कृषक समाज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कृषक समाज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 6 अक्टूबर 2019

मैंने रखा है मुहब्बत...1


उसका नाम चाहे जो भी हो, पर उसे मुहब्बत थी, इक सुफैद पोश से । यूं तो वो ‘केइ’ द्वीप का रहने वाला था...और वज़ूद बचाये रखने की गरज से शिकारी भी । उस रोज उसका मददगार कुत्ता गहरी घाटी में जा गिरा जिसे बचाने की गरज़ से वो खुद भी जैसे तैसे घाटी के निचले हिस्से में जा पहुंचा जहां उसकी मुलाकात एक बूढ़ी औरत से हुई जोकि उसी घाटी में रहती थी । बूढ़ी ने उसे भूखा जान कर खाने के लिए कंद और अधकच्चे चावल परोसने चाहे तो उसने कहा, चावल मुझे पकाने दो और फिर उसने लकड़ियों की मद्धम आंच में चावल पकाये जिनकी खुशबू पूरी घाटी में फ़ैल गई । बहरहाल भूखे को खाने की पेशकश और कच्चे चावलों को बेहतरीन तरीके से पकाने की कला के दरम्यान इश्क जाग उट्ठा और उन दोनों ने शादी कर ली । 
उधर घाटी में ये खबर दूर दूर तक फ़ैल गई कि चावलों को पकाने का कोई खास तरीका भी हो सकता है । जिन्हें सीखने की चाहत थी शिकारी उन सबको अपने हुनर से आगाह करने लगा । जब कुछ वक्त गुज़रा तो उसे अपने पुश्तैनी गांव की याद सताने लगी । उसने घाटी से वापस, अपने घर लौटने का फैसला कर लिया । उसकी बूढ़ी बीबी उसके साथ उसके गांव आने के लिए तैयार थी पर रास्ते में उन दोनों में झगड़ा हो गया जो शायद अपने घर वापस जाने और अपना घर छूट जाने वाली मुहब्बतों का झगड़ा रहा होगा। शिकारी ने बूढ़ी से कहा ठीक है, तुम अपने घर में ही रहो, हम एक दूसरे से अलग हो जाते हैं । बूढ़ी ने कहा, कोई बात नहीं तुम मुझे मेरे चावल लौटा दो । जो मेरा है उसे लेकर कहीं और ले जाने का तुम्हें हक़ नहीं । इस पर दोनों तैयार थे ।
हालांकि शिकारी ने चोरी से चावल के दो दाने अपने नथुनों में छुपा लिए और अपने गांव वापस लौट आया । कहते हैं कि उनमें एक दाना सुफैद और दूसरा भूरा था । शिकार करने के दौरान मुतवातिर भटकने और खाना मिलने ना मिलने की अनिश्चितता से तंग आ चुका शिकारी खेती करना चाहता था । उसने उन दो बीजों से पौधे उगाये और फिर और ज्यादा पौधे । उसे सुफैद चावलों से मुहब्बत थी...पर गांव वालों को हर किस्म के चावल की ज़रूरत, सो शिकारी से किसान हुआ इंसान, भूरे चावलों को दूसरे लोगों को बेचने लगा । वो अपनी चाहत के सुफैद चावल सिर्फ अपने लिए रखता और भूरे चावल बाज़ार में । भूरे चावलों को इस बात का बेहद रंज था कि शिकारी किसान उन्हें प्यार नहीं करता बल्कि पैसों से बदल लेने वाली शय समझता है ।
वे खेत दर खेत आहिस्ता अहिस्ता समुन्दर के तटों की जानिब भाग निकले ।  गहरी शामों के गहरी रात हो जाने तक अलावों के इर्द गिर्द बुनी गई कहानियों में सुनते हैं कि उन खेतों की मालकिन भी एक बूढ़ी औरत थी, जिसे लगा कि ये चावल बेस्वाद होंगे...पर फसल पकने के बाद उसका शक बेबुनियाद निकला । तटों की माटी और मौसम, भूरे चावलों का हमदर्द निकला । वे जब भी पके बा-स्वाद हुए । बूढ़ी औरत का ख्याल था कि भूरे चावल उसके खेतों तक कोई भी लाया हो, दिखने में चाहे उनकी रंगत कैसी भी हो...पर हैं वो कमाल, उस ईश्वर को धन्यवाद, जिसने उसकी धरती पर नियामत बिखेरी, इंसानी ज़िंदगियों को उपहार दिया ।
कहन के हिसाब से शिकारी समाज के खेतिहर हो जाने का आख्यान है ये । एक इण्डोनेशियाई द्वीप की भूस्थैतिक परिस्थतियों में ऊंची जंगली भूमि में कुत्ते जैसे जानवर को पालतू बना चुकने और शिकार के समय में उसका सहयोग लेने का उद्घाटन करती यह कथा कुत्ते के घाटी में गिर जाने और शिकारी को सहयोगी की चिंता हो जाने का बयान करती है । घाटी में चावल की खेती का स्रोत एक बूढ़ी से जोड़े जाने का आशय कदाचित उसके अनुभव समृद्ध होने से हो । बूढ़ी स्त्री, भूखे शिकारी को भोजन पर आमंत्रित कर, अपने मेहमान नवाज़ होने और सामाजिक शिष्टाचार युक्त होने का परिचय देती है । किन्तु चावल के अधकच्चे होने का कथन उस बूढ़ी की पाक कला पर प्रश्न चिन्ह खड़े करता है यानि कि वो चावल की काश्तकार / मातृदेवी तो है पर भोजन बनाने में निपुण नहीं है । जबकि शिकारी प्रतिदिन कच्चे मांस को मद्धम आंच में पका कर खाने का हुनर ज़रूर जानता होगा ।
कुल मिलाकर अनुभवी काश्तकार और अनुभवी शिकारी रसोइये के अलग अलग नैपुण्य का मिलन था यह, जो उन्होंने ब्याह कर लिया । कथा में उम्र का स्पष्ट उल्लेख ना होने के बावज़ूद प्रतीत यह होता है कि शिकारी उस स्त्री से कम उम्र रहा होगा ? उसे अपनी पाक कुशलता / ज्ञान को अन्य ग्रामीणों से साझा करने में कोई उज़्र ना था...पर अपनी जन्मभूमि / अपने गांव के प्रति उसका मोह और गांव में खेती करने का निश्चय उसे चावल के बीज चुराने और आश्रयदाता, मेहमान नवाज़ पत्नि से छल करने वाला बना देता है यानि कि वो शिकार से अस्तित्व रक्षा के बजाये खेती में अपना भविष्य सुरक्षित मान लेता है । शिकारी की तरह से स्त्री भी अपने गांव से मोहासक्त है और गांव को छोड़ने ना छोड़ने की कशमकश में पति को छोड़ देना मुनासिब समझती है, किन्तु उसे यह मंज़ूर नहीं है कि शिकारी उसके जीवन रक्षण का रहस्य / चावलों की काश्तकारी का ज्ञान खासकर बीज, उससे लेकर चला जाए । वे दोनों बिछड़ने पर सहमत हैं पर उन दोनों में से शिकारी यानि कि पुरुष पात्र छलिया है ।
शिकारी को सुफैद चावलों से मुहब्बत थी सो उसने उन्हें कभी बेचा ही नहीं पर...भूरे चावलों को घर में सहेजा भी नहीं । भूरे चावल बेचे गये, यह खेतिहर व्यवस्था में बाज़ारीकरण के प्रवेश जैसा संकेत है...और अद्भुत कथन ये कि शिकारी की उपेक्षा से भूरे चावल दुखी थे, सो वे खेत दर खेत दूर तक बिखरते चले गये । असल में ये कथन प्रकृति के जीवित होने और वनस्पतियों में मनुष्यों जैसी संवेदनायें / अनुभूतियां होने का कथन है । बहरहाल प्राकृतिक तौर पर आप्रवासी हुए भूरे चावल अनुकूल मौसम और माटी में समृद्ध हुए । संयोगवश यहां भी एक बूढ़ी स्त्री किसान है जो शुरू में भूरे चावलों की खेती के प्रति सशंकित है, लेकिन अनुकूलता में फसलें लहलहाती हैं और उन्हें प्रेम मिलता है जैसा संकेत देती हुई ये कथा समाप्त हो जाती है । आबादियों में भूख और कामुकता नैसर्गिक अपरिहार्यतायें है और अपरिहार्य है प्रेम, स्त्रियों से, भोजन से...   

रविवार, 6 अप्रैल 2014

दहकां...!

मुद्दतों पहले की बात है जबकि इंसानों को पौधे लगाने और खेती करने के तौर तरीकों का कोई इल्म नहीं था ! उन दिनों इंसान अपने भोजन के वास्ते कुदरती तौर पर जंगलों में उगने वाले दरख्तों से मिलने वाले कंद मूल फलों, झड़ बेरियों, वनैले पशुओं के छुटपुट शिकार और नदी नालों में मिलने वाली मछलियों पर निर्भर था ! अक्सर बुरी आत्माओं की चपेट में आकर घायल या बीमार होने के समय में, खुद का इलाज करने का हुनर भी, तब के इंसानों के पास नहीं था, सो उनमें से ज्यादातर, बे-इलाज़ मर जाया करते थे ! आकाश में रहने वाले महान देवता कदाक्लान ने इंसानों की भूख और बीमारियों के मद्दे नज़र, अपने सेवक कबोनियान को धरती पर भेजा ताकि वो इंसानों को सांसारिक ज्ञान दे, प्रशिक्षित करे और उन्हें अनुभवहीनता से उबार दे !

फिर हुआ ये कि कालेंग में रहने वाली दयापान जो कि पिछले सात सालों से बीमार थी, एक दिन नहाने के लिये झरने में गई, जहां मौजूद कबोनियान की आत्मा उसकी देह में प्रविष्ट हो गई ! आत्मा के पास गन्ने और धान का बीज था, जिसे दयापन को देते हुए आत्मा ने कहा जाओ, अपने घर जाकर इसे धरती में बो देना और बड़ा होने पर इसकी कटाई कर लेना, इसके बाद कटी हुई फसल को अपनी ज़रूरत के हिसाब से सुरक्षित रखने के लिये एक अन्न भण्डार / पात्र बनाना तथा गन्ने की पेराई के लिये एक यंत्र भी ! जब ये सब काम खत्म हो जायें, तो तुम एक समारोह (सायुंग) आयोजित करना, उस दिन तुम्हारी बीमारी ठीक हो जायेगी ! हालांकि दयापान इस घटनाक्रम से हैरान थी, लेकिन वो अपने साथ धान बीज और गन्ने का टुकड़ा लेकर, घर वापस लौटी !

उसने कबोनियान के कहे मुताबिक़ बीज बोने की कोशिश की, लेकिन उसकी अपनी अनुभव हीनता और आत्मविश्वास की कमी के कारण वो ऐसा नहीं कर सकी, इसलिए कबोनियान की आत्मा एक बार फिर से दयापान की देह में प्रविष्ट हुई और धान तथा गन्ना बोने में दयापान की मदद की, इतना ही नहीं कबोनियान ने दयापान को फसल कटाई, उसे सुरक्षित रखने के लिये भंडार पात्र बनाने की तकनीक तथा खेती और दूसरे कामों में आने वाले यंत्रों के निर्माण, जैसे सारे व्यवहारिक ज्ञान दिए ! इस घटना के बाद से ही दयापान के कबीले तिंगुयान में साल दर साल खेती करने की परंपरा शुरू हुई ! चूंकि कबोनियान ने यह ज्ञान स्त्रियों को दिया था, इसलिए अब स्त्रियों के पास खाद्य सामग्री की कोई कमी नहीं हुआ करती !

ये आख्यान मूलतः आखेट जीवियों के कृषि युग में प्रवेश करने से सम्बंधित है, जोकि, प्रकृति से जुड़कर खुद ब खुद अनुभव प्राप्त करने वाले मनुष्यों को, उनके नये अनुभवों / नव ज्ञान के लिये, ईश्वर पर निर्भर, कहता है ! दक्षिण पूर्वी एशियाई मूल की इस कथा में मनुष्य द्वारा अपनाए गये, कृषि कर्म तथा अन्य नवाचारों की शिक्षा के लिये महान देवता कदाक्लान अपने सहायक कबोनियान को धरती पर भेजते हैं क्योंकि उन्हें मनुष्यों की भूख  और बीमारियों की फ़िक्र है ! कोई आश्चर्य नहीं कि लगभग इसी तर्ज़ पर मध्य भारत के आदिवासियों के महादेव, मनुष्यों को कृषि कर्म की शिक्षा देने के लिये अपने सहायक देव, भीमा को धरती पर भेजते हैं ! महादेव की चिंता ये है कि मनुष्यों की बढ़ती आबादी के अनुपात में जंगलों में उपलब्ध वन्यजीव तथा कंदमूल फल इत्यादि भविष्य में अपर्याप्त हो जायेंगे सो उन्हें आजीविका के नये उद्यम बतौर कृषि कर्म का ज्ञान होना चाहिए !

इन दोनों आख्यानों में उल्लिखित ईश्वर को धरती के मनुष्य के भविष्य और उसके अस्तित्व की चिंता है , सो वह अपने सहायक के माध्यम से उसे, आजीविका अर्जन के नये क्षेत्र में प्रवेश का मार्ग दिखलाता है, यानि कि ये दोनों कथायें संकेत देती हैं कि मनुष्य के ज्ञान को अद्यतन करने के लिये ईश्वर उत्तरदाई है ! हालाँकि इन दोनों कथाओं में अंतर यह है कि, जहाँ भीमा देव, ग्राम्य जन को कृषि का प्रशिक्षण देकर, कालांतर में धरती पर ही बस जाता है और कबीले के मुखिया की पुत्री से विवाह कर लेता है , वहीं कबोनियान एक आत्मा के तौर पर अपने प्रशिक्षु की देह को माध्यम चुनता है, यानि कि भीमा देव पुरुष बतौर सशरीर धरती पर आता है और आगे भी बना रहने वाला है जबकि कबोनियान एक स्त्री देह में अवस्थित होकर ज्ञान को शेष समाज तक पहुँचाने का कार्य करता है ! भीमा के बरक्स उसने स्त्री पात्र का चयन स्वयं से विवाह के लिये नहीं किया बल्कि स्त्री पात्र को समाज के पहले कृषि गुरु के रूप में प्रशिक्षित किया !  

आख्यान के अनुसार कबोनियान धरती पर ईश्वर की प्रतिनिधि आत्मा है और उसने प्रथम प्रशिक्षु बतौर जिस पात्र को उपयुक्त माना है, वो एक स्त्री दयापान है, ज़ाहिर है कि कथाकालीन आदिम समाज, ईश्वर दूत के चयन के माध्यम से ही सही पर, पुरुषों की तुलना में नव ज्ञान का प्रथम उपयुक्त पात्र स्त्री को चुनता है, एक स्त्री, जिसे आगत में समाज का प्रथम गुरु होना है, जोकि मानव जाति के सामने खड़े, आजीविका के संकट के विरुद्ध, अपनी ही पीढ़ी / अपने ही समुदाय को नव ज्ञान / नवाचार से लैस करने वाली है,स्मरण रहे कि उसके भावी शिष्यों में पुरुष भी शामिल हैं ! कथा उसके बीमार होने का संकेत देती है, लेकिन उसे निरोगी भी होना है,खासकर तब जबकि, वो अपने ज्ञान को व्यवहार में परिणित कर चुके ! वो कृषि युग की प्रथम ध्वजा वाहक है तथा जनसमुदाय को यंत्र निर्माण आदि की तकनीक देने के,अतिरिक्त सामाजिक उत्सवों की शुरुवात भी करने वाली है ! 

रविवार, 14 जुलाई 2013

आकाश गंगा का पुल : प्रणय अनुश्रुति 3

कहते हैं कि वो एक सरल स्वभाव का चरवाहा था, जिसे उसके बैल ने समझाया कि वह एक निश्चित दिन, नदी में नहाती हुई लड़की के कपड़े छुपा कर आसानी से एक सुन्दर पत्नी प्राप्त कर सकता है, दरअसल बैल एक छद्मवेशी बुद्धिमान था, अतः चरवाहे ने उसकी सलाह मानकर, उस खास दिन नहाती हुई युवती के वस्र छुपा दिये ! उस युवती का नाम चिह-नी था जो कि, पवित्र ईश्वर की दिव्य पुत्री थी, स्वर्ग में वह अपने पिता के लिए ज़री और बादलों से सीवन-हीन वस्त्र बुना करती थी ! उस दिन वह अपनी सहेलियों के साथ धरती पर घूमने और मौज मस्ती के लिए आई हुई थी, लेकिन चरवाहे के द्वारा, उसके वस्त्र चोरी करके छुपा दिये जाने की हालत में वह कपड़ों के बिना स्वर्ग वापस नहीं जा सकती थी !

चरवाहे ने बुद्धिमान बैल के दिशा निर्देशों के अनुसार इस मौके का फायदा उठाया और चिह-नी से विवाह कर लिया, वे दोनों कई वर्षों तक पति पत्नी की तरह से साथ रहे , इस दौरान उनके घर एक पुत्र और एक पुत्री का जन्म भी हुआ ! अब चिह-नी ने अपने पति से उन छुपाये हुए वस्त्रों के बारे पूछताछ की, तो चरवाहे ने उसे वह स्थान दिखाया जहां  उसने वस्त्र छुपाये हुए थे ! चरवाहा ये देख कर हैरान रह गया कि वस्त्र मिलते ही चिह-नी स्वर्ग वापस लौट गई ! चिह-नी के इस व्यवहार से दुखी / स्तब्ध चरवाहे और उसके बच्चों ने पुनः बैल से परामर्श किया, तो उसने उन्हें स्वर्ग जाने की सलाह दी और वहां तक पहुँचने में उनकी सहायता की ! स्वर्ग पहुंच कर चरवाहे ने पवित्र ईश्वर को अपनी व्यथा कथा कह डाली !

ईश्वर ने अपनी पुत्री चिह-नी से इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए, अपने जामाता चरवाहे को उसकी नश्वरता से मुक्ति देकर, अमरता प्रदान की और उसे आकाश गंगा के पश्चिम में स्थित एक तारे का स्वामी बना दिया, जबकि चिह-नी आकाश गंगा के पूर्व में स्थित तारे की स्वामिनी थी ! हालांकि ईश्वर ने उन दोनों को सप्ताह में एक दिन मिलने की अनुमति दी थी लेकिन संवाद में भ्रम हो जाने के कारण वे एक दूसरे से साल के सातवें महीने के सातवें दिन ही मिल पाते हैं और ये क्रम सदा से चलता आ रहा है ! उस दिन धरती के सारे मैगपाई / परिंदे नन्हीं नन्हीं टहनियां लिए हुए एक साथ स्वर्ग की ओर उड़ान भरते हैं और उन दोनों प्रेमियों के मिलन के लिए आकाश गंगा में टहनियों का पुल बनाते हैं !

इस आख्यान का एक संस्करण ये भी है कि कथा नायक साधारण चरवाहा नहीं था बल्कि वह पहले से ही आकाश गंगा के पश्चिमी छोर वाले तारे का स्वामी था और पवित्र ईश्वर ने अपनी पुत्री की वस्त्र बुनाई कला से प्रसन्न होकर, उन दोनों का विवाह करवा दिया था, लेकिन नायिका प्रेम में इस कदर लीन हो गई कि उसने बुनाई के अपने नियमित कार्य की तरफ ध्यान देना बंद कर दिया, इसलिए विधाता ने नाराज होकर उसे, उसके पति से मिलने के अवसरों में लंबे समय अंतराल वाली बंदिशे लगा दीं ! कोई आश्चर्य नहीं कि चीनी मूल की इस लोक कथा से सामाजिकता के वो ही रंग निखरते / उभरते हैं, जोकि चीनी समाज की अपनी विशिष्टतायें हैं , मसलन वे कृषक समाज हैं सो कथा में बैल और चरवाहा और परिंदे महत्वपूर्ण और निर्णायक पात्र हैं !

कथा में बैल के बुद्धिमान होते हुए भी छद्मवेशी होने का उल्लेख, अनायास ही, भारतीय मिथकों में बेहद प्रभावपूर्ण ढंग से मौजूद शिव भक्त नंदी का स्मरण करा देता है ! एक चरवाहे की जीवनचर्या और नियति बुद्धिमान बैल तय करता है, यह संकेत अत्यंत महत्वपूर्ण है, तत्कालीन वैश्विक कृषक समाजों में पशुधन की महत्ता स्वयं स्पष्ट है ! पशुधन की उपलब्धता के आधार पर सामाजिक संबंधों की दिशा तय होने और उनके  बनने बिगड़ने के लिए किसी अन्य प्रमाण की आवश्यकता भी नहीं है ! नहाती हुई गोपियों के वस्त्र चोरी करने वाले चरवाहे / अवतारी ईश्वर का भारतीय प्रसंग अगर इस कथा से किंचित साम्य की अनुभूति कराये तो इसमें कोई हैरानी नहीं होना चाहिए ! अंततः दोनों ही कथाओं में वस्त्र चोरी प्रकरण में प्रणय के भाव अन्तर्निहित हैं !

प्रेमी जोड़े / दम्पत्तियों के लिए स्वसुर निर्णीत / निर्धारित विरह और मिलन एक सहज सामाजिक व्यवहार है ! हालांकि उल्लेखनीय बिंदु यह कि प्रणयलीन पीढ़ी को अपने सामाजिक पारिवारिक दायित्वों की अनदेखी करने की स्थिति में ही इस तरह के दंड का भागी होना पड़ता है , चिह-नी ने वस्त्र विन्यास के पूर्व निर्धारित दायित्व में उदासीनता बरती सो उसका परिणाम भी भुगता ! बादलों और ज़री से सीवन-हीन वस्त्र बुनने वाली सांकेतिकता की ओर ध्यान दिया जाये , तो वह एक निष्णात / कुशल उद्यमी थी , सो यह कल्पना भी नहीं की जा सकती कि वह निज हित के लिए समाज के प्रति अपने दायित्व से विमुख हो जाये ! कहने का आशय ये कि तत्कालीन समाज , निजता के लिए सार्वजनीनता की बलि नहीं दे सकता / अफोर्ड नहीं कर सकता था !

संभव है कि आज के समाज के लिए नवदंपत्ति के प्रति समाज का इस तरह व्यवहार...और परिणीता के लिए नायक का, नायिका के वस्त्र चोरी करने जैसा व्यवहार कदाचित अनुचित प्रतीत हो...पर स्मरण रहे कि हमें कथा को समाज के वर्तमान के बजाये कथाकालीन हालातों / परिदृश्य में विवेचित करना होगा तभी हम कथा के साथ न्याय कर सकेंगे ! गौर करें तो उस समय सीमेंट और लोहे के पुलों की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी अतः आकाश गंगा के दो पाटों पे बसे इस विरही प्रेमी जोड़े के मिलन के लिए काष्ट निर्मित पुल की डिजाइनरों / अभियंताओं के तौर पर परिंदों / मैगपाई का उल्लेख प्रतीकात्मक रूप से बेहद अहम है , वे तिनकों / तुच्छ टहनियों से घोंसला बनाती हैं , सो पुल भी, प्रणय मददगार परिंदे और बैल ! प्रणय मददगार सगरा जीव जगत !