लोकतंत्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लोकतंत्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 11 नवंबर 2012

परिंदों के जागने से पहले के ख्वाब...!

पक्की खबर थी कि ज़िन्दगी हमेशा बंदे के इशारों पे नहीं चलने वाली, सो बंदा खुद उसके इशारों पर नाचता रहा ! पिछले कई दिन, बेहद मसरूफियात के, कोफ़्त भरे...खुद को लानत भेजते हुए, अपने ब्लॉग पर एक अदद अपडेट को तरसते हुए ! कभी कभार फेसबुक की पनाह ली भी तो इस तर्ज़...गोया भागते दौड़ते कोई ट्रेन पकड़नी हो ! काम काज अपनी जिस्मानी औकात से बड़े, बेहद उबाऊ, लकीरें पीटने जैसे पर फटेहाल वक़्त खाऊ ! ख्याल ये कि अगर वक़्त अपने हमख्याल ना गुज़रे तो समझ लीजिए कि आपकी ज़िन्दगी, इहलोक में ही ज़हन्नुम हो जाने वाली है ! दोस्तों से फोन पे बातें / अनहुई मुलाकातें,  दोस्तों की दुश्चिंताओं में बदल गईं, उनकी बदगुमानियों के कोई छोर नहीं...अपना हाल ये कि जा तन लागी सोई जाने !

आज दिन तमाम, खूब सोया, आलोक पर्व की चार रोजा छुट्टी का पहला दिन, कोई ख्वाब नहीं, एकदम बेसुध नींद ! परसों रात ही...खबर नहीं कि सोया था...अधसोया...कि बंद आँखों जागा जागा सा...पर ख्वाब ज़रूर अटक गये स्मृतियों की टहनियों पे ! सुबह सुबह आँखों पर पानी के छींटे मारने से पहले डायरी पर दर्ज़ किये किस्से ! अपनी भरी पूरी अयालों के साथ वनराज हमारे लोहे के पिंजड़े में क़ैद, अंजाने ही, दोस्तों ने पिंजडा खोल दिया, सो हमारी फ़िक्र ये कि वे किसी को नुकसान ना पहुंचा दें ! उन्हें दोबारा कैद करने की तमाम कोशिशें बेकार ! खबर नहीं कि वे किस जुबान में हमसे मुखातिब हुए पर हमने साफ़ साफ़ सुना और समझा कि उन्होंने कहा, अब बहुत हुआ, आप हमें फिर से बाँधने की फ़िराक में है ! आपको कैसा लगेगा अगर इसी पिंजड़े में हम आपको क़ैद कर दें तो ?

अंदाज़ ये कि कहीं किसी रोज गणराज भी उन्मुक्त होकर घूमने लगें और हुक्काम से कह बैठे, अब बहुत हुआ जनाब...! फिलहाल रात मुकम्मल गुज़री नहीं थी सो हम भी ख्वाब ख्वाब शुद् नींद में मुब्तिला खेत के दरम्यान खुद को मौजूद पाते हैं ,गेंहूँ की पकी हुई बालियाँ...फसल पककर लगभग काटने की उम्र सी ! उधर खेत के दूसरे छोर से खाये अघाये, सुपुष्ट सुफैद गाय बैल खेत को रौंदते हुए नमूदार हुए, हमारी हांक...चिल्ला चोट बेकार ! उन्होंने सुनी ही नहीं ! अपना ख्याल ये कि, खेत किसी और का था, मेहनत भी उसकी थी और फसल तो खैर उसकी थी ही...पर जानवर किसी और जानवर के थे / किसी दूसरे के ! बेख़ौफ़, बेदर्द, बेमुरव्वत...शायद उनका मालिक भी ऐसा ही...! इधर हम तीसरे पक्ष बतौर हालात को समझने वाले, चीखे चिल्लाये बहुत...पर रौंदने वालों ने सुनी ही नहीं ! 

यूं तो उस रात, ख्वाबों या ख्याल सा जो भी देखा, उसके मायने स्वप्न फल वाले कैलेंडर में फिट ही नहीं बैठते, लेकिन अपनी उम्मीद ये कि एक दिन फसलों को रौंदने वाले दूसरों के खिलाफ, तीसरे सचेत पक्ष के हमकांधा दबे कुचले पहलों के सुर भी बुलंद होंगे और तब जानवरों को पालने वाले जानवरों का जीवन नर्क हो जाएगा या शायद उससे भी बदतर ! बहरहाल अपने ख्वाब टूटने से पहले परिंदे जागे नहीं थे और सुना ये है कि भोर के / पहली पहर के ख्वाब हमेशा सच होते हैं ! मुमकिन है, किसी रोज बड़ी बड़ी अयालों वाले सिंह साहबान भी शाही पिंजड़ों के विरुद्ध बगावत कर दें, उस रोज...का इंतज़ार शिद्दत से है मुझे ! भले ही तीन बाद मेरी छुट्टियाँ खत्म हो जायेंगी और मैं फिर से मसरूफ हो जाऊँगा वाहियात से कामों में...लेकिन काम काज की व्यस्तता भरे दिनों के बाद आने वाली हर बेचैन रात के ख्वाब, मुझमें किसी बेहतर की आस / एक हौसला तो कायम रखते ही हैं !


 [ मित्रों एक बेचैन रात का बेतरतीब, ख्वाब या ख्याल सा था उसके मायने / प्रतीक अपने हिसाब से तय करने की कोशिश की है, ज़रुरी नहीं कि मायनों के मामले में आप मुझसे मुकम्मल सहमत ही हो जाएँ , सो मेहरबानी करके अपनी ज़रूर कहें ...आपका स्वागत है ]

सोमवार, 14 फ़रवरी 2011

दिल है तो धड़कने का बहाना कोई ढूंढें !


दुनिया का सबसे ज्यादा हिंसाग्रस्त और खतरनाक इलाका , इंसानियत की सबसे बड़ी कब्रगाह अगर कहीं है तो वो है ईशदूत नूह, पैगम्बर मूसा , खुदा के बेटे ईसा और उसके रसूल हज़रत मुहम्मद की मातृभूमि  !  वे सब के सब , दुनिया में भेजे गये शान्ति,मानवता और मुहब्बत का पाठ पढाने पर उनके अनुयाइयों ने क़त्ल-ओ-गारत की नई मिसालें गढी ! अमूमन मध्यपूर्व कहे जाने वाले एशिया के इस ज़मीनी टुकड़े पर अब तक कितनी इंसानी जाने गईं हैं, गिनना मुश्किल है ! लहूलुहान शताब्दियों में मौत से मुतवातिर शिकस्त खाती जिंदगी ! सच कहूं तो हम इन्सानों ने खुदा की बंदगी के दावे भले ही किये हों, पर हम कभी भी उस बेबस के बस में नहीं रहे वर्ना क्या वजहें थीं, जो हमारे दिलों से मुहब्बतें यूं खुश्क हुईं जैसे सहराओं से पानी ! वो अनादि अनंत होता होगा और जिंदगियां भी बख्शता होगा पर हमारा यकीन मृत्यु पर है,नफरतों पर है !  हमारे एजेंडे में मौत के लिए उम्र का कोई बंधन नहीं क्या स्त्री , पुरुष , बूढ़े , बच्चे और जवान !

पता नहीं कैसे पर अभी कुछ ही रोज पहले मुहब्बतों ने एक बार फिर से नफरतों से आज़ाद होने की कोशिशे शुरू की हैं ! कारवां पहले भी चलते थे कभी व्यापार के लिए और कभी दीगर मकासिद के लिए...पर अब ये कारवां मुहब्बत के नाम है, इंसानियत के लिए हैं,अमन और जिंदगियों की खातिर अपनी एकजुटता बताने के लिए है ! ख्याल ये कि बदहाल इंसानों के लिए अपनी फ़िक्र का अहसास कराया जाए ! व्यवस्था में इंसानियत की आवाज़ बुलंद की जाए ! पिछले कारवां पर इजराइली हमले के बाद ये उम्मीद ना थी कि भारत से एक नयी पहल भी हो पायेगी,एक अचरज सा हुआ जब ये जाना कि बहु-धर्मी, बहु-सांस्कृतिक ,बहु-भाषाई, और भिन्न राजनैतिक आकांक्षाओं वाले इंसानों ने फिलीस्तीन के हक में एकजुट होने का फैसला किया है और फिर उसमें दैनिक छत्तीसगढ़ के संपादक सुनील कुमार भी शामिल हैं! पहले पहल मुझे भी यह लगा कि फिलिस्तीनियों के लिए एशियाई जनमत की सालिडेरिटी के नाम की यह पहल कोई स्टंट तो नहीं ! पर कारवां जैसे जैसे आगे बढ़ता गया उसकी नेकनीयत पर मेरा भरोसा भी बढ़ता चला गया !  

हालांकि इस कारवां को लेकर देश के बुद्धिजीवियों की सर्द प्रतिक्रिया और संभवतः व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता के कारण मीडिया समूहों का सन्नाटा, अप्रत्याशित नहीं था पर हमारी विदेश नीति और पाकिस्तान की इस्लाम परस्ती दांव पर लगी दिखाई दी !खुदरा बुद्धिजीवियों के चिल्हर सरोकार तो समझ में आते ही हैं पर संगठित सरकारों के सरोकार बदलते देखे तो ऐसा लगा कि अपने ही देश की नीतिगत संप्रभुता के सवाल पर भी कुछ अदद कारवां की ज़रूरत पड़ने वाली है !  वैसे कारवां पर  एक सवाल जो प्रत्याशित ही था कि कारवां काश्मीरी पंडितों, बस्तर के आदिवासियों और अपने ही देश के दूसरे हिस्सों के हिंसा पीड़ित नागरिकों के हक़ में क्यों नहीं निकाला गया ! सोचा ये कि गाजा पट्टी के फिलिस्तीनियों की तरह अपने मुल्क के परेशानहाल बन्दों के लिए भी  कारवां  ज़रूर निकाले  जाने चाहिए  पर ये  दोनों  सवाल बुनियादी तौर पर एक  ही स्केल पर नहीं नापे जाने चाहिए ! जहां फिलिस्तीनियों की आजादी के विरूद्ध सबसे बड़ी बाधा अमेरिकन उपनिवेशवाद है !  वहीं तानाशाह अरब देशों की भूमिका भी इंसान दुश्मन जैसी है ! जहां तक इजराइल के पक्ष में विचारण का प्रश्न है तो एक बात जो साधारण से तर्क से समझी जा सकती है कि अगर यहूदियों के व्यापक संहार के लिए हिटलर की निंदा की जानी चाहिए तो फिलिस्तीनियों के प्रति अमानवीय व्यवहार के लिए इजराइल की प्रतिक्रिया को न्यायोचित कैसे ठहराया जा सकता है ! 

ख्याल ये है कि गाजा के नागरिक शत्रु देश के संगठित अतिवाद का शिकार हैं जबकि बेचारे काश्मीरी पंडित , बस्तर के आदिवासी और अन्य पीड़ित पक्ष अपने ही देशवासियों के राजनैतिक, धार्मिक अतिवाद के भुक्तभोगी हैं और विडंबना ये कि उनका अपना ही लोकतंत्र, अपनी ही सरकारें और अपने ही रक्षाबल उनके बुनियादी हकों की रक्षा करने में असमर्थ हैं ! मंतव्य ये है कि एक ओर अपने ही देश की सामर्थ्यशाली सरकार की नाक के नीचे असुरक्षित नागरिकों और दूसरी ओर विदेशी अमेरिकन साम्राज्यवादी ताकत और उसके गिरोह की दोगली नीतियों से पीड़ित नागरिकों को एक ही जैसे न्याय वंचितों की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता !  देश के भीतर के हालात के लिए, देशव्यापी जनमत और देश के बाहर के हालात के लिए विश्वव्यापी जनमत के औचित्य को स्वीकार करना ही पडेगा !हालांकि अपनी सरकारों को बदलने और विश्व जनमत के रुख को मोडने की कोशिशों के दरम्यान एक बहुत बड़ा फर्क होने के बावजूद इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि काश्मीरी पंडितों और अन्य पीड़ितों को भी अमन के कारवां जैसी सदाशयता और मुहिम का हक़ तो बनता ही है !

दैनिक छतीसगढ में संस्मरणात्मक रूप से छपे यात्रा अनुभवों ने,राजघाट से गाजा तक चले इस कारवां के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही पक्षों को उजागर किया है ! सकारात्मक ये कि उद्देश्य अगर मानवता के पक्ष में हो तो वैचारिक भिन्नताओं के सहअस्तित्व पर आंच नहीं आती ! कारवां में सम्मिलित  लोगों ने इसे बखूबी साबित भी किया  !  यह विश्वास किया जा सकता है कि कारवां प्रतीकात्मक रूप से ही सही पर फिलिस्तीनियों के लिए एशियाई जनमत की एकजुटता को जताने में सफल रहा है , जबकि नकारात्मक यह कि भारत सरकार एवं पाकिस्तानी सरकार और कारवां के रास्ते पड़ने वाले दूसरे देशों की सरकारों की अडंगेबाजियों से तंग आकर इस कारवां को कभी दिल्ली वापस आना पड़ा तो कभी हवाई,  समुद्री यात्राओं का सहारा लेना पड़ा ! शायद यात्रा पूर्व सम्यक नियोजन के अभाव में हुई इस अनावश्यक हर्डल रेस से हुई पैसे और समय की बर्बादी बेहद अखरती है ! ईरान की सरकारी आवभगत और तुर्की के विवादित संगठन की मेहमान नवाजी को स्वीकार किया जाना औचित्यपूर्ण था कि नहीं यह तो कारवां में सम्मिलित लोग ही बेहतर जानेंगे पर एक सवाल तो है ही ! ईरान के राष्ट्रपति अहमदीनेजाद साधारण वेशभूषा में मिले और वे एक साधारण से फ्लेट में रहते हैं ,यह जानना सुखद रहा,फौरी तौर पर अपने नेताओं  का ख्याल आया जिन्हें पद के साथ विलासिता की आदत वैसे ही महसूस होती है जैसे कि जीवन को सांसों की !

ईरान में मानवाधिकार का सवाल भी कमोबेश वैसा ही लगा जैसा काश्मीरी पंडितों का ,  इसे गाजा के साथ हो रहे अमेरिकी छल और अंतर्राष्ट्रीय भेदभाव के समतुल्य आंकना संभवतः सही नहीं होगा !  भारत की जनता या फिर ईरान की जनता अपने देशों की सरकारों के सर से ताज छीन लेना चाहे तो इसमें अमेरिकन दखलंदाजी की गुंजायश नहीं बनती पर गाजा का सवाल ही विदेशी हस्तक्षेप की बिना पर खडा हुआ है सो इन दोनों सवालों को अलग अलग से हल किये जाने की ज़रूरत है ! इस्लामिक देशों से गुज़रते हुए कारवां के सदस्यों के अनुभव बड़े दिलचस्प लगे ! खानपान और बातचीत के स्तर पर बराबरी के विश्वास,फिलिस्तीनियों के लिए निशर्त समर्थन के बावजूद कारवां के सदस्यों को सरकारी वीजा देते वक्त कांपते हाथों और कलुषित मन का विरोधाभाष उजागर हो ही गया ! कहवाखानों ,शराबखानों और हुक्के, सिगार के धुओं  के समानांतर हिजाब से लिपटी नाज़नीनों और सड़कों पर खुले आम बिकते अन्तः वस्त्रों के प्रसंग रुचिकर हैं, किन्तु खाने से पहले हस्त प्रक्षालन नहीं करने वाली बात अगर सच हो तो ये बेहद बुरी लगने वाली है ! 

कारवां के इर्द गिर्द बिना यूनिफार्म पहने हुए सुरक्षा दस्तों जैसे इंतजामात शायद सुरक्षा कारणों से किये गये हों और गाजा में कारवां को जिस तरह से बंधक जैसा बना कर रखा गया उसके बस दो ही मायने हो सकते हैं एक तो यह कि हमास के अधिकारी कुछ छुपा रहे थे या फिर दूसरा ये कि कारवां में भी शत्रु के जासूस हो सकने की अतिरिक्त सम्भावनागत सतर्कता ! इजराइल के इतिहास को देखते हुए मेरा अपना अभिमत दूसरी सम्भावना के साथ है ! बहरहाल  सत्य पर संशय शेष ही है ! कारवां एक सांकेतिक पहल पर निकला था और उसने यह कार्य सफलतापूर्वक अंजाम दिया ! जो लोग इस पहल के भागीदार हुये उनकी जान हमेशा जोखिम पर थी पर वे धैर्य और साहस की कसौटी पर खरे उतरने वाले सृजनधर्मी लोग माने जायेंगे और शेष हम जैसे सब , बाद में लकीर पीटते , आलोचना करते , तारीफ़ करते , शब्दों की शल्यक्रिया करते हुए वाग्विलासी जन ! संवेदनाओं को जताने के विशिष्ट अवसरों पर  भी पत्थर  की तरह बेहिस-ओ-बेजान से  !

शनिवार, 10 जुलाई 2010

फ्यूहरर...बारबरा मोरी और विष ग्रंथियों के प्रश्न से जूझता हुआ मैं !

सच्चे गणतंत्र के रूप में देश के लिये सार्थक सोच रखने और नियमित लिखा पढ़ी करने , वाले मित्रों की कमी नहीं है , पर दिक्कत ये है कि वे लिखने...सोचने और प्रवचन की निज सीमाओं के फ्यूहरर होकर रह गये हैं ! उन्हें असहमतियां पूर्वाग्रह लगती हैं और वैकल्पिक विचार विषवमन...कमाल ये कि वे दुखी भी होते हैं तो केवल इसलिये कि उनका , कोई पढ़ा लिखा मित्र देश की चिंताओं में उनकी तरह से दुबला नहीं होता !  वे लिखते हैं तो,उनका अनुगमन कर रही विशाल मानव श्रंखलाओं की अपेक्षा के साथ...वे सोचते हैं तो भी इसी कल्पनालोक में...और उनके प्रवचन अपेक्षाकृत जागरूक भीड़ों को सम्मोहित करने की मुद्रा में !  एक विवशता ये कि वे मित्र हैं और उन्हें देश की समस्याओं का बोध  हो गया है ?  पर अपेक्षा ये कि हमें भी इस बोधि वृक्ष के नीचे शीश नवाना चाहिये ! दूसरी विवशता ये कि अपने ही अन्य महाबाहु / बाहुबली बंधु गन पाइंट पर गणतंत्र ले उड़े हैं और वे भी चाहते हैं कि हम शराफत से केवल उनके ही अनुयाई बने रहे !  कहने का आशय ये कि ज्ञान मत्स्य बनाम शक्ति उपासकों के फ्यूहररत्व के दरम्यान हमारी अपनी कोई औकात है भी कि नहीं ?


कल ही किसी मैग्जीन में पढ़ रहा था कि स्पेनिश मूल की मैक्सिकन अभिनेत्री बारबरा मोरी को भारतीय पुरुष अच्छे लगने लगे हैं और वे हिंदी फिल्म जगत को फतह करने की ख्वाहिशमंद हैं !  ज्ञात हुआ कि मात्र तीन वर्ष की अल्पायु में उनके अभिभावक,  एक दूजे से अलग हो लिये , फिर जिंदगी के कठिन दौर से गुजरते हुए वे खुद भी अपना ब्वाय फ्रेंड खो बैठीं तब उनकी उम्र थी कुल जमा चौदह साल !  अगले पांच साल तक सतर्क जीवन यापन करने के बाद स्पेनिश अभिनेता सर्जियो मेयर उनकी अगली भावनात्मक सह दैहिक फिसलन का कारण बने जिसकी वज़ह से अब उनका एक बारह वर्षीय पुत्र भी है , जिसके लिए वे सर्जियो से अलगाव के बाद भी संपर्क बनाये हुए हैं !  सोचता हूं कि उनके माता पिता शादी करके अलग हुए तो वे केवल तीन वर्ष की उम्र में ही अभिशप्त शैशव की शिकार हुईं !  इसके विपरीत उन्होंने खुद तो शादी नहीं की लेकिन अपने पुत्र के लिये , पुत्र के पिता को बर्दाश्त कर रही हैं !  आंकड़ों के हिसाब से वे तीस बसंत कब के पार कर चुकी हैं पर सौंदर्य के मानदंडों से इस यथार्थ को झुठलाया जा सकता है  !   तो क्या जीवन की विकट परिस्थितियों से गुजरने के बाद भी सहज व्यावहारिक जीवन आयु को स्थिर और व्यक्तित्व को सम्मोहक बनाए रख सकता है ?  अगर यही घटना हमारे किसी शादीशुदा स्त्री या पुरुष मित्र पर गुजरती तो उसका दैहिक / मानसिक संतुलन अब कैसा होता ?  यक़ीनन उनके ३६ के बजाये ६३ जैसा दिखने की संभावनायें अधिक हैं !  मेरे ख्याल से बारबरा मोरी का हुस्न और उसकी सकारात्मक सोच का जरुर कोई सम्बन्ध है !  एक ख्याल ये कि , अगर वे मेरे देश की रूढियों / नैतिकता / सामाजिकता की बंदिनी हुई होतीं तो ?


बारबरा मोरी के भारतीय पुरुषों के प्रति आकर्षित होने के ख्याल से मैं खुद भी रोमांचित हूं पर यथार्थ की जमीन पर पड़ने वाले उनके अगले कदम के परिणामों को लेकर आशंकित भी...क्या उन्हें यहां पर स्त्री पुरुषों के संबंधों के सैद्धांतिक और व्यावहारिक सत्य का लेश मात्र भी अनुमान है ?  या फिर वे केवल व्यावसायिक नुक्तये नज़र से ये सब प्रचारित कर रही हैं !  ना जाने क्यों मुझे ऐसा क्यों लगता है कि पहली संभावना के साथ दूसरी संभावना का विकल्प मुझ जैसे साधारण इंसानों को फ्यूहरर बनने से बचाता है !  अभी पिछले ही दिनों एक ज्ञान मत्स्य ने मुझे अपने बोधिवृक्ष की पनाह में आने का निमंत्रण दिया पर आदत से मजबूर मैं , वहां भी दूसरी संभावना का विकल्प दर्ज कराके उनकी  क्रोधाग्नि में झुलस रहा हूं !  उन्होंने कहा...इस बोधिवृक्ष के नीचे एक बिल भी है , जब जी चाहे आओ और विषवमन करो ?  उन्हें मैं उनके जैसा नज़र क्यों आया ये तो वे ही जाने ! किन्तु मैं सोच रहा हूं कि हमारी चिंतन ग्रंथियों में कुछ विष जमा हो जाये तो ?  इन फ्यूहरर्स से परे , मुझ जैसे साधारण इंसानों की विष ग्रंथियां भी पुष्ट हो जायें तो ?... तो निश्चय ही इस महादेश / इस अनोखे गणतंत्र की आखिरी उम्मीद भी डूब जायेगी !


( फ्यूहरर जर्मन भाषा का शब्द है जिसे हिटलर ने जर्मन नेता बतौर अपनाया था )



बुधवार, 30 जून 2010

समृद्ध वाचिक परम्पराओं...लोक संस्कृतियों का परकाया प्रवेश यानि इतिहास लेखन के खतरे !

[ कल रात लैपटाप की बेरुखी से परेशान होकर जल्दी सोने का निर्णय लेना पड़ा लिहाज़ा ब्लॉग आरम्भ की महत्वपूर्ण प्रविष्टि तक पहुंचने में विलम्ब हुआ...सुबह सोचा...त्वरित प्रतिक्रिया देकर आगे बढ़ें...टायपिंग शुरू भी की, लेकिन पूर्वजों की समृद्ध थाथी के प्रति कामचलाऊ टिप्पणी की धृष्ठता से बचने का ख्याल जोर मार गया...फिर क्या था...संजीव जी से बाकायदा दूरभाष पर वार्ता कर अनुमति मांगी कि...क्या मैं आपके आलेख पर मेरी इस लंबी टिप्पणी को अपने ब्लाग की प्रविष्टि बतौर प्रकाशित कर लूं ? वे सज्जन व्यक्ति हैं, उनकी सदाशयता के चलते मैं यह आलेख प्रकाशित कर पा रहा हूं! चूंकि उन्होंने काफी विस्तार से पंडवानी पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है इसलिए मेरे आलेख में उन अंशों की पुनरावृत्ति मुझे उचित नहीं लगी! विशेष निवेदन ये है  कि मेरे आलेख को श्री तिवारी के आलेख की पुरौनी बतौर पढ़ा जाये ]


ब्लाग आरम्भ में आज का पंडवानी विषयक आलेख, दरअसल वाचिक परम्पराओं के लिखित परंपरा बतौर कायांतरण पर फोकस करते हुए, वाचिक से लिपिबद्ध होने की प्रक्रिया के दौरान भ्रांतियों के पनप जाने के खतरे की ओर स्पष्ट संकेत करता है!  मेरे ख्याल से इसे वाचिक परम्पराओं और लोक संस्कृतियों का परकाया प्रवेश यानि इतिहास लेखन के खतरे की तरह से पढ़ा और समझा जाना चाहिये!  इसमें कोई संदेह नहीं कि लोक परम्परायें और लोक संस्कृतियां सबसे पहले वाचिक परम्परा के तौर पर ही उदभूत, विकसित, पुष्पित और पल्लवित हुई हैं!  मनुष्यों की हजारों पीढियां इन्हीं की बदौलत पशु जगत पर अपनी श्रेष्ठता की बुनियाद रखती आई हैं! उसके ज्ञान भंडार का स्वत्व शेष ( बैंक बैलेंस ) , लिपि के आविष्कार से पूर्व, केवल इन्हीं वाचिक परम्पराओं पर आश्रित रहा है ! 

ये भी खूब है कि मनुष्य ने अपने अस्तित्व और सहजीविता की परम्पराओं के समानांतर अभिरुचियों और जीवन्तता की परम्पराओं को भी विकसित किया वर्ना वह केवल हाड़ मांस युक्त नीरस रोबोट अथवा दोपाया पशुओं की तरह का जीवन जी रहा होता !  रोजमर्रा के दुष्कर हालातों से जूझते हुए उसने अपने लिए मनोरंजन और उल्लास की अभिव्यक्ति का अदभुत संसार गढ़ा !  क्या कभी इस बात की कल्पना की जा सकती है कि लोककलाओं / लोकगीतों / लोकगाथाओं और लोक रंग कर्म के बिना मनुष्य का समाज और उसका सामाजिक जीवन कैसा होता ?  वाचिक परम्पराओं को नश्वर देहधारी मनुष्य की अनश्वरता की निरंतरता के रूप में देखा जा सकता है !  पीढ़ियां गुजरती गईं पर ज्ञान तथा  अनुभव के संचयन की निरंतरता बनी रही !  स्पष्ट होता है कि वाचिक परम्पराओं के अभाव में मनुष्य आज भी कहीं अपने खुर ( एड़ियां ) घिस रहा होता और पशुओं की तरह से झुण्ड बनाकर जीवन जीता रहता...उसकी सभ्यता, उसका विकास, उसकी प्रौद्योगिक उन्नति का स्तर नि:संदेह आज भी शून्य ही होता! कहने में कोई हर्ज नहीं कि वाचिक परम्पराओं ने मनुष्य और उसके सामाजिक विकास की बुनियाद का महती कार्य किया है! यहां यह उल्लेख समीचीन होगा कि वाचिक परम्परायें मनुष्य के सामाजिक संसार की बुनियाद के रूप में भले ही चीन्ही जा रही हों किन्तु उनमें पीढ़ी से पीढ़ी, स्थान से स्थान, समय से समय, बोली से बोली का जो वैविध्य / वैषम्य मिलता है उसका मूल कारण स्वयं मनुष्य है उसके मनोसंसार की विविधता भरी पृष्ठभूमि है! यदि गौर से देखा जाये तो किसी वाचिक परम्परा का नाभि केन्द्र भले ही यथावत बना रहा हो किन्तु उसकी ऊपरी सतह पर मनुष्य की मनोसांसारिक भिन्नताओं के निशान आज भी मौजूद हैं !  

लिपि के विकास के बाद वाचिक परम्पराओं के लिखित परम्पराओं में बदलने की प्रक्रिया प्रारम्भ तो हुई पर इसमें विरूपण का जोखिम बना रहा जबकि यह अपेक्षित था कि वैज्ञानिक चेतना / निरपेक्ष दृष्टि तथा इतिहास बोध संपन्न मस्तिष्क यह कार्य करेंगे पर ऐसा हुआ नहीं !  मिसाल के तौर पर पुराने राजे रजवाड़ों में यह कार्य भाटों / चारणों / कवियों / गवैय्यों / राज्याश्रित लोगों द्वारा किये गये!  मसलन पृथ्वी राज चौहान की अतिमानवीय शक्तियों का अतिरंजित वर्णन! लगभग इसी तर्ज पर  आल्हा ऊदल के पाषाण गुल्ली डंडे को  देख कर कौन कह सकता है कि इससे खेलना कभी भी संभव रहा होगा! अतः वाचिक परम्पराओं के दस्तावेजीकरण अथवा लिखित परम्पराओं के रूप में कायांतरण के समय भी भाट / चारणीय प्रस्तुतिकरण अथवा अनधिकृत हस्तक्षेप का खतरा बना हुआ था और बना रहेगा जब तक कि इन परम्पराओं के संरक्षण का दायित्व कुशल हाथों में नहीं आ जाता !  

खैर मुद्दा ये है कि श्री संजीव तिवारी ने पंडवानी जैसी सशक्त विधा पर कलम भांजते हुए उसके वेदमति और कापालिक रूपों का उल्लेख करते हुए यह संकेत दिया कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परम्पराओं के स्तरीय लेखन की आवश्यकता है! उन्होंने लोक कलाओं के बहाने वाचिक परम्पराओं के सहेजने की प्रक्रिया में भ्रांतियां पनपने के उदाहरण बतौर मध्य प्रदेश लोक कला परिषद के मंहगे मोनोग्राफ का जिक्र किया है, जिसमें पंडवानी के विषय में कतिपय भ्रामक जानकारियां प्रकाशित की गई  हैं!  व्यक्तिगत रूप से मैं उनकी इस चिंता से शत प्रतिशत सहमत हूं कि लोक कलाओं के साथ अदक्ष / अकुशल, कथित लोक कला विशेषज्ञों / मर्मज्ञों द्वारा छेड़छाड़ नहीं की जाना चाहिये !  

छत्तीसगढ़ लोक संस्कृतियों का समृद्ध गढ़ है, धान के खेतों, कीचड़ भरे रास्तों, कवेलू पोश मकानों से,...नितांत खेतिहर / ग्राम्य जीवन से, लोक रंग के अनूठे सितारे, अंतर्राष्ट्रीय आकाश पर यूं चमकने लगते हैं गोया सारा आसमान, केवल अपना हो! लोक सांस्कृतिक परम्पराओं की अलौकिक आभा बिखेरते छत्तीसगढ़िया कलाकार धूल से उपजे देवताओं की तरह, अपनी यश गाथायें खुद बखुद गढ़ रहे हैं!  अपने आलेख में पंडवानी की वेदमति शाखा को केवल गायन यानि सुर और ध्वनि आधारित पंडवानी के रूप में तथा  कापालिक शाखा को गायन सह अभिनय अर्थात ध्वनि सह भाव भंगिमाओं के साथ जोड़ते हुए श्री  तिवारी,  श्री झाड़ू राम देवांगन श्री पूना राम जी निषाद और श्रीमती तीजन बाई, श्रीमती ऋतु वर्मा का नाम अत्यंत सहज भाव से ले डालते हैं मुझे कोई आश्चर्य नहीं होता अगर वेदमति या कापालिक कहे जाने के बजाये पंडवानी की इन दोनों शाखाओं को इन महान कलाकारों के नाम से संबोधित किया जाता !  

  

शनिवार, 26 दिसंबर 2009

अपने आपसे ...फ़िलहाल एक सवाल ?

कई  दिनों से  कुछ  लिखा  नहीं ...क्या लिखूं ...जब से होश  संभाला दलीय राजनीति पर आस्था रही, हालांकि सिद्धांतवादी   विकल्पों  के अभाव में  लगातार  वोट नहीं देनें  के अपने  अधिकार का प्रयोग  करता रहा !  मन के किसी कोने में यह विश्वास छुपा बैठा था कि शायद व्यक्तिवाद /  परिवारवाद /  जातिवाद  वगैरह से मुक्त कोई राजनैतिक दल लोकतंत्र के क्षितिज पर धूमकेतु की तरह उभरेगा और तब मैं ख़ुशी ख़ुशी वोटिंग मशीन के बटन पर अपनी अंगुलिया टेक दूंगा, परन्तु लम्बी नाउम्मीदी नें मुझे कहां ला पटका , कैसे कहूं...कैसे लिखूं ...हुआ  यह कि स्थानीय निकाय के चुनाव  में पता नहीं किस  तरह से  ,  सुबह सुबह पोलिंग बूथ जा पहुंचा और  'नितांत व्यक्तिगत पहचान'  के आधार पर वोट दे आया !  कहने के लिये  पार्षद और महापौर पद के ये दोनों प्रत्याशी  किसी राष्ट्रीय राजनैतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं  !  लेकिन मेरे हिसाब यह दल देश बांटू और लोकतंत्रीय राजनीति का कलंक है ! हो सकता है आगे चलकर  मैं अपने अपराध बोध को कम करनें के लिये 'स्थानीयता' जैसा कोई  तर्क भी गढ़ लूं  ?  परन्तु  मेरा वोट  दलगत राजनीति और सिद्धान्तवादिता से मेरी फिसलन का प्रतीक  तो बन ही बैठा ना ?     

शनिवार, 23 मई 2009

हमारा नंबर कब आयेगा ?

यूं तो बुदरू खेतिहर मजदूर है पर गांव में खासा लोकप्रिय है इसलिए उसे कई बार ट्रक में बैठने और शहर आने का सौभाग्य भी मिल चुका है ! इतना ही नहीं उसकी वज़ह से गांव के दूसरे लोग भी यह सब कर पाये हैं ! पिछले महीने उसे इस काम के बदले कुछ पैसा भी मिला था और भैय्या जी नें वादा किया था कि चुनाव के बाद पंचायत में सचिव बनवा देंगे ! उसे भैय्या जी पर भरोसा है ! ...और इंतजार है ! ... कौन जाने ये इंतजार कब ख़त्म होगा ?
मैं चूंकि शहर में ही रहता हूं इसलिए भैय्या जी नें मुझे ट्रक में बैठने का सौभाग्य कभी भी प्राप्त होने नहीं दिया और न ही शहर की म्यूनिस्पिल काउन्सिल में किसी पद के लिए कोई आफर भी !
उधर चुनाव परिणाम आ चुके हैं , मैं सोच रहा हूं ... प्रधानमंत्री रिपीट , नेता प्रतिपक्ष रिपीट ,बहुतेरे चेहरे फ़िर वही चेहरे ... कई कई तो चौथी पांचवीं बार ! सारे दल/दलों के दागीदार ... रिपीट ! सारे युवराज ...रिपीट !
आज़ादी के बाद के सालों में इस कदर रिपिटेशन ? हे ईश्वर ...इस गणतंत्र में बेचारे मैं और बुदरू ?
हमारा नंबर कब आयेगा ?

बुधवार, 13 मई 2009

संगतराश परिंदे और मैं दुखी हो जाते हैं !

पिछले कई महीनो से संगतराश , परिंदे और मुझ जैसे तमाम लोग दुखी हैं ! कारण ये कि चुनाव आचार संहिता लगते ही राजनेताओं के बुतों और उदघाटन के पत्थरों की मांग शून्य हो जाती है सो इस धंधे से रोज़ी रोटी कमा रहे संगतराश (पाषाण कला निष्णात लोग) अपने परिजनों के भूखों मरने की आशंका से पीड़ित हो जाते हैं और परिंदे इसलिए दुखी हो जाते हैं कि पुराने बुतों पर विष्ठा विसर्जन की भी कोई हद तो होती ही है ना !
अब मीडिया चाहे जितना भी चिल्ला चोट कर ले , सोलह मई के बाद भी त्रिशंकु लोकसभा तय है सो सरकार बनाने बिगाड़ने में जो नग्न नृत्य ( परदे के पीछे के समझौते ) संभावित है मै उसकी आशंका से दुखी हूं !
आखिर मुझ जैसे नाचीज़ करदाताओं के खून पसीने की कमाई का ऐसा लोकतंत्रीय दुष्परिणाम क्यों है ?
नहीं पता ?
लेकिन ये सुनिश्चित है कि चुनाव के हर एक मौसम में संगतराश परिंदे और मैं दुखी हो जाते हैं !

बुधवार, 6 मई 2009

इक शम्मा है दलीले सहर सो ख़मोश है !

सुबह सुबह औघड़ चाय* का वक़्त है ! दर-ओ- दीवार पे हर सिम्त जगजीत भाई की पुर- नूर आवाज़ अनहद से अनगढ़ रिश्ते का सबब बनी हुई है ~~ ज़ुल्मतकदे में ................ इक शम्मा है दलीले सहर सो ख़मोश है ~~
बीबी किचन में , बच्चे नींद की आगोश में और मैं ख़ुद चाय की उम्मीद के साथ ग़ालिब ,जगजीत और अनहद की सोहबत में हूं ! सामने टेबिल पर पड़ा अख़बार अपनी सुर्खियों के साथ अंगडाइयां लेते हुए मुझे दुनियाये फ़ानी की आगोश में ढकेलने की फिराक़ में है ! फ़िर क्या... हर दिन की तरह आज भी अख़बार आहिस्ता आहिस्ता अपनी गिरफ्त मज़बूत करता जा रहा है और फिजाओं में गूंज रहे अल्फाज़ अपने मानी खोने लगे हैं ~~
सत्र न्यायाधीश बस्तर नें , अल्फ्रेड महरा निवासी आवास प्लाट करकापाल ,जगदलपुर को अपने साले मंगलू के कत्ल के जुर्म में , उम्र कैद की सजा सुना दी है ! रिक्शा चलाकर गुज़ारा करने वाले अल्फ्रेड को अपने बेटे सुहेल के जन्मदिन के लिए सिर्फ़ १०० रुपये उधार की दरकार थी ! ताकि बच्चा नए कपड़े पहन सके ! साला मंगलू एक दिन पहले सीमेंट खरीद चुका था सो उधार दे ना सका ! अल्फ्रेड नें गुस्से में साले को पीटा और वह मर गया ! अब मेरे दिल -ओ -दिमाग में अल्फाज़ अपनी शिद्दत से गूंज रहे हैं ~~
अल्फ्रेड ... मंगलू ... सुहेल ... जन्मदिन ... मृत्यु ... बेटा ... साला ... सौ रूपये ... उधार ... सीमेंट... सजा ... रिक्शा ... उम्रकैद... नए कपड़े ... जेल... इक शम्मा ... सरकार ... समाज ... गरीबी ...दलीले सहर... आज़ादी ... विकास ...विश्वगुरु... विकसित देश... भारत... लोकतंत्र ... नेता ...अम्बानी ... मित्तल...फोर्ब्स... विधवा ... पितृहीन ... अनाथ... परिवार ...सो ख़मोश है !

सोमवार, 30 मार्च 2009

पंचन को कहो सही पै ..........

काफी समय पूर्व घटित ग्राम्य जीवन की एक घटना स्मरण में है जिसे आपके साथ शेयर करना चाहूंगा ! हुआ ये कि एक छोटे से गांव में दो पड़ोसियों में से दबंग पड़ोसी नें अपने घर का गन्दा पानी अपने सीधे साधे पड़ोसी के घर के सामने से बहाना शुरू कर दिया ! खुन्नस की वज़ह जो भी रही हो नाली पड़ोसी के घर के सामने से निकाल कर दबंग नें झगडे के बीज गांव की फिजा में बिखेर ही दिये थे सो बात तू तू मैं मैं से पंचायत तक जा पहुंची ! पंच परमेश्वरों नें मामले में दोनों पक्षों को सुना और पाया कि गलती दबंग पड़ोसी की है ! अब पंचों के फैसले पर सहमति व्यक्त करते हुए दबंग नें अपनी प्रतिक्रिया कुछ इस प्रकार से दी ............ "पंचन को कहो सही पै नरदहा वहीं से बही " यानि कि पंचों का कहना सही है किंतु नाली वहीं से बहेगी !
भले ही यह घटना एक गांव के स्तर के लोकतान्त्रिक ढांचे और मूल्यों का उपहास उडाती हुई दिखाई दे किंतु देश की हालत भी कमोबेश ऐसी ही है ! आज़ादी के बाद हम सभी नें ऐसे कई उदाहरण देखे हैं जबकि दोयम दर्जा और प्रतिभाहीन नेता 'विवादों' को हवा देकर कुख्यात से प्रख्यात हो गए ! कोई धनबल तो कोई बाहुबल और कोई अपनी न्यूसेंस वैल्यू के दम पर लोकतंत्र की रेस का विजेता घोड़ा बन बैठा है और आश्चर्य की बात है कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता जनार्दन या तो राजनैतिक समझ बूझ के अभाव या फ़िर अन्यान्य तात्कालिक कारणों से इस घुड़दौड़ को अपनी मूक सहमति प्रदान कर चुकी है ! देश की लोकतान्त्रिक मर्यादाओं ,संवैधानिक मूल्यों और संविधान का जितना अनादर आज के छुटभैये नेता करते हैं उसे देख कर क्या आपको ये नहीं लगता कि जैसे नेता जी कह रहे हों ........"संविधान को कहो सही पै.................."