धार्मिक परिदृश्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धार्मिक परिदृश्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 20 जुलाई 2018

किन्नर-35-12

गतांक से आगे...

पवित्र कुरआन में उल्लिखित, गर्भ में, स्त्री पुरुष या अन्य प्रकृति की ईश्वरीय निर्मिति अथवा अन्य इस्लामिक हवालों में उद्धृत किये गये गिलमां, पौरुष ओज हीन किन्तु अनश्वर, अक्षत यौवन, नर्म-ओ-नाज़ुक, हसीन लौंडे, जो कि सेवक हैं, जन्नत नशीनों के इर्द गिर्द सतत उपलब्ध रहेंगे जैसे कि 72 हूरों / अक्षत कुमारियों / हसीन- ओ- ज़मील लड़कियों की उपलब्धता। जागतिक परिदृश्य/ इहलौकिक व्यवस्था, में कतिपय निषेधों / अनिवार्यताओं और तयशुद संस्कारिता के सम्यक अनुपालन की एवज में पारलौकिक जगत में उपहार बतौर मिलने वाली खूबसूरत लड़कियों के समानान्तर, खूबसूरत अक्षत कुमार लड़कों की उपस्थिति को अलग अलग अर्थों में देखने का औचित्य क्या है ? यानि कि विषम लिंगीय यौन अभिलाषाओं की प्रतिपूर्ति के लिये युवतियों की उपलब्धता के साथ समलैंगिक यौन अभिलाषाओं की प्रतिपूर्ति के सूत्र, एक साथ क्यों नहीं जोड़े जाने चाहिए? अन्यथा उन्हें (गिलमां को) अक्षत यौवन / पौरुष ओज हीन कहने / ठहराए जाने का औचित्य क्या हो सकता है ? कहन का आशय ये कि सेवक की पौरुष हीनता / सौंदर्यशास्त्र के बखान / बयान, अनावश्यक थे, अगर गिलमां, समलैंगिक लालसाओं को संतुष्ट करने के लिये उपलब्ध नहीं हों तो । बहरहाल हमें लगता है कि दुनिया में धर्म निर्धारित, दायित्व निर्वहन की सफलता के लिये, जन्नत में हूरों और गिलमां की पेशकश को, समेकित यौनिकता से जोड़े बगैर, निष्पक्ष / निरपेक्ष चिंतनशीलता / तर्कशीलता की धज्जियां बिखेरने जैसा कृत्य माना जाएगा  ।   

ग्रीक-ओ-रोमन समाजों अथवा मिस्र, मेसोपोटामियाई सभ्यताओं के साथ गल्लुस / गल्ली पुरोहितों अथवा हिंदू मिथकों में उद्धृत अस्थायी नपुन्सकत्व तथा ईश्वरीय, लिंगीय सदाशयता / यौन तरलता वाले उद्धरण और ईसाई धर्म में बपतिस्मा योग्य पाए गये काले पुरुष / नीग्रो, दास किन्नर के हवाले, ये सभी वर्तमान से पहले की बहुधर्मी दुनियां में किन्नरों की मौजूदगी के प्रमाण देती हैं। हम जानते हैं कि मनुष्य ने अपनी लालसाओं को ईश्वर में देखा, फिर ईश्वर से वो सब काम करवाए जो कि उसकी (मनुष्य की) स्वयं की इच्छा के अनुकूल थे । मनुष्य ने ईश्वर को अपनी अनुकृति के तौर पर गढा और अपने सुकृत्य / दुष्कृत्य / अपकृत्य / पापाचार / पुण्याचार / सद, असद विचार ईश्वर पर आरोपित कर दिये । ईश्वर की, मनः प्रसव पीड़ा सही, उसे जन्म दिया, उसका जनक बना और उसकी अंगुली थाम, उसकी संतति हो गया । सृजनहारा, स्वयं सृजन बन बैठा । हम यह भी जानते हैं कि यौन लालसाएं मनुष्य की मूल प्रवृत्तियां हैं, सो उसने इन लालसाओं की उचित अनुचित पूर्ति के लिये, यौन लालसाओं / लैंगिकता / दैहिकता को ईश्वर में प्रकटित किया । उसने ईश्वर को उस अभिनय / लीला / कौतुक के लिये बाध्य किया जो स्वयं उसकी अच्छी, बुरी भूमिकाओं को जायज़ ठहराने के लिये ज़रुरी था ।  

यहां ये उल्लेख करना आवश्यक हो चला है कि हमारे लिये, किन्नरों के धार्मिक संरक्षण सूत्र खोजने का उद्देश्य, ईश निंदा या धर्मों की आलोचना / निंदा करना नहीं है बल्कि हमारा लक्ष्य है कि हम मनुष्य के वैचारिक उन्नयन / अधो-पतन के विवरणों तथा उस द्वैध को प्रमाणित करें जो कि मनुष्य, ईश्वर के हवाले से, अभिव्यक्त करता रहा है । दुनिया में किन्नरों / समलैंगिकता तथा स्त्रियों / विषम लिंगीयता की उपस्थिति और मनुष्य की प्राकृतिक, अप्राकृतिक देह लालसाओं के शमन का इतिहास लंबा है किन्तु इसके लिये, किसी ईश्वर को उत्तरदाई बनाना आवश्यक नहीं था । मनुष्य का इहलौकिक काम, ईश्वर की पारलौकिक उपस्थिति के बगैर भी चल सकता था। बहरहाल मनुष्य ने अपने लिये एक से अधिक वास्तविक और काल्पनिक संसार रचे, और अपनी रचनाधर्मिता / सृजनशीलता को लेकर आत्ममुग्धता में खो गया । कथनाशय यह है कि ईश्वर होता या ना होता, धर्म होते या ना होते, स्वर्ग नरक भी होते अथवा नहीं किन्तु मनुष्य की दैहिकता के निशान, उसके स्त्री, पुरुष या अन्य लिंग के होने से सम्बंधित प्रमाण दुनिया में हर हाल में विद्यमान बने रहते । दुनिया में मनुष्य देह की सदाशय अथवा निर्मम उपस्थिति को किसी भी ईश्वर की आवश्यकता नहीं थी ।    

    

गुरुवार, 19 जुलाई 2018

किन्नर-35-11

गतांक से आगे...

हमने पाया कि रोमन, ग्रीक, मिस्री, मेसोपोटामियाई, भारतीय, चीनी मूल की महा-सभ्यताओं में तृतीय लिंग के जन्मना और कृत्रिम प्रारूपों में धार्मिकता / आध्यात्मिकता के नक्श किस तरह से मुखरित हुए हैं । सम्राटों, सुल्तानों और प्रजाजनों की द्वि-वर्गीय व्यवस्था में निहित शोषण को छुपाने के लिये अथवा उसके न्यायोचित होने के तर्कों को आध्यात्मिक्ताओं के मुलम्मे चढ़ा कर पेश करना बेहद शातिराना और चालाकी भरा कृत्य है । सो विश्व के तमाम राजतान्त्रिक / धार्मिक समाजों में किन्नरों को ईश्वरीयता के पवित्र पुरोधा की शक्ल में प्रस्तुत किया जाना भी आर्थिक दैहिक शोषण पे परदे-दारी का रणनीतिक कदम माना जाना चाहिए ।  ये जानना दिलचस्प है कि, ईश्वर की लैंगिक परिवर्तनशीलता और उसकी काम क्रीडाओं / लीलाओं के कथित विवरण मनुष्य की दैहिक अभिलाषाओं / विषम / समलैंगिक सहवासों की लालसाओं के समदर्शी-उद्धरणों की तरह से प्रस्तुत किये गये । यही नहीं इस तरह के खांटी तर्क लैंगिक समानता / स्त्री पुरुष के मध्य विभेद / निषेध के कथ्यो /  दस्तावेजों की तरह से प्रस्तुत किये गये ।

दुनिया में, धार्मिकता के इतर शायद ही ऐसा कोई अन्य दृष्टान्त हो, जहां मनुष्य, द्वारा सृजित पात्र, घटना क्रम, कथ्य ही मनुष्य के स्वामी बन बैठे हों, स्वयं के द्वारा रची गई नितांत काल्पनिक व्यवस्था के दासत्व को, मनुष्य ने सम्मोहन की हदों या फिर भयाक्रांत होने की हदों तक जाकर, स्वीकार किया और कालान्तर में उसके अनेकों दुरूपयोग भी किये, मिसाल के तौर पर तृतीय प्रकृति / तृतीय लिंग के मामले में भी ऐसा ही हुआ जहां जननिक विरूपताओं या शरारतन स्थापित किये गये जननिक प्रारूपों को, पौरोहित्य विशेषज्ञता के झांसे में रखकर समलैंगिक यौन कामनाओं की पूर्ति की व्यवस्था कर ली गई या फिर एकाधिक विषम-लिंगीय संबंधों के निर्विवादित प्रबंधन हेतु पहरेदार बतौर दायित्व सौंपे गये अथवा स्वामित्व की निरंतरता के लिये सुनियोजित देह प्रारूप थोपे गये / आरोपित किये गये । भारतीय सन्दर्भों में इसे, उपासना गृहों में, देवदासियों की  विषम लिंगीय उपस्थिति के रूप में देखा जायेगा और ऐन इसी तरह से ग्रीक-ओ-रोमन-मिस्री मंदिरों में,  इसे किन्नर पुरोहितों / गल्ली की समलैंगिक उपस्थिति के रूप में देखा जाए । यदि हम जननिक कारणों के अपौरुष को नज़र अंदाज़ कर भी दें तो कृत्रिम रूप से सृजित अपौरुष को मनुष्य की समलैंगिक यौन लालसाओं से जोड़ कर क्यों नहीं देखा जाना चाहिए ?
...क्रमशः 


बुधवार, 18 जुलाई 2018

किन्नर-35-10

गतांक से आगे...

युद्ध और सौंदर्य के देव कार्तिकेय के जन्म की कथा में उल्लेख है कि आदि देव शंकर और माता पार्वती के अभिसार के उपरान्त, अग्नि देव ने अपने हाथों में वीर्य को ग्रहण कर उसका पान कर लिया था किन्तु असहनीय ज्वलनशीलता से बचने के लिये उसे ऋषि पत्नियों के समूह में वितरित कर दिया था जिसका एक अंश, ऋषि पत्नियों ने गंगा को दे दिया था, फलस्वरूप कार्तिकेय जन्मे । ये कथाएं सीधे सीधे यौनाचार की कथाएं नहीं हैं बल्कि इन्हें प्रतीकात्मक रूप से बांचा जाना चाहिए । यानि कि देवताओं के मध्य समलैंगिक / विषमलैंगिक यौनाचार के संकेत खोजने के बजाये हमें यह समझना होगा कि देवता धरती के निवासियों को क्या सन्देश देना चाहते हैं ।

हमें लगता है कि हिंदू मिथक स्त्री पुरुष की समान प्रतिष्ठा की कामना के अंतर्गत गढे और कहे गये हैं । ये आश्चर्यजनक होगा जो हम इन कथाओं में सकारात्मक संकेत खोजने के बजाये यौनिकताओं के दस्तावेज गढ़ने लग जायें । हमारा यह मानना है कि संभवतः हिंदू मिथकों, में देवताओं द्वारा दिये गये सन्देश, स्त्री बनाम पुरुष बनाम तृतीय लिंगीयता के विभेदकारी सन्देश नहीं हैं बल्कि इन्हें लिंगीय तरलता / परिवर्तनशीलता के आलोक में देखा जाना चाहिए कि ईश्वर जो चाहे, जैसा चाहे, कोई एक लिंग श्रेष्ठ नहीं कोई दूसरा या तीसरा लिंग हेय भी नहीं, सब सहजता से घटित हो सकता है क्योंकि ईश्वर ने यह कर के दिखाया है, उद्धरण स्वयं प्रस्तुत किया है । यहां कोई व्यभिचार नहीं, कोई भी तुलनात्मक रूप से दीन अथवा बलशाली लिंग नहीं है, सो धरती पर जो भी है वो ईश्वरीय प्रावधान है । अर्थात किन्नर भी ।

हमें, किन्नरों की वैश्विक उपस्थिति के धार्मिक संकेत / चिन्ह सहज सुलभ है, चूंकि धार्मिकता, आदिम मनुष्य की, प्रकृति से प्राथमिक मुठभेड़ की, प्राथमिक कृति है अस्तु मनुष्य के, प्रारम्भिक समाजों से लेकर, अधुनातन समाजों तक के विकास काल में धार्मिकता के विलोपन की कल्पना भी दुरूह मानी जायेगी । ऐसी स्थिति में मानुष जीवन  के समस्त आयामों, समस्त कालखंडों धर्म की मौजूदगी किसी आश्चर्य का विषय नहीं है सो हमें यह भी स्वीकार करना होगा कि मनुष्य की दैहिकता भले ही आनुवंशिकता निर्धारित मानी जा रही हो पर उसमें धार्मिकता की ठोकरें / थपकियां / ताल चिन्ह दिखाई ना दें, ऐसा कैसे संभव होगा ? नि:संदेह दैहिकता के प्रथमतः पुरुष, स्त्री लिंगी अथवा अन्यान्य लिंगी का सुसंगत और परम वैज्ञानिक निर्धारक तत्व आनुवंशिकता है किन्तु धर्म जैसे देहेत्तर / बाह्य किन्तु प्रभावशील निर्धारक तत्व, दैहिकता को प्रभावित ना करें ऐसा कैसे हो सकता है ? हमारा मानना है कि ईश्वरीयता की कल्पनायें एवं आस्थागत विश्वास, दैहिकता की वास्तविकता से कमतर शक्ति तत्व नहीं है ।

...क्रमशः 


मंगलवार, 17 जुलाई 2018

किन्नर-35-9

गतांक से आगे...

महाभारत के तमिल संस्करण के अनुसार भगवान विष्णु के अवतार भगवान श्रीकृष्ण ने अरावान से ब्याह करने के लिये मोहिनी रूप धारण किया था, वे अरावान को उसकी मृत्यु के पूर्व प्रणय का अनुभव / अनुभूति देना चाहते थे क्योंकि उसने स्वयं को बलिदान के लिये प्रस्तुत किया था ।  इस प्रकरण में उल्लेख मिलता है कि भगवान श्रीकृष्ण मोहिनी रूप में अरावान की मृत्यु उपरान्त शोक समय तक मौजूद रहे ।  गौर तलब है कि आजकल, अरावान के ब्याह और उसकी मृत्यु के घटना क्रम को वार्षिक आयोजन के तौर पर मनाया जाता है ।  इस अनुष्ठान को थाली कहते हैं, अनुष्ठान के दौरान तृतीय लिंग / किन्नर लोग, कृष्ण मोहिनी दृश्य अभिनीत करते हैं और विधिवत अरावान से ब्याह का स्वांग रचाते हैं ।  अनुष्ठान कुल 18 दिनों तक चलता है और अरावान की मृत्यु के विधि विधानों / रस्मों के साथ समाप्त होता है ।  इस समय किन्नर गण, अपनी छातियों को पीटते हुए / स्यापा करते हुए, (इसे हम विधवा विलाप भी कह सकते हैं ) तमिल शैली में अनुष्ठानिक शोक नृत्य करते हैं तथा तथा अपनी चूडियां फोड़ते हुए श्वेत वर्ण शोक वस्त्र धारण करते हैं ।

इसी तरह से अर्जुन का वृहन्नला अवतार तथा अम्बा का शिखंडी अवतार भी विचारणीय होगा जिनका उल्लेख हम लैंगिक परिवर्तन / तरलता के तौर पर करना चाहेंगे । पवित्र पद्म पुराण में उल्लेख है कि भगवान श्री कृष्ण के रहस्मयी नृत्य में सम्मिलित होने के लिये अर्जुन शारीरिक रूप से एक स्त्री के रूप में परिवर्तित हुआ था, चूंकि वहाँ के आयोजन में सम्मिलित होने की अनुमति एक ही स्त्री को मिलनी थी सो अर्जुन ने यह अनुमति स्वयं के लिये हासिल की ।  इसके इतर  किन्नरों की आराध्य देवी बतौर माता बहुचरा का उल्लेख भी हम, शिखंडी और वृहन्नला के साथ पृथक से कर चुके है सो उसे यहां पर दोहराने की आवश्यकता नहीं है । भारतीय मिथक वांग्मय के संक्षिप्त उल्लेख का उद्देश्य केवल इतना है कि हम जान सकें कि स्त्री पुरुष भेद, लैंगिकता की सीमा रेखाओं से इतर / परे भारतीय जनमानस, लैंगिक तरलता / लैंगिक परिवर्तन और किसी भी लिंग की गरिमा को आश्रय देता है ।

माना जाता है कि भगवान श्री कृष्ण के पुत्र साम्ब भी किन्नरों के संरक्षक थे वे स्त्रियों की तरह से कपड़े पहनते ताकि वे लोगों को छल सकें, उनकी नक़ल उतार सकें और स्त्रियों के समूह में सरलता से प्रविष्ट हो सकें उन्हें छेड़ सकें । कहते हैं कि स्त्रियों के वस्त्र धारण करने के कारण से साम्ब अभिशापित हुए थे और इसके परिणाम स्वरुप उन्हें मूसल और ओखली को जन्म देना पड़ा । इतना ही नहीं हमें देवताओं के मध्य भी समलैंगिक और उभयलिंगी यौन क्रियाओं के उद्धरण मिलते हैं, कदाचित इसका कारण, यौन सुख हो या फिर केवल अनुष्ठानिक । अग्नि देव, धन, रचनात्मक ऊर्जा और अग्नि के स्वामी माने जाते हैं पर उन्हें सम-लिंगी गतिविधियों के अतिरिक्त अन्य देवताओं के वीर्य को स्वीकार करने वाला भी कहा गया है । देवी स्वाहा से विवाहित होने के बावजूद उनके सम-लिंगी सम्बन्ध सोम यानि कि चन्द्र देव से बताए गये हैं । इस सम्बन्ध में अग्नि कि भूमिका स्वीकार करने वाले पक्ष की है वे सोम के वीर्य को अपने मुख से स्वीकार करते हैं इसी के समानांतर वे, धरती से स्वर्ग तक बलि / उपहारों को स्वीकार करते हैं । जबकि अन्य गल्पों में इसे मिथुन अनुष्ठान कहा गया है जहां अग्नि का मुख स्त्री की भूमिका में है ।
...क्रमशः 

सोमवार, 16 जुलाई 2018

किन्नर-35-8

गतांक से आगे...

इसलिए प्राप्त वरदान के अनुसार उन्होंने पुत्री रूप में चन्द्र के पुत्र बुध से ब्याह किया और पुरुरवा नाम के पुत्र को जन्म दिया । इसके उपरान्त वे पुरुष रूप में सुद्युम्न बन गईं तथा मनु के कुल में तीन पुत्रों, उत्कल,गय और विन्ताश्व का पिता बन गईं । दूसरे गल्प के अनुसार जंगल की एक गुफा में इच्छाधारी यक्ष और यक्षिणी रहते थे, वे अक्सर मृग और मृगी के रूप में जंगल में घूमते रहते । उसी समय वैवस्वत कुलीन राजा इल शिकार करने के उद्देश्य से जंगल में आया और फिर जंगल की उसी गुफा में ही रहने लगा । चूंकि उसने यक्ष यक्षिणी की गुफा का परित्याग करने से इंकार कर दिया तो एक युक्ति के रूप में यक्षिणी ने उसे मृगया के लिये आकर्षित किया और उसे उमा वन ले गई जहां जो भी व्यक्ति प्रवेश करता, आदि देव शंकर के प्रताप से स्त्री बन जाता । सो इल भी इला बन गया तब यक्षिणी ने प्रकट होकर उसे स्त्रियोचित भाव भंगिमाएं, नृत्य संगीत आदि की शिक्षा दी और उसके स्त्री हो जाने का कारण भी बताया । कालान्तर में इला का ब्याह बुध से हो गया और उसने पुरुरवा को जन्म दिया । पुरुरवा के सुयोग्य होते ही, इला ने गौतमी नदी के किनारे आदि देव शंकर की उपासना की और फिर से इल का रूप प्राप्त किया ।

भारतीय वांग्मय में स्त्री और पुरुष लिंग के पृथक पृथक हवालों के समानान्तर उभयलिंगीय हवाले भी मिलते हैं, हालांकि इन हवालों को स्त्री पुरुष साम्य / समानता और सम गौरव / सम प्रतिष्ठा के दृष्टान्त बतौर देखा जाना उचित होगा ।  आदि देव शंकर और माता पार्वती का संयुक्त रूप अर्धनारीश्वर, जिसके माध्यम से आदि देव, सम्पूर्णता के, द्वैध / द्वि-लिंगीयता के, इतर / पार होने का सन्देश देते हैं, कथनाशय यह है कि सम्पूर्णता, लिंग भेद से ऊपर होती है ।हम यह मान सकते हैं कि यह सन्देश देवों और मनुष्यों को एक साथ / समेकित रूप से दिया गया है । क्या हम अर्धनारीश्वर की छवि में उभयलिंगीयता, समलैंगिकता अथवा भिन्न लिंगीयता के प्रतीकात्मक मूल्यों की उपस्थिति की कल्पना कर सकते हैं ? लगभग इसी तरह के अन्य उद्धरण का उल्लेख करना भी समीचीन होगा, जिसमें माता लक्ष्मी और उनके पति भगवान विष्णु के लिये समेकित / संयुक्त नामकरण है, लक्ष्मी नारायण । पवित्र भागवत पुराण में उल्लेख है कि भगवान विष्णु ने दैत्यों को अमृत से वंचित करने के लिये मोहिनी रूप धारण किया था ।

कहते हैं कि आदि देव शिव कालांतर में मोहिनी पर अनुरक्त हो गये और उनका वीर्य जिस चट्टान पर गिरा वह स्वर्ण बन गई, पवित्र ब्रह्मानंद पुराण कहता है कि मां पार्वती ने अपने पति को मोहिनी का अनुसरण करते देख, लज्जा से अपना शीश झुका लिया । कतिपय अन्य कथाएं कहती हैं कि, आदि देव ने भगवान विष्णु से कहा कि वे मोहिनी रूप पुनः धारण करें ताकि आदि देव स्वयं के लिये, वास्तविक परिवर्तन को देख सकें । अन्य गल्प / कथाओं में यह उल्लेख मिलता है कि आदि देव जानते थे कि यौन आकर्षणों में लिंगीय तरलता (सहज परिवर्तन शीलता) की व्याख्या / सुझाव मोहिनी की वास्तविक प्रकृति है । अगर हम मोहिनी के स्त्रैण तत्व को वास्तविकता के भौतिक पक्ष को व्याख्यायित करने वाला माने तो पायेंगे कि मोहिनी ने जागतिक मामलों में आदि देव की रूचि जागृत करने के लिये यह प्रयास किया ।

यहां पर हमें उस दृष्टान्त को भी ध्यान में रखना होगा जबकि एक दैत्य, स्त्री रूप धारण कर के (अपनी योनि में तीक्ष्ण दांत रख कर) आदि देव को मारने का यत्न कर रहा था और भगवान विष्णु ने अपनी शक्ति से आदि देव को सम्मोहित किया जिससे आदि देव, ढोंगी दैत्य को पहचान गये और उन्होंने प्रणय क्रियाओं के दौरान उसके पौरुष केन्द्र पर विद्युत प्रहार कर के उसका वध कर दिया । एक अन्य पौराणिक कथा कहती है कि भगवान अय्यप्पा की उत्पत्ति आदि देव शंकर के आलिंगन उपरान्त मोहिनी के गर्भवती हो जाने के फलस्वरूप हुई जिसे मोहिनी ने लज्जावश परित्यक्त कर दिया ।  कथा का एक अन्य संस्करण कहता है कि पांडयन राजा, राजशेखर ने उक्त नवजात शिशु को गोद ले लिया था हालांकि इस संस्करण में भगवान अय्यप्पा को अयोनि-जात यानि कि स्त्री जननांग से पैदा नहीं, कहा गया है और बाद में उन्हें हरिहर पुत्र अर्थात आदि देव और भगवान विष्णु का पुत्र भी कहा गया है ।
...क्रमशः 

रविवार, 15 जुलाई 2018

किन्नर-35-7

गतांक से आगे...

जहां ग्रीक-ओ-रोमन, मिस्री सभ्यताओं तथा ईसाइयत और इस्लाम के अनुयाइयों में किन्नरों की उपस्थिति के ब्योरे खोजते समय हमने यह जाना कि ये सभ्यताएं / धर्म, मूलतः भूमध्यसागरीय देशों से सम्बंधित है और दुनिया के अन्य देशों / समाजों की तरह से इनमें भी मानवीय द्वैध बेहद मुखर है, यानि कि धार्मिक / आध्यात्मिक कथनों में, किन्नरों के ईश्वर प्रिय और पवित्र होने के उल्लेख हैं किन्तु राज प्रासादों, अमीर लोगों के दरम्यान किन्नरों की वास्तविक भूमिका दासत्व की है, समलैंगिक सहचर की है, जिनके पौरुष को, सत्तागत कारणों, जेता होने के दंभ की पूर्ति के लिये या अप्राकृतिक यौन लालसाओं की पूर्ति, जैसे कारणों से, हर लिया गया है । वे जिस काल खंड में आध्यात्मिक उन्नति के अग्रगामी / श्रेष्ठतम पात्र कहे / माने गये, ऐन उसी समय, आर्थिक सम्पन्नता  और यौन अभिलाषाओं को लेकर, उनका स्थान रसातल-गामी होना स्वीकार किया जाएगा । अगर हम समता मूलक समाजों की कामना करते हों और मानवीय गरिमा के पक्षधर हों तो, हमें यह मान लेना होगा कि तत्कालीन समाज, किन्नरों के साथ न्याय पूर्ण व्यवहार नहीं कर सके ।

पिछले विवरणों की तरह से यदि हम किन्नरों को हिंदू मिथकों में देखना चाहें तो पायेंगे कि, इन्द्रदेव, प्रायोगि से कहते हैं कि, तुम ज्ञानी होकर भी शाप वश स्त्री बने हो, सो अपनी दृष्टि नीचे की ओर रखो, ऊपर मत देखो,छोटे छोटे क़दमों से चलो, तुम्हारा मुख और पिंडलियाँ दिखाई ना दें, वे वस्त्र से ढंकी रहें ।  यानि एक पुरुष शाप वश ? या किसी अन्य कारण से स्त्री अथवा स्त्रैण हो सकता है ।  गुरु बृहस्पति की पत्नि तारा और चन्द्र सहपलायन के प्रकरण में, घर वापस लौटी तारा के गर्भ में चन्द्र का अंश होता है, जिस पर क्रुद्ध होकर ऋषि उसे शाप देते हैं कि उसके गर्भ की संतान नपुंसक (लिंग) होगी, कालान्तर में यही संतान, बुध यानि कि बुद्धि के देवता के रूप में प्रकटित होती है ।  अगर हम ज्योतिष को सन्दर्भ माने तो, हमें सूर्य, गुरु और मंगल में पुरुष तत्व  तथा चन्द्र, शुक्र और रहू में स्त्री तत्व प्रबल दिखाई देगा जबकि शनि, केतु और बुध स्पष्ट रूप से नपुंसक लिंग, माने गये हैं, यानि कि हम शनि, केतु और बुध को परा लैंगिक श्रेणी अथवा किन्नर श्रेणी में गिन सकते हैं ।

इस सम्बन्ध में इला की कथा बेहद रोचक है, उसे आदि देव शंकर और माता पार्वती का शाप था कि वो एक माह स्त्री और दूसरे माह पुरुष बन जाया करेगी सो जब वो स्त्री थी तब उसका विवाह चन्द्र देव के पुत्र बुध से हो गया । बुध को इला के परिवर्तनीय लैंगिक अनुक्रम का ज्ञान था किन्तु इला स्वयं पुरुष या स्त्री होने की दशा में अपना अतीत विस्मृत कर बैठती थी । कहते हैं कि इला और बुध, इला के स्त्री रूप के दौरान ही पति पत्नि रहते और उनके एक पुत्र भी हुआ जिसके बाद उसका शाप समाप्त हो गया । तब उसे पूर्णतः पुरुष का स्वरुप प्राप्त हो गया और उसने अपनी पत्नि के साथ जीवन के शेष दिन गुज़ारे और उन दोनों के बच्चे भी हुए । ऋग्वेद में इला को अन्न की अधिष्ठात्री माना गया है लेकिन सायण में उन्हें पृथ्वी की अधिष्ठात्री कहा गया है तथा वैदिक साहित्य के अनुसार वे यज्ञ का नियमन करने वाली देवी हैं ।  उनके सम्बन्ध में दो अन्य गल्प भी प्रचलित हैं जिनमें से प्रथम तो ये कि इला वैवस्वत मनु की पुत्री थीं जिन्होंने मित्रारूण यज्ञ कर के दस पुत्रों और पुत्री इला को प्राप्त किया था । चूंकि अपने पिता के साथ वापस जाने से पहले इला ने मित्रारूण की अनुमति की आवश्यकता निरुपित की थी अतः मित्रारूण ने उन्हें अपने कुल की कन्या तथा मनु के पुत्र होने का वरदान दिया था ।
...क्रमशः 

शनिवार, 14 जुलाई 2018

किन्नर-35-6

गतांक से आगे...

न्यू टेस्टामेंट के दो अध्यायों में ग्रीक शब्द Saris प्रयुक्त हुआ है जबकि ओल्ड टेस्टामेंट में यही शब्द 40 बार प्रयुक्त हुआ है हालांकि स्नाइडर जोर देकर कहता है कि ओल्ड टेस्टामेंट में Saris शब्द का इस्तेमाल किन्नरों के लिये नहीं किया गया है यानि कि उन लोगों का बंध्याकरण नहीं हुआ था । ओल्ड टेस्टामेंट 5631 में cariyc (saw-reece) या caric (saw-reece) का प्रयोग किन्नर के लिये किया गया है । इसी तरह से हमें पवित्र बाइबिल में अनेकों जगह फिरऔन,पोटिफ़र और यूसुफ़ का उल्लेख मिलता है जहां इस्माइलियों के द्वारा मानव व्यापार यानि कि दासों के बेचे जाने का उल्लेख भी है । गौर तलब है कि पोटिफ़र संभवतः एक किन्नर है, जिसे फिरऔन के कुछ कर्मचारियों का मुखिया बताया गया है ।

2 Kings 9:32 कहती है कि, और उसने खिड़की की ओर अपना चेहरा उठा कर कहा, मेरी तरफ कौन है ? कौन ? तब उसे वहाँ दो या तीन किन्नर दिखाई दिये । इसी तरह से 2 Kings 20:18, Isaiah 39:7 में बेबीलोन के राजमहल महल में किन्नरों का हवाला मिलता है जबकि Isaiah 56:3,में उल्लेख है कि, अपरिचित का पुत्र कहता है कि ईश्वर ने मुझे उनके लोगों से पृथक कर दिया, किन्नर कहता है संभालो, मैं एक सूखा वृक्ष हूं । इसके साथ ही साथ Isaiah 56:4, Jeremiah 29:2, Jeremiah 34:19, Jeremiah 38:7, Jeremiah 41:16, Jeremiah 52:25, Daniel 1:3, Daniel 1:7-11,Daniel 1:18 में भी किन्नरों का उल्लेख किया गया है ।

Matthew 19:12 कहती है कि कुछ किन्नर अपनी माता के गर्भ से जन्मे हैं, कुछ को मनुष्यों ने किन्नर बना दिया है जबकि कुछ स्वर्ग के राज्य की इच्छा में स्वयं किन्नर बन गये हैं, जो इसे स्वीकार कर सकता है, करे । Acts 8:27 में उल्लेख है कि इथोपिया की परी जैसी रानी के खजानों का प्रभारी, प्रभुत्व संपन्न किन्नर येरुशलम में उपासना के लिये आ रहा है । इथोपियाई किन्नर ने फिलिप से कहा, मैं किसकी प्रार्थना करूं, पैगम्बर किसके बारे में कहता है ? स्वयं अथवा किसी अन्य व्यक्ति के विषय में (Acts 8:34) और वे आगे बढते हुए जलाशय तक पहुंचे, किन्नर ने कहा, यहां पानी है, कौन सी शिक्षा मुझे बपतिस्मा लेने से रोकती है ? (Acts 8:36) फिर उसने रथ को रोकने का निर्देश दिया और वे दोनों पानी में उतरे तब फिलिप ने उसे बपतिस्मा दी (Acts 8:38) इसके बाद परमात्मा ने फिलिप को वहाँ से हटा दिया, इससे आगे, किन्नर ने फिलिप को नहीं देखा और वो अपने रास्ते में हर्षित / पुलकित होकर आगे बढ़ गया (Acts 8:39)

स्पष्ट तथ्य ये कि पवित्र बाइबिल से हमें दो संकेत मिलते हैं, एक तो यह कि दुनियां में स्त्री पुरुष के अतिरिक्त तृतीय लिंग भी होता है, भले ही यह जन्मजात हो, स्वैच्छिक हो, या किसी अन्य प्रभुता संपन्न व्यक्ति अथवा समूह द्वारा बलपूर्वक / छलपूर्वक  किया गया हो । दूसरा संकेत ये कि सामाजिक धार्मिक जीवन की दृष्टि से, किन्नर / सारीज होना,  हेय होना नहीं है । इथोपियाई किन्नर को बपतिस्मा देने वाले फिलिप की सामायिक उपस्थिति और कार्य पूर्ण हो जाने के उपरान्त अंतर्ध्यान हो जाने में, ईश्वरीय हस्तक्षेप सुस्पष्ट है । कहन का अर्थ ये है कि अन्य सामान्य देह धारी स्त्री पुरुषों अथवा गौर वर्णी धार्मिकों / नागरिकों की तरह से, इथोपियाई मूल के नीग्रो किन्नर होने की बपतिस्मा के मार्ग में कोई बाधा नहीं थी । गौर तलब है कि ये दोनों संकेत ईश्वरीय आशीष प्राप्त संकेत माने जायेंगे । यानि कि आध्यामिकता के मार्ग में कोई रंगभेद / कोई लिंग भेद नहीं ।
...क्रमशः 

शुक्रवार, 13 जुलाई 2018

किन्नर-35-5

गतांक से आगे...

पवित्र कुरआन, सूरह नूर 24, 5-31 में कहता है कि युवा सेवक जिनमें पौरुष शक्ति का अभाव होगा, सूरह वाकियाह  56,5-61 में कहता है, तुम नहीं जानते, हम तुम्हें बदल सकते हैं नये सिरे से । इसके ठीक बाद आयत 63 कहती है, तुम क्या पैदा करते हो ? स्पष्टतः यहां पर उर्वरता और अनुर्वरता का संकेत है, जिसे पौरुष अथवा अपौरुष की तुलनात्मक बहस में आधार सूत्र बतौर सम्मिलित किया जा सकता है वर्ना प्रत्यक्ष रूप से अनुर्वर पुरुष / किन्नर का कोई उल्लेख पवित्र कुरआन में नहीं है । पवित्र कुरआन में गिलमां शब्द का प्रयोग हसीन लौंडों के लिये किया गया है, जोकि जन्नत में सेवक रहेंगे (52:24, 56:22-23,76:19) काली आंखों वाले, छुपे हुए मोतियों जैसे, अक्षत / अनश्वर पौरुष ओज हीन लौंडे, शुद्ध बासंती कटोरियाँ लिये हुए। यहां यह स्पष्ट करना उचित होगा कि भले ही इन हसीन लौंडों को सेवक बताया गया है पर समलैंगिक साथी के तौर पर इनका उल्लेख नहीं मिलता । ये बात अलग है कि आप सेवक को अपनी सुविधानुसार समलैंगिक साथी / सहचर मान लें ।

हमें यह स्वीकार करना होगा कि पवित्र कुरआन के नाजिल होने के समय में दैहिकताओं की जटिल श्रेणियाँ अथवा लैंगिक विभाजन इतना मुखर / स्पष्ट नहीं था अतः सरल समाजों के सरल लैंगिक विभाजनों से सम्बंधित निर्देशों के अतिरिक्त हमें समलैंगिक अथवा गे या फिर किन्नर श्रेणी, जन्मजात अथवा बलात बंध्याकृत आदि के विस्तृत विवरण / उल्लेख हमें वहाँ मिलेंगे ऐसा सोचना भी व्यर्थ है । बहरहाल पवित्र कुरआन में हिजडा / खस्सी शब्दों का प्रयोग मिलता भी नहीं है, भले ही पवित्र कुरआन 24:31 में, इस बात का संज्ञान लेता दिखाई दे कि, कुछ पुरुषों में, बालिग़ पुरुष होने के बावजूद लालसाएं / इच्छाएं / दक्षता नहीं होती । अस्तु स्पष्ट तथ्य यह कि पवित्र कुरआन आधुनिक समाजों की जटिलताओं के तकनीकी और विस्तृत ब्योरे इसलिए नहीं देता क्यों कि वह सरल समाजों की सरल विशिष्टताओं के समय में नाजिल हुआ था । बहरहाल इस वक्तव्य को, हम इस तरह से भी कह सकते हैं कि संभव है कि उक्त अरेबिक समाज में समलैंगिकता / तृतीय लिंग का अस्तित्व, अंतर्धारा / अन्तर्निहित / अंडरकरेंट रहा होगा अतः इस छुपे हुए / गोपनीय वैशिष्ट्य पर, धारा की सतह की मौजूदगी वाली प्रतिक्रिया अथवा हवाले ढूँढना, उचित नहीं है ।

किन्नरों पर चर्चा करते हुए हमें कुछ श्रेणियों को समझना ज़रुरी है मसलन पारलैंगिक अथवा परालैंगिक, ऐसे लोग जो, जैसे दिखते हैं उसके विपरीत होना चाहते हैं, वे लोग जो स्त्रैण हैं यानि कि पुरुष होकर भी महिलाओं की तरह का व्यवहार करते हैं उन्हें अरेबिक भाषा में मुखन्नतुम कहते हैं । मुखन्नतुम अर्थात जो मनसा वाचा कर्मणा स्त्रैण दिखें, लिंग अथवा अंडकोष से वंचित हों, हालांकि ये लोग काम इच्छाओं से मुक्त होकर भी ईश्वरीय / आध्यात्मिक उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं । यानि कि यौन लालसाओं से मुक्त व्यक्ति ईश्वर और आध्यात्मिकता के क्षेत्र में बेहतर योगदान दे सकता है अगर हम गौर करें तो ग्रीक-ओ-रोमन समाजों तथा भूमध्यसागर तटीय सभ्यताओं यथा मिस्र आदि के प्राचीन समय में भी यही धारणा प्रभावशील थी कि यौन लालसाओं से मुक्त व्यक्ति देवी देवताओं का पुरोहित हो सकता है । 

जब हम किन्नरों को पवित्र बाइबिल के हवाले से जानने की कोशिश करते हैं तो पाते हैं कि Matt 19:11-12 में जीसस कहते हैं कि इस शब्द को हर कोई स्वीकार नहीं कर सकता ।  कुछ के लिये किन्नर इसलिए कि, वे ऐसे ही जन्मे हैं, जबकि अन्य मनुष्यों द्वारा किन्नर बनाये गये हैं और अन्यान्य वे जिन्होंने स्वर्ग के राज्य के लिये शादियों का परित्याग कर दिया । जो इसे स्वीकार करना चाहे, स्वीकार कर ले । मैथ्यू का प्राचीनतम संस्करण जोकि अरामेक या हीब्रू से ग्रीक में अनूदित हुआ है उसमें किन्नरों के लिये शब्द Eunouchos प्रयुक्त हुआ है जिसमें Eune का अर्थ है शैय्या और Echein का अर्थ है पकडना, सो ज्यादातर विद्वान मानते हैं कि इसका आशय है, वो जो शैय्या की रक्षा करे / पहरा दे । चूंकि जीसस हीब्रू के बजाये  अरामेक बोलते थे तो वहाँ पर Eunuch का आशय है Saris यानि कि भरोसे का आदमी ।
...क्रमशः 

गुरुवार, 12 जुलाई 2018

किन्नर-35-4

गतांक से आगे...

प्रश्न उठता है कि इस्लाम में किन्नरों की स्थिति  क्या है ? तो इसके उत्तर में हमें दो तरह के दृष्टिकोणों का सामना करना पडेगा , एक तो ये कि शारीरिक रूप से उस व्यक्ति में प्रबल तत्व क्या हैं ? स्त्री अथवा पुरुष तत्व ? यानि कि वे स्त्रैण अथवा पुरुष गुण आधिक्य के हिसाब से समाज में स्त्री अथवा पुरुष माने जायेंगे । दूसरा दृष्टिकोण ये है कि अगर कोई व्यक्ति पौरुष हीन है चाहे उसके कारण आनुवांशिक हों अथवा कृत्रिम रूप से बंध्याकृत हों याकि किसी बीमारी / विकृति  के कारण उन्हें इस श्रेणी में रखा जाना हो तो हमें उन्हें इस बात का अहसास नहीं करना चाहिए कि हम जागतिक सुखों के आनंद ले रहे हैं और वे उससे वंचित हैं ।

हालांकि इस तरह के प्रकरणों में किन्नरों के अभिभावक भी द्वैध भाव अपनाते हैं और किन्नरों को हेय दृष्टि से देखते हैं जिसके कारण से वे लोग अवांछित जीवन शैली अपनाने के लिये बाध्य हो जाते हैं । हमें उन्हें समान जीवन अवसर प्रदान करना चाहिए, क्योंकि किन्नर भी ईश्वर के मार्ग का अनुगमन करने में उतने ही सक्षम हैं जितने की हम । यानि कि पौरुष तत्वों की कमीं आध्यात्मिक उपलब्धियों का निषेध नहीं करती । वास्तव में इस प्रकार की शारीरिक विकृति से उनके उचित अनुचित विचरण  पर कोई फर्क नहीं पड़ता । अतः उन्हें समाज में भी सम्मान जनक स्थान मिलना चाहिए । हालांकि स्त्री पुरुष बतौर सामाजिक आचरण संहिता उन पर भी लागू होती है ।

पवित्र कुरआन कहता है (3.6) कि ईश्वर ने तुम्हें गर्भ में गढा, सभी आकारों, समस्त शारीरिक लक्षणों में । सूरह 42:49-42:50 कहती है ईश्वर धरती और आकाश / स्वर्ग का स्वामी है वो जैसा चाहे वैसा सृजन करे । इस सन्दर्भ में हम  सूरह नूर (24 :31) का उल्लेख कर सकते हैं कि पुरुष सेवक जो पौरुष हीन हैं अथवा ईश्वर ने (82:8) जैसा चाहा, तुम्हे वैसा बनाया, स्त्री, पुरुष या अनुर्वर / बंजर / अप्रभावी । अगर हम पवित्र कुरआन में सीधे सीधे हिजड़ा अथवा किन्नर शब्द संबोधन ढूंढना चाहें, तो नहीं मिलेगा बल्कि वहां, जन्म के पश्चात बंध्याकरण बतौर पाप, उद्धृत मिलेगा । विशिष्ट कथन ये कि ईश्वर ने हर एक को उसका विषमलिंगी जोड़ा दिया है, लेकिन बंध्याकरण, स्त्रियों की अपेक्षा पुरुषों की लालसा में आगे बढ़ने के, हवाले जैसा है ।

पवित्र कुरआन, 7:81 में कहता है कि तुम स्त्रियों के स्थान पर, पुरुषों की लालसा में पुरुषों तक पहुँचते हो । इसी तरह से 26:165-166 में कहता है कि क्या, तुम उन्हें त्याग कर, दुनिया में पुरुषों के पीछे भागते हो, जिन्हें, ईश्वर ने तुम्हारे लिये पैदा किया है, तुम्हारा जोड़ा बनाया है । ठीक ऐसे ही 27:55 में कहता है कि, क्या तुम स्त्रियों के स्थान पर पुरुषों की लालसा करते हो। इसके आगे पवित्र कुरआन 29:28-29 में कहता है कि तुम निश्चित रूप से दोषी हो, उस अभद्रता के लिये जो किसी भी देश ने तुमसे पहले कभी नहीं की, क्या तुम पुरुषों के, गर्भाशय / मूत्रमार्ग के रास्ते, को काट कर उत्पन्न हुए हो ? और अपने समूह में शैतानी / दुष्टता  करोगे ? 

हज़रत आयशा कहती हैं कि एक पौरुषहीन / स्त्रैण व्यक्ति पैगम्बर की पत्नियों के पास, जिसके बारे में यह माना जाता था कि उसकी वासनायें समाप्त  हो चुकी हैं, अक्सर आया करता था । एक दिन उसने पैगम्बर की एक पत्नि से स्त्रियों के गुणों की चर्चा प्रारम्भ कर दी । उसने कहा कि सामने से स्त्रियां चौगुनी और पीछे से आठ गुनी दिखाई देती हैं । इस पर पैगम्बर ने कहा कि कि वो व्यक्ति इन बातों को जानता है, इसलिए उसके सामने मत आओ, सो वे उस किन्नर के सामने हिजाब पहनने लगीं । अतः ये माना जा सकता है कि इस्लाम में स्त्रियों को किन्नरों से पर्दा करने की सलाह दी गई है । हालांकि पैगम्बर किन्नरों से अच्छा बर्ताव करने के हिमायती थे, उन्होंने, इनसे बुरे बर्ताव की मुमानियत की थी । पवित्र कुरआन,  सूरह बक्रह  2,5-233 और अन्य कई आयत में निर्देश देता है कि असामान्य / अक्षम सहित सभी लोगों से न्यायपूर्ण, भेदभाव रहित व्यवहार करो ।
...क्रमशः 

बुधवार, 11 जुलाई 2018

किन्नर-35-3

गतांक से आगे... 

प्राचीन समय में, किन्नर / गल्ली शब्द के प्रसरित होने का लोक व्युत्पत्तिशास्त्र संकेत देता है कि, गल्ली / गल्लू, सुमेरियन शब्द, ‘गल’ यानि कि महान और ‘लू’ अर्थात मनुष्य के, समेकित स्वरुप / शब्द संधि से उपजा है । यह शब्द सामान्यतः अधोलोक की देवी इन्नाना द्वारा मनुष्य अथवा यौनिकता की दृष्टि से उभयलिंगी दैत्यों को मुक्त किये जाने को संबोधित है जोकि मूलतः देवता एनकी की पवित्रता से संबधित माने जा सकते हैं ।इसी तरह से गल्लू, मेसोपोटामियन पुरोहितों की एक श्रेणी, कालू के समान ध्वनित होते हैं, ये पुरोहित टिम्पनम नामित एक खेल, खेलते हैं जोकि सांडों की बलि से सम्बंधित है, कहन ये है कि सुमेरियन देवी इन्नाना के पुरोहित, गाला (अकेडियन कालू) मंदिरों और राज प्रासादों में बहुतायत से मिलते हैं । ना तो पुरुष और ना ही स्त्री के गुणधर्म वाले, यह लोग, मेसोपोटामियाई शहरों और केन्द्रीय संस्थानों में सतत मौजूद रहे हैं ।

ई.पू. तीसरी शताब्दी के मध्य में, मंदिरों में, आलाप / विलाप / आर्तनाद गायकी के विशेषज्ञ, गाला लोगों का उल्लेख मिलता है। प्राचीन बेबीलोनियन सन्दर्भों के अनुसार, गाला लोग, देवता एनकी द्वारा, विशेष रूप से सृजित किये गये ताकि वे देवी इन्नाना के लिये हृदय सुखकारी, आलाप / विलाप गायकी कर सकें । संभव है कि यह मूलतः स्त्रियों की विशेज्ञता का क्षेत्र रहा हो और इसे कालान्तर में स्त्रियों जैसे पुरुषों ने अपने आधिपत्य में ले लिया हो । सुमेरियन बोली में इस तरह के भजनों को इमे-साल कहते हैं जोकि सामान्यत देवियों (स्त्रियों) की वाणी में गाये जाते यहां तक कि कुछ गाला स्वयं का स्त्री नाम भी रख लेते । सुमेरियन बोली में दो तरह के सुर/ ध्वनि अभिकथन मिलते हैं एक तो इमे-साल जोकि तीव्र ध्वनि सुर है और स्त्रैण सुर हैं जबकि दूसरा इमे-गिर मानक सुर हैं  सुमेरियन कहावतों में, समलैंगिक झुकाव वाले गाला, देवी इन्नाना के सम्मान में गुदा और शिश्न के सफाए की बात करते दिखाई देते हैं ।

मेसोपोटामियन किन्नर पुरोहित, अस्सिन्नु, गालातुर, कुरगर्रू, रहस्यमयी पवित्र आयोजनों में, विशिष्ट वेशभूषा और मुखौटे धारण करते देवी ईश्तर ( कदाचित देवी इन्नाना की बहन या स्वयं इन्नाना) के अनुष्ठानिक सम्मान में नृत्य करते, गीत गाते और वाद्यवृन्दों से खेलते, ठीक वैसे ही जैसे कि रोमन किन्नर एट्टिस देवी सायबेले के लिये किया करता था । बहरहाल हमें स्मरण रखना चाहिए कि बेबोलियन, असीरियन मिथकों में गल्लू / गल्लुस / गल्लास शब्द अधोलोक के महा-दैत्यों / दानवों को भी संबोधित था । इस हवाले से किन्नर दुर्भाग्यशाली माने जायेंगे जो कि उन्हें, अधोलोक के दैत्यों के समतुल्य माना गया । कहा गया कि वे नरक की संतान हैं । हालांकि बेबीलोनियन देवियों / देवताओं के अनुयाइयों को इस बात से संतुष्ट होना चाहिए था कि गल्लुस, उनकी वेदियों पर भेड़ों की बलि देने वाले लोग थे और यह भी स्मरण रखा जाना चाहिए कि देवता एनकी द्वारा भेजे गये दैत्य गल्लू ने देवी इन्नाना / ईश्तर को अधोलोक जाते समय सहायता प्रदान की थी ।

सामान्यतः अंडकोषों का उन्मूलन और शिश्न भंग करने का एक ही आशय है बंध्याकरण अथवा किन्नर बनाना जबकि कतिपय इस्लामिक विद्वान इन दोनों घटनाओं को पृथक पृथक कर के देखते हैं वे मानते हैं कि अंडकोषों का उन्मूलन केवल किन्नर बनाना  है और शिश्न भंग करना नपुंसक बनाना । बहरहाल वे सभी इस बात पर एकमत हैं कि इस्लाम में जानबूझकर नपुंसक अथवा किन्नर बनाना/ बंध्याकरण हराम है । अल- मावसूआह अल-फिकियाह (19/120,121) कहती है कि इस्लाम में बच्चे अथवा प्रौढ़ का बंध्याकरण हराम है क्योंकि ऐसा करना निषिद्ध है । इब्न हजर कहते हैं कि, ऐसा इसलिए कि हम, आदम की संतान हैं । इब्न मसूद, कहते हैं कि हमारे पास स्त्रियां नहीं हैं क्यों ना हम बंध्याकृत हो जायें तो पैगम्बर ने उन्हें ऐसा करने से रोका । साद इब्न अबी वकास, उस्मान इब्न माजून, अल बुखारी (4787) मुस्लिम (1404) के हवाले से कहते हैं कि यदि पैगम्बर अनुमति देते तो हम स्वयं को बंध्याकृत कर लेते ।
...क्रमशः 

मंगलवार, 10 जुलाई 2018

किन्नर -35-2

गतांक से आगे... 

ग्रीक-ओ-रोमन समाज में किन्नरों की तीन श्रेणियों का उल्लेख मिलता है, प्रथम स्पेडोनेस जो जन्मजात स्त्रैण हो सकते हैं अथवा पौरुष हीन व्यक्ति या जिनके अंडकोष, जैविक विरूपण का शिकार हों, दूसरा थिलिबियाये, जिनके अंडकोष कुचल दिये गये हों यानि कि जोर से दबा दिये गये हों और तीसरा थिलाडियाये, जिनके अंडकोष चूर चूर कर दिये गये हों ।  ये तीनो श्रेणियाँ, पुरुषों के अंडकोष के दबाये जाने, अंशतः उन्मूलन अथवा अंडकोष को पूर्णतः चूर चूर कर देने से सम्बन्धित है । कथनाशय ये है कि शिश्न उन्मूलन करते हुए गल्ली पुरोहित बनाए जाने का प्रचलन सामान्यतः ग्रीक-ओ-रोमन समाज में नहीं है, संभवतः लिंग उन्मोचित करने के उपरान्त किन्नर पुरोहित बनाये जाने की परम्परा प्राचीन मिस्र का हिस्सा रही हो ? बहरहाल  ग्रीक-ओ-रोमन समाज में शिश्न-हीन पुरोहितों का निषेध भी नहीं है । यानि कि ग्रीक-ओ-रोमन समाज में गल्ली पुरोहित अंडकोष उन्मूलित व्यक्ति है तो सही...पर उन्हें शिश्न-हीन गल्ली भी स्वीकार्य है, भले ही शिश्न उन्मूलन उनके समाज में नैतिक रूप से प्रचलित ना भी हो तो ।

रोमन साम्राज्य को धार्मिक आध्यात्मिक कार्यों, पवित्र अनुष्ठानों के संपादन के लिये पवित्र पुरुष पुरोहितों की आवश्यकता थी और पवित्रता की धारणा सहवास, यौन लालसाओं से मुक्ति के विचार पर आधारित थी । अतः अपने सामाजिक निषेधों का सम्मान करते हुए वे निकटवर्ती क्षेत्रों से बंध्याकरण के उपयुक्त लोगों की व्यवस्था किया करते हालांकि रोमन समाज के बरक्स मिस्री समाज में पुरोहितों के लिये स्त्रियों के त्याज्य होने का विचार व्यवहृत नहीं था। वहाँ पुरोहित स्त्रियों को आज्ञा देता कि वे मंदिर की दासी बन जायें । स्मरण रहे कि मंदिरों की दासी बनाए जाने का चलन, दक्षिण भारतीय मंदिरों की देवदासियों की परम्परा से सातत्य रखता है । इसी तर्ज़ पर ग्रीक-ओ-रोमन समाजों में अक्सर देवी देवता के संयुक्त रूप से माता पिता होने की धारणा, भारत के लिंग भेद हीन ईश्वर की धारणा से साम्य रखती है जहां ईश्वर, त्वमेव माता च पिता त्वमेव, त्वमेव बंधुश्च सखा त्वमेव, अथवा अर्धनारीश्वर हो सकता है ।

फ्रीजियंस को एशिया माइनर की सर्वाधिक पुरातन प्रजाति माना जाता है जोकि देव एट्टिस की बतौर संरक्षक उपासना करते थे । एट्टिस का महानायकत्व, क्रेटे द्वीप से होकर मुख्य भूमि तक पहुंचा, पवित्र द्वीप क्रेटे, जहां देवता एट्टिस को देवी यूरोपा के साथ पूजा जाता था जोकि धरती की मातृ देवी थी और सायबेले, रिया, डायना तथा मैग्ना मेटर आदि आदि नामों से भी जानी जाती थी । हेरोडोटस के मतानुसार, एट्टिस अर्वाचीन ग्रीक देव है जिसे ईश्वर के पुत्र के तौर पर जाना जाता है यद्यपि उसे एक पापात्मा देव / गुनहगार देव भी कहा जाता है । कहते हैं कि उसे देवी सायबेले द्वारा मनोविक्षिप्त / बावला कर दिया गया था क्योंकि उसने पवित्रता का व्रत तोड़ दिया था । मनोविक्षिप्तता की दशा में एट्टिस ने स्वयं को पौरुषहीन कर लिया था और आत्म घात करने की चेष्टा भी की थी जिसके उपरान्त देवी सायबेले ने उसे फर का वृक्ष बना दिया था और यह अनुज्ञा जारी की, कि उसके पुरोहित किन्नर / गल्ली हुआ करेंगे ।

इस मिथक को बदलती ऋतुओं के आलोक में प्रकृति की मृत्यु और उसके पुनर्जन्म की निरंतरता का मिथक कहा जा सकता है । कहने का मंतव्य ये है कि एट्टिस, फ्रीजिया के गडरियों / चरवाहों और वनस्पतियों का देव है, जिसके द्वारा स्वयं का अंग भंग, आत्म घात और फिर से जी उठना, धरती में, शरद ऋतु में फलों फूलों की अनिवार्य मृत्यु और वसंत ऋतु में उनके फिर से जी उठने का प्रतीक है। इसी तरह से हमें यह मान लेना चाहिए कि प्राचीन समय में देवी देवताओं के किन्नर पुजारियों द्वारा अपने आराध्य को सांकेतिक तौर पर अपनी उर्वरता का बलिदान दिया जाता था ताकि दिये गये पौरुष के खोने और पाने का चक्र सतत चलता रहे । संभवतः इसी कारण से गल्ली / किन्नर बनाए जाने की प्रक्रिया भी अनुष्ठान पूर्वक संपन्न की जाती थी । ग्रीक-ओ-रोमन समुदाय की परम्पराओं से अलग हट कर मिस्री समाज में रंगीन मिजाजी के देवता, शराब, नाटक, अभिनय अनुष्ठान के अहम हिस्से होते हैं जिसके उपरान्त बंध्याकरण की प्रक्रिया पूर्ण की जाती है और समाज को एक नया पुरोहित मिल जाता है ।

...क्रमशः  

सोमवार, 9 जुलाई 2018

किन्नर -35-1

किन्नर मूलतः ऐसे मनुष्य हैं, जो उभयलिंगी अथवा स्त्री या पुरुष लिंगीय दैहिक प्रारूप में  पैदा हो सकते हैं । वे मानसिक तौर पर उतने ही सुदृढ़ हो सकते हैं, जितना कि कोई अन्य स्त्री अथवा पुरुष । हालांकि वे शारीरिक रूप से अनूठे / निराले / समलैंगिक हो सकते हैं । शारीरिक संरचना के इतर उनमें सत्य असत्य, पुण्य पाप का निर्धारण करने की उतनी ही क्षमता होती है जितनी कि किसी सामान्य स्त्री अथवा पुरुष में । कई बार ये तय करना मुश्किल होता है कि वे स्त्री गुणाधिक्य वाले हैं अथवा पुरुष । सामान्यतः किन्नर संबोधन उन लोगों के लिये प्रयुक्त होता है जोकि स्त्रियों की लालसा खो चुके हों, कदाचित पौरुषहीन, बूढ़े, सेवकवत लोग, जिन्हें पर्दा मुक्त स्त्रियों के अलंकरण देखने की सामाजिक अनुज्ञा प्राप्त हो । अस्तु यह कहना उचित होगा कि वे स्खलन और आनंद की श्रेणी से पृथक मनुष्य हैं ।

यदि कोई धर्म, धार्मिक अविश्वासियों के विरुद्ध जंग छेड़ना चाहे तो उसे संख्या बल की आवश्यकता होगी, जिसके लिये उक्त धर्म अनिवार्यतः बंध्याकरण  का विरोध करेगा । बंध्याकरण, जोकि स्व-घात, विरूपता या क्षति अथवा मृत्यु का कारण भी बन सकता है या फिर ईश्वर रचित पुरुष गुणों को नष्ट कर सकता है, या जिसे ईश्वर की कृपाओं के प्रति एक प्रकार की कृतघ्नता माना जा सकता है । अक्सर धार्मिक लोग यह मानते हैं कि किन्नर होना या तो स्त्रियों की अनुकृति होने जैसा है अथवा दैहिकता का ऐसा चयन जो पूर्णता की तुलना में अपूर्ण होता है ।

महा-देवी सायबेले को रिया, डायना आदि नामों से जाना जाता है, हालांकि रोम में उसे खास तौर पर मैग्ना मेटर कहते हैं, जिसके रहस्मय पुरोहित, गल्ली नाम से जाने जाते हैं, गल्ली यानि कि देवी सायबेले के मंदिर के निकट से बहने वाली गल्लुस नदी के तट पर निवास करने वाले लोग । बिथीनिया की छोटी सी नदी गल्लुस का स्रोत, फ्रीजिया के उत्तर में, स्थित मोद्रा में है । यहां यह तथ्य गौरतलब होगा कि सायबेले, उर्वरता और उत्पादन की तथा धरती की मातृ देवी है जबकि उसके पुरोहित मूलतः किन्नर हैं । किन्नर यानि कि अनुर्वर पुरुष जोकि दैहिक लालसाओं से मुक्त होकर देवी की पूजा कर सकें । इतना ही नहीं इफेसियस की डायना और देवी आइसिस और देवता गुरु के पुरोहित भी अनेकों बार लिंग उन्मूलित और सामान्यतः अंडकोष उन्मूलित पुरुष हैं । कोई आश्चर्य नहीं कि वे आध्यात्मिकता और धार्मिकता की दृष्टि से देह वासना मुक्त, शिश्न-हीन / लिंग-च्युत पुरोहित देवी और देवताओं से जुड़े कर्मकांडों के सञ्चालन के उपयुक्त माने गये । उन दिनों रोमन ग्रीक तथा मिस्र के लोगों में यह प्रचलन आम था ।

गल्ली पुरोहितों के मुखिया आर्चीस-गल्लीस कहे जाते थे, तब गल्ली बनाये जाने की प्रक्रिया के अंतर्गत धार्मिक उत्सवों के अवसरों को खास तौर पर चुना जाता था, यथा 11 दिवसीय उपवास के अवसर पर वे सांसारिक दायित्वों से इतर, सम्भोग, सहवास इत्यादि से दूर, पवित्र देवी देवताओं के अनुष्ठानों में लिप्त होकर, अपनी पवित्रता को बनाए रखने का कार्य करते थे, इसके बाद उनके बंध्याकरण की प्रक्रिया सम्पादित की जाती थी हालांकि उनके बंध्याकरण के लिये प्रयुक्त उपकरण प्राचीन / परम्परागत होते थे, जिनसे सामान्यतः उनके अंडकोष कुचल / निकाल दिये जाते थे, शिश्न उन्मूलन का कार्य असाधारण हालात में ही किया जाता था । उल्लेखनीय है कि रोमन समाज में किन्नर बनाया जाना सर्वथा निषिद्ध था अतः गल्ली बनाए गये पुरुष निश्चित रूप से रोमन साम्राज्य की सीमाओं के निकटवर्ती भूभाग, पवित्र क्रेटे द्वीप, मध्य एशिया याकि पर्शिया अथवा अफ्रीका से लाये गये होंगे । संभवतः हम उन्हें अटलांटिस के पुरोहितों के वंशज भी कह सकते हैं, बहरहाल रोमन साम्राज्य के नागरिकों को स्वयं ही, देवताओं के गल्ली होने का अवसर कालांतर में मिला ।

 ...क्रमशः