प्रतिरोध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रतिरोध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 31 दिसंबर 2017

दुःख


एक बूढ़े व्यक्ति ने, रेन्डियर के शिकार के समय, अपना इकलौता पुत्र खो दिया था ! घर वापस लौटने के बाद, वो अक्सर अपने पुत्र की कब्र देखने जाया करता ! एक दिन संकरी खाड़ी में नाव चलाते हुए, उसने देखा कि कोई परदेसी व्यक्ति, धुंध को नाव की तरह इस्तेमाल करते हुए, पानी में आगे बढ़ रहा था, जबकि उस आगंतुक के पास कोई वास्तविक नाव नहीं थी ! कुछ देर तक नाराज़गी भरे शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद, बूढ़े ने, उस व्यक्ति को मार डाला ! कुछ दिन के बाद फिर से, अपने पुत्र की कब्र की ओर जाते हुए बूढ़े ने, परदेसी व्यक्ति को देखा ! वो आश्चर्य चकित रह गया...हालांकि इस बार आगंतुक ने उस बूढ़े से पूछा कि, आपके दुःख का क्या कारण है ?  
      
उधर रखे पत्थरों की मनहूस ढेरी को हटा कर बूढ़े ने कहा, ये मेरे अनंत दुःख का एकमात्र कारण है ! बूढ़े का जबाब सुनकर उस अजनबी व्यक्ति ने कहा, आपकी तरह से मैं भी गहन अवसाद में हूँ, क्योंकि कुछ ही दिन पहले, सील के शिकार पर आये मेरे पुत्र को, किसी ने मार डाला था ! बूढ़ा समझ गया कि उसने, जिस व्यक्ति की हत्या की थी, वो इसी अपरिचित व्यक्ति का पुत्र रहा होगा, पिछले दिनों के घटनाक्रम को याद कर, बूढ़ा बेचैन हो गया और उसने, दिखावा करते हुए कहा कि, बहुत देर हो चुकी है जबकि उसका, ज़ल्दी घर लौटना, बेहद ज़रुरी है ! अपनी डोंगी को तेजी से खेते हुए बूढ़ा, घर लौटा और उसके बाद कभी भी अपने पुत्र की कब्र देखने वापस नहीं गया !

एस्किमों परम्पराओं में कही, सुनी गई इस संक्षिप्त जनश्रुति में, मनुष्य के दुःख को लेकर बेहद दार्शनिक और भावपूर्ण संकेत दिये गये हैं ! कथा कहती है कि एक इन्युइट बूढ़ा इसलिए शोकग्रस्त है, क्योंकि वो अपने जवान पुत्र को खो चुका है, इसमें कोई शक नहीं कि कथाकालीन समाज मूलतः आखेटक समाज है, ऐसे में नौजवान शिकारी पुत्र को खो देना, आखेटक आदिम जीवन की आर्थिकी में गंभीर आघात पहुंचने के जैसा है ! बर्फीले प्रदेशों में वानस्पतिक खाद्य पदार्थों की अनुपलब्धता के मद्देनज़र, सील अथवा रेन्डियर के शिकार के भरोसे हिमशीतित मृत्यु का प्रतिरोध करना और जीवित बने रहना एक कठिन और जोखिम भरा काम है ! उस बूढ़े ने वास्तव में दो अमूल्य वस्तुयें खोई थीं, एक भावनात्मक रूप से अपना नौजवान पुत्र और दूसरा उसकी पारिवारिक अर्थव्यवस्था का आधार स्तंभ !

भीषण मौसम में जीवित बने रहने के लिये आवश्यक है कि आखेट किया जाए और अच्छे आखेट के लिये अनिवार्य है एक समूह, खासकर युवा और दमखम वाले शिकारियों का समूह ! कहन मंतव्य यह है कि, अधिकतर मामलों में एकल शिकारी की तुलना में दलगत शिकार के परिणाम कहीं ज्यादा बेहतर होते हैं, इसलिए इन्युइट बूढ़े के दुःख को, जवान पुत्र की मृत्यु के साथ ही साथ, शिकारी समूह को हुई क्षति से भी जोड़कर देखा जाना ज्यादा उचित होगा ! आख्यान के अनुसार अवसादग्रस्त बूढ़ा अपने पुत्र की कब्र पर अक्सर जा पहुंचता है ! उसने डोंगी चलाते हुये देखा कि एक अपरिचित / परदेशी व्यक्ति धुंध की नाव पर सवार होकर जल भ्रमण कर रहा है ! हैरान कर देने वाले घटनाक्रम के तहत, आवेशित बूढ़ा, उस अपरिचित व्यक्ति को अपशब्द कहते हुए मार डालता है ! प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि, जैसे बूढ़ा व्यक्ति अपने पुत्र की मृत्यु के संभावित कारणों के विरुद्ध बलपूर्वक प्रतिकार / हिंसक प्रतिरोध कर रहा हो !

अगर हम आगंतुक की हत्या वाले घटनाक्रम को गौर से देखें तो पायेंगे, कि ये केवल पुत्र की मृत्यु को लेकर, आवेशित प्रतिरोध नहीं था बल्कि इस मुद्दे में भी, आदिम आर्थिकी का प्रश्न समाहित है ! पुत्र की मृत्यु से शिकारी दल को पहुंची क्षति / शिकारी समूह के टूट जाने के बाद, बूढ़ा एकमेव शिकारी, शेष रह गया था, यानि कि शिकार की सफलता की संभावनायें सिकुड़ गईं थी, ऐसे में किसी अपरिचित व्यक्ति / शिकारी के उस क्षेत्र में प्रवेश करने से शिकार में प्रतिद्वंदिता का संकट बढ़ गया होगा ! आदिम समुदायों की अपनी चिन्हित शिकारगाहों में बाह्य घुसपैठ, जीविका संसाधनों की घटती हुई संभावनाओं / खाद्य संकट का संकेत करती हैं ! इसलिए हमें ये स्वीकार करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए कि उस बूढ़े ने, अपने युवा पुत्र / शिकार संबल को खोया था और उसे, अपरिचित व्यक्ति का आगमन, शिकार / खाद्य पदार्थों की उपलब्धता पर आसन्न संकट जैसा लगा होगा !

बूढ़े व्यक्ति की चिन्हित शिकारगाह पर अपरिचित व्यक्ति का आगमन / हस्तक्षेप / घुसपैठ, नि:संदेह आपातकालिक परिस्थितियों का संकेत है ! भयावह मौसम में खाद्य सामग्री की घटती मात्रा, आसन्न मृत्यु का संकेत / निश्चित हिमशीतित मृत्यु की घोषणा ! ऐसे में पुत्र की मृत्यु से क्षुब्ध बूढ़े ने आगंतुक व्यक्ति की हत्या, यकीनन दो कारणों से की होगी, प्रथम, पुत्र की मृत्यु का, संभावित, बदला और दूसरा, सामुदायिक परम्पराओं से चिन्हित शिकारगाह में अयाचित बाह्य हस्तक्षेप-जनित खाद्य न्यूनता की आशंकाओं का निवारण ! इस जनश्रुति का आख़िरी हिस्सा बेहद भावुक कर देने वाला है, बूढ़ा एक बार फिर से अपने पुत्र की कब्र को देखने जा पहुंचा है, जहां उसकी भेंट, उस अपरिचित व्यक्ति से होती है, जोकि अपने शिकारी पुत्र की मृत्यु के शोक में, वहाँ पर आया हुआ है, वो पुत्र, जो कुछ समय पूर्व, इसी जगह पर सील का शिकार करने आया हुआ था !

इन्युइट बूढ़े ने, रेन्डियर का शिकार करने वाले पुत्र को खोया था जबकि अपरिचित व्यक्ति ने सील का शिकारी पुत्र, दो नौजवान आखेटक, अपने शिकारी समूह / स्वजनों से बिछड़ गये थे ! इन्युइट बूढ़ा समझ गया था कि, अवसाद कैसे आते हैं ! वो, अपरिचित व्यक्ति के सामने से भागना चाहता था ! वो भागना चाहता था, अपने अपराध बोध से, और वो भागा भी, फिर कभी मुड़कर, अपने पुत्र की कब्र पर नहीं गया...      
  

शनिवार, 30 दिसंबर 2017

पर्वत आत्मा

वो पर्वत आत्मा थी, जोकि कब्रों से लाशें चुरा लेती और घर लौट कर उन्हें खा डालती ! एक व्यक्ति, यह जानना चाहता था कि लाशों को चुराने वाला कौन है ? सो उसने स्वयं को, कब्र में ज़िंदा दफन करवा लिया ! आत्मा ने जैसे ही नई कब्र देखी उसे खोद कर, उस व्यक्ति की देह निकाल ली ! दफनाए गये व्यक्ति ने अपने कपड़े के अंदर, सीने में, समतल पत्थर छुपा कर रखा था ताकि कोई उसका सीना चीरना चाहे तो ऐसा ना कर सके, रास्ते में मिलने वाले दरख्तों की टहनियाँ पकड़ पकड़ कर वो व्यक्ति, स्वयं को अधिक भारी बनाने का यत्न करता रहा, जिसके कारण से आत्मा को, उसे ढोने में काफी मेहनत करना पड़ी और वो अपने घर पहुंचने तक थक कर चूर हो गई ! घर पहुंच कर आत्मा ने देह को फर्श पर फेंक दिया और थकान मिटाने के लिये सो गई, इसी दौरान उसकी पत्नि खाना पकाने के लिये लकड़ियाँ एकत्रित करने के लिये घर से बाहर चली गई !

मृत होने का नाटक कर रहे व्यक्ति ने जैसे ही आंखें खोल कर चारों तरफ का जायज़ा लिया, तो आत्मा के बच्चे चिल्लाये, पिता जी, पिता जी, उसने अपनी आंखें खोली थीं ! आत्मा ने कहा, बकवास मत करो, ये एक मृत देह है जो रास्ते में, कई दरख्तों की टहनियों में अटक / गिर गई थी, तभी मृत-देह बना हुआ व्यक्ति उठा, और उसने आत्मा तथा उसके बच्चों को मार डाला फिर जितना भी तेज होना संभव था, उतना ही तेज, वहाँ से भाग निकला ! रास्ते में आत्मा की पत्नि ने उसे देखा, पत्नि ने समझा कि उसका पति भाग रहा है, उसने पूछा, तुम कहां जा रहे हो ? उस व्यक्ति ने कोई जबाब नहीं दिया, केवल भागता रहा ! आत्मा की पत्नि को लगा कि कुछ ना कुछ अघट घट गया है, सो वो भी उसके पीछे भागने लगी ! व्यक्ति चिल्लाया, पर्वतो ऊपर उठो और कई पर्वत, ऊंचे उठ गये ! आत्मा की पत्नि पीछे छूटने लगी थी क्योंकि उसे कई पर्वतों पर चढ़ना था !

भागते हुए व्यक्ति ने एक छोटी सी जलधारा देखी, वो कूद कर उसे पार कर गया और पुनः चिल्लाया, दोनों किनारों तक बढ़ कर बहो ! इसके बाद आत्मा की पत्नि के लिये, उफनती हुई जलधारा को पार करना असंभव हो गया वो तेज आवाज़ में बोली, तुमने इसे कैसे पार किया ? व्यक्ति ने कहा, मैं इसका पानी पी गया था, तुम भी ऐसा ही करो ! आत्मा की पत्नि, पानी पीने लगी, जिसके कारण से उसका पेट फूलने लगा था ! व्यक्ति ने उसकी तरफ घूम कर कहा, देखो, तुम्हारे अंगरखे का कोना, तुम्हारे पैरों के बीच लटक रहा है ! आत्मा की पत्नि ने जैसे ही झुक कर नीचे देखना चाहा, दबाब से उसका पेट फट गया और उसके बाहर, भाप निकलने लगी, जो धुंध में तब्दील हो गई और...आज तक पहाड़ों में तैरती है !

इस इन्युइट आख्यान में किसी अनजान, पर्वत वासी, मुर्दाखोर व्यक्ति और उसके परिजनों से पीड़ित, गांव वालों के प्रतिक्रियात्मक व्यवहार का विवरण दिया गया है ! कब्रों से मृत देहों का गायब होना, मृतक और उसके सम्बन्धियों के भावुक जुड़ाव को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य माना जा सकता है, जिसके विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराधी की पहचान तदुपरांत दंड की व्यवस्था सहज सामाजिक व्यवहार है / अपराध निषेध की कार्यवाही है ! आख्यान कहता है कि आरोपी एक पर्वत आत्मा थी, तो सांकेतिक अर्थों में यह मान लिया जाए कि मृत देहों से आहार जुटाने वाला व्यक्ति और उसके परिजन, असामान्य व्यवहार करने वाले लोग हैं भले ही इसका कारण कुछ भी हो, चाहे बेरोजगारी, निर्धनता, दुर्भिक्ष या नर मांस खाने का शौक अथवा अन्य कोई भी कारण ! कहने का आशय ये है कि असामान्यता, मनुष्यों के लिये, मनुष्यवत ना होकर, आत्मा कदाचित प्रेतात्मावत है !

आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के प्रयास में, एक व्यक्ति स्वयं को, मौका-ए-वारदात में, मृत देह / चारे की तरह से प्रस्तुत कर देता है, वहाँ खतरा है सो अपने सीने को पत्थर के चपटे टुकड़े से संरक्षित कर लेता है, ये सहज सुलभ नैसर्गिक संसाधनों से निर्मित  कवच है, वस्तुतः अपराधी की खोज में निकले व्यक्ति की बुद्धिमत्ता / आत्मरक्षार्थ किये गये जतन का प्रमाण है ! खोजी व्यक्ति, मृत देह के अपहरण के दौरान, देह अपहर्ता आत्मा / व्यक्ति को थकाने का प्रयास करता है, ताकि सशक्त प्रतिकार की संभावनायें न्यूनतम की जा सकें ! कथा के अनुसार सारा घटनाक्रम खोजी व्यक्ति की अपेक्षाओं के अनुरूप घटता है और वो अपराधी को दंड देकर भाग निकलता है किन्तु अपराधी की पत्नि का दृष्टि भ्रम अब भी उसके सामने बाधक बन कर खडा हुआ है, वो भागता है और पीछा कर रही अपराधी की पत्नि के सामने पर्वतों और विशाल जलधाराओं की बाधायें खड़ी करता जाता है !

जनश्रुति का प्रथम पक्ष विशुद्धतः मुर्दाखोर परिवार की पहचान और अपराधीगण को दण्डित कर भागते हुए नायक की शौर्यगाथा को समर्पित है, किन्तु दूसरा पक्ष ये है कि पर्वतों में तिरती धुंध कैसे जन्मी होगी ? रुचिकर कथन ये कि उदर की गर्मी और उसमें समाहित पानी का मिश्रण भाप बन कर धुंध हो जाता है ! संभव है कि भोजन पकाने के दौरान, प्रज्ज्वलित आग में रखे खौलते पानी से निकलती हुई भाप इस निष्कर्ष का आधार बनी हो, या फिर पहाड़ों, घाटियों में मौजूद कोई तप्त जलकुंड इस निष्पत्ति का आधार बन गया हो ! बहरहाल अपने प्राकृतिक पर्यावास के प्रति सतत, सजग, चौकन्ने आदिम समुदाय के पर्यवेक्षणीय अनुभवों के प्रमाण बतौर, धुंध बनने का ये विवरण, इस कथा का महत्वपूर्ण बिंदु है !

गुरुवार, 12 जुलाई 2012

लड़की का प्रतिशोध ...!

ये वर्षों पहले की बात है ! शहंशाह यान की इकलौती पुत्री का नाम न्युवा था ! वो बहुत सुन्दर, प्यारी और मजबूत इच्छा शक्ति वाली युवती थी ! उसे तैरने का शौक था इसलिये वो अक्सर पूर्वी समुद्र में तैरने चली जाया करती थी ! वो नीली लहरों से खेलती और प्रकृति की निकटता से आनंदित हुआ करती थी ! एक दिन तैरते हुए वो पानी में डूब गई, किन्तु उसकी आत्मा ने हार नहीं मानी, वह पानी से बाहर निकल आई और एक पक्षी बन गई ! उसके सिर पर काले सफ़ेद धब्बे और उसकी चोंच भूरी तथा पंजे लाल थे ! उसने प्रतिशोध लेने में ज़रा भी समय नष्ट नहीं किया ! वह प्रतिदिन पश्चिमी पहाड़ों से कंकड और तिनके / लकड़ी के टुकड़े उठाकर पूर्वी समुद्र में डाल देती है ! वो पूर्वी समुद्र को भर देने और बदला लेने के लिए दृढ संकल्पित है, ताकि समुद्र किसी और को डुबा पाने की क्षमता हमेशा के लिए खो बैठे ! बारिश हो या धूप वह कभी आराम नहीं करती ! सर्दी हो या गर्मी वो हमेशा काम करती रहती है, यहां तक कि वह अब भी स्वयं को अपने काम में व्यस्त रहती है ! 

कई बार आख्यानों को पढ़ते हुए लगता है कि, जैसे देश काल का फ़र्क मिट गया हो ! विदेशी धरती पर कही गई कथाओं में कमोबेश वैसी ही भावनाओं की अभिव्यक्ति जैसे कि हमारी अपनी देशज कथाओं में ! हमारे यहां सद्कार्य हेतु, एक गिलहरी, समुद्र के विराटत्व के विरूद्ध अपना योगदान देती है, ताकि एक अन्याय का निवारण किया जा सके तो चीन में एक राजकुमारी स्वयं के साथ हुए व्यवहार का प्रतिकार इस तरह से करना चाहती है कि, कोई दूसरा इंसान, आतताई समर्थ के अकारण / अवांछित शौर्य प्रदर्शन का शिकार ना हो जाये ! एशिया महाद्वीप के खेतिहर समाजों में सत्ता का राजतान्त्रिक स्वरूप अच्छे और बुरे, दोनों ही तरह से अभिव्यक्त होता है, जैसे कि हमारे यहां अगर रावण और दुर्योधन का राज है, तो राम राज भी है, ऐन इसी तरह से चीन का राजतान्त्रिक ढांचा भी नायक और खलनायक के द्वैध रूप में दिखाई देता है, मसलन महान दीवार को बनवाने वाले शहंशाह के क्रूर निर्णय बनाम इस कथा की नायिका का सोद्देश्य कर्म ! 

अगर इस कथा को राजपरिवार से ना भी जोड़ा जाये तो भी राजकुमारी एक प्रभावशाली परिवार की सुन्दर कन्या है ! वो अपने शौक, अपनी रुचियों के चलते, छुई मुई लाजवंती की तर्ज वाली, घर की चार दीवारों के दरम्यान सिमटी हुई,कोई एक लड़की नहीं है, बल्कि वह बहिर्जगत के साथ खुलकर अंतःक्रिया करती है, प्रकृति के साथ तादात्मीकारण चाहती है ! उसे तैरने का शौक है, सो उसके देश का पूर्वी समुद्र उसकी क्रीड़ा स्थली है, सत्य यह कि उसे प्रकृति से प्रेम है ! कथा से लेशमात्र भी संकेत नहीं मिलता कि वह प्रकृति के प्रतिकूल कोई कर्म कर रही थी ! प्रतीकात्मक रूप से समुद्र एक सामर्थ्यशाली दैत्य / खलनायक बन कर उभरता है, जब वह प्रकृति प्रेमी राजकुमारी की अप्राकृतिक मृत्यु का कारण बनता है ! कथा कहती है कि राजकुमारी एक दिन पानी में तैरते समय डूब गई यानि कि उसकी मृत्य हो गई, किन्तु उसकी दृढ इच्छा शक्ति के कारण से उसकी आत्मा एक पक्षी के रूप में जीवित बनी रही! एक इंसान के तौर पर उसका देहांत हो चुका है, जिसका कारण वह समुद्र है, जिससे वह अठखेलियां करती थी, जिसके साहचर्य में आनंदित हुआ करती थी ! 

प्रेम के इस प्रकटीकरण में समुद्र कहीं अधिक शक्तिशाली पक्ष था किन्तु उसने अमर्यादित व्यवहार किया, स्वयं से प्रेम करने वाली लड़की की जान ली ! लड़की को इस बात का दुःख है कि सामर्थ्यशाली ने उस पर भरोसा कर रहे जीवन को नष्ट कर दिया ! अब वह अपनी जिजीविषा के रूप में एक पक्षी है और उस समुद्र को कंकड़ और तिनकों पाट देना चाहती है, ताकि अन्य कोई इंसान उसकी तरह से समुद्र के अमर्यादित व्यवहार शिकार ना हो जाये ! उसका प्रतिशोध स्वयं के लिए नहीं है बल्कि वह भविष्य की ओर देखती है, उसे दूसरों के जीवन की फ़िक्र है ! वह समुद्र से उसकी प्राण हर लेने वाली सामर्थ्य छीन लेना चाहती है ! वह तैरना जानती थी, पर समुद्र पर भरोसा करके डूब गई, अब उसे धोखेबाज़ समुद्र से अन्य जीवनों की रक्षा करना है !  संभव है कि आख्यान की नायिका का पक्षी हो जाना और कंकड़ और तिनकों से समुद्र को पाटने का यत्न भी सांकेतिक हो !  शायद वह डूब कर मरने से बच गयी हो ? मुमकिन है कि उसे स्वयं समुद्र में तैरती हुई किसी एक लकड़ी का सहारा मिल गया हो ?

अब वह समुद्र में तिनकों / लकड़ी के टुकड़ों के रूप में जीवन रक्षक संकेत छोड़ रही है !  समुद्र की गहराई में कमी के संकेत बतौर कंकड़/पत्थरों, के उपयोग की प्रतीकात्मकता से भी इंकार नहीं किया जा सकता ! बहरहाल एक लड़की, सारे मौसम, दिन रात एक ही काम कर रही है, अमर्यादित शक्ति को मर्यादा में रहने की सीख दे रही है, होने वाली क्षति के विरुद्ध उपाय कर रही है, इंसानी जीवन को साधने का यत्न कर रही है...और अविश्वस्त को मृत्यु का भय दिखा रही है  !

मंगलवार, 3 जुलाई 2012

राजकुमारियां कपड़े नहीं धोतीं...!

लोक आख्यानों को पढ़ते हुए अक्सर ऐसा लगता है कि उनमें से ज्यादातर स्त्री विरोधी संदेशों से भरे पड़े हैं ! संसार में पुरुषों के वर्चस्व , उनकी प्रभुता को स्थापित करते हुए / करने का यत्न करते हुए ! इसमें कोई शक नहीं कि सामाजिक ताने बाने की यथास्थिति , पुरुषों के हित में है ! शताब्दियों पुराने आख्यान और उनसे मिलने वाले सामाजिक विवरण इस तथ्य को प्रमाणित करते हैं कि पुरुष वर्ग बहुत लंबे समय से अपने हित साधन में सफल बना रहा है ! उसने स्त्रियों की तुलना में स्वयं के श्रेष्ठतम होने के दावे की बुनियाद कब रखी थी ? कह नहीं सकते ? ...पर यह निश्चित है कि ये अवधि दस / बीस / पचास सालों के बजाये हजारों वर्षों की मापनी में ही देखी जायेगी ! स्त्रियों को संपत्ति बतौर देखे जाने / उन्हें भोग की वस्तु समझे जाने का , चलन नया नहीं है !

उनके दासत्व की धारणा को उनके ही अंतर्मन में प्रत्यारोपित करने में वह कैसे सफल हुआ ? क्यों सफल हुआ ? चिंतन का विषय तो खैर है  ही  ! हम सभी जानते हैं कि लोक आख्यान , वाचिक परम्पराओं के अंग होने की स्थिति में पीढ़ी दर पीढ़ी संशोधित होकर कहे जाने की संभावनाओं से मुक्त नहीं हैं और पुरुष वर्ग समाज में अपने आधिपत्य और यथास्थितिवाद को बनाये रखने के लिए इस अवसर का लाभ हमेशा से उठाता आया है ! कहने का आशय यह है कि मूलतः कहे गये लोक आख्यान , तो , उसके पक्ष में थे ही पर वह बाद में भी उन्हें अपने पक्ष में बनाये रखने की कवायद के तहत , आख्यानों में अपनी मनमर्जी के संशोधनों को जोड़ने से कभी नहीं चूका , अन्यथा कोई कारण नहीं था कि शताब्दियों तक जीवित रहे , आख्यान केवल उसके ही पक्ष में बने रहे ?

सामान्यतः पुरुष आरोपित दासता के विरुद्ध एक बड़ी जनसंख्या का प्रतिरोध / चिंतन , आधुनिकता की देन माना जाता है , इसलिये मुझे बेहद हैरानी हुई , जब कि मैं इस कथा को बांच रहा था ! कही गई कथा के पुराने संस्करण भले ही पुरुषों के पक्ष में रहे होंगे पर नया संस्करण स्त्रियों के प्रतिरोध और उनके जाग उठने के संकेत देता है ! यह स्पष्ट नहीं है कि http://www.corsinet.com/braincandy ने इस आख्यान का संशोधित और अद्यतन संस्करण कहां से संकलित किया है किन्तु कहन से ऐसा लगता है कि इसका स्रोत पूर्वी एशिया का ही कोई स्थान हो सकता है ? हालांकि संकलक  ने इस कथा को हास्य की श्रेणी में माना है , किन्तु कथा का अंत , कथा के ‘अंदरूनी मंतव्य’ को , प्रतीकात्मक रूप से , जिस अंदाज़ में ख़ारिज करता है , उससे स्त्रियों में नवचिंतन के प्रखर संकेत मिलते हैं ! 

आख्यान कहता है कि बहुत समय पहले की बात है , जब किसी दूर देश में एक सुन्दर राजकुमारी रहती थी ! पूर्णतः आत्म निर्भर , आत्म विश्वास से युक्त वो युवती अपने महल के आस पास के हरियाले मैदान के निकट , एक अप्रदूषित स्वच्छ जलाशय के किनारे बैठ कर पारिस्थितिकी चिंतन कर रही थी ! तभी एक मेढ़क कहीं से कूद कर , उसकी गोद में आ बैठा और कहने लगा ...ओ रमणी , पहले कभी मैं भी एक सुन्दर राजकुमार था किन्तु एक दुष्ट जादूगरनी / चुड़ैल ने मुझे जादू से मेढ़क बना दिया है , यदि तुम मुझे एक चुम्बन दे दोगी तो मैं फिर से राजकुमार बन जाऊंगा ! मेरी प्रिय ... उसके बाद हम दोनों विवाह कर सकते हैं !

विवाह के बाद हम दोनों अपने शानदार महल में रहेंगे ! जहां तुम व्यवस्थित होकर मेरी मां की सेवा करना ! अपने घर के सारे कामकाज तुम खुद संभालना , सारा इंतजाम देखना ! मेरे लिए खाना बनाया करना ! मेरे कपड़े धोना ! मेरे बच्चों को पैदा करना , उनका पालन पोषण करना और इस तरह से हम दोनों हमेशा हमेशा , खुशी खुशी आगे का जीवन गुजारेंगे ! ...और फिर उस रात , उस सुन्दर राजकुमारी के महल में रात्रि कालीन दावत के समय , परोसी गई सफ़ेद शराब की चुस्कियां लेते हुए और प्याज क्रीम सॉस में डुबा कर मेढ़क की हल्की भुनी हुई टांगों को चबाते हुए राजकुमारी बुदबुदाई ... किन्तु मैं ऐसा नहीं सोचती !

 [ मित्रो यह बहुश्रुत आख्यान का भावानुवाद है इसकी अंतिम ढ़ाई पंक्तियां संशोधन प्रतीत होती हैं ,गौर तलब है कि इन पंक्तियों ने पूरी कथा का अर्थ / मंतव्य ही बदल डाला है ]