खालिस प्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
खालिस प्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 16 सितंबर 2026

हिनेमोआ और तुतानेकाई

तुतानेकाई को अमूमन निचले कुल का युवा माना जाता था । वो रोटोरुआ झील  के मध्य स्थित मोकोइया द्वीप में अपने तीन  सौतेले भाईयों के  साथ रहता था । कहते हैं कि वो मोकोइया द्वीप के मुखिया की पत्नि के पूर्व पति की संतान था जबकि उसके तीनों सौतेले भाई मुखिया के वास्तविक जैविक वंशज थे इसीलिए उसके सौतेले भाइयों ने उसे अपने कुल से बहिष्कृत कर दिया था । कुल मिलाकर तुतानेकाई नाजायज संतान होने जैसा दंश झेल रहा था हालांकि उसका पालक पिता मुखिया उसे अपनी संतान की तरह से स्नेह करता था । इसके बरक्स हिनेमोआ झील के किनारे अपने अभिजात्य पिता के शानदार घर में रहती थी ।  कबीले में उसे अद्भुत सौन्दर्य की स्वामिनी माना जाता था और कितने ही युवा उससे ब्याह करना चाहते थे, लेकिन हिनेमोआ को तुतानेकाई से प्रेम था । तुतानेकाई के तीनों सौतेले भाइयों ने हिनेमोआ से ब्याह की पेशकश की किन्तु हिनेमोआ ने साफ इंकार कर दिया क्योंकि वो तुतानेकाई से ब्याह करना चाहती थी । हिनेमाओ के इंकार से उसके अभिभावकों को अत्यधिक निराशा  हुई ।

 

उन्होंने तुतानेकाई तथा उसके सौतेले भाइयों के दरम्यान दौड़ की प्रतियोगिता करवाई जिसमें तुतानेकाई विजयी हुआ , इसके बावजूद अभिभावकों ने हिनेमोआ और तुतानेकाई के ब्याह से साफ इंकार कर दिया और तुतानेकाई को वापस मोकोइया द्वीप वापस भेज दिया गया ताकि दोनों प्रेमी एक दूसरे से मिल ही न सकें , इसके बाद एहतियातन झील के तट की सारी किश्तियाँ छुपा दी गईं,क्योंकि उन्हे डर था कि हिनेमोआ किश्तियों की मदद से तुतानेकाई तक पहुँच सकती है । उधर झील के तट से लगभग 3 मील दूर स्थित द्वीप में रह रहा तुतानेकाई हरेक रात द्वीप की पहाड़ी पर बैठकर बाँसुरी बजाया करता था, जिसकी सुर लहरियाँ हिनेमोआ को बेचैन किया करतीं थीं । वो प्रेमी की धुनों से रोमांचित होती और मिलन के विकल्प सोचा करती थी । उसे तुतानेकाई से जुदाई बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं हो रही थी , ऐसे ही लम्हों में उसने तय किया कि  वो रात के अंधेरे में झील को तैरकर पार करेगी और प्रेमी से जा मिलेगी और उसने यही किया झील का पानी बेहद ठंडा था । बाँसुरी की सुर लहरी  की दिशा में तैरती हुई हिनेमोआ के हाथ पैर लगभग सुन्न हो चले थे ।

 

वो मोकोइया द्वीप तक लगातार तैरती रही और फिर उसने खुद को द्वीप में स्थित एक गरम कुंड में छुपा लिया उसे भय था कि अगर किसी अन्य युवा ने उसे देख लिया और उसे पकड़ कर अपनी झोपड़ी में ले गया तो माओरी रिवाज के मुताबिक हिनेमोआ को उस युवा से ब्याह करना पड़ेगा । पानी की गर्माहट से उसका जिस्म सामान्य हो चला था इसलिए उसने तब तक खुद को छुपाये रखना बेहतर जाना , जब तक कि तुतानेकाई नहाने के लिए उस कुंड में ना  आ जाए , बहरहाल ऐसा ही हुआ तुतानेकाई नहाने आया तो अचानक ही हिनेमोआ उसके सामने खड़ी हो गई , तुतानेकाई अपनी प्रेमिका के साहस से हतप्रभ था और खुश भी ,  फिर दोनों ने एक साथ मिलकर तुतानेकाई की झोपड़ी में शरण ले ली,  सो परंपरा के अनुसार , कबीले को उनके ब्याह के लिए राजी होना पड़ा , उनके प्रेम की सफलता से सौतेले भाई बेहद नाराज हुए , उन्होंने मारपीट करना चाही लेकिन उनके पिता ने हिनेमोआ और तुतानेकाई की रक्षा की क्योंकि वो कबीले की परंपरा का सम्मान करता था और उसे प्रेमी द्वय के ब्याह से अब कोई ऐतराज शेष नहीं रह गया था ।

 

यह आख्यान न्यूजीलैंड के माओरी आदिवासियों को संबोधित है जिसमें नायक और नायिका एक दूसरे से बेतहाशा प्रेम करते है किन्तु नायक तुतानेकाई , अपने पालक पिता की जैविक संतान नहीं था बल्कि उसकी मां के पूर्व पति की जैविक संतान था और उसकी मां ने कालांतर में उसके पालक पिता से ब्याह कर लिया था । सामान्यतः आदिवासियों में विवाह , पुनर्विवाह और पूर्ववर्ती संतानों को लेकर कोई रूढ निषेध नहीं होते हैं फिर भी तुतानेकाई को मुख्य भूमि से विस्थापित करते हुए झील के मध्य स्थित द्वीप में बसने के लिए मजबूर किया गया था , संभवतः तुतानेकाई के सौतेले भाइयों की शुद्ध सामाजिक प्रतिष्ठा को उनके जैविक पिता से जोड़ते हुए ,  तुलनात्मक स्थिति में , पालक पिता के पुत्र के रूप में , तुतानेकाई को हीन सामाजिक प्रतिष्ठा वाला माना गया हो , अन्यथा इस कथा में नायक तुतानेकाई के पालक पिता और नायिका हिनेमोआ के जैविक पिता के दरम्यान सामाजिक आर्थिक प्रतिष्ठा अथवा अप्रतिष्ठा का अन्य कोई संकेत मिलता भी नहीं है । उल्लेखनीय तथ्य यह कि नायिका के परिजनों ने  नायक के सौतेले भाइयों के वैवाहिक प्रस्ताव को ठुकराया भी नहीं था ।

 

सौतेले भाइयों के वैवाहिक प्रस्ताव को ठुकराने का निर्णय हिनेमोआ ने स्वयं लिया क्योंकि उसे तुतानेकाई से प्रेम था और आदिवासी समाज की युवतियों को अपना वर स्वयं चुनने का अधिकार तो खैर होता ही है । परिजनों ने सौतेले भाइयों और नायक के मध्य हुई प्रतिस्पर्धा का परिणाम भी देखा किन्तु उन्हे बतौर दामाद नायक, स्वीकार्य नही था । नायिका के परिजन और नायक के सौतेले भाई , नायिका के निर्णय से क्रुद्ध और असहमत हैं सो नायक पुनः बहिष्कृत हुआ और उसे झील के मध्य स्थित द्वीप में विस्थापित कर दिया गया, इतना ही नहीं नायक और नायिका के मिलन की संभावना को समाप्त करने की गरज से किश्तियाँ भी छुपा दी गईं । नायिका प्रियतम से बिछोह नहीं चाहती थी । उसे प्रियतम की बाँसुरी की धुन , सम्मोहन की हद तक प्रिय थी इसलिए उसने बर्फीले पानी की झील को तैरकर पार करने का दुस्साहसिक निर्णय लिया । उसने अपनी जान जोखिम में डाली और बाँसुरी के सुरों की दिशा में तैरती रही , यहां पर कथा का एक अन्य संस्करण कहता है कि नायिका ने खाली तूंबों को एक साथ बांधकर एक वैकल्पिक किश्ती बना कर यह यात्रा पूरी की थी ।

 

बहरहाल रात का अंधेरा , बेहद ठंडा पानी , तेज बर्फीली हवा और मुख्य भूमि से द्वीप की दूरी , उस अकेली युवती के हौसले को पस्त नहीं कर सके, क्योंकि उसे प्रेम था । द्वीप में गर्म  पानी के कुंड ने नायिका को छुपने और जिस्म की ऊर्जा को पुनः बहाल करने में मदद की । कुंड में नायिका का छुपना प्रेम मार्ग की एक  सामाजिक बाधा से निजात पाने के लिए था ।  जिसके कारण प्रियतम से मिलने की उसकी सारी मेहनत अकारथ हो जाती यदि कोई अन्य युवा उसे पकड़कर अपनी झोपड़ी में ले जाता तो । युवती को मजबूरी में ही सही अपने कबीले की परंपरा के अनुपालन में उस युवक को अपना पति मान लेना पड़ता । नायिका जोखिम नहीं लेना चाहती थी सो उसने नायक का इंतजार किया कि जब भी वो तप्त कुंड में नहाने आएगा तो वो उसके साथ जाकर उसके झोंपड़े में शरण ले लेगी और तब समाज को उन दोनों के ब्याह को स्वीकार करना ही होगा ।  नायिका का आकलन सही था, नायक उसे वहीं मिला और वो खुशी से बौराये  हुए नायक के साथ उसके झोंपड़े के अंदर जा पहुंची सो उनके  ब्याह को सामाजिक स्वीकृति और नायक के पालक पिता का स्नेह संरक्षण भी प्राप्त हो गया ।  


बुधवार, 12 जून 2019

सदा सर्वदा के लिए...

वो बूढा लकड़हारा था, निर्धन लेकिन ईमानदार और मेहनती, उसका नाम ताके तोरी नो ओकिना था । वो अपनी बूढ़ी पत्नी के साथ पहाड़ी पर झोपड़ी बना कर रहता था । वे दोनों निःसंतान थे । ताके तोरी सुबह जल्दी उठता और जंगल जाकर बांस काटता और शहर में बेच कर जैसे तैसे गुजर बसर किया करता था । एक सुबह वो खड़ी पहाड़ी के ऊपर बांसों के जंगल में जा पहुंचा और अपनी नीली तौलिया से अपने माथे का पसीना पोंछते हुए बडबडाया अब मैं बूढा हो चला हूं , मदद के लिए कोई संतान भी नहीं । अचानक उसने हरे बांस के कोटर में चमकदार रोशनी देखी, क्या यह सूरज है ? वह बुद्बुदाया । नहीं ये सूरज नहीं हो सकता । ये तो जमीन से ऊपर आया है ।

ताके तोरी ने उत्सुक्तावश उस बांस को काट डाला, जल्द ही उसके हाथ में दो मुट्ठी के आकार का एक हरी रंगत चमकदार गहना था । ताके तोरी रोया, आश्चर्य मैं पिछले पैंतीस वर्षों से बांस काट रहा हूं पर मुझे पहली बार इतना बड़ा गहना मिला है । उसने गहने को अपने हाथों में उठाया तो वह जोर की आवाज़ के साथ दो हिस्सों में बंट गया । आप विश्वास करें या ना करें उसके अंदर से एक सुंदर और नन्हीं सी लड़की निकली जिसने रेशम का हरा लिबास पहना हुआ था । उसने कहा ताके तोरी, तुम्हें अभिवादन । ताके तोरी ने कहा, माफ करना तुम शायद एक परी हो ? उसने कहा, हाँ, मैं परी हूं और तुम्हारे तथा तुम्हारी अच्छी पत्नी के साथ कुछ समय रहने के लिए यहाँ आई हूं ।  

लेकिन मेरा घर बहुत छोटा है, उसमें तुम जैसी अभिजात्य सुंदर लड़की आराम से नहीं रह पायेगी, ताके तोरी ने कहा, परी ने कहा, वो गहना कहाँ है ? ताके तोरी ने दोनों टुकड़े हाथ में उठाये और बोला, अरे ये तो सोने के टुकड़ों से भरें हैं। परी ने कहा, हाँ अब यही तुम्हारे काम आयेंगे, चलो घर चलें । घर पहुँच कर ताके तोरी चिल्लाया, देखो मेरे साथ एक परी है...और सोना भी । पत्नी भागते हुए दरवाजे पर पहुँची । उसे अपनी आँखों पर विश्वास नहीं हुआ । ताके तोरी आश्चर्यचकित पत्नी को लगभग धकियाते हुआ झोपड़ी के अंदर पहुंचा । अगले कुछ ही दिनों में परी, लंबी ऊंची युवती में बदल गई । सुबह के जैसी तरोताजा और धवल, दोपहर के जैसी चमकदार, शाम के जैसी मृदु और रात की तरह से गहन शांत । 

ताके तोरी उसे शुभ्र दीप्ति कहता । क्योंकि वो एक गहने से निकली थी । हालांकि वो युवती, ताके तोरी और उसकी पत्नी की कुछ भी नहीं थी, फिर भी वो उनके साथ एक बेटी की तरह से रहती । सोने के टुकड़ों को बेचकर ताके तोरी दंपत्ति संपन्न हो गए थे और उन्होंने अपनी इस मुंह बोली पुत्री के लिए ऐशो आराम के तमाम प्रबंध कर दिए थे । ऐसे ही खुशहाल दो साल गुज़र गए, उस आकर्षक युवती को चाहने वाले युवकों की कमीं ना थी । स्वयं बहादुर राजकुमार मिकाडो, उस के पास आया और उसने झुक कर कहा ओ सुंदर शुभ्र दीप्ति, मेरा हार्दिक अभिनन्दन स्वीकार करो । क्या तुम मेरी रानी बनोगी ? परी ने एक आह भरी उसकी आँखों में आंसू थे, उसने अपनी बांहों में अपना चेहरा छुपा लिया और कहा, नहीं राजकुमार, मैं ऐसा नहीं कर सकती ।  

नहीं कर सकतीं ? लेकिन क्यों ? मिकाडो ने कहा । परी ने कहा, राजकुमार, कारण जानने के लिए प्रतीक्षा करें । उस दिन से लगभग सातवें माह बाद, वो बेहद दुखी दिखाई देने लगी, उसने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था, वो ताके तोरी के नवनिर्मित और भव्य घर की टेरेस गार्डन पर ज्यादातर वक़्त गुज़ारती । दिन में बैठ कर सोचती रहती और रातों में गोया चाँद और तारों की दूरी नापती रहती । फिर पूर्ण चंद्रमा की एक रात, राजकुमार मिकाडो, ताके तोरी और उसकी पत्नी के साथ परी बैठी हुई थी । ताके तोरी ने कहा आज चन्द्रमा कितना चमकदार है । हाँ, ताके तोरी की पत्नी ने कहा, वो पीतल के चमकदार तवे जैसा दिख रहा है । लेकिन वो कितना थका हुआ और पीतवर्ण दिखाई दे रहा है, जैसे कि कोई निराश प्रेमी मिकाडो ने कहा ।    

ताके तोरी ने कहा उसकी किरणे, कितनी लंबी और चमकदार हैं जैसे कि हमारे बगीचे तक कोई गलियारा बना रही हों । परी, कातर स्वर में चीखी, ओ पालक पिता, तुम सही कह रहे हो । यह चन्द्र किरणों का गलियारा है, जिससे अनगिनत अलौकिक वस्तुएँ तीव्र गति से आती जाती रहती हैं । जैसे कि आज मुझे घर ले जाने के लिए । मेरे पिता चंद्रमा के राजा हैं । एक बार मैंने उनकी अवज्ञा की थी तो उन्होंने मुझे तीन साल के लिए धरती पर निर्वासित कर दिया था । पिछले तीन साल जो मैं आप लोगों के साथ गुज़ारे । अब मुझे मेरे देश जाना होगा । आह मैं जाते हुए कितनी दुखी हूं । 

धुंध उतर रही है ताके तोरी ने कहा । नहीं, मिकाडो ने कहा, ये चन्द्रमा के राजा का समूह है । वे सैकड़ों हजारों की संख्या में बागीचे में उतरे,चमकदार,जैसे हाथों में टार्च लिए हों । उन्होंने प्रकाश का एक गोल घेरा बना लिया था । बीच-ओ-बीच चन्द्रमा का राजा, अलौकिक पंखों वाली पोशाक पहने हुए । उन्होंने शुभ्र दीप्ति को ऊपर उठाया और उस पर वैसी ही एक अलौकिक पोशाक डाल दी । परी ने कहा, अलविदा पिता तोरी, प्रिय पालक मां अलविदा । स्मृति चिन्ह के तौर पर मेरा गहना सदैव आपके पास रहेगा, प्रियतम मिकाडो, तुम मेरे पास ज़रूर आना चाहोगे पर तुम्हारे पास मेरे जैसी पोशाक नहीं होगी । इसलिए मैं तुम्हारे लिए जीवन अमृत का एक अंश छोड़ रही हूं । इसे पी लो और अनश्वर हो जाओ । 

इसके बाद शुभ्र दीप्ति ने अपने पंख फैलाए और सहयोगियों के साथ उस धवल गलियारे से होकर चन्द्रमा की ओर चली गई । इसके बाद मिकाडो, जीवन अमृत लेकर ऊंचे पहाड़ की चोटी पर जा पहुंचा और वहाँ एक बड़ा सा अलाव जलाया ताकि जीवन अमृत को उस अग्नि में वाष्पित कर सके । उसने कहा, शुभ्र दीप्ति से पृथक रहकर, सदा सदा के लिए अनश्वर होकर मैं क्या करूँगा ? सो, जीवन अमृत, अग्नि में नील वाष्पित होकर ऊंचे स्वर्ग तक तिरने / तैरने लगा । मिकाडो ने कहा, प्रियतमा शुभ्र दीप्ति तक, मेरे संदेशे, इस नील वाष्प के साथ पहुँचने दो । सदा सर्वदा के लिए... 

ये कथा स्वर्ग लोक के देवत्व, धरती में अभिजात्यता अर्थात राजशाही बनाम सामान्यता के पायदानों पर हिंडोले झूलती चलती है । कथा का ताना बाना भारतीय परीकथाओं सा है जहां दैवीय कुलीनता, भू-लोक के राजस तत्वों सह साधारण सामाजिक संस्तरण से गले मिलने को आतुर बनी रहती है । कदाचित देवताओं और धरती के वाशिंदों के दरम्यान अनेकानेक बंधन / बाधाओं / सशर्त प्रेम की गुंजायश सदैव बनी रहती है । बहरहाल यह कथा विशुद्ध भारतीय नहीं वरन पूर्वी एशियाई देश के जनगण को संबोधित है भले ही इसका कथानक / इसके कथा तत्व भारतीयता से अंतहीन साम्य रखते हैं । 

कथा सार ये है कि ताके तोरी निर्धन किन्तु मेहनतकश और ईमानदार लकड़हारा है, उसपे तुर्रा ये कि वो निःसंतान है,यदि उसके कोई संतान होती तो उसे कठिन शारीरिक श्रम करके आजीविका की व्यवस्था नहीं करनी पड़ती । ताके तोरी के पास अपनी निर्धनता और बढ़ती उम्र का कोई तोड़ नहीं है । इसके आगे संयोग यह है कि चंद्रमा का राजा अपनी पुत्री से नाराज है और वो उसे तीन साल के लिए धरती पर निष्कासित कर देता है । देवता की पुत्री अलौकिक और आभामयी है । ताके तोरी उसे पुत्री के  रूप में पाकर चमत्कृत है । 

फिलहाल ताके तोरी और उसकी पत्नि संतानहीनता के अभिशाप से मुक्त हैं और उनकी निर्धनता गोया छूमंतर हो गई है । सुकन्या से अल्प समय में युवती के रूप में बदल गई, परम सौन्दर्यवती शुभ्र दीप्ति, पर पूरे देश के नौजवान मुग्ध हैं और उससे ब्याह करने के लिए उत्सुक हैं । यहाँ तक कि राजकुमार मिकाडो भी शुभ्र दीप्ति के प्रेम बंधन में है किन्तु शुभ्र दीप्ति को पता है कि उसका वनवास / उसकी सजा के तीन वर्ष पूरे होते ही हालात बदल जाने वाले हैं, वो मिकाडो को पसंद करती है पर उसकी निगाहें / उसका सारा चिंतन चंद्रमा की ओर हैं । 

अंततः उसे अभिभावक ताके तोरी परिवार और प्रेमी मिकाडो को छोड़ कर अपने पितृ देश जाना पड़ता है । वो पिछले तीन वर्षों के समय को भूल नहीं सकती सो अपने प्रेमी मिकाडो की अनश्वरता की कामना के साथ अमृत अंश का उपहार छोड़ जाती है और मिकाडो इहलौकिक अभिजात्यता/ अपने परिवार /स्वजनों को पीछे छोड़, प्रेयसी की दैवीयता को स्वीकार कर लेता है। अब कौन जाने कि प्रेयसी की अभिलाषा में मृत्यु के उपरांत मिकाडो ने क्या पाया ...



गुरुवार, 7 जून 2018

किन्नर - 9

बंध्याकरण के अन्य विवरणों / दृष्टान्तों की तुलना में यह प्रकरण विलक्षण है, क्योंकि थामस कॉर्बेट की पत्नि की मृत्यु प्रसव के दौरान हो गई थी और विधुर थामस कॉर्बेट ने गणिकाओं की लालसा के पाप से बचने के लिये स्वयं ही कैंची की सहायता से अपने अंडकोष बाहर निकाल दिये थे । यह एक असाधारण निर्णय था, जिसके अंतर्गत एक आध्यात्मिक, धार्मिक स्वभाव वाला व्यक्ति अपनी पत्नि के अतिरिक्त किसी अन्य स्त्री से यौन सम्बन्ध नहीं रखना चाहता था, बल्कि ये कहना समीचीन होगा कि पत्नि से इतर यौन संबंधों की कामना तक नहीं करना चाहता । 

वैराग्य के लिये उसके दृढ़ निश्चय का प्रमाण यह है कि वो डाक्टर के पास जाकर अपने घावों की चिकित्सा कराने से पूर्व प्रार्थना सभा में सम्मिलित हुआ और उसने रात्रिकालीन भोजन भी किया । इस दृष्टान्त को बांचते समय दिल-ओ-दिमाग पर दो बातें कौंधती है, एक तो यह कि कार्बेट अपनी पत्नि से अत्यधिक प्रेम करता था और उसकी मृत्यु के उपरान्त यह अधिकार किसी अन्य स्त्री से साझा नहीं करना चाहता था, कदाचित यह उसका विशुद्ध प्रेम था, दिवंगत प्रियतमा को श्रृद्धांजलि थी, एक पत्नि व्रत का प्रकटीकरण था, प्रेम में वफादारी का साक्ष्य था ।

जबकि प्रचलित धारणा यह है कि पुरुष सामान्यतः बहु-स्त्रीगामी होता है, अस्तु कार्बेट के निर्णय में खालिस प्रेम की सुगंध है, यौन एकलनिष्ठता की अभिव्यक्ति है । इसके इतर दूसरी बात जो जेहन में आती है वो ये कि कार्बेट ने जो भी किया, धार्मिक विश्वास के अधीन किया, यानि कि यह उद्धरण, धार्मिकता द्वारा यौन संबंधों के नियमन का उद्धरण हो सकता है । स्वयं के बंध्याकरण के अतिरिक्त कार्बेट की प्रसिद्धि का एक कारण यह भी है कि उसने राष्ट्रपति लिंकन के हत्यारे जान विल्किस बूथ की हत्या की थी ।

कहते हैं कि बूथ खलिहान में छिपा हुआ था जबकि सैनिकों ने उसे चारों ओर से घेर लिया था, उस समय कार्बेट दीवाल के एक छेद से बूथ को देख सकता था सो उसने बूथ को गोली मार दी जबकि बूथ को जीवित पकड़ने के आदेश थे । इस घटना क्रम के कुछ समय बाद कार्बेट, टोपियां बनाने वाले अपने पुराने, कदाचित पैतृक व्यवसाय की ओर वापस लौट आया । कुछ लोग यह भी मानते हैं कि टोपियां बनाने वाले अन्य कामगारों / व्यवसाइयों / लोगों की तरह से उस पर भी पारे का प्रभाव दिखाई दिया था । इस व्यवसाय में पारे के उपयोग के चलते ही शायद उसमें असामान्यता / पागलपन के लक्षण दिखाई दिये थे ।