हिन-नुइ-ते-पो
बेहद खूबसूरत लड़की थी, कहते हैं कि जन्म के समय उसका नाम हिन-ती-तामा था यानि कि
सुबह की कन्या। हिन-ती-तामा इस सृष्टि की सबसे पहली महिला हिन-अहु–ओने और जंगलों
के देवता ताने-महूता की पुत्री थी । जब हिन-ती तामा बड़ी हुई तो तो ताने-महूता ने
उससे ब्याह कर लिया । हालांकि वो यह सच नहीं जानती थी कि उसका पति , ताने-
महूता ही उसका पिता है । बहरहाल ब्याह के बाद उन दोनों के बच्चे भी हुए ।
एक दिन उसने, कौतूहल वश, ताने-महूता से पूछ लिया कि क्या वे जानते हैं कि उसका
पिता कौन है ? और जैसे ही पति ताने-महूता
ने यह रहस्योद्घाटन किया कि वो स्वयं ही उसका पिता भी है तो हिन-ती-तामा शर्म और
अथाह दु:ख से भर गई । उसे गहरा सदमा लगा था और उसने निर्णय लिया कि अब वो इंसानों
की दुनिया में नहीं रहेगी ।
इंसानों की
दुनिया यानि कि उजालों की दुनिया को छोड़ कर उसने पाताल लोक की अंधेरी दुनिया
अर्थात रेंगा में बसने का निर्णय लिया । ताने-महूता ने उसे रोकने की कोशिश की और
उसके पीछे पीछे दौड़े लेकिन हिन-ती–तामा ने रोते कहा, आप उजालों की दुनिया मे लौट
जाइए और हमारे बच्चों को पालिए । मैं अँधेरों की दुनिया में जा रही हूं ताकि मेरी संतानों
और दूसरे इंसानों का जीवन जब भी समाप्त हो , मैं मां बनकर उनकी आत्माओं को संभाल
सकूँ । यह पहला मौका था जब इंसानों की दैहिक मृत्यु और मृत्यु के उपरांत आत्माओं
के जीवन की बात कही गई थी । बस यही क्षण था जब से हिन-ती-तामा एक नए नाम हिन-नुइ-ते-पो
से जानी गई । हिन-नुइ-ते-पो यानि कि रात की, अंधेरे और मृत्यु के साथ ही पाताल लोक
की, महान देवी मानी गई ।
यह आख्यान
माओरी आदिवासियों में जीवन की नश्वरता का कथन करता है और सांकेतिक रूप से यह
रहस्योद्घाटन भी करता है कि , हिन-ती-तामा के हिन-नुइ-ते-पो बनने से पूर्व कबीले
में मृत्यु की धारणा प्रचलित ही नहीं थी अर्थात माओरी समाज अमरत्व जैसा जीवन जी
रहा था । समाज को मृत्यु और नश्वरता आरोपित करने के बावजूद हिन-नुइ-ते-पो को
राक्षसी अथवा दुष्ट नहीं माना जाता है बल्कि उसे मृत्यु के बाद संरक्षण प्रदान
करने वाली मां के रूप में स्वीकार किया जाता है । कबीला यह विश्वास करता है कि कि
पाताल लोक के भयावह अंधेरे में हिन-नुइ-ते-पो दिवंगत आत्मा को सम्पूर्ण ममत्व के
साथ अपने आँचल में जगह प्रदान करती है । यह मिथक एक दार्शनिक दृष्टिकोण और दु:खद
घटनाक्रम से परिचय कराता हुआ प्रातीतिक विवरण है ।
हिन-नुइ-ते-पो के मिथक की शुरुआत उसके बालपन और अद्भुत सौन्दर्य के परिचय से होती है किन्तु पिता ताने- महूता का अनैतिक यौन व्यवहार हिन-नुइ-ते-पो के अंधकार लोक और नश्वरता की देवी वाले अवतार का कारण बनता है । वो उजाले के संसार में हुए अनपेक्षित घटनाक्रम की ग्लानि से पीड़ित है और स्वयं को, कथित आलोकमय संसार से पृथक कर लेती है।आख्यान कहता है कि वो लज्जित है और आलोक को त्यागने के बाद कबीले को नश्वरता का दंड देती है लेकिन उसकी भावुकता उसके कबीले के मृत हो चुके लोगों की आत्माओं को ममत्व का लेप भी लगाती है।दिवंगत आत्माओं को अंधकार के भय से मुक्ति प्रदान करती है। सगे पिता का यौन व्यवहार उसके लिए आलोकमय संसार का सर्वाधिक पीड़ा दायक अनुभव है सो वो अंधकार को अपने समाज का अटूट हिस्सा बना देती है।