नागरिक बोध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नागरिक बोध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 7 जुलाई 2018

किन्नर - 33


हमें लगता है कि नागरिक अधिकारों की पक्षधरता आधुनिक समय की धारणा है, ज्ञान बोध के पहले, दुनिया को अनेकों तानाशाहों / सम्राटों द्वारा शासित किया गया है, हालांकि हमें यह भी ज्ञात है कि लोकतंत्र, प्राचीन ग्रीक समाज का अविष्कार है, बहरहाल भारत के गण राज्य इसके समानान्तर देखे जाने चाहिए । रोमन प्रजातंत्र की मूल धारणा यह है कि जनगण, राज्य पर शासन करें लेकिन रोमनों को इस व्यवस्था के साथ ही सम्राटों की आवश्यकता भी थी । स्पष्टतः यह वैचारिक, व्यवहारिक द्वैध था, जिसके चलते नागरिक अधिकारों के पक्षधर हाशिए पर चले गये थे, जिनमें से एक फ्लेवियस एयरीनस भी था । उसका जन्म ग्रीस में हुआ था, उसे बाल्यावस्था में ही बंध्याकृत कर के रोम लाया गया । जहां उसे सम्राट डोमिशियन (सामान्य काल 81-96) के प्याला वाहक का कार्य सौंपा गया । ये कहना कठिन है कि उन दोनों के मध्य और किस तरह के सम्बन्ध थे । यद्यपि उनके समलैंगिक यौन संबंधों की कल्पना असामान्य भी नहीं है । क्योंकि ग्रीकों की तरह से रोमन भी किशोरों / बालकों के साथ यौन सम्बन्ध बनाना पसंद करते थे तथा इसे बढते हुए बच्चों की शिक्षा का अनिवार्य अंग माना जाता था । यदि कोई रोमन किसी लड़के को पसंद कर लेता तो उसे पूर्ण पुरुष रूप में विकसित होने देने से पहले ही उसका बंध्याकरण कर दिया जाता ।

सम्राट डोमिशियन और बालक फ्लेवियस एयरीनस के मध्य सत्ता और शक्ति का बेमेल संतुलन होने के बावजूद सम्राट अपने सेवक को बहुत पसंद करता था सो उसने किशोर एयरीनस को अत्यधिक आजादी दे रखी थी । इस स्वतंत्रता का फायदा उठाते हुए एयरीनस ने विलक्षण कार्य कर दिया । उसने सार्वजानिक रूप से अपने केश काटने का आयोजन किया जिस पर सम्राट ने अपने राज्य कवि, मार्शल और स्टेटियस को निर्देश दिया कि वे इस उपलक्ष्य में कविता / वर्सेस लिखें । रोमनों में केश काटने का आयोजन बढ़ती उम्र बालकों का प्रतीक हुआ करता था । उस दिन किन्नर होने के बावजूद एयरीनस ने स्पष्ट घोषणा की, कि मैं पुरुष हूं । एयरीनस द्वारा साम्राज्य में, अपनी अस्मिता / आत्म पहचान की घोषणा महत्वपूर्ण है जबकि उन दिनों अनेकों तरह के किन्नर रोम में मौजूद थे, कुछेक युद्ध बंदी विदेशी जो जबरदस्ती बंध्याकृत किये गये फिर दास बनाए गये, कुछ मनोरंजन कर्ता, कुछ आपेरा गायक, कुछ संगीतकार और देवी सायबेले के पुरोहित गल्ली, सब के सब किन्नर । एयरीनस को उन प्राचीन दिनों का नागरिक अधिकार वादी माना जाना अहम है क्योंकि उसे बंध्याकृत कर रोम लाये जाने के बाद सम्राट डोमिशियन ने उसे स्वतंत्रता दी थी और रोमन साम्राज्य में बच्चों का बंध्याकरण प्रतिबंधित कर दिया था ।  

बहरहाल विद्वानों में इस विषय में मतभेद है कि सम्राट द्वारा बंध्याकरण को प्रतिबंधित करने का वास्तविक मंतव्य क्या था ? कुछ विद्वानों का मानना है कि सम्राट ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वो अपने बड़े भाई पूर्ववर्ती कुख्यात सम्राट टायटस और अपने लालची पिता वेस्पेसियन की छाया से मुक्त होना चाहता था और स्वयं को नैतिक मानदंडों का पालनकर्ता घोषित करना चाहता था सो किन्नर दास एयरीनस के प्रति उदार होते जाने का कारण अस्पष्ट ही लगता है संभवतः ऐसा एयरीनस के प्रति उसके अनुरक्त होने के कारण हुआ हो । बालक से पुरुष वय होने के बाद एयरीनस का नाम इतिहास के पन्नों से छुप सा गया किन्तु बंध्याकरण के विरुद्ध मुहिम ज़ारी रही । सम्राट डोमिशियन के बाद सम्राट नेरवा ने बाल बंध्याकरण पर रोक ज़ारी रखी इसके बाद सम्राट हैड्रीयान ने सभी तरह के बंध्याकरण पर प्रतिबन्ध लगा दिया हालांकि उसने एच्छिक बंध्याकरण को छूट भी प्रदान की । सम्राट डोमिशियन और बालक फ्लेवियस एयरीनस के मध्य सम्बन्ध जो भी रहे हों पर यह स्पष्ट है कि बच्चों के बंध्याकरण पर प्रतिबन्ध की पृष्ठभूमि में कहीं ना कहीं फ्लेवियस एयरीनस था जो कि बाल्य काल से किन्नरत्व और दासत्व को भुगत रहा था और जिसने स्वयं के पुरुष अस्तित्व की सार्वजानिक घोषणा की थी । उसके कारण से रोमन समाज में बंध्याकरण स्वैच्छिक हुआ । ग्रीक भाषा में एयरीनस के मायने हैं, वसंत से सम्बंधित । जिसके कारण अनेकों पौरुष खिलते, खिलखिलाते रहे। 

सोमवार, 19 दिसंबर 2011

ये कहां आ गये हम यूं ही साथ साथ चलते ...


अभी सुबह सुबह की ठण्ड में घर से बाहर के काम रास नहीं आते पर अपना परिवार अपनी जिम्मेदारी ,सरकारों पे अंगुली उठाने से तो निभने वाली नहीं ! सो गाड़ी उठाई और चल दिए काम पे ...वैसे हमारा पसंदीदा शगल ये कि जो भी लिखो सरकार के ऊपर लिखो ,सड़कों पे कचरा बिखरा , बाबू ने रिश्वत ली , नदी तट पर पालीथिन की भरमार , जगह जगह मानव उत्सर्जन के ढेर , दहेज के कारण नवविवाहिता का अग्नि स्नान , जमीन बटवारे को लेकर भाइयों में मारपीट , प्रेम को लेकर दो समुदायों में बलवा , बिजली के तारों पे लोगों ने हुक लगा कर बिजली चोरी की , राशन की चोरी ,  ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर  जाने अनजाने करोड़ों मुद्दे पर हिट लिस्ट में एक ही नाम , सरकार निठल्ली कुछ करती क्यों नहीं ? मतलब ये कि नागरिक के रूप में हमारा योगदान क्या हो  ?  कैसी सरकार चुने का कोई ख्याल नहीं , बस एक ही रट ये सरकार ...

दिन तमाम ग्राहकी की उम्मीद में दुकानें सजने लगी हैं दुकानदारों ने अंदर का खास माल बाहर सड़कों के मुहानों पे अटकाना शुरू कर दिया है ! अब मार्केट में राह और सकरी होती जायेगी क्योंकि दुकानों ने ग्राहक लपेटने के वास्ते अपनी जीभ बाहर कर ली है ! दिन अभी शुरू ही हुआ है सो नगर निगम की कल्याण योजना में शामिल स्वीपर्स शिद्दत से धूल झाड़ने में भिड़ गये हैं...सारी सड़क की धूल अब सड़क के ऊपर के आसमान में  , मेरे हिस्से , नाक को रूमाल से ढ़कने के सिवा कोई विकल्प शेष नहीं ...कुछ दूरी पर चंद गायें सड़क के बीचो बीच पगुराती हुई बेफिक्र कि इंसानों को यहां से गुज़रना होगा और यह भी कि उनके बिना उनके मालिकान का जीवन कितना दुश्वार हो गया होगा...ये सरकार ...

यहां दुकान और मकान के भेद मिट चुके हैं...एन सामने नालियां बजबजाती हुई , रेत और गिट्टियां सड़क पर , ज़रूर अंदर कोई निर्माण का काम चल रहा होगा ! नालियों के ऊपर पक्की फर्श ढ़लाई और उसके ऊपर तक अपने घर / दूकान का एक्सटेंशन...निश्चय ही प्रवेश की सीढियां और रेम्प आगे चल कर इस सार्वजनिक सड़क को उपकृत करने वाली हैं  ! सार्वजानिक नल की टोंटियां अब नल पर नहीं हैं  ! चमचमाती  कार में बैठे बड़े साहब अपने मोबाइल कैमरे से इस  परिवेश और आसपास बिखरी हुई गंद-ओ- ग़ुरबत की तस्वीरें खींच रहे हैं ! उन्हें शौक है अपने परिवेश को निरखने और बरास्ता तस्वीर सामाजिक आर्थिक बदहाली-ओ-बदलाव पे आलेख चिपकाने का ! सुना है वे असल ज़िन्दगी में एयर ट्रेफिक कंट्रोलर हैं सो उन्हें समाजी जीवन के बदहाल ट्रेफिक की फ़िक्र का शौक पालने में सहूलियत हुई ! उनका ड्राइवर कार से उतर कर नाई की ओर लपकता है , साहब तुमसे मिलना चाहते हैं...लेकिन नाई को साहब के शौक आराई की फुर्सत नहीं  !  उसे रोजी कमाना है  बच्चे पालना है  !  वो शौक नहीं पाल सकता लेकिन आदत उसे भी है  ग्राहकों से निपटते हुए , नीचे गिर रहे बालों को बाहर की नाली की ओर धकेलने की  ,  आहिस्ता आहिस्ता ...ये सरकार...

राज्य के सबसे बड़े बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी इन दिनों जमानत पर हैं  , दुकान के ठीक सामने मेरे करीब ही खड़े टीम अन्ना के शैदाई उनसे भावी आन्दोलन में शिरकत करने की गुज़ारिश कर रहे हैं और शिकवा भी कि भैय्या आप पिछले वाले में नहीं आये  ! वे कनखियों से मुझे ताड़ते है कि कहीं मैं उनकी बातचीत का नोटिस तो नहीं ले रहा ! मैं ब्लागजगत की प्रविष्टियों में लघु टिप्पणियों की तर्ज़ पर मुस्कराता हूं...अति सुन्दर  !  मुंह फेरने से पहले पूछता हूं , मुझसे कुछ कहा क्या ? मगर स्मित हास्य चेहरे पर चस्पा किये हुए...होठों पे  बुदबुदाता हूं सालो...लगे रहो...नहीं आपसे कुछ नहीं कहा  !  वे आश्वस्त हैं कि मेरा ध्यान उनपर नहीं है  !  ये  कहने में कोई हर्ज़ नहीं कि मेरा ध्यान , जैसा कि , उन पर है भी तो  ?   मैं  उनका क्या उखाड़ लेने वाला  हूं  !  खैर...मुझे घर लौटना है , मैं जानता हूं कि हम सब एक ही आदत में जी रहे हैं जहां खुद के गिरेहबान में झांकने की सख्त मुमानियत है  !  

शनिवार, 22 मई 2010

ओह लैला...अब मै बूढा हो चला हूं और मेरे बच्चे भी...

कभी सोचा ना था कि तुम्हे इस तरह , खुद से दूर जाने कहूंगा ...कमसिन था तो सिर्फ तुम्हारा ख्याल रह्ता ...जवानी में सारी मुखालफत ...सारे अंदेशों और सारे ज़माने के सामने ताल ठोंक कर खड़ा  हो जाता पर तुम्हारा  इस्तकबाल  दिल-ओ- जान  से  करता ...क्या  करूं  उम्र  के  सातवें  दशक  में  वो  जोश ...वो  माद्दा  कहां  से लाऊं  जो  तुम्हारे  मुकाबिल  खड़ा  रहकर  तुम्हारे  हुस्नों  जमाल  की  तपिश बर्दाश्त कर सकूं !
ओह लैला ...अब  मैं  बूढा हो चला हूं  और मेरे बच्चे भी निहायत ही  गैर जिम्मेदार और नालायक निकले  !  उन्हें जरा भी अन्दाज़ नहीं कि तुम अब भी क़यामत   ढाती हो ...सोचता हूं  कि  तुम्हारी  मुहब्बत  में  बर-हमेश  मजनूं  को जान  देना  ही   होगा ,  मैं   इस  चलन  को  तोड़   भी  देता  अगर  मेरे  बच्चे  मेरे मुहाफिज़ होते ...यकीन जानों !  अब तो   मुझे  ये वहम  भी  हो चला  है  कि  मेरे  चीनी  और  जापानी रकीब  जरुर  उम्र  में  मुझसे  छोटे  होंगे !   या  फिर मुमकिन है कि उनके बच्चे अपने वालिद के ज्यादा मददगार और वालिद के ज़ज़्बात-ओ-हालात के लिये ज्यादा फिक्रमंद रहते हों   !     खैर ...

पता   नहीं  कैसे  मेरा  ख्वाब  अधूरा  रह  गया और  मैं  दिन तमाम  इस पशोपेश  मे रहा कि लैला को खुद से दूर जाने  की बात कहने वाले   बुज़ुर्गवार कौन थे और वो  अपने बच्चों से  नाउम्मीद  क्यों  थे ...मुझे   इस  तरह का ख्वाब   आया  ही  क्यों  और  इस   ख्वाब   के  मायने क्या है   ?    शाम   तकरीबन   चार  बजे  स्याह  बादलों  के दरम्यान  सूरज ने   धरती  को  टुक से  झांक कर  देखा  और  मेरे ख्वाब   का   तिलस्म यक-बा-यक टूट गया ...सारी बेचैनी  हवा  हुई   पर ख्वाब    के  मायनें आपसे शेयर करने    की   ख्वाहिश  ब्लाग   पोस्ट  में   तब्दील  होने  लगी  है ...

हुआ  यह  कि  पिछ्ले   कई  दिनों  से   समाचार पत्रो ,  टीवी न्यूज  में  ट्रापिकल साइक्लोन लैला का ज़िक्र छिडा हुआ था और  मै   खुद    बेख्याल  सा यह सब देख सुन रहा था कि हवाओं की रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घण्टे से ज्यादा  होने और तूफान के तटीय क्षेत्रों मे तबाही मचाने की आशंकाओ के दरम्यान दरजनों मौतों और हजारों विस्थापितों की खबरें सुरखियां बनी हुई हैं !   हिन्द महासागर के उत्तरी आठ देश - भारत , बांगलादेश , श्रीलंका , पाकिस्तान , ओमान , म्यांमार , थाईलैंड और मालदीव ,.... बंगाल की  खाड़ी   की ऊर्जावान  बेटी   के   निशाने को पहचान चुके थे लिहाज़ा भारत के तटीय राज्यों को अलर्ट करनें की कवायद शुरु हुई  !  विश्व मौसम विज्ञान संगठन और संयुक्त राष्ट्रसंघ के एशिया पेसेफिक क्षेत्र आर्थिक सामाजिक कमीशन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत  इस बार इस तूफान के नामकरण की जिम्मेदारी पाकिस्तान की थी और  उसने  इसे नाम दिया 'लैला'  !   ख्याल   आया कि  इसे  लैला  के  बजाये  मजनूं  क्यों  नही कहा गया तो मामला यहां  भी लिंग भेद का निकला   !   कहते हैं   कि ज्यादा ताकतवर तूफान मर्दों और कम ताकतवर   तूफान औरतों   के नाम  से जाने   जायेंगे !    मतलब ये  कि  कुदरत को   भी नही बख्शा  इंसानों ने    !  कहते  तो  ये भी हैं कि शुरुआती दौर में इन तूफानों का नामकरण आस्ट्रेलियाई मौसम वैज्ञानिको नें  चिढ्कर उन महिला राजनेताओं के नाम पर किया  जिन्होने कभी उन्हें ज़लील किया था !
 
फिलहाल   मेरा   इरादा   तूफानों के  इतिहास के बजाये  अपने स्वप्न फल को   बांचने   का  है   इसलिये   विषयांतर   ना करते   हुए    मुद्दे    पर लौटता हूं   !    जेहन    में  कहीं  यह ख्याल भी था  कि  आपदा  प्रबन्धन के  मामले  में  हम जापान और चीन  से पिछड से  गये हैं ... इतना   ही  नही  देश के प्रति दायित्व बोध और राष्ट्रीयतावाद भी हममे ज़रा   कम  ही  है  !     लगभग  एक जैसी उम्र   के  देश  और उनके नागरिकों के सामाजिक सरोकार मे ज़मीन आसमान  का   फर्क दिखता  है  !  आशय ये कि अचेतन रूप से इन तमाम बातों से गुजरते हुए  मुझ  जैसे  आम आदमी   को    अच्छी   नींद   आई   भी  कहां   होगी  ?    और   फिर   जैसे  ही लैला ने बस्तर को छुआ ही होगा कि मुझे   मेरा देश  प्राक्रतिक  आपदा  के सामने  बेबस खडा दिखाई  दिया  होगा !  अपने  बच्चों से  नाउम्मीद और हताश  सा ....!

शनिवार, 12 दिसंबर 2009

बच्चे कौव्वों से सावधान नहीं हैं लेकिन .....

हमारे मित्र चन्द्रशेखर जी शहर की पाश कालोनी में रहते हैं , खुद की शानदार नौकरी , एक सुन्दर आत्मनिर्भर गृहणी और चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रही एक मात्र पुत्री का छोटा सा ... सुखी परिवार ! वे सोचते बहुत हैं... कभी देश ...कभी दुनिया ...पर देखा परसों ही...और देखते ही मुझे फोन लगाया , क्या कर रहे हैं ? जी ... न्यूज देख रहा हूं...उन्होंने कहा कुछ खास ? मैंने कहा कुछ खास नहीं , बस टिकट बंट रहे हैं... जो टिकट पा गये वे निष्ठावान सिपाही हैं...जिन्हें नहीं मिला ...उनके हाथ भी खाली कहां हैं ? जब टिकट पाये हुए लोग भी लड़ने ही वाले हैं तो जिन्हें टिकट नहीं मिला वो लड़ रहे हों तो इसमें हर्ज ही क्या है ?
मित्र नें कहा , यहां पास की स्लम के कुछ बच्चे खड्डे के कोरे टुकड़ों को बैनर की तरह लेकर पैदल मार्च कर रहे हैं , उनकी रैली आप भी देखते तो अच्छा होता ! मेरे पास कैमरा नहीं है वर्ना फोटो खींच लेता ...बच्चे नारे लगा रहे हैं ! जिन्दाबाद... मुर्दाबाद ...मित्र लगातार बोल रहे हैं ...पर मेरे कान बंद हो चुके हैं ...और मैं सोच रहा हूँ ...हाँ ...ये सच है ! सारा देश ...सारे का सारा देश...'पाश' और 'स्लम' रिहायशगाहों की सीमा रेखाओं में बंटा हुआ ! पाश इलाकों में रहने वाले 'सिटीजंस' देख रहे हैं , पाश इलाकों में रहने वाले 'सिटीजंस' यानि कि मैं भी सोच ही रहा हूँ !
स्लम्स के बच्चे 'जुलूसों' में तब्दील हो चुके हैं , उन्हें सड़कों से गुजरते हुए , मैदानों में फ़ैल कर भीड़ बन जाना है , उन्हें वोटर बनना ही होगा ! इधर कौव्वे कुर्सियां तोड़ रहे हैं , उधर कौव्वे पत्थर फेंक रहे है ...इमारतों के शीशे चटक रहे हैं और बच्चे ...उनका क्या ? उनके हाथों में खड्डे , जिस्म पर चड्ढी और सामने सड़क तो हैं ना ?
मित्र कहते हैं कि बच्चे कौव्वों से सावधान नहीं हैं लेकिन कौव्वों से निपटने की तकनीक उन्हें और मुझे भी कहां आती है ?

शनिवार, 28 नवंबर 2009

तुम चलो हम चलें सावन की घटा चले......

पिछ्ले कई दिनों से वन्दे मातरम पर घमासान है, उस पर मुतवातिर इसरार और इंकार, मुझे तो दोनों ही पक्ष पूर्वाग्रही लगते हैं, देखा जाये तो राष्ट्रवाद को नागरिकों के सच्चे भावनात्मक समर्पण (दिली ताईद) की जरुरत है, क्या फर्क पड़ेगा अगर मैं किसी सांकेतिकता या प्रतीकवाद के आगे सर न भी झुकाऊं तो ?...और अगर बेमन से ही सही किसी प्रतीकात्मकता का अनुगमन कर भी लूं तो यह मेरी राष्ट्र के प्रति निष्ठा का पर्याय कैसे हुआ ? बचपन से लेकर अब तक वन्दे मातरम गाते हुए कभी नहीं सोचा कि मैं उसे खाना पूर्ति / रस्म अदायगी के लिए गा रहा हूँ या दिल से ? ऐसा सोचने का औचित्य भी नहीं था, पर पिछले दिनों इस बारे में जितना पढ़ा, जितना सुना उससे लगा कि, वन्दे मातरम गाते हुए मेरे दिल में कोई ख्याल भी कहाँ था कि मैं इसे देशभक्ति के प्रमाण पत्र के लिए गाकर अच्छा कर रहा हूँ या फिर इसे गाते हुए खुदा की जात में किसी और को शरीक कर बुरा कर रहा हूँ ! यानि कि अब तक जितना भी गाया क्या वह देश भक्ति के प्रमाणपत्र के लिए गाया ? और अगर गा भी दिया तो उससे मेरा खुदा मुझसे नाराज क्यों कर हुआ होगा ? कहने का मकसद ये है कि अगर मेरा अपना दिल साफ है तो मुझे किसी और से सर्टिफिकेट की दरकार कहाँ है और अगर मेरे अन्दर कोई बदनीयती है तो उसे कोई दूसरा पकड़ेगा कैसे ? बात दिल की है...जज्बात की है...जेहनी समर्पण की है इसमें सांकेतिकता / दिखावा कहाँ से घुस गए और इससे बढ़कर ये कि मैं कौन होता हूँ किसी बन्दे को देशभक्त या देश द्रोही करार देने वाला ? इसी तर्ज़ पर कोई दूसरा कौन होता है मुझे देशभक्त या देशद्रोही करार देने वाला ? मान लीजिये कोई व्यक्ति अपने मन में देश के प्रति कुत्सित विचार रख कर वन्दे मातरम गा रहा हो तो उसकी पहचान कैसे की जाएगी और ये कि वन्दे मातरम गाने वाले हर व्यक्ति के ख्यालात नेक हैं इसकी क्या गारंटी है ? उदाहरण के तौर पर हमारे देश में बड़ों की इज्जत / प्रतिष्ठा की एक सांकेतिक परंपरा है कि उनके पैर छुए जायें लेकिन परंपरा का परिपालन बलपूर्वक तो नहीं करवाया जाता ना ? आशय ये कि लोग दिल से इज्जत करें दिखावे में पैर छुयें या ना छुयें ! उम्मीद है कि आप भूले नहीं होंगे कि इसी नेक परम्परा की आड़ में राजीव गाँधी की जान ले ली गई थी ! चरण स्पर्श की सांकेतिकता के पीछे, धानु के मन इज्जत थी या हत्या का विचार ये तो बाद में पता चला !

इस मिसाल को देने का अर्थ ये नहीं है कि चरण स्पर्श की सांकेतिकता बुरी है बल्कि ये कि 'सांकेतिकता' उसका परिपालन करने वाले की नेक चलनी का प्रमाण नहीं हुआ करती ! मैंने अपने आलेख में लिखा कि मैं वन्दे मातरम गाता रहा हूँ पर उसके गायन को देशभक्ति और देशद्रोह से जोड़ने के बारे में कभी सोचा नहीं इसलिए अगर कोई ये कहने लग जाये कि आप वन्दे मातरम गाने वाले राष्ट्रभक्त मुसलमान हैं तो मेरे लिए डूब मरने की बात हो जाएगी क्योंकि इसे गाते हुए मैंने किसी सर्टिफिकेट की अपेक्षा नहीं की है और विशेषकर इसे गाते हुए किसी दूसरे व्यक्ति से तो बिलकुल भी नहीं जबकि मुझे पता ही नहीं कि उसके मन में क्या है ? मेरे लिए देश भक्ति और राष्ट्रवाद, राष्ट्र के प्रति मेरा मानसिक समर्पण है तथा वह किसी दिखावे किसी प्रतीकात्मकता का मोहताज नहीं है ! मेरे ख्याल से ये बेहद फ़िल्मी अंदाज है कि मुस्लिम / पर्सियन / हिन्दू की पहचान जताने के लिए टोपियों, लुंगियों और तिलक जैसे संकेतों का प्रयोग किया जाये प्रेमी और प्रेमिका के प्रेम को तोता मैना या फूलों की डालियों के आसरे अभिव्यक्त किया जाये ! मुझे तो यह प्रदर्शन काफी भोंडा लगता है ! मैं सोचता हूँ कि धर्म /आस्था/ प्रेम का वास्ता दिल से है ! अगर ये दिल के अन्दर नहीं तो संकेतों का क्या मतलब...बस ऐसे ही राष्ट्र वाद और देश प्रेम मेरे दिल का मामला है...मैं रहूँ या न रहूँ देश का इकबाल बुलंद हो...तुम रहो या न रहो देश का इकबाल बुलंद हो, हम रहे या न रहें देश का इकबाल बुलंद हो ! मेरा देश मेरे कपड़ों, मेरे आभूषणों, जिस्म पर लगे गोदने वगैरह वगैरह में नहीं मेरे दिल में बसता है !
फिलहाल दिल से मजबूर होकर गा रहा हूँ...तुम चलो हम चलें सावन की घटा चले...

शनिवार, 21 नवंबर 2009

यहां नहीं पिलाई तो पक्का समझ ले जन्नत में तुझे पीने नहीं दूंगा !

आज भाई अनिल पुसदकर ने अंडे के बहाने, फ़ूड हैबिट्स को लेकर पुरानी पीढ़ी बनाम नई पीढ़ी की सोच के अंतर और फिर एक बढ़िया तालमेल की ओर ध्यान आकर्षित किया है ! उनके संस्मरण को पढ़ते हुए , दिलचस्प लगा कि दादी के लिए अंडा सर्वथा त्याज्य है फिर भी डाक्टर के सुझाव और बच्चे की सेहत को ध्यान में रख कर उन्होंने एक स्पेस दिया कि, घर के अन्दर नहीं चलेगा लेकिन बाहर खिला देना ! इधर बच्चे के पिता ने भी कितनी शालीनता से घर से बाहर जो भी व्यवस्था की, उस पर पर्देदारी की गुंजायश रखी ताकि पुरानी पीढ़ी की भावनायें आहत ना हों ! दरअसल ये किस्सा दोनों पीढ़ियों के पारस्परिक सामंजस्य का शानदार उदाहरण है और समाज में अमूमन ऐसा ही होता है, यानि कि परिवर्तनों की अपरिहार्यता और किंचित ना नुकुर के साथ उनकी संस्वीकृति !...इस तरह के सभी किस्सों में, भांडा फोड़ का संयोग, ज्यादातर बच्चों, यानि कि तीसरी पीढ़ी के हिस्से में ही आता है ! संस्मरण पढ़कर सुखद अनुभूति हुई और एक पुराना वाकया याद आ गया !

हुआ यूं कि...एक मजहबी मित्र कुछ फिक्रमंद से, मेरे पास आये और बोले डाक्टर ने कहा है सर्दियां हैं, बच्चे को हर दिन एक ढक्कन ब्रांडी पिलाओ ! ये ब्रांडी तो शराब हुई ना जी ? मैंने कहा बच्चा कमजोर है...बीमार है, डाक्टर ने कहा है तो पिला दे ना भाई ! वे हिचकिचाये और बोले, लेकिन शराब...? मैंने कहा वो तो, तुम भी पीते हो, फिर बच्चा पी ले तो क्या फर्क पड़ेगा ! वो नाराज होने लगे बोले, क्या वाहियात बात करते हो मैं कब शराब पीता हूं ? मैंने पूछा तो परसों शाम क्या पी रहे थे ? वे बोले 'कफ़ सिरप', लेकिन कफ़ सिरप तो दवा हैं ना जी ! मैंने कहा भाई मेरे, इस दवा में भी अल्कोहल है और ब्रांडी में भी ! अब आगे तू तय कर ले कि बच्चे को दवा मान के पिलायेगा या शराब ! ...और हां, यहां नहीं पिलाई तो पक्का समझ ले जन्नत में तुझे पीने नहीं दूंगा !

मंगलवार, 17 नवंबर 2009

दारोगा - ऐ - जिन्दान इनके 'पंख कलम' कर दो !

सुबह से मन में था कि चाहे जो भी हो जाए आज तस्लीम वालों की सारी की सारी टिप्पणियों का क़र्ज़ चुका कर ही लौटूंगा , फ़िर चाहे उन्होंने समीक्षा लिखी हो , आलेख लिखा हो या कि पहेली पूछी हो ~ टिप्पणी करूं या पहेली हल करूं ~ खाली हाथ तो क़तई भी नहीं लौटूंगा ! मगर .... पहुंचते ही वहां जो कुछ देखा , मेरे हौसले पस्त हो गये ! लगा ज़ाकिर भाई ने पहेली पूछ तो ली मगर मुझे मुसीबत में डाल दिया ! पहेली में दिखाई देने वाली तस्वीर पहले नंगी आँखों से , फ़िर चश्मा लगा कर देखी ! कई .....कई बार देखी ! मुझे तो ये 'मासूम' परिंदा ही लगा !
शायद आपको अंदाज नहीं कि , आसमान में परवाज़ करते परिंदे , दरख्तों की शाखों पर बैठे परिंदे , शाम को घोंसलों की सिम्त डैनों का रुख मोड़ते परिंदे ...और उनकी चहचहाहट का , मेरे लिए एक ही मानी हुआ करता था कि पूरा आसमान....पूरे दरख़्त , सारे परिंदों ....सारे के सारे परिंदों का अपना है !
मेरे ख्याल से इन परिंदों के आसमान का अपना कोई राजनैतिक भूगोल नहीं , वहां कोई सरकारें नहीं , छल प्रपंच में लिप्त राजनेता / गुंडे / मवाली / उन्मादी / फसादी नहीं , कोई फ़तवा / कोई निषेधाज्ञा भी नहीं ! धर्मान्धता और भाषाई पाखंड से मुक्त / अक्षत / मासूमियत भरे परिंदों का आसमान !
कभी लगा ही नहीं कि परिंदे कौन सी जुबान बोलते होंगे ? कभी नमाज पढ़ते या भजन कीर्तन भी करते होंगे ? उन्होंने अपने लिए आसमान के छोटे छोटे टुकड़े भी कर रखे होंगे कि नहीं ? और क्या.... कोई उनकी चहचहाहट को भी 'डिक्टेट' करता होगा ?
परिंदे......मासूम परिंदे , पूरे आसमान में बेलौस , बेख़ौफ़ , परवाज़ के हकदार परिंदे ! आसमान..... सारा का सारा आसमान , परिंदों का और परिंदे आसमान के ! अब तक तो ऐसा ही लगता आया है ! मगर क्या पता ऐसा लगना ग़लत हो ? सिरे से ही ग़लत ?
ज़ाकिर भाई आपकी पहेली का जबाब देने से डरता हूँ ! मुझे भले ही लगता है कि ये एक मासूम परिंदा है और पूरा का पूरा आसमान भी इसका है लेकिन परिंदे की "जात / जुबान और वल्दियत" वगैरह वगैरह तय करने से पहले मुझे बुजुर्गवार का फ़तवा तो सुनना ही होगा और शायद मानना भी होगा ?
अब ये मत कहियेगा कि बाला साहब बीमार हैं याकि बुजुर्गवार बढती उम्र में सठिया गये हैं ! .....खैर आप जो भी कहें हमारा संविधान कहता है कि बुजुर्गवार को परिंदों को डांटने डपटने / पीटने पिटवाने का पूरा पूरा हक़ है !
मासूम परिंदे...... ऊँ....हूँ ....कमबख्त परिंदे , पिंजरे की सरहद से बाहर आसमान में उडनें की ख्वाहिश रखते हैं ! दारोगा - ऐ - जिन्दान इनके 'पंख कलम' कर दो !

रविवार, 15 नवंबर 2009

सुने हुए लोग ..देखे हुए लोग ...भुगते हुए लोग !

लगभग भागते हुए ट्रेन पकड़ी , बर्थ पर सामान पटक कर कुली, रेंगती हुई ट्रेन से प्लेटफार्म की तरफ़ वापस लपका और मैं उसका मेहनताना लिए हुए ट्रेन के गेट तक , पैसों को मुट्ठी में दबाकर वो नीचे कूदा और ट्रेन के साथ साथ दौड़ते हुए ख़ुद को गिरने से बचाने की कोशिश करने लगा ! इधर मेरी ख़ुद की सांसे धौंकनी की तरह चल रही थीं ! उधर कुली की प्लेटफार्म पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद मैं वापस बर्थ पर लगभग ढह गया !
सहयात्री ने पूछा कहां जा रहे हैं मैंने कहा भोपाल और आप ? उन्होंने कहा वहीं ! बातों बातों में पता चला कि सहयात्री अपने ही विभाग के बड़े अधिकारी हैं हालाँकि उनसे इससे पहले मिलने का मौका कभी मिला नहीं था ! इस दौरान उन्होंने मेरा परिचय पूछा नहीं सो मैंने बताया भी नहीं लेकिन विभागीय बातों का सिलसिला चल निकला ! दूसरे अधिकारियों की चर्चा करते करते वे अचानक मेरा नाम ले बैठे , मुझे उत्सुक्तता हुई देखूं क्या कहते हैं मेरे बारे में ?
मैं सामने मौजूद ! लेकिन वे मुझे पहचानते नहीं थे और अब मेरा नाम लेकर प्रतिक्रिया देने ही वाले थे ! मैं दम साध कर बैठ गया , वे कहने लगे 'वो' (यानि कि मैं ) बहुत घमंडी है जब देखो नियम लेकर बैठ जाता है अरे भाई 'सब के काम' करना पड़ते हैं सबको 'साथ' लेकर चलना पड़ता है अगर हम किसी को 'ओबलाइज' नहीं करेंगे तो अपना 'भला' कैसे होगा ?
'वो' .....ऐसा , 'वो'...... वैसा , वो ********* !
मैंने पूछा 'उससे' ( यानि कि मुझसे ) कभी मिले हैं आप ? कभी देखा है ? कोई बातचीत ? उन्होंने जबाब दिया कभी नहीं !.....लेकिन आपकी बातों से लगता है कि आप 'उसे' बहुत अच्छे से जानते है ! उन्होंने कहा 'अमुक ' नें बताया था ! मैंने फ़िर से कहा 'अमुक' तो पिछले हफ्ते ही 'अन्दर' गया ! ऐसे आदमी से 'सुनकर' आपने कोई धारणा कैसे बना ली ?
अधिकारी नें कुछ नहीं समझने के अंदाज में कंधे झटके और खामोश हो गए पर मैं सोच में हूँ .......क्या उन्हें अपना परिचय दे दूँ ? .....अब मैं भी खामोश हूँ ...और चिन्तन कर रहा हूँ कि क्या कभी मैंने भी 'किसी' इंसान के बारे में केवल सुने सुनाये आधारों पर कोई धारणा बनाई थी ? अगर मेरे चिंतन का परिणाम हाँ में आया तो ......? ......... तो ?........तो ? मैं ख़ुद इस दुनिया का सबसे बड़ा 'अहमक' होऊंगा ! फ़िर सहयात्री से शिकायत कैसी ?

रविवार, 18 अक्टूबर 2009

टोपी...दाढ़ी...लुंगी...तिलक...नारियल...आदि ...

बेहद खूबसूरत मुल्क के बेहद खूबसूरत वाशिंदों पर गर्व करते करते कई बार लगता है कि जैसे ये खूबसूरती महज़ छद्म आवरण सी है वरना धनिये में लीद , दूध में केमिकल्स , मावे में..... , नकली दवाइयां ,जहरीली शराब ! पैसे के लिए और ना जाने क्या क्या पाप कर्म ! इंसानियत के कातिल और हैवानियत के नग्न नर्तक के सिवा दूसरा और कौन सा विशेषण जोड़ा जा सकता है हमारे जैसे घटिया नागरिकों के नाम के आगे ? चीन हमसे बाद में आजाद हुआ , जापान ध्वस्त होकर जी उठा , जर्मनी टूट कर एकजुट हुआ .... अगर हम जैसे नागरिक इन मुल्कों में भी होते तो कल्पना की जा सकती है कि ......? ...अजब लोग हैं हम ! पहले प्रतिभा को दुत्कारते हैं और जब वो पलायन कर किसी दूसरे मुल्क की शान बन जाए तो बेशर्म होकर उसे भारतीय मूल का बताने में संकोच भी नहीं करते ! नारियों को देवी सामान पूजने का दंभ और केरोसिन में डुबा कर मार डालने का व्यवहार , हमारे डबल स्टेंडर्ड होने का ज्वलंत उदाहरण है ! यही नहीं हम तो ईश्वर के कण कण में विद्यमान स्वरूपों के हन्ता होने पर भी लज्जित नही हुआ करते ! आस्तिक होने का स्वांग रचाने में हमसे आगे शायद ही किसी दूसरे मुल्क के लोग होते हों ?
कई बार ....बल्कि हर बार ऐसा क्यों लगता है कि हम जो सोचते हैं वह बोलते नहीं और जो बोलते हैं वह करते नहीं और इन दिनों तो ऐसा लगने लगा है कि जैसे टोपी ... दाढ़ी ... लुंगी ...तिलक ... नारियल ...आदि....आदि ....आदि के सामने मनुष्य और मनुष्यता की कोई औकात नहीं है ! इन्हें ओढ़कर जब जो चाहे , जिसका जी चाहे ' रक्षक ' बन जाए ! अपने गिरेहबान में झांकने की हमारी आदत ही नहीं है ...जिसे मर्जी..... देशभक्त /राष्ट्र भक्त /ईश भक्त होने का सर्टिफिकेट दे डालें ! ....आज दिया कल छुडा लें ! असहमत आदमी और असहमति के सुर हमारे सबसे बड़े दुश्मन हैं और हम हाँ जी , हाँ जी ....के सबसे बड़े खैरख्वाह !
ये मुल्क बेहद खूबसूरत है और हम सब इसके बदतरीन नागरिक हैं ! आओ इसी जनम में पुश्तों के लिए पैसा जोडें , मुनाफा कमायें .... साबुन से दूध और विष्ठा से उबटन बनायें !

शनिवार, 10 अक्टूबर 2009

वो बच्चा

कल रात बस यूंही ....टी.वी.पर न्यूज़ देखते / सुनते हुए...कुछ बेचैन सा...लगातार चैनल बदल रहा था ! उधर बीबी के फेसियल एक्सप्रेशंस से साफ ज़ाहिर था कि उसे यह सब बेहद नागवार गुजर रहा है ! उसने कहा ...जीटी.वी.लगाइए हम 'सारे गामा पा' देखेंगे ! मैंने रिमोट उसे दे दिया और ...सोचने लगा कि हम पुरूष दिन भर पिट /पक/थक कर घर लौटने के बाद भी मनोरंजनात्मक सीरियल्स देखने के बजाये न्यूज़ चैनल्स पर क्यों भिड जाते हैं ? और ये जनानियां दिन तमाम मनोरंजन से उलझते उलझते थकती क्यों नहीं ?
कई बार मुझे लगता है कि स्त्री बनाम पुरूष की पसंद / नापसंद /मानसिकता /बौद्धिकता पर आधारित ये चिंतन बेफिजूल है भला अलग अलग जीवन शैलियों पर दिन गुजारने के लिए 'प्रोग्राम्ड' देह रचनाओं /माइन्ड सेट के दरमियान इस तरह की तुलना / बहस / चिंतन क्यों ? सोशल कंडीशनिंग को दरकिनार कर , किया गया सामान्यीकरण.....जो भी हो ....उसे सत्य मान लेना.... मूर्खता के चरम के अतिरिक्त कुछ भी नहीं हो सकता ! मुझे महसूस होता है कि स्त्री और पुरूष ही क्यों ? हर उम्र , हर वर्ग / क्षेत्र /जाति /धर्म के तमाम इंसानों में जब तक सोशल कंडीशनिंग का अन्तर मौजूद हो तब तक बौद्धिकश्रेष्ठता / अभिजात्यता तथा प्रतिभा के होने या ना होने जैसे निष्कर्षों तक पहुँचाने वाला कोई भी चिंतन /अध्ययन दोषपूर्ण ही माना जाना चाहिए !....मैं सोच में हूँ ? कि मैं सोच में था ?
लगता है ...जैसे अन्तरिक्ष से कोई आवाज आ रही हो और मेरे ख्यालात ...खंड खंड हो कर बिखर गए हैं ! अब मैं कुछ भी नहीं हूँ ........सांवरे ...तेरे बिन जिया जाये ना.......वो बच्चा अनन्त प्रतिभा का धनी है ! उसका कंठ....उसके सुर , सब के सब उसके पूरे नियंत्रण में हैं ...उसके चेहरे पर कोई तनाव नहीं वो सिर्फ़ और सिर्फ़ गा रहा है और मैं ...उसके सुरों ने जैसे मुझ में आल्हाद भर दिया हो ...तालियों की गडगडाहट पर ...मैं जागता हूँ और फ़िर से सोच में पड़ जाता हूँ ...इस बच्चे नें कौन से धार्मिक ग्रन्थ पढ़े होंगे ? इसका धर्म... इसकी जाति क्या होगी ?
जो भी हो इसके जितनी उम्र में 'मैं' क्या था ? मैंने बहुत सारे धर्म /धर्मियों/ अधर्मियों /ज्ञान/विज्ञानं को पढ़ा और पोथियों को बांचा है... पर मैं ..........अमा लाहौल विला कुव्वत ...'मैं' तो आज भी इसके सामने कुछ भी नहीं हूँ !

सोमवार, 5 अक्टूबर 2009

ईश्वर अपाहिज और लाचार है क्या ?

उसे देखा नहीं पर नास्तिक भी नहीं हूँ और विश्वास करता हूँ कि उसने सारे के सारे ब्रम्हान्डों सारे जीव जगत , गोचर और अगोचर का सृजन किया , वो अनादि अनन्त और कण कण में विद्यमान ...सर्वशक्तिमान है ! समय उससे शुरू और उस में ही ख़त्म होता होगा ! हमारा वज़ूद ...अगर है तो उसके कारण और नहीं होगा तो उसके ही कारण ! सृष्टि में जीवन मृत्यु ...सुर असुर ... सुंदर असुंदर ... लय ताल ....सारे गर्जन ...सारे मौन ...नियति अनियती ...जो भी है ... सब उसका है / उससे है ! क्रोध दया ....घृणा प्रेम...विराट सूक्ष्म... सब कुछ और कुछ भी नही ...अगर है तो उसका... केवल ....उसका और हम..... इस सब से ऊपर हैं क्या ?..... कहां हैं ? हो सकता है ईश्वर के बारे में मैंने जो भी कहा है वह केवल मेरा भ्रम हो या फ़िर इस संसार में कुछ इंसान ऐसे भी होंगे जो मेरी तरह से ईश्वर के विचार पर आँख मूँद कर विश्वास करते होंगे और ईश्वर से प्रेम मतलब ईश्वर के अंशों प्रेम से भी करते होंगे ? ....पता नहीं मैं ऐसा क्यों सोचता हूँ जबकि ऐसे विचारों का कोई ठोस वैज्ञानिक आधार और कारण भी नहीं हैं मेरे पास ! पर ये तो सच है कि दुनिया में बहुतेरे इंसान ईश्वर की धारणा से सहमत होने का दावा करते हैं और उन्होंने ईश्वर के वजूद की पैरोकारी के लिए नामी गिरामी कानूनदां भी नियुक्त कर रखे हैं ! अलग अलग गेटअप वाले और अलग अलग ब्रांडेड कम्पनियों के मुलाजिमों की तरह अलग अलग ईश्वर के पैरोकार ....वहां पैरोकारी है... बिजनेस है... पर इन्सान और ईश्वर ? पता नहीं ? वे निर्मम व्यवसाइयों की तरह केवल अपने ब्रांड की तरफदारी में लगे हुए लोग हैं..... शायद ? वैसे यह सब लिखने के पीछे मेरी चिंता यह नहीं है कि सभी कम्पनियां , मेरा ईश्वर उसके ईश्वर से अधिक उजला और झक्क सफ़ेद ... क्यों कर रही हैं ....भाई कम्पनी तो होती ही है व्यापार करने के लिए तो मैं इस बारे में क्यों सोचूँ ? दरअसल मैं फ़िक्र में हूँ कि इन कम्पनियों की सेल्स में रखा ईश्वर ...बेचारा ईश्वर ...क्या होगा ....उसका ... ...क्या उसके अलमबरदार उसे बचा पायेंगे ? पता नहीं कब और कैसे वो इन लोगों के संरक्षण का मोहताज हो गया ? शुरू शुरू में लगा कि सिर्फ़ ब्रांडेड कम्पनीज ही ईश्वर की जान-ओ-माल की खैरख्वाह है...पर अब तो हर ऐरा गैर ...दो पाया ....उसकी सलामती / उसकी हिफाजत का स्वयम्भू दावेदार बना हुआ है ! तो क्या ईश्वर इतना निर्बल ...अपाहिज और लाचार सा है ?
मैं उस सर्व शक्तिमान का शरणागत हूँ पर वो लाचार सा ? उनकी शरण में है तो फ़िर मेरा क्या होगा ?

गुरुवार, 3 सितंबर 2009

इशिक तेरा तड़पावे...ओ.हो.हो...हो.हो.हो...तारे गिन गिन...

सालों हो गए इस बस्ती में...कई घर बदले...मुहल्ले भी, पर नहीं बदला तो यहां के लोगों का मिजाज ! सच कहूं तो जगदलपुर आदिवासियों की बसाहट वाला शहर है ही नहीं ! ये अपने आप में पूरा का पूरा हिंदोस्तान है...बंगाली / उड़िया / तमिल / तेलगू/ मलयाली / मराठी / गुजराती / बिहारी / पंजाबी / सिन्धी / मारवाडी...वगैरह वगैरह...कौन नहीं रहता यहां...! हर जाति / मजहब / भाषा / बोली, के नुमाइंदे मिल जायेंगे आपको ! लेकिन आदिवासी...वो सिर्फ़ दिन में आता है...इस शहर में, रोजी रोटी के लिए या फ़िर किसी सरकारी मुहकमे के चक्कर लगाने ! नम्बरों में बात करें तो यहां की आबादी में आदिवासियों का प्रतिशत 5 भी नहीं होगा ! कोई आश्चर्य नहीं कि आदिवासियों के गढ़ बस्तर की जगदलपुर विधानसभा सीट अनारक्षित हो चुकी है ! आज दिन में सोचा कि इस मुद्दे पर कुछ लिखूंगा पर समय बीता...मुद्दा फिसल गया !

अभी कुछ दिन पहले की बात है, उन सभी मुहल्लों के बच्चे बारी बारी से झुंड बना कर...घर आ धमके ! अंकल चंदा चाहिए...मैं तर्क करता हूँ कि बेटा अब तो मैं इस मुहल्ले में रहता हूं, यहां की समिति को चंदा दूंगा...वो कहते हैं...इससे क्या फर्क पड़ता है कि आप कहां रहते हो...आप तो बस हमारे हो, हमें इसके अलावा कुछ नहीं पता...बताइए कितने की रसीद कटवायेंगे...मैं फ़िर से छेड़ते हुए कहता हूं, अरे भाई इस तरह से तो मुझे सभी को देना पड़ेगा, अच्छा चलो इक्कीस रुपये ले कर मामला ख़त्म करें ...वो हँसते हैं ! उनकी मांग दहाइयों में है ही नहीं...!

अब वो मेरे करीब बैठे मित्र गोस्वामी और दुर्गेश की ओर मुखातिब होकर कहते हैं देखो न अंकल कैसा कर रहे हैं भला ऐसे में समिति कैसे काम कर पायेगी ! वो दोनो मुस्कराते हुए इशारा करते हैं, बच्चे हैं, जाने दीजिये ! मैं कहता हूं  चलो ठीक है, जो तुम कहो...दूंगा लेकिन मेरी एक शर्त है...ये कि तुम फिल्मी गाने नहीं बजाओगे और पीने का कार्यक्रम...वो मेरी बात काटते हुए कहते हैं,अरे नहीं अंकल सिर्फ़ भजन बजायेंगे और पीना तो...बिल्कुल भी नहीं ! मैं जेबें ढीली करता हूं और वो खुश होकर जा रहे हैं उनके दमकते चेहरे मुझे अच्छे लगते हैं...हालांकि मैं जानता हूं कि वो लोग क्या करने वाले हैं पर मेरा मोल भाव, सारी छेड़ छाड़ का मकसद भी तो यही था कि,नाउम्मीदी से जूझने के बाद मांग पूरी होने की चमक उनके चेहरों पर बिखरती हुई देखूं...खैर...

आज...जब...शहर की गलियों से गुजर रहा था तो विसर्जन जुलूसों की वज़ह से कई जगह गाड़ी रोकना पड़ी और...वो सारे बच्चे चिल्लाते हैं, गणपति बप्पा...मेरे पास आते हुए...अंकल...मैं जबरिया मुस्कराता हूं, वो कहते हैं, अंकल को जाने दो...अबे जगह दो...अंकल आप जाइये...थोड़ा सा रंग मुझ पर भी पड़ता है...मैं जानता हूं, उनमें से कईयों ने पी रखी है...कई दिनों की थकान उनके चेहरों से झलक रही है, लेकिन जिस्म और क़दमों की थिरकन तेजतर होती हुई...ट्रक पर बजते हुए गाने की...बीट बेहद फास्ट है...स्टीयरिंग पर मेरी ख़ुद की उंगलियां थिरकने लगी हैं... ~~ इशिक तेरा तड़पावे...ओ.हो.हो...हो.हो.हो...तारे गिन गिन~~...फिलहाल मुझे...उनका पीना बुरा नहीं लग रहा है !

सोमवार, 31 अगस्त 2009

आले जो

हमारे हिसाब से वो दोनों शराबी....कबाबी और घर फूंक तमाशा देखने वाले लोग हैं ! हमेशा...नशे में धुत्त...सड़क पर चिल्ला चिल्ला कर ...गाते हुए .....सामने से गुजर रहे राहगीरों के चेहरों को पहचान कर ...कुछ इस तरह की टिप्पणियां कर देते हैं कि ...शर्मिंदा होने के सिवा कोई चारा , बाक़ी नहीं रहता ...अभी परसों ही एक शरीफ पति की शादी के पूर्व की शराफ़त भरी जिन्दगी का बखान करने लग गए ...वो भी उसकी नई नवेली पत्नी के सामने ! ... फ़िर सुना रात गहराते ही , घर पर काफी हंगामा हुआ ... सुबह... पति महोदय का मुंह सूजा हुआ पाया गया ! ...लोग डरते तो हैं , पर सड़क पर तो निकलना ही पड़ता है और ...वहां इन दोनों दोस्तों की लम्बी जुबान ...के खतरे भी उठाना पड़ते हैं ! ...कुछ भाभियां तो आज भी नहीं समझ पाई की शादी की प्रथम रात्रि में पति महोदय प्रेमालाप करने के पूर्व ही इन लफंगे / शराबियों और उनकी आवारगी के किस्से क्यों सुना रहे थे ?... ये नसीहत क्यों दे रहे थे कि इनकी जुबान पर भरोसा मत करना कुछ भी ऊल जलूल बकते रहते हैं ! हम सभी जानते हैं कि इन दोनों की अखंड दोस्ती की शुरुआत शराबखोरी की समान आदत की वजह से हुई वर्ना जाति /धर्म /परिवार और.... ख्यालात भी एक जैसे कहाँ थे ? ...और सच तो ये है कि शराब पीना शुरू करने की वजह भी तो एक जैसी , कहाँ थी ?
आज सुबह सुबह सारे पड़ोसी चाय के नाम पर जुटे और धीरे धीरे स्व धर्म की गौरव गाथा का बखान करने में लग गये ! ....अब भला वो धर्म ही क्या जिसकी महानता का वर्णन दूसरे धर्म की लंगोट खींचने से शुरू ना हो ! लिहाजा मित्रों की बात आहिस्ता आहिस्ता बतंगड़ बनने लगी और मामला तर्क से परे देहानुकूल होने लगा ...इस दरम्यान किसी ने भी ख्याल नहीं किया कि शराबी दोस्त कब आए और कितनी देर से सबको सुनने की कोशिश कर रहे हैं ! इधर माहौल बेहद गर्म ...लगा जैसे सब खून खून हो जाएगा ! तभी वो दोनों हँसे ....उन्होंने सबको गौर से देखा और कुछ कहते कहते रुक से गये ...उन्हें देख कर सारा विवाद झाग सा बैठने लगा ......मानों सबकी सांसें अटक गई हों , कौन जाने क्या कहने वाले हैं .....उन्होंने सहमें हुए बच्चों को देखा ,....सहमी हुई स्त्रियों को देखा और ...थोडी देर पहले गर्मागर्म बहस पर लगे हुए मित्रों को देखा ....फुसफुसाए ....'जानवर' ! .....फ़िर एक दूसरे को देखा और कहा 'आले जो ' और पीने चल दिए ! गाते हुए ....जोर जोर से ...मैंने रखा है मुहब्बत अपने .....! बच्चे खुश हुए ...स्त्रियों के चेहरों से तनाव जाता रहा ! ...अब हमें अपने बारे में सोचना होगा कि होश में रहकर भी ...हम और वो ....कितना फर्क है !
स्पष्टीकरण : (1) 'आले जो ' यानि कि 'चलो चलें ' (2) इस आलेख का मकसद शराब खोरी की हिमायत करना बिल्कुल भी नहीं है ! (३) दुनिया में बच्चों और स्त्रियों से खूबसूरत कुछ भी नहीं ..उन्हें अपने तनावों से बदशक्ल न करें !

रविवार, 9 अगस्त 2009

बेचारी गाय... आक्सीटोन ....धर्म ...और माल बनाओ ...?

तब बोर्ड की परीक्षायें चल रही थीं और मैं संस्कृत के पेपर की तैय्यारी बतौर जोर जोर से रट रहा था ..निबंध ....अस्माकम धेनुः ...यानि हमारी गाय ! मित्र और नातेदार पास से गुजरते और कुछ इस अंदाज से मुस्कराते ..अरे बेवकूफ ... और ले संस्कृत ! सच कहूं तो मुझे भी पता नहीं था कि मैंने संस्कृत को अपनी स्टडीज का हिस्सा क्यों बनाया जबकि उसका मेरे पारिवारिक -सामाजिक बैकग्राउन्ड से कोई लेना देना नहीं था और ना ही इस मामले में , मेरे सनातन धर्मी मित्रों और मुंहबोले रिश्तेदारों का चंद्रमा उच्च का था लिहाजा संस्कृत को एक विषय के रूप में चुनने और पढने की कोई सीधी सादी और ठोस वजह नजर नहीं आती है ! हो सकता है बचपन में उर्दू और अरबी भाषाओँ के अध्ययन नें , भाषाओँ के प्रति कोई मोह जगा दिया हो और मैंने संस्कृत का अध्ययन करना चाहा हो ! वैसे कुछ भी पक्के तौर पर कहना मुश्किल है लेकिन ये तो तय है कि उन दिनों धर्म , दोस्तियों / संबंधों को निबाहने / भाषाओँ को सीखने से लेकर दिन प्रतिदिन की जीवन शैली में निषेध आज्ञायें जारी करने की रूचि या शायद हैसियत नहीं रखता था !
बहुत मुमकिन है कि आज के हालात में धर्म और उसके नाम से फैलाए जा रहे वैमनस्य की तुलना में मेरे किशोरवय निष्कर्ष / अनुमान बेहद कच्चे हों ?.....हो सकता है मेरा बचपन /मेरे दोस्त /मेरे सम्बन्ध ....केवल ....अपवाद हों ..या.. मेरी कल्पना की उपज हों और वास्तव में धर्म तब भी आज जैसा वहशियाना हरकतों और दरिंदगी को प्रेरित करने वाला रहा हो ? कौन जाने सच क्या है .....मैंने जो बचपन जिया वो ..या अभी जो महसूस होता है वो .....भला कोई ईश्वर /कोई धर्म , इंसानों को घृणाजीवी हिंसक और पशुवत कैसे बना सकता है ?
लगता है ...विषयांतर होने लगा है जबकि मैं गाय और उसके जीवन दाई दूध की शुद्धता और मुनाफे के लिए उसमें होने वाली मिलावट की चर्चा के लिए उस निबंध को याद कर था , जोकि मैंने बोर्ड परीक्षा की वैतरणी पार करने के लिए याद किया था !... कमाल की बात ये है कि मेरे मित्र गण मुक्ति के लिए /वैतरणी पार करने के लिए गाय का सहारा लेना चाहते हैं और मैं पहले से ही ले चुका हूँ ...जबकि कुछ लोग इस परोपकारी जीव से मिलने वाले जीवन रस को अपनी आजीविका का आधार बनाये हुए हैं और आजीविका को सम्पन्नता में परिवर्तित करने के चक्कर में बेचारी गाय को आक्सीटोन की डोज पर डोज दिए जा रहे हैं ?... गाय की ऐसी की तैसी ...लोगों की सेहत की ऐसी की तैसी ...जिसकी जान जाना है जाए !... माल अपनी पाकेट में बराबर आता रहे ! लगता है जैसे गाय इन धनकुबेरों /ग्वालों , की लालसा का शिकार होकर , लोगों को जीते जी नरक पहुंचाने का माध्यम बन गई हो ? अब कौन जाने गाय की तरह धर्म भी इन व्यवसाय प्रिय लोगों के 'आक्सीटोन इन्जेकटेड अभियान' चलाओ और माल बनाओ का शिकार हो गया हो ...?
वैसे मुझे मेरी कल्पना और किशोरवय के स्वप्न में ही जीना पसंद है फ़िर चाहे ग्वाले ...दूध ....गाय ....और धर्म के बिना भी !

बुधवार, 5 अगस्त 2009

रक्षाबंधन...नक्सलवाद...और मैंने रखा है मुहब्बत अपने ....

इन दिनों काफी हॉउस में बौद्धिक जुगाली की परम्परा संकट में है , जब काफी हाउस ही नहीं तो अड्डेबाजी कैसी ?...अड्डेबाजी के अभाव में साहित्य / समाज / राजनीति / क्रांति , वगैरह वगैरह अनाथ से हो चले हैं .... सच कहूं तो काफी हाउस , गरीब गुरबा और मंझोले अर्थतंत्र वाले चिंतकों के बोधि वृक्ष हुआ करते थे जहाँ गंभीर से गंभीर और हल्के से हल्के विषयों पर चर्चा बिन खर्चा सम्भव थी ! लेकिन काफी हॉउस , उम्र दराज बूढों से , बोधि वृक्ष ... आख़िर टिकते भी तो कब तक ! ...सो उन्हें जाना ही है ! ...जाना ही पड़ेगा !
खैर ...... अब बात बात पर बीडी या सिगार से उपजे धुंयें , उसकी वर्तुलाकार आकृतियों और तम्बाखू की तेज गंध के दरम्यान साहित्य तथा विचार को बेदम फेंटने वाले मित्रगण हैं नहीं तो क्या ? ...उनके जाने की सम्भावना से पेश्तर , साहित्य और विचार के वातानुकूलित पालन पोषण का इंतजाम कर लिया गया है , इसलिए मैं निश्चिंत हूँ और इस नायाब इंतजाम के लिए जनगण की सरकार का अहसान मंद भी ! लोकतंत्रीय ढांचे में , जनगण की सरकार को 'विचार' का खास ख्याल रखना ही पड़ेगा ! जब वोट लिया है तो वोटर की चिंता दूर करना उसका फर्ज भी बनता है ! .....काफी हॉउस रहें ना रहें , काफी हॉउस के भरोसे चिंतन कर पाने वाले लोग रहें ना रहें ... सरकार है ना ! विचार के प्रति सचेत सरकार और विचार को निज पुत्र की तरह पालने को तत्पर उसके बड़े बड़े कारिंदे ...! भाई मैं तो चिंता मुक्त हूँ .... काहे का रंगकर्म , कौन सा नाटक , कैसी कविता ....कौन से छंद , क्या विचार... काहे का द्वंद ....सरकार है ना ....उसे करने दो सृजन , उसे रचने दो साहित्य , उसे तय करने दो संस्कृतियाँ और विचार की नियति .....!
आज रक्षा बंधन है चलो अपनी बहन की चिंता करें ...सामने नक्सलवाद है .... सो अपनी जान की चिंता करें और चिंता करें अपनी पत्नी तथा नवजात शिशुओं की ....फिलहाल मेरे साथ मिलकर गायें ......मैंने रखा है मुहब्बत अपने अफ़साने का नाम तुम भी कोई अच्छा .......!

रविवार, 17 मई 2009

कोतो टका ?

दिन ठीक से स्मरण नहीं लेकिन घटना अप्रैल १९९० की ही है ! मित्रवर छुट्टियों पर जाने से पहले ज़िम्मेदारी दे गये थे कि जरुरी समझो तो टेलीग्राम कर देना मैं वापस आ जाऊंगा ! वो मूलतः पश्चिम बंगाल के नार्थ परगना जिले के छोटे से गांव के रहने वाले थे और उन्हें पूरा भरोसा था कि मैं , आफिस में कोई समस्या होते ही , उन्हें सम्यक सूचना दे सकूंगा ! यूं तो बांग्ला भाषी मित्रों की सोहबत में मैं बांग्ला भाषा के कुछ कुछ शब्दों के अर्थ समझने लगा था लेकिन बांग्ला में संवाद अभी भी औकात से बाहर की बात थी ! उस दिन नया पारा स्थित तार घर में भीड़ बहुत ज्यादा थी इसलिये अपना तार संदेश खिड़की से अन्दर डालकर मैं अपना नंबर आने का इंतजार करने लगा ! मुझे बहुत आश्चर्य हुआ कि अन्दर सीट पर बैठे सज्जन नें आउट आफ टर्न मेरा तार संदेश उठाकर मुझे आवाज दी और मैं हडबडाते हुए दोबारा खिड़की पर पहुंचा ! इधर लाइन में लगे हुए लोग मुझे घूर रहे थे , उधर वो सज्जन मुस्कराते हुए मुझसे बोले ...उखाने तारघर आछे ? मैंने जानकारी नहीं होने के संकेत बतौर कंधे उचकाये तो वो अपनी सीट से उतरकर आफिस के अंदरूनी हिस्से में चले गये ! मैं समझ गया कि बांग्ला भाषी समझ कर वो मेरी मदद कर रहे हैं ! भीड़ में अपना काम जल्दी निपट जाने की खुदगर्जी नें मुझे यह सच कहने से रोक रखा था कि महोदय मैं बांग्ला भाषी नहीं हूं ! लेकिन मैं डर भी रहा था कि अगर मुझे बोलना पड़ा तो मैं क्या बोलूंगा ? खैर वो सज्जन वापस लौटे ,उनके हाथ में बड़ी सी डायरेक्टरी थी जिसे उलट पलट कर उन्होंने बड़ी तसल्ली और अपनेपन के साथ मुझे देखा और बोले ...उखाने तार घर आछे ! मैंने मुस्कराकर कृतज्ञता ज्ञापित की ! उन्होंने बड़ी उपेक्षापूर्ण दृष्टि के साथ लाइन में लगी हुई भीड़ को देखा और फ़िर मेरे तार संदेश को प्रोसेस करने लगे ! अब मेरी बारी थी ! मैंने डरते डरते दो शब्द कहे ...कोतो टका ! सच पूछो तो ग़लत पहचान और झूठ पर खड़ा मैं बेहद डरा हुआ था ! उन्होंने क्या कहा मुझे सुनाई नहीं दिया ! मैंने सौ रुपये दिये उन्होंने इक्कीस रुपये वापस कर दिये ! उनके चेहरे से झलकते अपनेपन के जबाब में मेरी मुस्कराहट कितनी अस्वाभाविक थी ! मुझे पता नही लेकिन मैं उनके हाथ से बचे हुए पैसे और रसीद लेकर लगभग भाग निकला !
इस घटना के वर्षों बाद भी मैं सोचता हूं कि तब मैंने सच क्यों नहीं कहा ,भले ही मेरा काम लाइन में लगने और थोड़े से विलंब के साथ होता ! वो सज्जन भाषावाद के शिकार होकर नियम विरुद्ध मेरा पक्ष ले रहे थे और मैं ? उस दिन ...मैं भी अच्छा नागरिक, कहां रह गया था ?
क्या छोटी छोटी खुदगर्जियां और छोटे छोटे 'वाद' हमें अच्छा नागरिक बनने से रोकते हैं ?