नव-ज्ञान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नव-ज्ञान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 6 अक्टूबर 2019

मैंने रखा है मुहब्बत...1


उसका नाम चाहे जो भी हो, पर उसे मुहब्बत थी, इक सुफैद पोश से । यूं तो वो ‘केइ’ द्वीप का रहने वाला था...और वज़ूद बचाये रखने की गरज से शिकारी भी । उस रोज उसका मददगार कुत्ता गहरी घाटी में जा गिरा जिसे बचाने की गरज़ से वो खुद भी जैसे तैसे घाटी के निचले हिस्से में जा पहुंचा जहां उसकी मुलाकात एक बूढ़ी औरत से हुई जोकि उसी घाटी में रहती थी । बूढ़ी ने उसे भूखा जान कर खाने के लिए कंद और अधकच्चे चावल परोसने चाहे तो उसने कहा, चावल मुझे पकाने दो और फिर उसने लकड़ियों की मद्धम आंच में चावल पकाये जिनकी खुशबू पूरी घाटी में फ़ैल गई । बहरहाल भूखे को खाने की पेशकश और कच्चे चावलों को बेहतरीन तरीके से पकाने की कला के दरम्यान इश्क जाग उट्ठा और उन दोनों ने शादी कर ली । 
उधर घाटी में ये खबर दूर दूर तक फ़ैल गई कि चावलों को पकाने का कोई खास तरीका भी हो सकता है । जिन्हें सीखने की चाहत थी शिकारी उन सबको अपने हुनर से आगाह करने लगा । जब कुछ वक्त गुज़रा तो उसे अपने पुश्तैनी गांव की याद सताने लगी । उसने घाटी से वापस, अपने घर लौटने का फैसला कर लिया । उसकी बूढ़ी बीबी उसके साथ उसके गांव आने के लिए तैयार थी पर रास्ते में उन दोनों में झगड़ा हो गया जो शायद अपने घर वापस जाने और अपना घर छूट जाने वाली मुहब्बतों का झगड़ा रहा होगा। शिकारी ने बूढ़ी से कहा ठीक है, तुम अपने घर में ही रहो, हम एक दूसरे से अलग हो जाते हैं । बूढ़ी ने कहा, कोई बात नहीं तुम मुझे मेरे चावल लौटा दो । जो मेरा है उसे लेकर कहीं और ले जाने का तुम्हें हक़ नहीं । इस पर दोनों तैयार थे ।
हालांकि शिकारी ने चोरी से चावल के दो दाने अपने नथुनों में छुपा लिए और अपने गांव वापस लौट आया । कहते हैं कि उनमें एक दाना सुफैद और दूसरा भूरा था । शिकार करने के दौरान मुतवातिर भटकने और खाना मिलने ना मिलने की अनिश्चितता से तंग आ चुका शिकारी खेती करना चाहता था । उसने उन दो बीजों से पौधे उगाये और फिर और ज्यादा पौधे । उसे सुफैद चावलों से मुहब्बत थी...पर गांव वालों को हर किस्म के चावल की ज़रूरत, सो शिकारी से किसान हुआ इंसान, भूरे चावलों को दूसरे लोगों को बेचने लगा । वो अपनी चाहत के सुफैद चावल सिर्फ अपने लिए रखता और भूरे चावल बाज़ार में । भूरे चावलों को इस बात का बेहद रंज था कि शिकारी किसान उन्हें प्यार नहीं करता बल्कि पैसों से बदल लेने वाली शय समझता है ।
वे खेत दर खेत आहिस्ता अहिस्ता समुन्दर के तटों की जानिब भाग निकले ।  गहरी शामों के गहरी रात हो जाने तक अलावों के इर्द गिर्द बुनी गई कहानियों में सुनते हैं कि उन खेतों की मालकिन भी एक बूढ़ी औरत थी, जिसे लगा कि ये चावल बेस्वाद होंगे...पर फसल पकने के बाद उसका शक बेबुनियाद निकला । तटों की माटी और मौसम, भूरे चावलों का हमदर्द निकला । वे जब भी पके बा-स्वाद हुए । बूढ़ी औरत का ख्याल था कि भूरे चावल उसके खेतों तक कोई भी लाया हो, दिखने में चाहे उनकी रंगत कैसी भी हो...पर हैं वो कमाल, उस ईश्वर को धन्यवाद, जिसने उसकी धरती पर नियामत बिखेरी, इंसानी ज़िंदगियों को उपहार दिया ।
कहन के हिसाब से शिकारी समाज के खेतिहर हो जाने का आख्यान है ये । एक इण्डोनेशियाई द्वीप की भूस्थैतिक परिस्थतियों में ऊंची जंगली भूमि में कुत्ते जैसे जानवर को पालतू बना चुकने और शिकार के समय में उसका सहयोग लेने का उद्घाटन करती यह कथा कुत्ते के घाटी में गिर जाने और शिकारी को सहयोगी की चिंता हो जाने का बयान करती है । घाटी में चावल की खेती का स्रोत एक बूढ़ी से जोड़े जाने का आशय कदाचित उसके अनुभव समृद्ध होने से हो । बूढ़ी स्त्री, भूखे शिकारी को भोजन पर आमंत्रित कर, अपने मेहमान नवाज़ होने और सामाजिक शिष्टाचार युक्त होने का परिचय देती है । किन्तु चावल के अधकच्चे होने का कथन उस बूढ़ी की पाक कला पर प्रश्न चिन्ह खड़े करता है यानि कि वो चावल की काश्तकार / मातृदेवी तो है पर भोजन बनाने में निपुण नहीं है । जबकि शिकारी प्रतिदिन कच्चे मांस को मद्धम आंच में पका कर खाने का हुनर ज़रूर जानता होगा ।
कुल मिलाकर अनुभवी काश्तकार और अनुभवी शिकारी रसोइये के अलग अलग नैपुण्य का मिलन था यह, जो उन्होंने ब्याह कर लिया । कथा में उम्र का स्पष्ट उल्लेख ना होने के बावज़ूद प्रतीत यह होता है कि शिकारी उस स्त्री से कम उम्र रहा होगा ? उसे अपनी पाक कुशलता / ज्ञान को अन्य ग्रामीणों से साझा करने में कोई उज़्र ना था...पर अपनी जन्मभूमि / अपने गांव के प्रति उसका मोह और गांव में खेती करने का निश्चय उसे चावल के बीज चुराने और आश्रयदाता, मेहमान नवाज़ पत्नि से छल करने वाला बना देता है यानि कि वो शिकार से अस्तित्व रक्षा के बजाये खेती में अपना भविष्य सुरक्षित मान लेता है । शिकारी की तरह से स्त्री भी अपने गांव से मोहासक्त है और गांव को छोड़ने ना छोड़ने की कशमकश में पति को छोड़ देना मुनासिब समझती है, किन्तु उसे यह मंज़ूर नहीं है कि शिकारी उसके जीवन रक्षण का रहस्य / चावलों की काश्तकारी का ज्ञान खासकर बीज, उससे लेकर चला जाए । वे दोनों बिछड़ने पर सहमत हैं पर उन दोनों में से शिकारी यानि कि पुरुष पात्र छलिया है ।
शिकारी को सुफैद चावलों से मुहब्बत थी सो उसने उन्हें कभी बेचा ही नहीं पर...भूरे चावलों को घर में सहेजा भी नहीं । भूरे चावल बेचे गये, यह खेतिहर व्यवस्था में बाज़ारीकरण के प्रवेश जैसा संकेत है...और अद्भुत कथन ये कि शिकारी की उपेक्षा से भूरे चावल दुखी थे, सो वे खेत दर खेत दूर तक बिखरते चले गये । असल में ये कथन प्रकृति के जीवित होने और वनस्पतियों में मनुष्यों जैसी संवेदनायें / अनुभूतियां होने का कथन है । बहरहाल प्राकृतिक तौर पर आप्रवासी हुए भूरे चावल अनुकूल मौसम और माटी में समृद्ध हुए । संयोगवश यहां भी एक बूढ़ी स्त्री किसान है जो शुरू में भूरे चावलों की खेती के प्रति सशंकित है, लेकिन अनुकूलता में फसलें लहलहाती हैं और उन्हें प्रेम मिलता है जैसा संकेत देती हुई ये कथा समाप्त हो जाती है । आबादियों में भूख और कामुकता नैसर्गिक अपरिहार्यतायें है और अपरिहार्य है प्रेम, स्त्रियों से, भोजन से...   

सोमवार, 15 अक्टूबर 2018

घोंसले

सभी परिंदे जानते थे कि मैगपाई घोंसला बुनने में उस्ताद / निपुण है सो उन्होंने मैगपाई से अनुरोध किया कि वो उन्हें घोंसला बनाना सिखा दे ! बहरहाल मैगपाई ने सबसे पहले तिनकों से घोंसला बुना जिसे कुछ परिंदों ने देखा और उड़ गये, हालांकि मैगपाई ने कहा कि मैंने अभी पूरी शिक्षा नहीं दी है, इसके बाद उसने घास से घोंसला बुना जिसे देख कर कुछ और परिंदे उड़ गये इस पर मैगपाई ने फिर से कहा कि मैंने अभी तक अपना काम पूरा नहीं किया है ! इस बार उसने घोंसले में कीचड़ / मिट्टी का लेप लगाया ! तब से आज तक सारे परिंदे अलग अलग तरह से घोंसले बनाते हैं, क्योंकि उनमें से ज्यादातर ने रॉबिन और अबाबील की तरह से टुकड़ा टुकड़ा ज्ञान प्राप्त किया था...

ये कथा निपुणतम शिल्पी से आधा अधूरा ज्ञान प्राप्त करने वाले शिष्यों को संबोधित है ! शिष्यों / परिंदों  को भली भांति पता था कि मैगपाई घोंसला बनाने में सर्वश्रेष्ठ  है ! अस्तु उन सभी ने मैगपाई से स्वयं ही आग्रह किया कि वो उन्हें अपना ज्ञान दे / उन्हें अपना शिष्य बनाना स्वीकार कर ले ! मैगपाई इस आग्रह पर सहमत थी और उसने अपनी कला अन्य परिंदों को देने का निश्चय कर लिया ! गुरु ने सर्वप्रथम तिनकों का उपयोग कर घोंसला बुना जिसे देख और प्राप्त ज्ञान को पर्याप्त मानकर कुछेक उतावले परिंदे कार्यशाला से पलायन कर गए हालांकि गुरु ने उनसे कहा कि मैंने अभी तक पूरी शिक्षा प्रदान नहीं की है ! पर ये परिंदे जल्दबाजी में थे और इन्होने अपनी शिक्षा पूरी नहीं की !

 

इसके बाद मैगपाई ने घास से घोंसला बुना, जिसे देख कर कुछ परिंदों ने अपनी शिक्षा पूर्ण मान ली और कार्यशाला का परित्याग कर दिया !  यद्यपि मैगपाई ने इन शिष्यों से कहा कि मैंने अभी तक अपना काम पूरा नहीं किया है लेकिन परिंदों में धैर्य नहीं था और वे अधूरी शिक्षा को लेकर गुरु का साथ छोड़ गए ! इसके बाद मैगपाई ने घोंसले में कीचड़ / मिट्टी का लेप लगाया और अपना प्रशिक्षण दायित्व सम्पन्न किया ! कहते हैं गुरु से ज्ञान प्राप्ति के भिन्न चरणों में विदाई ले चुके परिंदे अपने ज्ञान के अनुसार घोंसले बनाते हैं ! इनमें से अधिकांश ने राबिन और अबाबील की तरह से टुकड़ा टुकडा ज्ञान प्राप्त किया था इसलिए ज्यादातर परिंदे अलग अलग तरह से घोंसला बुनते है !

 

कथा कहती है कि शिक्षा प्राप्ति धैर्य का विषय है और इसकी पूर्णता गुरु की सम्मति पर निर्भर होती है ! बहरहाल आख्यान में उल्लिखित शिष्य परिंदों के धैर्य का स्तर उनकी कला के स्तर का निर्धारण करता है ! यदि इस कथा को मानवीय सन्दर्भों में आकलित किया जाए तो गृह का निर्माण प्राकृतिक आपदाओं और अन्य दैनिक संकटों के विरुद्ध मनुष्य को ना केवल सुरक्षा कवच प्रदान करता है बल्कि उसके निर्माण में मौजूद सौन्दर्य बोध उन मनुष्यों की सुरुचि सम्पन्नता / दक्षता का परिचायक भी होता है ! अतः सगरे जगत के मनुष्यों के आवास की निर्मिति में व्यापित भिन्नताएं उनकी शिक्षा का आभास कराती है भले ही इसकी पृष्ठभूमि में अन्यान्य आर्थिक और परिस्थति जन्य कारण भी मौजूद हों...

 

 

गुरुवार, 21 जून 2018

किन्नर - 23

सुंग साम्राज्य के सम्राट शेन सुंग (सामान्य काल  998-1022) और एक गर्भवती महिला फू चिंग, नाव से लोयांग नदी पार कर रहे थे, तब सांप और कछुवे की आत्मा ने बड़ी लहरें और तेज हवाएं भेज दीं ताकि नाव डूब जाए किन्तु उसी समय आकाशवाणी हुई कि नाव में प्रोफेसर त्साई मौजूद हैं इसलिए हवा और लहरें शांत हो जायें और फिर ऐसा ही हुआ । तूफ़ान शांत हो गया किन्तु नाव में सवार यात्रियों को हैरानी हुई कि, नाव में उनके तथा सम्राट और गर्भवती महिला के सिवाय कोई अन्य नहीं था तो प्रोफेसर त्साई कहां थे ? चूंकि फू चिंग, त्साई परिवार की बहू थी, इसलिए लोगों ने तूफ़ान थमने के लिये उसे बधाई दी । फू चिंग ने कहा यदि मुझसे पुत्र का जन्म हुआ और वह प्रोफेसर बना तो मैं उसे लोयांग नदी में पुल बनाने के लिये तैयार करूंगी ।
कालांतर में फू चिंग ने एक पुत्र को जन्म दिया जिसका नाम त्साई ह सियांग रखा गया जोकि लगभग सामान्य काल 1025 में प्रोफेसर बन गया । माता फू चिंग ने पुत्र को, उसके जन्म से पूर्व हुए नाव, नदी और तूफ़ान संबंधी घटनाक्रम की जानकारी दी और कहा कि तुम नदी में पुल बनाओगे, त्साई ह सियांग आज्ञाकारी पुत्र था सो उसने कहा कि ठीक है किन्तु समस्या यह थी कि तत्कालीन चीनी साम्राज्य में अधिकारी अपने गृह क्षेत्र में तैनात नहीं किये जाते थे, चूंकि त्साई ह सियांग, फूकिन का स्थानीय निवासी था इसलिए वो चुवान-चोऊ का गवर्नर नहीं बन सकता था । संयोगवश प्रोफेसर त्साई ह सियांग का एक मित्र मुख्य किन्नर था जिसने इस कार्य हेतु एक अदभुत योजना बनाई ।  
जब किन्नर को पता चला कि सम्राट शेन सुंग उद्यान में घूमने आयेंगे तो उसने शहद, शक्कर घुले पानी से केले के पत्तों पर लिखा कि “त्साई ह सियांग को अपने गृह क्षेत्र का गवर्नर अवश्य बनाया जाए” । शहद की गंध पा कर चींटियाँ, लेख पर एकत्रित हो गईं, उत्सुक्तावश सम्राट ने चींटियों द्वारा निर्मित आकृति को देखा और फिर उस वाक्य को पढ़ा जोकि आकृति में लिखा हुआ दिख रहा था, इसी समय मुख्य किन्नर ने सम्राट द्वारा पढ़े गये / उच्चरित शब्दों को बारम्बार दोहराया तथा इसके बाद स्थानीय गवर्नर के तौर पर त्साई ह सियांग की नियुक्ति का आदेश लिख दिया, जिसे देख कर सम्राट बहुत रुष्ट हुआ और उसने मुख्य किन्नर को दण्डित करना चाहा, तो किन्नर ने कहा कि सम्राट ने जो उद्यान में कहा था, वो मजाक तो नहीं था । यह सुन कर सम्राट ने उसे क्षमा करते हुए आदेश पर हस्ताक्षर कर दिये और इस तरह से त्साई ह सियांग अपने ही क्षेत्र का गवर्नर बना और उसने लोयांग नदी पर पुल निर्माण का कार्य पूर्ण किया ।  
इस कथानक को बांचते हुए यह प्रतीत होता है कि प्रोफेसर त्साई ह सियांग का जन्म दैव निर्धारित था और उसकी गर्भवती मां तथा अन्य सहयात्रियों को तूफ़ान के शांत हो जाने से यही अनुभूति हुई थी ।  संभव है कि इस गल्प में, तूफ़ान की शांति को लेकर हुई कथित आकाशवाणी के अंश नितांत काल्पनिक हों और अनावश्यक रूप से जोड़े गये हों ।संभव यह भी है कि भीषण तूफ़ान में जीवित बच जाने के उपरान्त गर्भवती मां और अन्य सहयात्रियों ने लोयांग नदी पर एक पुल की निर्मिति की आवश्यकता शिद्दत से महसूस की हो ? और उन्हें गर्भस्थ शिशु के इह लोक आगमन, उसकी शिक्षा दीक्षा, अर्जित नव ज्ञान से सकारात्मक भविष्य के प्रति आश्वस्ति जागृत हुई हो ?
कहने का आशय यह है कि गर्भवती मां और अन्य सहयात्री गण आयु के उस पड़ाव पर पहुंच चुके थे, जहां नव ज्ञान अर्जन की संभावनाएं लगभग समाप्त प्राय: / न्यूनतम होने लगती है, ऐसे में नई पीढ़ी, नव ज्ञान अर्जित करे और भविष्य की सुदृढ़ता का आधार बने, जैसी कामना सहज और स्वभाविक ही मानी जायेगी । इसलिए लगता यह है कि जीवित बचे यात्रियों ने शिशु जन्म के उपरान्त / आगत पीढ़ी, को लेकर एक स्वप्न देखा होगा जोकि नव ज्ञान अर्जनोपरांत पुरानी पीढ़ियों की समस्याओं का निदान करने वाली / उनकी भौतिक बाधाएं हर लेने वाली होगी । सो माता ने अपने पुत्र को वही शिक्षा दीक्षा दी / दिलवाई जोकि हाहाकारी नदी में पुल निर्मिति की अभियांत्रिकी से सम्बंधित मानी जायेगी ।