अपनी जैविक घड़ी पे भरोसा टूट सा चला है...भोर पांच पंद्रह का अलार्म लगा कर सोया था हालांकि कुदरत की घड़ियां सुबह दो बजे से ही बजने लगी हैं...पास ही कहीं बिजली गिरी होगी ! उठकर देखता हूं बारिश तेजतर होती हुई, दूर स्ट्रीट लाईट सिमट सी गई है गोया तूफ़ान के आसार से सहमी हुई हो ! यक़ीनन कोई और वक्त होता होगा जबकि बूंदे गिनना रोमांटिक एहसासों में शामिल होता हो पर अभी तो उन्हें बूंदे मानने की हिमाकत नहीं कर सकता, आंगन के पक्के फर्श पर हथौड़ों सी बजती हुई, भय पैदा करती हुई, वापस अपने बिस्तर पर दुबक गया हूं पर नींद जा चुकी है कोसों दूर !
बमुश्किल करवटें बदलते हुए तीन घंटे की ताबड़ तोड़ बारिश से बेसब्र हुआ, मैं सोचता हूं चाय पीकर नेट पर बैठ जाऊं...तलब किचन की ओर कदम खींचती है पर मैं कंप्यूटर रूम की ओर बढ़ता हूं, बेबस सा...हसरत भरी निगाहों से बीबी की ओर निहारता हुआ...काश जागती होती ! शादी के बाद की निर्भरता, तलब पर भारी पड़ती है और मैं उसके जागने का इंतज़ार करना तय करता हूं ! बाहर बारिश थम चुकी है, नेट पर आते ही ताज़ा प्रविष्टियों पर टिप्पणियां लिखने की शुरुआत से पहले खिड़की से बाहर झांकता हूं, सागवान के पत्ते गहरे स्याह हरे स्तब्ध से, सूरज महराज के आगमन की फिलहाल कोई खबर नहीं, दरख्तों की शाखों पर बसेरा लिए पत्तों का मौन मुझे हमेशा ही कष्टदाई लगता है, गोया किसी एडिक्ट ब्लागर का कंप्यूटर हैंग हो गया हो !
कुछ देर पहले तक की मूसलाधार बारिश के बाद , विलंबित सुबह के धुंधलके में अटकी हुई रौशनी के लिए पत्तों का यूं ठहर जाना,उदास कर गया ! ख्याल आता है कि ज़िन्दगी के लिए पानी ही नहीं रौशनी भी चाहिए इन्हें ! कुल जमा दोनों चाहिए मगर जरुरत बराबर...ना रत्ती भर कम ना रत्ती भर ज्यादा, इधर बैलेंस गड़बड़ उधर जान के लाले ! बेजुबानों में शुमार हैं सो इनकी चीख-ओ-पुकार कोई सुनता भी नहीं...पता तब चलता है जब लाशें बिछ जाती हैं ! स्तब्ध पत्तियों को देखकर तो यही लगता है कि रात जरुर ज्यादती हुई है, इनके साथ वर्ना हल्की सी हवा में क्या मस्त झूम झूम जाती हैं ये ! तब बूंदें इतनी तेज ही थी कि इन्हें चोट जरुर पहुंची होगी या फिर हवाओं ने ये खबर ही दे दी होगी कि तुम्हारा पड़ोसी अपनी खिडकी से झांकता हुआ अपने कांक्रीट के किले में सुरक्षित है तो क्या ? बगल की बस्ती डूब चुकी है, मिट्टी की दीवारें भरभरा कर ढह गयी हैं, वहां मातम है !
मुझे सुबह के सूरज का इन्तजार है, शायद रौशनी में ये पत्तियां मुस्करा उठें तब मुमकिन है कि इनकी रंगत गहरी स्याह हरी से गहरी हरी दिखाई दे ! सुबह का इंतजार तो बगल की बस्ती वालों को भी होगा पर उनकी सुबह कब होगी ? फिलहाल तो वे रात की बूंदों की मार से साबुत बच गया कुछ सामान खोज रहे होंगे ! उनकी सुबह यक़ीनन मेरी सुबह से बहुत दूर होगी, दरख्त उदास हैं, शाखें खामोश हैं और पत्तियां शायद बगल की बस्ती के सोग में स्तब्ध सी ! वहां मलबे में अब भी कुछ सामान कुछ उम्मीदें जरुर बाकी होंगी ! आह ये सुबह जो आके ठहर गई है बे रौशनी सी अजाब जैसी...