लैला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लैला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 22 मई 2010

ओह लैला...अब मै बूढा हो चला हूं और मेरे बच्चे भी...

कभी सोचा ना था कि तुम्हे इस तरह , खुद से दूर जाने कहूंगा ...कमसिन था तो सिर्फ तुम्हारा ख्याल रह्ता ...जवानी में सारी मुखालफत ...सारे अंदेशों और सारे ज़माने के सामने ताल ठोंक कर खड़ा  हो जाता पर तुम्हारा  इस्तकबाल  दिल-ओ- जान  से  करता ...क्या  करूं  उम्र  के  सातवें  दशक  में  वो  जोश ...वो  माद्दा  कहां  से लाऊं  जो  तुम्हारे  मुकाबिल  खड़ा  रहकर  तुम्हारे  हुस्नों  जमाल  की  तपिश बर्दाश्त कर सकूं !
ओह लैला ...अब  मैं  बूढा हो चला हूं  और मेरे बच्चे भी निहायत ही  गैर जिम्मेदार और नालायक निकले  !  उन्हें जरा भी अन्दाज़ नहीं कि तुम अब भी क़यामत   ढाती हो ...सोचता हूं  कि  तुम्हारी  मुहब्बत  में  बर-हमेश  मजनूं  को जान  देना  ही   होगा ,  मैं   इस  चलन  को  तोड़   भी  देता  अगर  मेरे  बच्चे  मेरे मुहाफिज़ होते ...यकीन जानों !  अब तो   मुझे  ये वहम  भी  हो चला  है  कि  मेरे  चीनी  और  जापानी रकीब  जरुर  उम्र  में  मुझसे  छोटे  होंगे !   या  फिर मुमकिन है कि उनके बच्चे अपने वालिद के ज्यादा मददगार और वालिद के ज़ज़्बात-ओ-हालात के लिये ज्यादा फिक्रमंद रहते हों   !     खैर ...

पता   नहीं  कैसे  मेरा  ख्वाब  अधूरा  रह  गया और  मैं  दिन तमाम  इस पशोपेश  मे रहा कि लैला को खुद से दूर जाने  की बात कहने वाले   बुज़ुर्गवार कौन थे और वो  अपने बच्चों से  नाउम्मीद  क्यों  थे ...मुझे   इस  तरह का ख्वाब   आया  ही  क्यों  और  इस   ख्वाब   के  मायने क्या है   ?    शाम   तकरीबन   चार  बजे  स्याह  बादलों  के दरम्यान  सूरज ने   धरती  को  टुक से  झांक कर  देखा  और  मेरे ख्वाब   का   तिलस्म यक-बा-यक टूट गया ...सारी बेचैनी  हवा  हुई   पर ख्वाब    के  मायनें आपसे शेयर करने    की   ख्वाहिश  ब्लाग   पोस्ट  में   तब्दील  होने  लगी  है ...

हुआ  यह  कि  पिछ्ले   कई  दिनों  से   समाचार पत्रो ,  टीवी न्यूज  में  ट्रापिकल साइक्लोन लैला का ज़िक्र छिडा हुआ था और  मै   खुद    बेख्याल  सा यह सब देख सुन रहा था कि हवाओं की रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घण्टे से ज्यादा  होने और तूफान के तटीय क्षेत्रों मे तबाही मचाने की आशंकाओ के दरम्यान दरजनों मौतों और हजारों विस्थापितों की खबरें सुरखियां बनी हुई हैं !   हिन्द महासागर के उत्तरी आठ देश - भारत , बांगलादेश , श्रीलंका , पाकिस्तान , ओमान , म्यांमार , थाईलैंड और मालदीव ,.... बंगाल की  खाड़ी   की ऊर्जावान  बेटी   के   निशाने को पहचान चुके थे लिहाज़ा भारत के तटीय राज्यों को अलर्ट करनें की कवायद शुरु हुई  !  विश्व मौसम विज्ञान संगठन और संयुक्त राष्ट्रसंघ के एशिया पेसेफिक क्षेत्र आर्थिक सामाजिक कमीशन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत  इस बार इस तूफान के नामकरण की जिम्मेदारी पाकिस्तान की थी और  उसने  इसे नाम दिया 'लैला'  !   ख्याल   आया कि  इसे  लैला  के  बजाये  मजनूं  क्यों  नही कहा गया तो मामला यहां  भी लिंग भेद का निकला   !   कहते हैं   कि ज्यादा ताकतवर तूफान मर्दों और कम ताकतवर   तूफान औरतों   के नाम  से जाने   जायेंगे !    मतलब ये  कि  कुदरत को   भी नही बख्शा  इंसानों ने    !  कहते  तो  ये भी हैं कि शुरुआती दौर में इन तूफानों का नामकरण आस्ट्रेलियाई मौसम वैज्ञानिको नें  चिढ्कर उन महिला राजनेताओं के नाम पर किया  जिन्होने कभी उन्हें ज़लील किया था !
 
फिलहाल   मेरा   इरादा   तूफानों के  इतिहास के बजाये  अपने स्वप्न फल को   बांचने   का  है   इसलिये   विषयांतर   ना करते   हुए    मुद्दे    पर लौटता हूं   !    जेहन    में  कहीं  यह ख्याल भी था  कि  आपदा  प्रबन्धन के  मामले  में  हम जापान और चीन  से पिछड से  गये हैं ... इतना   ही  नही  देश के प्रति दायित्व बोध और राष्ट्रीयतावाद भी हममे ज़रा   कम  ही  है  !     लगभग  एक जैसी उम्र   के  देश  और उनके नागरिकों के सामाजिक सरोकार मे ज़मीन आसमान  का   फर्क दिखता  है  !  आशय ये कि अचेतन रूप से इन तमाम बातों से गुजरते हुए  मुझ  जैसे  आम आदमी   को    अच्छी   नींद   आई   भी  कहां   होगी  ?    और   फिर   जैसे  ही लैला ने बस्तर को छुआ ही होगा कि मुझे   मेरा देश  प्राक्रतिक  आपदा  के सामने  बेबस खडा दिखाई  दिया  होगा !  अपने  बच्चों से  नाउम्मीद और हताश  सा ....!

शनिवार, 28 फ़रवरी 2009

सिस्टर लैला संग ब्रदर मजनूं

पारिवारिक निर्धनता ने उन्हें अरब सागर के तटवर्ती राज्य से उठाकर सुदूर आदिवासी अंचल में ला पटका ! युवावस्था के लगभग ढल चुकने तक दोनों ने जी तोड़ मेहनत की और जैसे तैसे इस काबिल हुए कि पैसों के परे , प्रेम के विषय में भी सोच सकें ! विषम लिंगियों के मध्य आकर्षण की सहज पृवृत्ति ने दोनों की तकदीरों को एक करने का निश्चय कर डाला था ! अतः प्रेमानुभूति के घनीभूत होने से पेश्तर सिस्टर लैला ने ब्रदर मजनूं से शादी कर डाली !
इस प्रेम कथा के नायक नायिका से अपरिचित , जो भी सुनता , पहले सिर धुनता ! फ़िर नैतिकता पर कुछ लंबे प्रवचन देता हुआ संस्कृति रक्षकों के मौन की निंदा करता और कालांतर में हमारी ही तरह से अपनी तात्कालिक प्रतिक्रिया पर खिसियाता हुआ झेंप मिटाने की कोशिश करता ! अरे भाई , हममें से ज्यादातर इन्सानों को खुदा ने दिमाग से तेज जुबानें दी हैं तो इसमे हमारी गलती कहां है ! खैर ........
इस प्रकरण में कहना शेष ये है कि सिस्टर लैला (नर्स ) पर नियत तो डाक्टर की ख़राब थी पर उसे ब्रदर मजनूं (धार्मिक शिक्षा के विद्यार्थी ) से प्रेम था और उसने वही किया जो उसके दिल ने कहा !

मंगलवार, 24 फ़रवरी 2009

लैला ? ...के लिये... ?

हमारे युवा मित्र हैं , १९९३ में उच्च शिक्षा विभाग में नियुक्त हुए ! लिहाज़ा अभिभावकों नें बहू ढूंढ़ना शुरू कर दी , मानदंड फिक्स थे , लड़की का परिवार संपन्न होना चाहिए और उसमें विवाह 'उत्तम' श्रेणी में कर सकने का सामर्थ्य भी होना चाहिए ! कई सालों तक कई 'घराने' देखने के बाद एक रिटायर्ड अभियंता के 'घराने' पर नज़र टिक गई ! वहां सिर्फ़ दो बहनें थीं ! नयन नक्श साधारण परन्तु , भाई कोई भी नहीं ! अतः रिश्ता तय हो गया !
आशा के अनुरूप विवाह 'अति-उत्तम ' ढंग से संपन्न हुआ ! तयशुदा शर्तों के अतिरिक्त, नवविवाहित जोड़ा सामान अपने ढंग से खरीद लेगा, की तर्ज़ पर घरेलू सामानों की कीमत तय करके नक़दी भी अलग से प्राप्त कर ली गई! इस तरह से .....वर वधु प्रसन्न , परिवार प्रसन्न और समाज ... वो भी प्रसन्न !
आगे चल कर लड़की के परिवार को दूसरा (छोटा ) दामाद भी इसी तर्ज़ पर प्राप्त हुआ !
दो दो 'उत्तम विवाहों' के बावजूद रिटायर्ड अभियंता ससुर के पास पर्याप्त धन संपत्ति शेष है अतः दोनों दामादों में सास ससुर की सेवा की होड़ लगी हुई है ! दामादों की आशा के केन्द्र बिन्दु , मृत्यु के देवता 'यमराज' हैं तथा दोनों की निगाहें फिलहाल 'महिष' के आगमन पर टिकी हुई हैं !
.......और हमारी नज़रें इन दोनों पर , देखें किसे क्या मिलता है !
वैसे ........ सारी की सारी कहानी और भागम भाग में लैला द्वय ? अप्रासंगिक होकर रह गई हैं !