहने का प्रमाण हुआ करता ! अब छोटे दादा जी भी नहीं रहे ...कहानियां भी नहीं रहीं ...पर हुंकारा जीवित है मेरे अंतर्मन में...तभी तो मित्र को पढ़ते हुए / अहसास हुआ जैसे कि नींद आने तक केवल सुनना ही है और भरना है कथा के साथ चलने वाला हुंकारा !

शनिवार, 12 दिसंबर 2009

बच्चे कौव्वों से सावधान नहीं हैं लेकिन .....

हमारे मित्र चन्द्रशेखर जी शहर की पाश कालोनी में रहते हैं , खुद की शानदार नौकरी , एक सुन्दर आत्मनिर्भर गृहणी और चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रही एक मात्र पुत्री का छोटा सा ... सुखी परिवार ! वे सोचते बहुत हैं... कभी देश ...कभी दुनिया ...पर देखा परसों ही...और देखते ही मुझे फोन लगाया , क्या कर रहे हैं ? जी ... न्यूज देख रहा हूं...उन्होंने कहा कुछ खास ? मैंने कहा कुछ खास नहीं , बस टिकट बंट रहे हैं... जो टिकट पा गये वे निष्ठावान सिपाही हैं...जिन्हें नहीं मिला ...उनके हाथ भी खाली कहां हैं ? जब टिकट पाये हुए लोग भी लड़ने ही वाले हैं तो जिन्हें टिकट नहीं मिला वो लड़ रहे हों तो इसमें हर्ज ही क्या है ?
मित्र नें कहा , यहां पास की स्लम के कुछ बच्चे खड्डे के कोरे टुकड़ों को बैनर की तरह लेकर पैदल मार्च कर रहे हैं , उनकी रैली आप भी देखते तो अच्छा होता ! मेरे पास कैमरा नहीं है वर्ना फोटो खींच लेता ...बच्चे नारे लगा रहे हैं ! जिन्दाबाद... मुर्दाबाद ...मित्र लगातार बोल रहे हैं ...पर मेरे कान बंद हो चुके हैं ...और मैं सोच रहा हूँ ...हाँ ...ये सच है ! सारा देश ...सारे का सारा देश...'पाश' और 'स्लम' रिहायशगाहों की सीमा रेखाओं में बंटा हुआ ! पाश इलाकों में रहने वाले 'सिटीजंस' देख रहे हैं , पाश इलाकों में रहने वाले 'सिटीजंस' यानि कि मैं भी सोच ही रहा हूँ !
स्लम्स के बच्चे 'जुलूसों' में तब्दील हो चुके हैं , उन्हें सड़कों से गुजरते हुए , मैदानों में फ़ैल कर भीड़ बन जाना है , उन्हें वोटर बनना ही होगा ! इधर कौव्वे कुर्सियां तोड़ रहे हैं , उधर कौव्वे पत्थर फेंक रहे है ...इमारतों के शीशे चटक रहे हैं और बच्चे ...उनका क्या ? उनके हाथों में खड्डे , जिस्म पर चड्ढी और सामने सड़क तो हैं ना ?
मित्र कहते हैं कि बच्चे कौव्वों से सावधान नहीं हैं लेकिन कौव्वों से निपटने की तकनीक उन्हें और मुझे भी कहां आती है ?

शनिवार, 10 अक्टूबर 2009

वो बच्चा

कल रात बस यूंही ....टी.वी.पर न्यूज़ देखते / सुनते हुए...कुछ बेचैन सा...लगातार चैनल बदल रहा था ! उधर बीबी के फेसियल एक्सप्रेशंस से साफ ज़ाहिर था कि उसे यह सब बेहद नागवार गुजर रहा है ! उसने कहा ...जीटी.वी.लगाइए हम 'सारे गामा पा' देखेंगे ! मैंने रिमोट उसे दे दिया और ...सोचने लगा कि हम पुरूष दिन भर पिट /पक/थक कर घर लौटने के बाद भी मनोरंजनात्मक सीरियल्स देखने के बजाये न्यूज़ चैनल्स पर क्यों भिड जाते हैं ? और ये जनानियां दिन तमाम मनोरंजन से उलझते उलझते थकती क्यों नहीं ?
कई बार मुझे लगता है कि स्त्री बनाम पुरूष की पसंद / नापसंद /मानसिकता /बौद्धिकता पर आधारित ये चिंतन बेफिजूल है भला अलग अलग जीवन शैलियों पर दिन गुजारने के लिए 'प्रोग्राम्ड' देह रचनाओं /माइन्ड सेट के दरमियान इस तरह की तुलना / बहस / चिंतन क्यों ? सोशल कंडीशनिंग को दरकिनार कर , किया गया सामान्यीकरण.....जो भी हो ....उसे सत्य मान लेना.... मूर्खता के चरम के अतिरिक्त कुछ भी नहीं हो सकता ! मुझे महसूस होता है कि स्त्री और पुरूष ही क्यों ? हर उम्र , हर वर्ग / क्षेत्र /जाति /धर्म के तमाम इंसानों में जब तक सोशल कंडीशनिंग का अन्तर मौजूद हो तब तक बौद्धिकश्रेष्ठता / अभिजात्यता तथा प्रतिभा के होने या ना होने जैसे निष्कर्षों तक पहुँचाने वाला कोई भी चिंतन /अध्ययन दोषपूर्ण ही माना जाना चाहिए !....मैं सोच में हूँ ? कि मैं सोच में था ?
लगता है ...जैसे अन्तरिक्ष से कोई आवाज आ रही हो और मेरे ख्यालात ...खंड खंड हो कर बिखर गए हैं ! अब मैं कुछ भी नहीं हूँ ........सांवरे ...तेरे बिन जिया जाये ना.......वो बच्चा अनन्त प्रतिभा का धनी है ! उसका कंठ....उसके सुर , सब के सब उसके पूरे नियंत्रण में हैं ...उसके चेहरे पर कोई तनाव नहीं वो सिर्फ़ और सिर्फ़ गा रहा है और मैं ...उसके सुरों ने जैसे मुझ में आल्हाद भर दिया हो ...तालियों की गडगडाहट पर ...मैं जागता हूँ और फ़िर से सोच में पड़ जाता हूँ ...इस बच्चे नें कौन से धार्मिक ग्रन्थ पढ़े होंगे ? इसका धर्म... इसकी जाति क्या होगी ?
जो भी हो इसके जितनी उम्र में 'मैं' क्या था ? मैंने बहुत सारे धर्म /धर्मियों/ अधर्मियों /ज्ञान/विज्ञानं को पढ़ा और पोथियों को बांचा है... पर मैं ..........अमा लाहौल विला कुव्वत ...'मैं' तो आज भी इसके सामने कुछ भी नहीं हूँ !

बुधवार, 29 अप्रैल 2009

फादर्स फादर !

पृष्ठभूमि :
ट्राइबल एरिया में क्रिश्चियन मिशनरीज द्वारा संचालित स्कूलों में सामान्यतः मिशन के ब्रदर ,सिस्टर और फादर ही बतौर टीचर काम किया करते हैं ! इसलिए स्कूल के बच्चे सर या गुरु जी के बजाये टीचर को फादर , सिस्टर या ब्रदर कहने के अभ्यस्त हो जाते हैं ! यहां बस्तर में कैथोलिक मिशन द्वारा संचालित कान्वेंट स्कूलों में भी इसी परम्परा का निर्वाह किया जाता है ! हालांकि इन टीचर्स में कुछ लोग स्वयं भी उच्च शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थी के रूप में पंजीकृत होकर दोहरी भूमिकाओं का निर्वाह करते हैं ! यानि कि स्कूल में टीचर और कालेज में विद्यार्थी !

प्रसंग :
सन १९८२ में चार मित्रों नें कालेज के प्रोफेसर के तौर पर नई नई नौकरी ज्वाइन की थी ! सारे के सारे छडे , नए नकोर प्रोफेसर ! ले देकर किराये के मकान की व्यवस्था हुई ! पास पड़ोस में भारतीय स्टेट बैंक के कई अधिकारियों के परिवार भी रहते थे ! इन परिवारों से अपनापा बढ़ा तो मित्रगण , बच्चों के अंकल बन बैठे ! ये बच्चे कान्वेंट स्कूल में पढ़ते थे उन्हें स्कूल के फादर्स के बारे में तो पता था पर वे ये नहीं जानते थे कि अंकल अगर "प्रोफेसर" हैं तो उसका मतलब क्या हुआ ? बच्चे रोज पूछते अंकल आप कहां काम करते हैं ? अगर पढाते हैं तो स्कूल में क्यों नहीं आते ? और किन बच्चों को पढाते हैं ? मित्रों के पास बच्चों के लेवल का कोई जबाब हो , तो कहें ! एक ही सवाल , जबाब कुछ भी नहीं ! बच्चों के पैरेंट्स मजे लेते ! कुछ दिन यूंहीं चला , पैरेंट्स को लगा कि समस्या का निदान जरूरी है , वर्ना अंकल लोगों की इज्जत मिटटी में मिलती जा रही है ! सो एक दिन जैसे ही बच्चों नें अपना सवाल दोहराया , उनके पिता नें कहा बेटा , तुम्हारे स्कूल में फादर हैं ना ? बच्चों नें कहा यस पापा ! देन डार्लिंग दे आर योर फादर्स फादर ! .......और बच्चे सब कुछ समझ गए !

शुक्रवार, 27 मार्च 2009

तालाब...स्कूल ... गुमशुदा ख्वाब और मैं

शायद १९६५ के आस पास का वक़्त रहा होगा इसलिए घर के बड़े बुजुर्ग लालबहादुर शास्त्री और जंग की बातें किया करते और हम बच्चों को कुछ भी समझ में नहीं आता लिहाज़ा हम सभी बच्चे कंचे और गिल्ली डंडे और पतंगों के बीच अपना वक़्त गुजरना पसंद किया करते थे उस वक़्त कस्बे में बिजली नहीं आई थी इसलिए नगर पालिका वाले अँधेरा होने से पहले ही तेल वाली कंदीलें ( चिमनियाँ /लैम्प पोस्ट ) जलादेते और उन्होंने बाकायदा एक आदमी इस काम के लिए तैनात कर रखा था जो हर दिन तेल चेक करता ,कांच साफ करता और रौशनी कर देता ! बिजली वहां कई सालों के बाद आई ! पहले मुहल्ले के खंबों में पीली रौशनी देता लट्टू ( बल्ब )और बाद में ट्यूब लाइट ! धीरे धीरे घरों में कनेक्शन ! इस दरम्यान लैंप पोस्ट अंधेरे में गुम होते गए !
जिस प्रायमरी स्कूल में हम पढ़ते थे वो घर से उत्तर दिशा में ,तकरीबन एक किलोमीटर दूर और बस्ती से बाहर तालाब की 'पार' पर बना हुआ था स्कूल के एक तरफ गहराई में पक्के घाटों का सिलसिला और दूसरी तरफ पक्की सड़क गुजरती थी चूँकि सड़क आगे चल कर इन्टरमीडियेट कालेज और उससे आगे बसे छोटे से गांव तक जाती थी इसलिए सड़क पर ट्रेफिक या शोरगुल था ही नहीं ! सारे बच्चे पैदल स्कूल जाया करते और जो बच्चा गोल मारता उसे मास्साब द्वारा भेजी गई टीम गांव ,खेत जहाँ भी मिले ढूंढ कर , पकड़ लाती और तब उसका मुर्गा बनना तय हुआ करता ! मजाल है कि कोई गार्जियन इस व्यवस्था से असहमत हो जाता ! इसलिए बच्चों के सामने स्कूल जाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प था भी नहीं ! लकड़ी की तख्तियों ,सरपट की कलमों , और खरिया मिटटी से प्रोमोशन , स्लेट और चाक तक और उसके बाद होल्डर पेन और घोली गई टिकिया वाली स्याही और कापी का नंबर आया करता था ! स्कूल में फलदार ,छायादार ,दरख्तों की भरमार थी इसलिए क्लास रूम सिर्फ़ बरसात के समय काम आते ! सर्दियों और गर्मियों में क्लास रूम मुक्ताकाशी हुआ करते थे ! स्कूल के समय के बाद और पहले यही तालाब हम सभी बच्चों के नहाने , तैरने और मस्ती करने का जरिया हुआ करता ! चूँकि बस्ती की चारों दिशाओं में कई छोटे ,बड़े तालाब मौजूद थे इसलिए कोई अभागा ही तैरना नहीं सीख पाता था ! उधर इंटर कालेज का खेल मैदान इधर तालाब फ़िर खेत और लहलहाती फसलें फ़िर सख्त गर्मियों का मौसम ! लू लगने के खतरे से बेपरवाह भरी दुपहरी में तालाब पहुंचना कमल नाल, कमल फूलों और सिंघाडों की चोरी ?(शायद शरारत) ! जिन्दगी हर हाल में ख्वाब जैसी लगती है!
अब ज्यादातर पानी को लोहे और प्लास्टिक के पाइपों के बीचो बीच कैद कर दिया गया है और उसे कुछ घंटों के लिए हर घर में आजाद किया जाता है इसलिए तालाब लगभग वीराने हो चुके हैं ! इधर मशरूम से उगते आंग्ल माध्यम स्कूलों नें मेरे मुक्ताकाशी स्कूल को अतीत के गर्भ में दफन कर दिया है !
वैसे कहने को तालाब अब भी है उसमें पानी और उसकी पार में खंडहर हो चुके स्कूल की कुछ ईंटें , टूटी हुई खपरैल भी शेष हैं मगर मेरा मन खाली खाली हो चला है !

रविवार, 22 मार्च 2009

बाबा भारती कहां हैं ?

लगभग चालीस बरस पहले स्कूल के दिनों में पढ़ी थी कथा, वो स्कूल, अब टूट गया है ! वो किताबें घरवालों ने कब की रद्दी में बेंच दीं और मास्साब अब दुनिया में नहीं हैं मगर कथा जेहन में शब्दशः जीवित है ! इधर शहर में रातें तो हैं, मगर अँधेरी नहीं! नियोन लाइट्स, तारों को चमकनें भी नहीं देतीं ! हाँ कुत्ते अब भी भूंकते हैं ! लेकिन,बाबा भारती, उनका आश्रम, उनका घोड़ा और वो डाकू पता नहीं कहाँ होंगे इन दिनों ! मुझे कई बार लगा कि मैं लम्बी छुट्टी पर जाऊँ और किसी पुराविद की मदद लेकर इन सब को खोज निकालूँ और अपने बच्चों को दिखाऊँ के मेरा बचपन इन लोगों की "हार की जीत" के साये में गुज़रा है पर बच्चे हैं कि मानते ही नहीं कि मेरा कोई बचपन भी रहा होगा और तब के शिक्षा संस्थानों में नैतिकता और मूल्यों से जुड़ी कोई कहानियाँ भी पढ़ाई जाती रही होंगी !

सच पूछो तो इसमें उनका कोई दोष भी नहीं है ! आखिर उनका बचपन "कान्वेंट" में गुज़ारने का फ़ैसला भी तो मेरा ही था फ़िर मुझे टाम डिक और हैरी से शिकायत क्यों होना चाहिए ! मुझे नहीं पता कि मेरा बचपन और मेरे समय की शिक्षा प्रणाली सही थी याकि मेरे बच्चों के समय की ? पर बहुत सारी चीजें बदलती दिखाई देती हैं तो लगता है कि शिक्षा का बदलाव भी शायद समय के अनुरूप ही हुआ होगा ? आज के शिक्षकों के प्रति बच्चों का गरिमाहीन रवैया मुझे बुरा क्यों लगता है मुझे पता नहीं ! लेकिन मैं ये जरुर जानता हूँ कि उस समय "बाबा भारती" किताबों के पन्नों से निकल कर गुरु जी भी हो जाया करते थे ! शायद इसीलिए वे सब आज भी मेरे लिए आदरणीय और स्मरणीय हैं !

मैं जब भी कहता हूँ कि हमारे जमानें में सब बच्चे कमीज पैजामा पहन कर स्कूल जाते थे और गुरु जी भी धोती कुरता याकि कमीज पैजामा ही पहनते थे, हम खरिया मिटटी और सरपट की कलम से लिखते थे, फ़िर होल्डर और स्याही की दवात का नंबर आता था ! मेरे बच्चे सुनते ही , जोर जोर से हँसते हैं उन्हें यकीन ही नहीं होता कि इतनें बुरे ? स्कूल और दिन भी हुआ करते थे बच्चों का ख्याल है कि पापा जी सठियाने लगे हैं ! अब मैं कैसे कहूं कि बच्चो मैंने तुम्हारा बचपन तुम्हारे समय के अनुकूल गुज़रने दिया ! क्या इतना काफी नहीं है मेरे बचपन और मेरे स्कूल की प्रशंसा के लिए ? चलो मेरी स्मृतियाँ तुम्हारे लिए व्यर्थ ही सही पर मुझे तुम्हारी तरह वो भी तो अच्छी लगती हैं ! सच तो यही है ना ?