मृत्यु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मृत्यु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 17 जून 2019

मृत्यु दूत

 अर्वाचीन समय की बात है जब एक दैत्य महामार्ग में यात्रा कर रहा था । अचानक उसके सामने एक अनचीन्ही सी मनुष्य आकृति खड़ी हो गई और बोली, रुको एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाना । क्या, दैत्य चिल्लाया एक तुच्छ प्राणी, जिसे मैं अपनी चुटकी से मसल सकता हूं , मेरा रास्ता रोक रही है । इतना दुस्साहस पूर्ण बोल बोलने की हिम्मत कैसे हुई , तुम कौन हो ? उसने कहा, मैं मृत्यु हूं । कोई भी मेरा प्रतिरोध नहीं करता, सभी मेरे निर्देशों को मानते हैं । किन्तु दैत्य ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया । उसने मृत्यु से, धक्का मुक्की शुरू कर दी । यह एक लंबा और हिंसक युद्ध था । अंततः दैत्य ने मृत्यु को, अपने मुक्के से नीचे गिरा दिया और महामार्ग पर आगे बढ़ गया ।

पराजित मृत्यु इतनी कमजोर पड़ गई थी कि फिर से उठ भी नहीं सकी । उसने सोचा । अब क्या करना चाहिए ? अगर मैं ऐसे ही किनारे पड़ी रहूंगी तो दुनिया में किसी की मृत्यु नहीं होगी और भीड़ इतनी बढ़ जायेगी कि धरती पर, लोगों के खड़े होने तक की जगह नहीं बचेगी । इसी दौरान उस मार्ग पर एक बलिष्ठ युवा कुछ गाते हुए गुज़र रहा था । इस दरम्यान वो मार्ग पर इधर उधर देखते हुए भी चल रहा था । उस युवा ने कमजोर मृत्यु को जमीन पर गिरे हुए देखा और दया भावना के साथ उसे ऊपर उठाया और अपने जल पात्र से उसे जल पिलाया । जब मृत्यु को कुछ ठीक लगा तो उसने युवक से पूछा, ओ अजनबी युवा, क्या तुम जानते हो कि मैं कौन हूं ? , मैं नहीं जानता कि तुम कौन हो युवा ने कहा । 

मैं मृत्यु हूं और मैं किसी को नहीं छोड़ती, लेकिन मैं तुम्हारी कृतज्ञ हूं और वादा करती हूं कि तुम तक अचानक नहीं पहुंचूंगी बल्कि मेरे आगमन से पहले तुम तक संदेश वाहक भेजूंगी । अच्छा, युवा ने कहा । आज मुझे कुछ मिला ही, मैं लंबे समय तक सुरक्षित रहने की कोशिश करूँगा । ऐसा कहते हुए वो युवा निश्चिन्त भाव से मुस्कराते हुए वहाँ से चला गया । बहरहाल वो युवा अधिक समय तक स्वस्थ नहीं रह सका, उसके दुःख, उसकी कमजोरियां बढ़ती ही जा रही थीं । उसने सोचा मैं जल्द ही स्वस्थ हो जाऊंगा, अगर मेरे मरने का समय होता तो मृत्यु ने अपना संदेश वाहक मुझ तक ज़रूर भेजा हो़ता । बस ऐसे ही वो खुद को बहलाता हुआ खुश रहने की कोशिश करने लगा ।

लेकिन एक दिन किसी ने उसे बांध कर अपने कांधे पर टांग लिया और कहा चलो मेरे साथ तुम्हारे मरने का समय हो चुका है । इस धरती पर तुम्हारे दिन पूरे हुए । क्या ? युवक चिल्लाया, तुम अपना वादा तोड़ रही हो । तुमने तो कहा था कि तुमसे पहले, तुम्हारे सन्देश वाहक मुझ तक आयेंगे, मगर तुम खुद ही आ गईं, तुम्हारे किसी सन्देश वाहक को मैंने आज तक देखा ही नहीं । शांत हो, जाओ मृत्यु ने कहा । क्या मैंने एक से ज्यादा सन्देश वाहक तुम तक नहीं भेजे ? क्या तुम तक बुखार नहीं पहुंचा, जिसके कारण से तुम कांपने लगे थे । क्या तुम्हारे सिर तक भारीपन नहीं पहुंचा ? क्या तुम्हें चक्कर नहीं आये ? क्या तुम्हारे अंगों तक टूटन नहीं पहुँची ? क्या तुम्हारे कान नहीं बजते थे ? क्या तुम्हारे दांतों तक दर्द नहीं पहुंचा था ? क्या तुम्हारी आँखों के सामने अन्धेरा नहीं छा जाता था ?

इस सबके अलावा, क्या तुम्हें हर रात, मेरी बहन नींद ने, मेरी याद नहीं दिलाई ? ये सुन कर  वो युवा, मृत्यु को कोई जबाब नहीं दे सका और अपनी नियति को स्वीकार कर, मृत्यु के साथ चल पड़ा ।

ये आख्यान दार्शनिक प्रवृत्ति का है जिसमें मृत्यु के सत्य होने का कथन किया गया है । कथा का आरंभ एक महाकाय दैत्य और मनुष्य के रूप में मौजूद मृत्यु, की मुठभेड़ का उल्लेख है । दैत्य को सांकेतिक रूप से, दुष्टता / बुराई माना जा सकता है, जिसके धरती से प्रस्थान के निर्देश सहित मृत्यु, साक्षात उपस्थित है, किन्तु दैत्य / दुष्टता, मृत्यु के सहज नियंत्रण में नहीं आती, अपितु मृत्यु को पराजित कर आगे बढ़ जाती है । इस बिंदु पर ये आख्यान, धरती पे अफरा तफरी का भयावह खाका खींचता है, यानि कि दैत्य से हुए मुकाबिले में, मृत्यु की असफलता के बाद, दुनिया में जनाधिक्य के खतरे का संकेत देता हुआ आख्यान आगे बढ़ता है । 

मृत्यु, दुष्ट से पराजित है / कमजोर है / निराश है, तभी उसे एक युवा, दया भाव के साथ पानी पिलाता है, युवक बलिष्ठ है, प्रसन्न चित्त है, वो निरीह मनुष्य उर्फ़ मृत्यु के प्रति सहृदय है । हालांकि युवा मृत्यु को पहचानता ही नहीं, बहरहाल मृत्यु उसकी सुहृदयता से प्रभावित है और उसे अपना परिचय देते हुए, शरीर की नश्वरता का बयान करती है और कृतज्ञतावश, युवा को आश्वस्त करती है कि वो, निश्चित तथा अटल, मृत्यु से पूर्व अपने संदेशवाहक भेज कर युवक को सचेत करेगी । युवक अपनी धुन में है, उसे मृत्यु का भय नहीं, फिर भी कृतज्ञ मृत्यु का मान रखते हुए अपनी राह चल देता है । 

आगत जीवन में युवा अस्वस्थ होता है, किन्तु सोचता है कि मृत्यु ने कोई संदेशवाहक तो भेजा ही नहीं, उसे ये भ्रम बना रहता है और वो स्वयं को बहलाने का यत्न करता है कि जल्द ही स्वस्थ हो जाऊंगा। फिर एक दिन मृत्यु उसे अपने साथ ले जाने के लिए आती है, तो युवा, उस पर वादा तोड़ने का आरोप लगाता है और तब मृत्यु उसे विविध बीमारियों के नाम लेकर कहती है कि यही उसके संदेशवाहक थे, जिन्हें युवक ने पहचाना ही नहीं । यहां पर आख्यान, कहता है कि हरेक रात की नींद, मृत्यु की बहन जैसी है इसलिए सारे संकेतों अनदेखी युवक की अपनी भूल है...

रविवार, 31 दिसंबर 2017

दुःख


एक बूढ़े व्यक्ति ने, रेन्डियर के शिकार के समय, अपना इकलौता पुत्र खो दिया था ! घर वापस लौटने के बाद, वो अक्सर अपने पुत्र की कब्र देखने जाया करता ! एक दिन संकरी खाड़ी में नाव चलाते हुए, उसने देखा कि कोई परदेसी व्यक्ति, धुंध को नाव की तरह इस्तेमाल करते हुए, पानी में आगे बढ़ रहा था, जबकि उस आगंतुक के पास कोई वास्तविक नाव नहीं थी ! कुछ देर तक नाराज़गी भरे शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद, बूढ़े ने, उस व्यक्ति को मार डाला ! कुछ दिन के बाद फिर से, अपने पुत्र की कब्र की ओर जाते हुए बूढ़े ने, परदेसी व्यक्ति को देखा ! वो आश्चर्य चकित रह गया...हालांकि इस बार आगंतुक ने उस बूढ़े से पूछा कि, आपके दुःख का क्या कारण है ?  
      
उधर रखे पत्थरों की मनहूस ढेरी को हटा कर बूढ़े ने कहा, ये मेरे अनंत दुःख का एकमात्र कारण है ! बूढ़े का जबाब सुनकर उस अजनबी व्यक्ति ने कहा, आपकी तरह से मैं भी गहन अवसाद में हूँ, क्योंकि कुछ ही दिन पहले, सील के शिकार पर आये मेरे पुत्र को, किसी ने मार डाला था ! बूढ़ा समझ गया कि उसने, जिस व्यक्ति की हत्या की थी, वो इसी अपरिचित व्यक्ति का पुत्र रहा होगा, पिछले दिनों के घटनाक्रम को याद कर, बूढ़ा बेचैन हो गया और उसने, दिखावा करते हुए कहा कि, बहुत देर हो चुकी है जबकि उसका, ज़ल्दी घर लौटना, बेहद ज़रुरी है ! अपनी डोंगी को तेजी से खेते हुए बूढ़ा, घर लौटा और उसके बाद कभी भी अपने पुत्र की कब्र देखने वापस नहीं गया !

एस्किमों परम्पराओं में कही, सुनी गई इस संक्षिप्त जनश्रुति में, मनुष्य के दुःख को लेकर बेहद दार्शनिक और भावपूर्ण संकेत दिये गये हैं ! कथा कहती है कि एक इन्युइट बूढ़ा इसलिए शोकग्रस्त है, क्योंकि वो अपने जवान पुत्र को खो चुका है, इसमें कोई शक नहीं कि कथाकालीन समाज मूलतः आखेटक समाज है, ऐसे में नौजवान शिकारी पुत्र को खो देना, आखेटक आदिम जीवन की आर्थिकी में गंभीर आघात पहुंचने के जैसा है ! बर्फीले प्रदेशों में वानस्पतिक खाद्य पदार्थों की अनुपलब्धता के मद्देनज़र, सील अथवा रेन्डियर के शिकार के भरोसे हिमशीतित मृत्यु का प्रतिरोध करना और जीवित बने रहना एक कठिन और जोखिम भरा काम है ! उस बूढ़े ने वास्तव में दो अमूल्य वस्तुयें खोई थीं, एक भावनात्मक रूप से अपना नौजवान पुत्र और दूसरा उसकी पारिवारिक अर्थव्यवस्था का आधार स्तंभ !

भीषण मौसम में जीवित बने रहने के लिये आवश्यक है कि आखेट किया जाए और अच्छे आखेट के लिये अनिवार्य है एक समूह, खासकर युवा और दमखम वाले शिकारियों का समूह ! कहन मंतव्य यह है कि, अधिकतर मामलों में एकल शिकारी की तुलना में दलगत शिकार के परिणाम कहीं ज्यादा बेहतर होते हैं, इसलिए इन्युइट बूढ़े के दुःख को, जवान पुत्र की मृत्यु के साथ ही साथ, शिकारी समूह को हुई क्षति से भी जोड़कर देखा जाना ज्यादा उचित होगा ! आख्यान के अनुसार अवसादग्रस्त बूढ़ा अपने पुत्र की कब्र पर अक्सर जा पहुंचता है ! उसने डोंगी चलाते हुये देखा कि एक अपरिचित / परदेशी व्यक्ति धुंध की नाव पर सवार होकर जल भ्रमण कर रहा है ! हैरान कर देने वाले घटनाक्रम के तहत, आवेशित बूढ़ा, उस अपरिचित व्यक्ति को अपशब्द कहते हुए मार डालता है ! प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि, जैसे बूढ़ा व्यक्ति अपने पुत्र की मृत्यु के संभावित कारणों के विरुद्ध बलपूर्वक प्रतिकार / हिंसक प्रतिरोध कर रहा हो !

अगर हम आगंतुक की हत्या वाले घटनाक्रम को गौर से देखें तो पायेंगे, कि ये केवल पुत्र की मृत्यु को लेकर, आवेशित प्रतिरोध नहीं था बल्कि इस मुद्दे में भी, आदिम आर्थिकी का प्रश्न समाहित है ! पुत्र की मृत्यु से शिकारी दल को पहुंची क्षति / शिकारी समूह के टूट जाने के बाद, बूढ़ा एकमेव शिकारी, शेष रह गया था, यानि कि शिकार की सफलता की संभावनायें सिकुड़ गईं थी, ऐसे में किसी अपरिचित व्यक्ति / शिकारी के उस क्षेत्र में प्रवेश करने से शिकार में प्रतिद्वंदिता का संकट बढ़ गया होगा ! आदिम समुदायों की अपनी चिन्हित शिकारगाहों में बाह्य घुसपैठ, जीविका संसाधनों की घटती हुई संभावनाओं / खाद्य संकट का संकेत करती हैं ! इसलिए हमें ये स्वीकार करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए कि उस बूढ़े ने, अपने युवा पुत्र / शिकार संबल को खोया था और उसे, अपरिचित व्यक्ति का आगमन, शिकार / खाद्य पदार्थों की उपलब्धता पर आसन्न संकट जैसा लगा होगा !

बूढ़े व्यक्ति की चिन्हित शिकारगाह पर अपरिचित व्यक्ति का आगमन / हस्तक्षेप / घुसपैठ, नि:संदेह आपातकालिक परिस्थितियों का संकेत है ! भयावह मौसम में खाद्य सामग्री की घटती मात्रा, आसन्न मृत्यु का संकेत / निश्चित हिमशीतित मृत्यु की घोषणा ! ऐसे में पुत्र की मृत्यु से क्षुब्ध बूढ़े ने आगंतुक व्यक्ति की हत्या, यकीनन दो कारणों से की होगी, प्रथम, पुत्र की मृत्यु का, संभावित, बदला और दूसरा, सामुदायिक परम्पराओं से चिन्हित शिकारगाह में अयाचित बाह्य हस्तक्षेप-जनित खाद्य न्यूनता की आशंकाओं का निवारण ! इस जनश्रुति का आख़िरी हिस्सा बेहद भावुक कर देने वाला है, बूढ़ा एक बार फिर से अपने पुत्र की कब्र को देखने जा पहुंचा है, जहां उसकी भेंट, उस अपरिचित व्यक्ति से होती है, जोकि अपने शिकारी पुत्र की मृत्यु के शोक में, वहाँ पर आया हुआ है, वो पुत्र, जो कुछ समय पूर्व, इसी जगह पर सील का शिकार करने आया हुआ था !

इन्युइट बूढ़े ने, रेन्डियर का शिकार करने वाले पुत्र को खोया था जबकि अपरिचित व्यक्ति ने सील का शिकारी पुत्र, दो नौजवान आखेटक, अपने शिकारी समूह / स्वजनों से बिछड़ गये थे ! इन्युइट बूढ़ा समझ गया था कि, अवसाद कैसे आते हैं ! वो, अपरिचित व्यक्ति के सामने से भागना चाहता था ! वो भागना चाहता था, अपने अपराध बोध से, और वो भागा भी, फिर कभी मुड़कर, अपने पुत्र की कब्र पर नहीं गया...      
  

शनिवार, 30 दिसंबर 2017

पर्वत आत्मा

वो पर्वत आत्मा थी, जोकि कब्रों से लाशें चुरा लेती और घर लौट कर उन्हें खा डालती ! एक व्यक्ति, यह जानना चाहता था कि लाशों को चुराने वाला कौन है ? सो उसने स्वयं को, कब्र में ज़िंदा दफन करवा लिया ! आत्मा ने जैसे ही नई कब्र देखी उसे खोद कर, उस व्यक्ति की देह निकाल ली ! दफनाए गये व्यक्ति ने अपने कपड़े के अंदर, सीने में, समतल पत्थर छुपा कर रखा था ताकि कोई उसका सीना चीरना चाहे तो ऐसा ना कर सके, रास्ते में मिलने वाले दरख्तों की टहनियाँ पकड़ पकड़ कर वो व्यक्ति, स्वयं को अधिक भारी बनाने का यत्न करता रहा, जिसके कारण से आत्मा को, उसे ढोने में काफी मेहनत करना पड़ी और वो अपने घर पहुंचने तक थक कर चूर हो गई ! घर पहुंच कर आत्मा ने देह को फर्श पर फेंक दिया और थकान मिटाने के लिये सो गई, इसी दौरान उसकी पत्नि खाना पकाने के लिये लकड़ियाँ एकत्रित करने के लिये घर से बाहर चली गई !

मृत होने का नाटक कर रहे व्यक्ति ने जैसे ही आंखें खोल कर चारों तरफ का जायज़ा लिया, तो आत्मा के बच्चे चिल्लाये, पिता जी, पिता जी, उसने अपनी आंखें खोली थीं ! आत्मा ने कहा, बकवास मत करो, ये एक मृत देह है जो रास्ते में, कई दरख्तों की टहनियों में अटक / गिर गई थी, तभी मृत-देह बना हुआ व्यक्ति उठा, और उसने आत्मा तथा उसके बच्चों को मार डाला फिर जितना भी तेज होना संभव था, उतना ही तेज, वहाँ से भाग निकला ! रास्ते में आत्मा की पत्नि ने उसे देखा, पत्नि ने समझा कि उसका पति भाग रहा है, उसने पूछा, तुम कहां जा रहे हो ? उस व्यक्ति ने कोई जबाब नहीं दिया, केवल भागता रहा ! आत्मा की पत्नि को लगा कि कुछ ना कुछ अघट घट गया है, सो वो भी उसके पीछे भागने लगी ! व्यक्ति चिल्लाया, पर्वतो ऊपर उठो और कई पर्वत, ऊंचे उठ गये ! आत्मा की पत्नि पीछे छूटने लगी थी क्योंकि उसे कई पर्वतों पर चढ़ना था !

भागते हुए व्यक्ति ने एक छोटी सी जलधारा देखी, वो कूद कर उसे पार कर गया और पुनः चिल्लाया, दोनों किनारों तक बढ़ कर बहो ! इसके बाद आत्मा की पत्नि के लिये, उफनती हुई जलधारा को पार करना असंभव हो गया वो तेज आवाज़ में बोली, तुमने इसे कैसे पार किया ? व्यक्ति ने कहा, मैं इसका पानी पी गया था, तुम भी ऐसा ही करो ! आत्मा की पत्नि, पानी पीने लगी, जिसके कारण से उसका पेट फूलने लगा था ! व्यक्ति ने उसकी तरफ घूम कर कहा, देखो, तुम्हारे अंगरखे का कोना, तुम्हारे पैरों के बीच लटक रहा है ! आत्मा की पत्नि ने जैसे ही झुक कर नीचे देखना चाहा, दबाब से उसका पेट फट गया और उसके बाहर, भाप निकलने लगी, जो धुंध में तब्दील हो गई और...आज तक पहाड़ों में तैरती है !

इस इन्युइट आख्यान में किसी अनजान, पर्वत वासी, मुर्दाखोर व्यक्ति और उसके परिजनों से पीड़ित, गांव वालों के प्रतिक्रियात्मक व्यवहार का विवरण दिया गया है ! कब्रों से मृत देहों का गायब होना, मृतक और उसके सम्बन्धियों के भावुक जुड़ाव को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य माना जा सकता है, जिसके विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराधी की पहचान तदुपरांत दंड की व्यवस्था सहज सामाजिक व्यवहार है / अपराध निषेध की कार्यवाही है ! आख्यान कहता है कि आरोपी एक पर्वत आत्मा थी, तो सांकेतिक अर्थों में यह मान लिया जाए कि मृत देहों से आहार जुटाने वाला व्यक्ति और उसके परिजन, असामान्य व्यवहार करने वाले लोग हैं भले ही इसका कारण कुछ भी हो, चाहे बेरोजगारी, निर्धनता, दुर्भिक्ष या नर मांस खाने का शौक अथवा अन्य कोई भी कारण ! कहने का आशय ये है कि असामान्यता, मनुष्यों के लिये, मनुष्यवत ना होकर, आत्मा कदाचित प्रेतात्मावत है !

आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के प्रयास में, एक व्यक्ति स्वयं को, मौका-ए-वारदात में, मृत देह / चारे की तरह से प्रस्तुत कर देता है, वहाँ खतरा है सो अपने सीने को पत्थर के चपटे टुकड़े से संरक्षित कर लेता है, ये सहज सुलभ नैसर्गिक संसाधनों से निर्मित  कवच है, वस्तुतः अपराधी की खोज में निकले व्यक्ति की बुद्धिमत्ता / आत्मरक्षार्थ किये गये जतन का प्रमाण है ! खोजी व्यक्ति, मृत देह के अपहरण के दौरान, देह अपहर्ता आत्मा / व्यक्ति को थकाने का प्रयास करता है, ताकि सशक्त प्रतिकार की संभावनायें न्यूनतम की जा सकें ! कथा के अनुसार सारा घटनाक्रम खोजी व्यक्ति की अपेक्षाओं के अनुरूप घटता है और वो अपराधी को दंड देकर भाग निकलता है किन्तु अपराधी की पत्नि का दृष्टि भ्रम अब भी उसके सामने बाधक बन कर खडा हुआ है, वो भागता है और पीछा कर रही अपराधी की पत्नि के सामने पर्वतों और विशाल जलधाराओं की बाधायें खड़ी करता जाता है !

जनश्रुति का प्रथम पक्ष विशुद्धतः मुर्दाखोर परिवार की पहचान और अपराधीगण को दण्डित कर भागते हुए नायक की शौर्यगाथा को समर्पित है, किन्तु दूसरा पक्ष ये है कि पर्वतों में तिरती धुंध कैसे जन्मी होगी ? रुचिकर कथन ये कि उदर की गर्मी और उसमें समाहित पानी का मिश्रण भाप बन कर धुंध हो जाता है ! संभव है कि भोजन पकाने के दौरान, प्रज्ज्वलित आग में रखे खौलते पानी से निकलती हुई भाप इस निष्कर्ष का आधार बनी हो, या फिर पहाड़ों, घाटियों में मौजूद कोई तप्त जलकुंड इस निष्पत्ति का आधार बन गया हो ! बहरहाल अपने प्राकृतिक पर्यावास के प्रति सतत, सजग, चौकन्ने आदिम समुदाय के पर्यवेक्षणीय अनुभवों के प्रमाण बतौर, धुंध बनने का ये विवरण, इस कथा का महत्वपूर्ण बिंदु है !

सोमवार, 17 जुलाई 2017

उस पार वसंत

उस योद्धा की प्रेयसी की मृत्यु विवाह से ठीक पहले हो गई थी, हालांकि वह एक प्रतिष्ठित और भला इंसान था, किन्तु उसे मृत्यु ने ग़मगीन कर दिया ! वो समय पर खाने और सोने में असमर्थ था, यहां तक कि दोस्तों के साथ आखेट पर जाने के बजाय वो प्रेयसी की कब्र के पास शून्य में देखते हुए समय गुज़ारता ! एक दिन उसने बुजुर्गों से आत्मा के संसार के विषय में सुना और उस रास्ते के हर क्षण को गहनता से याद कर लिया ! उसे पता था कि आत्मा का संसार दक्षिण दिशा में है, सो उसने दक्षिण की ओर प्रस्थान कर दिया, यद्यपि दो सप्ताह तक चलते हुए भी उसे भूदृश्य में कोई परिवर्तन दिखाई नहीं दिया, जिससे पता चलता कि आत्मा का संसार निकट ही कहीं है !
चलते चलते वह जंगल से बाहर निकला और उसने देखा मैदान पर एक झोपड़ी बनी हुई है, जिसमें एक बुद्धिमान बूढा रहता था, उसने उस बूढ़े से दिशाओं के विषय में पूछा ! बूढा भली भांति जानता था कि यह वही / कौन योद्धा है ! उसने कहा कि उसकी वधु की आत्मा एक दिन पहले ही इस मार्ग से गुज़री है, योद्धा भी वहां जा सकता है, बशर्ते कि वो अपने शरीर को यहीं छोड़ कर अपनी आत्मा को उन डोंगियों तक ले जाए जो बड़ी झील के किनारे ठहरी हुई हैं, जहां से वे उसे आत्मा के संसार वाले टापू तक ले जायेंगी ! बूढ़े ने योद्धा से कहा कि वह तभी तक सुरक्षित रहेगा जब तक कि वह टापू तक पहुंचने से पहले अपनी वधु की आत्मा से बात नहीं करेगा !
बूढ़े ने मन्त्र पढ़े ! योद्धा ने अनुभव किया कि उसकी आत्मा उसके शरीर से बाहर आ गयी है और वो बड़ी झील के किनारे की डोंगी तक जा पहुंचा, उसने देखा कि उसकी वधु की आत्मा एक डोंगी पर बैठी हुई है, तो वो एक अलग डोंगी में बैठ कर डोंगी को झील में खेने लगा, उसने देखा कि उसकी वधु की आत्मा भी उसकी तरह से अपनी डोंगी का परिचालन करने लगी है ! वे दोनों एक ही डोंगी पर एक साथ इसलिए नहीं बैठे क्यों कि उन्हें मालूम था कि आत्मा के संसार तक एक आत्मा एक ही डोंगी में बैठ कर जा सकती है और जहां हरेक का व्यक्तिगत मूल्यांकन किया जाना होता है ! झील के मध्य तक पहुंचते पहुंचते एक तूफ़ान उठा और उन सभी आत्माओं की डोंगियों को उड़ा ले गया जो अपने जीवन काल में दुष्ट थे किन्तु योद्धा और उसकी प्रेयसी अच्छे लोग थे इसलिए वे दोनों अपनी डोंगियों सहित सुरक्षित बने रहे !
उसने देखा कि पानी उथला और पारदर्शी हो चला था ! वह द्वीप अत्यंत सुन्दर था वहां आस्मां साफ़ था और हर समय वसंत बिखरा रहता था ! ना ज्यादा गर्म और ना ही ज्यादा ठंडा ! उसने अपनी वधु का हाथ अपने हाथ में ले लिया बमुश्किल वह दस कदम ही साथ चले होंगे कि पीछे से एक मधुर आवाज़ आई, जो उसके जीवन स्वामी उसी बूढ़े की आवाज़ थी, जो कह रही थी कि योद्धा का समय अभी पूरा नहीं हुआ है, सो उसे वापस लौट आना चाहिए ! योद्धा सावधानी से वैसे ही वापस लौटा जैसे कि आगे बढ़ा था ! वहां से घर लौट कर वह एक महान मुखिया बना क्योंकि उसे मालूम था और वह आश्वस्त था कि कुछ समय वो बाद पुनः अपनी प्रेयसी से मिल / देख पायेगा !
अल्गोनक्यिन आदिवासियों की ये किंवदंती मूलतः जीवन और मृत्यु के दार्शनिक पक्ष को संबोधित है, कथा में नायक समर निपुण है किन्तु प्रेयसी की आसमयिक मृत्यु उसे जीवन के प्रति उदासीन बना देती है, प्रेयसी की कब्र के निकट बैठ कर  सतत शून्य / आकाश को निहारना उसकी मन:स्थिति का संकेत देती है, उसके जीवन में आई रिक्तता का विवरण देती है ! उसके लिये यह समय मृत्यु के बाद की परिस्थितियों के आकलन का समय है ! वो अनुभवी लोगों / वृद्धजनों से मृत्यु लोक के विवरण / दिशा ज्ञान आदि लेकर घर से निकल पड़ता है ! प्रवास के समय, गंतव्य स्थल के निर्धारण की अनिश्चितता इस आख्यान का महत्वपूर्ण कथन है !
जंगल के भटकाव की प्रतीकात्मकता के उपरान्त खुले सपाट मैदान में अनुभवी बूढ़े / ज्ञानी की उपस्थिति और मृत्यु लोक विषय विशेषज्ञ बतौर उसके साधारण से झोपड़े का संकेत / विवरण बेहद महत्वपूर्ण है ! जीवन समृद्धियों / विलासिताओं के उपरान्त ऐन मृत्यु के द्वार पर एक सहज सरल झोपड़ा, भारतीय परम्परा के उन ऋषियों / सिद्ध पुरुषों के वानप्रस्थी / सन्यस्त होने के जैसा, जो कि गार्हस्थ्य जीवन से मुक्ति यात्रा के दौरान इहलोक और परलोक की संधि रेखा में अभ्यास काल से गुज़र रहे हों ! अमेरिकन इन्डियन और भारतीय समाज के मध्य की भौगोलिक दूरियों के बावजूद मृत्यु के दर्शन का यह साम्य अद्भुत है, सम्पूर्ण विश्व में पसरी / व्यापी मानव जातियों के एक्य का प्रतीक !
बूढ़े ने मन्त्र पढ़े, दु:खी दिग्भ्रमित योद्धा की आत्मा को शरीर से मुक्त कर आत्माओं के संसार में भेजा जहां योद्धा की प्रेयसी अपनी मोक्ष यात्रा का अंतिम चरण पार करने वाली है ! एक आत्मा के लिये एक डोंगी जिसे स्वयं ही खेना है, तूफ़ान में बुरी आत्माओं के विनष्ट हो जाने, आसमान के बादल हीन होने और मृत्यु लोक के हमेशा वासंती बने रहने, मौसम साम्य तथा जल की पारदर्शिता जैसे कथन मृत्यु लोक की स्तुति के कथन हैं ! ये सारे इस आश्वस्ति के कथन हैं कि जीवन के बाद भी, भले लोगों के अनहद सुख और आह्लाद का एक संसार है ! अतः मृत्यु का शोक व्यर्थ है ! मृत्यु वास्तव में जीवन के उपरान्त का जीवन होने जैसी है, दैहिकता से आत्मिकता के सत्य की ओर ! 
कथा का नायक, जीवन और मृत्यु की इस दार्शनिक व्याख्या से संतुष्ट होकर, मृत्यु जनित प्रणय नैराश्य से मुक्त होकर, अपने समुदाय में अच्छे मुखिया की तरह से दायित्वों का निर्वहन करता है, क्योंकि उसे यह विश्वास हो गया है कि उसकी प्रेयसी और वो, अंततः मिलेंगे...हमेशा हमेशा के लिये, एक बेहतर और सुखकर दुनिया में ! 

गुरुवार, 4 अक्टूबर 2012

नन्हे बिस्तर की नींद ...!

उस मां का सात वर्षीय पुत्र , नन्हा , आकर्षक और इतने भले स्वभाव का , कि जो भी उसे देखे सो पसंद ही करे ! अपनी मां के लिये वो दुनिया में सबसे प्रिय , बेहद अनमोल शय ! एक दिन अचानक उसकी मृत्यु हो गई ...अब उसकी मां के पास सांत्वना की कोई राह नहीं थी...दिन रात आंसुओं में डूबी रहती , बहरहाल मृतक शिशु के अंतिम संस्कार के बाद , हर रात , वो उन स्थानों पर बैठते और खेलते हुए दिखाई देता , जो उसे जीवित रहते हुए प्रिय थे ! मां उसे देखती...आर्तनाद करती तो मां की तरह शिशु भी ! लेकिन सुबह होते होते वह अदृश्य हो जाता ! इससे आगे कहना ये कि मां का क्रंदन थमने का नाम ही नहीं ले रहा था...और एक रात वो अपनी उस सफ़ेद कमीज़ को पहने हुए प्रकट हुआ , जिसे पहने हुए उसे , उसके ताबूत में अंतिम विदाई दी गई थी !

अपने सिर पर पुष्पचक्र धारण किये हुए वो , अपनी मां के बिस्तर पर , उसके क़दमों के पास जा बैठा और उसने कहा , ओ मां , कृपया , अब रोना बंद कर दे वर्ना अपने ताबूत में , मैं चैन से सो नहीं सकूंगा , क्योंकि तेरे आंसू लगातार बहते हुए , मेरी कमीज़ को भिगोते रहेंगे और मैं इसके सूखे बिना , सो नहीं पाऊंगा ! उसकी इस बात ने मां को चौंका दिया और फिर उसने रोना बंद कर दिया ! अगली रात , मां के पास वो फिर आया , उसके हाथों में नन्ही रौशनी थी , उसने कहा , मां देखो , मेरी कमीज़ लगभग सूख गई है ! अब मैं अपनी समाधि में चैन से सो सकूंगा ! तब उसकी मां ने अपना सारा दुःख , धैर्य और शांति के साथ ईश्वर को समर्पित कर दिया तथा शिशु की मृत्यु को स्वीकार किया ! इसके बाद वो शिशु कभी वापस नहीं लौटा , धरती के आगोश में अपने नन्हे बिस्तर की नींद से... 

जर्मनी के इस आख्यान को हर्फ़ दर हर्फ़ बांचते हुए , हलक खुश्क हो जाता है , अंदर गहन अवसाद पैठ जाता है ! असीम दुःख गोया पूरे अस्तित्व में पसर गया हो , एक अज़ाब सा...उस मां का दुःख जैसे कथा के पाठक के दुःख से अभिन्न हो ! एक हंसमुख शिशु की मृत्यु के कथन को सहजता से स्वीकार करना कठिन होता है ! उम्र के मानदंड पर इसे मृत्यु की सामान्य स्थिति नहीं माना जा सकता ! कथा से गुज़रते हुए शोक की अनुभूति , कथा के विवेचन में विषयान्तर को विवश करती है , संभवतः ऐसा ही मेरे साथ भी घटित हुआ जो मैं सीधे सीधे कथा के मंतव्य पर चर्चा प्रारंभ नहीं कर सका ! इस आख्यान में स्वजनता के शीर्ष / चरम उद्धरण , मां और उसकी नन्ही संतति को आधार बना कर , मृत्यु की आकस्मिकता / अपरिहार्यता और आयु पर उसकी अ-निर्भरता का संकेत किया गया है ! 

अपने जीवन काल के प्रिय स्थानों से शिशु का मोह मृत्यु के उपरान्त भी बना हुआ है , सो इसे आत्मा की अतृप्ति और भटकाव का कथन माना जाए ! कब्र की शैया पर शिशु की गहन / चिर निद्रा को चैन की नींद सोना कहते हुए यह कथा आत्मा की मुक्ति की ओर इशारा करती है , जैसा कि मैंने पहले ही कहा है कि मां और पुत्र के परम आत्मीय संबंधों के संवेदनात्मक धरातल पर कही गई इस कथा में आंसुओं और आर्तनाद की निरंतरता , पुत्र की आत्मा को बार बार अपनी मां के पास लौटने पर विवश करती है ! उसकी आत्मा मुक्ति चाहती है पर मां का प्रेम उसे मुक्त नहीं होने देता ! वह अपनी मां के दुःख से दुखी होकर उसके आस पास भटकता रहता है ! संभव है कि मृत शिशु को दफनाते वक़्त जो कमीज़ पहनाई गई थी वो उसे और उसकी मां को प्रिय रही हो ?

गौर वर्ण जर्मन शिशु पर शुभ्र धवल वस्त्र का सौंदर्य शिशु के जीवन काल से लेकर उसकी मृत्यु के बाद तक उसके साथ बना रहे जैसा आशय ! मां के अंतहीन दुःख को ईश्वर को समर्पित कर , अघट के प्रति धैर्य / शांति बनाये रखने का सन्देश कमीज़...आंसुओं और नींद की प्रतीकात्मकता में अदभुत तरीके से मुखरित होता है ! उस कमीज़ में शिशु मां को अतिप्रिय रहा होगा या फिर कमीज़ शिशु को और कमीज़ में शिशु मां को ! मृत आत्मा की मुक्ति को चैन की नींद कह कर , ताबूत / समाधि को धरती के आगोश में नन्हा बिस्तर कहना जैसे कि मिट्टी ( देह ) का मिट्टी में मिल जाना ! मां अपने दुःख का परित्याग करे तभी शिशु की आत्मा उसके आंसुओं के सैलाब से निपट पायेगी और प्रस्थित हो सकेगी , शांत अंतिम निद्रा में लीन उस संसार की ओर जो ईश्वर रचित अंतिम सत्य हो सकता है ?

मंगलवार, 2 अक्टूबर 2012

नियतिवाद...!

राजा सालोमन का एक सेवक हांफते हुए दरबार में दाखिल हुआ और उसने राजा से कहा , कृपया मुझे आपका सबसे तेज घोड़ा कुछ समय के लिए प्रदान कीजिये ! राजा ने सेवक से पूछा कि ऐसा भला क्यों ? इस पर सेवक ने कहा कि मुझे रात घिर आने से पहले ही, यहां से दक्षिण दिशा में , दस मील दूर स्थित कस्बे में पहुंच जाना चाहिए ! ऐसा क्यों ? राजा ने सेवक से पुनः पूछा ! क्योंकि...कांपते / सिहरते / थरथराते हुए सेवक ने राजा से कहा ! अभी अभी मैं आपके बागीचे में मृत्यु से मिला हूं और जब उसने मेरे चेहरे को ताका तो मुझे यह सुनिश्चित हो गया है कि जब वह मुझ पर दावा करने आये तो मुझे उसके आस पास नहीं होना चाहिए ! 

बहुत अच्छे...तब तुम मेरे सबसे तेज घोड़े को ले जाओ , उसके खुर पंखों के समान हैं ! इसके बाद राजा सालोमन बागीचे में पहुंचे जहां उन्होंने मृत्यु को बैठे देखा, उसके चेहरे पर उलझन के भाव थे ! राजा ने पूछा क्या बात / गड़बड़ है ? मृत्यु ने राजा से कहा कि आज की रात , मुझे आपके एक सेवक के प्राण हरण करना है , किन्तु उसे मैंने अभी यहां , आपके बागीचे में देखा है जबकि मुझे उसके प्राण , यहां से दक्षिण दिशा में , दस मील दूर स्थित कस्बे में लेना है !  मुझे नहीं लगता कि वह रात होने तक उस जगह पर पहुंच पायेगा जब तक कि उसके पास पंखों जैसे खुरों वाला घोड़ा ना हो ... 

अमूमन लोक आख्यानों को आदिम समुदायों से जोड़ते हुए बांचा जाता है ऐसे में ये मुगालता पाल बैठना सहज ही है कि प्रारब्धवादी विश्वासों के प्रचलन और उनकी सामाजिक व्याप्तियों में आदिम कबीलों की अहम भूमिका रही होगी , गौर तलब है कि प्रस्तुत आख्यान का सम्बन्ध हीब्रू भाषाई समुदाय से है जोकि प्रथम दृष्टया यहूदी धार्मिक आस्थाओं का अनुपालन करता रहा है ! विषयान्तर ही सही पर यहां , यह याद कर लेना उचित होगा कि , इस्लाम / हिंदू / ईसाई / यहूदी / बौद्ध / जैन / सिख , जैसे धर्मों के अनुयाई दुनिया की कुल आबादी का 80 प्रतिशत हैं , और यह भी गौर तलब है कि इन सभी धर्मों की जन्मभूमि एशिया महाद्वीप है जोकि दुनिया के भूतल का केवल 29.4 प्रतिशत भाग है , जिसमें दुनिया की लगभग 60 प्रतिशत आबादी रहती है !

प्रमुख वैश्विक धर्मों की जन्म स्थली के रूप में एशियाई महाद्वीप को चिन्हित करने के बाद , अब इस आख्यान को समझना अपेक्षाकृत सहल होगा कि पश्चिमी देशों की जुबान में उल्लिखित , मध्य पूर्व एशिया , दक्षिण पूर्व एशिया , अपने आख्यानों में नियतिवाद को क्यों कर अभिव्यक्त करता है ! नि:संदेह आख्यानों में भाग्यवाद के एलिमेंट ( तत्व ) की मौजूदगी को आदिम कबीलों में , विशेष कर धर्म के प्रादुर्भाव से जोड़ कर देखा जाना चाहिए ! कहने का आशय यह है कि अगर आदिम समाजों में नियतिवाद मौजूद भी रहा होगा तो वह अपने स्थायी पैठ की प्रकृति वाला और अपने वर्तमान स्वरूप जितना प्रबल कदापि नहीं रहा होगा ! मेरा अपना अनुमान यह है कि मनुष्य के मन:संसार में ईश्वर निर्धारित जीवनचर्या और परिणामों के जन्म पूर्व निर्धारणवाद का खलल धर्मों की देन है !

प्रस्तुत आख्यान में राजा सालोमन कुलीनता का प्रतीक है , जोकि मृत्यु से उसकी उदासीनता का सबब पूछ सकता है और मृत्यु इतनी असहाय और अल्पज्ञानी...लगभग नश्वर मनुष्य जैसी कि उसे भी अनुमान लगाना पड़ रहा है कि राजा का सेवक अपनी मृत्यु के लिए तयशुदा स्थल तक पहुंच भी पायेगा कि नहीं ! राजा अपने सेवक के प्रति उदार है और वह पंख जैसे खुरों की सांकेतिकता वाले तीव्र गति के घोड़े को उसकी समस्या के निवारणार्थ सौंप देता है ! वो पहले सेवक के कथन पर विश्वास करता है और बाद में उसके कथन की पुष्टि हेतु अथवा जिज्ञासावश बागीचे में जा पहुंचता है ! कहने का आशय यह है कि सेवक अपनी मृत्यु को देख कर भयभीत है और उससे बचने के लिए वो अपने सदाशय / सुहृदय अभिजात्य राजा की सहायता लेता है !

सेवक को यह विश्वास है कि वह मृत्य से बच सकता है , वह घबराया हुआ है और अपने बचने के लिए एक दूर दराज़ का स्थान तथा निश्चित समय तय कर बैठता है जोकि उसके प्रारब्ध में उसकी मृत्यु के लिए पूर्व निर्धारित है ! संभवतः कथा यह संकेत देना चाहती है कि सेवक अपनी जान बचने के लिए वो सब कर्म कर रहा है जोकि उसके भाग्य में पूर्व निर्धारित हैं ! राजा , सेवक की मनवांछित सहायता करते हुए प्रारब्ध के होने में मददगार है ! इधर मृत्यु भी केवल अपना कर्म कर रही है , हालांकि वह एक दैवीय तत्व / शक्ति है...पर असमंजस में है कि सेवक निर्धारित समयावधि में निर्धारित स्थल तक पहुंचेगा भी कि नहीं ? भले ही यह बात आश्चर्यजनक लगे कि देवत्व को असमंजस ? ...पर कथा प्रारब्ध को , मृत्यु के देवत्व और उसके बोध / संज्ञान से श्रेष्ठ तो ठहरा ही देती है !

रविवार, 23 सितंबर 2012

मृत्यु ...!

कबीले का वो योद्धा शिकार को निकला था पर आने वाले कई दिनों तक वापस लौटा ही नहीं , उसके सबसे छोटे पुत्र को छोड़कर , सारे परिजनों ने यह मान लिया कि उसकी मृत्यु हो गई होगी ! छोटा पुत्र प्रतिदिन पूछता , मेरे पिता जी कहां हैं ? योद्धा के बड़े पुत्र जो कि जादूगर थे , गुमशुद / मृत पिता की खोज में जंगल की ओर निकले ! आखिरकार वे अपने पिता के टूटे भले और हड्डियों के ढेर तक जा पहुंचे ! सबसे बड़े पुत्र ने एकत्रित हड्डियों को नरकंकाल का आकार दिया और दूसरे पुत्र ने उन पर मांस चढ़ाया जबकि तीसरे पुत्र ने उस मांस पर प्राण फूंके और इस तरह से योद्धा पुनः जीवित हो गया !

जीवित होकर योद्धा , गांव की ओर प्रस्थित हुआ , जहां उसकी वापसी को लेकर , एक शानदार जश्न मनाया गया !  इस अवसर पर योद्धा ने कहा , जो व्यक्ति मुझे जीवन में वापस लाया है , मैं उस एक , बेहतरीन उपहार दूंगा , यह सुनकर उसके , तीनो बड़े पुत्र चिल्लाये , वो उपहार मुझे दो , मुझे दो , ओ पिता , आपकी वापसी में मेरा योगदान सबसे ज़्यादा है !  इस पर योद्धा ने कहा , मैं वो उपहार अपने सबसे छोटे पुत्र को दूंगा , उसे ही , जिसने मेरे जीवन की रक्षा की है , एक इंसान वास्तव में तब तक नहीं मरता जब तक कि उसे भुला ना दिया जाये !

पश्चिमी अफ्रीका के इस आख्यान में छुपे जीवन दर्शन पर नज़र डालने से पहले यह गौर करना ज़रुरी है कि प्रारंभिक समाजों में मनुष्य का जीवन मौसमी वर्षा आधारित कृषि अथवा वनस्थलियों में किये गये आखेट पर निर्भर था , अल्प या अतिवृष्टि के हालात में उसका जीवन यदि कठिन था तो अवृष्टि के समय में इसे कठिनतम कहा जा सकता है ! उन दिनों , उसके आखेट के हथियार अपरिष्कृत कोटि के हुआ करते थे , वन्य पशुओं से प्रतिदिन की भिडंत में जीवन मृत्यु की अनिश्चितता तो खैर थी ही !  कभी किसी दिन शिकार मिलता तो कभी हाथ खाली भी ! 

जीवन को लेकर अनिश्चिता भरे इस काल खंड में आखेट से नहीं लौटे योद्धा का अंतिम संस्कार कर दिया जाना , एक आम बात थी , तब सारे परिजन , सारे गांव वासी , सहज स्वीकार कर लेते कि वन्य जंतुओं ने उस योद्धा को अंतिम विदाई दे दी होगी , यानि कि आखेटक की वापसी के लिए लंबी प्रतीक्षा औचित्यहीन मान ली जाया करती ! इस कथा में बड़े पुत्रों को जादूगर कहा गया है , जिसे शब्दशः स्वीकार करना कठिन है पर वे लोग ग्राम्य श्रेणी के वैद्य तुल्य ज़रूर रहे होंगे जो , किसी घायल की हड्डियों की टूट फूट और रक्तस्राव आदि की रोकथाम / उपचार करने में सक्षम रहे होंगे ! 

यह मान लेना उचित नहीं होगा कि वो योद्धा एक बार मर कर पुनः जीवित हुआ और इसमें उसके तीन बड़े पुत्रों की जादूगरी का योगदान था , संभव है कि योद्धा घायल रहा हो और उसे बचा पाने का उपक्रम इसलिए सफल हुआ हो कि उसे समय पर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त हो गयी हो ... तो मुद्दा शेष ये कि योद्धा की चिकित्सा करने वाले से पुत्रों से अधिक महत्त्व उस छोटे पुत्र का हुआ जो कि अपने पिता को निरंतर याद करता रहा , जिसने अपने पिता को कभी भी मृत नहीं माना और जिसके आग्रह के प्रभाववश पिता की खोज परख और सुश्रुषा संभव हुई ! 

तथ्य यह है कि योद्धा को उसके सारे परिजन प्रचलित परिपाटी के अनुसार मृत मान चुके थे और अगर वह सशरीर जीवित बना रहा तो इसमें उसके सबसे छोटे पुत्र का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण हुआ , क्योंकि उसकी स्मृतियों में जीवित बने रहने और उसके निरंतर आग्रह के कारण ही पिता के जीवन की रक्षा संभव हुई , अतः पिता का यह निर्णय अत्यधिक चिंतनपरक है कि एक इंसान तब तक नहीं मरता जब तक कि उसे भुला ना दिया जाये !   मेरे तईं लगभग अनक्षर समाज के उस योद्धा के इस कथन को देहेतर मृत्यु के परिप्रेक्ष्य में भी देखा सकता है !

शनिवार, 18 अगस्त 2012

श्वान और मृत्यु...!

शुरुवाती दिनों में लोग , मृत्यु के भय के बिना खुशी खुशी रहते थे ! हुआ ये कि एक सुबह ईश्वर इमाना , मृत्यु का पीछा कर रहे थे ताकि वे  उसे , मनुष्यों की भूमि से बाहर निष्कासित कर दे ! ईश्वर , मृत्यु को लगभग पकड़ने ही वाले थे कि मृत्यु ने एक श्वान पर आधिपत्य जमा लिया और फिर श्वान भागते हुए एक छोटी सी झोपड़ी में जा घुसा , जहां एक वृद्ध स्त्री अलाव के निकट बैठ कर स्वयं को गर्म रखने का यत्न कर रही थी ! मृत्यु ने वृद्धा से कहा कि मुझे छुपा लो , यदि ईश्वर मुझे खोजते हुए यहां आये और मेरे बारे में पूछे तो कह देना कि मृत्यु यहां नहीं है ! एक श्वान को बोलते देखकर वृद्धा आश्चर्य चकित हुई तथा उसने , उसे अपने बिस्तर के नीचे छुपा दिया और स्वयं झोपड़ी के द्वार पर आकर बैठ गयी ! 

इधर मृत्यु का पीछा करते हुए ,  अचानक ईश्वर तीव्र गति से प्रकट हुए और वृद्ध स्त्री को देखकर ठिठके , उन्होंने स्त्री से पूछा , क्या आपने मृत्यु को देखा है ?  स्त्री ने कहा नहीं ,  श्रीमान ,  मुझे कम दिखाई देता है , मृत्यु यहां नहीं है ,  हो सकता है कि , वह यहां से भागते हुए निकल गयी हो !  लेकिन ईश्वर सर्वज्ञानी थे , सो उन्होंने कहा , चूंकि , आपने मृत्यु को छुपाया है  , इसलिये आज से वह आप पर आरोपित हुई !  आख्यान से स्पष्ट तथ्य यह कि वृद्ध स्त्री , एक श्वान की प्राण रक्षा के यत्न में मनुष्य जाति का अमरत्व गवां बैठी , यदि उसने ईश्वर से झूठ नहीं बोला होता तो मनुष्य की नियति में मृत्यु सम्मिलित ही नहीं थी ! 

इस अफ्रीकी आख्यान के बरअक्स तंजानिया में ही प्रचलित आख्यान कहता है कि ,  बहुत पहले एक निर्धन व्यक्ति के पास ना तो रहने की कोई जगह थी और ना ही करने के लिए कोई उद्यम !  अतः वह अपने कुत्ते के साथ गांव के मुखिया के पास जा पहुंचा , मुखिया ने गर्मजोशी से उसका स्वागत किया और उसे अपने परिवार के सदस्य की तरह से रहने की जगह दी तथा उन दोनों के लिए भोजन की व्यवस्था की !  कालांतर में मुखिया का शत्रु रात्रि के समय मुखिया को जान से मारने के लिए आया , किन्तु कुत्ते के भौंकने से सब जाग गये और मुखिया की जान बच गयी ! 

इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि , अपनी मृत्यु के लिए पशुओं को दोषी ठहराने की कथायें गढ़ना , मनुष्य का प्रिय शगल रहा है , जहां पहली कथा मृत्यु के आधिपत्य / वश में फंस गये श्वान के बहाने मनुष्य की अनश्वरता को आख्यायित करती है , वहीं दूसरी कथा का श्वान सारे विश्व का सर्वप्रिय / भरोसेमंद पालतू जीव है और मनुष्य के समाज में उसकी विश्वसनीयता की गाथायें प्रचुरता से कही / सुनी जाती हैं ! इस नज़रिये से वृद्धा द्वारा श्वान को आश्रय दिया अत्यंत सहज और स्वाभाविक बात है , किन्तु उल्लेखनीय बात यह कि , शरणदाता का सहज व्यवहार शरणदाता पर भावी आपदा का कारण भी हो सकता है ! 

कथा में मानव समाज के भरोसेमंद पालतू के शरणागत होने का सम्मान करने वाली वृद्ध स्त्री ने आगंतुक ईश्वर से केवल एक झूठ बोला कि मृत्यु , संभवतः वहां से गुज़र गयी हो, उसने मृत्यु की आवाजाही को नहीं देखा, क्योंकि उसे कम दिखाई देता है !  ईश्वर को झूठ अप्रिय है , अतः उन्होंने मानव जाति पर मृत्यु को आरोपित करने में क्षण मात्र की भी देरी नहीं की, हालांकि वे मृत्यु को मानव जाति से दूर रखने की कवायद के अधीन मृत्यु का पीछा कर रहे थे ! संभव है , ईश्वर का यही भाव कि वो जिस मानव जाति का कल्याण करने जा रहे हैं , वो ईश्वर की सदाशयता के लिए सर्वथा अपात्र है , ईश्वर , उसके हित में जिस मृत्यु का निषेध चाहते थे मनुष्य उसी का हितरक्षक बन अमरत्व का निषेध कर बैठा !

इस आख्यान से प्रथम दृष्टया 'श्वान की मृत्यु' के कथन वाला हास्य बोध भले ही उपजता हो , पर स्पष्ट सन्देश यह है कि ईश्वर , मनुष्य की अवज्ञाओं से कुपित होकर ही उसे दण्डित करते हैं  , अन्यथा वे तो उसे अमरत्व प्रदान करने के लिए भी संकल्पित थे ! यहां ईश्वर मनुष्य के  हितचिन्तक हैं ,  किन्तु मनुष्य अपनी अयोग्यता / विफलता के चलते उनकी अनुकम्पा से विरत बना रहता है ! अतः प्रतीत यह होता है कि यह कथा सांकेतिक रूप से सम्यक / उचित निर्णय लेने में मनुष्य की निर्योग्यता को रेखांकित करती है !

शनिवार, 11 अगस्त 2012

खरगोश के होंठ...चांद के दाग !

एक बार चांद ने खरगोश को धरती पर मनुष्यों को , ये सन्देश देने के लिए भेजा कि जिस तरह से ‘चांद मरता है और फिर से जी उठता है , उसी तरह से मनुष्य भी मर कर पुनः जी उठेगा’ !  किन्तु खरगोश ने स्मृति विलोपन अथवा द्वेष वश , मनुष्य तक पहुंचाने के लिए सौंपे गए सन्देश को यथावत कहने के बजाये मनुष्य से कहा , ‘चांद जीता और मरता है , सो मनुष्य को मृत्यु के बाद और अधिक नहीं जीना होगा’ !  सन्देश देकर वापस लौटे खरगोश से चांद ने सन्देश पहुंचाने की अद्यतन स्थिति जाननी चाही , तो पहुंचाये गए सन्देश की वास्तविक स्थिति जानकर , चांद बहुत नाराज हुआ और उसने कुल्हाड़ी से खरगोश के सिर पर प्रहार किया , किन्तु कुल्हाड़ी का हत्था छोटा होने के कारण वह खरगोश के सिर के बजाये , ऊपरी होंठ पर जा लगी , जिससे खरगोश के ऊपरी होंठ पर गहरा घाव बन गया !   चांद के इस व्यवहार से क्षुब्ध होकर खरगोश ने अपने पंजों से चांद का मुंह नोच डाला ! इसीलिए हम देखते हैं कि खरगोश के ऊपरी होंठों पर कटा होने का चिन्ह और चांद के चेहरे पर काले काले दाग ! 

ज़ुलु आदिवासियों में मानव मृत्यु की इस कथा के दो और संस्करण मौजूद है , जिसमें से एक के अनुसार चांद ने खरगोश को मनुष्यों को यह कहने के लिए भेजा कि ‘जिस तरह से मैं मर कर पुनः जीवित हो जाता हूं उसी तरह से मनुष्य भी मरकर जी उठेगा’ लेकिन खरगोश ने मनुष्य को धोखा दिया , उसने कहा कि ‘जिस तरह से मैं मरकर नष्ट हो जाता हूं उसी तरह से तुम भी मरकर नष्ट हो जाओगे’ !  कथा का दूसरा ज़ुलु संस्करण कहता है कि , अपने आध्यात्मिक / अलौकिक संसार के सिंहासन से उठकर ईश्वर ने मनुष्य , पशु और अन्य सभी वस्तुयें बनाई इसके बाद उसने गिरगिट को मनुष्यों को यह बताने के लिए भेजा कि ‘मनुष्य की मृत्यु नहीं होगी’ किन्तु गिरगिट धीरे धीरे / देर लगाते हुए , रास्ते की झाड़ियों की पत्तियों को खाते हुए चला ! कुछ समय बाद ईश्वर ने सलमंदर ( समंदर / अग्नि छिपकली / ड्रेगन सदृश्य जीव ) को मनुष्यों को ये बताने के लिए भेजा कि ‘मनुष्य की मृत्यु होगी’ इस सन्देश लेकर, सलमंदर उसी रास्ते से निकली, किन्तु गिरगिट से पहले ही मनुष्यों तक जा पहुंची और उसने मनुष्यों से कहा ‘तुम्हारी मृत्यु हुआ करेगी‘ !

मृत्यु की ये कथा मसाई आदिवासियों की कथा से मिलती जुलती है , किन्तु यहां पर ईश्वर और मनुष्य के मध्य एक सन्देश वाहक के रूप में खरगोश / गिरगिट / छिपकली मौजूद है , जबकि मसाई कथा में ईश्वर मनुष्य से सीधा आलाप करता है ! वहां पर मृत्यु ईश्वर की अनुकम्पा प्राप्ति से चूक जाने वाली मनुष्य की स्वयं की भूल थी लेकिन ज़ुलु कथाओं में मृत्यु 'सन्देश वाहक के द्वारा पहुंचाये गए सन्देश' की परिणति मानी जायेगी !  एक सन्देश वाहक / गिरगिट की सुस्ती और दूसरे सन्देश वाहक / छिपकली की फुर्ती का अंतर , ईश्वरीय सन्देश के नश्वरता वाले अंश को मनुष्य की नियति बना देता है !  इसी प्रकार खरगोश के रूप में संदेशवाहक की स्वयं की मानसिक मलिनता / धोखेबाजी , अंततः मनुष्य की अनित्यता को निर्धारित कर देती है ! यह आख्यान , सन्देश की विद्रूपता / विरूपता को मनुष्य की मृत्यु का जिम्मेदार ठहराता है !  इस कथा में ईश्वर को सृष्टि का सृजनकर्ता और मनुष्य के लिए अमरता की भावना रखने वाला बताया गया है , किन्तु मनुष्य , संदेशवाहक की कुटिलता के चलते अमरत्व को खो बैठता है !

स्पष्ट तथ्य यह है कि प्राप्तियों / उपलब्धियों बनाम अप्राप्तियों / असफलताओं के निर्धारण में मध्यस्थ की भूमिकाओं का महत्व रेखांकित करते हुए यह कथा हमें यह समझाने का यत्न करती है कि , ईश्वर के सारे दूत मनुष्य के हितचिन्तक माने जाना उचित नहीं होगा , खासकर तब जबकि दूत स्वयं उसी जीवनचर्या से गुज़र रहा हो तो !  इस कथा का चांद ईश्वरीय संस्थिति रखता है , वह मनुष्य को अमरत्व दे सकता है , किन्तु परिस्थितियां मनुष्य के अनुकूल नहीं हैं और संदेशवाहक मनुष्य के लिए अपने जैसा क्षणभंगुर जीवन चाहता है !  चांद के दाग और खरगोश के होठों के बारे में कथा का सुझाव बेहद रोचक है , यहां पर एक सन्देश वाहक अपने स्वामी तुल्य / ईश्वर तुल्य / सन्देशदाता के व्यवहार से क्षुब्ध हो सकता है , उस पर पलटवार कर सकता है और चांद के रूप में ईश्वर स्वयं , सन्देश वाहक पर कुपित होकर ऐन मनुष्यों जैसा व्यवहार करता है , निश्चय ही मनुष्य के आख्यान , उसकी अतृप्त कामनाओं / उसकी वंचितताओं की टीस और कमोबेश उसके स्वयं के स्वभाव को ही अभिव्यक्ति करते हैं !

बुधवार, 8 अगस्त 2012

लापता...सोये और जागे हुए लोग !

ये कथा दुनिया में मृत्यु के आगमन के विषय में है ! कहते हैं कि सृष्टि के प्रारम्भ में मृत्यु नहीं थी ! नैतेरू-कोप, जोकि सृष्टि के रचयिता हैं, वे धरती पर जिस प्रथम मनुष्य को लेकर आये, उसका नाम लीयिओ था ! नैतेरू-कोप ने लीयिओ से कहा जब धरती पर किसी मनुष्य की मृत्यु हो जाये और उसकी देह का निपटारा / अंतिम संस्कार किया जाना हो तो, याद से कहना कि ‘मनुष्य मरता है तो लौटकर आता है, चंद्रमा मरता है तो दूर ही रहता है‘ ! कालान्तर में जब पड़ोसी के बच्चे की मृत्यु हुई तो उसकी देह के निपटान के लिये लीयिओ को बुलाया गया ! घर से बाहर, मृत बच्चे की देह का संस्कार करते वक़्त लीयिओ से एक गलती हुई, उसने कहा ‘चंद्रमा मरता है तो लौटकर आता है, मनुष्य मरता है तो दूर ही रहता है’ ! सो इसके बाद से दुनिया में कोई भी मनुष्य मृत्युपाश से नहीं बच सका !

इसके कुछ माह बाद स्वयं लीयिओ के बच्चे की मृत्यु हुई तो वह उसकी देह को संस्कार के लिए बाहर लाया और कहा ‘मनुष्य मरता है तो लौटकर आता है, चंद्रमा मरता है तो दूर ही रहता है‘ ! इसे सुनकर नैतेरू-कोप ने लीयिओ से कहा, तुम्हारी स्वयं की गलती की कारण से, अब बहुत देर हो चुकी है ! दुनिया में मृत्यु की उत्पत्ति उसी दिन हो चुकी थी, जिस दिन तुम्हारे पड़ोसी के बच्चे की मृत्यु हुई थी ! कहने का आशय यह है कि, मृत्यु लीयिओ के त्रुटिपूर्ण कथन के कारण से दुनिया में आई और अब, जब भी कोई मनुष्य मरता है, तो लौट कर नहीं आता जबकि चंद्रमा मरता है तो लौटकर वापस आता है ! स्मरण रहे कि मसाई लोग मृत शब्द का प्रयोग कभी नहीं करते, युवा मृत्यु के प्रकरण में वे ‘लापता’ और वृद्धजन की मृत्यु के लिए ‘सोया हुआ’ शब्द का प्रयोग करते हैं  !

मसाई आदिवासियों की इस लोक कथा के बारे में काफी पहले पढ़ा था , मृत्यु के विरुद्ध अमरता वाली मसाई फीलिंग्स से हटकर एक कथा मैडागास्कर में भी प्रचलित है , जिसमें मनुष्य की मृत्यु को केले के पौधे की तरह से वर्णित किया गया है, उस कथा में चन्द्रमा की मृत्यु और उसके क्रमिक पुनर्जीवन के चलते सौन्दर्यशाली चंद्रमा की अमरता को, उसके एकाकीपन तथा उसके नीरसता पूर्ण जीवन से जोड़ा गया है !  कथा के अनुसार ईश्वर ने धरती के प्रथम पति पत्नी से पूछा कि वे किस तरह की मृत्यु चाहेंगे, चंद्रमा की तरह से धीरे धीरे क्षय होने के उपरान्त पुनः धीरे धीरे पुनर्जीवन पाने और अमर बने रहने वाली अथवा केले के पौधे की तरह से ? पति पत्नी ईश्वर के प्रश्न को ठीक से समझे नहीं तो ईश्वर ने उन्हें समझाया कि केला सदैव के लिए मृत हो जाता है, वह चंद्रमा की तरह से पुनर्जीवन नहीं पाता बल्कि उसकी मृत हो जाने वाली देह से अन्य संततियां (केले के पौधे) जन्म लेती हैं !

गहन चिंतन के उपरान्त पति पत्नी ने तय किया कि वे चंद्रमा की तरह की उबाऊ / एकरसता वाली (मृत्यु )अमरता नहीं चाहेंगे, क्योंकि इस अमरता में नवजीवन नहीं है, दूसरा कोई साथी भी नहीं है, प्रेम और खुशियाँ भी नहीं हैं, जबकि केले के पौधे की मृत्यु में नवजीवन का आनंद है !  केले की तरह की मृत्यु के उपरान्त नये जीवन को धरती में लाने का चमत्कार है, नई संततियों में प्रेम और लगावट के अवसर हैं, यहां नीरसता नहीं है, अकेलापन भी नहीं है ! धरती के इस प्रथम जोड़े ने अस्थाई सहवास चुना ! अमरता के बदले उन्होंने ईश्वर से, वह मृत्यु चाही जो नवजीवन अपने पीछे छोड़ कर जाती है और यह क्रम अनोखी अमरता को जन्म देता है, जिसमें खुशियाँ और प्रेम सदैव जीवित रहते हैं ! उन्होंने देहों की नश्वरता और सह अस्तित्व को चुना ! अनेकता और बहुलता को चुना!  

अगर गौर से इन दोनों कथाओं को देखें तो हम पायेंगे कि मसाई समुदाय, मृत्यु को प्रथम पुरुष की कथनगत त्रुटि का परिणाम मानता है ! उसमें, सृष्टिकर्ता द्वारा प्रदत्त वचन की अमरता नहीं मिल पाने की टीस है ! वहां त्रुटि के निवारण की असंभावना वाली कथागत अमरता है ! मृत्यु, एक मानवीय भूल है ! इसके बरअक्स, मैडागास्कर के आख्यान वाला, प्रथम जोड़ा ईश्वरीय वरदान में से, स्वयं सोच समझकर नश्वरता को चुनता है !  मृत्यु के विषय में कहे गए इन दोनों आख्यानों में अमरत्व प्राप्त चंद्रमा और सृष्टि रचयिता ईश्वर के उपहार / कृपा की संभावना समान रूप से मौजूद है, परन्तु सचेत और लापरवाह निर्णय का अंतर स्पष्ट दिखाई देता है ! मृत्यु की दार्शनिक व्याख्या बतौर मैडागास्कर की कथा, मसाई कथा से अधिक प्रभावशील प्रतीत होती है !  यहां चंद्रमा और ईश्वर के रूप में अनंत निरंतर प्रकृति है तथा नश्वर देह के रूप में मनुष्य भी, पर अंतर है तो केवल दृष्टिकोण का...!


{ निशांत मिश्र जी संदेशपरक आख्यानों/बोधकथाओं के ओलिम्पियन हैं ! जुलाई महीने के आखिर में मृत्यु बाबत उनका एक लिंक देखने का अवसर मिला ! इरादा था कि आलेख वाली कथाओं के लिंक उन्हें दे दूं पर पता नहीं बात कैसे आई गई हो गई ! यह आलेख निशांत जी को समर्पित तथा उनसे प्रेरित माना जाए }

मंगलवार, 18 मई 2010

कहां तुम चले गये ...



पिछले  दिनों  की  तरह  कल  फिर  से  क़हर  टूटा ... कुछ  और  जिंदगियां ...ना  रहीं  !  अम्मा  के  सीनें  में दफन  एक   और  लैंडमाइंस  अबकी  बार  यात्री  बस  के  लिये  नियत  की  गयी  थी ...इसमें  नागरिकों  के साथ  एसपीओ , कोया कमांडोज...क्यों  और  कहां  से  बैठे  ये  सब  तो  उनके  अधिकारी  तय  करेंगे ...लेकिन यह  निश्चित  है  कि  इसकी  सूचना  नक्सलवादियों  को  पहले  से  ही  थी ...इसके  बाद  सरकारें ...उनके कारिंदे ...निर्णय  लेंगे ...लेते  रहेंगे  कि  चूक  कहां  पर  हुई ...मुआवजे  की  घोषणायें ...श्रद्धांजलियां ...आह जिंदगियां  असमय ...मैं  भी  उदास  हूं  फिर  से  ...फिलहाल  उनके  लिये....कल  शायद  कोई  और  उदास होगा ...?  कुछ   और  कलेजे  फट  जायेंगे ... स्मृतियां  फफोलों  सी  हर  दिल  में  उभरती  रहा  करेंगी ... 
चिट्ठी ना कोई सन्देश 
जाने वो कौन सा देश जहां तुम चले गये 
इस दिल पे लगा के ठेस जाने वो  कौन सा  देश 
जहां तुम चले गये 
इक आह भरी होगी हमने ना सुनी होगी
जाते जाते तुमने आवाज तो दी होगी
हर वक़्त यही है गम. उस वक़्त कहां थे हम 
कहां तुम चले गये 
चिट्ठी ना कोइ सन्देश ...
हर चीज़  पे  अश्को से  लिखा है तुम्हारा नाम 
ये रास्ते घर गलियां तुम्हें कर ना सके सलाम 
है  दिल में  रह गई बात. जल्दी से छुडा कर हाथ 
कहां  तुम चले गये ...
अब यादों  के कांटे इस दिल मे चुभते  हैं    
ना दर्द ठहरता है ना आंसू रुकते हैं 
तुम्हे ढूंढ रहा है प्यार हम कैसे करें इक़रार 
कहां  तुम चले गये...

( शायर से क्षमा प्रार्थना सहित पंक्तियां उद्धृत कर रहा हूं ) 

शुक्रवार, 8 जनवरी 2010

हमसे इंसान नहीं सधते.. उन्होंने प्रेत साध रखे हैं !

कितनी  अजीब बात है  जब भी  कोई फिल्म  देखता हूं  नायिका पलक झपकते ही मेरी बांहों में सिमटी सिमटी नजर आती है मेरी  धडकनें उसके अहसास से रफ़्तार पाती हैं और बदन गोया उसके जिस्म की खुशबू से नहा उठता हो ! उस वक्त स्क्रीन पर मेरे सिवा कोई 'दूसरा' कहां होता है ! कई बार सोचता हूं डायरेक्टर नें हीरो को बेवजह कास्ट किया , कमबख्त पैसे लेकर भी मोहब्बत का नाटक करता है ... यहां... मैं हूं  जो धेला पाये बिना मुहब्बत में गिरफ्तार हूं और यकीन जानिए ज़र्रा बराबर  भी नाटक नहीं कर रहा हूं ! कुछ घंटे बाद भले ही फिल्म ख़त्म...ख्वाब चूर के  हालात में सिनेमा हाल छोड़ना पड़े पर मुहब्बत का नशा घंटों तारी रहता है एक बेहद खुशनुमा  एहसास  !  फिर  ख्याल  आता है अगर  आभासी दुनिया में मुहब्बत जिन्दगी को इतना पुरलुत्फ़ कर जाती है तो क्या वजह है कि असल जिन्दगी में मुहब्बत...का कोई बेहतरीन रोल ना हो  ? बाहर सड़क पर बच्चे , बूढ़े और ...ना जाने कितने लोग ...भांति भांति के लोग ... झुण्ड  की शक्ल में खरामा खरामा आगे बढ़ते हैं और मुझे इनसे कोई शिकायत नहीं ! मैं इश्क में ...हूं ...जेहन फिर भटकता है...ये बच्चे जवान  होने पर  मुझ 'से' हो जायेंगे तब नायिका इनके सीनों में जिन्दगी के / आह्लाद के सुर फूंक रही होंगी और ...और वे बूढ़े...?  वे भी तो कभी ...? एक शानदार रिश्ता बूढ़े बच्चों और मेरे दरमियान कायम हो चुका है ...मैं इश्क में मुब्तिला हूं और मेरे अन्दर कहीं  वे  सब भी इश्क में मुब्तिला हैं  !  लम्हा दर लम्हा दुनिया बेहद खूबसूरत हो चली है  मुझे पता नहीं उनके कपडे , उनके जज्बात ,उनके मजाहिब और उनकी जुबाने मुझसे मैच करती हैं  की नहीं  ?  लेकिन ...फिलहाल  वे हैं ...मैं हूं ... और इश्क है  ! यानि कि ... इश्क है और हम हैं फिर हमारे दरमियान किसी जुबान ...किसी मजहब ....किसी... किसी और किसी  ?  की जरुरत भी कहां है ?
बहुत दिनों से  कुछ लिखा नहीं दोस्तों का ख्याल है जरुर लिखना चाहिए पर इश्क का अहसास लिखने नहीं देता  मुझे  ! सोचता हूं  रेत में मुंह छुपा कर शुतुरमुर्ग बन जाऊं ?  सच का सामना करने का साहस  नहीं है  मुझमें , वहां सिनेमा हाल के अन्दर और बाहर सारे 'अपरिचित अपने' थे लेकिन यहां 'बहुतेरे परिचित' पानी पी पी कर मेरी जात पूछने पर उतारू हैं ! वे ढूंढना चाहते हैं मेरे माथे पर स्याह या केसरिया निशानों को !  उनके निशाने  पर हैं मेरे कपडे , मेरी जुबान ...क्या लिखूं और क्यों लिखूं ..वे परिचित जरुर हैं पर उन्हें मेरी लिखावट में  खास तरह की आदमखोर गंध की तलाश है ...वो मुझमें मुहब्बत और इंसान की खोज नहीं करते उन्हें  मेरी सांसों में बारूद और हांथों में खून के संकेत सूंघने हैं ! वहां कितना खुश हूं मैं जहाँ सारे अपरिचित बिना लाग लपेट इश्क में मुब्तिला हैं और यहां...?    यहां तो मेरा दम घुटता है ! कितने परिचित ?  कितने सारे परिचित ... इंसानों के दरमियान फर्क करने के नए नए तरीके इजाद करने में  मुब्तिला है  ? आखिर कौन हैं वे 'ताकतें' जिन्होंने इन जीते जागते इंसानों को प्रेत बना डाला है !  इधर हम हैं हमसे इंसान नहीं सधते उन्होंने प्रेत साध रखे हैं ...फिलहाल मैं वापिस जा  रहा हूं  !  उन अपरिचितों से मुझे बड़ी उम्मीदें हैं  !  उन्हें इश्क है ! मुझे इश्क  है  !...और एक दिन हम सब मिलकर सारे परिचित जीवन  प्रेत बाधा से मुक्त   करा लेंगे  !