रिश्ते लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रिश्ते लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 16 मई 2012

जो तेरे नसीब की बारिशें किसी और छत पे बरस गईं !

वो अपने खानदान के अनेकों में से पहला चिराग था, साधारण सी शक्ल-ओ-सूरत , धुंधवाती आग में सेंक कर स्याह किये गये सूखे बांस सी काया, पहलौटी का पुत्र, पिता ने पढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी ! सन बयालीस में उसका जन्म हुआ और सन पैंसठ में एम.एससी. की डिग्री हासिल करने के दो साल के दरम्यान ही उसकी नौकरी लग गई ! उन दिनों सस्ते का ज़माना था और मुल्क की आबादी भी तुलनात्मक रूप से कम थी सो नौकरी के सिलसिले में, उसे कोई खास मारा मारी नहीं करना पड़ी ! अपने ही कस्बे में लेक्चरर की पोस्ट जैसे कोई लाटरी उसके हाथ आ लगी ! अब घर वालों को उसकी शादी की फ़िक्र हुई, सुयोग्य पुत्रवधु की खोज करते वक़्त ये ख्याल रखा गया कि लड़की पढ़ी लिखी होना चाहिये और लड़की का खानदान लड़के के खानदान से उन्नीस नहीं हो तो ज्यादा बेहतर !

ब्याह के लिए चुनी गई लड़की के पिता दरोगा थे, उन्हें लगा कि लड़के की नौकरी अच्छी है, सो लड़के का खानदान उनके खानदान से कमज़ोर भी है तो क्या फर्क पड़ेगा ! दोनों घर के बड़ों को रिश्ते की बात अपने अपने हिसाब से पसंद आई, लिहाज़ा ‘नो’ मंगनी पट शादी की रस्म भी पूरी कर ली गई ! लड़की उन दिनों उस्मानिया यूनिवर्सिटी की छात्रा थी और अपने पिता की दौलत के बलबूते हर तरह से दुनिया देख चुकी थी ! लेकिन अपने पिता की बात काटने का हौसला उसमें नहीं था, शादी से इंकार कैसे करती ! उसे समझाया गया था कि लड़का सीधा सादा है चाहे जैसे भी साध लेना ! शादी के छै माह के अंदर ही नवविवाहित दंपत्ति पुश्तैनी मकान छोड़कर किराए के मकान में शिफ्ट हो गये, क्योंकि नवविवाहिता को संयुक्त परिवार में घुटन हो रही थी !

यूं तो कहते हैं कि जोड़ियां स्वर्ग में बनती हैं पर यहां जोड़ी धरती पर ही बनाई गई थी ! लड़के के अति-श्यामवर्णी सींकिया हुस्न के मुकाबिल लड़की गौरवर्ण भारी बदन की मलिका थी ! लड़की को देखते वक्त महसूस होता कि जैसे मैदे की, बेतरतीब बोरी जैसी कोई आकृति, आंखें छोटी छोटी और चश्में की मोहताज़, नाक बेढब, ओंठ मोटे, गाल चेहरे की परिधि से बाहर लटके हुए और जिस्म यकीनन 38 -42 -38 के अनुपात में रहा होगा ! जो भी देखता, सोचता कमाल की जोड़ी है, मोटापे को बेंत का सहारा ! शादी के बाद के कई बरस तक कोई संतान नहीं होने से चिंतित, घर वाले इस दंपत्ति के घर पहली पुत्री के जन्म से और भी चिंतित हो उठे ! नवजात पुत्री का चेहरा, पड़ोस के मिश्रा जी से मिलने की खबर दूर दूर तक फ़ैल गई थी ! उन्होंने खुद को दिलासा दिलाया कि इतनी सी उम्र में किसी से चेहरा मिलाया जाता है कहीं ? पर...वक़्त बीतने के साथ ही उनका भरोसा धूल में मिल चुका था ! बड़ी होती पुत्री के नैन नक्श हू-ब-हू मिश्रा जी पर ही गये थे !

कुछ अरसे बाद इस दंपत्ति के घर एक पुत्र का जन्म हुआ...पर उसे भी, किसी दूसरे ठाकुर पड़ोसी की संतान बताया गया ! यानि कि दुनिया में पति की मौजूदगी के बावजूद पत्नि के दो अन्य पुरुषों से विवाहेत्तर संबंधों का बाजार गर्म था और पति, शायद उससे कोई भी, इस बात को कहने की हिम्मत नहीं जुटा रहा था कि तुम्हारी पत्नि तुमसे प्रेम नहीं करती ! आम तौर पर अफवाहों को चरित्र हनन की कवायद मानकर टाल जाना हमारी फितरत में है ! इसलिए जब भी सुनते, बकवास समझ कर चुप साध लेते ! आगे चलकर पाठक, शर्मा और गढ़वाली जी का नाम भी उस महिला से जोड़ा गया ! लेकिन हम थे कि हमें ‘उस’ पति से ‘उसकी’ पत्नि की बेवफाई की कोई वज़ह और बेवफाई के सबूत ही नज़र नहीं आते थे ! हमें लगता कि पड़ोसियों की निजी खुन्नस के तहत उस बेचारे परिवार का चरित्र हनन किया जा रहा है !

लेकिन एक गहराती शाम, शर्मा जी के टहलने के अंदाज से हमें...राज़फाश होने का सुअवसर नज़र आया, शर्मा जी दम्पत्ति के घर के सामने छोटी सी लम्बाई में लगातार टहलते हुये अपने चारों ओर कुछ इस अंदाज़ में देख रहे थे कि उन्हें कोई देख तो नहीं रहा है और फिर अचानक वे उस घर में घुस गये ! इसके बाद सड़क पर टहलने की बारी हमारी थी ! हमें पता था कि उस घर में बच्चे और बच्चों के घोषित पिता की अनुपस्थिति के चलते शर्मा जी के हौसले बुलंद हुए हैं ! कुछ मिनट पहले सड़क पर टहलते हुए शर्मा जी ने सोचा भी नहीं होगा कि आम सड़क ‘दूसरों’ के टहलने का ज़रिया भी होती है ! उस घर से बाहर आने वाले एकमात्र दरवाजे के सामने वाली सड़क पर टहलते हुए हम, जानते थे कि आज सारी अफवाहें दम तोड़ देंगी ! दरवाजों और खिड़कियों के पल्ले ज़रा से खुलते गोया वे पक्का करना चाहते हों कि ये कमबख्त कितना और टहलेगा ! हमने तय कर लिया था कि थकान के चलते रात कितनी भी गहरी नींद आये! आज तो शर्मा जी की नज़र उतार ही ली जाये !

जैसा सोचा था, वैसा ही हुआ, शर्मा जी झेंपते हुई बाहर निकले ! हमने पूछा अरे...शर्मा जी आप यहां कैसे ? अमुक साहब तो घर में हैं नहीं ! वे हड़बड़ाये...हां...नहीं...वो ज़रा भाभी जी की तबियत खराब थी ! सोचा देख लूं ! फिर तो आपको श्रीमती शर्मा को भी लेकर आना चाहिये था ! क्या पता बीमार को कैसी मदद की ज़रूरत पड़ जाये ? चलिये आपने देखा है तो मैं भी बीमार का हाल चाल पूछ लूं ! वे गिड़गिड़ाने लगे ! बात उनकी इज्जत पर बन आई थी ! उन्होंने स्वीकार कर लिया कि उनसे भारी भूल हुई है ! वो बार बार कहते किसी से कहियेगा मत, दो परिवार बर्बाद हो जायेंगे ! शर्मा जी की कथित भाभी जी उर्फ प्रेमिका दरवाजे की ओट में स्वास्थ्य लाभ ले रहीं थी ! हमने उनसे कहा भाभी जी हम आपसे कल सुबह बात करेंगे ! फिलहाल हम शर्मा जी के घर जा रहे हैं ! बहुत दिनों से शर्मा भाभी के हाथों की चाय नहीं पी है...

हमें पता था कि आज शर्मा जी की प्रेम कहानी हमेशा के लिए समाप्त हुई ! हमारी नज़र में वे बालिग थे और उनकी प्रेमिका भी, सो इन संबंधों में अगर कुछ गलत था, तो वो था, उनका विवाहेत्तर होना और अपने जीवनसाथी से छल करना ! श्रीमती शर्मा के हाथों की चाय केवल बहाना थी ! अगली सुबह शर्मा जी की सांयकालीन भूतपूर्व प्रेमिका हमारे अपने घर में मौजूद थी ! वो नहीं चाहती थी कि हम उसके परिजनों की मौजूदगी में उसके घर...! उसने अपनी सारी प्रेम कहानियों को स्वीकार कर लिया और आश्वस्त होना चाहा कि हम उसके परिजनों से...! ये उसका अपना जीवन था ! उसे इतने सारे प्रेम क्यों करना पड़े...औचित्य भी वो ही जानती होगी ! हमने कहा जाओ ! हमसे निर्भय रहो ! वो आश्वस्त हुई और चली गई ! अभी उसके प्रेमिल जीवन में ‘दयाल दास’ का पदार्पण शेष था...



( उसके प्रेम को लेकर फिलहाल हमें कोई कन्फ्यूजन नहीं )

बुधवार, 9 मई 2012

क़फ़स उदास है यारो सबा से कुछ तो कहो...!

सुबह सुबह बिजली गुल, शाम तक मेंटीनेंस किये जाने की खबर है, आज दोपहर बमुश्किल गुज़रेगी ! एक उम्मीद कि दोपहर तक आसमान पे बादल छा जायें ! यहां होता अक्सर यही है कि तपिश की शिद्दत बादलों को तकरीबन हर रोज बुला लेती है ! शायद आज भी ऐसा ही हो याकि नहीं भी ? आखिर तपिश और बादलों को मेरी सहूलियत से अपने रिश्ते थोड़े ही निबाहने हैं ! ...और बिजली ? वो तो पहले ही किसी और के इशारों की गुलाम है ! बस...एक मैं हूं जो अपनी सुन लेता हूं वर्ना...

तब 1993 की मार्च में ऐसा ही कोई तपता हुआ दिन रहा होगा जबकि मैं उस शहर जा पहुंचा था ! बिजली वहां भी नहीं थी और दिन की हरारत यकीनन चालीस डिग्री के पार रही होगी ! बस स्टेंड में कोई खास चहल पहल नहीं थी ! पास ही के दरख्त के नीचे एक लाटरी वाला अपने गल्ले पर खामोश बैठ कर भी बैटरी के सहारे लगातार बज रहा था! कल खुलेगी...कल खुलेगी...कल खुलेगी ! उसने मुझे हसरत भरी निगाहों से देखा पर समझ गया कि ग्राहक नहीं हो सकता ! मैंने कहा ‘फलां’ से मिलना है उसने कहा पास ही स्कूल है, उनके बारे में वहां पूछ लीजिए ! मेरी शक्ल में उसे ग्राहक नहीं मिला पर उसका टेप बजता रहा ! उसे आगे भी उम्मीद रही होगी किसी और ग्राहक की ! मैं चल पड़ा! 

स्कूल के बीचो बीच मैदान में आम के घने दरख्तों के नीचे कई टीचर्स कुर्सियां डाले वक़्त गुज़ार रहे थे ! मैं हैरान था, जो, उनमें से ज्यादातर मेरे पुराने विद्यार्थी निकले ! मेरे सामने उनके दमकते चेहरे, मेरी कमाई / मेरा हासिल, मैं खुश था ! बातें हुईं , मैंने कहा कल तक रुकूंगा ! उन्होंने कहा हमारे साथ रुकिए, हम ‘फलां’ के यहां, आपको ले जायेंगे और फिर वापस भी ले आयेंगे ! मैंने कहा नहीं, मेरा प्रोग्राम तय है, मुझे वहीं रुकना होगा ! खैर...लंबी मान मनौव्वल के बावजूद मेरा प्रोग्राम जैसा था वैसा ही रखना तय पाया गया, बशर्ते कि मैं सबके यहां जाकर थोड़ा थोड़ा वक़्त गुज़ारूंगा, शिष्य वधुओं से मिलूंगा ! तभी सामने वो भी नमूदार हुआ ! मैंने कहा अरे तपन तुम ? वो मुझे देख कर सकपकाया ! थोड़ा असहज लग रहा था ! उसने बताया कि वह इसी स्कूल में बाबू है ! मैंने दूसरों के मुंह देखे ! अब वे सब भी असहज लग रहे थे !

तपन भी मेरा पुराना विद्यार्थी था पर मेरे सामने उसकी असहजता और उसे देखकर दूसरे शिष्यों की असहजता मुझे अटपटी लगी ! सोचा कारण बाद में पता कर लूंगा ! दूसरे शिष्यों की तुलना में तपन ने मुझसे एक बार भी नहीं कहा कि मेरे घर चलिए ! कहीं कुछ  गड़बड़ ज़रूर थी ! मैंने कहा तुम सब लोग शाम को मेरे पड़ाव में आना मुझे तुम लोगों से और भी बातें करना है ! सबने सहमति में सिर हिलाया पर तपन खामोश रहा ! उसके चेहरे में एक अजीब सी चिंता झलक रही थी ! मैं अपने गंतव्य स्थल तक जा पहुंचा और 'मित्र' से घर की बातों के साथ ही साथ कामकाज निपटाने का सिलसिला शुरू हो गया ! तपन फिलहाल ध्यान से उतर गया था !

शाम सारे शिष्य मुझसे मिलने आये पर उनमें तपन नहीं था ! मैंने दोपहर की असहजता का कारण पूछा ! सब मौन रहे ! वे चाहते थे मैं बारी बारी से सबके घर चलूं ! मैंने उनका आग्रह मान लिया ! कल मुझे भी अपने घर वापस होना था ! शिष्यों से स्वजनता का निर्वाह करते रात देर हो चुकी थी ! पड़ाव पर लौटा तो मित्र ने कहा तपन आया था ! कल सुबह फिर से आएगा ! मैंने कहा अगर तपन के बारे में आपको कुछ पता है तो आप मुझे बताइए ! उन्होंने कहा सुबह तपन से मिल लीजिए ! अगर वो खुद कुछ नहीं कहेगा तो मैं आपको सब बता दूंगा पर उसके जाने के बाद ! अब मुझे सुबह का इंतज़ार था ! 

सुबह तपन आया ! वो उदास था, मैने कहा स्वास्थ्य ठीक है ? उसने कहा हां ! मैंने कहा कोई समस्या है ? उसने कहा नहीं पर उसके बोलने में झिझक थी ! मैंने जोर नहीं दिया ! थोड़ी देर बाद वो चला गया ! अब इसके आगे मेरे मित्र की बारी थी ! उन्होंने कहा, तपन जब अपने घर से नौकरी करने निकला तो वह संयुक्त किसान परिवार का एकमात्र शिक्षित और सरकारी नौकरी प्राप्त सदस्य था ! घर के तमाम लोगों को उससे अपेक्षायें थीं कि वह शेष परिवार के लिये भी कुछ करेगा ! नौकरी ज्वाइन करने के बाद उसने ऐसा किया भी ! वह अपने बड़े भाई की पुत्री को अपने साथ ले आया और उसी स्कूल में दाखिल करा दिया जहां वह खुद नौकरी कर रहा है ! चाचा के साथ रहकर भतीजी ने दसवीं की परीक्षा भी पास कर ली ! समय गुजरता रहा और एक दिन तपन के घर वालों ने तपन की शादी का इरादा कर लिया जिसपर तपन भी उनसे सहमत हो गया ! 

शादी की बात पर तपन की सहमति की खबर के साथ ही आकाश फट पड़ा ! उसकी भतीजी सीधे थाने पहुंची  और उसने तपन के ऊपर खुद के जीवन से खिलवाड़ करने का आरोप लगा दिया ! उसका कहना था कि पिछले दो सालों से उसके और तपन के दरम्यान पति पत्नि जैसे सम्बंध हैं और अब तपन किसी और से शादी करके उसे  धोखा देना चाहता हैं ! थाने की मध्यस्थता में लड़की ने अपनी रिपोर्ट तब वापस ली जब तपन, अपनी गलती मानते हुए,उससे शादी करने के लिए तैयार हो गया ! उनकी शादी और इस हंगामे के बाद तपन के बंधु बांधव और लड़की के माता पिता इस जोड़े से सम्बंध तोड़ चुके हैं ! वे यहां नहीं आते तथा तपन और उसकी ब्याहता गांव नहीं जा सकते !

मैं, संबंधों, रीति रिवाजों और सेक्स को लेकर चिंतन करने स्थिति में नहीं था ! मैं घटनाक्रम पर हतप्रभ था और मुझे घर भी वापस आना था ! बस स्टेंड जस का तस था और लाटरी वाला भी ! आज वो मुझे देख कर मुस्कराया और उसने मुझसे पूछा आपका काम हो गया ? मैंने कहा हां, उसने फिर पूछा, घर वापस जा रहे हैं ? मैंने कहा हां ! मैं अनमना था और लाटरी वाला हस्बे-मामूल अपने धंधे पर, उसका रिकार्ड आज भी एक ही रट लगाये हुए था...कल खुलेगी...कल खुलेगी...कल खुलेगी...और फिर...मैं घर वापस आ गया !




शुक्रवार, 4 मई 2012

कभी यहां तुम्हें ढूंढा...कभी वहां देखा...!

रागवृंत पाण्डेय, जितना सुन्दर नाम उतने ही सुन्दर वे स्वयं भी ! गौर वर्ण, लंबा कद, सारी देह रेखायें एक दम अनुपात में ! सुसंस्कृत, साहित्यिक उत्तर भारतीय परिवार में जन्म और सर्वसुविधायुक्त पालन पोषण दशाओं में शैशव से युवापन तक की सुगम यात्रा ! अभियांत्रिकी स्नातक होते ही व्यवसाय प्रबंधन में स्नातकोत्तर उपाधि अर्जित करने का सुअवसर भी परिजन प्रदत्त...अंततः किसी मल्टीनेशनल कम्पनी में एक शानदार पैकेज लेकर रागवृंत महोदय जीवन की अगली पारी खेलने के लिए तैयार ! उनके परिजन, कुलीन, सजातीय, समृद्ध परिवारों की सुकन्याओं के अनगिन छाया चित्रों और गृह नक्षत्रों में उनका भविष्य खोजने लगे ! इस कवायद में लगभग दो वर्ष यूंहीं गुज़रे, किन्तु रागवृंत के परिजन किसी समुचित निर्णय तक नहीं पहुँच सके...और एक दिन वे असीम दुःख से भर उट्ठे,जबकि उन्हें, रागवृंत के किसी अनन्य मित्र से, यह खबर मिली कि रागवृंत, डेढ़ वर्ष पहले ही अपनी बाल सखि,  रति से प्रेम विवाह कर चुके  हैं !

रति दक्षिण भारतीय नायर परिवार में जन्मी और सुसंस्कारित हुईं, जबकि उनके पिता एक सरकारी अस्पताल में एक साधारण से लिपिक बतौर काम कर, अपना परिवार चला रहे थे ! उन्हें सरकारी कर्मचारियों के मेडिकल बिल्स के सिलसिले में छुपी हुई सहायता करने की एवज, थोड़ी बहुत अतिरिक्त आमदनी भी थी अतः उन्हें, रति को अच्छी शिक्षा देने में कोई कठिनाई नहीं हुई ! रति स्कूल की पहली सीढ़ी से ही रागवृंत के साथ, पढ़ रही थीं ! उनके मध्य प्रेम की सीमा तक अनुराग है यह जानकारी उनके अंतरंग मित्रों के अतिरिक्त किसी भी परिजन को नहीं हुई जब तक कि उन्होंने प्रेम विवाह नहीं कर लिया ! जिन दिनों रागवृंत अभियांत्रिकी के छात्र थे उन दिनों रति व्यवसाय प्रबंधन में स्नातक पाठ्यक्रम की छात्र थीं और फिर दोनों ने व्यवसाय प्रबंधन में एक साथ स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की ! ...एक ही शहर में नौकरी भी !

स्कूल की पहली क्लास से लेकर अब तक, वे जितना समय, एक साथ गुज़ार चुके थे, वह एक दूसरे को निकट से पहचानने, परस्पर अनुरक्त हो जाने...और प्रेम के गहरा जाने के लिए संभवतः पर्याप्त ही रहा होगा, इसलिए उन दोनों ने जीवन एक साथ गुज़ारने का निर्णय लिया और अपने परिजनों को खबर किये बिना, कोर्ट मैरिज कर ली ! परिजनों को अपने विवाह की खबर नहीं करने का एक कारण उन दोनों की सामाजिक पारिवारिक पृष्ठभूमि के अंतर और परिजनों के संभावित विरोध की आशंका रही होगी...और वास्तव में ऐसा हुआ भी ! परिजनों ने खबर पाकर स्तब्ध रह जाने के महीनों बाद इस सम्बन्ध पर सप्तपदी के धार्मिक अनुष्ठान के लिए अपनी सम्मति दी ! वैसे भी परिजनों के पास मात्र दो ही विकल्प शेष थे, एक ये कि नवदंपत्ति को अपने जीवन से खुरच फेंका, और हमेशा के लिए भूल जाया जाये या फिर होनी को बड़प्पन दिखा कर स्वीकार कर लिया जाये ! उन्होंने सामान्यतः चुना जाने वाला दूसरा विकल्प चुना !

रागवृंत पाण्डेय की कथा के समानांतर अनंग सिंह, बिहार मूल के एक साधारण से क्षत्रिय परिवार में जन्मा युवा, उसके पिता सरकारी पोस्ट आफिस में तृतीय श्रेणी कर्मचारी थे, अपनी छोटी सी तनख्वाह से अपने बच्चों के पालन पोषण की विवशता में उन्होंने अनंग और उसके दूसरे भाइयों को सरकारी स्कूलों में भर्ती करा दिया और उनका भविष्य नियति के हाथ में छोड़ दिया ! घरेलू कठिनाइयों और भीषण जीवन दशाओं के साथ बिहार प्रदेश की दुर्लभ जीवटता के महामेल ने अनंग को अलग ही सांचे में ढ़ाल दिया ! उसे स्कूल से लेकर कालेज तक के विद्यार्थी जीवन में मारपीट उठापटक और नेतागिरी से ही फुर्सत नहीं थी ! जैसे तैसे आर्ट्स ग्रेजुएट हो सका ! जब अनंग बी.ए. में पढ़ रहा था तो मनीषा बी.एससी. की छात्रा थी ! जहां अनंग एक ही क्लास में नींव मजबूत कर करके आगे बढ़ता रहा वहीं मनीषा हर साल अच्छे नम्बरों से पास होती रही ! बहरहाल, कालेज तक पहुंचते पहुंचते यह पता चल गया कि अनंग उम्र में मनीषा से पांच साल बड़ा है! मनीषा, ओडिशा प्रदेश के संपन्न, ब्राह्मण परिवार की गौर वर्ण, सुंदर / सुमुखी कन्या जबकि अनंग, श्यामल वर्ण, साधारण कद काठी और सामान्य शक्ल-ओ-सूरत का एक उत्पाती युवा !

मनीषा को अनंग में कोई रूचि ना थी...पर अनंग , कालेज के चुनाव और छात्रहित के दूसरे बहानों को लेकर मनीषा से लगातार मिलता रहता ! वह मनीषा से एकतरफा प्रेम करने लगा था और उसे किसी भी तरह से हासिल करना चाहता था, हालांकि उसे अच्छी तरह से पता था कि उसे लेकर मनीषा के मन में इस तरह की कोई भावना नहीं है ! वह हर दिन किसी ना किसी बहाने, मनीषा से ज़रूर मिलता ! मनीषा से बातचीत करते समय वह अत्यन्त शिष्ट युवा की तरह से व्यवहार करने की कोशिश करता और उसके मित्रवत विश्वास को अर्जित करने चेष्टा भी ! इधर मनीषा जानती थी कि उसके सामने अनंग का व्यवहार बदल जाता है जबकि वह वास्तव में एक उद्दंड युवा है ! अपने प्रति अनंग के शिष्ट व्यवहार और मित्र मंडली की सतत उपस्थित के चलते मनीषा को कभी ऐसी आशंका ही नहीं हुई कि...

एक दिन अनंग ने मनीषा को फ्रूट जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और...होश में आने तक मनीषा लुट चुकी थी पर अनंग उसे ब्लेकमेल करने या बदनाम करने की धमकी देने के स्थान पर उससे बहुत प्रेम करने और केवल उसी से विवाह करने की रट लगा बैठा ! वह कहता रहा, तुम्हे पाने के लिए मैंने जो किया, वह गलत है...पर मैं जानता था कि तुम मुझसे प्रेम नहीं करतीं और मुझे स्वीकार भी नहीं करतीं ! इसलिए तुमसे विवाह करने और तुम्हे पाने का यही एकमात्र रास्ता मुझे सूझा ! मुझे क्षमा कर दो और मुझसे विवाह कर लो ! मनीषा के सामने भी दो ही विकल्प थे, एक तो ये कि पुलिस तक जाये और दूसरा ये कि अनंग की प्रणय याचना को स्वीकार कर उसकी धोखेबाजी, उसके अपराध को क्षमा कर दे ! लंबी कशमकश के बाद उसने कानूनी प्रतिरोध और बदनामी के रास्ते के बजाये क्षमा के विकल्प को चुना ! संभवतः इस विकल्प को चुनने में उसकी रजामंदी के बजाये, मजबूरी कहीं ज्यादा थी !

और फिर एक दिन सारी बस्ती हैरान थी कि मनीषा ने अनंग जैसे युवा के साथ भागकर प्रेम विवाह कैसे कर लिया ? इस प्रकरण में भी, नवविवाहित जोड़े के परिजन, स्तब्ध थे पर उनके पास भी कोई तीसरा विकल्प नहीं था ! सो पहले को छोड़ उन्होंने दूसरा विकल्प स्वीकार किया और मनीषा, अनंग के साथ अग्नि के फेरे लेकर सामाजिक तौर पर उसकी पत्नि हो गयीं ! मनीषा और अनंग का ब्याह एक छल की नींव पर खड़ा था! इसे एक पक्षीय प्रेम की गाथा कहा जाये, जिसमें कि नायक नायिका के साथ एक अपराध करके, नायिका को हासिल करता है ! इस गाथा में नायिका को नायक से प्रेम नहीं था ! उसने नायक को मजबूरी में स्वीकार किया था ! लेकिन विवाह के बाद, चारित्रिक रूप से बदल चुके और फिलहाल ठेकेदारी करके आजीविका कमा रहे अपने पति के समर्पण से वह बेहद खुश है !

रागवृंत पाण्डेय और रति के लंबे सुदीर्घावधि सुखद मित्रवत साहचर्य की परिणति विवाह में हुई ! उनके एक पुत्री है किन्तु वैवाहिक जीवन के तीसरे वर्ष वे एक दूसरे से कानूनन तलाक ले चुके हैं, जबकि अनंग और मनीषा के अल्पावधि साहचर्य के बाद छल से हुए विवाह की परिणति एक सुखद पारिवारिक वैवाहिक जीवन है ! जहां रागवृंत-रति के संबंधों की निर्दोष शुरुवात का अंत तुरंत हो गया, वहीं अनंग के आपराधिक कृत्य का पश्चाताप, अनंग -मनीषा के संबंधों की प्रगाढ़ता में वृद्धि कर रहा है ! एक ओर रागवृंत और अनंग के प्रकरण अंतरजातीय / अंतरसामाजिक / अंतरभाषाई / अंतरसांस्कृतिक तरह के विवाह का उद्धरण साम्य रखते हैं ! वहीं दूसरी ओर उनके संबंधों में छल और निश्छलता की शुरुवात का अंतर भी है ! रागवृंत और रति  दैहिक / बौद्धिक सौंदर्य साम्य तथा मित्रवत साहचर्य के बावजूद एक दूसरे से पृथक हो गये हैं जबकि अनंग और मनीषा दैहिक / बौद्धिक सौंदर्य असाम्य और मित्रवत असाहचर्य के बावजूद अब भी एक दूसरे के साथ हैं !

यहां रागवृंत और रति अब साथ नहीं हैं...वहां अनंग और मनीषा का साथ प्रगाढ़तम होता जा रहा है ! सो प्रेम को लेकर मैं आज भी कन्फ्यूज्ड हूं ! कहना चाहता हूं ! ओह ... प्रेम ! कभी यहां तुम्हें ढूंढा ? कभी वहां देखा ! तुमने अपने कहीं भी होने या नहीं होने को लेकर मुझे परेशान कर रखा है !

सोमवार, 2 अप्रैल 2012

जो दवा के नाम पे ज़हर दे उसी चारागर की तलाश है...ये इश्क इश्क है !

शायद 1990 की बहार का मौसम था जबकि वे एक दूसरे के प्रति अनुरक्त हुए होंगे और फिर शादी के पवित्र बंधन में बंधना उनकी मजबूरी बन गया ! फिलहाल उनके दो बच्चे हैं , बड़ी लड़की सुजाता , उम्र यही कोई 24 बरस ! सुजाता का जन्म उनके प्रेम की शुरुवात से दो साल पहले का है इसलिए यह माना जाता है कि उसके वास्तविक पिता मदनमोहन वल्द श्याम शरण है , जबकि छोटा बेटा अनिकेत उनकी शादी के बाद पैदा हुआ सो उन दोनों के प्रेम का प्रतीक माना जाये  ! अनिकेत की उम्र लगभग 18 बरस है और उसे अपनी बड़ी बहन सुजाता से बेहद उन्सियत है ! मुख़्तसर ये कि भाई बहिन के दरम्यान सौतेलेपन की कोई खलिश नहीं ! 

मदनमोहन और ललिता की शादी पारंपरिक रीति रिवाज़ के साथ 1986 में हुई थी और उन दोनों की पुत्री बतौर सुजाता का जन्म 1988 में हुआ ! इसे इत्तेफाक ही कहा जायेगा कि नीलोत्पल , मदनमोहन के गांव का रहने वाला था और मदनमोहन को अपने बड़े भाई जैसा मानता था ! सुजाता के जन्म के समय ही नीलोत्पल के परिजनों ने नीलोत्पल की शादी स्वजातीय परिवार की लावण्या से कर दी , हालांकि अगले दो बरस तक वे दोनों किसी संतान को जन्म नहीं दे सके ! सन 1990 के जनवरी माह में अपनी नौकरी में होने वाले विभागीय प्रशिक्षण के सिलसिले में नीलोत्पल को उस शहर जाना पड़ा जहां मदनमोहन पहले से ही नौकरी कर रहा था ! पुराने संबंधों के चलते नीलोत्पल को मदनमोहन के घर पनाह मिली और बहारों के मौसम के खत्म होने से पहले नीलोत्पल और ललिता में प्रणय संबंधों का सूत्रपात हो गया !

मदनमोहन ने इन संबंधों की आंच महसूस करते ही ललिता को तलाक देने का मन बना लिया और इस बारे में नीलोत्पल और ललिता को भी आगाह कर दिया ! नीलोत्पल की बेवफाई से बौखलाई उसकी वास्तविक पत्नी लावण्या ने स्वजातीय पंचायत के सामने नीलोत्पल की अच्छी खैर खबर ली पर...नीलोत्पल ललिता से अपने संबंधों को लेकर अडिग बना रहा ! स्कूल शिक्षिका होने के नाते लावण्या आर्थिक रूप से आत्म निर्भर थी अतः उसने यह मान लिया कि नीलोत्पल को अपनी जिंदगी से खुरच देना ही बेहतर होगा ! लावण्या के इस फैसले से गोया नीलोत्पल की लाटरी खुल गई और उसने ललिता से विधिवत विवाह कर लिया जिसके उपरान्त अनिकेत का जन्म हुआ ! नीलोत्पल और ललिता के विवाह के समय सुजाता की उम्र इतनी कम थी कि उसे घटना की सहजता और असहजता का भेद ही समझ में नहीं आया ! वैसे भी नीलोत्पल उसके ही घर में रहने की परिस्थितियों के चलते उसका जाना पहचाना चेहरा था और आहिस्ता अहिस्ता उसने नीलोत्पल को अपना पिता स्वीकार कर लिया , जबकि मदनमोहन उसके लिए अंकल की हैसियत से चीन्हे जाने का हक़दार हुआ !  

ललिता से नीलोत्पल की शादी के बाद अनिकेत का जन्म लावण्या और नीलोत्पल के संबंधों के ताबूत में आख़िरी कील साबित हुआ ! नीलोत्पल से विरक्त लावण्या अपने ही स्कूल के प्रधान पाठक संजय त्रिवेदी से दिल लगा बैठी , उसे उम्मीद थी कि संजय एक ना एक दिन उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कर लेगा पर संजय विवाहेत्तर सम्बन्धों से आगे बढ़कर लावण्या को अपनी पत्नी की हैसियत देने तैयार नहीं हुआ ! उसे अपनी पत्नी और बच्चों के आगे अपनी औकात पर पर्दा डाले रहने की मजबूरी और लावण्या का भावनात्मक दैहिक शोषण करने की हबस थी ! लंबे इंतज़ार ... नाउम्मीदी और संबंधों में बुरी तरह मात खाई लावण्या को आखिरकार चित्रकोट के खूबसूरत झरने ने हमेशा हमेशा के लिए अपनी पनाह में ले लिया ! 

इधर नीलोत्पल और ललिता की गृहस्थी की गाड़ी सरपट दौड़े जा रही थी ! उन्हें लावण्या की मौत से कोई फर्क नहीं पड़ना था सो नहीं पड़ा पर ... एक दिन मदनमोहन का ट्रांसफर भी उसी शहर में हो गया जहां कि वो दोनों अपनी जिंदगी बेधड़क गुज़ार रहे थे ! मदनमोहन अब उनके ही साथ , उनके ही घर में रहता है और उसकी घोषित भतीजी सुजाता , यह समझने लगी है कि मदनमोहन उसका कौन है ? एक छत के नीचे रिश्तों की इस रेलमपेल में किसी को किसी से कोई शिकायत नहीं ...ये इश्क इश्क...है इश्क  !

शनिवार, 31 मार्च 2012

तुम जो आये ज़िन्दगी में मौत बन गई ... ओह प्रेम !

पिछले तीन दशक से आदिम जीवन शैली के बीच जिंदगी गुज़ारते हुए  , ये ख्याल रहा कि वे प्रेम को लेकर बेहद सहज हैं ! देश की मुख्यधारा होने , अधुनातन और विकसित समाज होने की हमारी अपनी अहमन्यता युक्त धारणा में वास्तविक रूप निहित / मौजूद / व्याप्त कुंठाओं और विसंगतियों की अनदेखी किये जाने की हमारी शुतुरमुर्गीय प्रवृत्तियों से अलग उनकी सामाजिक दिनचर्या और व्यक्तिगत संबंधों की सरलता का मैं हमेशा से कद्रदान रहा हूं  !  मुझे सदैव ही यह आभासित हुआ कि उनका सामाजिक ताना बाना हमारी अपेक्षा कहीं अधिक स्वस्थ और तनाव मुक्त है फिर भले ही हम उन्हें आदिम या पिछड़े हुए समाज की संज्ञा से नवाजते हों / नवाजते रहें  ! स्त्री पुरुष संबंधों में सहज / मुक्त हृदय परिवर्तनशीलता और गतिशीलता के स्वीकार , उन्हें हमारे समाज की जड़वत धारणाओं और कीचड़युक्त हो चुके कथित स्थायी संबंधों को ढोते रहने की बाध्यताओं / परम्पराओं के बर-अक्स कहीं ज्यादा बेहतर समाज की श्रेणी में स्थापित करते हैं  ! कह नहीं सकता कि स्वयं मेरे अपने समाज के विद्वतजन मेरे अनुभव जन्य इन निष्कर्षों से सहमत होंगे भी कि नहीं पर बतौर सामाजिक अध्येता अपने ही अवलोकन / पर्यवेक्षण उदभूत यथार्थों को ठुकराना कम से कम मेरे लिए अनुचित ही माना जाएगा !

बांगला देश से विस्थापित हुए परिवारों की सैकड़ों बस्तियां इन आदिम ठिकानों पर बसाने की शासकीय समझ और फैसले के अपने मानदंड रहे होंगे और फिर नौकरी या व्यवसाय के सिलसिले में आप्रवासी होकर आये मेरे जैसे हजारों परिवारों का आगमन ! भिन्न समाजों के स्थायी दीर्घकालिक संपर्क के परिणामों के प्रति मेरी अपनी आशंकायें तो थीं ही पर मुझे यह ज़रा भी अंदेशा नहीं था कि प्रेम को लेकर आदिम समाज पर हमारी अपनी समस्यायें इतनी जल्दी रंग दिखाने लग जायेंगी !  आदिम समाज के सामने हमने सदैव खुद को ,  उनकी तुलना में , आदर्श / सभ्य और विकसित समाज की तरह से प्रस्तुत किया है  ! लगभग ज़िल्ले -इलाही की तरह से पेश आये हैं  ! उनके प्राकृतिक संसाधनों पे कब्जे के होड़  / दौड़ में जैसे ही हम उनसे आगे निकले , कि अपनी सामाजिक रीतियों नीतियों को भी उनकी सामाजिक रीतियों और नीतियों पर विजयी घोषित कर डाला  !  सरल समाजों पर जटिल समाजों के दुर्दांत वर्चस्व आरोपण का इससे बड़ा कोई दृष्टान्त शायद ही मिले !

इससे पहले के दो आलेखों में कबीलाई प्रेम पर हमारे समाज के दुष्प्रभावों का संकेत मैं पहले ही दे चुका हूं ! वो  तनाव / वो सोच / वो चिंतन प्रणालियाँ जिन्हें हम अपने प्रेम संबंधों को बाधित करने वाले आवरणों सा ओढते बिछाते आये हैं  , अब आदिम जातीय प्रेम संबंधों पर भी नमूदार होने लगे हैं जबकि उनका अपना समाज इस मामले में बेहद सहज लोक धारणाओं से अनुप्राणित होता आया है ! मेरी अपनी हैरानगी का कारण यह है कि सामाजिक बदलाव को शताब्दियों लंबे समय की दरकार होती है जबकि मेरी अपनी कर्मभूमि में यह लक्षण मात्र पचास साठ वर्षों में ही दिखाई देने लगे हैं ! मुईन अपने ही कबीले की ज़रीना से मोहब्बत कर बैठा ! मुईन जिस कार्यालय में चपरासी बतौर काम करता था उसके अधीन के ही एक इंटरमीडियेट  स्कूल में ज़रीना बारहवी जमात की छात्रा थी ! लड़कियों के लिए बनाये गये हास्टल के बजाये वह मुईन और उसकी भतीजी के साथ उसके ही घर में रहती थी ! एक ही गांव और एक ही कबीले से वास्ता होने के कारण विवाह से पहले इस तरह से साथ रहना और प्रेम करना अस्वाभाविक भी नहीं था पर ...

मुईन और ज़रीना की प्रेम कहानी में भावी जिंदगी को संवारने के तौर तरीकों की चर्चाएं भी शामिल थीं ! वो दोनों अक्सर ये बात करते कि 'आगे क्या'  ?  बहस-ओ-मुबाहिसे में वो अपने पड़ोसियों के उद्धरण देते ! उनकी जीवन शैली जैसे घर की कल्पना करते ! उनकी कल्पनायें उनकी आर्थिक चादर से कहीं ज्यादा विशाल हो चलीं थीं...पर प्रेम के अन्धों को हरे और केवल हरे के सिवा सूझना भी क्या था ? चपरासी की नौकरी और मुख्तसर सी तनख्वाह वाले मुईन और बेरोजगार शिक्षार्थी ज़रीना के प्रेम की डगर में बाहरी समाज के चमकीले दमकीले ख्वाब आ ठहरे थे !  हकीकत और ख्वाब के फासले मिटाए जाना मुमकिन नहीं रहा होगा तभी तो ज़रीना ने खुदकुशी कर ली और उसके एक घंटे के अंदर मुईन ने भी...प्रेम कथाओं में गाये जाने वाले एक बेहद खूबसूरत गीत के मुखड़े में , मैं अपनी तईं एक संशोधन देख रहा हूं ...तुम जो आये जिंदगी में मौत बन गई नियति मेरी ...ओह प्रेम !


इस आदिम धरती पर गाज़र घास से पसर गये हैं हम ! तारकोल की इस सड़क सी हमारी घुसपैठ उनकी जिंदगी में ! हरियल वादियों के दरख्त अब तिनकों की शक्ल अख्तियार कर चले हैं  ! दूर एक पहाड़ी की छाती को अपने पैने नाखूनों से चटियल कर डाला है  हमने...और हम...उनके आकाश पर गहन अवसाद युक्त बादल से छा गये हैं  !

रविवार, 25 मार्च 2012

रांझणा वे सोणिया वे माहिया वे ...


पिछले कई दिन अपनी सरकारी नौकरी पर स्यापा करते गुज़रे  !  घर से बाहर...स्वजनों से अलग  !  जहां गये ,वहां  इंटरनेट कनेक्शन तो था पर अपनी महारत के फॉण्ट मयस्सर ना थे...फिर हुआ ये कि मित्रों के ब्लॉग पढ़े तो सही पर रोमन लिपि में टिप्पणी करने का हौसला नहीं जुटा सके  !  इधर हम अपनी शरीक-ए-हयात से दूर हुए...उधर डाक्टर अरविन्द मिश्रा , श्रीमती मिश्रा के मायका गमन वर्णन में तल्लीन...हर्षित / पुलकित / कम्पित हृदय से ब्लागरों से इस अवसर का लाभ उठाने के नुस्खे पूछ रहे थे  !  बहरहाल उनके आलेख में पतियों के बहिर्गमन  वाले  हालात का कोई ज़िक्र ना था  !  इसलिए हमने भी रंजिशन एक लंबी चौड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराके चैन पाया भले ही इसके चक्कर में हमें हिन्दी फॉण्ट डाऊनलोड करने की मशक्कत भी करना पड़ी  ! 

अपने घर से बहिरागत होने से पहले  प्रेम पर जो  संस्मरणात्मक कथा लिखी थी ... मित्रों  को  उसके  आगे  के घटनाक्रम  को जानने की इच्छा थी  !  जो  बरास्ते फोन और मेल्स पता तो चली पर काम काजी हालात में उसे  तहरीरकर  पाना मुमकिन नहीं हुआ  !  अब जो घर लौटे हैं , तो ख्याल ये आया कि कहानी आगे बढ़ाई जा सकती  है  !

जैसा कि हमने लिखा और मित्रों ने भी अहसान और ज़ोया के रिश्तों में सुहेल की भूमिका को दरकिनार नहीं किये  जाने की सलाह दी थी  !  इसलिए सुहेल की पक्की खोज खबर लेने की ज़रूरत आन पड़ी !  सो प्रेम कथा में अगला ट्विस्ट ये कि सुहेल स्वयं शादीशुदा और कुलीन परिवारोत्पन्न...पालित पोषित युवा और एक सरकारी कारिन्दा है  जोकि उसी संस्थान में काम करता है , जिसमें कि ज़ोया ने पढ़ाई की है ! ज़ोया की कम उम्री और पढ़ाई  के दौरान मिले निकटता के अवसरों का लाभ सुहेल ने उठाया क्योंकि वह ज़ोया की डिग्री को प्रभावित करने की हैसियत रखता था  और देखने सुनने में उसे अहसान से कही ज्यादा बेहतर मान जाये !  शायद ज़ोया की फिसलन को इन्हीं दो बिंदुओं और अहसान की अनुपस्थिति के त्रिकोण में बांध कर देखना उचित होगा , लेकिन यह सुनिश्चित  है कि सुहेल ने अपनी  हैसियत  का  नाजायज़  फायदा  उठाया है  ! 

चिंतनीय विषय यह है कि सुहेल ना तो ज़ोया से शादी कर सकता है  और ना ही उसके बच्चे को अपनाने की इच्छा रखता है और ना ही ऐसा करना अफोर्ड कर पायेगा क्योंकि उसका अपना पारिवारिक जीवन भी है !  फिलहाल सुहेल अहसान और ज़ोया से दूर संभ्रांत नागरिक होने का ढोंग / पाखण्ड जी रहा है ! ज़ोया और अहसान ने अतीत को भुलाकर साथ रहने का फैसला किया है और अहसान ज़ोया के पक्ष में इसलिए खडा हुआ क्योंकि उसे सुहेल का छल नजर आ रहा है और वह स्वयं ज़ोया से प्रेम भी करता है ! सुहेल की हैसियत के छल को वह ज़ोया की मजबूरी...समय का खेल और दुर्भाग्य समझ कर भूल जाना चाहता है क्योंकि ज़ोया के पछतावे और उसके प्रति स्थाई कमिटमेंट और प्रेम पर उसे अब भी यकीन है ! दुआ करें कि इस दंपत्ति का भावी जीवन निष्कंटक गुज़रे ! किन्तु एक प्रश्न अभी भी जीवित है कि सुहेल अब भी वही हैसियत रखता है !  वह उसी महिला संस्थान में कार्यरत है जहां अगले बरस कोई और ज़ोया अपनी तालीम के लिए आयेगी !  ...आगे भी अनेकों ज़ोया आती रहेंगी  !  खुदा खैर करे...

आज सुबह सुबह प्रेम की एक और गाथा ने होश फाख्ता किये हुए हैं सो चलते चलते वो भी सही  !  मुख्तार और समन  पिछले तीन साल से साथ रह रहे थे  , हालंकि उनका प्रेम इससे भी कहीं ज्यादा पुराना था  !  सन 2011 की दूसरी छै  माही की शुरुवात में ही समन ने एक बिटिया को जन्म दिया  !  इसे संयोग ही कहा जायगा कि  हमारे एक ब्लागर मित्र भी उसी सरकारी अस्पताल में काम करते हैं जहां मुख्तार और समन का प्रेम फलीभूत हुआ  !  बिटिया के जन्म के लगभग तीन माह बाद भी प्रेमी युगल प्रेमासक्त बने रहे  ! अक्टूबर 2011 को एक बार फिर से वे अपना गांव छोड़ कर उसी शहर पहुंचे जहां बिटिया का जन्म हुआ था  !  लाज में प्रेमी जोड़े के दरम्यान रिश्तों को शादी में बदल देने  के मसले पर बात हुई  !  अगली सुबह मुख्तार अकेले ही नवजात कन्या को , अपने परिजनों के पास ले जाने के लिए , लेकर निकला और जाते जाते वह कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर गया  और  शाम को समन के पास वापस लौटा तो वह अकेला था  !  इस बाबत समन की पूछताछ पर मुख्तार के गोलमोल जबाबों ने समन को परेशान कर दिया जिस पर उसने पुलिस को अपने सवालों के जबाब ढूंढने की जिम्मेदारी सौंप दी ! पुलिस को घुमाते हुए मुख्तार आखिरकार टूट गया और उसने क़ुबूल किया कि बच्ची को आधा जला कर उसने अमुक स्थान पर लगभग ज़िंदा दफ्न कर दिया है  !  मामला फिलहाल पुलिस की तहकीकात में शामिल है ...पर  प्रेम ने  मुझे अब भी कन्फ्यूजन में डाल रखा है  !



विशेष टीप  : 
पात्रों के नाम बदल कर लिखी गई इस संस्मरणात्मक कथा का अंत चाहे जो भी हो पर... प्रेम , इंसान , उसके ज़ज्बात और रिश्ते बेहद कन्फ्यूज करते हैं मुझे !   



गुरुवार, 15 मार्च 2012

बांके पिया कहो हां दगाबाज़ हो ...


ये सिलसिला सन 2006 की भीषण गर्मियों के दरम्यान शुरू हुआ था ! वैसे वो दोनों एक ही गांव में जन्मे और पले बढ़े थे पर यह साल कुछ खास साबित हुआ कि , जब दोनों ने एक दूसरे को चाहने जैसे नज़रिये से देखा ! स्कूल से छुट्टियों और जिस्मानी नजदीकियों वाले इस मुबारक मौके का इंतज़ार लम्हा लम्हा जवां होते हर बंदे का ख्वाब होता है ! उन दिनों ज़ोया को बारहवीं जमात पास होने के बाद के अपने कैरियर का ख्याल था जबकि अहसान , हाहाकारी पारिवारिक दिक्कतों और ग़ुरबत से जूझते हुए अपने मेडिकल कोर्स को पूरा करने ही वाला था ! दोनों के समाजी हालात यकसां थे और क़बीलाई पृष्ठभूमि से धार्मिक होते हुए परिवारों के पालन पोषण की समानता के साथ उम्र के नाज़ुक दौर ने दोनों को प्रेमपाश में बांध डाला ... फिर तय ये हुआ कि ज़ोया उसी शहर के वोमेन्स पोलीटेक्निक से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करेगी , जहां के मेडिकल कालेज से अहसान  अपनी डिग्री , मुकम्मल करने ही वाला था !

तयशुदा प्रोग्राम के मुताबिक़ दोनों अपने अपने हास्टल्स से बाहर निकल पाने के हर मौके का इंतज़ार करते और उसका फायदा उठाते ! आने वाली जिंदगी के तमाम ख्वाब , जिस्मानी यकजिहतियों के साथ परवान चढ़ते ... बनते ... बिगड़ते और फिर से बनते रहे  !  वक़्त अपनी रफ़्तार चलता रहा  !  कहते हैं ये दुनिया तन और मन के बीमारों से अटी पड़ी है सो डाक्टरों की क़िल्लत ने गोया अहसान की लाटरी निकाल दी और वह सरकारी डाक्टर के तौर पर उसी इलाके में  तैनात हुआ ! इधर प्रेमपगी ज़ोया का जी पढ़ाई में लगा ही नहीं सो वह अपनी डिग्री से बेनियाज़ बनी रही और अहसान से उसके ताल्लुकात मुतवातिर गहरे से और भी ज्यादा गहरे होते चले गए ! अहसान की सांवली रंगत के मुक़ाबिल ज़ोया का सुफैद रंग हुस्न-ओ-ज़माल कहर ढ़ाता रहा ! अपने रिश्ते को शादी में तब्दील करने का कोई प्लान फिलहाल इस जोड़े के सामने मौजूद नहीं था !

सुहेल , अहसान का करीबी दोस्त उसके राजदार की हैसियत से , अक्सर सलाह देता कि अब उन्हें  शादी कर लेना चाहिये पर...जोड़े को इसकी फ़िक्र ही नहीं थी ! रिश्ता बदस्तूर चलता रहा ! सुहेल को अहसान से ज़ोया ने ही मिलवाया था और इस हिसाब से वो इन दोनों का पारिवारिक मित्र   हमदर्द , सलाहकार और शुभचिंतक पड़ोसी भी था  !  ज़ोया और अहसान की जिंदगी शादी के बिना भी सुर ताल में बजती रही लेकिन एक दिन उन्हें मजबूर होकर शादी का फैसला करना पड़ा ज़ोया पिछले छै माह से हामिल: थी सो शादी के तीन महीने के बाद ही उन्हें एक बेटा भी हो गया ! जुलाई 2011 को पैदा होने वाले इस बच्चे की वज़ह से दोनों ने अपने रिश्ते को एक नाम दिया , शादी की !  बच्चा बेहद खूबसूरत और गोल मटोल उन दोनों के पारिवारिक जीवन का आधार बना !

कल शाम ये जोड़ा फिर से उसी शहर लौटा , जहां पर उन्होंने अपनी तालीम के आख़िरी साल गुज़ारे थे ! अब उन्हें एक नज़ूमी की तलाश थी जो उनके बच्चे के जनम के बाद की तनाव भरी जिंदगी से निजात दिला सके ! शहर के मशहूर नज़ूमी ने कहा कि वो उनकी दिक्क़तें दूर तो कर सकता है पर इसके लिए उन्हें बीस हज़ार रुपये खर्च करना होंगे ! इस पर उन्होंने एक और करीबी डाक्टर दोस्त से सलाह मशविरा किया और उसके बताये हुए नज़ूमी के पास पहुंचे जिसने उन दोनों की कुंडलियां बनाई और आसान शर्तों पर मदद का वादा भी किया !  नज़ूमी का ख्याल था कि नवजात बेटा अहसान का हो ही नहीं सकता और अहसान को भी यही शक था कि बेटा उसका है ही नहीं ! जोड़े के दरम्यान तनाव की असल वज़ह भी यही थी ! ज़ोया कहती कि तुम बिना वज़ह शक कर रहे हो और अहसान कहता कि बच्चे की शक्ल उससे नहीं मिलती !

वो दोनों पिछले सात माह के आपसी झगड़े , मारपीट और ज़हन्नुम हो गई जिंदगी को आसान करने के ख्याल से नज़ूमी तक पहुंचे थे ! अहसान का ख्याल था कि ज़ोया के हामिल: होने के शुरुवाती तीन महीनों में वो डिपार्टमेंटल कोर्स के सिलसिले में ज़ोया से दूर था इसलिए ज़ोया उसकी वज़ह से हामिल: हो ही नहीं सकती थी ! उसपर तुर्रा ये कि बच्चे की शक्ल भी अहसान के बनिस्बत सुहेल से मिलती है  ! घरेलू झगडों के दौरान अहसान ने एक बार खुदकुशी भी करने की कोशिश की पर ज़ोया ने उसके शक को हमेशा बेबुनियाद ही कहा ! इधर नज़ूमी अहसान के इस नज़रिये के पक्ष में था कि बेटा उसका नहीं है और फिर ज़ोया टूट गई उसने माना कि पिछले दो साल से उसके नज़दीकी ताल्लुकात सुहेल से बन चुके थे और यह बच्चा सुहेल का है ! ज़ोया के कुबूलनामे के साथ ही अब नज़ूमी के सामने सवाल यह है कि क्या इस जोड़े को आगे भी साथ में बना रहना चाहिये ? अहसान और ज़ोया ऐसा करने के लिए तैयार भी हैं बशर्ते उनके मन किसी आध्यात्मिक जुगत से शांत कर दिये जायें वे एक दूसरे को अब भी प्रेम करते हैं पर तनाव की मुक्ति और रिश्ते की सहजता को लेकर फिक्रमंद हैं !

उनका साथ बने रहना या अलग हो जाना नज़ूमी की सलाह और अमल पर निर्भर है ! मुश्किल ये है कि इस मसले में नज़ूमी को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं पर मैं इतनी ज़ल्दी किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले जोड़े की पिछली समाजी / रोमानी जिंदगी को अच्छी तरह से पढ़ लेना चाहता हूं ! मुझे लगता है कि मैं उस जोड़े की काऊंसलिंग के लिए अभी तैयार नहीं हूं पर जोड़ा और नज़ूमी दोनों ही ज़ल्दी में हैं !  प्रेम के रिश्ते हम इंसानों को जोड़ते और तोड़ते हैं ! हम नफरतों के साथ भी जी सकते हैं बशर्ते , हमारा विवेक सलामत बना रहे ! इस जोड़े के मुद्दे पर मैं खुद ही अनिर्णय की स्थिति में हूं !  मुझे वक़्त चाहिये पर जोड़े के पास वक़्त की भारी कमी है ! नज़ूमी आध्यात्मिक अमल कर ही लेगा पर मैं प्रेम और जिंदगी को लेकर अनिश्चितता के संसार में डूबता जा रहा हूं ! नज़ूमी के पास अपने तयशुदा नियम कायदे हैं ... पर मेरे पास इश्क का कोई एक सिद्धांत नहीं !  शायद इश्क और जिंदगी सीधी राह नहीं चलते !





विशेष टीप  : 
पात्रों के नाम बदल कर लिखी गई इस संस्मरणात्मक कथा का अंत चाहे जो भी हो पर... प्रेम , एक और प्रेम , खुदकुशी का ख्याल , नजूमियात , डाक्टर्स और नजूमियात , टूट के बाद भी साथ बने रहने का ख्याल , जीवन को एक और अवसर , शायद अलगाव या फिर अंततः तनावजन्य मृत्यु  !  इंसान , उसके ज़ज्बात और रिश्ते बेहद कन्फ्यूज करते हैं मुझे !   



सोमवार, 14 मार्च 2011

मेरी मम्मी क्या बोली मेरे लिये बनाम खुराफातों के मुहूर्त !


यहां , एक आंख मिचौली सा माहौल है मेरे और नेट कनेक्टिविटी के दरम्यान  !   भले ही यह केवल और केवल शुद्ध संयोग हो कि महामहिम ...और दूसरे वी.आई.पी. महानुभाव  जैसे ही दौरे पर आते हैं तो इस पुण्य अवसर पर नेट कनेक्टिविटी  मौजूद नहीं होती और अक्सर तो उनके आये बिना भी !  टेक्नीकल बातों के कन्फ्यूजन भी टेक्नीकल होते हैं तो जैसे ही विभाग से बात करें कि भाई आज इंटरनेट  सुविधा कब बहाल होगी ? वे  इसे टेक्नीकल्टीज  के हवाले करते हुए इंतज़ार की सलाह दे डालते हैं !फिर इसके आगे क्या मैं  और क्या मेरा  इंतज़ार  !  मसला ये कि अपना मूड है तो नेट कनेक्टिविटी नहीं और अगर नेट कनेक्टिविटी है तो कामकाजी व्यस्ततायें हैं या फिर मूड नहीं ! 

पिछले दिनों बिटिया के स्कूल आते जाते एक नन्ही सी बच्ची से मुलाकात हुई , उसने पूछा आप मेरी मम्मी को जानते  हैं ?   मुझे  कुछ सूझा  नहीं सो मुस्कराया  !  उसने  फिर पूछा ,  आपने मेरी मम्मी को पढाया  है ?  मुझे लगा  शायद वो मेरी किसी भूतपूर्व छात्रा की  बिटिया होगी तो उसका दिल रखने के लिहाज़ से मैंने सहमति का संकेत दिया !   वो खुश होकर हास्टल की तरफ चली गई !  ठीक अगले ही दिन वो फिर से मेरे पास आई और पूछने लगी कि मेरी मम्मी क्या बोली मेरे लिये ?  मैंने कहा कि उसने कहा है कि मैं तुम्हारा ध्यान रखूं ...तो फिर कल आप मेरे लिये डेयरी मिल्क लाना ! मैंने कहा ठीक है !   टोल डो  वाले अनुभव के बाद ये दूसरा मौक़ा था जबकि कोई नन्ही जान एक अपरिचित पे भरोसा कर रही थी !  मैंने पत्नी से कहा कि स्कूल जाने से पहले गाड़ी में डेयरी मिल्क के दो बार रख देना !  चाकलेट पाते ही नन्ही का चेहरा खिल उठा और उसने मुझे थैंक यू कहा और ये भी कि शनिवार या इतवार को वो हास्टल से घर चली जायेगी !  संयोग से शनिवार को मैं स्कूल नहीं जा सका और अगले दो तीन महीने  तक इसकी कोई गुंजायश भी नहीं है !  अब उससे दोबारा मुलाकात पता नहीं कब हो ?

इधर मेरे एक अनुजवत सहकर्मी अपनी पहली पोस्टिंग के समय से ही मेरे स्नेह के पात्र बन बैठे !  शुरुवाती संबंधों  की मिठास के बाद , उनकी  सारी  खूबियां पता चलने  तक  बहुत  देर हो  चुकी  थी  इसलिये उन्हें , उनके अवगुणों सहित स्वीकार  किया गया  !  तमाम  दोस्त  कहते  इस  वाहियात बंदे को बढ़ावा मत  दीजिए  !  मैं  कहता  उसके अवगुण , उसके साथ...शायद मेरी और आपकी सोहबत में सुधर जाये  !  सच कहूं तो बन्दा कुटिल खल कामी से बढ़कर है  !  दूसरों के फटे में टांग अड़ाने और नुकसान पंहुचाने के हुनर से लैस  !  आज शाम को पत्नी से बात करते हुए मैंने कहा कि उसने अमुक काम मुहूर्त निकलवाकर किया है , बड़ा ही धार्मिक जीव है , कम से कम इस मसले पर तो ईश्वर पर भरोसा करता है  !   इस पर पत्नी का कहना था कि हां वे तो खुराफात भी मुहूर्त निकलवा कर ही करते होंगे ! 

पत्नी के कमेन्ट से  हैरान  हूं और सोच  रहा  हूं  कि  नेट कनेक्टिविटी भले ही मेरे वश में नहीं पर एक नन्हीं जान से परिचय और एक अनुजवत सहकर्मी से संबंधो की कनेक्टिविटी के मसले में मुझे आत्मविश्लेषण की ज़रूरत  है कि  नहीं  ?