वो
पंखहीन मुर्गी की तरह से दिखती है ! हंगेरियन लोक आख्यानों में उसे चुड़ैलों के समतुल्य माना जाता है ! लोक मान्यता यह
है कि वो अण्डों को अपनी भुजाओं के नीचे सेती है ! कहते हैं कि लाइडरेक, एक चुड़ैल के रूप में, जिस भी व्यक्ति के निकट होती
है, उसके द्वारा सौंपे गए कार्य, अथक रूप से पूर्ण करती रहती
है, यदि उसे अतिरिक्त कार्य सौंपे जाने में कोई कोताही की जाए तो वो उस निकटवर्ती व्यक्ति को मार डालती है, अतः उसे ऐसे कार्य सौंपे जाना चाहिए
जो कि असंभव हों मसलन छलनी में पानी लाना ! लाइडरेक कथाओं के एक अन्य संस्करण के
अनुसार वो विरही जोड़े को अपने वश में करने की चेष्टा करती है ! हरेक रात उसकी
उपस्थिति के कारण से विरही बन्दा अपने मूल प्रेम / अनुराग से भटक जाता है सो इस
किस्म की लाइडरेक से पीछा छुड़ाने का सबसे आसान तरीका है कि मनुष्य के रूप में उसने
जो भी जूते / जूतियां पहन रखी हों उन्हें चोरी कर लिया जाए...
प्रेत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रेत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गुरुवार, 25 अक्टूबर 2018
शनिवार, 30 दिसंबर 2017
पर्वत आत्मा
वो पर्वत आत्मा थी, जोकि कब्रों से लाशें चुरा लेती और घर लौट कर
उन्हें खा डालती ! एक व्यक्ति, यह जानना चाहता था कि लाशों को चुराने वाला कौन है ?
सो उसने स्वयं को, कब्र में ज़िंदा दफन करवा लिया ! आत्मा ने जैसे ही
नई कब्र देखी उसे खोद कर, उस व्यक्ति की
देह निकाल ली ! दफनाए गये व्यक्ति ने अपने कपड़े के अंदर, सीने
में, समतल पत्थर छुपा कर रखा था ताकि कोई उसका सीना चीरना चाहे तो ऐसा ना कर सके,
रास्ते में मिलने वाले दरख्तों की टहनियाँ पकड़ पकड़ कर वो व्यक्ति, स्वयं को अधिक
भारी बनाने का यत्न करता रहा, जिसके कारण से आत्मा को, उसे
ढोने में काफी मेहनत करना पड़ी और वो अपने घर पहुंचने तक थक कर चूर हो गई ! घर
पहुंच कर आत्मा ने देह को फर्श पर फेंक दिया और थकान मिटाने के लिये सो गई, इसी
दौरान उसकी पत्नि खाना पकाने के लिये लकड़ियाँ एकत्रित करने के लिये घर से बाहर चली
गई !
मृत होने का नाटक कर रहे व्यक्ति ने जैसे ही आंखें
खोल कर चारों तरफ का जायज़ा लिया,
तो आत्मा के बच्चे चिल्लाये, पिता जी, पिता जी, उसने अपनी आंखें खोली थीं ! आत्मा ने कहा,
बकवास मत करो, ये एक मृत देह है जो रास्ते में,
कई दरख्तों की टहनियों में अटक / गिर गई थी, तभी मृत-देह बना हुआ
व्यक्ति उठा, और उसने आत्मा तथा उसके बच्चों को मार डाला फिर जितना भी तेज होना
संभव था, उतना ही तेज, वहाँ से भाग निकला ! रास्ते में आत्मा
की पत्नि ने उसे देखा, पत्नि ने समझा कि उसका पति भाग रहा है,
उसने पूछा, तुम कहां जा रहे हो ? उस व्यक्ति ने कोई जबाब नहीं दिया, केवल भागता रहा ! आत्मा की पत्नि को लगा कि कुछ ना कुछ अघट घट गया है, सो
वो भी उसके पीछे भागने लगी ! व्यक्ति चिल्लाया, पर्वतो ऊपर
उठो और कई पर्वत, ऊंचे उठ गये ! आत्मा की पत्नि पीछे छूटने लगी थी क्योंकि उसे कई पर्वतों
पर चढ़ना था !
भागते हुए व्यक्ति ने एक छोटी सी जलधारा देखी, वो कूद कर उसे पार कर गया और पुनः चिल्लाया,
दोनों किनारों तक बढ़ कर बहो ! इसके बाद आत्मा की पत्नि के लिये, उफनती हुई जलधारा को पार करना असंभव हो गया वो तेज आवाज़ में बोली, तुमने इसे कैसे पार किया ? व्यक्ति ने कहा, मैं इसका पानी पी गया था, तुम भी ऐसा ही करो ! आत्मा
की पत्नि, पानी पीने लगी, जिसके कारण से उसका पेट फूलने लगा
था ! व्यक्ति ने उसकी तरफ घूम कर कहा, देखो, तुम्हारे अंगरखे का कोना, तुम्हारे पैरों के बीच लटक रहा है ! आत्मा की
पत्नि ने जैसे ही झुक कर नीचे देखना चाहा, दबाब से उसका पेट फट गया और उसके बाहर,
भाप निकलने लगी, जो धुंध में तब्दील हो गई
और...आज तक पहाड़ों में तैरती है !
इस इन्युइट आख्यान में किसी अनजान, पर्वत वासी, मुर्दाखोर
व्यक्ति और उसके परिजनों से पीड़ित, गांव वालों के प्रतिक्रियात्मक व्यवहार का
विवरण दिया गया है ! कब्रों से मृत देहों का गायब होना, मृतक और उसके सम्बन्धियों
के भावुक जुड़ाव को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य माना जा सकता है, जिसके विरुद्ध प्रथम
दृष्टया अपराधी की पहचान तदुपरांत दंड की व्यवस्था सहज सामाजिक व्यवहार है / अपराध
निषेध की कार्यवाही है ! आख्यान कहता है कि आरोपी एक पर्वत आत्मा थी, तो सांकेतिक
अर्थों में यह मान लिया जाए कि मृत देहों से आहार जुटाने वाला व्यक्ति और उसके
परिजन, असामान्य व्यवहार करने वाले लोग हैं भले ही इसका कारण कुछ भी हो, चाहे
बेरोजगारी, निर्धनता, दुर्भिक्ष या नर मांस खाने का शौक अथवा अन्य कोई भी कारण !
कहने का आशय ये है कि असामान्यता, मनुष्यों के लिये, मनुष्यवत ना होकर, आत्मा
कदाचित प्रेतात्मावत है !
आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के प्रयास में, एक
व्यक्ति स्वयं को, मौका-ए-वारदात में, मृत देह / चारे की तरह से प्रस्तुत कर देता
है, वहाँ खतरा है सो अपने सीने को पत्थर के चपटे टुकड़े से संरक्षित कर लेता है, ये
सहज सुलभ नैसर्गिक संसाधनों से निर्मित
कवच है, वस्तुतः अपराधी की खोज में निकले व्यक्ति की बुद्धिमत्ता /
आत्मरक्षार्थ किये गये जतन का प्रमाण है ! खोजी व्यक्ति, मृत देह के अपहरण के
दौरान, देह अपहर्ता आत्मा / व्यक्ति को थकाने का प्रयास करता है, ताकि सशक्त प्रतिकार की संभावनायें न्यूनतम की जा सकें ! कथा के अनुसार सारा घटनाक्रम खोजी
व्यक्ति की अपेक्षाओं के अनुरूप घटता है और वो अपराधी को दंड देकर भाग निकलता है
किन्तु अपराधी की पत्नि का दृष्टि भ्रम अब भी उसके सामने बाधक बन कर खडा हुआ है,
वो भागता है और पीछा कर रही अपराधी की पत्नि के सामने पर्वतों और विशाल जलधाराओं
की बाधायें खड़ी करता जाता है !
जनश्रुति का प्रथम पक्ष विशुद्धतः मुर्दाखोर परिवार
की पहचान और अपराधीगण को दण्डित कर भागते हुए नायक की शौर्यगाथा को समर्पित है,
किन्तु दूसरा पक्ष ये है कि पर्वतों में तिरती धुंध कैसे जन्मी होगी ? रुचिकर कथन
ये कि उदर की गर्मी और उसमें समाहित पानी का मिश्रण भाप बन कर धुंध हो जाता है ! संभव
है कि भोजन पकाने के दौरान, प्रज्ज्वलित आग में रखे खौलते पानी से निकलती हुई भाप
इस निष्कर्ष का आधार बनी हो, या फिर पहाड़ों, घाटियों में मौजूद कोई तप्त जलकुंड इस
निष्पत्ति का आधार बन गया हो ! बहरहाल अपने प्राकृतिक पर्यावास के प्रति सतत, सजग,
चौकन्ने आदिम समुदाय के पर्यवेक्षणीय अनुभवों के प्रमाण बतौर, धुंध बनने का ये
विवरण, इस कथा का महत्वपूर्ण बिंदु है !
लेबल:
अली एम सैयद,
उम्मतें,
प्रतिरोध,
प्रेत,
भाग्यवाद,
मृत्यु,
लोक आख्यान,
सामाजिकता
मंगलवार, 19 दिसंबर 2017
पतले लंबे दरख़्त
वो
गर्मियों का मौसम था और मौसम के एक तपते हुए दिन में, सूरज के कहर से बचने के
लिये, एक ही परिवार की दस लड़कियां, नदी की शरण में जा पहुंचीं ! पानी में उछलती /
कूदती / खिलवाड़ करती हुई, इन लड़कियों के पास अचानक एक अपरिचित बूढ़ा आया और उसने
कर्कश आवाज़ में कहा, सुंदर लड़कियो, मुझे पानी दो, मैं बहुत प्यासा हूँ ! बूढ़े के अनपेक्षित
आगमन से खिसियाई हुई लड़कियों ने कहा, ओह ये कितना बदसूरत है, एक बूढ़े मेढक की तरह...और
वे हँसने लगीं, हालांकि उनमें से एक लड़की खामोश थी, वो अपनी बहनों के अशिष्ट
व्यवहार पर शर्मिन्दा थी !
दुर्भाग्यवश
वो बूढ़ा, एक जादूगर था, सो उसके एक इशारे पर नौ लडकियां, पतले लंबे दरख्तों में
तब्दील हो गईं, नदी तट पर समानान्तर खड़े हुए...और यह सब देख कर, नर्ममिजाज़ लड़की, बदहवास,
चीखती, चिल्लाती, रोती हुई अपने पालकों के पास जा पहुंची, उसने, उन्हें घटनाक्रम
की जानकारी दी ! दु:खी माता पिता नदी तट की ओर भागे, पिता के हाथों में कुल्हाड़ी
थी, उसने पेड़ को काटने की कोशिश लेकिन...यह देख कर आतंकित हो गया कि पेड़ पर, कुल्हाड़ी
की चोट वाले स्थान से खून बहने लगा है, वो रुक गया, उसने रुक रुक कर, तीन कोशिशें
कीं लेकिन हर बार पेड़ से खून बहने लगता !
दुखियारे
माता पिता के पास कोई विकल्प नहीं था, अब उन्हें, उस बूढ़े जादूगर के कोप से, बच गई
पुत्री को सुरक्षित रखना था, इसलिए उन्होंने, उस लड़की को अपने से दूर, बहुत दूर
देश, भेज दिया ताकि लड़की जीवित और सलामत बनी रहे...और वे स्वयं हमेशा हमेशा अपने
आंसुओं के साथ, उन पतले लंबे दरख्तों के नीचे अपना जीवन गुज़ारते रहे...
अफ्रीकी
बुशमैन कबीले की यह कथा दो पीढ़ियों की आपसी समझ और पारस्परिक तालमेल के अभाव की
कहन है ! बुशमैन समाज के लोग सामान्यतः जादुई कहानियों, प्रेतों और चुड़ैलों के
किस्सों के मज़े लेने वाले लोग हैं, उन्हें यह लगता है कि यह सब उनकी वास्तविक
दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा है ! कहानी में किरदार बतौर मौजूद दसों बहनों में से
केवल एक संवेदनशील और बड़ी पीढ़ी के प्रति आदर भाव रखने वाली लड़की है, जबकि शेष नौ
बहनों का आचरण उम्रदराज़ लोगों के प्रति लगभग अशिष्टता की सीमा को लांघता हुआ नज़र
आता है !
यह
तो संभव नहीं कि कोई एक बूढ़ा अपने जादू से वाचाल प्रतीत हो रही लड़कियों को पतले
लंबे दरख्तों में तब्दील कर दे...पर लड़कियों की सामान्य दैहिक किन्तु सांकेतिक
तुलना में दरख्तों का पतला और लंबा होना, ध्यान देने योग्य कथन है ! बूढ़ा प्यासा
था और उसकी अपेक्षा थी कि लड़कियां, उसकी प्यास बुझाने में उसकी मदद करें किन्तु
नौजवान / कमसिन लड़कियां उस बूढ़े की देह रचना के मेढक जैसा होने का प्रतीकात्मक...किन्तु
उपहासपूर्ण और अनादरपूर्ण कथन करती हैं, जोकि पुरानी पीढ़ी के प्रति नई पीढ़ी की
सर्वथा अवांछित और अनुचित समझ का उदाहरण है !
दुनियां
में शायद ही ऐसा कोई आदिम समाज हो, जहां के लोगों के मन में, जादुई कृत्यों तथा प्रेतों
और चुड़ैलों के प्रति आतंकित होने की हद तक विश्वास मौजूद ना हो ! अतः लगता यह है
कि जैसे पुरानी पीढ़ी, नितांत सांकेतिक कथा शैली में, नई पीढ़ी को अपनी शक्तिमत्ता का
पाठ पढ़ाना चाहती हो, उसे, उस आस्था / विश्वास की योजना के अंतर्गत सबक देना चाहती
हो, जिससे कि वे आतंक की हद तक प्रभावित रहे हों, कहने का तात्पर्य यह है कि पुरानी
पीढ़ी के द्वारा, नई पीढ़ी की वाचालता और पुरानी पीढ़ी के प्रति उनके उपहासपूर्ण
दृष्टिकोण तथा अनादर भाव की काट बतौर जादुई कथानक का सृजन किया जाना संभव है !
आख्यान
के मुताबिक नई पीढ़ी के असंगत आचरण का परिणाम ना केवल वे स्वयं बल्कि उनके माता
पिता भी भुगतते हैं, जैसा कि इस कथा में उल्लिखित नौ बहने, पेड़ बन, अभिशप्त हुईं, एक
बहन, लगभग देश निकाले जैसे हालात में जीवन व्यतीत करने के लिये बाध्य हुई और उनके
निकट संबंधी / पालकगण यानि कि उनकी पुरानी पीढ़ी भी, आंसुओं के संग, घर से बेघर हुई...
लेबल:
अली एम सैयद,
उम्मतें,
प्रेत,
लोक आख्यान,
सहिष्णुता,
सामाजिकता
सोमवार, 28 जून 2010
ओ प्रेत उस लड़की के घर तुम्हारा डेरा है अब !
आज मैं जो भी किस्सा बयान करने जा रहा हूं उसे सुनकर ये ना समझा जाये कि विज्ञान से मेरा विश्वास उठ गया है ! सच तो ये है कि प्रेतों की मौजूदगी के अहसास ने विज्ञान पर मेरे भरोसे को और भी मजबूती दी है ! बचपन में बरगद / पीपल और इमली के बुजुर्गवार दरख्तों को देख कर एक अदृश्य भय जागता ...सयाने कहते ,रात में वहां से गुजरना खतरनाक होगा क्यों कि उन दरख्तों मे अशरीरी आत्माओं का डेरा है ! वे कहते प्रेतों के उलटे पैर होते हैं , वे छाया की मानिंद गुम हो सकते है , वे प्रकाश पुंजों की तरह रात्रि विचरण करते है , वे हवा की तरह मानुष की देहो पर कब्ज़ा भी कर सकते है...वगैरह वगैरह और हम विश्वास करते...विश्वास की पृष्ठभूमि में तर्क का कोई स्थान भी नहीं था ये विश्वास केवल बड़प्पन और अनुभव पर भरोसे पर आधारित हुआ करता ! आहिस्ता आहिस्ता बचपन पीछे छूटता गया और साथ ही ये ख्याल भी कि प्रेत सचमुच में होते भी होंगे...अब थोडा सा दुःख होता कि हमारे बड़े , फ़िज़ूल में डरते और डराते रहे ...प्रेतों के ना होने का ख्याल ज्यों ज्यों पुख्ता हुआ बुजुर्गो का सम्मान धूल होता गया ! लगता कमबख्त बूढ़े , बचपन खराब कर गये ! वर्ना उन शानदार दरख्तों की छाँव में क्रीडा का आनंद हम भी ले पाए होते !
एक अजीब बात ये कि जिस विज्ञान की वज़ह से हम प्रेतों का होना नकारते रहे आज उसी विज्ञान की वज़ह से प्रेतों का होना सिद्ध हुआ है ...और अफ़सोस भी हो रहा है कि हमने अपने बड़े बूढों को गलत समझा ! वे सही थे , हमसे ही उनका सन्देश / उनकी भाषा बूझने में गलती हुई वर्ना प्रेत उस वक्त भी देखे जा सकते थे ! असल में उन्होंने हमारे चहुँ ओर मौजूद जिन घटकों में प्रेतों का डेरा होने की बात कही थी , हम उन्हें महज दरख़्त ही समझते रहे और वहां प्रेत ना पाकर ...उन्हें गरियाते रहे !
पिछले बरस अपने बनारस के मित्र के डेरे पर जाना हुआ वहां एक अशरीरी आत्मा को देख कर हैरान रह गया फिर सोचा ये केवल संयोग होगा ! संभव है मेरी आँखों का भ्रम हो ...उनके डेरे में बारम्बार घूमा...सामने शब्द उभरते...गहरे शब्द ...गोया वो प्रेत जतलाना चाहता हो कि मैं हूँ मुझे बांचो ..मेरे अस्तित्व की पुष्टि करो ! मैं बेहद हैरान और परेशान सा उस वक्तव्य को पढता ...उसके शब्द ,विनम्रता की सारी सीमायें लांघते हुए धरती पर झुक से गये थे...गोया नतमस्तक हों पर उसके वक्तव्य का एक अर्थ यह भी था कि वो किसी ज़माने में डेरे के मालिक , मेरे मित्र का मित्र हुआ करता था पर अपनी हीनभावना और सतत असफलताओं के चलते उसे यह लोक असमय ही छोडना पड़ा...खैर मै उस घटना को संयोग मानकर खामोश रहा ... जिल्लत का एक भय भी कि मित्र क्या कहेंगे अगर मैं कहूँ कि मैंने प्रेत देखा है और उसके शब्द भी पढ़े हैं !
इस बरस मेरी मित्र अनिंदिता के घर का उदघाटन हुआ उनके सारे शुभ चिन्तक वहां मौजूद थे पर मेरे आश्चर्य का पारावार नहीं कि वो प्रेत वहां भी हाज़िर था अपनी सम्पूर्ण विनम्रता के साथ ! अब मुझे विश्वास हो गया है कि प्रेत होते हैं ! ओ प्रेत तुम हो ...यक़ीनन तुम ही हो ...ओ प्रेत उस लड़की के घर तुम्हारा डेरा है अब ! मैं जानता हूं तुम दरख्तों में नहीं वेब साईट पर विचरते हो आजकल ! तुम तो पुनर्जन्म में विश्वास करते हो फिर दूसरों के घर पर अशरीरी होकर डेरा डालने से बेहतर तुम अपना खुद का ब्लॉग क्यों नहीं बना लेते ? अपने लिए एक आई डी / एक जिस्म का इंतजाम कर लो फिर शौक से दूसरों के घर आया जाया करो ! कम से कम लोग तुम्हें नाजायज़ / बेनामी / छद्म होने की गालियां तो नहीं देंगे !
लेबल:
अली एम सैयद,
उम्मतें,
छद्म ब्लागर,
दर्शन,
प्रेत
शुक्रवार, 8 जनवरी 2010
हमसे इंसान नहीं सधते.. उन्होंने प्रेत साध रखे हैं !
कितनी अजीब बात है जब भी कोई फिल्म देखता हूं नायिका पलक झपकते ही मेरी बांहों में सिमटी सिमटी नजर आती है मेरी धडकनें उसके अहसास से रफ़्तार पाती हैं और बदन गोया उसके जिस्म की खुशबू से नहा उठता हो ! उस वक्त स्क्रीन पर मेरे सिवा कोई 'दूसरा' कहां होता है ! कई बार सोचता हूं डायरेक्टर नें हीरो को बेवजह कास्ट किया , कमबख्त पैसे लेकर भी मोहब्बत का नाटक करता है ... यहां... मैं हूं जो धेला पाये बिना मुहब्बत में गिरफ्तार हूं और यकीन जानिए ज़र्रा बराबर भी नाटक नहीं कर रहा हूं ! कुछ घंटे बाद भले ही फिल्म ख़त्म...ख्वाब चूर के हालात में सिनेमा हाल छोड़ना पड़े पर मुहब्बत का नशा घंटों तारी रहता है एक बेहद खुशनुमा एहसास ! फिर ख्याल आता है अगर आभासी दुनिया में मुहब्बत जिन्दगी को इतना पुरलुत्फ़ कर जाती है तो क्या वजह है कि असल जिन्दगी में मुहब्बत...का कोई बेहतरीन रोल ना हो ? बाहर सड़क पर बच्चे , बूढ़े और ...ना जाने कितने लोग ...भांति भांति के लोग ... झुण्ड की शक्ल में खरामा खरामा आगे बढ़ते हैं और मुझे इनसे कोई शिकायत नहीं ! मैं इश्क में ...हूं ...जेहन फिर भटकता है...ये बच्चे जवान होने पर मुझ 'से' हो जायेंगे तब नायिका इनके सीनों में जिन्दगी के / आह्लाद के सुर फूंक रही होंगी और ...और वे बूढ़े...? वे भी तो कभी ...? एक शानदार रिश्ता बूढ़े बच्चों और मेरे दरमियान कायम हो चुका है ...मैं इश्क में मुब्तिला हूं और मेरे अन्दर कहीं वे सब भी इश्क में मुब्तिला हैं ! लम्हा दर लम्हा दुनिया बेहद खूबसूरत हो चली है मुझे पता नहीं उनके कपडे , उनके जज्बात ,उनके मजाहिब और उनकी जुबाने मुझसे मैच करती हैं की नहीं ? लेकिन ...फिलहाल वे हैं ...मैं हूं ... और इश्क है ! यानि कि ... इश्क है और हम हैं फिर हमारे दरमियान किसी जुबान ...किसी मजहब ....किसी... किसी और किसी ? की जरुरत भी कहां है ?
बहुत दिनों से कुछ लिखा नहीं दोस्तों का ख्याल है जरुर लिखना चाहिए पर इश्क का अहसास लिखने नहीं देता मुझे ! सोचता हूं रेत में मुंह छुपा कर शुतुरमुर्ग बन जाऊं ? सच का सामना करने का साहस नहीं है मुझमें , वहां सिनेमा हाल के अन्दर और बाहर सारे 'अपरिचित अपने' थे लेकिन यहां 'बहुतेरे परिचित' पानी पी पी कर मेरी जात पूछने पर उतारू हैं ! वे ढूंढना चाहते हैं मेरे माथे पर स्याह या केसरिया निशानों को ! उनके निशाने पर हैं मेरे कपडे , मेरी जुबान ...क्या लिखूं और क्यों लिखूं ..वे परिचित जरुर हैं पर उन्हें मेरी लिखावट में खास तरह की आदमखोर गंध की तलाश है ...वो मुझमें मुहब्बत और इंसान की खोज नहीं करते उन्हें मेरी सांसों में बारूद और हांथों में खून के संकेत सूंघने हैं ! वहां कितना खुश हूं मैं जहाँ सारे अपरिचित बिना लाग लपेट इश्क में मुब्तिला हैं और यहां...? यहां तो मेरा दम घुटता है ! कितने परिचित ? कितने सारे परिचित ... इंसानों के दरमियान फर्क करने के नए नए तरीके इजाद करने में मुब्तिला है ? आखिर कौन हैं वे 'ताकतें' जिन्होंने इन जीते जागते इंसानों को प्रेत बना डाला है ! इधर हम हैं हमसे इंसान नहीं सधते उन्होंने प्रेत साध रखे हैं ...फिलहाल मैं वापिस जा रहा हूं ! उन अपरिचितों से मुझे बड़ी उम्मीदें हैं ! उन्हें इश्क है ! मुझे इश्क है !...और एक दिन हम सब मिलकर सारे परिचित जीवन प्रेत बाधा से मुक्त करा लेंगे !
लेबल:
अली एम सैयद,
उम्मतें,
दर्शन,
प्रेत,
मृत्यु,
साम्प्रदायिकता
सदस्यता लें
संदेश (Atom)