आस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 27 दिसंबर 2017

कम्बल

पुराने दिनों की बात है जब निद्रालीन यूट पर्वत, महान योद्धा देव हुआ करता था और मनुष्यता को कष्ट देने वाले, दुष्ट दैत्य से युद्ध लड़ने के लिये धरती पर आया था ! उस समय महान योद्धा देव और दैत्य के मध्य भयंकर संघर्ष हुआ, युद्ध के दौरान वे दोनों ही धरती पर, मजबूती के साथ अपने पैरों को जमाये रखने की चेष्टा करते रहते, सो उनके पैरों तले रौंदी गई धरती में, जगह जगह घाटियां और पर्वत बन गये और इस तरह से युद्ध क्षेत्र की भू-आकृति निर्मित हुई ! युद्ध में दैत्य पर विजय प्राप्त करने तक, योद्धा देव बहुत थक गये थे और...उन्हें गंभीर चोटें भी आईं थी, इसलिए वे वहीं लेट कर आराम करने लगे ! थकान के कारण से उन्हें गहरी नींद आ गई, हालांकि उनके जख्मों से रक्त बहता रहा, जो पानी में बदल गया और धरती के जीवधारियों के पीने के काम आया !

कहते हैं कि निद्रालीन महादेव / यूट पर्वत के ऊपर धुंध छाने, वर्षा होने, शीत अथवा  गर्मी पड़ने का मतलब है कि, सुप्त महादेव ने अपना कम्बल / ओढा हुआ वस्त्र बदला है, यानि कि निद्रालीन महादेव के कम्बल बदलने के साथ ही साथ ऋतुएं बदलती हैं ! जब भी मूल अमेरिकन इन्डियन लोग, यूट पर्वत के ऊपर हरा कम्बल देखते हैं, तो वे समझ जाते हैं कि ये वसंत का मौसम है, एन इसी तरह से गहरा हरा कम्बल गर्मियों, पीला और लाल वर्षा तथा सफ़ेद कम्बल सर्दियों की ऋतु लेकर आता है ! अमेरिकन इंडियंस को विश्वास है कि जब भी यूट पर्वत के ऊपर बादल घिरते हैं तब, महान देवता, स्थानीय आबादी पर प्रसन्न होता है और देवता की प्रसन्नता के कारण से क्षेत्र में बारिश होती है ! उन्हें यह भी विश्वास है कि एक दिन महान देवता फिर से उठकर, बुराई से लड़ने में उनकी मदद करेगा !

दुनियां में ऐसे ईश्वरीय पूजा स्थल / आस्था केन्द्र बहुत कम होंगे, जिन्हें भू सतह के नीचे, गहरे खड्ड अथवा गर्त में स्थापित किया गया हो, ध्यातव्य है कि आस्थागत / अधिप्राकृतिक शक्तियों की उपासना के केन्द्र, बहुतायत से ऊंचे पर्वतों / पठारों में स्थापित किये जाने का चलन काफी पुराना है, बहुत संभव है कि इसकी पृष्ठभूमि में, मानवेत्तर शक्तियों को आदर देने / स्वयं से ऊंचा स्थान देने की धारणा कारगर रही हो ! मूल अमेरिकन इंडियन समुदाय का ये आख्यान भी विश्वव्यापी धारणाओं के अनुरूप कथन करता है, यहां सत्य और न्याय के पक्ष में लड़ने के लिये एक महान देवता अवतरित होते हैं और उनका उद्देश्य मूल निवासियों को बुराई/ असत्य/ दुष्टता के दैत्य से बचाना है ! दुनियां में प्रचलित अन्य धर्म सत्य रक्षण कथाओं की तरह से इस कथा का खलनायक दैत्य भी महा बलशाली है और वो देवता को कड़ी टक्कर देता है यानि कि यहां भी सत्य की विजय आसानी से नहीं होती !

देवता के आहत हो जाने और थक कर आराम करने / निद्रालीन हो जाने के, कथन से स्पष्ट होता है कि दुष्टता, सज्जनता को क्षत विक्षत करने की हद तक लड़ती है, कहने का तात्पर्य ये कि दुष्टता और सज्जनता के मध्य बेहद बारीक शक्ति संतुलन है...सो सज्जनता की पूर्व घोषित / निर्धारित विजय, गहरी चोट खाए बिना संभव नहीं होती ! महादेव तथा दैत्य के युद्ध को मल्ल युद्ध की तरह से देखें तो भू-आकृति के निर्धारण में उन योद्धाओं के क़दमों / पैरों का योगदान, कम-ओ-बेश वैसा ही नज़र आता है, जैसे कि अखाड़े की भुरभुरी मिट्टी, अस्त व्यस्त / ऊबड़ खाबड़ और किंचित सपाट हो जाए, यानि कि भू-भौतिक विन्यास, घाटी, पर्वत और मैदान, मल्ल योद्धाओं की शक्तिमत्ता एवं शौर्य प्रदर्शन का परिणाम हैं ! बहरहाल यूट पर्वत वो देवता है, जो कि युद्ध से थका हारा आराम कर रहा है और एक दिन फिर से जागेगा, बुराई पर पुनर्विजय के लक्ष्य के साथ !  

आख्यान में रोचक किन्तु प्रतीकात्मक कहन ये कि देवता के घावों से होने वाले रक्त स्राव से स्थानीय आबादी को पीने का पानी मिला, इसके मायने ये कि जब देवता स्वयं निद्रालीन पर्वत हो जाए, तो पर्वत शिखर के हिमाच्छादन / ग्लेशियरों से मैदानी बसाहटों को पेय जल मिलना स्वभाविक है !  सोये हुए / आराम कर रहे, देवता के कम्बल बदलने से, साल में चार बार मौसम बदलने का कथन भी मज़ेदार है ! यूट पर्वत की ऊंचाइयों में बदलते परिदृश्य और रंगों से ऋतु परिवर्तन को भांप लेना आदिम समुदाय के यथार्थपरक जीवन अनुभवों का प्रतीक है, चूंकि ये जनश्रुति दैविक आस्था और आस्थागत कर्मकांडों के प्रतिसाद स्वरूप, अपेक्षित पारलौकिक सहायता की धारणा पर आधारित है अतः कथा कालीन समुदाय में भी, विश्व के अन्य धर्मभीरू समाजों की तरह से, आपात सहायता के लिये ईश्वर / देवताओं का ही आसरा है !

भविष्य में ईश्वर फिर से जागेगा / अवतरित होगा और बुराई से लड़ने में मानव समुदाय की सहायता करेगा, नितांत भाग्यवादी धारणा है ये ! हमें स्वीकार करना होगा कि आदिम समुदाय, हमारे पूर्वज समुदाय है / सूत्र समाज हैं सो...उनका देवतावाद / उनकी पारलौकिकतावाद / उनका नियतिवाद, हमें विरासत में मिला है ! हमने इसे लेशमात्र भी खोया नहीं है, बल्कि ईश्वरीयता के फटे कम्बल / काल्पनिक विचार को और भी शिद्दत से पकड़ा है / अपनाया है ! नि:संदेह जनश्रुति का समय धर्म की अपरिपक्व / कच्ची उत्पत्ति का समय था और आज हम धार्मिक पुनरुत्थानवाद के बीहड़ समय से गुज़र रहे हैं...

शनिवार, 17 जुलाई 2010

आउट ऑफ ट्यून्स ? फूल खिलते रहेंगे दुनिया में ...

अरे सर आप आये नहीं ,  हम लोग कब से इंतज़ार कर रहे हैं  ?  पर मुझे कहां आना है भाई  ?  यहां इंटरव्यू बोर्ड में आप मेंबर हैं , हमने तो चिट्ठी भेजी थी और आज सुबह से कई बार फोन किया पर आपने उठाया ही नहीं ? लेकिन चिट्ठी तो मुझे मिली ही नहीं किसे दी ? और अपरिचित नम्बर वाले फोन मुझे क्यों उठाना चाहिये ? हमने चिट्ठी तो भेजी थी पर आपको नहीं मिली क्या  ? अब तो इंटरव्यू शुरू हो रहे हैं बड़ी गडबड हो जायेगी!...भला ये क्या बात हुई आपने मेरी सम्मति ली ही नहीं और मुझे बोर्ड मेंबर बना लिया फिर  चिट्ठी किसे भेजी पता नहीं , अब अचानक अभी अभी फोन सुनकर इंटरव्यू लेने पहुंच जाऊं  ?  वो भी अपने सारे काम काज छोड़ कर  ?  प्लीज सर कुछ तो कीजिये बच्चे बड़ी दूर दूर से आये हैं ! चूंकि मैं भी इस अघोरतंत्र का हिस्सा हूं , सो उनसे कहता हूं ठीक है , लगभग दो बजे तक पहुंचता हूं !  जी बेहतर है , हम आपके पैनल को दोपहर बाद में रखते हैं , आपका शुक्रिया ...

सुनो मियां आजकल कहां हो  तुमको वोट क्या दिया नदारद ही हो गये !  वो स्कूल वाली सडक का क्या हुआ ?कभी एक्सीडेंट होंगे  तभी  दिखोगे  क्या  ?  सर  उसमें  इसी महीने तारकोल पड़ जायेगा  !  मैं हूं ना  आप निश्चिंत  रहिये  !  जनप्रतिनिधि महोदय पुराने शिष्य हैं , सो वचन की थोड़ी सी विलंबित ही सही , लाज रखते हुए सड़क को पक्की करवा बैठे  !  मोहल्ले वाले खुश हुए , उन्हें गोया इसी का इंतज़ार था कि सड़क कब पक्की हो !  सड़क पार से नल कनेक्शन ले लिए गये हैं और जल्दी ही शादियों में लगने वाले पंडालों और कनातों के डेढ़ फुटिए कीले भी ठोंके जायेंगे यहां  पर ...

मुन्ना और मुन्नी प्रेम करने लगे  !  मुन्नी छोटा मोटा काम करती थी और मुन्ना बेरोजगार !  शादी करने से पहले मुन्नी ने ससुर का घर देखने की ख्वाहिश ज़ाहिर की !  लिहाज़ा एक दिन जगदलपुर आया गया और दोनों रिक्शे में बैठ कर मुन्ना के मोहल्ले से गुज़रे  ,  रिक्शे पर पर्दा लगा हुआ था  !   मुन्ना ने रिक्शे वाले से कहा रिक्शा ज़रा तेज चलाओ डैडी जी देख लेंगे !  मुन्नी समझ गई उसने घर देख लिया था !  इसके बाद शादी हो तो गई पर मुन्नी उस घर में घुसने के लिए तरसती रही...भला कैसे घुस पाती किसी दूसरे के घर में  ?   मुन्नी अब लोगों के घरों में झाडू पोंछा करके बच्चे पाल रही है किन्तु उसे असमय विधवा होने का दुःख नहीं है  भले ही वो देर से जान पाई कि मुन्ना हिस्ट्रीशीटर चोर / जुआरी / शराबी था ...

उसका राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया ! वो वर्षों से बीपीएल कार्ड धारी था यानि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने को मजबूर...समाचार सुनकर मुझे दुःख तो हुआ पर...इससे  आगे...उसके पास केवल दो मंजिला मकान और दो बोलेरो गाडियां पाई गईं  !  फिलहाल मैं देश की आर्थिक प्रगति पर गर्व कर सकता  हूं....

नक्सलियों ने हाईवे १६ की दो पुलिया तोड़ डाली हैं ! दक्षिण बस्तर के रास्ते काट दिए हैं !  पुलिस कैम्प पर हमला किया है ! एक थाना कुछ स्कूल और कुछ पक्की बिल्डिंग्स उड़ा दी हैं वहां शायद फ़ोर्स रूकती थी  ?  कुछ लोगों को मुखबिरी के शक में क़त्ल कर दिया गया है  !  पुलिस नें फिर से कुछ नक्सली पकडे हैं भरमार बंदूकों के साथ ... 

इधर कोई उपाध्याय किसी ज़रीना को लेकर भाग गया है , वहां लीज़ा ने मनमोहन को कन्वर्ट कर लिया है और अकरम की बीबी मुसलमान हो गई है !  ...यहां सब गड्ड मड्ड हो रहा है !  समझ में नहीं आ रहा कि प्रेम जिहाद है कि फसाद  ?  पर ये पक्का है कि उनमें से किसी को भी प्रेम के आगे कुछ और सूझा ही नहीं होगा ... 

सरकारों के होने ना होने...व्यवस्था और अव्यवस्था...नागरिकता बोध और बाधाओं...संबंधों में विश्वास और धोखे...हिंसा और अहिंसा...की धरती / रणक्षेत्र में , बहसें चलती रहेंगी ! अपने आलेख के शिल्प से बाहर...आउट आफ ट्यून्स ? प्रेम का जी उठना...उठते रहना...मुझे विश्वास देता है...एक आस जगाता है...फूल खिलते रहेंगे दुनिया में...रोज निकलेगी बात फूलों की...



सोमवार, 13 जुलाई 2009

....हिंसा और अकाल मृत्यु के विरूद्ध हमारी अपेक्षायें !

पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल क्षेत्र लहूलुहान हैं , कभी नक्सलवादी समूहों के हमले , कभी उसका प्रतिकार करती पुलिस फोर्स या यूं भी कहें कि पुलिस विरूद्ध नक्सल समूहों के रणक्षेत्र में हताहत बेचारा आदिवासी * ( *इस संज्ञा में गैर आदिवासी भी सम्मिलित माने जायें )
कल पुलिस पार्टी पर नक्सलियों नें चारा डाला फ़िर पापी पेट तथा परिजनों के भविष्य के लिए नौकरी कर रहे कुछ अनमोल जीवन अनन्त में विलीन हो गए ! घटना बेहद दुखद है किंतु ऐसा नहीं कि जीवन वर्सेस अकाल मृत्यु का यह चक्र एकतरफा है , दरअसल इस क्रूर खेल में विपक्ष भी जीवन दांव पर लगाता है और....यह सिलसिला ख़त्म होने के बजाये गति पकड़ता जाता है !
बहस मुबाहिसों के चक्कर में पड़े बिना सबसे पहले ये कह दूँ कि इस तरह से मानव जीवन की क्षति अत्यन्त निंदनीय है , दुखद है , प्रकृति के उसूलों के विरुद्ध है ! कौन जाने हम इन्सान अपनी बात मनवाने के लिए अपना आपा क्यों खो बैठते हैं फ़िर चाहे उसकी परिणति , दूसरे अथवा स्वयं की मृत्यु ही क्यों ना हो ! अतिवाद अपने हर रूप में चाहे वह संगठित हो या असंगठित , सामूहिक हो या व्यक्तिगत , प्राइवेट सेक्टर का हो या सरकारी , हर हाल में , अक्षम्य अपराध है क्योंकि यह कुदरत / प्रकृति के नियमों का अतिक्रमण करता है ! आप गौर करें तो पाएंगे कि प्रकृति भी जन्म /मृत्यु - सृजन /ह्रास के चक्र से संचालित है किंतु वहां अतिवाद नहीं है !
मुझे लगता है कि शायद विषयांतर हो रहा है अतः मैं मूल मुद्दे पर लौटता हूँ , मुद्दा यह है कि क्या किसी राजनीतिक प्रणाली अथवा शोषण मुक्त समाज याकि सर्वहारा की सत्ता की स्थापना के लिए हिंसा अपरिहार्य है ? पता नहीं कौन क्या तर्क देगा ! लेकिन यह तो तय है कि 'सर्वहारा के पक्ष में युद्ध कर रहे लोग' और 'लोकतान्त्रिक ढंग से चुनी गई सरकार ' के मध्य एक जबरदस्त समानता है ! ....... वो ये कि दोनों ही जन कल्याणकारी होने के दावेदार हैं , भले ही इस दावे पर दोनों पक्षों की सफलताएँ व्यवहारिक धरातल पर संदिग्ध बनी हुई हैं ! जनकल्याण के घोषित उद्देश्य से विचलन और असफलताओं का आंकलन कोई भी पक्ष करना ही नहीं चाहता ! बस लगे हुए हैं अपनी मुर्गी की डेढ़ टांग लिए हुए ! सर्वाधिक अशोभनीय बात यह है कि जन सामान्य के पक्ष में खड़ी लोकतान्त्रिक सरकार और उसी जनसामान्य के पक्ष में खड़े नक्सली ? ......जनसामान्य की अकाल मृत्यु का कारण भी बने हुए हैं ! क्या ये मुमकिन नहीं कि दोनों पक्ष हठधर्मिता त्याग कर ,संवाद के मार्ग पर आगे बढ़ें ! निशर्त ,निरंतर संवाद ,सार्थक संवाद ! वरना वर्षों से हो रही , जनहानि तो यह सिद्ध करती है कि दोनों पक्षों के जनकल्याण समर्थक होने का दावा खोखला है !
तर्क के लिए ऐसे अनेकों उद्धरण दिए जा सकते हैं जिससे दोनों पक्षों की कमियां जगजाहिर हो जाएँगी , लेकिन समय आरोप प्रत्यारोप में नष्ट करने का नहीं है !
वैसे भी असंख्य जीवन लील चुका हिंसा का यह दानव हम जैसे साधारण शांतिकामी इंसानों की पहली प्राथमिकता नहीं है , हमारी पहली मांग है , गरिमामय जीवन , सहज और निश्चिंत ,शांतिपूर्ण जीवन , निर्भय जीवन ...और यह तभी सम्भव है जब हम जैसे साधारण इंसानों की बेहतरी में लगे होने के दावेदार , ये दोनों पक्ष बात करेंगे !
एक बात और जब कोई व्यक्ति रक्षा सेवाओ में सम्मिलित होता है याकि अतिवादी समूहों को ज्वाइन करता है तब उसे कारतूस , जिन्दगी और मृत्यु जैसी संभावनाओं को अपनी दिनचर्या में सम्मिलित करना होता है किंतु सामान्य नागरिक इसे अपनी दिनचर्या में जोड़ने को अभिशप्त हो जाए खासकर , उनके कारण से जोकि उसकी बेहतरी का दावा कर रहे हों तो ये बात जायज नहीं लगती !
पुनः निवेदन है कि मनुष्य का जीवन अनमोल है ! इसकी रक्षा करें ! सभी तरह की हिंसा से दूर चर्चा का माहौल बनाये ! एक शांतिकामी समृद्ध समाज और बेहतर जीवन के लिए !