शनिवार, 26 सितंबर 2026

नदी के जैसी

कहते हैं कि ओबा जोकि प्यार , वफादारी और स्वभिमान की देवी है वो अग्नि, विद्युत और प्रचंड पुरुष ऊर्जा के स्वामी शांगो की तीन पत्नियों में से एक है । उसके अतिरिक्त, ओया और ओशुन भी देवता शांगो की पत्नियाँ हैं । हालांकि तीनों पत्नियाँ शांगो से प्यार करती हैं और उसके प्रति पूर्णतः समर्पित हैं लेकिन ओबा, ओया और ओशुन की तुलना में कहीं अधिक निष्ठावान हैं । किन्तु देवता शांगो ओया की अग्नि और ओशुन की मिठास के प्रति ज्यादा आकर्षित है , वो ओबा की तरफ ध्यान नहीं देते । इसके बावजूद ओबा , शांगो के घर की देखभाल करती हैं और उसे इंतजार है कि कभी ना कभी शांगो उसकी तरफ भी ध्यान देंगे । एक दिन ओबा , ओशुन से पूछती है कि ऐसा कौन सा जादू है , जिसके वश में होकर शांगो , ओशुन से ज्यादा प्यार करते हैं ।

 

ओशुन के स्वभाव में मिठास के साथ ही चालाकी भी थी तो वो ओबा से झूठ बोल देती है कि उसने शांगो के मांसाहारी व्यंजन में अपना कान काटकर डाल दिया था , जिसे खाने के बाद से , वो उस पर फिदा हो गए हैं । इस बात पर ओबा , सहज ही विश्वास कर लेती है । वो , शांगो के खाने में अपना कान काटकर डाल देती है । लेकिन शांगो इस बात को लेकर ओबा से नाराज हो जाता है और उसे ठुकरा देता है । ओबा दु:खी और शर्मिंदा होकर आंसुओं की नदी बन जाती है। ओशुन की स्त्रियोचित डाह पर आधारित झूठ पर विश्वास करके ओबा ने अपना प्यार , अपना आत्मसम्मान खो दिया। प्यार पाने की कवायद में उसने अपना मौलिक वजूद खोया , एक जख्म खाया जो हमेशा उसके साथ रहा ।

 

बहरहाल खुद से हुए छल और जख्म की नसीहत ने ओबा को बदल डाला । अब वो अपने भक्तों को विश्वासघात से बचने की सलाह और जख्म के उपचार संबंधी सुझाव देती है , सहायता करती है । ओबा को उसकी प्रतिष्ठा और सामर्थ्य से कम मिला । उसने अपना बड़प्पन खोया । वो प्यार में मिले गहरे जख्म और गहरी सीख की देवी है । वो रिश्तों के लिए भावनात्मक मेहनत और वफादारी की देवी थी और झूठ पर विश्वास करके उथल पुथल भरी नदी जैसी देवी होकर रह गई है । यह मानने में कोई हर्ज नहीं कि ओबा और ओशुन का रिश्ता पत्नियों के दरम्यान बैरन होने जैसे भाव को अभिव्यक्त करता है । भले ही ओरिशा शांगो की तीनों पत्नियां ओरिशा / देवियाँ थीं पर उनके अस्तित्व में नश्वर प्राणियों के जैसी ईर्ष्या मौजूद थी ।

 

यह एक योरुबा लोक आख्यान है । जिसमें बहु देवतावाद पर विश्वास एक सामान्य बात है । ये  मिथक देवता को ओरिशा कहता है अस्तु कथा में उल्लिखित बहु-देवतावाद असल में बहु-ओरिशावाद माना जाएगा , जिसमें अलग अलग ओरिशा अलग अलग प्राकृतिक शक्तियों के मालिक हैं , यथा कोई विद्युत , कोई जंगल , कोई समुद्र, कोई बस्तियों आदि आदि के ओरिशा हैं । कहते हैं कि कुछ ओरिशा शांत और प्रेमिल स्वभाव के हैं और कुछ खतरनाक किस्म के । यह आख्यान स्वीकारता है कि इंसानों की तरह से देवता भी एकाधिक ब्याह करते हैं, जिसका परिणाम यह कि बहुपत्नियों वाले परिवारों में , पत्नियों के दरम्यान , पारस्परिक ईर्ष्या का मौजूद होना स्वभाविक ही है । स्पष्ट तथ्य यह कि हरेक पत्नि , पति पर अधिकाधिक नियंत्रण चाहती है अतः पत्नियों के पारस्परिक संबंधों में छल प्रपंच की व्याप्ति , अस्वाभाविक बात नहीं है ।

 

कथा की नायिका ओबा , देवता शांगो की तीन पत्नियों में से एक है और तीनों पत्नियां अलग अलग प्राकृतिक शक्तियों की मालिक हैं । देवता शांगो , ओया और ओशुन के प्रति अधिक मोहासक्त है फलस्वरूप ओबा स्वयं को उपेक्षित महसूस करती है । वो चाहती है कि उसका पति उसे भी , उतना ही प्रेम दे जितना ओया और ओशुन को देता है । वो ओया और ओशुन से कहीं ज्यादा निष्ठावान और परिवार को समर्पित पत्नि है पर उसके हिस्से में पति के प्रेम की न्यूनता है । वो ओशुन से सहायता चाहती है किन्तु ओशुन उससे छल करती है ।  नतीजा यह कि ओबा अपने ही परिवार और पति  से तिरस्कृत हो जाती है । उसे जो भी मिला था वो उसे खो बैठती है । पति का न्यूनतम प्रेम , पारिवारिक प्रतिष्ठा और अपना आत्मसम्मान खोकर , नदी की ओरिशा , हो जाना सांकेतिक रूप से अद्भुत कथन है  । वो परिवार से टूटती है , दु:ख और आंसुओं में डूबती है और नदी के जैसी हो जाती है ।

 

नदी, भावनात्मक रूप से उथल पुथल भरी काया के जैसी । ओबा का प्यार, उसका दैवत्व , ज्यादा खोकर, कम पाने का कथन करता है । वो अपनी सौत स्वरूपा ओरिशा ओशुन की सौतिया ड़ाह  का शिकार है और उसके कथन पर सहज विश्वास का दंड भोगती है ।  उसने ऐसे देवता से प्रेम किया , जो उसके प्रेम का लेशमात्र भी लौटा नहीं सका । वो उस प्रेम की सहयात्री बनी , जो कभी , उसका हुआ ही नहीं । उसने प्यार में खुद को खोकर अपने अनुयाइयों को समझाने का मार्ग चुना । स्वयं दंडित होकर उस पर विश्वास करने वालों की सहायता के जैसा पवित्र कर्म चुना । वो जिन तक पहुंची थी , उन्होंने उसे त्याग दिया किन्तु जो लोग उस तक पहुंचते हैं । वो उनकी सहायता करती है । वो जरूरत मंद थी पर उसे तिरस्कार मिला लेकिन वो खुद किसी भी जरूरत मंद का तिरस्कार नहीं करती ।

गुरुवार, 24 सितंबर 2026

ताने-महुता

कहते हैं कि ताने-महुता ने धरती मां पापातुआनुकु और आकाश पिता रांगिनुई को आलिंगन से मुक्त किया था क्योंकि उन दोनों के आलिंगन से धरती पर घोर अंधकार व्याप्त था । इसके बाद , कुछ अरसा गुजरा तो ताने ने देखा कि जमीन पर चट्टान के गिरने के बाद थोड़ी सी लाल रंगत मिट्टी बिखर गई है । उसने सोचा कि  धरती पर सभी चीजें फलती फूलती और उगती हैं तो इस मिट्टी से भी नव सृजन किया जा सकता है । उसने मिट्टी को गूंथकर अपने जैसी आकृति बनाई और उसमें प्राण फूंक दिए । इसके बाद ताने ने जीवन दाई गीत गया सो मिट्टी की प्रतिमा ने आंखें खोलकर पहली बार दुनिया को देखा । प्रतिमा के अंगों में ऊर्जा दौड़ने लगी थी इसलिए वो उठकर खड़ी हो गई और आहिस्ता आहिस्ता चलने लगी ।  ताने ने इसका नाम टिकी रखा जो दुनिया का पहला इंसान था ।

 

दिलचस्प बात ये कि टिकी के जिस्म के सभी अंदरूनी अंगों की रंगत भी लाल मिट्टी के जैसी थी ।  सिरजनहारा ताने, उस इंसान टिकी की नज़रों से अदृश्य था । टिकी को चलकर जंगल के दरख्तों की ओर जाते हुए देखना ताने के लिए अद्भुत अनुभव था । जंगल जहां परिंदे चहक रहे थे । ताने द्वारा सृजित, पहले इंसान को देखने के लिए अनेकों अदृश्य देवियाँ आसमान में परवाज कर रहीं थीं, वो बुदबुदाईं , इस इंसान को एक साथी की जरूरत होगी । दरख्तों के इर्द गिर्द परिंदों के गीतों की गूंज के समांतर , धूप कंपकपाते हुए धरती तक पहुँचने की कोशिश कर रही थी ।  बहरहाल उन देवियों ने हल्की सी धुंध बुनी और उसे दुनिया की पहली औरत की शक्ल दे दी । अब ताने का शाहकार टिकी अकेला नहीं रहा, उसके पास देवियों के उपहार बतौर एक औरत भी थी । 

 

वो दोनों उसी जंगल में रहने लगे जहां उनकी संताने , उनके वंशज आज भी रहते हैं ।  इस घटनाक्रम के बाद ताने, पूर्वी दिशा में स्थित झील के करीब मौजूद,  तू नाम के बगीचे मे रहने लगा । तू , जहां सूरज की पहली किरणे अपने पाँव पसारती हैं । जंगल में रहने वाले लोगों को ताने के बागीचे से नाव और घर बनाने की लकड़ियाँ , रस्सियों और कपड़ों की बुनावट  के लिए रेशेदार वनस्पतियाँ और पत्ते , खाने के लिए कंद और बेरियाँ तथा झील से मछलियाँ मिलीं लेकिन जीवन की आपा धापी में तू , ने उन्हें आखेट करने के कला भी सिखाई , आखेट यानि योद्धा जैसी दक्षता । इसलिए वे लोग ताने को युद्ध के देवता की तरह से पूजने लगे हैं और अब शांति , दुनिया से कहीं और पलायन कर गई है ।

 

यह माओरी आख्यान सृष्टि के प्रथम पुरुष टिकी और प्रथम स्त्री मारिकोरिकों के सृजन वर्णन करता है । इस मिथक का मुख्य नायक ताने-महुता है जो जंगल और पक्षियों का देवता है । जिसे कालांतर में युद्ध का देवता भी कहा गया है । वो आकाश और धरती का पुत्र है , जिसने लंबे समय से आलिंगनबद्ध माता पिता को आलिंगन से मुक्त कर धरती को आलोकित किया था । उसका ख्याल था कि धरती में इंसानों को छोड़कर सब कुछ है सो उसने लाल मिट्टी से, प्रथम पुरुष टिकी का सृजन किया और उसमें प्राण फूंके । इस नाते ताने को टिकी का पिता भी कहा जाता है । कथा का दिलचस्प पहलू यह है कि वो टिकी के अंदरूनी अंगों और रक्त इत्यादि को लाल रंग से जोड़ती है जैसे कि लाल मिट्टी, जिससे उसका बाह्य शरीर भी गढ़ा गया था ।

 

मिथक के देवता द्वारा मिट्टी से प्रथम पुरुष का सृजन विवरण कम-ओ-बेश वैसा ही है जैसा कि यहूदी, ईसाई और इस्लामिक कथाओं में उल्लिखित है , निराकार ईश्वर द्वारा मृदा से प्रथम पुरुष का सृजन, स्मरण रहे कि टिकी के सृजन के समय ताने भी अदृश्य रूप में उद्धृत है । जन्म के उपरांत टिकी जंगल की ओर जाता है , जहां परिंदों की चहचहाहट गूंज रही थी और सूरज घने  छायादार दरख्तों के दरम्यान होकर धरती तक पहुँचने की कोशिश कर रहा था , यहां कथा में दिलचस्प बयान है कंपकपाती हुई धूप । वहाँ ताने के सृजन धर्म को देखने के लिए अदृश्य देवियाँ आसमान में मंडरा रही हैं और उन्हें टिकी के साथी बतौर, एक स्त्री के सृजन का ख्याल आता है । मिथक कहता है कि उन्होंने महीन धुंध से स्त्री को गढ़ा जो टिकी की पत्नी या प्रियतमा हुई ।

 

आख्यान का दूसरा संस्करण कहता है कि यह मारिकोरिकों थी जिसका प्रतिबिंब टिकी ने तालाब के शांत जल में देखा था।इस कथा के अनुसार इसी जंगल में टिकी और मारिकोरिको की संताने हुईं और उनकी वंशबेल द्विगुणित होती रही । कथनाशय स्पष्ट यह कि प्रथम मनुष्य जंगल-जीवी था, कदाचित आखेटक, वनोपज संकलनकर्ता और जंगल से प्राप्त सामग्री से गृह निर्मिती करने वाला । मिथक कहता है कि ताने इसी जंगल के पूर्वी छोर में स्थित झील के किनारे रहता था, जहां तू नामक बागीचा भी था, जिससे इंसानों की दैनिन्दिक जरूरते पूरी हुआ करती थीं । बहरहाल जंगल के रहवासी के रूप में टिकी और उसके वंशजों को आखेट करने का अभ्यास और हथियार जरूरी थे । दक्ष आखेटक और हथियार बंद आखेटक होना, जंगली जानवरों से अपनी सुरक्षा के लिए भी अपरिहार्य  था ।

 

जंगली जानवरों का मांस और खाल के वस्त्र भी बदलते मौसमों के विरुद्ध इंसानों के अस्तित्व को बनाए रखने का महती साधन थे हालांकि उसके पास वनस्पतियों के धागों से बुने हुए वस्त्र और खाद्याहार तो खैर थे ही । ताने ने इंसान का सृजन किया था और इस नाते वो उसका पिता तुल्य था , किन्तु जंगल के जीवन ने उसे आखेटकीय दक्षता और हथियार दिए , युद्ध कौशल दिया । परिणाम यह हुआ कि, कालांतर में पिता ताने ही युद्ध के देवता की तरह से पूजनीय हो गया ।

बुधवार, 23 सितंबर 2026

मूंगे की चट्टान

मुद्दतों पहले समुद्र की खूबसूरत बेटी पानिया, मूँगे के बागीचे के इर्द गिर्द, इतराती फिरती, उसका घर पानी की निचली सतह पर मौजूद  दुनिया की बसाहटों में से एक था ।  वो लहरों के साथ खेलती और कभी कभार साँझ को समुद्र से बाहर की धरती के उस तट पर आ धमकती जहां लहरें , धरती की चट्टानों से टकरा कर बिखर जाया करती थीं । यह माओरी धरती का ते वांगानुई-ए-ओरोतु नामित बाहरी तट था । बेशक सूरज का ढ़लना, इंसानों के गानों के आलाप, हंसी और आर्तनाद, इश्क और ना जाने कितने ही किस्म की बातों को सुनने का मोह पानिया को उस तट पर खींच लाया करता । वो तट पर टिम टिम करती रौशनियों, जलते अलावों और इंसानों के दिलों की गर्माहट के रहस्य  जानने  के लिए आतुर रहा करती । ऐसे ही एक गहराती शाम को उसने दर्द से भरे गीत को सुना, यह कारितोकी था जो न्गाती काहुन्गुनु कबीले के सरदार का दयावान पुत्र था और उस शाम अलाव की रौशनी में विरह का गीत गा रहा था । खूबसूरत कारितोकी को लगा कि उसे कोई देख रहा है , ये पानिया थी । उस शाम के रात की शक्ल में गहराते ही चाँदनी खिल उठी थी । एक दूसरे से नजरें मिलते ही कारितोकी और पानिया की दुनिया गोया ठहर गई थी । अब तक पानिया तट की रेत पर आ चुकी थी । कारितोकी ने उससे पूछा कौन हो तुम ? पानिया ने कहा मैं समुद्र के अंदर की दुनिया में रहती हूं यहीं तुम्हारी बस्ती के पास में । वो दोनों रात भर बातें करते रहे , सुबह से पहले पानिया अपनी दुनिया में वापस लौट गई ।

 

उनमे उन्सियत जाग चुकी थी सो तय ये हुआ कि रात में पानिया, कारितोकी  के पास रहा करेगी और भोर होते ही अपनी दुनिया में लौट जाया करेगी । दोनो के प्रेम में बस यही एक शर्त थी । यह एक अलिखित अनुबंध सा रिश्ता था जिसमें प्रेमी और प्रेमिका रात एक दूसरे के साथ गुजारते और दिन अपनी अपनी दुनिया में । पानिया अपनी खूबसूरती और अच्छे व्यवहार के कारण  से कारितोकी  के परिजनों में काफी लोकप्रिय हो गई थी । उसने उन लोगों को सिखाया कि वे समुद्र का सम्मान करें और उससे केवल अपनी जरूरत लायक सामान ही लिया करने लिया करें, सो उन्हें हरेक ज्वार भाटे को धन्यवाद देना चाहिए । वक्त गुजरता गया और कारितोकी का मन विचलित होने लगा कि कहीं समुद्र उससे पानिया को छीन ना ले । वो पानिया को बर-हमेश अपने पास देखना चाहता था । वो सलाह के लिए कबीले के पुरोहित तोहुंगा के पास गया । तोहुंगा ने उसे समझाया कि समुद्र और जमीन के बीच संबंधों का संतुलन बिगाड़ना उचित नहीं है । पानिया को समुद्र से छीन कर सिर्फ अपने पास रखने की जिद उचित नहीं है, लेकिन कारितोकी समझदारी से काम लेने के बजाए , पानिया को उसके समुद्री रहवास से बेदखल कर दिन-ओ-रात, अपनी धरती में बसाने के लिए आतुर हो चला था । एक रात उसने पानिया के खाने में ऐसी जड़ी बूटियाँ मिला दीं , जिससे इंसान बेसुध हो जाता है । यह सरासर धोखा था जो कारितोकी ने पानिया के साथ किया । वो पानिया को दिन में भी अपने साथ रखना चाहता था । पानिया उसके छल से अनजान थी और उसने सहज ही खाना खा लिया ।

 

वो बेसुध होकर सो गई लेकिन सूरज की पहली किरण ने जैसे ही समुद्र को छुआ पानिया का दिल धड़क उठा, यह समुद्र की पुकार थी । उसे वापस जाना था पर हिम्मत डोल रही थी, उसने मुड़कर प्रेमी की ओर देखा । उसकी आँखें आंसुओं से भर आईं थी, उसने आहिस्ता से बुदबुदाया तुमने मेरे साथ धोखा किया है । मुझे जाना ही होगा समुद्र मेरा घर है  वो मेरी रग रग में बसता है । उससे दूर रहना मेरी मृत्यु है । उसने एक झटके से प्रेमी की बांहों के बंधन से मुक्ति ली और समुद्र की ओर भागी । कारितोकी उसका नाम पुकारते हुए उसके पीछे पीछे भागा लेकिन पानिया ने मुड़कर भी नहीं देखा । उसने लहरों में छलांग लगा दी और समुद्र ने उसे घर जाने का रास्ता दे दिया । उसके बाद वो कभी लौट कर धरती पर नहीं आई।कारितोकी कई दिनों तक उसका इंतजार करता रहा, उसे पुकारता रहा पर पानिया उससे दूर जा चुकी थी । एक सुबह उथले पानी में सूरज की किरणों से चमकती हुई मूँगे की परत नजर आई , ऐसा लगा गोया पानिया की बाँहें और बाल पानी में बह रहे हों लाल और सुनहरी रंगत में डूबे हुए । कहते हैं कि वह पानिया ही थी, जिसे देवताओं ने मूंगे की चट्टान में बदल दिया था । उस दिन के बाद से, वो चट्टान , तट की रक्षक बन गई, जो लहरों को शांत करती और मछलियों को पनाह देती है । दु:खी कारितोकी आज भी उसका नाम फुसफुसाता है और मानता है कि वो लहरों की लय में जीवित है। जब जब चट्टान से टकरा कर लहरें टूटती हैं लोग यह मानते है कि यह पानिया का गीत है । वो मानते हैं कि प्यार कितनी भी कठिनाइयों से गुजरे, कभी खत्म नहीं होता ।

 

यह आख्यान माओरी आदिवासियों के मध्य बेहद लोकप्रिय है । धरती और समुद्र के संधि स्थल पर केंद्रित इस आख्यान से भूमिज और जलीय जीवों के मध्य लगभग आभासीय प्रेम कथा की अनुभूति कराता यह मिथक, प्रेम के अतिरेक से उपजे एक पक्षीय आधिपत्यवाद और उससे जुड़े छल के परिणाम स्वरूप उस संतुलन के बिगाड़ की कल्पना करता है जो धरती और समुद्र के दरम्यान मौजूद है । ये कथा सांकेतिक रूप से कहती है कि धरती के लोगों को समुद्र का कृतज्ञ होना चाहिए विशेषकर ज्वार भाटे का । कथनाशय स्पष्ट यह कि धरती के लोगों को समुद्र से मछलियाँ और खाने योग्य अन्य जीव जन्तु तथा विविध जलीय वनस्पतियां प्राप्त होती हैं यानि कि धरती के मनुष्यों की निर्भरता समुद्र पर है । इतना ही नहीं उनके खाने का मूल आधार नमक भी उनके लिए समुद्र का उपहार माना जा सकता है । बहरहाल समुद्र तट पर अलाव जलाकर बैठे लोग, दु:ख दर्द और खुशियां बांटते लोग, गाते और कथाएं कहते लोग, कल्पना ये कि समुद्र की तलहटी में बसी हुई बस्तियों की एक सुकन्या, इन लोगों की जीवन अनुभूतियों के प्रति आकृष्ट है । वो समुद्र तट के इर्द गिर्द भटकते हुए धरती के लोगों के जीवन रहस्यों से परिचित होना चाहती है । यह कहना कठिन है कि वो दिन भर के थके मांदे लोगों की आभासी नायिका है या जलपरी अथवा मत्स्य कन्या की तरह की कोई धारणा । बहरहाल नायिका का वास्तविक रूप कोई भी हो, वो समुद्र और धरती के मध्य आत्मीय तथा सम्मानजनक संबंधों की कामना करती है ।

 

मिथक के अनुसार समुद्र उसका अपना घर है अतः वो उसे त्याग भी नहीं सकती । कह नहीं सकते कि वो मत्स्य कन्या अथवा जलपरी है या फिर किसी समुद्री द्वीप में अवस्थित नन्ही बस्ती की केवट कन्या, मल्लाहों की सुपुत्री अथवा खुद को जल-क्षत्री मानने वाले समुदाय की कोई लड़की जो शाम से लेकर रात के भोर हो जाने तक घर से बाहर रह सकती है । लेकिन सूरज की रौशनी में निजता भंग होने के भय से उसकी घर वापसी जरूरी हो जाती है । वो धरती के इंसानों के भावनात्मक जीवन से प्रभावित है और हरेक शाम समुद्र तट के इर्द गिर्द चक्कर लगाते हुए इंसानों को लेकर अपनी जिज्ञासा का शमन करना चाहती है । धरती के तट पर अलाव की रौशनी वाली साँझ के देर रात चंद्रमा से आलोकित हो जाने वाले कालखंड में वो कथा नायक के गीत को सुनने का प्रयास करती है । कथा का नायक कबीले के मुखिया का खूबसूरत पुत्र है और चंद्रमा की रौशनी में नायिका को देख कर हतप्रभ है इतना  ही नहीं मिथक कहता है कि वो दोनों एक दूसरे को देख कर मंत्रमुग्ध हो गए हैं और उन्हें आस पास की सुध बुध  तक नहीं है । यह प्रथम दृष्ट्या प्रेम है जो बेखुदी से उबरने के फौरन बाद, एक दूसरे का परिचय जानने की दिशा में आगे बढ़ जाता है । दो से एक हो जाने वाले प्रेम ने उन्हें एक साथ रहने पर विवश कर दिया है । दरअसल यह एक अंतहीन रात थी जो दोनों ने एक साथ गुजारी और भोर की पहली किरण के समुद्र में उतरते ही युवती अपने पैतृक घर की ओर वापस चल पड़ी । अंततः उनके दरम्यान यही एक शर्त थी कि दिन में अलगाव अपरिहार्य होगा ।

 

नायिका से दिन का अलगाव नायक को बर्दाश्त नहीं था वो ज्ञानी पुरोहित से मार्ग दर्शन माँगता है । पुरोहित उसे समझौते पर कायम रहने की सलाह देता है किन्तु नायक, प्रेयसी से दिन रात की निकटता के लिए लालायित है वो आशंकित है कि कहीं, समुद्र , किसी रोज उससे, उसकी प्रेमिका को छीन ना ले । अतः वो निर्णय लेता है कि नायिका को औषधि के प्रभाव से अपने पास रखने का जतन करेगा। उसकी अटूट आसक्ति और बिछोह की किंचित आशंका, उसे छल करने को मजबूर कर देती है । वो नायिका को नींद की औषधि,  खाने में मिलाकर दे देता है । सुबह की पहली किरण नायिका को, अपनी बस्ती में लौट जाने का आह्वान करती है पर वो रात की दवा के असर में है , उसका जिस्म शिथिल है , उसे नायक से इस छल की उम्मीद नहीं थी । वो नायक की बांहों का घेरा और प्रेम के सारे बंधन तोड़कर समुद्र की ओर भागती है । उसकी आंखों में आँसू हैं और पलट कर नायक को ना देखने जैसे व्यवहार में प्रेम के बिखर जाने का असहनीय दर्द । नायक उसे पुकारता हुआ उसके पीछे पीछे भागता है लेकिन नायिका जल्द ही समुद्र की आगोश में समा जाती है, समुद्र जो उसका बसेरा है । उसका पहला घर । नायक हर दिन, हरेक साँझ उसकी वापसी की उम्मीद करता है लेकिन वो नायक, उसके प्रेम और उसकी बस्ती से हमेशा के लिए विदा ले चुकी है । बस्तीदार, इस कथा का अंत जान चुके हैं । एक सुबह समुद्र की उथली सतह पर मूँगे की नव निर्मित चट्टान उभरती है जैसे कि नायिका की बाँहें और केश पानी में लहरा रहे हों ।

 

नायिका जो मछलियों को अपने आँचल में पनाह देती है और समुद्री लहरों के वेग को कम करती है । मूँगे की चट्टान से टकरा कर लहरों का नियमित टूटना जैसे कोई दु:ख भरा गीत और उसके टूटते आलाप की निरन्तरता । नायिका जो मूँगे की चट्टान की शक्ल में आज भी मौजूद है , धरती और समुद्र के संधि स्थल पर... 

शनिवार, 19 सितंबर 2026

सूरज की पिटाई

 

मुद्दतों पहले सूरज आसमान में बहुत तेज भागता था जिसकी वजह से दिन बहुत छोटा और रातें बहुत लंबी होती थीं । ऐसे में माओरी लोग अपने दिन प्रतिदिन के काम काज ढंग से नहीं निपटा पाते थे । इतना ही नहीं तब फसलों के उत्पादन और भोजन की व्यवस्था भी बाधित हुआ करती थी । इस समस्या से निपटने के लिए माओरी अर्द्ध देव माउई ने एक योजना बनाई लेकिन उसके भाई बंधु ही उसकी योजना से असहमत थे क्योंकि वो जानते थे कि सूरज आग का विशाल गोला है जिसे पकड़कर उसकी गति धीमी करना असंभव है । माउई ने कहा सृष्टि में कुछ भी असंभव नहीं होता। इसके बाद उसकी मां और भाइयों ने पटसन से बेहद मजबूत फंदे बुने। माउई ने महान पूर्वज मूरीरंगावेनुआ के जबड़े की जादुई हड्डी अपने साथ एक हथियार की तरह से रख ली और रात के अंधेरे में सदल बल पूर्व दिशा में स्थित उस गुफा की ओर बढ़े , जहां सूरज यानि कि तामानुइतेरा विश्राम करता था ।

 

वहां पहुंचकर उन्होंने दरख्तों की ओट में मिट्टी की दीवालें बनाई तथा जगह जगह जादुई फंदे छुपा दिए और सूरज के जागने का इंतजार करने लगे । माउई ने भाइयों से कहा कि जब तक मैं ना कहूँ कोई भी अपनी जगह से नहीं हिलेगा ।जैसे ही भोर हुई सूरज अपनी गुफा से बाहर निकलने लगा , उसका सिर और धड़ गुफा से बाहर आते ही माउई ने इशारा किया । जिसके बाद भाइयों ने पूरी ताकत से रस्सियाँ और फंदे खींचे । जिसकी वजह से सूरज उन फंदों में बुरी तरह से फंस गया । वो गुस्से में गरजा और खुद की आजादी के लिए भयंकर गर्मी छोड़ने लगा । गर्मी की तीव्रता से माउई के भाई विचलित होने लगे लेकिन माउई ने कहा बस जरा सी देर हौसला बनाए रखो , फिर वो पूर्वज के जबड़े की जादुई हड्डी लेकर आगे बढ़ा और उसने हड्डी से सूरज की पिटाई करना शुरू कर दिया।यहाँ तक कि सूरज उसकी पिटाई से कमजोर और अधमरा हो चला था ।

 

बेबस सूरज ने माउई से पूछा कि, तुम मेरी पिटाई क्यों कर रहे हो ? तब माउई ने सूरज से कहा, तुम आसमान में बहुत तेज भागते हो जिसकी वजह से माओरी लोग खेती करने , शिकार करने और अन्य जरूरी काम करने में विफल हो जाते हैं । माउई की जबरदस्त पिटाई से कराह रहे सूरज ने हार मान ली और वादा किया कि अब वो आसमान में धीमी गति से यात्रा किया करेगा । सूरज के वादे से आश्वस्त माउई ने रस्सियाँ ढीली कीं और सूरज लड़खड़ाते हुए आसमान मे जा पहुँचा । इसका नतीजा ये हुआ कि दिन लंबे होने लगे । इसके बाद माओरी लोगों को, खेती करने , मछली पकड़ने और रोशनी के मजे लेने के लिए  पर्याप्त समय उपलब्ध होने लगा । माउई के प्रति कृतज्ञ हुए माओरी लोग आज भी सूरज की किरणों को माउई की रस्सियाँ कहा करते हैं ।

 

यह आख्यान इंसानों के जीवन में सूरज और उसके ताप के महत्व को रेखांकित करता है । आख्यान के मुताबिक सूरज की गति की तीव्रता के कारणवश दिन छोटे होने लगे थे ।  इतने छोटे कि उनकी फसलों को पनपने और पकने तक का समय नहीं मिल पाता था । वो शिकार नहीं कर पाते थे यहां तक कि दिन प्रति दिन के दूसरे काम पूरे करना भी दुश्वार हो गया था ।कथा कहती है कि माउई , जोकि माओरी जनजाति का अर्द्ध देव था , सूरज की इस हरकत से चिंतित था क्योंकि उसे पता था कि धूप की उम्र घट जाने से माओरी समाज के सामने जीवन के लिए अपरिहार्य भोजन आदि व्यवस्थाओं का संकट बढ़ रहा है अतः उसने तय किया कि वो सूरज को नसीहत देगा ।  उसने सूरज की गति को धीमा करने की योजना बनाई थी लेकिन उसके अपने पारिवारिक सदस्य भी इस योजना को जोखिम भरा मान रहे थे ।  

 

उसके भाइयों का विचार था कि सूरज अत्यंत ज्वलनशील आग का विशाल गोला है और उसे कैद करने की कोशिश में उन सभी की जान भी जा सकती है । माउई इस बात से सहमत नहीं था, उसने कहा कि दुनियाँ में कोई बात असंभव नहीं होती। हम सूरज को पकड़कर दंड जरूर देंगे। माउई की बात सुनकर घरवालों ने पटसन से मजबूत रस्सियाँ बनाईं और मजबूत फंदे भी । ग्रामीण परिवेश में पटसन का इस्तेमाल सामान्य बात है किन्तु सूरज को उसके सोने वाली गुफा से निकलते ही पकड़ना और पटसन के फंदों में तब तक जकड़ कर रखना जब तक कि सूरज माओरी समुदाय के हित में कोई अनुकूल आश्वासन ना दे दे कथा में यह उल्लेख माओरी हौसले के अभिव्यक्ति है । इस आख्यान में दरख्तों की ओट मिट्टी की दीवालें और मृत पूर्वज के जबड़े की हड्डी का कथन अद्भुत है ।  दरख्तों और मिट्टी  की ओट से सूर्य के ताप को सह लेने का अनुभव , कमाल का है ।  

 

जबड़े की जादुई हड्डी से सूरज की पिटाई, तत्कालीन समय में प्रचलित हथियारों से संबंधित कथन माना जा सकता है ।यानि कि प्रचलित वनस्पति की रस्सियाँ और प्रचलित हथियारों से सूरज को दंडित किया जाना मिथक कालीन समाज के अनुभव और ज्ञान की अभिव्यक्ति करता है ।  बहरहाल सूरज के ताप से परिजन विचलित हैं किन्तु अर्द्ध देव माउई उन्हें हौसला देते हुए फंदों में फंस चुके सूरज की बेदम पिटाई करते हुए सूरज को असहाय और कातर बना देता है और फिर सूरज स्वयं की मुक्ति के लिए माउई से समझौता करता है कि अब वो आसमान में अपनी गति धीमी करेगा । इतनी धीमी कि रात और दिन के दरम्यान समयावधि का संतुलन बन जाये और माओरी समुदाय दिन के उजाले का लाभ ले पाए । उस सुबह घायल सूरज अपनी मुक्ति के बाद लड़खड़ाता हुआ आसमान की ओर जाता है और तब से लेकर आज तक सामान्य गति से यात्रा की अपनी वचनबद्धता से मुकरा नहीं है ।  

शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

हिन-नुइ-ते-पो 2

माउई जो माओरी लोक आख्यानों का महान नायक है । चाहता था कि मृत्यु इस धरती से सदा सर्वदा के लिए विलुप्त हो जाये और माओरी लोग अमर बने रहें । उसने योजना बनाई कि अगर वो नश्वरता की देवी हिन-नुइ-ते-पो के शरीर में चुपके से प्रवेश करे और मृत्यु की देवी के गर्भ द्वार से लेकर मुंह तक की यात्रा निर्विवाद ढंग से पूर्ण करने के बाद जीवित बाहर निकल आए तो मृत्यु का चक्र टूट जाएगा तथा सारे इंसान अमर हो जाएंगे ।  माउई अपने साथ छोटी जादुई चिड़ियाँ लेकर पाताल लोक जा पहुंचा उस वक्त मृत्यु की देवी हिन-नुइ-ते-पो सो रही थी ।  उसने अपने कपड़े उतारे और चिड़ियों को सख्त लहजे में सावधान करते हुए बोला कि मैं देवी के शरीर के भीतर जा रहा हूं और जब तक मैं उसके मुंह के रास्ते से वापस बाहर नहीं आ जाता तब तक तुममे से कोई भी आवाज नहीं करेगा ,  अगर तुम लोगों की आवाज सुनकर देवी जाग गई तो मैं उसके शरीर के अंदर ही मारा जाऊंगा ।   

इसके बाद माउई ने हिन-नुइ-ते-पो के पैरों की तरफ से सोती हुई देवी के शरीर में प्रवेश करना शुरू कर दिया ।  वो देवी के जिस्म में पूरी तरह से अंदर जा भी नहीं पाया था कि उसकी पूंछ और उसके शरीर की अजीब-ओ-गरीब हरकत देखकर छोटी फैनटेल चिड़िया जोर से हंस पड़ी ।  चिड़िया की हंसी की आवाज सुनकर देवी हिन-नुइ-ते-पो जाग गई , उसने खतरे को भांप लिया था सो अपने दोनों पैरों को जोर से भींच लिया, इसका परिणाम यह हुआ कि  माउई , देवी के शरीर में ही फंस गया और देवी ने उसे वहीं पर दबोच कर मार डाला । माउई की मृत्यु से इंसानों के अमरत्व की तमाम उम्मीदें खत्म हो गईं और तबसे हरेक इंसान को किसी ना किसी दिन मरना ही पड़ता है । यदि उस दिन माउई , देवी के शरीर से जीवित बाहर निकल पाया होता तो सारे के सारे इंसान अमर हो गए होते पर नन्ही चिड़िया, माउई की चेतावनी को विस्मृत करके हंस पड़ी और फिर जागृत हुई देवी ने बाजी ही पलट दी ।

यह कथा मनुष्यों में अमरत्व की लालसा को समर्पित है वे मृत्यु नहीं चाहते । माओरी आख्यानों का बहुचर्चित नायक माउई , उनकी इस लालसा से सहमत है और इसके लिए जतन करता है । उसकी योजना में नश्वरता की देवी हिन-नुइ-ते-पो के जिस्म में मौजूद मृत्यु चक्र को बाधित करने की है । वो देवी के संज्ञान में लाए बगैर देवी के गर्भ द्वार से लेकर मुख तक की यात्रा निर्विवादित ढंग से पूरी करना चाहता है  । उसे ज्ञात है कि देवी हिन-नुइ-ते-पो जागृत अवस्था में ऐसा कभी नहीं होने देगी क्योंकि अपने ही सगे पिता ताने-महूता की पत्नि हो जाने की ग्लानि से मुक्ति के लिए उसने पाताल लोक का विकल्प स्वयं चुना था और माओरी कबीले के इंसानों के अमरत्व को नश्वरता का अभिशाप दिया था । यहाँ यह तथ्य उल्लेखनीय है कि उसने नश्वरता के लिए अभिशापित आत्माओं को मां जैसा स्नेह दिया किन्तु वो किसी भी कीमत पर अमरता की पुनरबहाली नहीं चाहती थी । माउई की योजना की असफलता के खतरे अलग ही थे । ऐसे में देवी हिन-नुइ-ते-पो की देह में मृत्यु चक्र तोड़ने के लिए घुसे माउई की मृत्यु निश्चित थी ।

माउई, पाताल लोक में निद्रालीन देवी हिन-नुइ-ते-पो की देह यात्रा के सफल आयोजन से पूर्व अपने जीवन को सुरक्षित रखने के उपाय बतौर साथ में मौजूद नन्ही चिड़िया फैनटेल को शांत रहने की ताकीद करता है । वो चाहता है कि चिड़िया की हंसी , आवाज अथवा चहचहाहट से देवी कि निद्रा भंग ना हो जाये क्योंकि जागृत देवी उसे अपनी देह के अंदर ही दबोचकर मृत्यु दंड दे सकती थी । कुल मिलाकर माउई का जीवन , माओरी कबीले का अमरत्व , अंधकार लोक में सोई हुई देवी हिन-नुइ-ते-पो की नींद  पर निर्भर था । उसने आगत संकट से निपटने और आयोजन की असफलता को टालने के लिए नन्ही चिड़िया को सावधान किया । बहरहाल कथा संकेत यह है कि पाताल लोक, देवी हिन-नुइ-ते-पो का था और नश्वरता उसका अभिशाप , इसलिए जादुई चिड़िया, हंसी अथवा चहचहाहट के अपने नैसर्गिक स्वभाव से विरत ना रह सकी ।  उसने वो किया जो माउई नहीं चाहता था । अंततोगत्वा अमरत्व के आकांक्षी की स्वयं की मृत्यु पर यह कथा समाप्त हो गई ।

गुरुवार, 17 सितंबर 2026

हिन-नुइ-ते-पो 1

हिन-नुइ-ते-पो बेहद खूबसूरत लड़की थी, कहते हैं कि जन्म के समय उसका नाम हिन-ती-तामा था यानि कि सुबह की कन्या। हिन-ती-तामा इस सृष्टि की सबसे पहली महिला हिन-अहु–ओने और जंगलों के देवता ताने-महूता की पुत्री थी । जब हिन-ती तामा बड़ी हुई तो तो ताने-महूता ने उससे ब्याह कर लिया । हालांकि वो यह सच नहीं जानती थी कि उसका पति , ताने- महूता  ही उसका पिता है ।  बहरहाल ब्याह के बाद उन दोनों के बच्चे भी हुए । एक दिन उसने, कौतूहल वश, ताने-महूता से पूछ लिया कि क्या वे जानते हैं कि उसका पिता कौन है ? और जैसे ही पति  ताने-महूता ने यह रहस्योद्घाटन किया कि वो स्वयं ही उसका पिता भी है तो हिन-ती-तामा शर्म और अथाह दु:ख से भर गई । उसे गहरा सदमा लगा था और उसने निर्णय लिया कि अब वो इंसानों की दुनिया में नहीं रहेगी । 

इंसानों की दुनिया यानि कि उजालों की दुनिया को छोड़ कर उसने पाताल लोक की अंधेरी दुनिया अर्थात रेंगा में बसने का निर्णय लिया । ताने-महूता ने उसे रोकने की कोशिश की और उसके पीछे पीछे दौड़े लेकिन हिन-ती–तामा ने रोते कहा, आप उजालों की दुनिया मे लौट जाइए और हमारे बच्चों को पालिए । मैं अँधेरों की दुनिया में जा रही हूं ताकि मेरी संतानों और दूसरे इंसानों का जीवन जब भी समाप्त हो , मैं मां बनकर उनकी आत्माओं को संभाल सकूँ । यह पहला मौका था जब इंसानों की दैहिक मृत्यु और मृत्यु के उपरांत आत्माओं के जीवन की बात कही गई थी । बस यही क्षण था जब से हिन-ती-तामा एक नए नाम हिन-नुइ-ते-पो से जानी गई । हिन-नुइ-ते-पो यानि कि रात की, अंधेरे और मृत्यु के साथ ही पाताल लोक की, महान देवी मानी गई ।

यह आख्यान माओरी आदिवासियों में जीवन की नश्वरता का कथन करता है और सांकेतिक रूप से यह रहस्योद्घाटन भी करता है कि , हिन-ती-तामा के हिन-नुइ-ते-पो बनने से पूर्व कबीले में मृत्यु की धारणा प्रचलित ही नहीं थी अर्थात माओरी समाज अमरत्व जैसा जीवन जी रहा था । समाज को मृत्यु और नश्वरता आरोपित करने के बावजूद हिन-नुइ-ते-पो को राक्षसी अथवा दुष्ट नहीं माना जाता है बल्कि उसे मृत्यु के बाद संरक्षण प्रदान करने वाली मां के रूप में स्वीकार किया जाता है । कबीला यह विश्वास करता है कि कि पाताल लोक के भयावह अंधेरे में हिन-नुइ-ते-पो दिवंगत आत्मा को सम्पूर्ण ममत्व के साथ अपने आँचल में जगह प्रदान करती है । यह मिथक एक दार्शनिक दृष्टिकोण और दु:खद घटनाक्रम से परिचय कराता हुआ प्रातीतिक विवरण है ।

हिन-नुइ-ते-पो के मिथक की शुरुआत उसके बालपन और अद्भुत सौन्दर्य के परिचय से होती है किन्तु पिता ताने- महूता का अनैतिक यौन व्यवहार हिन-नुइ-ते-पो के अंधकार लोक और नश्वरता की देवी वाले अवतार का कारण बनता है । वो उजाले के संसार में हुए अनपेक्षित घटनाक्रम की ग्लानि से पीड़ित है और स्वयं को, कथित आलोकमय संसार से पृथक कर लेती है।आख्यान कहता है कि वो लज्जित है और आलोक को त्यागने के बाद कबीले को नश्वरता का दंड देती है लेकिन उसकी भावुकता उसके कबीले के मृत हो चुके लोगों की आत्माओं को ममत्व का लेप भी लगाती है।दिवंगत आत्माओं को अंधकार के भय से मुक्ति प्रदान करती है। सगे पिता का यौन व्यवहार उसके लिए आलोकमय संसार का सर्वाधिक पीड़ा दायक अनुभव है सो वो अंधकार को अपने समाज का अटूट हिस्सा बना देती है।

बुधवार, 16 सितंबर 2026

हिनेमोआ और तुतानेकाई

तुतानेकाई को अमूमन निचले कुल का युवा माना जाता था । वो रोटोरुआ झील  के मध्य स्थित मोकोइया द्वीप में अपने तीन  सौतेले भाईयों के  साथ रहता था । कहते हैं कि वो मोकोइया द्वीप के मुखिया की पत्नि के पूर्व पति की संतान था जबकि उसके तीनों सौतेले भाई मुखिया के वास्तविक जैविक वंशज थे इसीलिए उसके सौतेले भाइयों ने उसे अपने कुल से बहिष्कृत कर दिया था । कुल मिलाकर तुतानेकाई नाजायज संतान होने जैसा दंश झेल रहा था हालांकि उसका पालक पिता मुखिया उसे अपनी संतान की तरह से स्नेह करता था । इसके बरक्स हिनेमोआ झील के किनारे अपने अभिजात्य पिता के शानदार घर में रहती थी ।  कबीले में उसे अद्भुत सौन्दर्य की स्वामिनी माना जाता था और कितने ही युवा उससे ब्याह करना चाहते थे, लेकिन हिनेमोआ को तुतानेकाई से प्रेम था । तुतानेकाई के तीनों सौतेले भाइयों ने हिनेमोआ से ब्याह की पेशकश की किन्तु हिनेमोआ ने साफ इंकार कर दिया क्योंकि वो तुतानेकाई से ब्याह करना चाहती थी । हिनेमाओ के इंकार से उसके अभिभावकों को अत्यधिक निराशा  हुई ।

 

उन्होंने तुतानेकाई तथा उसके सौतेले भाइयों के दरम्यान दौड़ की प्रतियोगिता करवाई जिसमें तुतानेकाई विजयी हुआ , इसके बावजूद अभिभावकों ने हिनेमोआ और तुतानेकाई के ब्याह से साफ इंकार कर दिया और तुतानेकाई को वापस मोकोइया द्वीप वापस भेज दिया गया ताकि दोनों प्रेमी एक दूसरे से मिल ही न सकें , इसके बाद एहतियातन झील के तट की सारी किश्तियाँ छुपा दी गईं,क्योंकि उन्हे डर था कि हिनेमोआ किश्तियों की मदद से तुतानेकाई तक पहुँच सकती है । उधर झील के तट से लगभग 3 मील दूर स्थित द्वीप में रह रहा तुतानेकाई हरेक रात द्वीप की पहाड़ी पर बैठकर बाँसुरी बजाया करता था, जिसकी सुर लहरियाँ हिनेमोआ को बेचैन किया करतीं थीं । वो प्रेमी की धुनों से रोमांचित होती और मिलन के विकल्प सोचा करती थी । उसे तुतानेकाई से जुदाई बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं हो रही थी , ऐसे ही लम्हों में उसने तय किया कि  वो रात के अंधेरे में झील को तैरकर पार करेगी और प्रेमी से जा मिलेगी और उसने यही किया झील का पानी बेहद ठंडा था । बाँसुरी की सुर लहरी  की दिशा में तैरती हुई हिनेमोआ के हाथ पैर लगभग सुन्न हो चले थे ।

 

वो मोकोइया द्वीप तक लगातार तैरती रही और फिर उसने खुद को द्वीप में स्थित एक गरम कुंड में छुपा लिया उसे भय था कि अगर किसी अन्य युवा ने उसे देख लिया और उसे पकड़ कर अपनी झोपड़ी में ले गया तो माओरी रिवाज के मुताबिक हिनेमोआ को उस युवा से ब्याह करना पड़ेगा । पानी की गर्माहट से उसका जिस्म सामान्य हो चला था इसलिए उसने तब तक खुद को छुपाये रखना बेहतर जाना , जब तक कि तुतानेकाई नहाने के लिए उस कुंड में ना  आ जाए , बहरहाल ऐसा ही हुआ तुतानेकाई नहाने आया तो अचानक ही हिनेमोआ उसके सामने खड़ी हो गई , तुतानेकाई अपनी प्रेमिका के साहस से हतप्रभ था और खुश भी ,  फिर दोनों ने एक साथ मिलकर तुतानेकाई की झोपड़ी में शरण ले ली,  सो परंपरा के अनुसार , कबीले को उनके ब्याह के लिए राजी होना पड़ा , उनके प्रेम की सफलता से सौतेले भाई बेहद नाराज हुए , उन्होंने मारपीट करना चाही लेकिन उनके पिता ने हिनेमोआ और तुतानेकाई की रक्षा की क्योंकि वो कबीले की परंपरा का सम्मान करता था और उसे प्रेमी द्वय के ब्याह से अब कोई ऐतराज शेष नहीं रह गया था ।

 

यह आख्यान न्यूजीलैंड के माओरी आदिवासियों को संबोधित है जिसमें नायक और नायिका एक दूसरे से बेतहाशा प्रेम करते है किन्तु नायक तुतानेकाई , अपने पालक पिता की जैविक संतान नहीं था बल्कि उसकी मां के पूर्व पति की जैविक संतान था और उसकी मां ने कालांतर में उसके पालक पिता से ब्याह कर लिया था । सामान्यतः आदिवासियों में विवाह , पुनर्विवाह और पूर्ववर्ती संतानों को लेकर कोई रूढ निषेध नहीं होते हैं फिर भी तुतानेकाई को मुख्य भूमि से विस्थापित करते हुए झील के मध्य स्थित द्वीप में बसने के लिए मजबूर किया गया था , संभवतः तुतानेकाई के सौतेले भाइयों की शुद्ध सामाजिक प्रतिष्ठा को उनके जैविक पिता से जोड़ते हुए ,  तुलनात्मक स्थिति में , पालक पिता के पुत्र के रूप में , तुतानेकाई को हीन सामाजिक प्रतिष्ठा वाला माना गया हो , अन्यथा इस कथा में नायक तुतानेकाई के पालक पिता और नायिका हिनेमोआ के जैविक पिता के दरम्यान सामाजिक आर्थिक प्रतिष्ठा अथवा अप्रतिष्ठा का अन्य कोई संकेत मिलता भी नहीं है । उल्लेखनीय तथ्य यह कि नायिका के परिजनों ने  नायक के सौतेले भाइयों के वैवाहिक प्रस्ताव को ठुकराया भी नहीं था ।

 

सौतेले भाइयों के वैवाहिक प्रस्ताव को ठुकराने का निर्णय हिनेमोआ ने स्वयं लिया क्योंकि उसे तुतानेकाई से प्रेम था और आदिवासी समाज की युवतियों को अपना वर स्वयं चुनने का अधिकार तो खैर होता ही है । परिजनों ने सौतेले भाइयों और नायक के मध्य हुई प्रतिस्पर्धा का परिणाम भी देखा किन्तु उन्हे बतौर दामाद नायक, स्वीकार्य नही था । नायिका के परिजन और नायक के सौतेले भाई , नायिका के निर्णय से क्रुद्ध और असहमत हैं सो नायक पुनः बहिष्कृत हुआ और उसे झील के मध्य स्थित द्वीप में विस्थापित कर दिया गया, इतना ही नहीं नायक और नायिका के मिलन की संभावना को समाप्त करने की गरज से किश्तियाँ भी छुपा दी गईं । नायिका प्रियतम से बिछोह नहीं चाहती थी । उसे प्रियतम की बाँसुरी की धुन , सम्मोहन की हद तक प्रिय थी इसलिए उसने बर्फीले पानी की झील को तैरकर पार करने का दुस्साहसिक निर्णय लिया । उसने अपनी जान जोखिम में डाली और बाँसुरी के सुरों की दिशा में तैरती रही , यहां पर कथा का एक अन्य संस्करण कहता है कि नायिका ने खाली तूंबों को एक साथ बांधकर एक वैकल्पिक किश्ती बना कर यह यात्रा पूरी की थी ।

 

बहरहाल रात का अंधेरा , बेहद ठंडा पानी , तेज बर्फीली हवा और मुख्य भूमि से द्वीप की दूरी , उस अकेली युवती के हौसले को पस्त नहीं कर सके, क्योंकि उसे प्रेम था । द्वीप में गर्म  पानी के कुंड ने नायिका को छुपने और जिस्म की ऊर्जा को पुनः बहाल करने में मदद की । कुंड में नायिका का छुपना प्रेम मार्ग की एक  सामाजिक बाधा से निजात पाने के लिए था ।  जिसके कारण प्रियतम से मिलने की उसकी सारी मेहनत अकारथ हो जाती यदि कोई अन्य युवा उसे पकड़कर अपनी झोपड़ी में ले जाता तो । युवती को मजबूरी में ही सही अपने कबीले की परंपरा के अनुपालन में उस युवक को अपना पति मान लेना पड़ता । नायिका जोखिम नहीं लेना चाहती थी सो उसने नायक का इंतजार किया कि जब भी वो तप्त कुंड में नहाने आएगा तो वो उसके साथ जाकर उसके झोंपड़े में शरण ले लेगी और तब समाज को उन दोनों के ब्याह को स्वीकार करना ही होगा ।  नायिका का आकलन सही था, नायक उसे वहीं मिला और वो खुशी से बौराये  हुए नायक के साथ उसके झोंपड़े के अंदर जा पहुंची सो उनके  ब्याह को सामाजिक स्वीकृति और नायक के पालक पिता का स्नेह संरक्षण भी प्राप्त हो गया ।  


रविवार, 13 सितंबर 2026

अतुकांत कविता जैसी कथा

ग्रीक-ओ-रोमन आख्यान कहता है, एगाडिस्टिस एक उभयलिंगी दैत्य था, जिससे देवता डरते थे इसलिए उन्होंने सोते हुए एगाडिस्टिस का लिंग काट दिया और वो अपने एकलिंगीय स्त्री रूप में बतौर देवी सायबेले जीवित बना रहा । आख्यान के अनुसार उसके कटे हुए शिश्न से धरती पर बादाम का दरख्त उपजा । कालांतर में संगारियस नदी के देवता की कुंवारी पुत्री, नाना ने उस पेड़ से एक बादाम तोड़कर अपने सीने से लगाया और वो चमत्कारिक ढंग से गर्भवती हो गईं और एट्टिस का जन्म हुआ ।  सो मिथक में विश्वास यह कि एट्टिस, उभयलिंगीय दानव एगाडिस्टिस या और कुंवारी जलपरी नाना का पुत्र है चूंकि देवी सायबेले, एगाडिस्टिस का शेष रह गया, अर्ध अंश है, तो सायबेले भी एट्टिस की मां मानी गई । हैरानी की बात ये है कि माता सायबेले अपने ही पुत्र एट्टिस  के प्रेम में पड़ गई जोकि खूबसूरत युवा चरवाहे का जीवन जी रहा था । गौरतलब तथ्य ये कि एट्टिस भी सायबेले से प्रेम कर रहा था । कथा में नया मोड़ तब आया जब एट्टिस ने स्थानीय बादशाह की पुत्री से ब्याह करने का निर्णय ले लिया ।

सायबेले गुस्से और जलन से भर गई उसने ब्याह के समय ही अपनी दैवीय शक्तियों का प्रयोग करके एट्टिस को उन्माद ग्रस्त कर दिया । आयु के अनुसार अपने स्वभाविक प्रेम से वंचित एट्टिस ने बदहवासी की हालत में , चीड़ के दरख्त के नीचे स्वयं को बंध्याकृत कर लिया।  फलतः अत्यधिक खून बहने से उसकी मृत्यु हो गई । माना जाता है कि वहाँ पर बैगनी फूल खिले । एट्टिस की मृत्यु के अपराध बोध से ग्रस्त सायबेले को पछतावा हुआ और उसने सर्वोच्च देवता जियूस से विनती की, कि वे एट्टिस को नवजीवन दें । देवता जियूस ने एट्टिस को चीड़ के दरख्त के रूप में नवजीवन दिया जो प्रतीकात्मक रूप से सर्दियों के मौसम में मरता है और बसंत ऋतु में पुनः जी उठता है । माना जाता है कि गल्लुस नदी के तट पर बसे हुए किन्नर पुजारी स्वयं को बंध्याकृत करके एट्टिस को श्रद्धांजलि देते हैं । यानि कि वे सामान्य देह का परित्याग करते हुए किन्नर पुजारी बनते हैं । एट्टिस के आख्यान के बर-अक्स ईसा पूर्व 3139 के लगभग कुंती पुत्र कर्ण का जन्म हुआ, कुंती जो अविवाहित और नाबालिग थी ।

कुंती को सुयोग्य संतान की प्राप्ति के लिए मिले वरदान के परीक्षण की उत्सुकता थी । उसने देवता सूर्य से कर्ण को पाया और फिर लोक लाज वश उसका परित्याग कर दिया । उच्च कुल में जन्मा कर्ण अपनी जननी माता से बिछड़ कर अनिश्चित भविष्य की ओर नदी की धार संग बह निकला, कथा लंबी है पर कहती है कि कर्ण को अपेक्षाकृत निम्न सामाजिक अधीरथ कुल में पाला गया और यहीं से उसे सामाजिक समानता के लिए जीने मरने का महती उद्देश्य मिला। कर्ण की कथा में माता की अल्पवय जनित चिंतन बोध का संकट है। परिणामतः शिशु  कर्ण के प्राण संकट में थे । संभव है कि वो अपने पिता देवता सूर्य की कृपा से जीवित बच निकला हो और पालक माता ने उसमें, जीवन की विषमताओं, सामाजिक असमताओं के विरुद्ध प्रतिकार करने का विचार रोपा हो । कर्ण सामर्थ्य शाली और स्वयं स्थापित योद्धा था जिसे बमुश्किल परशुराम जैसा गुरु मिला, जिस गुरु ने उसे दीक्षा दी उसी गुरु का अभिशाप, उलाहना उसकी मृत्यु का कारण बना । बहरहाल एट्टिस की तरह उसने आत्मघात नहीं किया ।

कथा सार यह कि यौन नैतिकता की दृष्टि से कर्ण ने एकाधिक विवाह और एकाधिक प्रेम किए । एट्टिस और कर्ण के प्रकरणों के समानांतर अविवाहित माता की संतान जीसस का जन्म 6 से 4 ईसा पूर्व के मध्य में गिना जाना चाहिए क्योंकि एनो डोमिनी या प्रभु का वर्ष और ईसा के पूर्व के मध्य कोई शून्य वर्ष नहीं होना चाहिए । बहरहाल जीसस का जन्म भी ईश्वर की कृपा से कुंवारी मरियम के गर्भ से हुआ उनके पिता यूसुफ पेशे से बढ़ई थे । कथनाशय यह है कि ईश पुत्र जीसस का सांसारिक परिवार निम्न आर्थिक संस्थिति वाला था और लगभग दो वर्ष की आयु में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। जहां कर्ण ने एकाधिक स्त्रियों से प्रेम और ब्याह किए तथा एट्टिस एकाधिक स्त्री से प्रेम करने के उपरांत ब्याह की लालसा लिए परलोक सिधार गया, वहीं जीसस ने किसी स्त्री विशेष के साथ प्रेम और ब्याह का उद्धरण प्रस्तुत नहीं किया बल्कि उन्होंने पूरे के पूरे समाज से प्रेम किया और एक धर्म गुरु की तरह सांसारिकता से मुक्ति का द्वार खोला ।    

यूरोप, पश्चिम मध्य एशिया और भारत के तीन अलग अलग क्षेत्रों के इन आख्यानों को बांचने से कम से कम इतना तो पता चलता ही है कि अतीत काल में संतानों की महानता अथवा दिव्यता के लिए , उन संतानों की मां का ब्याहता होना आवश्यक नहीं था । जहां रोमन और भारतीय मिथक के महानायक बहु स्त्री गामिता और बहु स्त्री प्रेम के लिए अत्यंत उदार मनः है , वहीं पश्चिम मध्य एशिया का पुरोधा, लिंग भेद हीन प्रेम का मार्ग चुनता है , उसके प्रेम में सर्वजन हिताय और पारलौकिक सह आध्यात्मिक मुक्ति कामी जीवन जैसे भारतीय फलसफे की स्वीकृति का संकेत मिलता है । इसके इतर भारतीय महानायक जन्म के उपरांत की पारिवारिक विसंगतियों और जैविक मां से पुनर्मिलन की कड़वाहट में जीते हुए भी एकाधिक ब्याह करता है और अपने लिए दानवीरता के विशिष्ट मार्ग का चुनाव करता है इसके बरक्स रोमन महानायक अपने प्रारम्भिक प्रेम प्रसंग में, मां और पुत्र की बिन ब्याही दैहिक आसक्ति संबंधी सामाजिक निषेध का उल्लंघन करता है और कालांतर में अपनी हम उम्र शहजादी से ब्याह के लिए तत्पर हो जाता है ।

एट्टिस की कथा में तृतीय लिंग का प्राकट्य और किन्नर पुजारियों की सम्मानित सामाजिक धार्मिक उपस्थिति का उल्लेख मिलता है लेकिन सबसे बड़े देवता जियूस के आशीष के बावजूद एट्टिस का अमरत्व, वनस्पति और फूलों सी मौसमी क्रमिकता लिए हुए परिलक्षित होता है । ह्रास और विकास के जैसा । तीनों मिथक अमरत्व , क्रमिक अमरत्व और नश्वरता को उद्घाटित करते हैं । इन्हें स्त्री प्रेम, देह प्रेम और सम्पूर्ण सामाजिकता के लिए सर्व सुलभ प्रेम के उद्धरण माना जाना चाहिए । बहुश्रुत , बहुचर्चित इन आख्यानों में कतिपय विशिष्टताएं उल्लेखनीय हैं यथा बिन ब्याही मां की संतति होना , जिससे आधुनिक समय के सहजीवन, लिव इन रिलेशनशिप जैसे संकेत भी ग्रहण किये जा सकते हैं । केवल स्त्रियों से प्रेम अथवा सार्वजनीन सामाजिक सह सर्वलिंगीय प्रेम या फिर प्रेम में नैतिकता सह अनैतिकता की उपस्थिति , इसके अतिरिक्त सुस्पष्ट विशिष्टता यह कि तृतीय लिंग को सामाजिक धार्मिक प्रतिष्ठा की महती और निःशर्त उपलब्धि । इन आख्यानों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण पक्ष है , स्थाई अमरत्व , क्रमिक अमरत्व अथवा नश्वरता के साथ ही साथ नायकों का महानायक हो जाना । 

शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

जादुई पेंट ब्रश

मां लियांग बेहद गरीब किन्तु  दयालु युवा था और वो एक सम्पन्न किसान के यहाँ मवेशी चराने का काम करता था । उसे पेंटिंग करना बहुत पसंद था सो जहां भी मौका मिलता तस्वीरें बना दिया करता । एक रात, उसने सपने में एक बुजुर्ग को देखा , जिन्होंने उसे , एक जादुई पेंट ब्रश देते हुए सलाह दी कि वो दूसरे गरीब लोगों की मदद किया करे । जब वह सोकर उठा, तो उसने कमरे में पेंट ब्रश पाया । उस दिन के बाद से मां लियांग, लोगों की मदद के लिए उस पेंट ब्रश का इस्तेमाल करने लगा । वो लोगों की जरूरत को ध्यान में रखकर चित्रांकन करता और फिर उसके चित्र जीवंत हो जाया करते थे । एक रोज उसने महसूस किया कि लोगों के पास खेतों की जुताई के लिए बैल और दूध के लिए गायें नहीं हैं तो उसने गाय और बैलों के चित्र बनाए, परिणाम स्वरूप लोगों के पास , जीवंत हुई गायों से दूध उपलब्ध होने लगा और बैलों से खेतों की जुताई आसान हो गई, फिर उसे ख्याल आया कि लोगों के खेतों में सिचाई की सुविधा नहीं है तो उसने नदी का चित्र बनाया जो सचमुच की नदी की तरह से खेतों के करीब से बहने लगी और फसलें हरियाने लगीं । ज्यादातर लोग जान चुके थे कि मां लियांग, लोगों की परेशानियां दूर करने के लिए पेंट ब्रश का इस्तेमाल करता है । उन लोगों में से एक धन सम्पन्न शख्स भी था ।

उसने किसी पारिवारिक प्रकरण में मां लियांग से मदद ली थी । उसे पेंट ब्रश की ताकत का एहसास हुआ तो उसने मां लियांग के कब्जे से उस पेंट ब्रश को हथियाने की बात सोची । वो स्वभाव से बुरा आदमी था और उसका ख्याल था कि वो इस पेंट ब्रश की मदद से बहुत ज्यादा पैसा कमा सकता है । बहरहाल उसने अपने कारिंदे भेज कर मां लियांग को जेल भिजवा दिया और उसका पेंट ब्रश हथिया लिया । जादुई पेंट ब्रश पाकर वो बहुत खुश था और उसने अपने दोस्तों को घर बुलाकर ढेर सारे चित्र बनाए लेकिन आश्चर्य यह कि उसके द्वारा बनाया हुआ एक भी चित्र जीवित नहीं हुआ । उसने एक बार फिर से कारिंदे भेज कर मां लियांग को जेल से बाहर बुलवाया और उससे कहा कि अगर तुम मेरे कहने से कुछ तस्वीरें बना कर जिंदा कर दोगे तो मैं तुम्हें हमेशा हमेशा के लिए जेल से आजाद करवा दूंगा । मां लियांग जानता था कि वो आदमी दुष्ट है पर उसके सामने आजादी का कोई दूसरा विकल्प था ही नहीं ।  मां लियांग ने उसके सामने एक शर्त रखी कि अगर तुम मेरी आजादी की बात पर कायम रहोगे तो मैं तुम्हारे लिए चित्र बना दूंगा । बुरा व्यक्ति बहुत खुश हुआ और उसने कहा , हाँ मैं तुम्हारी आजादी के अपने वचन पर कायम रहूँगा । अब तुम मेरे लिए सोने का पहाड़ का चित्र बनाओ ।

बहरहाल मां लियांग के मन में उस व्यक्ति से मुक्ति की योजना पनप चुकी थी , तो उसने सबसे पहले समुद्र का चित्र बनाया और उसे जीवित कर दिया , यह देखकर दुष्ट व्यक्ति बौखला गया , उसने कहा तुमने समुद्र क्यों बनाया ? जल्दी से सोने का पहाड़ बनाओ । मां लियांग ने कहा ठीक है और उसने सोने के पहाड़ का चित्र समुद्र के दूसरी ओर बना दिया । इस पर दुष्ट व्यक्ति ने कहा कि अब एक विशाल जहाज भी बनाओ ताकि मैं समुद्र पार जाकर ढेर सारा सोना इकट्ठा कर पाऊं । यह सुनकर मां लियांग मुस्कराया और बोला ठीक है  । उसने जहाज का विशाल चित्र बनाया जिसमें सबसे पहले दुष्ट व्यक्ति चढ़ गया और उसके ठीक पीछे पीछे उसके परिवार के लोग और मित्रगण भी जहाज पर सवार हो गए । इसके बाद जहाज , लंबी समुद्री यात्रा पर, सोने के पहाड़ की ओर चल पड़ा और जैसे ही समुद्र के बीचो बीच पहुंचा , मां लियांग ने एक विशाल लहर बनाई , जिससे टकरा कर जहाज डूब गया और वो व्यक्ति,  अपने रिश्तेदारों, दोस्तों सहित काल के गाल में समा गया । इस प्रकार से मां लियांग की बुद्धिमत्ता से ना केवल मां लियांग बल्कि सारे गांव के लोग उस बुरे स्वभाव के व्यक्ति के आतंक से मुक्त हो गए और एक बार फिर से मां लियांग, खुशी खुशी गरीब लोगों की मदद करने लगा ।

यह एक चीनी आख्यान है जिसके संकेतानुसार ग्रामीण बसाहटों में बहुसंख्य आबादी निर्धन और जीवन अवसरों से वंचित हुआ करती है और गिने चुने धन सम्पन्न लोग उनके शोषण और बदहाली के लिए उत्तरदाई होते हैं । कथा में,  मां लियांग नामक व्यक्ति भी निर्धन किन्तु सदाशय है । वो अपने गांव में कम-ओ-बेश सबकी सहायता खुले मन से करता है । उसके गांव की बहुसंख्य आबादी के निर्धन होने और गिने चुने परिवारों के सम्पन्न होने की प्रतीकात्मकता समाज की जनसंख्या के द्विवर्गीय होने का संकेत देती है । स्पष्ट है कि यह वैषम्य आर्थिक और साधन संपन्नता पर आधारित है । इस मिथक में सम्पन्न व्यक्ति की लोलुपता, निचले सामाजिक संस्तरण से सब कुछ निचोड़ लेने जैसा संकेत देती है । कुल मिलाकर यह गांव,  कार्ल मार्क्स के द्विवर्गीय समाज वैषम्य और शोषण की अवधारणा के जैसा प्रतीत होता है । मां लियांग की सदाशयता और वंचितों की सहायता के उसके संकल्प से यह बोध होता है कि जैसे सर्वहारा वर्ग में किसी नायक ने एकजुटता की पहल की हो । उल्लेखनीय है कि अन्यान्य कारणों से ही सही, मां लियांग , एक  शोषक व्यक्ति की सहायता कर बैठता है जिसकी परिणति स्वरूप उसे जेल जाना पड़ता है  । शोषक व्यक्ति , मां लियांग से उसकी ऊर्जा और सहायता के साधन छीन लेना चाहता है ।

मिथक में यह उल्लेख मिलता है कि शोषक व्यक्ति सहायता के साधनों को छीन लेने के उपरांत भी, स्वार्थी सिद्धि में विफल रहता है । उसके स्वार्थ का आधार विशुद्धतः आर्थिक है सो उसने मां लियांग की मुक्ति के सौदे के नाम पर, मां लियांग से ही अपनी हित सिद्धि करवाना चाही लेकिन इस बार मां लियांग सतर्क था उसने पिछली भूलों से सबक सीखा था । मां लियांग ने होशियारी से पहले समुद्र फिर समुद्र पार सोने का पहाड़ और उसके बाद विशाल जलपोत के चित्र बनाए तदुपरांत शोषक की लालसा के गर्त में , शोषक और उसके कुनबे को ही धकेल दिया । यह एक कुशल योजना थी जिसके अंतर्गत विशाल समुद्री लहर से शोषक वर्ग का अंत किया जाना था उसे सबसे बाद में रचा गया । यह मुक्ति का सबसे सफल आयोजन था जिसमें सारे चित्र जीवित होकर शोषणकर्ता को ही निगल गए और मां लियांग ने गांव के शोषित वर्ग को आगत जीवन की विभीषिका से मुक्त करा लिया और कथा के इस मोड़ पर सिर्फ एक ही वर्ग गांव में स्वतंत्र होकर जिया , मां लियांग और उसके जैसे अन्य निर्धन लोगों का वर्ग । मां लियांग इस मुक्तिकामी वर्ग का नायक बना और लोगों की सहायता में लगा रहा । बहरहाल ये कहना कठिन है कि यह आंदोलन हिंसक नहीं था और ये कि स्वतंत्र हुए लोग साधन विपन्नता में एक जैसे नहीं थे ।

मिथक में किसी बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा पेंट ब्रश का उपहार, मां लियांग को दिए जाने का उल्लेख है और वो भी स्वप्न में । प्रतीत होता है कि यह मां लियांग जैसे विचारशील और सृजनहारे के चिंतन का परिणाम था जिसके आधार पर शोषण के विरुद्ध युद्ध को जीता गया । मां लियांग एक सृजन शील व्यक्ति है और उसने सुनियोजित ढंग से शोषक वर्ग का समूल नाश करने योग्य सोने के पहाड़ के प्रतीक गढ़े, जिसके समुद्र के उस पार मौजूद होने का आश्वासन दिया गया किन्तु विशाल जहाज के समुद्र की प्रचंड लहरों से ना बच पाने का जतन भी किया गया । कथा की इस व्याख्या में बुजुर्ग व्यक्ति को अनुभवी और ज्ञानवान व्यक्ति माना जा सकता है । संभव है कि सुधि जन को कथा की यह व्याख्या अनुपयुक्त लगे किन्तु इस मिथक की दूसरी व्याख्या आध्यात्मिकता और दैवीयता से ओत प्रोत  है । यहां एक बुजुर्ग यानि कि एक देवतुल्य व्यक्ति मां लियांग की मदद की गरज से उसे एक जादुई पेंट ब्रश देता है जिसके माध्यम से बनाए गए चित्र स्वयं ही जीवंत हो जाते हैं और मां लियांग ऐसे ही चित्र गढ़ते हुए साधनहीन तबके की मदद करता है । उसे चित्र कला का अभ्यास है और देवतुल्य व्यक्ति ने उसके अभ्यास के अनुकूल साधन उसे दिए हैं ताकि उसकी सदाशयता का लाभ वंचित तबके को मिल पाए । कथनाशय यह कि दैवत्व सदैव ही वंचित आबादी के पक्ष में खड़ा रहता है ।