टिप्पणियां लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
टिप्पणियां लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 29 मई 2010

ब्लाग पोस्ट...टिप्पणियां...नक्सलवाद और गिटार के टूटते हुए तार !

इन दिनों दो ही बातें अपनें चरम पर है एक नक्सलवादी हमले और दूसरे गर्मी...जिम्मेदार मानें भी तो किसे  ?  तर्क ये नहीं कि दोनों समस्यायें एक दूसरे से भिन्न हैं तो कारण भी भिन्न होना चाहिये  !...दोस्त कहते है सरकार निकम्मी है...और हम कहते है  कि ये सब ऊपर वाले का किया धरा है ...आखिर को सरकारें भी तो उसी के भरोसे चल रही हैं इसलिये गर्मी हो या फिर कुछ और... जिम्मेदार तो वो ही माना जायेगा !   इधर अपने अरविन्द जी गोपियों से लेकर (अ) भूतपूर्व मित्र के ब्लाग विचलन और ट्विटर / फेसबुक प्रेम को लेकर चिंतित हैं उधर गिरिजेश जी जाति के लिये इमोशनल हुए जा रहे हैं  ! चन्द रोज़ पहले तक बीबी के नाम से पानी पी पी कर पोस्ट पेल रहे ज़ाकिर भाई... शिरीष खरे के भरोसे सामाजिक सरोकार निबाह रहे हैं ...खैर उनसे उम्मीद भी यही थी कि अर्शिया भाभी जल्द ही उन्हे अर्श से  फर्श पे ला देंगी ...दिक्कत ये है कि मै बज़ाते खुद आसमान साध पाता तो मज़ा ही कुछ और होता पर...

अगर गर्मियां अपने चरम पर ना होतीं तो  हमें  छुट्टियों  का बुरा होना पता भी कैसे चलता  ?  इसी तर्ज़ पर ज़िन्दगी की क्षणभंगुरता  का  अहसास  नक्सलवादियों ने करा ही दिया है ...तो  गर्मियां ईश्वर की ...जाति ईश्वर की...जीवन की क्षणभंगुरता  ईश्वर  की... ऊधो  के  दर्शन  से  मोहभंग /  तन /  मन  भी ईश्वर का ...फिर बेचारी सरकार  का  क्या  ?

आज की पोस्ट भी मै कहाँ लिख रहा हूँ ...वो तो ...?   ...कई दिनो से सोच रहा था कि टिप्पणियों पर नुक्ताचीनी करुंगा... गर्मियां / छुट्टियां / हिंसा / फुर्सत / दर्शन / सरकारें और यहां  तक कि ईश्वर भी अखरने लगे है अब  !  मित्र लिख रहे है पर लगता है  वे  लिखना नही चाहते थे...वो तो ...?   मित्र टिपिया रहे है पर लगता है कि वे टीपना नहीं चाहते थे ...वो तो ...?   अब जो भी कहिये मैंने आलेख  में  नाम सिर्फ उनके लिखे  , जिनके बुरा नही मानने की उम्मीद है वर्ना और भी मित्र हैं जिनके ब्लाग  मुझे  गर्मियों / फुर्सतों / और आहत होने के अह्सास से दूर रखते हैं !

पढना शौक जरुर है पर एग्रीगेटर की लिस्ट जल्द ही तमाम हो जाती है फिर शौक...फुर्सत मे तब्दील हो जाता है...ये ससुरा ईश्वर लोगों को ढंग से लिखवाता भी नहीं  ...आज गलती से एक देव सूफी के ब्लाग पर चले गये यूं लगा गोया आगरा से लौटे हों ...पहले समझ मे नही आता था कि लोग इतना कम क्यों लिखते है ...50 लोग मिल बैठे और लिखीं सिर्फ 100 पोस्ट...तौबा...उसमे  से  आधी बेनामियों के खाते  !  तकरीबन 14000 ब्लाग्स है और अगर 10  ब्लाग प्रति दिन की दर से चर्चा करी जाये तो एक ही दिन मे 1400  पोस्ट बनती है अगले दिन आलोचना और फिर समालोचना मे भी शताधिक पोस्ट की गुंज़ायश है  !  मान लीजिये एक दिन केवल लिंक दी जाये और दूसरे दिन विषयवस्तु पर चर्चा कर दी जाये  तो इसमे खर्चा क्या है ...इसके अलावा भेंट मिलाप से असहमति / कवितायें / कहानियां और ...ना जाने क्या क्या  ?  फिर टिप्पणियों पर प्रतिटिप्पणियों और उनपर आधारित पोस्ट लेखन की सम्भावनायें भी तो है ...पर अब समझ मे आया इसमे जो भी कसूर है वो मित्रों का नही ईश्वर का है ...बेचारा एक अकेला  आखिर कितनों को लिखाये ... हालांकि गलती तो गलती ही है ...औकात ना हो तो सबका ठेका लेना ही क्यों....?

कल किसी मित्र को पढ रहे थे कुछ टिप्पणियां ...टिप्पणियां क्या स्तुतियां ही कहिये बांचीं अच्छा लगा ...मिले सुर मेरा तुम्हारा तो....मज़ा आना शुरु ही हुआ था कि पोस्ट के विषय से दुश्मनी निभाती एक टिप्पणी सुर ताल का बैंड बजा गई !  रोमांटिक मूड पर ज्ञान जी के बड्बोलेपन से ब्लागजगत को बचाने का आह्वान जैसे पंडित रविशंकर के सितार पर मुहर्रम का ढोल भारी पड गया हो ...बांसुरी मे गाय का रम्भाना घुस गया हो...बजते हुए गिटार का तार टूट गया हो  ...मायके गई बीबी ( मित्रगण अपनी सुविधानुसार उदाहरण जोडें ) से टेलीफोन वार्ता मे मेकेनिकल नोइज घुस गया हो ...ओह ईश्वर ये सब क्या करते रह्ते हो ...तुम चाहो तो मुझे गर्मियां / फुरसतें / दर्शन अच्छे लग सकते है इसके बाद देखना मेरे प्रेम और ...मेरी चाहत के समन्दर में सारी नफरतें ...सारी हिंसा डूब जायेगी  !


मंगलवार, 9 मार्च 2010

जिनके ब्लाग मुझसे गुफ्तगू करते हैं , उन मित्रों से !

संभव है कुछ दिन आपको दिखाई ना दूं ...कोई टिप्पणी भी ना कर सकूं  !  मुझे जहां काम हैं शायद वहां नेटवर्क नहीं होगा ! कोशिश करूंगा कि इस दौरान किसी छुट्टी के दिन आपसे सलाम दुआ कर पाऊं ! आपके नियमित पाठक बतौर मेरी गुमशुदगी को अन्यथा मत लीजियेगा !


गुरुवार, 5 नवंबर 2009

अरे भाई आपके ख्यालात में रीढ़ रज्जु है कि नहीं ?

अक्सर ब्लाग जगत में यायावरी के दौरान टिप्पणियां पढने का लोभ संवरण नहीं कर पाता हूं मेरा ख्याल है कि 'विषय ' विशेष पर आलेख लिखते समय लेखक के अपने विचार /अपनी धारणा /अपने आग्रह /अपने पूर्वाग्रह हो सकते हैं ! किसी आलेख को खास तरह से उकेरना , उसे एक शक्ल देना , लेखक का अख्तियार है किंतु उसका आलेख तब तक मुकम्मल नहीं माना जा सकता जब तक कि पाठक गण ( आप समालोचक कह लें ) प्रतिक्रिया ना दे दे ! इस लिहाज से ब्लाग जगत में टिप्पणियां मेरे लिए आलेख के मुकम्मल होने का अहसास लेकर आती हैं ! पिछले काफी लंबे समय से टिप्पणियों को बांचते हुए पाया कि ज्यादातर "साधु... साधु बनाम लानत" है के स्थायी भाव से लिखी गई टिप्पणियों के आदान प्रदान में "समालोचना" कहीं खो सी गई है ! क्या यह सृजन धर्मिता के लिए शुभ संकेत है ? अगर थोडी बहुत समालोचना दिखी भी तो लेखक का रवैय्या " तू कहता है खेत की पर मैं बांचूं खलिहान की " तर्ज पर घोर असहिष्णुता भरा ! विचार और वाद पर केंद्रित लेखन तथा सहमति और असहमति का एक ही जगह में उपलब्ध होना बड़ी बात है किंतु "वाद " और "मेनिया " में कोई अन्तर है कि नहीं ? आप अंतर्राष्ट्रीय राजनीति पर लिखें /मानवता पर लिखें / स्वास्थ्य सेवाओ /देश प्रेम /खेल कूद या भले ही काम कला पर लिखें मित्रगण उसे 'धर्म 'से जोड़ ही देंगे ! मेरे ख्याल से यही असहजता 'मेनिया' है ! खैर ...कौन क्या लिखता है और क्यों लिखता है, ये उसकी अपनी "स्टेट आफ माइंड "है ! भला इससे मुझे क्या दिक्कत हो सकती है ? मैं तो बस एक टिप्पणीकार को पढ़कर हैरान हूँ ! वो जहाँ भी जाते हैं एक ही सुर फूटता है " भइया आप सही कह रहे हैं " / "भाई आप बिल्कुल ठीक हैं " यानि जब भी कहूँगा ~ जी ~ ही कहूँगा ! केवल जैकारा ! लेखक मार्क्सवादी हों , तत्ववादी ,धर्मवादी ,सम्प्रदायवादी हों या अन्य जो भी हों , मैं तो बस जहाँ भी जाऊँ सिर्फ़ "हाँ " कह कर आऊंगा वाले टिप्पणीकार बन्धु इसमे आपकी अपनी सोच ..अपना चिंतन कहाँ है ?
अरे भाई आपके ख्यालात में रीढ़ रज्जु है कि नहीं ?

रविवार, 16 अगस्त 2009

अपशब्दों की दुनिया में जेहन का फौरी रिएक्शन और कुछ ........ ?

पिछले कुछ दिनों से लग रहा है कि कुछ ब्लागर्स जानबूझकर , भड़काऊ आलेख /कवितायें / दर्शन / वगैरह , बिखेर रहे हैं ! इसके बाद इन प्रविष्टियों पर जो टिप्पणियां आती हैं वो बेहद अशालीन ,भाषाई मर्यादाओं /संस्कारों के विपरीत लगभग अपशब्दों की श्रेणी में रखी जाने लायक मानी जा सकती हैं ! तेरी ...मेरी / तू ...तडाक /जूतम.... पैजार से भरपूर... ! ..... ये कहना झूठ होगा कि मैं इन आलेखों / टिप्पणियों को पढता ही नहीं हूँ ! बेशक कुछ अच्छे की उम्मीद में मैं इस गंद को भी खंगालता हूँ कि शायद ... ब्लागर मित्र नें असहमति /अपशब्दों के स्थाई सुरों के बीच कोई तर्कपूर्ण बात भी कह दी हो ! हालाँकि ब्लागर परिवार के सदस्य के रूप पर ऐसा करते हुए मैं जज्बाती तौर पर सही हो सकता हूँ लेकिन तर्कसम्मत तो बिल्कुल भी नहीं ! ...कतई नही ! हम सभी जानते और मानते हैं कि जहाँ से तर्क विलुप्त होना शुरू होते हैं , अपशब्दों के कैनवास वहीं से प्रकट होते और दीर्घाकार बनते जाते हैं ! वैसे ये सब लिखते हुए मैं स्वयं को दूध का धुला हुआ सिद्ध करने कोशिश नहीं कर रहा हूँ क्योंकि हम सभी, कभी न कभी , जीवन के किसी निजी या सार्वजानिक हिस्से में , तर्कहीन हो सकते हैं !.... अपशब्दों की दुनिया के नागरिक बन सकते हैं ! इसलिए किसी पर प्रश्न चिन्ह लगाये बिना इतना ही कहना चाहूँगा कि इंसान होने के नाते हमें तर्कवान और भाषाई संस्कारों से लैस होने की कोशिश करना चाहिए ! विशेष कर तब ,जबकि हम आपस में इन्टरेक्ट कर रहे हों !
हाँ तो मैं कह रहा था कि पिछले कई दिनों से एक खास जेहनियत को लगातार पढ़ते हुए मैं और मेरे एक मित्र भी उसका शिकार होते होते रह गए ! हुआ यूँ कि ब्लाग "तितली सा दिन" वाले जय भाई नें मुझे कल देर रात फ़ोन कर बताया कि उनकी प्रविष्टि पर मेरी टिप्पणी के तत्काल बाद ब्लागर भाई रंजीत नें जो टिप्पणी दी है उसमें .......? चलिए आप भी देखिये हुआ क्या था !.....
titli sa din तितली-सा दिन
saturday, August 8, 2009

हे भगवान ;तुम भी मेरे जैसे निकले
उचक के उसने कोशिश की मन्दिर की घंटी बजाने की। भगवान प्रसन्न हुए। थोडी हवा में उसने आरती की। वे प्रसन्न हुए। लेते समय गिरा प्रसाद उसने उठाकर खाया। वे प्रसन्न हुए। एक बच्चे को प्रसाद का बड़ा टुकड़ा दिया। भगवान् प्रसन्न हुए। एक ने ऐसा कुछ नहीं किया। भगवान प्रसन्न हुए।
-----भगवान को होना कहाँ था कुछ।
प्रस्तुतकर्ता जय श्रीवास्तव पर 3:19 AM
लेबल:

3 टिप्पणियाँ:
ali ने कहा…
वो तो मन के किसी कोने में दुबक कर बैठा ख्याल सा है.... शायद .....इसके अलावा .... उसके पास कुछ भी होने का विकल्प कहाँ है ?
August 8, 2009 8:33 AM
रंजीत ने कहा…
jee han bhagwaan tab bhee nahin aaye jab koshi me dahaye logon ke anna dalal aur officer kha rahe the.Ali saheb theek kahte hain. man kee galee bahut sankaree ho chalee hai...
August 13, 2009 12:12 AM
संदीप ने कहा…
:)
14, 2009 8:58 AM
डाक्टर साहब बहुत चिंतित थे उन्होंने कहा यार अली आज कल ब्लागर्स गाली गलौज बहुत कर रहे हैं , माहौल बहुत ख़राब है जरा देखो तो रंजीत भाई नें क्या लिख दिया है कुछ समझ में नहीं आ रहा है और संदीप भाई नें तो कुछ लिखा ही नहीं ! हालाँकि रात बहुत हो चुकी थी लेकिन मैंने उनका ब्लाग खोलकर टिप्पणी पढ़ी , चूँकि जेहन में ब्लागिंग के पिछले कुछ दिन हाबी थे और रंजीत भाई की टिप्पणी भी रोमन में लिखी हुई थी इसलिए मैंने भी प्रथम द्रष्टया वैसा ही पढ़ा जैसा कि जय भाई नें बताया था ( देखिये बोल्ड अंश ) ! मेरी समझ में कुछ भी नहीं आया ! मैंने कहा जय क्या मजाक है तुमने रंजीत नाम कब से रख लिया क्या मैं तुम्हारी फोटो पहचानता नहीं हूँ , तब तुम काफी कम उम्र थे ! जय नें कहा यार फोटो तो मेरी ही लगती है मगर मैं हूँ नहीं ! ये सच में रंजीत हैं ! मैंने कहा झूठ मत बोलो यार ये तुम ही हो , एक तो रंजीत के नाम से ख़ुद ही टिप्पणी कर ली फ़िर उसमें "मां की गाली " भी लिख दी , ये बात ग़लत है भाई , बहुत ग़लत ! चलो सुबह बात करेंगे ! खैर सुबह मैंने फ़िर से टिप्पणी पढ़ी अब मेरे दिमाग में कोई दूसरा ब्लाग नहीं था और न ही कोई सजेस्ट करने वाला लिहाजा मैंने पढ़ा "मन की गली "...जाहिर है रोमन में लिखित टिप्पणी से ग़लत फहमी तो पनपी ही साथ ही मन में रंजीत जी के लिए अपशब्दों की दुनिया गढ़ने की नौबत भी आ गई !
जबकि हकीकत ये है कि ब्लागिंग की गंद हमारे जेहन में बस गई थी और हमें एक साफ सुथरी टिप्पणी भी अपशब्द लगने लगी थी ! अपशब्दों की दुनिया में जेहन का फौरी रिएक्शन और कुछ हो भी कैसे सकता है !............. रंजीत भाई से खेद सहित !