साम्प्रदायिकता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
साम्प्रदायिकता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 15 मई 2010

अबे संतोष मैं तेरे लिये...

भाई  अजित  वडनेरकर  के  ब्लॉग  शब्दों  का  सफ़र में अमूमन रोज़  ही  हाज़िरी लगाता हूं  आज उनके सौजन्य  से  चंदू भाई  की  अनकही  की  तेरहवीं  किश्त  पढ़कर  कुछ  पुरानी  स्मृतियां  जाग  गईं ...होशमंद  होते  ही  मेरे  बाल सखा, सहपाठी, अभिन्न मित्र,  पड़ोसी अपने  कैरियर  के  लिए  कानपुर  चले  गये ...पक्का पता नहीं  कि  उनका  कायाकल्प  कब हुआ होगा लेकिन बिछड़ने  के एक  वर्ष  के  भीतर  ही  हमारी  मुलाकात  इस  तरह  से  हुई  कि वे बजरंग दल  के  बैनर तले  उग्र  प्रदर्शन मे  भाग ले  रहे  थे ! माथे  पर भगवा  पट्टी  और जुबान  पर  वही  'कटुआ  ब्रान्ड'  नारे  ! उन्हे  इस  रूप  मे देख...मै  हतप्रभ सा वहीं  खडा रह  गया...मेरा  वहां  से  गुज़रना  एक  संयोग  मात्र  था जिसकी  उम्मीद  उन्हें  भी  कहां रही होगी...अचानक  मुझ  पर  नज़र  पड़ी  और वे  अकबका  कर  भीड़  में  गुम  हो  गये...फिर  महीनों  तक  गांव आये ही नहीं! मेरे  परिजन  उनके  परिजनों  से  खैर खबर  लेते  तो  पता चलता  कि  काम  में  व्यस्त  हैं !  खैर  जाते  भी तो कहां...एक पारिवारिक आयोजन के सिलसिले  में  गांव  आये ...जैसे   ही  सामने पड़े ...सिर   झुका  लिया...मैंने पूछा अबे संतोष मैं तेरे  लिये  कटुआ कब  से हो गया बे ?  हकलाते  हुए केवल  इतना  कह  सके...फंस गया था यार...'बाद'  में सब डिटेल बताऊंगा? लेकिन  वो  'बाद'  आज  तक  आई  ही नहीं और अब  मैं ...दोस्त को  शर्मिन्दा  करने  का  इच्छुक भी नहीं  हूं ! तब कारण  चाहे जो भी  रहे हों ! 

गुरुवार, 14 जनवरी 2010

रिकार्ड पर अटकी हुई सुइयां और पुरु के हाथी ...

नहीं  लगता कि कोई ज्यादा वक्त गुज़रा होगा जबकि किसान खेतों पर और खेत  ईश्वर की कृपा  पर निर्भर  हुआ करते , अगर  बारिश  हुई तो   जिन्दगी वर्ना  कम जिन्दगी तो थी ही  !  इधर फसल कटती  उधर रिश्ते   जुड़ते  !  भीषण   गर्मी  में  नये कपड़ों से लदा फंदा , पसीने से बजबजाता   दूल्हा , गाड़ी भर  कुम्हड़े  की सब्जी और थोक  भाव से तली गई पूड़ियों से निपटते बारातियों के आशीष की बाट  जोहता और सप्तपदी के लिये तैयार वेदी की ऊष्मा में अपने भविष्य के संकेत ढूंढता रहता  !
निकट सम्बन्धी पहले से ही विलंबित ताल में बजते कार्यक्रम को अपने  मान सम्मान  के नाम पर मिनट दर मिनट  अवरोधित करते हुए  बमुश्किल आगे बढ़ने  देते !  उनके जीवन के सारे गिले शिकवे ,सारी कुंठायें , सप्तपदी के अवसर पर निपटाए जाने के लिये पूर्व निर्धारित हुआ करतीं !  इस आपाधापी भरे माहौल में कोई एक व्यक्ति ग्रामोफोन में निरंतर चाभी घुमाता और गीतों के रिकार्ड , जितनी बार भी  चाहा  जाये  ,  बजाता रहता !  लिहाजा  बारम्बार बजने वाले रिकार्ड अक्सर ख़राब हो जाया करते , तब रिकार्ड पर  चलने वाली सुई अक्सर किसी खास स्थान पर अटक जाया करती , सुर  / शब्द / संगीत सब के सब रिकार्ड पर  अटकी हुई सुइयों के साथ स्थिर और स्थितिप्रज्ञं हो जाते  !
खैर अब वो ग्रामोफोन , रिकार्ड और उन पर अटकती हुई सुइयां अतीत के गर्त में दफन हो चुकी हैं  !  लेकिन  मैं अक्सर सोचता हूं कि तब के  ग्रामोफोन और अब के इंसानों में किस कदर साम्य  है !  ये  भी  किसी विशिष्ट  धुन  और  ख्याल पर  इतना बजते हैं कि कहीं न कहीं अटक ही जाते हैं  !  मेरे अत्यंत निकटवर्ती मित्र हैं जिन्हें देख / सुनकर मेरी इस धारणा की पुष्टि होती है कि दूसरे हो  ना हों  किन्तु यह इंसान  निश्चित रूप से ग्रामोफोन का पर्याय है  !  मित्र टूटी सायकिल के साथ मेरे पड़ोस में अवतरित हुए   !  धर्म आधारित राष्ट्रवाद उनका प्रिय विषय था जिसे दूसरों पर  अपनी बौद्धिकता की धाक ज़माने के लिये अक्सर दुहरा लिया करते ! शुरू में मुझे भी लगा कि बंदा समर्पित राष्ट्रवादी है पर  धीरे धीरे उनके अन्य गुणों का प्रकटीकरण भी होने लगा ! शिक्षकीय वेतन से गुजारा नहीं होने के नाम पर उन्होंने नौकरी के समानांतर बीमा व्यवसाय  प्रारंभ कर ,  जनता पार्टी की सरकार बनते ही अपनी राष्ट्रवादी सोच और छवि को हथियार बना डाला  !  पहले  अधिकारियों को धमकाते फिर  पॉलिसी देते  !  आज उनके पास अकूत  संपत्ति है !  
वे अपनी सुविधा के अनुसार तर्क गढ़ते हैं  ! मैं पूछता , भाभी को धोखा क्यों ?.. वे कहते हैं मैं क्षत्रिय हूं और एकाधिक स्त्री...? वे आज भी उसी राष्ट्रवाद पर अटके हैं जहां चार दशक पहले थे !  भला क्यों  ?  मैं जानता हूं !  उन्हें देखता हूं  तो पुरु के हाथियों का ख्याल आता है , वे राष्ट्रवाद के हाथी हैं  !
हमें  सिकंदर से पहले  राष्ट्र  को  इन  हाथियों से बचाना होगा !

शुक्रवार, 8 जनवरी 2010

हमसे इंसान नहीं सधते.. उन्होंने प्रेत साध रखे हैं !

कितनी  अजीब बात है  जब भी  कोई फिल्म  देखता हूं  नायिका पलक झपकते ही मेरी बांहों में सिमटी सिमटी नजर आती है मेरी  धडकनें उसके अहसास से रफ़्तार पाती हैं और बदन गोया उसके जिस्म की खुशबू से नहा उठता हो ! उस वक्त स्क्रीन पर मेरे सिवा कोई 'दूसरा' कहां होता है ! कई बार सोचता हूं डायरेक्टर नें हीरो को बेवजह कास्ट किया , कमबख्त पैसे लेकर भी मोहब्बत का नाटक करता है ... यहां... मैं हूं  जो धेला पाये बिना मुहब्बत में गिरफ्तार हूं और यकीन जानिए ज़र्रा बराबर  भी नाटक नहीं कर रहा हूं ! कुछ घंटे बाद भले ही फिल्म ख़त्म...ख्वाब चूर के  हालात में सिनेमा हाल छोड़ना पड़े पर मुहब्बत का नशा घंटों तारी रहता है एक बेहद खुशनुमा  एहसास  !  फिर  ख्याल  आता है अगर  आभासी दुनिया में मुहब्बत जिन्दगी को इतना पुरलुत्फ़ कर जाती है तो क्या वजह है कि असल जिन्दगी में मुहब्बत...का कोई बेहतरीन रोल ना हो  ? बाहर सड़क पर बच्चे , बूढ़े और ...ना जाने कितने लोग ...भांति भांति के लोग ... झुण्ड  की शक्ल में खरामा खरामा आगे बढ़ते हैं और मुझे इनसे कोई शिकायत नहीं ! मैं इश्क में ...हूं ...जेहन फिर भटकता है...ये बच्चे जवान  होने पर  मुझ 'से' हो जायेंगे तब नायिका इनके सीनों में जिन्दगी के / आह्लाद के सुर फूंक रही होंगी और ...और वे बूढ़े...?  वे भी तो कभी ...? एक शानदार रिश्ता बूढ़े बच्चों और मेरे दरमियान कायम हो चुका है ...मैं इश्क में मुब्तिला हूं और मेरे अन्दर कहीं  वे  सब भी इश्क में मुब्तिला हैं  !  लम्हा दर लम्हा दुनिया बेहद खूबसूरत हो चली है  मुझे पता नहीं उनके कपडे , उनके जज्बात ,उनके मजाहिब और उनकी जुबाने मुझसे मैच करती हैं  की नहीं  ?  लेकिन ...फिलहाल  वे हैं ...मैं हूं ... और इश्क है  ! यानि कि ... इश्क है और हम हैं फिर हमारे दरमियान किसी जुबान ...किसी मजहब ....किसी... किसी और किसी  ?  की जरुरत भी कहां है ?
बहुत दिनों से  कुछ लिखा नहीं दोस्तों का ख्याल है जरुर लिखना चाहिए पर इश्क का अहसास लिखने नहीं देता  मुझे  ! सोचता हूं  रेत में मुंह छुपा कर शुतुरमुर्ग बन जाऊं ?  सच का सामना करने का साहस  नहीं है  मुझमें , वहां सिनेमा हाल के अन्दर और बाहर सारे 'अपरिचित अपने' थे लेकिन यहां 'बहुतेरे परिचित' पानी पी पी कर मेरी जात पूछने पर उतारू हैं ! वे ढूंढना चाहते हैं मेरे माथे पर स्याह या केसरिया निशानों को !  उनके निशाने  पर हैं मेरे कपडे , मेरी जुबान ...क्या लिखूं और क्यों लिखूं ..वे परिचित जरुर हैं पर उन्हें मेरी लिखावट में  खास तरह की आदमखोर गंध की तलाश है ...वो मुझमें मुहब्बत और इंसान की खोज नहीं करते उन्हें  मेरी सांसों में बारूद और हांथों में खून के संकेत सूंघने हैं ! वहां कितना खुश हूं मैं जहाँ सारे अपरिचित बिना लाग लपेट इश्क में मुब्तिला हैं और यहां...?    यहां तो मेरा दम घुटता है ! कितने परिचित ?  कितने सारे परिचित ... इंसानों के दरमियान फर्क करने के नए नए तरीके इजाद करने में  मुब्तिला है  ? आखिर कौन हैं वे 'ताकतें' जिन्होंने इन जीते जागते इंसानों को प्रेत बना डाला है !  इधर हम हैं हमसे इंसान नहीं सधते उन्होंने प्रेत साध रखे हैं ...फिलहाल मैं वापिस जा  रहा हूं  !  उन अपरिचितों से मुझे बड़ी उम्मीदें हैं  !  उन्हें इश्क है ! मुझे इश्क  है  !...और एक दिन हम सब मिलकर सारे परिचित जीवन  प्रेत बाधा से मुक्त   करा लेंगे  !

शनिवार, 28 नवंबर 2009

तुम चलो हम चलें सावन की घटा चले......

पिछ्ले कई दिनों से वन्दे मातरम पर घमासान है, उस पर मुतवातिर इसरार और इंकार, मुझे तो दोनों ही पक्ष पूर्वाग्रही लगते हैं, देखा जाये तो राष्ट्रवाद को नागरिकों के सच्चे भावनात्मक समर्पण (दिली ताईद) की जरुरत है, क्या फर्क पड़ेगा अगर मैं किसी सांकेतिकता या प्रतीकवाद के आगे सर न भी झुकाऊं तो ?...और अगर बेमन से ही सही किसी प्रतीकात्मकता का अनुगमन कर भी लूं तो यह मेरी राष्ट्र के प्रति निष्ठा का पर्याय कैसे हुआ ? बचपन से लेकर अब तक वन्दे मातरम गाते हुए कभी नहीं सोचा कि मैं उसे खाना पूर्ति / रस्म अदायगी के लिए गा रहा हूँ या दिल से ? ऐसा सोचने का औचित्य भी नहीं था, पर पिछले दिनों इस बारे में जितना पढ़ा, जितना सुना उससे लगा कि, वन्दे मातरम गाते हुए मेरे दिल में कोई ख्याल भी कहाँ था कि मैं इसे देशभक्ति के प्रमाण पत्र के लिए गाकर अच्छा कर रहा हूँ या फिर इसे गाते हुए खुदा की जात में किसी और को शरीक कर बुरा कर रहा हूँ ! यानि कि अब तक जितना भी गाया क्या वह देश भक्ति के प्रमाणपत्र के लिए गाया ? और अगर गा भी दिया तो उससे मेरा खुदा मुझसे नाराज क्यों कर हुआ होगा ? कहने का मकसद ये है कि अगर मेरा अपना दिल साफ है तो मुझे किसी और से सर्टिफिकेट की दरकार कहाँ है और अगर मेरे अन्दर कोई बदनीयती है तो उसे कोई दूसरा पकड़ेगा कैसे ? बात दिल की है...जज्बात की है...जेहनी समर्पण की है इसमें सांकेतिकता / दिखावा कहाँ से घुस गए और इससे बढ़कर ये कि मैं कौन होता हूँ किसी बन्दे को देशभक्त या देश द्रोही करार देने वाला ? इसी तर्ज़ पर कोई दूसरा कौन होता है मुझे देशभक्त या देशद्रोही करार देने वाला ? मान लीजिये कोई व्यक्ति अपने मन में देश के प्रति कुत्सित विचार रख कर वन्दे मातरम गा रहा हो तो उसकी पहचान कैसे की जाएगी और ये कि वन्दे मातरम गाने वाले हर व्यक्ति के ख्यालात नेक हैं इसकी क्या गारंटी है ? उदाहरण के तौर पर हमारे देश में बड़ों की इज्जत / प्रतिष्ठा की एक सांकेतिक परंपरा है कि उनके पैर छुए जायें लेकिन परंपरा का परिपालन बलपूर्वक तो नहीं करवाया जाता ना ? आशय ये कि लोग दिल से इज्जत करें दिखावे में पैर छुयें या ना छुयें ! उम्मीद है कि आप भूले नहीं होंगे कि इसी नेक परम्परा की आड़ में राजीव गाँधी की जान ले ली गई थी ! चरण स्पर्श की सांकेतिकता के पीछे, धानु के मन इज्जत थी या हत्या का विचार ये तो बाद में पता चला !

इस मिसाल को देने का अर्थ ये नहीं है कि चरण स्पर्श की सांकेतिकता बुरी है बल्कि ये कि 'सांकेतिकता' उसका परिपालन करने वाले की नेक चलनी का प्रमाण नहीं हुआ करती ! मैंने अपने आलेख में लिखा कि मैं वन्दे मातरम गाता रहा हूँ पर उसके गायन को देशभक्ति और देशद्रोह से जोड़ने के बारे में कभी सोचा नहीं इसलिए अगर कोई ये कहने लग जाये कि आप वन्दे मातरम गाने वाले राष्ट्रभक्त मुसलमान हैं तो मेरे लिए डूब मरने की बात हो जाएगी क्योंकि इसे गाते हुए मैंने किसी सर्टिफिकेट की अपेक्षा नहीं की है और विशेषकर इसे गाते हुए किसी दूसरे व्यक्ति से तो बिलकुल भी नहीं जबकि मुझे पता ही नहीं कि उसके मन में क्या है ? मेरे लिए देश भक्ति और राष्ट्रवाद, राष्ट्र के प्रति मेरा मानसिक समर्पण है तथा वह किसी दिखावे किसी प्रतीकात्मकता का मोहताज नहीं है ! मेरे ख्याल से ये बेहद फ़िल्मी अंदाज है कि मुस्लिम / पर्सियन / हिन्दू की पहचान जताने के लिए टोपियों, लुंगियों और तिलक जैसे संकेतों का प्रयोग किया जाये प्रेमी और प्रेमिका के प्रेम को तोता मैना या फूलों की डालियों के आसरे अभिव्यक्त किया जाये ! मुझे तो यह प्रदर्शन काफी भोंडा लगता है ! मैं सोचता हूँ कि धर्म /आस्था/ प्रेम का वास्ता दिल से है ! अगर ये दिल के अन्दर नहीं तो संकेतों का क्या मतलब...बस ऐसे ही राष्ट्र वाद और देश प्रेम मेरे दिल का मामला है...मैं रहूँ या न रहूँ देश का इकबाल बुलंद हो...तुम रहो या न रहो देश का इकबाल बुलंद हो, हम रहे या न रहें देश का इकबाल बुलंद हो ! मेरा देश मेरे कपड़ों, मेरे आभूषणों, जिस्म पर लगे गोदने वगैरह वगैरह में नहीं मेरे दिल में बसता है !
फिलहाल दिल से मजबूर होकर गा रहा हूँ...तुम चलो हम चलें सावन की घटा चले...

मंगलवार, 20 अक्टूबर 2009

शाहबानो के बहाने : ला बनाम पर्सनल ला एक सवाल ?

उन दिनों जब बाबरी मस्जिद बनाम राम जन्मभूमि के मामले में जबरदस्त राजनैतिक दांव पेंच लगाये जा रहे थे तभी मुस्लिम पर्सनल ला बनाम शाहबानो बनाम न्यायपालिका का मसला भी सुर्खियों में छाया रहा और उस वक़्त राजनेताओं /धार्मिक अल्पसंख्यक , बहुसंख्यक नेताओं - वगैरह वगैरह नें अपने अपने अनुकूल रोटियां सेंकनें की कोशिश की और बेचारी शाहबानो शह और मात के खेल की बिसात मात्र बन कर रह गई ! गौर से देखें तो दोनों ही मामलों में धार्मिक अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक अपनी अपनी सुविधा के अनुसार न्यायपालिका के विरुद्ध 'पर्सनल ला' और 'आस्था ' का सवाल खड़ा कर रहे थे ! और मजेदार बात ये कि ऐन इसी वक्त दूसरे पक्ष से न्यायपालिका के सम्मान की आकांक्षा रखते थे !
यानि जहां 'मस्जिद बनाम जन्मभूमि' मसले पर अल्पसंख्यक 'न्यायालय के सम्मान' और बहुसंख्यक 'आस्था' का सवाल उठाते हैं वहीं 'शाहबानो' के मामले में स्थिति उलट जाती है रातों रात बहुसंख्यक 'न्यायालय के हामी' और अल्पसंख्यक 'पर्सनल ला' के पक्षधर बन जाते हैं ! मीठा मीठा हप और कड़वा कड़वा थू की तर्ज पर चल रही इस लम्बी और अनिर्णायक प्रतियोगिता के जनोपयोगी तथा सौहार्द्य पूर्ण परिणामों के सब्जबाग़ दिखा कर, लम्पट राजनेता , खेल के स्वयम्भू निर्णायक बनकर सीटियों पर सीटियां बजाते हुए वोटों की फसलें काट रहे हैं और जनता ......?
इन दोनों मामलों की अन्तिम परिणति क्या होगी यह तय नहीं है और ना ही इसके सार्थक हल के संकेत हैं पर यह तय है कि अवसरवादी राजनेताओं को साइड लाइन किए बिना 'जन गण' की विजय की कामना असंभव ही है ! यहां यह स्पष्ट कर दूँ कि शाहबानों के मामले में राजनेताओं के हस्तक्षेप और संविधान संशोधन को मैं अन्तिम समाधान के रूप में नहीं देख पा रहा हूँ ! मेरे विचार से पर्सनल ला और आस्थाओं को संविधान और न्यायालयीन सीमाओं का अतिक्रमण नहीं करना चाहिए ! पर्सनल ला और आस्थायें नितांत व्यक्तिगत / घर की चार दीवारों के अन्दर या अन्तःसामुदायिक बातें हैं इन्हें सार्वजानिक / घर से बाहर और अन्तरसामुदायिकता को प्रभावित करने की छूट नहीं मिलना चाहिए ! इसमें कोई शक नहीं कि कतिपय अन्तःधर्मी विषयों को छोड़ कर समस्त अन्तरधर्मी और जनगण के नागरिक मूल्यों और कर्तव्यों / झगडों का एकमात्र निर्णायक / निर्धारणकर्ता न्यायालय ही है और न्यायालय की इस महती भूमिका के लिए संसद को 'जिम्मेदार' और जनगण की 'वाजिब अपेक्षाओं' का हामी होना चाहिये !
अयोध्या का मामला फिलहाल न्यायालय के विचाराधीन है इसलिए उसके सन्दर्भ में कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा लेकिन शाहबानो के मामले में मेरा विचार यह है कि उसे कोर्ट के माध्यम से " जो कुछ " मिल सकता था वो तो मिला ही नहीं बल्कि शरियत और पर्सनल ला "जो कुछ " दे सकते थे वह उससे भी वंचित रह गई !
उदाहरण के लिए अगर किसी महिला का निकाह यूरोप /अमेरिका /अरेबिया/ बांग्लादेश /जापान /या भारत में होता है तो जाहिर है कि उसका महर वहां की करेंसी यानि कि यूरो /डालर /रियाल /टका /येन /या रुपये में तय किया जाएगा ! मतलब ये कि  करेंसी का टाइप मायने नहीं रखता ! अतः जिस मुल्क में शादी , वहां की करेंसी महर के लिए मुनासिब मानी जायेगी ! इससे क्या फ़र्क पड़ता है कि करेंसी , कागज या धातु की हो ! उसका सीधा सा अर्थ है "क्रय शक्ति " और हर देश की करेंसी की क्रय शक्ति अलग अलग है तो इसका सीधा सा मतलब ये हुआ कि शरियत करेंसी के टाइप नहीं बल्कि उसकी "क्रय शक्ति'' वाले आशय पर फोकस करती है या कि उससे असहमत नहीं है ! अब मान लीजिये कि मेरी शादी सन 1947 में हुई और महर की रकम मात्र 50 रुपये तय हुई और मैं सन 2000 में अपनी बेगम को तलाक दे दूँ तो क्या उसके महर की रकम इस वक्त भी रुपये पचास ही गिनी जायेगी या कि मैं तलाकशुदा बीबी को सन 1947 के 50 रुपये का ( ना केवल शरियत बल्कि न्यायालय के माध्यम से भी ) क्रय मूल्य देने के लिए बाध्य हूँ ?
तो क्या शाहबानो के मामले में इस बिन्दु पर विचार किया गया था ? अगर मैं ग़लत नहीं हूँ तो इस बिन्दु पर ना तो पर्सनल ला के हामियों और ना ही माननीय न्यायालय के जज साहबान ने कोई फोकस किया था ! मेरा ख्याल है कि 1947 में अगर 50 रुपये में एक टुकडा जमीन खरीदी गई होती तो वह सन 2000 में लाखों की होती ? मुझे नहीं लगता कि शरियत करेंसी के धातु / कागज / मिटटी /चमड़े वगैरह के होने न होने के आधार पर कोई भेद भाव करती है ! तो क्या शाहबानों को तलाक के वक्त जो महर मिला वह उसके निकाह के समय की तयशुदा करेंसी के "क्रय मूल्य" के बराबर था ?

रविवार, 18 अक्टूबर 2009

टोपी...दाढ़ी...लुंगी...तिलक...नारियल...आदि ...

बेहद खूबसूरत मुल्क के बेहद खूबसूरत वाशिंदों पर गर्व करते करते कई बार लगता है कि जैसे ये खूबसूरती महज़ छद्म आवरण सी है वरना धनिये में लीद , दूध में केमिकल्स , मावे में..... , नकली दवाइयां ,जहरीली शराब ! पैसे के लिए और ना जाने क्या क्या पाप कर्म ! इंसानियत के कातिल और हैवानियत के नग्न नर्तक के सिवा दूसरा और कौन सा विशेषण जोड़ा जा सकता है हमारे जैसे घटिया नागरिकों के नाम के आगे ? चीन हमसे बाद में आजाद हुआ , जापान ध्वस्त होकर जी उठा , जर्मनी टूट कर एकजुट हुआ .... अगर हम जैसे नागरिक इन मुल्कों में भी होते तो कल्पना की जा सकती है कि ......? ...अजब लोग हैं हम ! पहले प्रतिभा को दुत्कारते हैं और जब वो पलायन कर किसी दूसरे मुल्क की शान बन जाए तो बेशर्म होकर उसे भारतीय मूल का बताने में संकोच भी नहीं करते ! नारियों को देवी सामान पूजने का दंभ और केरोसिन में डुबा कर मार डालने का व्यवहार , हमारे डबल स्टेंडर्ड होने का ज्वलंत उदाहरण है ! यही नहीं हम तो ईश्वर के कण कण में विद्यमान स्वरूपों के हन्ता होने पर भी लज्जित नही हुआ करते ! आस्तिक होने का स्वांग रचाने में हमसे आगे शायद ही किसी दूसरे मुल्क के लोग होते हों ?
कई बार ....बल्कि हर बार ऐसा क्यों लगता है कि हम जो सोचते हैं वह बोलते नहीं और जो बोलते हैं वह करते नहीं और इन दिनों तो ऐसा लगने लगा है कि जैसे टोपी ... दाढ़ी ... लुंगी ...तिलक ... नारियल ...आदि....आदि ....आदि के सामने मनुष्य और मनुष्यता की कोई औकात नहीं है ! इन्हें ओढ़कर जब जो चाहे , जिसका जी चाहे ' रक्षक ' बन जाए ! अपने गिरेहबान में झांकने की हमारी आदत ही नहीं है ...जिसे मर्जी..... देशभक्त /राष्ट्र भक्त /ईश भक्त होने का सर्टिफिकेट दे डालें ! ....आज दिया कल छुडा लें ! असहमत आदमी और असहमति के सुर हमारे सबसे बड़े दुश्मन हैं और हम हाँ जी , हाँ जी ....के सबसे बड़े खैरख्वाह !
ये मुल्क बेहद खूबसूरत है और हम सब इसके बदतरीन नागरिक हैं ! आओ इसी जनम में पुश्तों के लिए पैसा जोडें , मुनाफा कमायें .... साबुन से दूध और विष्ठा से उबटन बनायें !