पालतूपन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पालतूपन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019

मैंने रखा है मुहब्बत...3

औरों की तरह उसे भी इश्क हो गया था, इससे कब्ल, भले ही उसके ताल्लुकात अपनी ही बिरादरी की ढ़ेरों ज़नानियों से रहे होंगे पर ये पहला मौक़ा था कि उसका इश्क खूबसूरत मानुष सुकन्या से वाबस्ता था । बहरहाल इश्क में जोर जबरदस्ती से काम लेने के बजाये उसने सुकन्या के माता पिता से विधिवत सुकन्या का हाथ मांग लिया । इस दफा वो परम्परा अनुसार और मय रीति रिवाज़ के पत्नि हासिल करना चाहता था क्योंकि उसे सुकन्या से सच्ची मुहब्बत थी । बहरहाल मुश्किल ये थी कि लड़की के वालदैन गैर बिरादरी में अपनी लड़की का ब्याह करने के लिए राज़ी नहीं थे, उसपे तुर्रा ये कि याची के हिंसक स्वभाव में उन्हें अपनी लडकी का मुस्तकबिल स्याह नज़र आ रहा था, सो उन्होंने विवाहोत्सुक वनाधिराज को नाराज़ किये बिना अपनी बात कही ।

उन्होंने कहा महामहिम, आपका प्रस्ताव पाकर हम गौरवान्वित हुए, लेकिन हमारी कुछ समस्यायें हैं, जिनकी तरफ आपका ध्यान आकर्षित कराना ज़रूरी है । हमारी लड़की अभी कमसिन है, सो मुमकिन है कि आपके इश्क की शिद्दत की ताब ना ला सके । हमें लगता है कि आपके नुकीले दांतों से वो घायल हो सकती है । इसके अलावा आपके पंजो के पैने नाखून भी उसे, जिस्मानी तौर पर नुकसान पहुंचा सकते हैं । इसलिए हम आपसे, बा-अदब ये अर्ज़ करते हैं कि आप अपने पैने नाखून हटवा दें और नुकीले दांत भी । अगर यह मुमकिन हो पाया तो हम आपके प्रस्ताव पर, सहर्ष पुनर्विचार कर सकते हैं ।

चूंकि शेर बेहद इश्कियाया हुआ था, सो उसने आगा पीछा सोचे बिना अपने नाखून और दांत निकलवा दिए और फिर से सुकन्या के माता पिता के पास जा पहुंचा । नख दंतहीन शेर को देख कर लड़की के अभिभावक हंसने लगे। उनके लिए शेर, अब किसी काम का नहीं था । बेबस और लाचार, जो किसी को भी नुकसान पहुंचाने की स्थिति में नहीं था । कहते हैं कि इश्क, हिंसक, पशुवत और भयंकर को भी पालतू बना सकता है ।
यूं तो ये कहानी, शेर के नाम से कही गई है, जिसे आदमजाद सुकन्या से इश्क हो गया है और वो अपनी जिस्मानी हरारत, अपनी शक्तिमत्ता के दम पर उतारने के बजाये सामाजिक तौर तरीकों से शांत करने का इच्छुक है । या ये मान लिया जाए कि शेर को उस लड़की का इश्क, बलपूर्वक हासिल करने की ख्वाहिश नहीं थी । इसलिए उसने बाकायदा लड़की का हाथ, लड़की के माता पिता से मांगा । यहां कथा में निहित हास्य संकेत ये कि शेरों के माता पिता, सात फेरों / निकाह के कायल नहीं होते, बल्कि उन्हें गन्धर्व विवाह या लिविंग इन जैसी नव-विवाही परम्पराओं के निर्वहन का अभ्यास / शौक होता है । कुल मिलाकर विवाहोत्सुक शेर के वालदैन या तो शेर का साथ देने के लिए मौजूद नहीं थे या फिर उन्हें गैर बिरादरी में शेर का ब्याह पसंद नहीं था, सो विरोध स्वरुप, उन्होंने इस पहल का बायकाट / बहिष्कार किया ।
बहरहाल शेर के हवाले से कही गई इस कथा को इस नज़रिये से भी देखा जा सकता है कि शेर वास्तव में वनाधिराज होने के बजाये, गली का कोई गुंडा, मवाली, कोई बाहुबलि, डॉन माफिया, दस्यु सम्राट, आपराधिक प्रवृत्ति का मनुष्य रहा होगा जोकि लड़की की जाति से अलग जाति में जन्मा होगा और उसकी कुख्याति के चलते, लड़की के अभिभावकों ने उसे असामाजिक जीवन शैली छोड़कर सज्जनता पूर्वक जीवन यापन की सलाह दे दी होगी, जिसमें आत्मसमर्पण और गुनाहों की सजा भुगतना भी शामिल हो सकता है । प्रतीत यही होता है कि जंगल का राजा एक प्रतीक है जिसे दुस्साहस और राजतान्त्रिक / तानाशाही पूर्ण निर्णयों से जोड़ कर देखा जा सकता है, इसलिए शेर के हवाले से कही गई यह कथा निश्चित रूप से इंसानी बस्तियों की ही कथा रही होगी, जिसमें सुकन्या के अभिभावकों ने सुकन्या के हित में जो उचित जान पड़ा, वो निर्णय लिया ।
कथा सार ये कि इश्क बड़े बड़ों के चूल्हे ठंडे कर देता है । सेनापति को प्यादा और महामहिमों को हक़ीर कर देता है । मुमकिन है कि ये सारी बातें इसके उलट भी कही जा सकें । पर ये कथा... 

शनिवार, 23 दिसंबर 2017

मेमना


मुद्दतों पहले गरज़ और विद्युत धरती पर रहते थे, गरज़ मां भेड़ थी जबकि विद्युत उसका पुत्र मेमना, वे दोनों पड़ोसियों में बहुत अलोकप्रिय थे, अगर कोई गलती से उस मेमने को छेड़ देता तो वो आवेश में आकर, अपने सामने पड़ने वाली सभी वस्तुओं को  जला डालता, झोपड़ियाँ, मकई के भुट्टे और बड़े पेड़ भी ! कभी कभार फसलों और खेतों को नुकसान पहुंचा देता, यहां तक कि किसान भी मारे जाते ! जब गरज़ को अपने पुत्र की करतूतों का पता चलता तो वो उसे जोर से चिल्लाकर डांटती, जिससे उसके पड़ोसी और भी दुखी हो जाते, उनके लिये, पहले पुत्र मेमने द्वारा किया गया नुकसान फिर मां भेड़ की भयावह आवाज़ को बर्दाश्त करना, दूभर हो गया था !

गांव वालों ने इस मुद्दे पर राजा से कई बार शिकायतें कीं, जिसके बाद राजा ने उन दोनों को गांव के बाहर रहने का हुक्म दे दिया और कहा कि वे लोग गांव के लोगों से मेलजोल बढाने की कोशिश ना करें, उनसे दूर रहें, हालंकि इससे कोई फायदा नहीं हुआ क्यों कि विद्युत आसानी से गांव की गलियों में चलते फिरते लोगों को देख सकता था इसलिए उनके दरम्यान झगड़े, आगे भी होते रहे ! इसके बाद राजा ने माता और पुत्र से कहा कि मैंने तुम्हें बेहतर जीवन के कई अवसर दिये, लेकिन ये सब व्यर्थ हुआ इसलिए आज के बाद से तुम दोनों इस गांव से दूर निकल जाओ और जंगल झाड़ियों में जाकर रहो, हम दोबारा तुम लोगों की शक्ल भी नहीं देखना चाहते ! भेड़ और मेमने ने राजा के आदेश का पालन किया लेकिन वे ग्राम वासियों से नाराज बने रहे !      
   
गांव से निष्कासित हो जाने के कारण से मेमना गांव वालों के प्रति बैर भाव रखता था इसलिए उसने सूखे मौसम के दौरान सारी झाडियाँ और पेड़ जला डाले, जिससे गांव के लोगों के कष्ट और भी बढ़ गये ! जंगल की आग की लपटें, गांव के खेतों और घरों तक पहुंच गईं ! मां अपने पुत्र को इस तरह के कार्य से रोकने की कोशिश करती और तेज आवाज में डांटती रहती लेकिन इससे पुत्र को कोई फर्क नहीं पड़ता था ! घटना क्रम से नाराज़ राजा ने अपने दरबारियों से सलाह माँगी, उन सभी ने एकमत होकर कहा कि माता पुत्र को धरती से बेदखल कर आकाश भेज दिया जाए ! राजा ने हुक्मनामा ज़ारी कर दिया और वे दोनों आकाश में जा बसे हालांकि, उद्दंड मेमना अब भी धरती को झुलसा डालता है और उसकी मां की भयंकर गर्जना हम आज भी सुनने को विवश हैं !

आदिम सामुदायिक जीवन में यह निष्कर्ष निकाल लेना कि विद्युत के कारनामें प्रथम और आवाज़ की उपस्थिति द्वैतीयक है, ग्राम वासियों के सफल पर्यवेक्षणीय अनुभवों का प्रतीक है, अपनी वैज्ञानिक उपलब्धियों / आधुनिक ज्ञान के इस दौर में, हम सभी जानते हैं कि विद्युत की गति, ध्वनि की गति से तीव्र होने के कारण से ही, आकाशीय विद्युत पहले चमकती / दिखती है और उसकी गर्जना बाद में सुनाई देती है, ऐसे में आख्यान के पात्रों का यह ज्ञान / कथन अदभुत है कि, मेमना पहले शरारत करता है और उसकी मां भेड़, उसे बाद में गरज़ कर डांटती है ! हमारा अभिमत यह कि इस विषय में आदिम जगत के पर्यवेक्षणीय अनुभव और विज्ञान युग के सत्य निष्पादन / सत्योद्घाटन में लेश मात्र भी अंतर नहीं है !

कथाकालीन समाज भले ही राजतान्त्रिक है किन्तु वहाँ पर उद्दंडता / वाचालता / आपराधिक कृत्यों के विरुद्ध सुनवाई का अवसर और सहज न्याय उपलब्ध है, इस कहन में महत्वपूर्ण तथ्य ये कि उद्दंड पुत्र मेमने के साथ उसकी मां को भी दण्डित किया जाता है जबकि वह अपने पुत्र को निरंतर डांटती रहती है और कोशिश करती है कि उसका पुत्र सुधर जाए ! प्रतीत होता है कि पुत्र की आपराधिक प्रवृत्ति के लिये माता के पालन पोषण को उत्तरदाई मान कर ही ये दंड दिया जाता रहा होगा अन्यथा मां का व्यवहार, ग्राम वासियों के पक्ष में / उनके हितों के अनुकूल था, इसलिए पुत्र की शरारतों का निरंतर निषेध करती हुई मां को मिले दंड के लिये, पालन पोषण की त्रुटि के इतर, आवाज़ की तीव्रता को, उत्तरदाई मानना संभवतः उचित नहीं होगा !

जनश्रुति में उल्लिखित न्याय व्यवस्था में घोषित दंड क्रमिक और सुधारात्मक है, दोषी मेमने और उसकी पालक मां को पहले गांव के बाहरी हिस्से में रहने का निर्देश, फिर गांव छोड़कर जंगल चले जाने का निर्देश और अंततोगत्वा धरती त्याग आकाश में बस जाने का आदेश, सुधार की अपेक्षाओं के विफल होते जाने के साथ ही, दंड की बढ़ती हुई कठोरता के स्पष्ट प्रमाण हैं ! मेमने के द्वारा की गई गतिविधियों को, आकाशीय विद्युत द्वारा पहुंचाई गई, जान माल की क्षति के साथ जोड़ कर देखा जाना प्रतीकात्मक है, बहरहाल कथा सार ये है कि मेमना अपनी आपराधिक प्रवृत्ति का दास है और वो सुधारात्मक उपायों से सुधर नहीं सकता भले ही उसके शक्ति उन्माद / कारनामों का दुष्परिणाम उसकी मां / स्वजन को भी भुगतना पड़े...  


सोमवार, 3 फ़रवरी 2014

प्रेम में बने रहने के लिये...!

उत्तर उन दिनों यात्रा पर निकला था, लगातार घूमते फिरते और बहुतेरे कबीलों से होकर गुज़रते हुए वो एक दिन दक्षिण जा पहुंचा, वहां दक्षिण की खूबसूरत पुत्री को देख, अपना दिल हार बैठा , फिर उसने दक्षिण से निवेदन किया कि वो उसकी पुत्री से विवाह करना चाहता है, संयोगवश दक्षिण की पुत्री भी उत्तर को पसंद करने लगी थी, सो उन दोनों के दरम्यान एकतरफा चाहत जैसी कोई समस्या भी नहीं थी, लेकिन सुकन्या के माता पिता ने इस प्रस्ताव को सिरे से ही ठुकरा दिया, क्योंकि उनका मानना था कि जब से उत्तर, उनके इलाके में आया है, मौसम बदल सा गया है, ठण्ड बेहद बढ़ गई है और दक्षिण का अपेक्षाकृत गर्म इलाका ठिठुरने लगा है ! उन्होंने उत्तर से कहा कि, अगर तुम कुछ और दिन यहां ठहरे तो हम सब हिमीकृत होकर मर जायेंगे !

उत्तर ने अपनी शादी के वास्ते अनगिनत तर्क किये, बमुश्किल दक्षिण ने कहा कि हम अपनी पुत्री को तुमसे शादी करने देंगे, क्योंकि वह भी तुमसे प्रेम करती है...पर तुम्हें उसके साथ हमारा इलाका छोड़ना होगा , तुम उसे अपने देश ले जाओ ! यहां का मौसम वैसा ही रहना चाहिए जैसा कि तुम्हारे आने से पहले हुआ करता था ! दक्षिण के लोगों को सर्द मौसम की आदत नहीं है ! अंतत: तयशुदा कार्य योजना के अनुसार दक्षिण की पुत्री के साथ उत्तर का विवाह संपन्न हुआ और फिर वर तथा वधु, उत्तर के देश की ओर चले गये !  उत्तर पहुँचने पर वधु ने पहली बार जाना कि उत्तर के लोग बर्फ के घरों में रहते हैं !  अगली सुबह जब सूर्य उदित हुआ तो उसके ताप से उत्तर के घरों की बर्फ निर्मित छतें और दीवारें पिघलने लगीं !

जैसे जैसे सूरज ऊपर आसमान पर चढ़ता गया, बर्फ के घर पानी के ताल में बदलने लगे ! अपने घरों की दुर्दशा पर घबराये हुए लोगों ने उत्तर से कहा कि दक्षिण की लड़की के उत्तर आते ही तापमान बढ़ने लगा है !  अगर इसे फ़ौरन यहां से हटाया नहीं गया तो पूरी की पूरी बस्तियां तबाह हो जायेंगी !  उत्तर अपनी प्रियतमा, अपनी पत्नी को जितनी भी देर रोक सकता था, उसने भरसक यत्न किया, किन्तु सूरज के बढ़ते ताप के साथ वहां के लोगों की बेचैनियां भी बढ़ने लगीं थीं !  आख़िरकार उत्तर ने अपनी पत्नी को वापस उसके देश, दक्षिण भेजने का फैसला कर लिया !  उत्तर के लोगों का ख्याल था कि दक्षिण की लड़की का खान पान और परवरिश गर्म मौसम वाले इलाके में हुई है , इसलिए उसका सम्पूर्ण व्यक्तित्व और स्वभाव उत्तर के अनुकूल नहीं है !

उत्तर अमेरिकन इन्डियन्स की ये लोक गाथा मौलिक रूप से किसी बाह्य समूह के चारित्रिक और स्वभावगत अतिरेक का आकलन स्वयं के समूह की तुलना में करते हुए , बहिरागत का निषेध करती है !  ये कथा यायावर युवक और स्थानीय युवती के सहज प्रेम के विरुद्ध खड़ी सामाजिकताओं को भिन्न परिवेश और भिन्न पालन पोषण दशाओं की प्रतिकूलता के समर्थन से न्यायोचित ठहराने का यत्न करती है ! अगर गौर से देखा जाये तो स्त्री पुरुष के प्रेम की स्वीकार्यता के लिये,उनकी समूहगत सजातीयता और स्थानीय सामाजिक परिवेशगत अनुकूलता को उत्तर और दक्षिण की अति-शीत और अति-ताप की सांकेतिकता के ज़रिये व्याख्यायित किया गया है , यानि कि भावी जामाता की स्वीकार्यता की कसौटी, उसके पारिस्थितिकीतंत्र से जोड़ कर निर्धारित की  गई है !

आख्यान में युवती का पिता, युवक के व्यक्तित्व को उसके जन्मस्थान विशेष की प्राकृतिक दशाओं के माध्यम से आंकता है, तो बिना शक यह स्वीकार किया जाना चाहिये कि प्रतीकात्मक रूप से चरम प्राकृतिक दशायें, सामाजिक पालतूकरण की चरम परिस्थितियों के समानार्थी आशय में कही गई हैं, ऋतुओं का अतिरेक, सामाजिक परिदृश्य/ पालतूकरण की परिस्थितियों के अतिरेक से साम्य रखता है ! उत्तर की अति-शीत और दक्षिण के अति-ताप को भावी जोड़े के व्यक्तित्व से जोड़ते ही उभयपक्ष में सामंजस्य की संभावनायें अनिवार्य रूप से क्षीण होना मान ली गई हैं, जैसा कि इस कथा में युवती का पिता, विवाह की सहमति प्रदान करते समय युवती के प्रेम के प्रति जो भी उदारता दिखाता है, वो उसके सामाजिक उत्तरदायित्वों के आड़े नहीं आती !

वह किंचित ना नुकुर के बाद, बहिरागत युवक के प्रति अपनी पुत्री का प्रेम स्वीकार करने के बावजूद, अपने सामाजिक ताने बाने के संरक्षण को अपनी पुत्री की तुलना में वरीयता देता है ! उसके अभिमत में पालन पोषण जनित, व्यक्तित्व के गुणधर्म अतिरेक और वैषम्य पर आधारित यह जोड़ी उसके अपने समाज के अनुकूल नहीं है ! अतः उसे पुत्री का प्रेम तो स्वीकार्य है पर अपनी सामाजिकता की कीमत पर कदापि नहीं ! इस कथा का दूसरा हिस्सा, उत्तर के लोगों की लगभग ऐसी ही प्रतिक्रिया को आधार बना कर गढ़ा गया है, उत्तर के लोग भी भिन्न परिवेश की युवती को अपने सामाजिक विन्यास के लिये आसन्न संकट के जैसा मानते हैं ! कुल मिलाकर इस कथा में व्यक्तित्व और स्वभाव की अतिरेक भिन्नता को समाज विशेष के अनुकूल नहीं माना गया है !

यानि कि पारस्परिक सामजंस्य और जोड़े बनाने की संभावनायें, व्यक्तित्व और स्वभाव की पूर्ण रूपेण अनुकूलता पर आधारित होना चाहिये, के सन्देश के साथ, यह कथा समाप्त होती है , चूंकि इस कथा में केवल अतिरेक / चरम भिन्नता की स्थिति में संबंधों के निषेध का कथन किया गया है , अतः हम कदाचित मध्यम स्तरीय भिन्नताओं को निषेध की श्रेणी में नहीं गिन सकते, बल्कि उन्हें पूर्ण रूपेण अनुकूलता वाली कसौटी के साथ सम्मिलित करने और नवजीवन प्रारम्भ करने की एक नई चुनौती के रूप में स्वीकार कर सकते हैं ! अंततः प्रेम में बने रहने के लिये सामाजिक अपरिहार्यताओं / अनुशंसाओं की अनदेखी किस सीमा तक संभव है और कितने लोग कर पाते होंगे भला ?  

रविवार, 29 जनवरी 2012

बसदा जहान मेरा तेरे दम नाल ...पालतूपन


सेहत बनाने के ख्याल से भोर में टहलने का शगल अपनी पसंद में शुमार नहीं रहा कभी...पर वे लोग बाकायदगी से एक छड़ी के हौसले पर, गुज़रे कई सालों से सेहतमंद होने के मुगालते में जी रहे हैं ! और वे , जिनकी जनानियां शायद, छड़ी अपने कंट्रोल में रखती होंगी, अपने पालतू चौपायों की गर्दन वाले पट्टे से सधी हुई डोर के छोर पर अपने हौसले को अटका कर रखते हुए सेहत बनाये रखने के नित्य कर्म में लीन, मेरे घर के सामने वाली सड़क से यूं गुज़रते हैं कि घड़ी मिला लूं जो एक लम्हा भी इधर से उधर हो जाये ! क़दमों में नपी हुई तेजी और सीने में कलफ लगी हुई अकड़ वाली स्मार्टनेस ! अक्सर ये फर्क करना मुश्किल हो जाता है कि दोनों में से कौन किसे टहला रहा है और  किसका  पालतू  कौन ? सेहतमंद बने रहने की खातिर खास वक़्त पर सड़क नापने से पहले या बाद में या फिर इसके ठीक बीचो बीच किसी एक के फारिग होते रहने की कल्पनाओं और क्रियान्वयन-शीलता से मुझे बेहद कन्फ्यूजन होता है  कि देह से त्याज्य पदार्थों को त्यागने का वास्तविक समय क्या है ? बेशक दोनों के पालतू होने के अहसास के समानान्तर विसर्जन की टाइमिंग एवं स्थानिक भिन्नता के कारण ही मेरा कन्फ्यूजन स्थाई  भाव में बना  रहता  है  !

जिन बन्दों के परिवार नई फसलों के मौसमों से गुज़र रहे हैं वे प्राम में अपनी उपलब्धियों को घुमाते वक़्त बे-औलाद घुमक्कडों से बेनियाज़ बने रहते हैं ! हालांकि डोर पट्टे से जुड़े टहल-रत जोड़े पर वो इस तरह से निगाहें डालते हैं जैसे अभी कह बैठेंगे...ओह आप भी ! मुझे समझ में नहीं आता कि डोर से बंधे पालतू और प्राम के संरक्षण वाले पालतू में से आगे चलकर किसकी सेहत ज़्यादा बेहतर रहने वाली है ! लेकिन मुझे पता है कि थोड़ी ही देर बाद सूरज सारे परिदृश्य बदल देगा उस वक़्त बे-टहले हुए लोग अपने चौपायों के साथ खेतों की ओर ...और एक बड़ी भीड़ शहर के निर्माणाधीन गंतव्यों की ओर चल पड़ेगी, उन्हें जीवित रहने के लिए खाने की और खाने के लिए टहल कर देह को झोंक देने वाली गतिविधि में लिप्त होने की अनिवार्यता है जबकि उनसे थोड़ी ही देर पहले इसी सड़क पर टहल रहे लोगों को अपने खानपान के बाद की समस्याओं से निपटने के नाम पर टहलना था !

मेरा ख्याल है कि इंसान धरती पर दाखिल होने से लेकर ख़ारिज होने तक के, दरम्यान ठीक उसी तरह के पालतूपन की प्रक्रिया से गुज़रता है जिसे कि उसने अपने अस्तित्व रक्षण के मद्दे नज़र चौपायों के लिए तय कर रखा है ! यानि कि धरती पर पशुओं के पालतूपन की शुरुवात से एन पहले इंसानों के खुद के पालतूपन की शुरुवात हुई होगी ! अगर वह खुद के पालतूपन के दौर / अनुभवों से नहीं गुज़रता तो फिर पशुओं के पालतूपन को अपने लिए मुफीद कैसे जानता ? सच कहूं तो पालतूपन से पहले के मनुष्य और पशु में कोई अंतर भी नहीं है और अगर पशु जगत में से कोई एक वर्ग भी, मनुष्यों से पहले पालतू हो पाया होता तो शायद दुनिया का नज़ारा कुछ और ही होता ! नि:संदेह पहले के पालतू को बाद वाले पालतू पर वैसे ही बढ़त हासिल होती जैसे कि आज मनुष्यों को पशुओं पर है ! मुझे यकीन है  कि खालिस देह से मनुष्य हो जाने और मनुष्य होकर दूसरी देहों को अपने मातहत कर लेने में पालतूपन का बहुत बड़ा योगदान है !  

अगर हम इंसान अपने जन्म और मरण के बीच का वक़्त खुद के पालतू होने और बाद में दूसरों को पालतू बना लेने में, नहीं गुज़ारते तो, पशुओं की तर्ज़ पर एक घर और  नियमित भोजन की सुविधा के अभाव तथा  प्राकृतिक आपदाओं के विरुद्ध स्वयं के संरक्षित बने रहने की समस्या से जूझ रहे होते ! यौन जीवन की अनियमितता, अनियंत्रित प्रजनन से दुनिया का तब क्या हाल हुआ होता यह सहज ही कल्पना की जा सकती है ! तब कोई किसान भोजन नहीं उपजाता, कोई  मजदूर घरौंदों का निर्माण नहीं करता, कोई अनुभव समृद्ध ज्ञान को नहीं सहेजता, कोई यांत्रिक उन्नति भी नहीं होती, कोई राग नहीं रचे जाते और ना ही नृत्य गीत, तब कोई उत्सव और उल्लास के सामूहिक आयोजनों के कारण भी नही होते, इस सूरत-ए-हाल  में कोई प्राम भी नहीं होती और ना ही श्वानों के गलों पे बंधे हुए पट्टे से जुड़ी हुई डोर के स्वामियों का आत्म विश्वास बढ़ता ! कहन और श्रवण से उपजे संसार, सभ्यता और संस्कृति का भी कोई अस्तित्व नहीं होता अगर मनुष्य ने पालतूपन को स्वीकार नहीं किया होता और हां...तब अच्छी सेहत के ख्याल से भोर में टहलने का तो सवाल ही नहीं उठता था  !