कई बार अनुभवों को दर्ज करने के लिए किसी डायरी और रौशनाई की ज़रूरत नहीं हुआ करती ! कुछ घटनायें घटते हुए अक्सर,दिल-ओ-दिमाग पर अपने नक्श छोड़ जाती हैं और फिर इंसान को उनके बारे में नतीजे खुद बखुद निकालना होते हैं !मिसाल के तौर पर टी.वी. सीरियल्स और फिल्मों से अपनी कोई खास रंजिश भी नहीं पर उन्हें चाहे अनचाहे क्षणों में देखने का अवसर आने पर अक्सर ये ख्याल आता है कि ...वाह वो लड़का क्या गज़ब का अभिनय करता है !...उफ वो लड़की बला की खूबसूरत...लिल्लाह उसकी तो जैसे आँखें बोलती हैं ! तौबा क्या गजब का डांस करते हैं ये दोनों ! ओह इनके गले कितने सुरीले हैं और...और...मैं...अभिनय शून्य , साधारण शक्ल -ओ- सूरत का चश्मिश बन्दा ! डांस तो दूर चार कदम चल भी लूं तो सांस फूल जाये !...फिर गाना...बच्चे भी हँसते हैं ! यूं जानिये कि एक हीन भाव सा जागता है , कहां ये चमकती दमकती प्रतिभायें और कहां मैं ?
अभी हाल ही में यूसुफ़ पठान ने शतक मारा पर...अपने हिस्से में दुःख आया ! उधर तेंदुलकर ने शतकों का रिकार्ड बनाया तो खुद के लिए बेहद अफ़सोस हुआ ! मुद्दत हुई जो कुआलालम्पुर में हॉकी का विश्वकप जीतते हुए अजीत पाल सिंह और असलम शेर खान भी अपनी जलन का शिकार हुए ! पंडित रविशंकर का सितार , बिस्मिल्लाह खान साहब की शहनाई , पंडित जसराज और जोशी जी का कंठ... जगजीत सिंह साहब की गज़लें , इसका तबला , उसकी सरोद , इसका ये , उसका वो...वगैरह वगैरह...कभी अपने को सुकून ना दे सका ! हमेशा एक ही ख्याल कि , कहां ये पुरनूर सितारे और कहां मैं ?
अनुभूति ये कि जिंदगी के हर हिस्से में किसी ना किसी विलक्षण प्रतिभा को देखते हुए खुशी के साथ रंज का गोया चोली दामन का साथ हो गया हो ! खुद की कमतरी का अहसास शिद्दत से जागता ! शिकवा कभी परिजनों से और कभी ईश्वर से भी , कि जो नियामतें उन्होंने दूसरों को बख्शीं वो हमें ना दीं ! सच तो ये है कि अपना 'आत्म' द्वैध में जीता हुआ कभी किसी इंसान की क्षमताओं का स्तुति गान करता तो ऐन उसी वक़्त खुद पे लानत मलामत भी ! कला...संस्कृति...शिक्षा...खेलकूद ही नहीं अपने को तो अम्बानी की दौलत भी रास नहीं आई ! यहां एक बात जो साफ़ तौर पर कहना ज़रुरी है कि दुनिया में हर सू दमकते सितारों के सामने अपनी सारी हीन भावना के बावजूद खुद की जात-ओ- औकात पे सुकून की एक बड़ी वज़ह भी है कि अपने 'आत्म' को कभी भी लालू / राजा जैसों से जलन ना हुई ! कहां मैं और कहां ये कम...? ...
खैर संस्मरणात्मक इस वृत्तांत में एक मोड ये आया कि खेल , अभिनय और संस्कृतिकर्म के कुछ ऐसे रौशन सितारे , जिनके हुनर का मैं मुरीद रहा हूं और जिनसे कि मुझे अक्सर ईर्ष्या होती आई है , एक दिन अमिताभ बच्चन के प्रोग्राम कौन बनेगा करोड़पति के स्केल पर फिसड्डी साबित हो रहे थे और मैं मन ही मन उन्हें जस्टीफाई करने की कोशिश कर रहा था कि , क्या फर्क पड़ता है , अगर सामान्य ज्ञान उनकी विशेषज्ञता का क्षेत्र नहीं है ! तथ्य ये कि अगर हर सितारा 'अपने फन' का माहिर हो तो फिर उसे 'हर फन' का सितारा होने की ज़रूरत भी कहां है ? बस यही एक लम्हा मुझे अपनी प्रतिभागत निर्धनता के ख्याल से उबार गया अब अपने लिए मेरा ख्याल ये है कि मुमकिन है ! मैं एक बेहतर पति , एक अच्छा पिता , एक अच्छा दोस्त या शायद फिर एक शानदार / जिम्मेदार नागरिक होऊं ! मद्धम ही सही मेरी अपनी रौशनी और अपने हिस्से का आकाश भी ज़रूर होगा !