नक्सलवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नक्सलवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 29 मई 2010

ब्लाग पोस्ट...टिप्पणियां...नक्सलवाद और गिटार के टूटते हुए तार !

इन दिनों दो ही बातें अपनें चरम पर है एक नक्सलवादी हमले और दूसरे गर्मी...जिम्मेदार मानें भी तो किसे  ?  तर्क ये नहीं कि दोनों समस्यायें एक दूसरे से भिन्न हैं तो कारण भी भिन्न होना चाहिये  !...दोस्त कहते है सरकार निकम्मी है...और हम कहते है  कि ये सब ऊपर वाले का किया धरा है ...आखिर को सरकारें भी तो उसी के भरोसे चल रही हैं इसलिये गर्मी हो या फिर कुछ और... जिम्मेदार तो वो ही माना जायेगा !   इधर अपने अरविन्द जी गोपियों से लेकर (अ) भूतपूर्व मित्र के ब्लाग विचलन और ट्विटर / फेसबुक प्रेम को लेकर चिंतित हैं उधर गिरिजेश जी जाति के लिये इमोशनल हुए जा रहे हैं  ! चन्द रोज़ पहले तक बीबी के नाम से पानी पी पी कर पोस्ट पेल रहे ज़ाकिर भाई... शिरीष खरे के भरोसे सामाजिक सरोकार निबाह रहे हैं ...खैर उनसे उम्मीद भी यही थी कि अर्शिया भाभी जल्द ही उन्हे अर्श से  फर्श पे ला देंगी ...दिक्कत ये है कि मै बज़ाते खुद आसमान साध पाता तो मज़ा ही कुछ और होता पर...

अगर गर्मियां अपने चरम पर ना होतीं तो  हमें  छुट्टियों  का बुरा होना पता भी कैसे चलता  ?  इसी तर्ज़ पर ज़िन्दगी की क्षणभंगुरता  का  अहसास  नक्सलवादियों ने करा ही दिया है ...तो  गर्मियां ईश्वर की ...जाति ईश्वर की...जीवन की क्षणभंगुरता  ईश्वर  की... ऊधो  के  दर्शन  से  मोहभंग /  तन /  मन  भी ईश्वर का ...फिर बेचारी सरकार  का  क्या  ?

आज की पोस्ट भी मै कहाँ लिख रहा हूँ ...वो तो ...?   ...कई दिनो से सोच रहा था कि टिप्पणियों पर नुक्ताचीनी करुंगा... गर्मियां / छुट्टियां / हिंसा / फुर्सत / दर्शन / सरकारें और यहां  तक कि ईश्वर भी अखरने लगे है अब  !  मित्र लिख रहे है पर लगता है  वे  लिखना नही चाहते थे...वो तो ...?   मित्र टिपिया रहे है पर लगता है कि वे टीपना नहीं चाहते थे ...वो तो ...?   अब जो भी कहिये मैंने आलेख  में  नाम सिर्फ उनके लिखे  , जिनके बुरा नही मानने की उम्मीद है वर्ना और भी मित्र हैं जिनके ब्लाग  मुझे  गर्मियों / फुर्सतों / और आहत होने के अह्सास से दूर रखते हैं !

पढना शौक जरुर है पर एग्रीगेटर की लिस्ट जल्द ही तमाम हो जाती है फिर शौक...फुर्सत मे तब्दील हो जाता है...ये ससुरा ईश्वर लोगों को ढंग से लिखवाता भी नहीं  ...आज गलती से एक देव सूफी के ब्लाग पर चले गये यूं लगा गोया आगरा से लौटे हों ...पहले समझ मे नही आता था कि लोग इतना कम क्यों लिखते है ...50 लोग मिल बैठे और लिखीं सिर्फ 100 पोस्ट...तौबा...उसमे  से  आधी बेनामियों के खाते  !  तकरीबन 14000 ब्लाग्स है और अगर 10  ब्लाग प्रति दिन की दर से चर्चा करी जाये तो एक ही दिन मे 1400  पोस्ट बनती है अगले दिन आलोचना और फिर समालोचना मे भी शताधिक पोस्ट की गुंज़ायश है  !  मान लीजिये एक दिन केवल लिंक दी जाये और दूसरे दिन विषयवस्तु पर चर्चा कर दी जाये  तो इसमे खर्चा क्या है ...इसके अलावा भेंट मिलाप से असहमति / कवितायें / कहानियां और ...ना जाने क्या क्या  ?  फिर टिप्पणियों पर प्रतिटिप्पणियों और उनपर आधारित पोस्ट लेखन की सम्भावनायें भी तो है ...पर अब समझ मे आया इसमे जो भी कसूर है वो मित्रों का नही ईश्वर का है ...बेचारा एक अकेला  आखिर कितनों को लिखाये ... हालांकि गलती तो गलती ही है ...औकात ना हो तो सबका ठेका लेना ही क्यों....?

कल किसी मित्र को पढ रहे थे कुछ टिप्पणियां ...टिप्पणियां क्या स्तुतियां ही कहिये बांचीं अच्छा लगा ...मिले सुर मेरा तुम्हारा तो....मज़ा आना शुरु ही हुआ था कि पोस्ट के विषय से दुश्मनी निभाती एक टिप्पणी सुर ताल का बैंड बजा गई !  रोमांटिक मूड पर ज्ञान जी के बड्बोलेपन से ब्लागजगत को बचाने का आह्वान जैसे पंडित रविशंकर के सितार पर मुहर्रम का ढोल भारी पड गया हो ...बांसुरी मे गाय का रम्भाना घुस गया हो...बजते हुए गिटार का तार टूट गया हो  ...मायके गई बीबी ( मित्रगण अपनी सुविधानुसार उदाहरण जोडें ) से टेलीफोन वार्ता मे मेकेनिकल नोइज घुस गया हो ...ओह ईश्वर ये सब क्या करते रह्ते हो ...तुम चाहो तो मुझे गर्मियां / फुरसतें / दर्शन अच्छे लग सकते है इसके बाद देखना मेरे प्रेम और ...मेरी चाहत के समन्दर में सारी नफरतें ...सारी हिंसा डूब जायेगी  !


मंगलवार, 18 मई 2010

कहां तुम चले गये ...



पिछले  दिनों  की  तरह  कल  फिर  से  क़हर  टूटा ... कुछ  और  जिंदगियां ...ना  रहीं  !  अम्मा  के  सीनें  में दफन  एक   और  लैंडमाइंस  अबकी  बार  यात्री  बस  के  लिये  नियत  की  गयी  थी ...इसमें  नागरिकों  के साथ  एसपीओ , कोया कमांडोज...क्यों  और  कहां  से  बैठे  ये  सब  तो  उनके  अधिकारी  तय  करेंगे ...लेकिन यह  निश्चित  है  कि  इसकी  सूचना  नक्सलवादियों  को  पहले  से  ही  थी ...इसके  बाद  सरकारें ...उनके कारिंदे ...निर्णय  लेंगे ...लेते  रहेंगे  कि  चूक  कहां  पर  हुई ...मुआवजे  की  घोषणायें ...श्रद्धांजलियां ...आह जिंदगियां  असमय ...मैं  भी  उदास  हूं  फिर  से  ...फिलहाल  उनके  लिये....कल  शायद  कोई  और  उदास होगा ...?  कुछ   और  कलेजे  फट  जायेंगे ... स्मृतियां  फफोलों  सी  हर  दिल  में  उभरती  रहा  करेंगी ... 
चिट्ठी ना कोई सन्देश 
जाने वो कौन सा देश जहां तुम चले गये 
इस दिल पे लगा के ठेस जाने वो  कौन सा  देश 
जहां तुम चले गये 
इक आह भरी होगी हमने ना सुनी होगी
जाते जाते तुमने आवाज तो दी होगी
हर वक़्त यही है गम. उस वक़्त कहां थे हम 
कहां तुम चले गये 
चिट्ठी ना कोइ सन्देश ...
हर चीज़  पे  अश्को से  लिखा है तुम्हारा नाम 
ये रास्ते घर गलियां तुम्हें कर ना सके सलाम 
है  दिल में  रह गई बात. जल्दी से छुडा कर हाथ 
कहां  तुम चले गये ...
अब यादों  के कांटे इस दिल मे चुभते  हैं    
ना दर्द ठहरता है ना आंसू रुकते हैं 
तुम्हे ढूंढ रहा है प्यार हम कैसे करें इक़रार 
कहां  तुम चले गये...

( शायर से क्षमा प्रार्थना सहित पंक्तियां उद्धृत कर रहा हूं ) 

सोमवार, 10 मई 2010

अम्मा मेरे हथियार छुपा ले मुझे भाई का क़त्ल करना है ...

बतौर मुलाजिम खुद पर गुज़र रहे हादसात पर डायरी की तीसरी किश्त ४ अप्रैल को लिखी थी...उसके बाद एक तो मसरूफ़ियत ... दूसरे ताड़मेटला  में सी.आर.पी.एफ. के जवानों के लिए दिल में अफ़सोस... कि आगे कुछ लिखा ही नहीं गया ...कई बार लगता है लिखना...पढना...बोलना कितना बेमानी होता जा रहा है ....कौन किसको बर्दाश्त करने तैयार है यहां ...सब जानते हैं जिन्दगी में  सब कुछ वैसा कहां घटता है जैसा कि हम चाहते हैं पर बर्दाश्त ...बिलकुल नहीं ...कतई नहीं  ! सरकारी नौकरी नें बस्तर ला पटका ...सच कहूं तो कुछ भी बुरा नहीं लगा बेहद खूबसूरत धरती ...दिलकश नज़ारे ...अच्छे लोग...शांत लोग ...जिंदगी के इससे बेहतर हालात कहां ...सोचा लौट कर क्यों जाना यहीं बस जाते हैं ! उन दिनों हर संडे को दोपहर का खाना चित्रकोट वाटरफाल के दामन में होता...दोपहियों में जिंदगी के मज़े फटेहाल घुमक्कड़ी  !

शनिवार की शाम करीब ३.१५ बजे भोपालपटनम से जगदलपुर के रास्ते  में  बीजापुर के घाट  पर पहुंचते ही ख्याल आया कि घर बात की जा सकती है यहां से मोबाइल पर सिग्नल्स मिलना शुरू हो जायेंगे ...कुछ रोज पहले ही लैंड माइंस के विस्फोट से  बी.एस.एन.एल के दो कर्मचारियों की जान गई... यहीं कहीं नजदीक ही ...लिहाज़ा टेलीफोन सर्विसेज ठप्प पड़ी हुई थी. ..उम्मीद ये कि घाट पर टेलीफोन संपर्क संभव है ...हुआ भी यही ...बीबी से कहता हूँ ..बीजापुर पहुँच रहा हूँ  रात के ९ बजे तक जगदलपुर पहुंच जाऊंगा फ़िक्र मत करना मैं ठीक था / हूँ ...देर शाम बास्तानार  के घाट तक पहुंचा हूँ कि एक मित्र का फोन आता है भाईजान कहां हैं  ?  मैं कहता हूँ बास्तानार में ...उन्होंने कहा बीजापुर के घाट पर सी.आर.पी. एफ का वाहन उड़ा दिया गया है  !  ८ जवान शहीद हुए हैं और एक लापता है ...ओह ...ओह मैं तो वहीं से गुजरा हूँ अभी ...अभी कहां पिछले दो माह में कई बार ...हजारों वाहन...हजारों यात्री ...उस लैंड माइंस के ऊपर से गुजरे ...हे ईश्वर  !   कोई १-३० घंटे का अंतराल... बीजापुर का घाट ...आह मृत्यु ...इन दिनों बस्तर पर मेहरबान है ...यम देवता और उसके महिष को पूछता ही कौन है  !  मृत्यु आजकल लैंड माइंस पर सवार होकर आती है ...बस्तर में चित्रगुप्त के कायदे कानून नहीं चलते !  हाँ लिखना ...पढना और बोलना ज़रूर  बेमानी हो गया है वर्ना इसी घाट पर बाइक रोक कर कुदरत के नज़ारे लूटने से मुझे कौन रोकता था ...अब तो पता भी नहीं चलता कि मेरे कदमों तले क्या है  ?  जब कोई संवाद चाहता ही नहीं तो कैसा सुनना ...कैसा बोलना ...कैसा लिखना ...कैसा पढना ...क्या जिन्दगी और क्या मौत !  यहां इंसान नहीं ...बंदूकें बोल रही हैं ...खूंखार युद्धोन्मादी ...इंसानों को पीछे रख... राइफलों पर सवार हैं ...उनके एयर कंडीशंड बंगलों से एक ही आवाज आती है सख्ती से कुचला जायेगा ...किसे  ?  मुझे , जो यहां बस गया ?  या उस अदने से पुलिस वाले को जो रोजी रोटी के लिए भीषण ...हाहाकारी दशाओं में काम करने और जान देने को मजबूर है या उन्हें जो क्रांति के नाम पर छद्म युद्ध कर रहे हैं ?  कौन हैं ये रणनीतिकार जिन्होंने यहां की फ़िजाओं में बारूद घोलने की सौगंध खाई है ?

मेरे कान उनके युद्धघोष को सुन सुनकर पक चुके हैं  मुझे फिर से वही बस्तर लौटा दो ...दफा हो जाओ यहां से ...मुझे जीने दो ...उन्हें जीने दो ...सबको जीने  दो ...मुझे शांति की तलाश है पर तुम शोर के सिवा मुझे कुछ दे नहीं सकते ...उधर वे कहते हैं अम्मा मेरे हथियार छुपा ले मुझे भाई का क़त्ल करना है ...तुम सिपाहियों की जिन्दगी से खेलते हो सो वे भी ...वे अम्मा के सीने  में बारूद छुपाकर रखते हैं ...पता नहीं तुम लोगों के चक्कर में अम्मा की गोद में सर छुपाने और अमन से जिन्दगी गुज़ारने का मेरा फैसला क्या मेरी भी मौत का कारण  बन जायेगा ?


रविवार, 4 अप्रैल 2010

गुमशुदगी के दिन ....3

मार्च १५,२०१० :
दो  शिफ्ट की परीक्षा...तलाशी का वही रूटीन...नक़ल पर्चियों की मात्रा भी उतनी ही ...सामग्री को जलाते हुए लगता है कि जैसे ओजोन परत की दुर्दशा में थोड़ा बहुत अपराध हमसे भी हुआ !  
मार्च १६,२०१० :
परीक्षायें अपने शबाब पर हैं...परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ने लगी है और अपनी मेहनत भी...छात्रों की बेशर्मी की कोई सीमा नहीं अब मेरा सब्र बांध तोड़ने को है लगता है तलाशी का काम थोड़ा देर से शुरू करूं और पूरा का पूरा सेंटर बुक कर दूं...केस बना डालूं सबके ! तिवारी नें कुलपति से फोन पर बात की ...चर्चा से लगता तो नहीं की नक़ल रोकने में उनकी कोई रूचि है !
विश्वविद्यालय का फ़्लाइंग स्क्वाड कहां है पता नहीं सुना है वे जगदलपुर के स्थानीय केन्द्रों में खानापूर्ति में लगे हुए हैं और उनके निज वाहन कुलसचिव की सेवा में है !  विश्वविद्यालयीन अर्थतंत्र  पर  नूरा कुश्ती जैसा कुछ लगता है ...
मार्च १७ ,२०१० :
कोई आश्चर्य नहीं कि अब तक हस्तलिखित नक़लपर्ची के दर्शन नहीं हुए ! शायद वन डे सिरीज बतौर लिखी और छापी गई पुस्तिकाओं नें नक़ल के लिये हस्तलाघव की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है ...मुमकिन है कि ऐसी पुस्तिकाओं की सर्वाधिक खपत दक्षिण बस्तर में ही होती हो !  सुबह बी.ए. फाइनल में कुछ परीक्षार्थी काफी उम्रदराज दिखे ...उनमें से एक शायद ५५-५६ साल के रहे होंगे ,बाद में पता चला वे प्रोमोशन के लिये डिग्री की चाहत में परीक्षा दे रहे हैं ! मैंने पूछा गुरु जी हैं ? उन्होंने कहा हाँ ...कहां पोस्टिंग है  ?  मद्देड में  ! 
हूं ...आप गुरु जी हैं तब तो आपके पास कोई...पर्ची भी नहीं होगी ? उन्होंने सिर हिलाया...नहीं मेरे पास कुछ भी नहीं है...वल्लाह  बड़ा  खूबसूरत  इंकार था  मैंनें  कहा  जनाब  आपकी  तलाशी  लूंगा  उनकी शर्ट पर हाथ लगाते ही ये अहसास हो गया कि मछली बड़ी है  !  कमर से लेकर नीचे  तक के भूभाग में  तक़रीबन तीन किताबों के बराबर प्रिंटेड सामग्री  मिली...ओह गुरु जी  आप अपने बच्चों को क्या पढ़ाते होंगें मैं समझ सकता हूं  !  क्या अगली परीक्षा में भी आपसे ऐसी ही भेंट होगी ?  उन्होंने फिर से सिर हिलाया ...मैं जानता हूं वे अगली परीक्षा में भी खाली हाथ नहीं होंगे !
मार्च १८ ,२०१० :
कई दिनों की मशक्कत के बाद भी लड़कियों का कोना खाली सा लगता है...कोई लेडी टीचर होती तो जरुर ...एक कसक सी है कि लगभग आधे परीक्षार्थी अनछुए से हैं ...पास के स्कूल से एक महिला शिक्षिका को बुलवाया गया संयोगवश वे मेरे बहुत पुराने परिचितों की परिजन निकली ...मैंने पूछा लड़कियों की तलाशी ले सकोगी ...उसने परिचय के संकोच में हामी भरी और यह भी कहा लेकिन सर मुझे तो बाद में भी यहीं रहना है ! मुझे उसकी बात में दम लगा ! ठीक है तुम तलाशी मत लेना सिर्फ खड़ी रहना मैं ही कोई रास्ता खोजता हूं ...उसके चेहरे पर तसल्ली के भाव तैर गये ! मेरे सामने विकल्प भी कहां थे ! उसे कमरे के बाहर गलियारे में घूमने के आग्रह के साथ मैं पुनः अभियान रत हुआ ! आप सब मेरी बेटी जैसी हैं पिछले कई दिनों से देख रहा हूं कि आप भी वही कर रही हैं जिसके लिये मैं लड़कों की तलाशी लेता रहा हूं ...आज मैंने एक महिला शिक्षिका को खास आप लोगों की तलाशी के लिये बुलवाया है लेकिन मैं जानता हूं कि तलाशी से पहले आपको एक मौका दिया जाना चाहिये इसलिये मैं घूमकर खड़ा होता हूं आप अपनी स्वेच्छा से नक़ल सामग्री निकाल कर अपनी टेबिल पर रख दीजिये ...यकीन जानिये इसके बाद भी तलाशी होगी और जिसके पास नक़ल पर्ची पाई गई उसका केस जरुर बनेगा ! जुगत काम कर गई मेरे घूमते ही कमरा पन्नों की सरसराहट से भर गया ! छात्राओं की टेबिल्स किताबों के टुकड़ों से अटी पड़ी थीं ...चपरासी जूट के बैग में काग़ज समेटने लगा ! विश्वास नहीं होता ...अगर यह काम पहले दिन से चालू किया गया  होता तो  अब तक का कलेक्शन एक ट्रक  भर तो  हो  ही  चुका  होता !
मार्च १९,२०१० :
कल शनिवार छुट्टी और परसों रविवार दो दिन के लिये जगदलपुर का एक चक्कर लगाना तय होता है लिहाज़ा दोपहर की शिफ्ट निपटा कर निकलने की योजना के अंतर्गत सत्यम को खाना जल्दी भेजने की सलाह दी जाती है  !  सुबह नाश्ते में उसके पास केवल तीन विकल्प हुआ करते हैं ...पूड़ी छोला /  इडली / डोसा ! हमेशा की तरह आज भी डोसे के विकल्प पर सहमति हुई ...नारियल की चटनी उम्मीद के मुताबिक सुर्ख लाल थी उसपे तुर्रा ये कि हरी मिर्च के टुकड़े अतिरिक्त ...सफ़ेद नारियल का लाल हो जाना हमारे अंग अंग से धुआं निकालने के लिये पर्याप्त था ...
आज लड़कियों के पास जाकर भिक्षाम देहि की मुद्रा में केवल हाथ पसारे...दान में कोई कमी नहीं ! लड़कों का दान भी स्वैच्छिक लगा या फिर शायद इन पन्नों में से प्रश्न फंसे ही ना हों ? 
बस में बैठते हुए लगा जैसे किसी धमन भट्टी में झोंक दिये गये हों ...हमारे लिये सीट की व्यवस्था थी लेकिन बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी लगभग ठूंस ठूंस कर भरे जाने की तर्ज पर ...कुछ महिलाएं प्लास्टिक के कंटेनर में तरल पदार्थ रखी हुई थीं जो निसंदेह ताड़ी रही होगी ...बिना ढक्कन के कंटेनरों से ...बस के हिचकोलों के साथ ही साथ हर बार अजब सी गंध बिखर जाती ( मैं साहित्यकार नहीं हूं वर्ना लिखता मादक गंध ) एक बार तिवारी के पैंट में कुछ बूंदे भी आ टपकीं ...मैंने कहा भाभी समझ जाएगी भोपाल पटनम में तुमने क्या किया...
नेटवर्क नहीं था सो बीबी को एसएमएस कर दिया कि रवानगी डाल दी गई है ! उम्मीद ये कि हमसे पहले कहीं ना कहीं नेटवर्क मिलते ही एसएमएस जगदलपुर पहुंच जायेगा ! भैरमगढ़ पहुंचते ही मोबाइल पर नेटवर्क के संकेत और एक सुखद आश्चर्य...हेल्लो ..मैं घुघूती बासूती ...जी नमस्कार ...मैं बहुत नाराज हूं इतनी देर से नेट पर बैठे हो पर मेरी हेल्लो का जबाब तक नहीं दे रहे हो ...पर जीबी मैं तो बस में हूं ...जगदलपुर से करीब १३० किलोमीटर दूर...अरे तो तुम्हारी मेल आई डी / नेट पर कौन है ? मेरी बिटिया हो सकती है ...ओह अच्छा हुआ नाराज होने से पहले फोन कर लिया ...चलिये बाद में बात करते हैं ! जगदलपुर पहुंचते पहुंचते रात गहरा चुकी है लगता है कल की छुट्टी भागमभाग में बीतेगी ....

शनिवार, 22 अगस्त 2009

और फ़िर उसने अधिकारी को गोली मार दी ...

अपनी पिछली प्रविष्टि में मैंने , अभिव्यक्ति पर संवाद ...प्रतिसंवाद के दौरान शब्दों की , चाही /अनचाही फिसलन पर चिंता व्यक्त की थी हालाँकि उक्त आलेख में उल्लिखित अपशब्द , मित्र के सुझाव , भाषाई /तकनीकी त्रुटि का परिणाम होने के साथ ही साथ , मेरी स्वयं की समझ का फेर था ! किंतु इसका मतलब ये बिल्कुल भी नहीं है कि मेरी चिंता गैरवाज़िब थी ! सच कहूं तो हम ब्लागिंग के अलावा पारस्परिक चर्चा के दौरान भी शब्दों का प्रयोग इस बेदर्दी से करते हैं कि हमें किसी दूसरे की संवेदनाओं के आहत होने का शायद एहसास भी नहीं होता है !
कोई हैरानी नहीं कि कम से कम दो ब्लागर मित्रों की प्रतिक्रिया कुछ इस तरह से आई जैसे कि अपशब्दों के चलन से क्या फर्क पड़ता है या यूँ कहूं कि पढ़कर , कम से कम मुझे तो समझ में नहीं आया कि , वे , संवाद में अपशब्दों के प्रयोग के पक्ष में हैं या कि विरोध में !... खैर उनकी सहजता जहाँ हो ये तो वे ही जाने ! ...लेकिन मुझे व्यक्तिगत तौर पर महसूस होता है कि एक दूसरे से संवाद करते वक्त , अपशब्दों के उपयोग का कारण , हमारा दैनन्दिक क्षोभ /तनाव ही हो सकता है ! वाकई मानवीय संवेदनाओं के मर जाने /भोथरे हो जाने /कुंद हो जाने जैसा लगता है तनावग्रस्त जीवन ....शब्दों के बेहूदे प्रयोग , अपशब्दों से भरपूर !
आज जब मैं इस आलेख को लिखने बैठा तो मेरे मन में तनाव के कारण हुई हिंसा ....तद्जनित असामयिक मृत्यु की घटना कौंध रही थी और मैं ....सोच रहा था कि तनाव केवल अपशब्दों से किसी मित्र की भावनाओं के आहत होने मात्र के लिए उत्तरदाई नहीं हुआ करता बल्कि उसकी वजह से जीवन / मृत्यु का अवांछित खेल भी शुरू हो सकता है ! आज कोंडागांव के एक हवलदार नें अपने सहायक कमांडेंट और दो साथियों को गोली मारकर ख़ुद भी आत्म हत्या कर ली ! बताया जाता है कि वो अपनी कार्य दशाओं अपने अधिकारियों और सहकर्मियों के व्यवहार से क्षुब्ध था ! वे लोग उसकी भावनाओं के आहत होने का अंदाज भी नहीं लगा सके और उसने .....दुःख की सारी सीमाओं का अंत बन्दूक की गोली से ढूँढा ! प्रथम द्रष्टया यह प्रकरण एक साधारण पुलिस वाले की संवेदनाओं की अनदेखी , कठिन कार्य दशाओं और घर से दूरी की कृत्रिम परिस्थितियों से सम्बंधित है जिस पर प्रथक बहस और चर्चा किए जाने की पर्याप्त गुंजायश है !
फिलहाल तो इतना ही कहना चाहूँगा कि मानसिक संताप , अपशब्दों और जीवन की असहजता का पर्याय तो है ही लेकिन कभी कभी मन के बाहर तन के अंत का कारण भी बन जाता है ....इसकी परिणति कई परिवारों का जीवन दूभर करने के अतिरिक्त और क्या हो सकती है ! ... जीवन में तनाव है.....कोई बात नहीं ....ये तो आप ही को तय करना है कि अपनों को शब्दों से आहत करेंगे या फ़िर .......!

बुधवार, 5 अगस्त 2009

रक्षाबंधन...नक्सलवाद...और मैंने रखा है मुहब्बत अपने ....

इन दिनों काफी हॉउस में बौद्धिक जुगाली की परम्परा संकट में है , जब काफी हाउस ही नहीं तो अड्डेबाजी कैसी ?...अड्डेबाजी के अभाव में साहित्य / समाज / राजनीति / क्रांति , वगैरह वगैरह अनाथ से हो चले हैं .... सच कहूं तो काफी हाउस , गरीब गुरबा और मंझोले अर्थतंत्र वाले चिंतकों के बोधि वृक्ष हुआ करते थे जहाँ गंभीर से गंभीर और हल्के से हल्के विषयों पर चर्चा बिन खर्चा सम्भव थी ! लेकिन काफी हॉउस , उम्र दराज बूढों से , बोधि वृक्ष ... आख़िर टिकते भी तो कब तक ! ...सो उन्हें जाना ही है ! ...जाना ही पड़ेगा !
खैर ...... अब बात बात पर बीडी या सिगार से उपजे धुंयें , उसकी वर्तुलाकार आकृतियों और तम्बाखू की तेज गंध के दरम्यान साहित्य तथा विचार को बेदम फेंटने वाले मित्रगण हैं नहीं तो क्या ? ...उनके जाने की सम्भावना से पेश्तर , साहित्य और विचार के वातानुकूलित पालन पोषण का इंतजाम कर लिया गया है , इसलिए मैं निश्चिंत हूँ और इस नायाब इंतजाम के लिए जनगण की सरकार का अहसान मंद भी ! लोकतंत्रीय ढांचे में , जनगण की सरकार को 'विचार' का खास ख्याल रखना ही पड़ेगा ! जब वोट लिया है तो वोटर की चिंता दूर करना उसका फर्ज भी बनता है ! .....काफी हॉउस रहें ना रहें , काफी हॉउस के भरोसे चिंतन कर पाने वाले लोग रहें ना रहें ... सरकार है ना ! विचार के प्रति सचेत सरकार और विचार को निज पुत्र की तरह पालने को तत्पर उसके बड़े बड़े कारिंदे ...! भाई मैं तो चिंता मुक्त हूँ .... काहे का रंगकर्म , कौन सा नाटक , कैसी कविता ....कौन से छंद , क्या विचार... काहे का द्वंद ....सरकार है ना ....उसे करने दो सृजन , उसे रचने दो साहित्य , उसे तय करने दो संस्कृतियाँ और विचार की नियति .....!
आज रक्षा बंधन है चलो अपनी बहन की चिंता करें ...सामने नक्सलवाद है .... सो अपनी जान की चिंता करें और चिंता करें अपनी पत्नी तथा नवजात शिशुओं की ....फिलहाल मेरे साथ मिलकर गायें ......मैंने रखा है मुहब्बत अपने अफ़साने का नाम तुम भी कोई अच्छा .......!

रविवार, 19 जुलाई 2009

...नक्सलवाद ... युद्धोन्माद और ...जानम समझा करो !

कल रात उसने टी.वी.पर समाचार देखा और सुबह...सुबह प्रिंट मीडिया की सुर्खियाँ भी, लिहाजा वो बहुत उत्साहित है कि सरकार और पुलिस ने मदनवाडा के अनुभव से सबक लिया है इसलिए रक्षा बलों की त्वरित तैनाती / मूवमेंट, की गरज से हेलीपैड की तात्कालिक व्यवस्था के साथ ही साथ रणनीतिक मोर्चे पर भी विचार मंथन का दौर चल रहा है ! इतना ही नहीं सरकार के नेक दिल मुखिया नें भी नक्सलियों के विरुद्ध आर पार युद्ध की घोषणा कर दी है ! उस पर खुशी ये भी कि हताहतों* के परिजनों को समकक्ष पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति देने का फ़ैसला कर लिया गया है !

(*हताहत इसलिए लिख रहा हूँ कि इसमें आगे चल कर वो इंसान भी शामिल किए जा सकें जो पुलिस में नहीं थे परन्तु इस विभीषिका का शिकार हुए हैं ! )

मैं भी उसकी खुशियों के गुब्बारे को बेवक्त पंक्चर करने के मूड में नहीं हूँ, भला क्यों...?...जरा सोचिये...क्यों नहीं ? अरे भाई वो भी तो मेरी जिन्दगी की दुआएं मांगती है...जैसे कि उन हताहतों की पत्नियां मांगती रही होंगी ! अब कौन जाने कि अपना ईश्वर अधिक क्रूर है याकि नक्सली या फ़िर सरकार, जो जीवन माटी के मोल हो चला है ! पता नहीं कब कौन परिवार अनुकम्पा नियुक्तियों के लिए कतार में खड़ा होने को मजबूर हो जाए !... र अगर घर का मुखिया अपने अकाल स्वर्गारोहण से पूर्व सरकारी नौकरी में ना हों तो...?...तो ?

फिलहाल तो मेरी पत्नी नक्सलियों के विरुद्ध सरकारी युद्धघोष और हताहतों के परिजनों के प्रति उसकी करुणा से गदगद है ! मैं नहीं जानता कि रणक्षेत्र में तैनात अन्य सरकारी अधिकारी / कर्मचारियों में से अगली बारी किसकी होगी ? शायद मैं ? या फ़िर कोई और ?...या फ़िर कोई और...! क्या उस दिन भी मेरे परिजन / मेरी पत्नी समकक्ष पदेन करुणा के मुआवजे से संतुष्ट हो जायेंगे / जायेगी ? क्या मुझ जैसे किसी भी हतभागे के परिजन अपने प्रियजन के असामयिक विछोह के उपरांत सहज जीवन जी सकते हैं ! वो खुश है ! मैं सोच रहा हूं और मेरा सिर दर्द कर रहा है ! अख़बारों की सुर्खियाँ , शब्दों से ध्वनियों में बदलती हुई !...तेज दर तेज होती हुई, मेरे कानों में हथोडों सी बज रही हैं ! मुझे अहसास दिलाती हुई कि एक दिन तुम भी सुर्खियाँ बन सकते हो तुम्हारे परिजन भी तुम्हारे बिना...अमां...लाहौल बिला कुव्वत ! मैं भी...क्या अगड़म बगड़म सोचे चला जा रहा हूं !

आवाज देता हूं मुझे चाय चाहिए ! पत्नी खुश है, उसे इस क्षण, मेरी ब्लागिंग से कोई शिकायत नहीं ! वाव...आज चाय में अदरक भी... ?...और कोई वक़्त होता तो कहता बेहतरीन, मजा आ गया ! लेकिन अभी तो मुंह कसैला हो चला है ! अकाल मृत्यु की परिकल्पना के दरम्यान कौन सी चाय जायकेदार लगेगी भला ? कोशिश कर रहा हूं, कि दिमाग सोचना छोड़ दे, फिलहाल मुझे और मुझ जैसे शान्तिकामी लोगों को इसकी सख्त जरुरत है कि दिमाग सोचना बंद कर दे क्योंकि...?

मध्यप्रदेश के ज़माने में स्वर्गीय भास्कर दीवान के परिजनों को भी समकक्ष पदेन अनुकम्पा नियुक्ति दी गई थी ! अब स्वर्गीय चौबे के परिजनों को दी जायेगी बाद में शायद...कोई और...फ़िर से...नये हैलीपैड, नई रणनीतियां, नये युद्धघोष ?...नई मृत्यु...नई अनुकम्पा, नई सुर्खियाँ...सब कुछ नया और निरंतर ! तब शायद किसी और की नई नवेली पत्नी खुश हो रही होगी ? जैसा का तैसा ! मानव जीवन को अकारथ / व्यर्थ करता हुआ !

मेरा दिमाग, क्या करूं मैं इसका ! कमबख्त सोचना बंद क्यों नहीं करता...हैलीपैड, नये अस्त्रों की दौड़, रक्षा बलों का तीव्र मूवमेंट ! थाने पक्के बंकरों से सुरक्षित ! पुलिस चौकियां फोर्टीफ़ाइड़ फ़िर लाखों करोड़ों जनगण अपनी अपनी झोपड़ पट्टी के पास बने बंकरों /फोर्टीफ़ाइड़ थानों के, अहसास मात्र से सुरक्षित ! अब मैं बडबडा रहा हूं और पत्नी भौंचक मेरा मुंह ताक रही है ! उसे लगता है कि रात मेरी नींद पूरी नहीं हुई या फ़िर काम का तनाव है ! अरे नहीं ये शब्द मेरे नहीं हैं !

हैलीपैड...अनुकम्पा नियुक्तियां, युद्धघोष...बंकर, जंगल, गाँव, पुलिस, मंत्री, संतरी, आदिवासी, जनगण, झोपडे, जीवन, मृत्यु...अनाथ...विकलांग...शहीद...भूखे...नंगे...आह मैं मरा !
कौन सी शान्ति ?... काहे की शान्ति ?

यहाँ नक्सलवाद...युद्धोन्माद और...शान्ति की कब्रगाह है... जानम समझा करो ! फिलहाल , पत्नी मेरे माथे पर हाथ रख कर, हरारत को महसूस करने की कोशिश कर रही है ! वैसे मेरे लिए , उसके हाथ में सिर दर्द और नींद, दोनों की गोली है !

सोमवार, 13 जुलाई 2009

....हिंसा और अकाल मृत्यु के विरूद्ध हमारी अपेक्षायें !

पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल क्षेत्र लहूलुहान हैं , कभी नक्सलवादी समूहों के हमले , कभी उसका प्रतिकार करती पुलिस फोर्स या यूं भी कहें कि पुलिस विरूद्ध नक्सल समूहों के रणक्षेत्र में हताहत बेचारा आदिवासी * ( *इस संज्ञा में गैर आदिवासी भी सम्मिलित माने जायें )
कल पुलिस पार्टी पर नक्सलियों नें चारा डाला फ़िर पापी पेट तथा परिजनों के भविष्य के लिए नौकरी कर रहे कुछ अनमोल जीवन अनन्त में विलीन हो गए ! घटना बेहद दुखद है किंतु ऐसा नहीं कि जीवन वर्सेस अकाल मृत्यु का यह चक्र एकतरफा है , दरअसल इस क्रूर खेल में विपक्ष भी जीवन दांव पर लगाता है और....यह सिलसिला ख़त्म होने के बजाये गति पकड़ता जाता है !
बहस मुबाहिसों के चक्कर में पड़े बिना सबसे पहले ये कह दूँ कि इस तरह से मानव जीवन की क्षति अत्यन्त निंदनीय है , दुखद है , प्रकृति के उसूलों के विरुद्ध है ! कौन जाने हम इन्सान अपनी बात मनवाने के लिए अपना आपा क्यों खो बैठते हैं फ़िर चाहे उसकी परिणति , दूसरे अथवा स्वयं की मृत्यु ही क्यों ना हो ! अतिवाद अपने हर रूप में चाहे वह संगठित हो या असंगठित , सामूहिक हो या व्यक्तिगत , प्राइवेट सेक्टर का हो या सरकारी , हर हाल में , अक्षम्य अपराध है क्योंकि यह कुदरत / प्रकृति के नियमों का अतिक्रमण करता है ! आप गौर करें तो पाएंगे कि प्रकृति भी जन्म /मृत्यु - सृजन /ह्रास के चक्र से संचालित है किंतु वहां अतिवाद नहीं है !
मुझे लगता है कि शायद विषयांतर हो रहा है अतः मैं मूल मुद्दे पर लौटता हूँ , मुद्दा यह है कि क्या किसी राजनीतिक प्रणाली अथवा शोषण मुक्त समाज याकि सर्वहारा की सत्ता की स्थापना के लिए हिंसा अपरिहार्य है ? पता नहीं कौन क्या तर्क देगा ! लेकिन यह तो तय है कि 'सर्वहारा के पक्ष में युद्ध कर रहे लोग' और 'लोकतान्त्रिक ढंग से चुनी गई सरकार ' के मध्य एक जबरदस्त समानता है ! ....... वो ये कि दोनों ही जन कल्याणकारी होने के दावेदार हैं , भले ही इस दावे पर दोनों पक्षों की सफलताएँ व्यवहारिक धरातल पर संदिग्ध बनी हुई हैं ! जनकल्याण के घोषित उद्देश्य से विचलन और असफलताओं का आंकलन कोई भी पक्ष करना ही नहीं चाहता ! बस लगे हुए हैं अपनी मुर्गी की डेढ़ टांग लिए हुए ! सर्वाधिक अशोभनीय बात यह है कि जन सामान्य के पक्ष में खड़ी लोकतान्त्रिक सरकार और उसी जनसामान्य के पक्ष में खड़े नक्सली ? ......जनसामान्य की अकाल मृत्यु का कारण भी बने हुए हैं ! क्या ये मुमकिन नहीं कि दोनों पक्ष हठधर्मिता त्याग कर ,संवाद के मार्ग पर आगे बढ़ें ! निशर्त ,निरंतर संवाद ,सार्थक संवाद ! वरना वर्षों से हो रही , जनहानि तो यह सिद्ध करती है कि दोनों पक्षों के जनकल्याण समर्थक होने का दावा खोखला है !
तर्क के लिए ऐसे अनेकों उद्धरण दिए जा सकते हैं जिससे दोनों पक्षों की कमियां जगजाहिर हो जाएँगी , लेकिन समय आरोप प्रत्यारोप में नष्ट करने का नहीं है !
वैसे भी असंख्य जीवन लील चुका हिंसा का यह दानव हम जैसे साधारण शांतिकामी इंसानों की पहली प्राथमिकता नहीं है , हमारी पहली मांग है , गरिमामय जीवन , सहज और निश्चिंत ,शांतिपूर्ण जीवन , निर्भय जीवन ...और यह तभी सम्भव है जब हम जैसे साधारण इंसानों की बेहतरी में लगे होने के दावेदार , ये दोनों पक्ष बात करेंगे !
एक बात और जब कोई व्यक्ति रक्षा सेवाओ में सम्मिलित होता है याकि अतिवादी समूहों को ज्वाइन करता है तब उसे कारतूस , जिन्दगी और मृत्यु जैसी संभावनाओं को अपनी दिनचर्या में सम्मिलित करना होता है किंतु सामान्य नागरिक इसे अपनी दिनचर्या में जोड़ने को अभिशप्त हो जाए खासकर , उनके कारण से जोकि उसकी बेहतरी का दावा कर रहे हों तो ये बात जायज नहीं लगती !
पुनः निवेदन है कि मनुष्य का जीवन अनमोल है ! इसकी रक्षा करें ! सभी तरह की हिंसा से दूर चर्चा का माहौल बनाये ! एक शांतिकामी समृद्ध समाज और बेहतर जीवन के लिए !

बुधवार, 15 अप्रैल 2009

वो किसी को पहचानतीं नहीं !

देश में लोकतंत्र का उत्सव सुख का पर्व होता होगा पर बस्तर में इसे अधिकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों के शोकाकुल चेहरों का पर्व कहा जाता है ! कल ज्यादातर पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दी गईं और शेष आज रवाना कर दी जायेंगी ! कुछ लोग इससे भी पहले रवाना किए जा चुके थे ! ज़ाहिर है कि रवानगी का समय मतदान केन्द्रों की संवेदनशीलता का पैमाना है ! जो कर्मचारी सबसे बाद में भेजे गए उनके चेहरों में सुकून था लेकिन बाकी के तमाम लोग आशंकाओं के बीच विदा हुए ! उनके परिजन चिंतित हैं कि अब क्या होगा ! वो ख़ुद भी चिंतित गए कि सही सलामत लौटेंगे भी या नहीं !
बस्तर और नक्सलवाद पर लोग लिखते बहुत हैं पर किसी नें भी पुलिसवालों के अलावा इन निरीह कर्मचारियों,अधिकारियों और उनके परिवारों की सुचिंता की हो ऐसा लगता नहीं ! सच पूछिए तो पुलिस फोर्स मानसिक ,शारीरिक और असलहे की भरपूर तैयारी के साथ नक्सलियों के विरुद्ध मोर्चा खोलती है! लेकिन इन निहत्थे अधिकारी और कर्मचारियों का क्या ? .... क्या बस्तर में नौकरी और लोकतंत्र के यज्ञ में अत्यावश्यक सेवाओ के अधीन अभिशप्त हो जाने वाले इन अधिकारी , कर्मचारियों नें पूर्व जन्म में कोई पाप किए थे ? ... यूँ तो चुनाव आयोग क्षेत्र बदल कर डयूटी लगाता है परन्तु बस्तर में ये अदलाबदली अर्थहीन है क्योंकि कांकेर, दंतेवाडा ,नारायणपुर ,बीजापुर ,सभी स्थान तो संवेदनशील हैं ! डयूटी करने वाले बच के जायें भी तो कहाँ ? ....काश रायपुर जैसे सुरक्षित ठिकानों में जुगाड़ से चिपके अधिकारी , कर्मचारीगण भी कभी बस्तर में आकर चुनाव करवायें ?
खैर... मैं कह रहा था कि चुनाव आते ही बस्तर में पदस्थ कर्मियों और उनके परिजनों के चेहरों में हवाइयां उड़ने लगती हैं और क्यो न उडें ? आखिर बस्तर लोकतंत्र के यज्ञ में नर बलि के लिए मशहूर भी तो हैं ! तुर्रा ये कि चुनाव डयूटी से इंकार भी नहीं कर सकते ! चुनाव डयूटी यानि एक तरफ मृत्यु /दुर्घटना की आशंका और दूसरी तरफ़ निलंबन और परिजनों के भूखे मरने का भय ! मतदान के कई दिन पूर्व से ही पति पत्नी के संबंधों में अदृश्य भय भी शामिल हो जाया करता हैं ! सच पूछो तो मुझे मतदान के लिए रवाना होती हुई पार्टियां देख कर अच्छा नहीं लगता हैं ! महसूस होता हैं कि जैसे किसी को अन्तिम विदाई तो नहीं दी जा रही है ? पता नहीं बस्तर जैसी जमीनों के राजनीतिक / सामाजिक हालात कब बदलेंगे ? विचारधाराओं के हिंसक टकराव और इंसानी जानों के व्यर्थ हो जाने का सिलसिला कब थमेगा ?
पिछले दिनों मेरे मित्र चुनाव प्रशिक्षण लेके लौटे ! दुखी थे कि निर्वाचन कार्यालय हर मतदान केन्द्र तक वाहन की व्यवस्था नहीं करता हैं कई कई मीलों तक पैदल भी जाना पड़ सकता हैं ! उनकी पत्नी का कहना था कि वे लोग दस कहें तो बीस किलोमीटर पैदल जाने को तैयार हो जाना पर वाहन में मत जाना ! पैदल जायेंगे तो शायद नक्सलाइट्स परिचय पूछ कर जीवित भी छोड़ दें ! पर वाहन ना बाबा ना ! ...लैंड माइन्स ! ...वो किसी को पहचानती नहीं !