पिछले कई दिनों से बेतरतीब सी जिंदगी...बस गुज़र ही रही है अव्वल तो परीक्षाओं का मौसम उस पर लोकसभा उपचुनाव की आमद ! गोया बेहिसाब से ट्रेफिक में फंस गया होऊं ! अपना दिन तमाम स्ट्रेस में और रात देर तक उसके उतारे में गुज़ारते हुए, हालात कुछ ऐसे कि चाह कर भी मित्रों की पोस्ट पढ़ने और प्रतिक्रियायें दर्ज करने का हौसला नहीं जुटा पाता ! अनपढ़ / अनपढ़ी प्रविष्टियों / मेल्स की फेहरिश्त काफी लंबी है पर ख्याल ये कि पहली ही फुर्सत में सिलसिलेवार निपटाऊंगा!
इधर मैं फटेहाल / मरते दम तक काम के बोझ का रोना रो रहा हूं ! उधर अट्ठाईस सालों के बाद कुछ अच्छा भी हुआ है !बन्दों ने दुनिया जीत ली ,झंडे गाड़ दिये ! एक शानदार टीम का शानदार कारनामा ! अब असली जीत की ट्राफी असली है भी या नहीं ये शरद जी ही बेहतर जाने / जानते होंगे ? क्रिकेट का विश्व कप हमारा हुआ, जश्न भी मनाया गया ! खिलाड़ियों को ईनाम मिले ! मिलना भी चाहिये ! मिलते ही रहेंगे...पर एक सवाल अपने मन में बे-ज़बाब सा गड़ गया है !
ट्राफी मिलते ही खिलाड़ियों ने शैम्पेन हवा में उड़ाई, इतनी कि खुद तर बतर हो गये, शैम्पेन उड़ाना कोई जुर्म नहीं पर उससे तरबतर खिलाडियों ने अपने शराब आलूदा कपड़ों के ऊपर तिरंगे को क्यों लपेट लिया ? अपने को यह बात सिरे से हज़म नहीं हुई...उस दिन भी नहीं और आज भी नहीं ! चैम्पियंस की जीत चमकदार है, बेहतरीन है ! उन्हें लाख लाख बधाइयां...शायद उस वक़्त जो भी हुआ, अनजाने में ही हुआ होगा...पर हुआ तो है ! अब...इतनी असहमति का अधिकार / फ़र्ज़ तो अपना भी बनता ही है !